जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद तीन चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुका है, भाजपा दर्ज करेगी बड़ी जीत : रविंद्र रैना

जम्मू जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद तीन चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुका है। मतदान समाप्त होने के बाद तमाम एग्जिट पोल में जम्मू-कश्मीर में एनसी-कांग्रेस गठबंधन को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है जिसे लेकर तमाम दलों के नेताओं की ओर से बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया है। जम्मू-कश्मीर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने सोमवार को पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा, "जहां तक ​​जम्मू-कश्मीर में हुए चुनावों की बात है तो नतीजे कल (मंगलवार को) घोषित किए जाएंगे। हमें विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी महत्वपूर्ण जीत के साथ सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरेगी। जरूरत पड़ी तो भाजपा निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ सरकार बनाएगी। हमारा विश्वास है कि हम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेंगे।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जम्मू-कश्मीर में सभी चुनावों में हार का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए वह दुष्प्रचार करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी उन पांच मनोनीत एमएलसी के खिलाफ साजिश कर रही है, जो जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम के तहत मनोनीत किए गए हैं। जब देश की संसद में इन पांच एमएलसी के मनोनयन को लेकर बहस चल रही थी तब क्या कांग्रेस पार्टी सोई हुई थी। तब कांग्रेस नेता कहां थे? आज जब जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल सभी संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए और संविधान में दिए गए नियमों का पालन करते हुए इन पांच एमएलसी को नामित करते हैं तो विपक्षी दल झूठी बातें फैला रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सच्चे देशभक्त और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया है। देश के प्रति समर्पण की भावना से किया गया उनका काम हर भारतीय के लिए प्रेरणा का काम करता है। हमें भरोसा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने जा रहे हैं। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद 90 विधानसभा सीटों पर तीन चरणों में मतदान हुआ है। चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। recent visitors 80

भैरूंदा (सीहोर) में ग्राम विकास सम्मेलन आज, मुख्यमंत्री डॉ. यादव, केन्द्रीय कृषि मंत्री सहित अन्य मंत्रीगण होंगे शामिल

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भैरूंदा में 8 अक्टूबर को दोपहर एक बजे "ग्राम विकास सम्मलेन" होगा। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, केन्द्र सरकार के ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री श्री डॉ. चन्द्र शेखर पेम्मासानी, केन्दीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान और वन राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के मोबाइल ऐप “आवास सखी“ तथा “ग्राम सड़क सर्वे एवं प्लानिंग ऐप“ का सिंगल क्लिक के माध्यम से शुभारंभ होगा। साथ ही पीएमजीएसवाई-IV के अन्तर्गत 500 कि.मी. स्वीकृत सड़कों का शुभारंभ और स्वयं सहायता समूहों के लिए 150 करोड़ रूपए के बैंक ऋण व सामुदायिक निवेश राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया जाएगा। साथ ही 8 प्र-संस्करण इकाइयों का एवं 100 समुदाय प्रशिक्षण केन्द्रों का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के 5 नए जिलों में आरसेटी केन्द्र की स्थापना की स्वीकृति भी दी जाएगी। सीहोर जिले के 52818 तेंदूपत्ता संग्रहकों को 2 करोड़ 70 लाख रूपये बोनस राशि का वितरण तथा मध्यप्रदेश सरकार की बांस मिशन योजना के अन्तर्गत 215 बांस हितग्राहियों को 2,90,000 बांस पौधों की अनुदान राशि 1,04,27,000 रूपये का वितरण किया जाएगा। रोड-शो भैरूंदा में आयोजित ग्राम विकास सम्मेलन के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भैरूंदा में रोड-शो में शामिल होंगे। इस दौरान नगर की व्यापारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक संस्थाओं के साथ ही नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भैरूंदा कार्यक्रम के पहले सलकनपुर पहुंचेंगे और श्री विजयासन देवी के दर्शन तथा पूजा-अर्चना करेंगे। recent visitors 87

जम्मू-कश्मीर : इंजीनियर राशिद की राजनीतिक दलों से अपील, राज्य का दर्जा बहाल होने तक न बनाएं सरकार

श्रीनगर लोकसभा सदस्य और अवामी इतिहाद पार्टी (एआईपी) के अध्यक्ष इंजीनियर राशिद ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यधारा के सभी क्षेत्रीय राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे तब तक सरकार गठन का दावा न करें जब तक राज्य का दर्जा बहाल नहीं हो जाता। इंजीनियर राशिद यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "कल की मतगणना के बाद चाहे किसी भी राजनीतिक दल या राजनीतिक दलों के समूह को बहुमत मिले, मैं नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी), पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी), पीपुल्स कॉन्फ्रेंस (पीसी) और जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी समेत सभी मुख्यधारा के राजनीतिक दलों से अपील करूंगा कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठें और उन लोगों के व्यापक हित में एकजुट हों जिन्होंने उन्हें वोट दिया है।" राशिद ने कहा, "उमर अब्दुल्ला ने खुद कहा है कि केंद्र शासित प्रदेश में निर्वाचित सरकार के पास नगर निगम से भी कम शक्तियां होंगी। मैं अपनी पार्टी का पूरा समर्थन उन्हें देता हूं, बशर्ते वे एकजुट हों और जम्मू-कश्मीर में तब तक सरकार न बनाने का फैसला करें, जब तक कि राज्य का दर्जा बहाल न हो जाए। जब ​​जम्मू और घाटी दोनों के निर्वाचित प्रतिनिधि दिल्ली पर राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए दबाव डालेंगे, तो उनके पास कोई और विकल्प नहीं होगा। मोदी जी ने पहले ही लक्ष्य बदल दिया है और अब हमारी बारी है कि हम एकजुट होकर यह सुनिश्चित करें कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल किया जाए।" उन्होंने कहा कि पीएजीडी के गठन के बाद क्षेत्रीय राजनीतिक दल कुछ नहीं कर पाए और अब यह सुनिश्चित करने का समय है कि उन्हें चुनने वाले लोगों के साथ विश्वासघात न हो। सांसद ने कहा कि अखिल भारतीय पार्टी होने के नाते कांग्रेस की अपनी मजबूरियां हैं। उन्होंने कहा, "उन्होंने यहां से वोट लिए, लेकिन अनुच्छेद 370 पर चुप रहे।" उन्होंने कहा, "मुझे पहली बार दिल्ली में कश्मीर हाउस जाने का मौका मिला। मुझे यह जानकर आश्चर्य हुआ कि राज्य के दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजन के बाद, कश्मीर हाउस की मुख्य इमारत लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश को दे दी गई है। लद्दाख के लोग हमारे भाई हैं, लेकिन जम्मू-कश्मीर की आबादी करीब दो करोड़ है जबकि लद्दाख की दो से तीन लाख है। कश्मीर हाउस की मुख्य इमारत लद्दाख को देने का यह फैसला कैसे उचित ठहराया जा सकता है।" recent visitors 53

पुलिस ने किया फिरौती व लूटपाट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 5 आरोपी हुए गिरफ्तार

पटियाला सी.आई.ए. स्टाफ पटियाला की पुलिस ने इंचार्ज इंस. शमिन्दर सिंह के नेतृत्व में फिरोतियां और लूटपाट करने वाले गैंग के पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इस संबधी विस्तार के साथ जानकारी देते हुए एस. एस. पी नानक सिंह ने बताया कि योगेश शर्मा एस.पी इन्वेस्टिगेशन, वैभव चौधरी ए.एस.पी डिटैकटिव पटियाला के नेतृत्व में इंस्पैक्टर शमिन्दर सिंह इंचार्ज सी. आई. ए पटियाला की टीम की तरफ से इस मामले में गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक सिंह उर्फ बिज्जू पुत्र मक्खण सिंह निवासी गांव खिल्लण जिला मानसा, संदीप सिंह उर्फ सुखा पुत्र शम्भू सिंह निवासी गली नंबर 01 वार्ड नंबर 13 ग्रीन पार्क कालोनी जिला श्री मुक्तसर साहिब, सुखवीर सिंह उर्फ विशाल सिंह पुत्र गुरजंट सिंह निवासी वार्ड नंबर 17 मोहल्ला बाबा जीवन सिंह धर्मशाला मानसा, हरबंस सिंह उर्फ निकड़ी पुत्र बीरा सिंह निवासी वार्ड नंबर 17 नज़दीक डुंमा वाला गुरुद्वारा साहिब मानसा, सुखविंदर सिंह उर्फ बोबी पुत्र स्व. भोला सिंह निवासी मोड़ जिला बठिंडा हाल निवासी जवाहरके जिला मानसा को गिरफ्तार किया गया है। जिनसे 2 पिस्तौल 32 बोर, एक पिस्तौल 30 बोर समेत 18 रौंद बरामद किये गए हैं। उन्होंने बताया कि इन व्यक्तियों को नजदीक गांव बुट्टा सिंह वाला सनोर (देवीगढ़ पटियाला रोड) से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान इनसे 3 पिस्तौल समेत 18 रौंद बरामद किये गए हैं जिनमें गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक सिंह उर्फ बिज्जू और संदीप सिंह उर्फ सुखा जो कि पातड़ा फायरिंग केस में वांटिड थे और गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक सिंह उर्फ बिज्जू से बरामद हुआ 32 बोर पिस्तौल जो कि पातड़ा फायरिंग में इस्तेमाल करना था भी बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये व्यक्ति पंजाब में फिरौती और लूट की वारदातों में शामिल रहे हैं। एस.एस.पी. नानक सिंह ने बताया कि पटियाला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधिक व्यक्ति जो पंजाब के अलग-अलग स्थानों पर फिरौती और लूटपाट की वारदातों में शामिल हैं आपस में मिल कर पटियाला और इस के आस-पास किसी बड़ी लूटपाट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इस गिरोह के पटियाला में सक्रिय होने पर इन के खिलाफ थाना सनोर में 310 (4, 310 (5, 310 (6, 308 (2, 308 (5, 351 (2, 313 बी.एन.एस और 25 हथियार एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज करके जब जांच शुरू की गई तो उक्त व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। एस.एस.पी ने बताया कि इस मामले में आगे भी जांच जारी है इस मौके योगेश शर्मा एस. पी इन्वेस्टिगेशन, वैभव चौधरी ए.एस.पी डिटैक्टिव पटियाला, इंस्पैक्टर शमिंदर सिंह इंचार्ज सी. आई. ए पटियाला भी उपस्थित थे। recent visitors 81

पंजाब सरकार की कैबिनेट मीटिंग के स्थल में हुआ फेरबदल

पंजाब पंचायती चुनाव से ठीक पहले पंजाब सरकार ने कल बुलाई गई कैबिनेट मीटिंग के स्थल में बदलाव किया गया है। बता दें, पहले मीटिंग जालंधर में पीएपी में होने जा रही जो अब चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास में होगी। मीटिंग की समय कल दोपहर 2 बजे का है। मीटिंग को लेकर कोई एजेंडा जारी नहीं किया गया है। इस दौरान पंजाब कैबिनेट (Punjab Cabinet) में कई मुद्दों पंजाब पंचायती चुनाव, नगर निगम चुनाव, डाक्टरों की भर्ती पर चर्चा कर सकती हैं और कई अहम फैसलों पर मुहर भी लगा सकती हैं। आपको बता दें पिछली कैबिनेट मीटिंग 5 सितंबर को चंडीगढ़ में ही हुई थी। गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Chief Minister Bhagwant Singh Mann) ने आज आढ़ती एसोसिएश की हाई लैवल की मीटिंग बुलाई गई।  इस दौरान सीएम मान (CM Mann) ने कहा कि आढ़तियों की हर मांग पूरी की जाएगी। इसके अलावा आढ़तियों की सभी मांगों को केंद्र सरकार (Central government) के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। recent visitors 75

धान उठान व खरीद न होने को लेकर किसानों ने मार्किट कमेटी के दफ्तर को जड़ा ताला, किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की

इंद्री इंद्री अनाज मंडी में धान की खरीद न होने से गुस्साए किसानों ने मार्किट कमेटी में ताला जड़ दिया है। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का कहना है कि मंडी में एक अक्टूबर को धान की सरकारी खरीद शुरू हुई थी जिसमें तीन एजेंसी डीएफसी हैफड व वेयर स्टेट हाउस सहित चिन्हित की गई थी। किसानों का कहना है कि मंडी सरकार द्वारा धान की खरीद तो शुरू कर दी गयी थी, लेकिन धान का उठान नहीं हो पा रहा है जिससे की किसानों को काफी परेशानी हो रही है। किसानों का कहना है कि जल्द से जल्द धान उठान व धान खरीद का कार्य शुरू किया जाए, अन्यथा बड़ा प्रदर्शन भी हो सकता है। मंडी सचिव जसबीर सिंह का कहना है कि अनाज मंडी इंद्री में तो सरकारी खरीद शुरू करवा दी गई थी, लगातार परचेज नहीं की। बीच में इलेक्शन के चलते कर्मचारियों की शुक्रवार-शनिवार को ड्यूटी लगाई गई थी फिर अगले दिन रविवार होने की वजह से छुट्टी हो गई, जिससे किसानों की धान खरीद व उठान में परेशानी आई है। किसानों की समस्या को जल्द दुरुस्त किया जाएगा, ताकि किसानों को किसी भी तरह की कोई भी परेशानी नहीं आने दी जाएगी। recent visitors 69

सपा सरकार बनने पर जेल जाएंगे बुलडोजर, रामगोपाल यादव ने कहा, अधिकारियों की सूची बन रही

मैनपुरी समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने सोमवार को भाजपा सरकार पर हमला बोला। सोमवार को कस्बा करहल में आयोजित सपा के दिवाकर समाज सम्मेलन में उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों के घरों और संस्थानों पर बिना अदालत की अनुमति के बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। रामगोपाल ने कहा, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हमारे लोगों को झूठे मुकदमे लिखकर जेल में भेज रहे हैं। इनकी सूची तैयार की जा रही है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराकर उनको जेल भेजा जाएगा, क्योंकि ऐसे अधिकारी सरकार के इशारे पर मनमाने तरीके से लोगों का उत्पीड़न कर रहे हैं। पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी बेगुनाहों को गोली मार रहे हैं। दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीना सम्मेलन में प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीनने का काम किया है। जब से देश में भाजपा सरकार आई है, किसी दलित को सरकारी नौकरी नहीं मिली है। बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के बने कानून के विपरीत भाजपा सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में आईएएस को प्रमुख सचिव पद पर पहुंचने के लिए लगभग 15 वर्ष तक आईएएस पद पर काम करने के बाद केंद्र में मुख्य सचिव पद पर तैनात किया जाता है। मगर भाजपा ने उद्योगपतियों के कहने पर 40 से अधिक लोगों को केंद्र में सीधे-सीधे मुख्य सचिव पर तैनात कर दिया। जब इसके बारे में विरोधी दलों को जानकारी हुई तब उन्होंने इस मामले को न्यायालय तक पहुंचाया। न्यायालय ने भाजपा सरकार से पूछा कि उक्त नियुक्तियों में कितने प्रतिशत आरक्षण के लोग रखे गए हैं। बताया गया एक भी आरक्षित वर्ग से नहीं लिया गया है। रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जाति जनगणना कराना नहीं चाहती है, क्योंकि जनगणना में पिछड़े वर्ग के 54 प्रतिशत से अधिक आबादी निकलेगी। तब इनको 27 की जगह 54 प्रतिशत आरक्षण देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आरक्षण के वजह से ही सरकारी नौकरियां नहीं दी जा रही हैं। प्राइवेट सेक्टर के लिए रोजगार मेले लगवाते हैं। नौकरी के नाम पर ऐसे मेलों में धोखाधड़ी करके कंपनियों में भेजा जाता है। कुछ समय बाद वहां से भी प्राइवेट कंपनियां युवाओं को उनके घर भेज देती हैं। प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि करहल के उपचुनाव में तेजप्रताप यादव प्रत्याशी होंगे और इनको सभी मिलकर रिकार्ड मतों से जीत दिलाएं। recent visitors 85