रेवाड़ी में रेप पीड़िता की बेरहमी से हत्या, सूट-सलवार पहनकर घर में घुसा आरोपी

रेवाड़ी  हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां रात एक बजे सूट-सलवार पहनकर घर में घुसे युवक ने एक विवाहिता की निर्ममता से हत्या कर दी। उसने उसके हाथ, पैरों और प्राइवेट पार्ट्स पर ईंट-पत्थरों से वार किया। हत्या के वक्त घर पर कोई नहीं था। मृतका के साथ इसी युवक ने कुछ दिन पहले बलात्कार किया था और इसका केस अदालत में लंबित था। वह गिरफ्तारी से बचा हुआ था। आरोपी लगातार पीड़िता को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। यह मामला खंड खोल के एक गांव का है। इस गांव की 35 वर्षीय महिला के साथ गांव के युवक सुधीर ने 16 जुलाई को दुष्कर्म किया था। दुष्कर्म का केस थाना खोल में दर्ज कराए जाने के बाद मामला अदालत में लंबित था। बुधवार को इस केस की अदालत में तारीख भी थी। पीड़िता के भाई सोनू ने कहा कि इस केस को लेकर आरोपी सुधीर लगातार बहन व परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। इसकी लिखित शिकायत भी संबंधित थाने में देकर सुरक्षा की गुहार लगाई गई थी। उसने कहा कि उसका बहनोई एक पेट्रोल पम्प पर काम करता है और वह नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर गया हुआ था। वह और उसकी बहन अलग-अलग कमरों में सोए हुए थे। सूट-सलवार पहनकर घर में घुसा इस दौरान आरोपी सुधीर सूट-सलवार पहनकर मंगलवार रात एक बजे रसोई की चिमनी में लगे लोहे के जाल को उखाड़ घर के अंदर घुस गया। उसने सबसे पहले जिस कमरे में वह सोया हुआ था, उसकी कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद उसने बहन पर ईंट और एक अन्य धारदार पत्थर से हाथ व पैरों पर वार करना शुरू कर दिया। हाथ-पैर तोड़ने के बाद उसने प्राइवेट पार्ट्स पर भी चोट मारी। बहन की चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी नींद खुल गई। उसने बाहर निकलने की कोशिश भी की, लेकिन कुंडी बाहर से बंद होने की वजह से वह कुछ नहीं कर सका। जब उसने कमरे की खिड़की को खोलकर देखा तो आरोपी सुधीर उस पर हमला कर रहा था और दुपट्टे से उसका गला घोंट रहा था। उसने कहा कि उसकी आंखों के सामने उसकी बहन की हत्या कर आरोपी फरार हो गया। उसके शोर मचाने पर पड़ोसियों ने उसके कमरे की कुंडी खोली। शव को कब्जे में लिया सूचना पाकर खोल थाना प्रभारी लक्ष्मीनायण टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। इस हत्याकांड से ग्रामीणों में भारी रोष दिखाई दिया। थाना प्रभारी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि आरोपी सुधीर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। recent visitors 253

NEET पेपर लीक में भुवनेश्वर से सीबीआई ने 3 को दबोचा, अब बड़े सेटरों की खुलेगी पोल

भुवनेश्वर  नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई तेजी से कार्रवाई कर रही है। सीबीआई ने पेपर लीक मामले में भुवनेश्वर से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी रंजीत कुमार, अमित प्रसाद और धीरेंद्र कुमार सेटर गैंग के सदस्य हैं। सीबीआई को पेपर लीक मामले के तार ओडिशा से जुड़ते हुए दिखाई दिए। इसके बाद सीबीआई ने ओडिशा के भुवनेश्वर से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा है कि सीबीआई को पेपर लीक मामले में और भी सुराग हाथ लग सकते हैं। साथ ही सीबीआई को तीनों आरोपियों से संजीव मुखिया और अतुल वत्स जैसे बड़े सेटरों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल तीनों आरोपियों को 5 अगस्त तक के लिए सीबीआई रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले में मुंबई से एक सॉल्वर को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपी का नाम रौनक बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सॉल्वर रौनक 5 मई को झारखंड के हजारीबाग में मौजूद था और उसने भी अन्य छात्रों के साथ मिलकर प्रश्न पत्र हल किया था। नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई आरोपी रौनक की तलाश कर रही थी। सीबीआई को उसके मुंबई में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने उसे 3 अगस्त तक सीबीआई रिमांड में भेज दिया। बता दें कि सीबीआई ने नीट मामले में पटना एम्स से चार, रांची रिम्स से एक और भरतपुर मेडिकल कॉलेज के दो मेडिकल छात्रों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले में सॉल्वर दीपेंद्र शर्मा और कुमार मंगलम विश्नोई और सेटर शशिकांत पासवान को गिरफ्तार किया था। सॉल्वर दीपेंद्र शर्मा और कुमार मंगलम विश्नोई भरतपुर मेडिकल कॉलेज के छात्र हैं, जबकि तीसरा शख्स शशिकांत पासवान, पटना का रहने वाला है। सीबीआई ने रांची स्थित मेडिकल कॉलेज रिम्स की फर्स्ट ईयर की छात्रा सुरभि कुमारी को भी हिरासत में लिया था। recent visitors 224

जयपुर में बारिश से स्कूलों की छुट्टी, एयरपोर्ट पर 5.2 इंच बारिश दर्ज की गई

जयपुर  राजस्थान में मॉनसून फिर से सक्रिय है। जयपुर में भारी बारिश ने बुधवार रात से ही तबाही मचा रखी है, जिससे सड़कें जलमग्न हो गई हैं, घरों में पानी भर गया है और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस भारी वर्षा के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर जयपुर के 22 गोदाम और सिविल लाइंस इलाके में जलभराव ने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। राजधानी के अधिकांश स्कूलों ने गुरुवार को भारी बारिश के चलते छुट्‌टी घोषित कर दी है। कई बड़े आयोजनों को भी स्थगित करना पड़ा है। जयपुर एयरपोर्ट पर 5.2 इंच बारिश मौसम केंद्र जयपुर की ओर से बताया गया है कि 1 अगस्त सुबह 5:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर 133 मिमी यानी 5.2 इंच बारिश दर्ज की गई है। रुक-रुक कर मध्यम से तेज बारिश का दौर आगामी दो घंटे और जारी रहने की संभावना है। बता दें कि राजस्थान में मानसून की वापसी के साथ ही जयपुर और सीकर समेत कई जिलों में मूसातदार बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। जयपुर के पॉश इलाकों में भी एक-दो फीट तक पानी भर गया है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में एक घर के बेसमेंट में पानी भर जाने से एक परिवार फंस गया है। सिविल डिफेंस की टीम पिछले तीन घंटे से परिवार को बचाने की कोशिश कर रही है। अजमेर रोड और सीकर रोड पर भी पानी भरा शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल ने स्थिति को और भी बदतर बना दिया है। कूड़े के ढेरों के कारण जगह-जगह जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। करतारपुरा नाला उफान पर है, जबकि अजमेर रोड और सीकर रोड पर भी पानी भर गया है, जिससे खतरा पैदा हो गया है। जयपुर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी पानी भर गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल एक के बाहर गुरुवार सुबह भारी बारिश के कारण पानी भर गया। स्कूल बस और वैन सड़क धंसने से फंसी बारिश के कारण एक और घटना में जयपुर के जामडोली इलाके में स्कूली बच्चों को ले जा रही एक स्कूल बस और वैन सड़क धंसने से फंस गई। गनीमत रही कि हादसे में सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। फंसे हुए वाहनों को निकालने के लिए मौके पर जेसीबी बुलानी पड़ी, लेकिन जेसीबी भी सड़क पर धंस गई। इससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। recent visitors 164

बरसात में टपकने लगी नई संसद, कांग्रेस बोली- ‘पेपर से लेकर छत तक सब लीक’, अखिलेश बोले- ‘क्यों न फिर पुरानी संस

नई दिल्ली दिल्ली में 31 जुलाई की बारिश के बाद संसद भवन में भी जलभराव दिखाई दिया, इतनी बारिश हुई कि छत से पानी टपकने लगा वहीं इसे लेकर विपक्षी दलों ने इसके लिए सरकार पर निशाना साधा है और विपक्षी दल पुरानी संसद से इसकी तुलना कर रहे हैं। इसको लेकर कांग्रेस ने नोटिस दिया है कांग्रेस ने संसद में पानी भरने पर सवाल उठाते हुए ये नोटिस दिया है। करीब 1200 करोड़ की लागत से बनीं नई संसद की छत बारिश के बाद टपकने लगी, जिसका वीडियो कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने शेयर किया है गौर हो कि नई संसद की इमारत का उद्घाटन पिछले साल यानी 28 मई 2023 को हुआ था। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने संसद के नए भवन में पानी लीकेज का वीडियो जारी कर लगाया स्थगन प्रस्ताव कागज़ बाहर लीक, अंदर पानी लीक। संसद के लॉबी में हाल ही में हुए पानी के रिसाव से मौसम सहनशीलता के मुद्दे उजागर होते हैं, जो नई इमारत के पूरा होने के सिर्फ एक साल बाद ही सामने आए हैं इस मुद्दे पर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव लगाया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्विटर पर एक वीडियो जारी करते हुए लिखा, 'इस नई संसद से अच्छी तो वो पुरानी संसद थी, जहां पुराने सांसद भी आकर मिल सकते थे। क्यों न फिर से पुरानी संसद चलें, कम-से-कम तब तक के लिए, जब तक अरबों रुपयों से बनी संसद में पानी टपकने का कार्यक्रम चल रहा है। जनता पूछ रही है कि भाजपा सरकार में बनी हर नई छत से पानी टपकना, उनकी सोच-समझकर बनायी गयी डिज़ाइन का हिस्सा होता है या फिर…।' भारी बारिश के कारण शहर में बृहस्पतिवार को सभी स्कूल बंद गौर हो कि दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने घोषणा की कि भारी बारिश के कारण शहर में बृहस्पतिवार को सभी स्कूल बंद रहेंगे। मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'आज शाम हुई बहुत भारी बारिश और कल भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर सभी सरकारी और निजी स्कूल एक अगस्त को बंद रहेंगे।' दिल्ली में बारिश से सामने आए हादसे वहीं पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में 22 वर्षीय महिला और उसका बच्चा पानी से भरे नाले में डूब गए। भारी बारिश के कारण सड़क पानी से भरी हुई थी, इस कारण सड़क और नाले का अंदाजा न लगने के कारण यह हादसा हुआ वहीं दिल्ली में बुधवार को भारी बारिश के चलते सब्जी मंडी इलाके में एक मकान गिर पड़ा। बचाव दल ने मलबे से एक व्यक्ति को निकालकर अस्पताल भेजा। वसंत कुंज में दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई। वहीं दरियागंज में एक स्कूल की दीवार बाहर खड़ी गाड़ियों पर गिर गई। बारिश से दिल्ली के कई इलाकों में पानी भर गया। recent visitors 228

बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ की महिला कांस्टेबल पर हमला

कोलकाता  पश्चिम बंगाल के राणाघाट में सीमा चौकी के पास बुधवार को बीएसएफ की एक कॉन्स्टेबल ने 13-14 हथियारबंद घुसपैठियों के एक गिरोह का सामना किया। वह अकेली थी, चारों तरफ से घुसपैठियों से घिरी थी, जान जोखिम में थी लेकिन इन सबके बावजूद वह डटी रही। घुसपैठियों को अकेले ही बांग्लादेश वापस खदेड़ने में कामयाब रही। अब इस बीएसएफ की महिला जवान की खूब तारीफ हो रही है। यह पहली घटना नहीं है, बीते दिनों से लगातार बांग्लादेश से अवैध तरीके से घुसपैठ होने के प्रयास को बीएसएफ असफल कर रही है। अवैध तस्करी के कई सामान भी जब्त किए गए हैं। घुसपैठियों ने बॉर्डर पर तैनात बीएसएफ के जवानों को घायल भी किया है। आधी रात क्या हुआ बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि रात करीब 2 बजे कॉन्टेबल ने चाकुओं और तलवारों से लैस घुसपैठियों को सीमा की बाड़ पार करते हुए देखा। बीएसएफ साउथ बंगाल फ्रंटियर के प्रवक्ता डीआईजी एके आर्य ने बताया, 'उसने घुसपैठियों पर हमला किया और उन्हें मौखिक चेतावनी दी, लेकिन वे भारतीय क्षेत्र में घुस आए, कॉन्स्टेबल को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। तब तक एक साथी जवान ने उसकी चेतावनी पर प्रतिक्रिया दी और घुसपैठियों की ओर एक स्टन ग्रेनेड फेंक दिया।' बीएसएफ जवान सुरक्षित घुसपैठियों ने जैसे ही चढ़ाई जारी रखी, कॉन्स्टेबल ने उन पर गोली चला दी और उन्हें वापस बांग्लादेश भागने पर मजबूर कर दिया। आर्य ने कहा कि बीएसएफ किसी घुसपैठिए के घायल होने की संभावना से इनकार नहीं कर रहा है। लगातार जवानों पर हमले आर्य ने कहा, 'यह कोई अकेली घटना नहीं है। हाल ही में कृष्णानगर, नादिया, बामनाबाद, राजनगर और बेहरामपुर में सेक्टर मुख्यालयों की सीमा चौकियों पर पशु तस्करों और घुसपैठियों ने जवानों पर इस तरह के हमले किए गए हैं। जवानों को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी और उन्होंने तस्करी और अवैध घुसपैठ की घटनाओं को विफल कर दिया। उन्होंने अवैध ड्रग्स, पशु और अन्य अवैध सामान जब्त किए हैं।' एक दिन पहले जवान हुआ था घायल रानाघाट की घटना के एक दिन पहले बेहरामपुर में मधुबना चौकी के पास भी इसी तरह की घटना हुई थी। भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी के प्रयास को सफलतापूर्वक विफल करने के दौरान एक जवान घायल हो गए थे। अधिकारियों ने कहा कि जवान ने 8-10 तस्करों को देखा और जब उसने उन्हें चुनौती दी, तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया। उसने तस्करों पर गोली चलाई और उन्हें पीछे धकेल दिया। 27 जुलाई को कल्याणी सीमा चौकी पर एक अन्य जवान को घुसपैठियों पर गोली चलानी पड़ी। बीएसएफ ने बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (बीजीबी) के साथ बैठक की है और बीएसएफ ने इन अकारण हमलों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। recent visitors 239

महंगे मोबाइल टैरिफ से मिलेगी जल्द राहत, ट्राई ने किया साफ- फिर से आएगा बिना डेटा वाला सस्ता प्लान

मुंबई महंगे मोबाइल टैरिफ से परेशान आम ग्राहकों को जल्द राहत मिल सकती है. इसके लिए दूरसंचार नियामक ट्राई ने टेलीकॉम कंपनियों को एक प्रस्ताव दिया है. कंपनियों से कहा गया है कि वे ग्राहकों के लिए बिना डेटा वाला यानी सिर्फ वॉयस और एसएमएस वाला पैक लॉन्च करें. अगर ऐसा होता है तो ग्राहकों के ऊपर रिचार्ज का बोझ कम हो जाएगा. ट्राई ने इन बातों को बनाया आधार भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने शुक्रवार को कहा- ऐसा देखा गया है कि बाजार में उपलब्ध टैरिफ ऑफर मुख्य रूप से बंडल में आ रहे हैं, जिनमें डेटा, वॉयस, एसएमएस और ओटीटी सर्विसेज शामिल होती हैं. ये बंडल ऑफर बड़ी संख्या में सब्सक्राइबर की जरूरतों को पूरा नहीं करते हैं, क्योंकि सभी सब्सक्राइबर सारी सेवाओं का इस्तेमाल नहीं करते हैं. ऐसे में उनक बीच धारणा बनती है कि वे जिन सेवाओं का इस्तेमाल नहीं करते, उनके लिए भी उन्हें भुगतान करना पड़ रहा है. बिना यूज किए कर रहे हैं भुगतान दरअसल आज भी बड़ी संख्या में ऐसे मोबाइल यूजर हैं, जो स्मार्टफोन का इस्तेमाल नहीं करते हैं. बेसिक फोन चलाने वाले यूजर न तो ओटीटी सर्विसेज का इस्तेमाल करते हैं और न ही उन्हें डेटा की जरूरत होती है. स्मार्टफोन चलाने वाले यूजर भी बंडल ऑफर में आने वाले कम ही ओटीटी का इस्तेमाल कर पाते हैं. चूंकि उनके पास और कोई विकल्प नहीं रहता है, जिसके चलते उन्हें बंडल ऑफर वाला प्लान की चुनना पड़ता है. ऐसे यूजर्स को हो सकता है लाभ अभी तीनों प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां मोबाइल यूजर्स को मुख्य रूप से बंडल प्लान ऑफर कर रही हैं. सबसे सस्ते प्लान में भी कंपनियों की ओर से डेटा दिया जा रहा है. ऐसे में डेटा का इस्तेमाल नहीं करने वाले यानी बेसिक फोन चलाने वाले यूजर्स को प्लान महंगा पड़ता है और बिना यूज किए भी डेटा के लिए भुगतान करना पड़ जाता है. ट्राई के प्रस्ताव पर अमल होने से ऐसे यूजर्स को बड़ा फायदा होने वाला है. डिजिटल दौर में आएंगे पुराने वाउचर? ट्राई ने अपने प्रस्ताव में टेलीकॉम कंपनियों को याद दिलाया है कि कुछ साल पहले तक कैसे बाजार में अलग-अलग सेवाओं के लिए रिचार्ज प्लान मिला करते थे. बकौल ट्राई- पहले टेलीकॉम कंपनियां अलग रंगों में वाउचर लाती थीं. जैसे टॉप अप के लिए हरे रंग में और कॉम्बो प्लान के लिए नीले रंग में वाउचर आते थे. अब डिजिटल हो जाने से वाउचर चलन से बाहर हो गए हैं. ट्राई ने कंपनियों से पूछा है कि क्या डिजिटल दौर में कंपनियां रंगों के हिसाब से प्लान ऑफर कर सकती हैं. 16 अगस्त तक दे सकते हैं सुझाव ट्राई ने प्रस्तावों के साथ कंसल्टेशन पेपर जारी किया है. नियामक ने सभी संबंधित पक्षों को प्रस्तावों पर सुझाव देने के लिए कहा है. ट्राई के प्रस्तावों पर 16 अगस्त तक सजेशन और 23 अगस्त तक काउंटर सजेशन दिए जा सकते हैं. सुझाव मिलने के बाद ट्राई इन प्रस्तावों को अमल में लाने की दिशा में आगे बढ़ेगा. recent visitors 126