महाशिवरात्रि के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के कंट्रोल रूम में सीएम योगी, सुबह से देख रहे व्‍यवस्‍थाओं की निगरानी

उत्तर प्रदेश महाकुंभ 2025 में बड़ी संख्‍या में श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने का सिलसिला जारी है। वाराणसी में काशी विश्‍वनाथ मंदिर, अयोध्‍या और अन्‍य शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी है। इस बीच मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भोर से व्‍यवस्‍थाओं पर निगरानी रखे हुए हैं। गोरखनाथ मंदिर में सीएम कार्यालय में लगे मॉनिटरों पर सुबह से व्‍यवस्‍थाओं को सीएम योगी देख रहे हैं। महाकुंभ में हुए सभी अमृत स्नानों और स्नान पर्वों की तरह सीएम योगी आदित्‍यनाथ बुधवार को महाशिवरात्रि के मौके पर भी तड़के 4 बजे से ही व्यवस्थाओं को देखने के लिए कंट्रोल रूम पहुंच गए थे। गोरखपुर प्रवास के चलते उनके लिए गोरखनाथ मंदिर में ही कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां वह स्नान पर्व पर पल-पल की मॉनीटरिंग करते नजर आए। टीवी पर उन्होंने श्रद्धालुओं के स्नान की एक-एक फीड को लाइव देखा और कंट्रोल रूम से ही आला अधिकारियों को निर्देशित किया। सीएम योगी के निर्देश पर समस्त आला अधिकारी भी मुस्तैद नजर आए और सुबह से ही उन्होंने भी मोर्चा संभाल लिया। इससे पूर्व सीएम योगी ने बसंत पंचमी और माघ पूर्णिमा अमृत स्नान के अवसर पर भी प्रातः से वॉर रूम में अधिकारियों के साथ बैठक की थी और मॉनिटरिंग करते रहे थे। कंट्रोल रूम में मुख्यमंत्री की सक्रिय निगरानी महाशिवरात्रि अमृत स्नान के साथ ही बुधवार को महाकुम्भ 2025 का समापन होना है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि स्नान पर्व के इस महत्वपूर्ण आयोजन की सुरक्षा और व्यवस्था के संदर्भ में पूरी स्थिति का जायजा लिया। गोरखपुर में वह सुबह से ही गोरखनाथ मंदिर स्थित कंट्रोल रूम में पहुंच गए और टीवी पर स्नान पर्व की लाइव फीड पर मॉनीटरिंग करते रहे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई भी असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। वह टीवी पर महाकुम्भ नगर समेत समस्त प्रयागराज में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुविधाओं की लाइव फीड देखते रहे। अधिकारियों को दिए निर्देश योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समस्त घाटों पर पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करें। साथ ही, उन्होंने आस्था के इस महान पर्व पर प्रशासन की तत्परता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित किया, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं को बिना किसी समस्या के त्रिवेणी संगम में स्नान का लाभ मिल सके। recent visitors 74

राज्यसभा सदस्य बन सकते हैं अरविंद केजरीवाल, संजीव अरोड़ा छोड़ सकते हैं अपनी सीट

नई दिल्ली दिल्ली चुनाव में आप की शिकस्त के बाद अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक भविष्य को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे थे. अब सूत्रों से ये खबर आ रही है कि दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के लिए संजीव अरोड़ा राज्‍यसभा की सीट छोड़ सकते हैं. कहा जा रहा है कि दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल राज्यसभा में संजीव अरोड़ा की जगह ले सकते हैं. इस तरह केजरीवाल का पंजाब से राज्य सभा जाना तय माना जा रहा है. वहीं संजीव अरोड़ा लुधियाना वेस्ट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार होंगे. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव नहीं जीत पाए. केजरीवाल की हार के साथ दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की भी करारी हार हुई.  मीडिया के गलियारों में केजरीवाल के सियासी सफर पर अटकलें जारी हैं. इस बीच पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने दावा करते हुए कहा था कि केजरीवाल पंजाब के रास्ते राज्यसभा जा सकते हैं. केजरीवाल को लेकर कई तरह के दावे फिलहाल, इस पर भी अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है. खबरें ये भी हैं कि आप अरोड़ा की जगह केजरीवाल को ऊपरी सदन भेजने की योजना पर विचार कर रही है. पहले केजरीवाल के लुधियाना विधानसभा सीट से चुनाव लडने की अटकलें थी. हालांकि आप सांसद मलविदर सिंह कंग ने इन अटकलों को खारिज कर दिया था. दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी और तमाम राजनीतिक दलों की तरफ से दावा किया जा रहा है कि केजरीवाल पंजाब के सीएम की कुर्सी भी अपने हाथों में ले सकते हैं. मतलब ये कि वो खुद सीएम बन सकते हैं. इन दावों और बयानों पर CM भगवंत मान ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है. ये संभव ही नही है. विपक्ष ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मुद्दे उठा रहा-आप आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेजे जाने की चर्चाओं पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि पार्टी के स्तर पर अभी तक इस प्रकार की कोई बात नहीं हुई है. विपक्ष ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मुद्दे उठा रहा है. विपक्ष के नेता विधानसभा के अंदर कोई मुद्दा उठा नहीं सकते ना ही कुछ बोल सकते हैं इसलिए इस प्रकार के मुद्दे गुमराह करने के लिए उठा रहे हैं. पंजाब सरकार टिकने वाली नहीं- बाजवा दिल्ली में आप की हार के बाद से ही सबकी निगाहें पंजाब सरकार पर टिकी हुई है. भगवंत मान की सरकार को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं. कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि यह सरकार टिकने वाली नहीं है, अगले चार से पांच महीनों में इस सरकार के साथ एकनाथ शिंदे प्रकरण होगा, जब महाराष्ट्र का विमान चंडीगढ़ में उतरेगा. आम आदमी पार्टी (AAP) के 32 विधायक संपर्क में हैं. बाजवा कह रहे हैं बीजेपी नेतृत्व रवनीत बिट्टू के जरिए सीएम मान के संपर्क में है और कई गुप्त बैठकें हो चुकी है. चुनाव लड़ेंगे संजीव अरोड़ा लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है. ये सीट आप विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के बाद खाली हुई है. संजीव अरोड़ा को विधानसभा चुनाव में उतारे जाने के बाद पंजाब में एक राज्यसभा सीट खाली हो जाएगी. संजीव अरोड़ा की जगह खाली होने वाली राज्यसभा सीट से अरविंद केजरीवाल राज्य सभा जा सकते हैं. कौन हैं संजीव अरोड़ा संजीव अरोड़ा पंजाब के बड़े बिजनेसमेन हैं. संजीव अरोड़ा का एक्सपोर्ट इंडस्ट्री में प्राइमरी बिजनेस है. उनके ऑफिस दूसरे देशों में भी है. संजीव अरोड़ा ने चंडीगढ़ रोड पर हैम्पटन बिजनेस पार्क और हैम्पटन होम्स को भी विकसित किया है. साल 2018 में उन्होंने फेमेला फैशन लिमिटेड कंपनी लॉन्च की और महिलाओं के कपड़ों के ब्रांड फेमेला की स्टेबलिश किया. इसके बाद साल 2019 में उन्होंने मेटल बिजनेस में भी कदम रखा. संजीव अरोड़ा कई सोशल और कल्चर संस्थाओं से भी जुड़े हैं. वह दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के गवर्निंग बोर्ड में हैं. recent visitors 106

46 साल बाद महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर संभल मंदिर में लगा भक्तों का ताता, हुआ जलाभिषेक

संभल महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. यूपी के संभल जिले में स्थित कार्तिकेय महादेव मंदिर में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी है. दूर-दूर से लोग दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए यहां आ रहे हैं. ये मंदिर 46 साल से बंद था, जिसे कुछ महीने पहले ही पुलिस-प्रशासन ने खुलवाया था. कार्तिकेय महादेव मंदिर संभल के मुस्लिम बहुल खग्गू सराय इलाके में है. दरअसल, ये मंदिर 1978 से बंद था, तब यहां हिंदू आबादी काफी रहा करती थी. मगर 1978 में हुए दंगे के बाद मंदिर के आसपास रहने वाले हिंदू लोग पलायन कर गए. लेकिन योगी सरकार में प्रशासन की मुस्तैदी के चलते संभल के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में जितने भी मंदिर, कुएं, बावड़ी आदि थे उन्हें फिर से संरक्षित और पुनर्जीवित किया जा रहा है.    इसी बीच खग्गू सराय के इस मंदिर को भी कब्जा मुक्त कराया गया. अब महाशिवरात्रि के मौके पर कार्तिकेय महादेव मंदिर पर जलाभिषेक हो रहा है. लोगों में काफी उत्साह दिखाई दे रहा है. बृजघाट से कावड़ लेकर आए कांवड़ियों ने भी जलाभिषेक किया. मंदिर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर इंस्पेक्टर एवं महिला एसआई सहित पीएसी बल को तैनात किया गया है.  बीते दिन जिला मजिस्ट्रेट राजेंद्र पेंसिया ने कहा था कि खग्गू सराय के कार्तिकेय महादेव मंदिर, वेरानी शिव मंदिर और सादातबाड़ी शिव मंदिर में बड़ी भीड़ उमड़ने की संभावना है. ऐसे में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और गश्त जारी है. बकौल जिला मजिस्ट्रेट- महाशिवरात्रि के दिन और अगली सुबह मेडिकल टीमें मंदिर परिसर में तैनात हैं. इसके अलावा, श्रद्धालुओं की किसी भी समस्या के समाधान के लिए एक सामान्य नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. मालूम हो कि श्री कार्तिकेय महादेव मंदिर, जिस भस्म शंकर मंदिर के नाम से भी जाना जाता है, को पिछले साल 13 दिसंबर को फिर से खोल दिया गया था. अधिकारियों ने कहा था कि अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान उन्हें यह ढका हुआ ढांचा मिला था. मंदिर में भगवान हनुमान की मूर्ति और शिवलिंग था. यह सन 1978 से बंद था. recent visitors 67

अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर स्वीटी बूरा का हुआ दहेज उत्पीड़न, पति ने फॉर्च्यूनर और एक करोड़ मांगे

चंडीगढ़ हरियाणा की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा और उनके पति भारतीय कबड्‌डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्‌डा की शादी टूटने के कगार पर पहुंच गई है। बूरा का आरोप है कि हुड्डा ने फॉर्च्यूनर और एक करोड़ मांगे हैं। वहीं, हुड्डा ने स्वीटी और उसके परिवार पर संपत्ति हड़पने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ रोहतक और हिसार के पुलिस थाने में शिकायत दी है। खबर है कि बूरा ने कोर्ट में खर्चे और तलाक का केस भी दायर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हाल में ही बूरा को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया था। साल 2020 में हुड्‌डा को अर्जुन अवार्ड मिला था। मारपीट कर घर से निकला हिसार के एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि हुड्‌डा को नोटिस देकर जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वो नहीं आए। हिसार पुलिस को दी शिकायत में बूरा ने बताया कि उनकी हुड्‌डा से 7 जुलाई 2022 को शादी हुई थी। माता-पिता ने शादी में एक करोड़ से ज्यादा पैसे खर्चे थे। 4 दिन पहले दीपक और उसकी बहन ने फॉर्च्यूनर गाड़ी मांगी, खेल छुड़वाने का दबाब बनाया। हुड्डा ने 2024 में महम से विधानसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें परिवार ने एक करोड़ रुपए लाने को कहा। अक्टूबर 2024 में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया। उन्होंने कोर्ट में तलाक व खर्चे का केस दायर कर 50 लाख का मुआवजा और डेढ़ लाख रुपए मासिक खर्च मांगा है। दीपक हुड्‌डा ने लगाए पैसे ठगने के आरोप वहीं हुड्‌डा ने रोहतक पुलिस को दी शिकायत में कहा कि बूरा के माता-पिता ब्याज पर रुपए देने के बहाने उससे पैसे ठगते रहे। वह शादी तोड़ने की धमकी देती थी। उन्होंने कहा कि वह घर तोड़ना चाहती हैं और मैं बसाने के हक में हूं। दीपक के फोटो सोशल मीडिया अकाउंट्स से हटाए बूरा ने दीपक के फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से भी हटा दिए हैं। दोनों की शादी 7 जुलाई 2022 को शादी हुई थी। 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले फरवरी में बूरा और उनके पति हुड्‌डा ने रोहतक में भाजपा जॉइन की थी। हुड्‌डा ने भाजपा के टिकट पर महम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और बूरा भी बरवाला सीट से टिकट मांग रही थीं, लेकिन भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया। recent visitors 61

इनकम टैक्स विभाग की टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन की तैयारी, टैक्सपेयर्स की एक पूरी लिस्ट तैयार

नई दिल्ली  इनकम टैक्स डिपार्टमेंट देशभर में एक बड़ा अभियान चलाने की तैयारी में है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान उन लोगों और कंपनियों के खिलाफ होगा जिन्होंने TDS/TCS नहीं काटा है या जमा नहीं किया है। लगभग 40,000 ऐसे टैक्सपेयर्स जांच के दायरे में हैं। यह कार्रवाई वित्त वर्ष 2022-23 और 2023-24 में काटे गए टैक्स के आधार पर हो रही है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने TDS डिफॉल्टर्स को पकड़ने के लिए 16 सूत्रीय योजना बनाई है। इसके अलावा डेटा एनालिटिक्स टीम ने जांच के लिए ऐसे टैक्सपेयर्स की एक पूरी लिस्ट तैयार की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'हमारे पास एनालिटिक्स टीम का डेटा है। अगर किसी ने टैक्स जमा नहीं किया है तो हम पहले उन्हें इस बारे में सूचित करेंगे।' अधिकारी बार-बार नियम तोड़ने वालों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। वे उन मामलों की जांच करेंगे जहां टैक्स कटौती और एडवांस टैक्स भुगतान में बड़ा अंतर है। जिन मामलों में कटौती करने वाले के नाम में बार-बार बदलाव और सुधार हुए हैं, उनकी भी जांच होगी। साथ ही उन कंपनियों की भी जांच होगी जिन्होंने ऑडिट में बीमार इकाइयों या घाटे वाली कंपनियों का यूज किया है। क्या कहता है कानून बोर्ड ने आकलन अधिकारियों से कहा है कि वे आयकर अधिनियम की धारा 40(a)(ia) के तहत बड़ी अस्वीकृति वाले मामलों की रिपोर्ट करें। यह धारा उन मामलों में कटौती की अनुमति नहीं देती है जहां TDS नहीं काटा गया है या सरकार के पास जमा नहीं किया गया है। कर अधिकारी ऐसे मामलों पर भी कड़ी नजर रखेंगे जहां TDS रिटर्न में कई बार संशोधन किया गया है और डिफॉल्ट की राशि में काफी कमी आई है। बोर्ड ने फील्ड अधिकारियों से कहा है कि वे कटौती करने वालों द्वारा दायर की गई शिकायतों पर भी ध्यान दें। TDS भुगतान में पैटर्न और अनियमितताओं की पहचान करने के लिए डेटा एनालिटिक्स का उपयोग करें। अधिकारी ने कहा कि विभाग के पहले के अभियानों की तरह इसमें भी किसी को परेशान नहीं किया जाएगा। इस साल के बजट में, केंद्र सरकार ने TDS और TCS दरों को युक्तिसंगत बनाने की घोषणा की है। दरों की संख्या और TDS कटौती की सीमा को कम किया गया है। डिफॉल्टर पर एक्शन अधिकारी ने कहा, 'ईमानदार करदाताओं के लिए TDS अनुपालन में ढील दी गई है। लेकिन जानबूझकर डिफॉल्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे टैक्स सिस्टम निष्पक्ष और न्यायसंगत बनेगा।' इस अभियान से सरकार को उम्मीद है कि टैक्स चोरी कम होगी और राजस्व बढ़ेगा। साथ ही, ईमानदार करदाताओं को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।   recent visitors 73

मोनालिसा ने Reel बनाकर पुरानी और नई तस्वीर की शेयर

इंदौर मोनालिसा इंटरनेट पर बेहद सक्रिय रहने लगी है। उन्होंने एक Reel शेयर करके अपनी पुरानी तस्वीर और अबकी एक वीडियो लगाई है। जिसमें उनमें आए बदलाव साफ नजर आते हैं। जाहिर तौर पर अब मोनालिसा किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं रह गई है। उनकी इस वीडियो को 8 लाख से ज्यादा व्यूज मिले हैं। मोनालिसा के बारे में जानने के लिए पब्लिक भी बेहद उत्सुक है। ऐसे में महाकुंभ की वायरल गर्ल भी लोगों को निराश नहीं कर रही हैं और हर दिन खुद से जुड़ी अपडेट सोशल मीडिया पर डालती रहती है। इस बार मोनालिसा ने अपना एक Before (पहले) और Now (बाद में) वीडियो पोस्ट किया है। जिसे अब तक 8 लाख 40 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। वहीं इस वीडियो को 6 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। जबकि पोस्ट पर 70 से ज्यादा कमेंट्स भी आए हैं। Instagram पर इस Reel को @_monalisa_official ने पोस्ट करते हुए लिखा- पहले और अब। यूजर्स इस वीडियो पर कमेंट सेक्शन में मोनालिसा की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। recent visitors 66

आठवीं बोर्ड का मैथ्स का पेपर वायरल… परीक्षा निरस्त होगी या नहीं, इस संबंध में जल्द निर्णय लिया जाएगा

भोपाल मप्र बोर्ड की पांचवीं व आठवीं का मंगलवार को गणित का पेपर हुआ। दोपहर दो बजे से परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन इससे महज एक घंटा पहले सागर, डिंडौरी, ग्वालियर और भोपाल जिले में प्रश्नपत्र वायरल होने की बात सामने आ गई। इसके बाद परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र वितरण करने की प्रक्रिया को रोक दिया गया। बाद में बताया गया कि आठवीं का गणित का प्रश्नपत्र वायरल हुआ है। इस पर अधिकारियों ने प्रश्नपत्रों का मिलान किया। इस प्रक्रिया में परीक्षा अपने तय समय से 15 मिनट की देरी से शुरू हुई। वहीं, कुछ ग्रामीण क्षेत्रों के केंद्रों पर गणित के वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को ब्लैक बोर्ड पर हल कराने का मामला भी सामने आया। बता दें कि प्रदेश भर से करीब 25 लाख विद्यार्थी शामिल हुए। भोपाल जिले से 246 केंद्रों पर करीब 68 हजार विद्यार्थी शामिल हुए। पुराने भोपाल के केंद्रों पर देर से पहुंचा प्रश्नपत्र इस गफलत के बीच पुराने भोपाल के कुछ केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से पहले ही जनशिक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र वितरण करने पर रोक लगा दी गई। 15 मिनट की देरी से विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र वितरित किया गया। हालांकि जिला परियोजना समन्वयक ओपी शर्मा का कहना है कि गणित का प्रश्नपत्र वायरल नहीं हुआ है। शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई है। परीक्षा कैंसल होगी या नहीं, इस पर होगा निर्णय     कुछ जिलों से आठवीं के गणित का प्रश्नपत्र के वायरल होने की बात सामने आई है। जांच करने के बाद परीक्षा निरस्त होगी या नहीं, इस संबंध निर्णय जाएगा। – हरजिंदर सिंह, संचालक, राज्य शिक्षा केंद्र   recent visitors 40