राहुल गांधी ने बहादुरगढ़ के फेमस पकौड़े के साथ रोड शो की शुरुआत, इशारों में राजेंद्र जून को जिताने की कही बात

बहादुरगढ़ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की हरियाणा परिवर्तन यात्रा का आज दूसरा दिन है। हरियाणा परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ आज देश की राजधानी दिल्ली से सटे बहादुरगढ़ से हुआ। राहुल गांधी यहां कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह जून के समर्थन में रोड शो करने पहुंचे थे। इस दौरान बहादुरगढ़ के पकौड़ा चौक पर पहुचने पहले से मौजूद हजारों की संख्या में लोगों ने गांधी का जोरदार स्वागत किया।   इसके आगे कांग्रेस नेता खुली गाड़ी में सवार होकर हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।  वहीं उन्होंने बहादुरगढ़ के मशहूर पकोड़ों का स्वाद भी चखा। रोहतक लोकसभा क्षेत्र से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा के मान सम्मान का प्रतीक पगड़ी पहनाकर राहुल गांधी का स्वागत किया। बहादुरगढ़ शहर के व्यस्ततम चौराहे पकौडा चौक से राहुल गांधी का रोड शो शुरू हुआ। भारी भीड़ के चलते राहुल की गाड़ी को भी सरक सरक कर ही आगे बढ़ना पड़ा। यहां राहुल गांधी को सुनने और देखने के लिए हजारों की संख्या में समर्थक पहुंचे हुए थे। नेता प्रतिपक्ष ने इशारों से राजेन्द्र जून को जिताने की अपील की। बहादुरगढ़ शहर के लाइनपार क्षेत्र, कानोंदा गांव और लड़रावन गांव से होते हुए राहुल गांधी की हरियाणा परिवर्तन यात्रा सोनीपत जिले में पहुंची। इससे पहले गांवों में ग्रामीणों ने राहुल का जोरदार स्वागत भी किया। recent visitors 127

स्मार्ट चिप कंपनी ने बंद किया काम, अब ड्रायविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन के लिए बढ़ी मुसीबत, फिलहाल कोई विकल्प नहीं

ग्वालियर मध्य प्रदेश में अब ड्रायविंग लाइसेंस बनवाने से लेकर वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्ड को लेकर मुसीबत बढ़ गई है। इसे तैयार करने वाली स्मार्ट चिप कंपनी की बढ़ी अवधि 30 सितंबर भी खत्म हो गई। इस वजह से एक अक्टूबर से कंपनी ने काम बंद कर दिया। अब परिवहन विभाग के पास फिलहाल ड्रायविंग लाइसेंस व वाहनों के रजिस्ट्रेशन कार्ड बनाने का कोई विकल्प नहीं है। परिवहन विभाग ने पिछले दिनों स्मार्ट चिप कंपनी से अधिक संख्या में स्मार्ट कार्ड मंगवा लिए थे, जिससे कंपनी जब काम बंद कर दे तो कुछ दिन काम चल जाए। 22 साल से स्मार्ट चिप कंपनी प्रदेश में काम कर रही है। कंपनी से दिसंबर तक काम करने के लिए कहा गया था लेकिन उसने मना कर दिया। कंपनी के भुगतान को लेकर विवाद परिवहन विभाग के अनुसार इस मामले में शासन स्तर पर चर्चा चल रही है। परिवहन विभाग और स्मार्ट चिप कंपनी के इस विवाद में आवेदक सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। 2002 से नोएडा की स्मार्ट चिप कंपनी मध्य प्रदेश के परिवहन विभाग के लिए काम कर रही थी। कंपनी के भुगतान को लेकर विवाद है। इससे पहले जून 2024 में कंपनी को तीन माह का एक्सटेंशन दिया गया था। इसी बीच सितंबर तक और काम करने की सहमति बनी। परिवहन विभाग ने इसी बीच यह भी दावा किया कि कंपनी के सेटअप व कर्मचारियों को परिवहन विभाग टेकओवर करेगा। इसको लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं। 2022 से दिया जा रहा था एक्सटेंशन स्मार्ट चिप कंपनी का कार्यकाल असल में 2022 में ही खत्म हो गया था जिसे बार-बार एक्सटेंशन दिया जा रहा था। परिवहन विभाग ने डीएल-रजिस्ट्रेशन कार्ड के लिए टेंडर किए थे, जिसमें तीन कंपनियां आईं, लेकिन अभी तक कुछ तय नहीं हो सका।ग्वालियर में पांच हजार कार्ड कुछ दिन पहले इसी आशंका में मंगवा लिए गए थे कि त्योहारी सीजन के कारण लोग परेशान होंगे, लेकिन यह स्थाई हल नहीं है। परिवहन अपर आयुक्त उमेश जोगा के अनुसार शासन स्तर पर विचार चल रहा है। recent visitors 87

हरियाणा में फिर पकड़ा गर्मी महसूस, चरखी दादरी जिला सबसे गर्म रहा, 1.2 डिग्री की बढ़त

हरियाणा हरियाणा में आज से 5 दिन तक मौसम साफ रहेगा। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शुष्क मौसम के चलते दिन में तेज धूप निकलेगी, जिससे पारा चढ़ेगा। चरखी दादरी जिला सबसे गर्म रहा 24 घंटे की बात करें तो अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। चरखी दादरी जिला सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री दर्ज किया गया। अभी तक लगातार हो रही बारिश के चलते सुबह-शाम मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों को हल्की ठंड का भी एहसास हो रहा है। अच्छी बात यह है कि प्रदेश में मानसून की बारिश का कोटा अब पूरा हो गया है। राज्य में मानसून का प्रदर्शन अब तक संतोषजनक रहा है। कुल मिलाकर अब तक 424.6 मिमी बारिश के मुकाबले 406.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जो सामान्य से महज 4% कम है। यानी बारिश का कोटा लगभग पूरा हो चुका है। इस बार मानसून सीजन नूंह, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ पर ज्यादा मेहरबान रहा। recent visitors 129

गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में लिखेंगे विकास की नई इबारत: राज्यमंत्री श्रीमती गौर

भोपाल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, घुमंतु और अर्धघुमंतु राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में विकास की एक नई इबारत लिखी जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में  मध्यप्रदेश के साथ विकास का नया आयाम तय होगा। यह बात राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने मंगलवार को गोविंदपुरा विधानसभा में लगभग 2 करोड़ की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन के दौरान कही। इन विकास कार्यों का किया भूमिपूजन राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने जिन विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया है, उनमें 24 लाख की लागत से वार्ड -72 के मालीखेड़ी में सीसी सड़क का निर्माण,  पेंविंग ब्लॉक रिपेयरिंग कार्य का भूमिपूजन, लागत 32 लाख, शबरी नगर में सीसी नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन शामिल है। वार्ड – 73 में 95 लाख 41हजार  की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया, जिसमें छोटे जिंद बाबा के पास सीसी सड़क निर्माण कार्य, बीएसएनल बाउंड्री वॉल के पास सीसी रोड निर्माण का कार्य शामिल है। इसी तरह 39 लाख की लागत से वार्ड 73 में आरसीसी नाली निर्माण कार्य शामिल है। इसके अतिरिक्त शिवनगर में पुलिया निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया। वार्ड – 74 में  32 लाख की लागत से शारदा नगर जैन रोड पर सीसी रोड का निर्माण कार्य और 25 लाख की लागत से करारिया में पेविंग ब्लॉक के कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने मंत्री कृष्णा गौर को नालियों की सफाई, सड़क पर झाड़ू, पानी और बिजली की समस्या से भी अवगत करवाया। राज्यमंत्री श्रीमती  गौर ने अधिकारियों को तुरंत समस्याओं का निराकरण करने के लिए निर्देशित किया।पार्षद विकास पटेल, राजू राठौर शगुन लोधी और नीलेश गौर सहित बड़ी संख्या  में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे ।   recent visitors 93

मार्कशीट में जाति बदलवाने के मामले में जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया

सागर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। अंदर जनसुनवाई चल रही थी और बाहर कलेक्टर कार्यालय के मुख्य गेट के सामने जैसे ही महिला ने खुद पर पेट्रोल डाला, वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। महिला मार्कशीट पर अपनी जाति बदलवाने के लिए कई सालों के जिला शिक्षा कार्यालय के चक्कर लगा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाने की वजह से वह परेशान थी। जरुआखेड़ा गांव की निवासी राधा यादव जनसुनवाई में शिकायत लेकर पहुंची। उसकी मार्कशीट पर जाति सौर (आदिवासी) लिखी हुई है, जिसे वह यादव दर्ज करवाना चाह रही थी। राधा के अनुसार मार्कशीट में जाति सही न होने से वह संविदा शिक्षक की पात्रता परीक्षा नहीं दे पा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी ने आश्वासन दिया, लेकिन सुधार नहीं हुआ है। वह जनसुनवाई में पहुंची, लेकिन वहां भी काम नहीं हो पाया। उसने दोपहर करीब 12 बजे खुद पर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने का प्रयास करने लगी। राधा के साथ उसकी मां भी आई थी, जो उसकी बेटी को गोद में लेकर लगातार रो रही थी। माता-पिता ने किया था अंतरजातीय विवाह राधा यादव ने बताया कि साल 2016 से वह अपनी 10वीं की मार्कशीट में जाति बदलवाने के लिए कार्यालय के चक्कर काट रही है। उसने बताया उसके माता-पिता ने अंतरजातीय विवाह किया था। मां आदिवासी हैं और पिता यादव हैं। पढ़ाई के समय राधा की मां ने उसके दस्तावेजों में जाति सौर (आदिवासी) लिखवा दी थी, लेकिन अन्य सभी दस्तावेजों में राधा की जाति यादव दर्ज है। राधा का विवाह वर्ष 2010 में चंदेरी निवासी अर्जुन यादव से हुआ था। राधा ने चंदेरी के शासकीय स्कूल में वर्ष 2011 से 2023 तक अतिथि शिक्षक के रूप में अध्यापन कार्य भी किया, लेकिन वर्ष 2023 में शिक्षक भर्ती के नई नीति लागू होने से उसे स्कूल से पृथक कर दिया। शिक्षक पात्रता परीक्षा से वंचित अपनी मार्कशीट में जाति बदलवाने के लिए राधा हाईकोर्ट भी गई थी। हाईकोर्ट ने जिला शिक्षा अधिकारी को उचित कार्रवाई का आदेश दिया था। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन का कहना है कि हाई कोर्ट में जवाब भी दिया है कि महिला की मार्कशीट में बदलाव करने का अधिकार जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा नहीं किया जा सकता। recent visitors 60

मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वच्छता पखवाड़े के समापन कार्यक्रम में देंगे विकास की अनेक सौगातें

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर स्वच्छ भारत एवं अमृत योजना में प्रदेश में 685 करोड़ रूपये की विकास परियोजनाओं का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया जायेगा। स्वच्छता दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में चलाये गये स्वच्छता पखवाड़े में जिस जूनून से प्रदेशवासियों ने सहभागिता की, वह सराहनीय हैं। कुशाभाऊ ठाकरे इन्टरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में गांधी जयन्ती पर 2 अक्टूबर प्रात: 10 बजे होने वाले कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद भोपाल श्री आलोक शर्मा, विधायक सर्वश्री रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री, महापौर श्रीमती मालती राय, अध्यक्ष नगर निगम श्री किशन सूर्यवंशी मौजूद रहेंगे। 2314 सफाई मित्रों के खातों में 69 लाख 42 हजार रूपये होंगे अंतरित मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में नगर पालिक निगम उज्जैन को थ्री स्टार रेटिंग प्राप्त करने पर उज्जैन के 2314 सफाई मित्रों को सिंगल क्लिक से 69 लाख 42 हजार रूपये अंतरित करेंगे। इस योजना में प्रत्येक सफाई मित्र को 3 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वच्छता ही सेवा अभियान-2024 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सम्मानित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल नगर निगम के 43.39 करोड़ रूपये के उपकरणों एवं विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। इन परियोजना का होगा भूमि-पूजन एवं लोकार्पण सागर निकाय की 299.20 करोड़ रूपये की सीवरेज योजना का लोकार्पण, सिवनी-मालवा निकाय की 61.17 करोड़ रूपये की जल प्रदाय योजना और छिन्दवाड़ा निकाय की 75.34 करोड़ रूपये की जल प्रदाय योजना का वर्चुअली भूमि-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश की 19 नगरीय निकायों में सीवरेज और जल प्रदाय परियोजना का भूमि-पूजन करेंगे। इनमें विदिशा की 19.90 करोड़ रूपये की सीवरेज परियोजना, शाजापुर की 15.75 करोड़ रूपये की, शाहपुर की 12.40 करोड़ रूपये की, शाहगढ़ की 13.05 करोड़ रूपये की, रौन की 11.91 करोड़ रूपये की, पीथमपुर की 24.58 करोड़ रूपये की, महू कैंट की 40.30 करोड़ रूपये की, डोला की 10.67 करोड़ रूपये की, दमोह की 12.52 करोड़ रूपये की, बरगवां (अमलाई) की 22.55 करोड़ रूपये की और बंडा की 10.16 करोड़ रूपये, बिस्टान की 31.71 करोड़ रूपये की, सतवास की 3.09 करोड़ रूपये की, नामली की 3.10 करोड़ रूपये की, सुवासरा की 3.15 करोड़ रूपये की, बड़ौद की 3.20 करोड़ रूपये की, रतनगढ़ की 3.22 करोड़ रूपये की, पिपलोदा की 3.92 करोड़ रूपये की और कन्नौद की 3.97 करोड़ रूपये की जलप्रदाय योजना का वर्चुअली भूमि-पूजन करेंगे। इस मौके पर गौवंश के उत्थान के लिये किये जा रहे कार्यों और स्वच्छता ही सेवा अभियान -2024 पर केन्द्रित फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जायेगा। recent visitors 127

रामदास आठवले ने कहा- आरपीआई पार्टी आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में आठ से 10 सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है

मुंबई महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है। किसी भी दिन इलेक्शन कमिशन की ओर से महाराष्ट्र में चुनाव की तारीखों का आयोजन हो सकता है। इस बीच एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। अब तक भाजपा, एनसीपी और शिवसेना के शिंदे गुट के बीच ही इसे लेकर संघर्ष की स्थिति थी। अब रामदास आठवले की पार्टी आरपीआई ने भी 10 सीटों की मांग कर दी है। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने भाजपा के एक वरिष्ठ नेता को बताया है कि उनकी पार्टी आरपीआ आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में आठ से 10 सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले), भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के महायुति गठबंधन का हिस्सा है। एनडीए को ही महाराष्ट्र में महायुति नाम दिया गया है। आठवले ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर बातचीत की जा रही है और उन्होंने भाजपा के महाराष्ट्र चुनाव के प्रभारी भूपेंद्र यादव से उनकी पार्टी की मांगों के बारे में बात की है। उन्होंने कहा, ‘हमने उन्हें संदेश दिया है कि आरपीआई (आठवले) को आठ से 10 सीट मिलनी चाहिए। मुझे हमारे गठबंधन के साझेदारों भाजपा, शिवसेना और राकांपा पर यकीन है। आरपीआई (आठवले) का अलग वोट बैंक है। आठवले ने कहा कि दलित समुदाय के कई लोग पार्टी के साथ हैं। इसलिए हमें सीटों के बंटवारे में उचित हिस्सा मिलना चाहिए। आठवले ने स्पष्ट किया कि पार्टी केवल आठ से 10 सीट मांग रही है यानी कि प्रत्येक क्षेत्र में एक या दो सीट। महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए नवंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं। मौजूदा विधानसभा में भाजपा 103 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। उसके बाद शिवसेना के पास 40, राकांपा के पास 41, कांग्रेस के पास 40, शिवसेना (यूबीटी) के पास 15, राकांपा (एसपी) के पास 13 और अन्य 29 विधायक हैं। कुछ सीटें रिक्त हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने छह दिसंबर को डॉ. बी आर आंबेडकर की पुण्यतिथि की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए मुंबई के संरक्षक मंत्री दीपक केसरकर से मुलाकात की। recent visitors 134