मंत्री दयाशंकर सिंह ने खा आगामी कुंभ मेले को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सरकार ने बड़े पैमाने पर इंतजाम किए

बलिया  उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बलिया में घोषणा की है कि रक्षाबंधन पर पिछले वर्ष की तरह इस बार भी महिलाओं को रोडवेज बसों में दो दिन तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी कुंभ मेले को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सरकार ने बड़े पैमाने पर इंतजाम किए हैं। मंत्री ने कहा, “कुंभ मेले को देखते हुए हमने सात हजार नई बसें खरीदने का फैसला किया है। साथ ही, पांच सौ इलेक्ट्रिक बसों का ऑर्डर भी दिया जा चुका है। मेला क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। सभी बसें अस्थाई डिपो में खड़ी की जाएंगी और श्रद्धालुओं को इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों से मेला क्षेत्र में ले जाया जाएगा।” दयाशंकर सिंह ने आगे कहा, “मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार हमने रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी महिलाएं रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।” मंत्री ने यह भी बताया कि कुंभ मेले के लिए राज्य सरकार ने 11 नए अस्थाई डिपो बनाने का निर्णय लिया है। इन डिपो में बसें खड़ी की जाएंगी और श्रद्धालुओं को इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों से मेला क्षेत्र में ले जाया जाएगा। सिंह ने कहा, ‘कुंभ मेला के दृष्टिगत सात हजार नई बस खरीद रहे हैं । सौ इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का ऑर्डर अभी दे दिया है। साथ ही 120 बसों का फिर टेंडर किया गया है। हम पांच सौ इलेक्ट्रिक बस भी लेने जा रहे हैं।इसके अलावा इस बार वॉल्वो लक्जरी बसें भी ले रहे हैं। कुंभ के मेला क्षेत्र में कोई डीजल और पेट्रोल गाड़ी को जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।’ उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य कुंभ मेला को प्रदूषण मुक्त बनाना है और इस दिशा में हमने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।”   recent visitors 99

NEET PG पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, परीक्षा स्थगित करने की मांग के साथ दायर हुई थी याचिका

नई दिल्ली  उच्चतम न्यायालय ने कहा कि मेडिकल के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए 11 अगस्त को निर्धारित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-पीजी) 2024 में 'कुछ व्यवहारिक परेशानियों' के कारण स्थगित करने की मांग वाली याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करेगा। मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने याचिकाकर्ता विशाल सोरेन और अन्य के अधिवक्ता अनस तनवीर की ओर से मामले का उल्लेख करते हुए शीघ्र सुनवाई करने की गुहार स्वीकार की और नौ अगस्त के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया। मुख्य न्यायाधीश ने शीर्ष अदालत की रजिस्ट्री को निर्देश दिया, "कृपया इसे शुक्रवार सूचीबद्ध करें।" सोरेन द्वारा दायर याचिका दलील दी गई है कि अभ्यर्थियों को एन वक्त पर ऐसे शहरों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं, जहां पहुंचना उनके लिए बेहद मुश्किल हो रहा है। उन्हें अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। याचिका में कहा गया है कि परीक्षा शहरों का आवंटन 31 जुलाई को किया गया और परीक्षा केंद्रों की घोषणा 8 अगस्त को की जानी है।इस प्रकार अभ्यर्थियों को 11 अगस्त को परीक्षा के लिए संबंधित केंद्रों तक पहुंचने के लिए बहुत कम समय दिया गया। इसके अलावा परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जानी है। इतना ही नहीं सामान्यीकरण समेत अन्य फॉर्मूले के बारे में अभ्यर्थियों को कुछ भी मालूम नहीं है। इस वजह से याचिकाकर्ताओं को कई प्रकार की आशंका हो रही है।     recent visitors 97

जर्जर मकानों को चिन्हित कर इनके रहवासियों को पुनर्विस्थापित किया जाये- मंत्री श्रीमती गौर

भोपाल जर्जर मकानों को चिन्हित कर इनके रहवासियों को पुनर्विस्थापित किया जाये। जर्जर मकानों को गिराने की कार्यवाही भी की जाये। उक्त निर्देश पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने अधिकारियों को दिए। श्रीमती गौर गुरूवार को निवास कार्यालय पर एसडीएम गोविंदपुरा, तहसीलदार गोविंदपुरा, हाउसिंग बोर्ड, नगर निगम, वीडीए, एमपीईबी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रही थीं। राज्य मंत्री श्रीमती गौर ने एसडीएम रवि श्रीवास्तव से कहा कि वह अधिकारियों के दल के साथ गोविंदपुरा क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के पुराने मकानों का सर्वें कर जर्जर मकानों को चिन्हित करें। चिन्हाकन के बाद इन मकानों में रहने वाले रहवासियों को पुनर्विस्थापित कर जर्जर मकानों को गिराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वर्षा काल में जर्जर मकानों के क्षतिग्रत होने से होने वाले नुकसान की अशांका को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई प्राथमिकता के साथ की जाये।   recent visitors 87

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 अगस्त को उद्यमी सम्मेलन सह रक्षाबंधन कार्यक्रम में प्रदेश की महिला उद्यमियों से संवाद करेंगे

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 अगस्त को उद्यमी सम्मेलन सह रक्षाबंधन कार्यक्रम में प्रदेश की महिला उद्यमियों से संवाद करेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर भोपाल में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश की 500 से अधिक महिला उद्यमी बहनें शामिल होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ महिला उद्यमी अपने अनुभव भी साझा करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उद्यमियों को अनुदान भी वितरित करेंगे। सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप भी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण क्षेत्रीय टीवी न्यूज चैनल और सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर किया जायेगा। सचिव एमएसएमई डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के राज्य सरकार के संकल्प को पूरा करने के लिये यह आयोजन किया जा रहा है। इसमें सफल महिला स्टार्ट-अप के साथ महिला संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा भी अपने अनुभव साझा किये जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कई इकाइयों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। महिला उद्यमी सम्मेलन में मध्यप्रदेश एसोसिएशन ऑफ वूमेन इंटरप्राइजेज, फिक्की, सीआईआई का इंडियन वूमेन नेटवर्क, लघु उद्योग भारती, डिक्की, बी.आई.सी.बी.आई., पीएचडी चेंबर, बीएनआई और आईएम स्टार्ट-अप संगठन की महिला उद्यमी और पदाधिकारी शामिल होंगे।   recent visitors 103

शुक्रवार 09 अगस्त 2024 का राशिफल

मेष राशि- आज किसी महत्वपूर्ण फैसले को लेने में सफल रहेंगे। पुरानी बीमारी से मुक्ति मिलेगी। आज आप धन कमाने में सफल रहेंगे। घरेलू मोर्चे पर आप अच्छा करेंगे। लंबी ड्राइव से आपको मानसिक थकान दूर करने में मदद मिलने की संभावना है। संपत्ति से जुड़ा कोई अच्छा सौदा आपको मिल सकता है। शैक्षणिक मोर्चे पर आरामदायक समय की उम्मीद की जा सकती है। वृषभ राशि- आज आपका स्वास्थ्य अच्छा रहने वाला है। आर्थिक स्थिति में काफी सुधार होगा। काम के मोर्चे पर खुशी बनी रहेगी क्योंकि आप सहकर्मियों के साथ अच्छे से घुलमिल जाते हैं। परिवार का सहयोग तब मिलेगा जब आपको इसकी सबसे ज्यादा जरूरत होगी। यात्रा के योग हैं। आज आपको संपत्ति लाभ भी हो सकता है। मिथुन राशि- वित्तीय मोर्चे पर आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। कामकाज अच्छा रहेगा। महिलाएं घर के कामों में बिजी रह सकती है। कुछ लोगों के घर में मेहमान आ सकते हैं। आज आपको घर या संपत्ति से उम्मीद से कम रिटर्न मिलने की संभावना है। घरेलू सुख बाधित रहेगा। कर्क राशि- बीमार लोग तेजी से ठीक हो जाएंगे। आर्थिक लाभ के योग बन रहे हैं। प्रोफेशनल मोर्चे पर आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे, जिससे मनोबल हाई रहेगा। परिवार के साथ छुट्टियों पर जाना बेहद रोमांचक साबित होगा। आज हो सकता है कि कोई संपत्ति या विरासत आपके काम न आए। आपमें से कुछ लोगों के शैक्षणिक मोर्चे पर अच्छा सुधार होगा। सिंह राशि– आज आपको आय व व्यय के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है। खर्चों की अधिकता मन को परेशान कर सकती है। जो लोग पदोन्नति या आय में वृद्धि का इंतजार कर रहे थे, उन्हें सफलता मिल सकती है। आज आप कहीं ऐसी जगह पर घूमने जा सकते हैं, जहां पर जाने का आपने सपना देखा था। कन्या राशि- सेहत के मामलों में आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आर्थिक रूप से चीजें जल्द ही बेहतर दिखने लगेंगी। पेशेवर मोर्चे पर उतार-चढ़ाव भरी स्थिति में आपको लचीला रहना पड़ सकता है। कोई दोस्त या रिश्तेदार आपको छोटी छुट्टियों के लिए बाहर जाने के लिए कह सकता है। आपको अच्छी कीमत पर नई संपत्ति खरीदने का अवसर मिलेगा। तुला राशि- आज सट्टेबाजी में धन लगाने से बचना चाहिए, क्योंकि आर्थिक नुकसान हो सकता है। आज आप आर्थिक मोर्चे पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे, जिससे धन बचाने में सफल होंगे। किसी के साथ यात्रा पर जाने का मौका आपके हाथ आ सकता है। संपत्ति खरीदने या बेचने की सोच रहे लोगों के लिए आज का दिन अच्छा है। व्यापारियों को लाभ होगा। वृश्चिक राशि-आज आपको निवेश करने से पहले दो बार सोचना चाहिए। फिलहाल के लिए महत्वपूर्ण निर्णय रोक कर रखें। कार्यस्थल पर उच्चाधिकारियों के साथ अनबन होने के संकेत हैं। परिवार का साथ मिलेगा। आज आपको यात्रा नया अनुभव करा सकती है। धनु राशि- आप पहले से ज्यादा ऊर्जावान महसूस करेंगे। पहले किए गए निवेश से अच्छा रिटर्न मिलने की संभावना है। कार्यस्थल पर आपकी कोई गलती भारी पड़ सकती है। परिवार को समय देने से अपार खुशी मिलेगी। आप किसी करीबी के साथ छुट्टियों की योजना बना सकते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में कठिन दौर से गुजर रहे लोग अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। मकर राशि- आज पैसा आपके पास आएगा और आपकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करेगा। पर्सनल प्रॉब्लम को ठीक करने के लिए आज का दिन अच्छा है। पारिवारिक विवाद को सुलझाने का आपका प्रयास सफल होने की संभावना है। दोस्तों के साथ छुट्टियों पर जाने का यह एक बेहतरीन समय है। संपत्ति से जुड़े किसी मामले का फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। कुंभ राशि- आर्थिक रूप से सुरक्षित होने के लिए आप कुछ पॉजिटिव कदम उठा सकते हैं। कोई ऐसा व्यक्ति जिसके साथ आपकी अच्छी पटती है, काम में आपके साथ मिल सकता है। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताएंगे। पेशेवर मोर्चे की बात करें तो आज का दिन अच्छा रहने वाला है। मीन राशि- किसी अप्रत्याशित स्रोत से धन का आगमन हो सकता है। नौकरी पेशा करने वाले जातकों को तरक्की मिल सकती है। किसी संपत्ति के रूप में कोई नई चीज मिलने की संभावना है। शैक्षणिक मोर्चे पर आपकी प्रतिष्ठा बढ़ने वाली है। करियर में आप नई पहचान बनाने में सफल रहेंगे। recent visitors 96

अभी भी कल सुबह फैसला हो सकता है और IOC को विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल देना पड़ सकता है

नई दिल्ली भारत की रेस्लर विनेश फोगाट से जुड़ी एक बड़ी गुड न्यूज सामने आई है। पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश फोगाट को अभी भी सिल्वर मेडल मिल सकता है। कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट ने विनेश फोगाट के केस को एक्सेप्ट कर लिया है। ओवरवेट होने की वजह से विनेश फोगाट को डिस्क्वॉलिफाई कर दिया गया था। ऐसे में विनेश फोगाट ने दो मुद्दों की तरफ कोर्ट का ध्यान खींचा था। इसमें से एक मुद्दे पर कोर्ट का जवाब आ गया है, जबकि एक मुद्दा अभी भी सक्रिय है, जिस पर कल सुबह फैसला हो सकता है और इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी यानी IOC को विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल देना पड़ सकता है। दरअसल, विनेश फोगाट को सात अगस्त को वुमेंस फ्रीस्टाइल कुश्ती के 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में उतरना था। उनका सिल्वर मेडल पक्का था, क्योंकि वे एक ही दिन में प्री-क्वॉर्टर फाइनल, क्वॉर्टर फाइनल और सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंची थीं। हालांकि, फाइनल मैच की सुबह उनका वजन मापा गया तो उनका वजन 100 ग्राम से ज्यादा निकला और इस तरह उनको अयोग्य घोषित कर दिया दिया। वहीं, फाइनल में उस खिलाड़ी को एंट्री दे दी गई, जिसे विनेश ने सेमीफाइनल में हराया था। ओलंपिक मेडल से चूकने के बाद विनेश और उनके सपोर्ट स्टाफ ने अपनी आवाज उठाई। विनेश फोगाट एंड टीम ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट में अपना केस दायर किया, जो खेल से जुड़े मुद्दों की सुनवाई करता है। 7 अगस्त की रात करीब 8 बजे विनेश फोगाट ने दो मुद्दों को लेकर कोर्ट को मेल किया। स्पोर्ट्स तक की रिपोर्ट के मुताबिक, विनेश ने पहला मुद्दा ये उठाया कि अभी उनका वजन नापा जाए, क्योंकि फाइनल को शुरू होने में अभी भी (मेल लिखते समय) करीब चार घंटे का समय है। दूसरा मुद्दा ये था कि मैंने सेमीफाइनल तक जीता है और उस समय वजन भी ज्यादा नहीं था तो कम से कम सिल्वर मेडल मिलना चाहिए। इन दो मुद्दों में से एक जवाब कोर्ट ने दे दिया है और कहा था कि अब मैच तय हो चुके हैं तो इसमें कुछ नहीं हो सकता, लेकिन दूसरे मुद्दे पर जवाब 24 घंटे में मिलेगा यानी कल सुबह पेरिस के टाइम के अनुसार 8 बजे और भारत के टाइम के अनुसार करीब 11 बजे इस पर फैसला आ सकता है। अगर कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट को लगता है कि विनेश फोगाट की बात सही है तो वह इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी को ये बोल सकते हैं कि विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल दिया जाए। भले ही ये संयुक्त मेडल हो, लेकिन वह सिल्वर मेडल की हकदार हैं। अगर ये फैसला विनेश के पक्ष में आता है तो उनको सिल्वर मेडल मिल सकता है। विनेश फोगाट ने अपने प्री-क्वॉर्टर फाइनल में जापान की यूई सुसाकी को हराया था, जोकि पिछले काफी समय से एक भी मुकाबला नहीं हारी थीं। recent visitors 113

सीएम मान को पंजाब में तिरंगा नहीं फहराना चाहिए क्योंकि पंजाब भारत का हिस्सा नहीं: खालिस्तानी समर्थक पन्नू

चंडीगढ़ सिख फॉर जस्टिस के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को धमकी दी है। खालिस्तानी समर्थक पन्नू ने कहा कि सीएम भगवंत मान को पंजाब में तिरंगा नहीं फहराना चाहिए क्योंकि पंजाब भारत का हिस्सा नहीं है। भारत के तिरंगे के नेतृत्व में सिखों के साथ नस्लकुशी हुई और आज पंजाब के किसानों के साथ बेइन्साफी हो रही है। पंजाब के लोगों को उकसाने वाले आतंकी पन्नू ने वीडियो जारी कर कहा कि 15 अगस्त सिख पंथ और पंजाब की आजादी का दिवस नहीं है। भगवंत मान जालंधर में तिरंगा फहरा रहे हैं। इस तिरंगे के नीचे हमारे सिखों की नस्लकुशी हुई है। हमारे राज्य के सिख किसानों की खुदकुशी की जिम्मेदार भगंवत मान की सरकार है। जो तिरंगा फहराने से रोकेगा, एक करोड़ दूंगा आतंकी पन्नू ने कहा कि 15 अगस्त को भगवंत मान को तिरंगा फहराने से रोका जाएगा। जो ऐसा करेगा, सिख फार जस्टिस 1 करोड रुपए उसे देगा, जो मुख्यमंत्री भगवंत मान को तिरंगा चढ़ाने से रोकेगा।भगवंत मान ही पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह है। ये 15 अगस्त पंजाब और सिख पंथ की आजादी का दिवस नहीं है। पंजाब को भारत से अलग करने की साजिश आतंकी पन्नू बार बार भारत के खिलाफ जहर उगलता रहता है और खलिस्तान का समर्थन करता है। पन्नू बीते साल कनाडा में मारे गए आतंकी हरदीप सिंह निज्जर का साथी है। निज्जर की हत्या के बाद से ही पन्नू लगातार देश विरोधी बयान देता है और देश के विभिन्न शहरों में आतंकवाद के समर्थन में नारे लिखवाता है। गौरतलब है कि पंजाब को भारत से अलग करने के लिए पन्नू ने रेफरेंडेम 2020 भी शुरू कर रखा है। जिसमें वे सिखों को उकसा वोटिंग करवा रहा है। भारत सरकार ने 2019 में आतंकी गतिविधियां चलाने के आरोप में गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत पन्नू के संगठन सिख फॉर जस्टिस पर बैन लगा दिया था। केंद्र सरकार ने 1 जुलाई 2020 को पन्नू को आतंकी घोषित किया था। recent visitors 101