वेलेंटाइन डे पर रातोंरात लखपति बना किसान, एक साल की मेहनत के बाद मिला चमचमाता 4 कैरेट 24

 पन्ना  पन्ना में एक किसान की तकदीर उस वक्त बदल गई, जब उसे खेत में खुदाई के दौरान एक बेशकीमती हीरा मिला. यह हीरा 4.24 कैरेट का बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है. किसान ने यह हीरा हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है, जहां इसे नीलामी के लिए रखा जाएगा. पन्ना जिले को देशभर में हीरों की धरती कहा जाता है. यहां की मिट्टी कब किसे रंक से राजा बना दे, कोई नहीं जानता. ऐसा ही कुछ हुआ गहरा गांव के किसान ठाकुर प्रसाद यादव के साथ. वे कई वर्षों से अपने खेत में हीरे की खदान चला रहे थे. लगातार मेहनत और उम्मीदों के बाद आखिरकार 4 कैरेट 24 सेंट का चमचमाता हीरा उनके हाथ लगा. हीरा मिलते ही ठाकुर प्रसाद की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने इसे हीरा कार्यालय में जमा करा दिया. हीरा मिलने के बाद किसान ठाकुर प्रसाद यादव ने बताया कि नीलामी के बाद मिलने वाली रकम से वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारेंगे और एक नया काम शुरू करेंगे. वहीं, खेत के मालिक धर्मदास ने भी इस पर खुशी जताई कि उनके खेत में बेशकीमती हीरा मिला. इस मामले में हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि यह हीरा सरकोहा क्षेत्र की खदान से निकला है और इसे अगली नीलामी में बोली के लिए रखा जाएगा. पन्ना में पहले भी कई किसान और मजदूरों की किस्मत यहां की मिट्टी ने बदल दी है. पन्ना के हीरा व्यापारी रविंद्र जड़िया ने बताया कि यहां की धरती लोगों को रातोंरात अमीर बना सकती है. पिछले ही साल हीरा नीलामी में 5 करोड़ रुपये से अधिक के हीरे बेचे गए थे. आने वाले दिनों में पन्ना का हीरा बाजार और भी आगे बढ़ने की उम्मीद है. हीरा कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, इस बहुमूल्य हीरे की नीलामी में बड़ी संख्या में व्यापारी हिस्सा ले सकते हैं. यदि बाजार में इसकी मांग अधिक रही, तो इसकी कीमत 20 लाख से भी ज्यादा पहुंच सकती है. इससे पहले भी पन्ना के कई मजदूर और किसान हीरे की बदौलत लखपति और करोड़पति बन चुके हैं. पिछले साल भी कई किसानों ने नीलामी के जरिए लाखों-करोड़ों रुपये कमाए थे. अब सबकी नजरें इस बहुमूल्य हीरे की नीलामी पर टिकी हैं.   recent visitors 65

ललित मोदी ने सुष्मिता से ब्रेकअप का किया खुलासा

मुंबई आईपीएल के फाउंडर और पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। वैलेंटाइंस डे पर उन्होंने बताया किया कि वह फिर से प्यार में पड़ गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक्ट्रेस सुष्मिता सेन से अपने ब्रेकअप की पुष्टि भी कर दी। ललित ने अपनी नई प्रेमिका के साथ वीडियो मोंटाज इंस्टाग्राम पर साझा किया। इसमें उन्होंने अपने साथी का नाम नहीं बताया है। मगर, उन्होंने महिला के साथ कई तस्वीरें शेयर कीं और कहा कि वह पुरानी दोस्त है। ललित मोदी की पोस्ट में कहा गया कि 25 साल की दोस्ती अब रिश्ते में बदल गई है। उन्होंने लिखा, 'मैं भाग्यशाली रहा। वैसे दो बार भाग्य ने साथ दिया। 25 साल की दोस्ती प्यार में बदल गई है। ऐसा दो बार हुआ। आशा है कि यह आप सभी के लिए भी हो। आप लोगों को हैप्पी वेलेंटाइंस डे।' इस कैप्शन के साथ उन्होंने वीडियो क्लिप में कई तस्वीरें साझा कीं। कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर ललित मोदी की यह पोस्ट वायरल हो गई। इंटरनेट यूजर्स की ओर से उन्हें जमकर बधाइयां मिलीं। 1991 में मीनल मोदी से हुई थी शादी बता दें कि ललित मोदी की शादी साल 1991 में मीनल मोदी से हुई थी। 2018 में कैंसर से लड़ते हुए मीनल की मौत हो गई। इसके बाद साल 2022 में ललित मोदी की उस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया, जिसमें बताया गया कि वह बॉलीवुड एक्ट्रेस और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के साथ रिलेशनशिप में हैं। उन्होंने मालदीव में एक-दूसरे के साथ बिताई छुट्टियों की तस्वीरें साझा कीं। इतना ही नहीं, ललित ने अपना इंस्टाग्राम बायो भी बदल दिया था और सेन के हैंडल के बाद 'माई लव' जोड़ दिया था। इस रोमांस ने हर किसी को चौंका दिया, लेकिन यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चला। कुछ समय बाद ही ललित मोदी और सुष्मिता सेन के ब्रेकअप की खबरें आने लगीं। अब इसकी पुष्टि भी हो गई है। recent visitors 71

कपल का बाथरूम में कर रहे थे ये काम, तभी हो गया कांड, अब रोते-रोते पहुंचे थाने

लखनऊ  सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में ऋषिका रेजिडेंशियल सोसायटी में दंपती का बाथरूम में अलग-अलग नहाते समय विडियो बनाए जाने के मामले में पुलिस छह लोगों से पूछताछ कर रही है। पीड़ित परिवार से विडियो वायरल करने की धमकी देकर 6 करोड़ रुपये की मांग की गई है। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में ऋषिका रेजिडेंशियल सोसायटी में एक महिला परिवारजनों के साथ रहती है। 11 फरवरी की देर रात एक अनजान नंबर से उनके मोबाइल पर विडियो भेजा गया। विडियो में पीड़िता के पति बाथरूम में नहा रहे थे। इसके बाद पीड़िता के मोबाइल पर एक और विडियो रिकॉर्डिंग भेजी गई। दूसरी विडियो में पीड़िता नहाते हुए दिखाई दी। विडियो आने के बाद पीड़िता ने बाथरूम चेक किया तो उसकी फॉल्स सीलिंग में छेद था। आशंका है कि किसी ने फॉल्स सीलिंग में स्पाई कैम लगाकर विडियो बना लिया। एक मेसेज भेजकर विडियो वायरल करने की धमकी देकर 6 करोड़ रुपये की मांग भी की। पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता के घर में रेनोवेशन का कार्यचल रहा है। बाथरूम में भी रेनोवेशन किया गया था। ऐसे में आशंका व्यक्ति की जा रही है कि फॉल्स सीलिंग का काम करने वाले लोगों ने उसमें स्पाई कैम लगाया होगा। शक के आधार पर पुलिस फॉल्स सीलिंग का काम करने वालों समेत 6 लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है। recent visitors 84

10 में से 10 नगर निगमों में भाजपा ने बनाई बढ़त, जश्न मनाने की तैयारी, लड्डू, गुलाबजामुन, बालूशाही बनकर तैयार

रायपुर छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना जारी है. 10 में से 10 नगर निगमों में भाजपा ने बढ़त बनाई है. वहीं कई नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत हो चुकी है. भाजपा जिला कार्यालय में जीत का जश्न मनाने की तैयारी पूरी हो गई है. यहां 10 हजार लड्डू तैयार किए गए हैं. वहीं 3 हजार गुलाबजामुन और एक हजार से अधिक बालूशाही बनाए गए हैं. भाजपा ने रायपुर नगर निगम में ऐतिहासिक वोटों से जीत का दावा किया है. वहीं कांग्रेस के जिला कार्यालय में ताला लगा हुआ है. कांग्रेस कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है. recent visitors 58

कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, बघेल पंजाब के प्रभारी बने, अजय लल्लू का प्रमोशन, बिहार में सरप्राइज

रायपुर कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल हुआ है. नये महासचिवों और प्रभारियों के रूप में कांग्रेस ने कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी है. कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कुल तेरह राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की है. पार्टी ने बिहार, पंजाब, मध्य प्रदेश समेत 11 राज्यों में नए प्रभारी नियुक्त किए हैं. भूपेश बघेल को मिली बड़ी जिम्मेदारी कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब और राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन को जम्मू कश्मीर और लद्दाख का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया है. यूपी प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को राष्ट्रीय टीम में जगह देते हुए ओडिशा का प्रभारी बनाया गया है. चुनावी राज्य बिहार में सरप्राइज बिहार में इस साल के अंत तक चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में कांग्रेस ने कृष्णा अलावरु को बिहार का प्रभारी बनाया है, जो अब तक यूथ कांग्रेस के प्रभारी थे. कर्नाटक के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद को हरियाणा और राजस्थान के वरिष्ठ नेता हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है. मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना का प्रभारी बनाया गया. रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ का प्रभारी बनाय गया है. उन्हें राजीव शुक्ला की जगह पर यह जिम्मेदारी दी गई है. कांग्रेस ने के. राजू को झारखंड का प्रभारी बनाया है. राजीव शुक्ला समेत इन नेताओं से छिना अहम पद ओडिशा से सांसद सप्तगिरी उलाका को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड का प्रभारी बनाया गया है. गिरीश चोडनकर को तमिलनाडु और पुडुचेरी का प्रभारी बनाया गया है. कांग्रेस ने राजीव शुक्ला, मोहन प्रकाश, देवेंद्र यादव, अजय कुमार, दीपक बाबरिया और भारत सिंह सोलंकी को प्रदेश प्रभारी के दायित्व से मुक्त किया. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार (13 फरवरी 2025) को पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकाल को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया था. recent visitors 45

संभल हिंसा के 74 उपद्रवियों की तस्वीर जारी: SP-ASP ने खुद चौक-चौराहों पर लगवाए, पहचान बताने वाले को इनाम …

संभल यूपी के संभल में 24 नवंबर को जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान मस्जिद के आसपास के इलाके में हिंसा फैलाने वाले उपद्रवियों की पहचान के लिए संभल पुलिस ने जामा मस्जिद की दीवारों पर ही उपद्रवियों के पोस्टर लगाए हैं. पुलिस टीम की तरफ से कुल 74 उपद्रवियों के पोस्टर लगाए गए हैं. शुक्रवार को एसपी केके बिश्नोई,  एएसपी श्रीशचंद्र और सीओ अनुज चौधरी के साथ ही भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में संभल कोतवाली पुलिस ने उपद्रवियों के पोस्टर चस्पा करने की कार्रवाई की है. वहीं जमा मस्जिद की दीवारों पर पोस्टर लगाते ही आसपास के इलाकों के लोग भी पोस्ट में दिखने वाले लोगों को देखने के लिए पहुंचने लगे हैं. आपको बता दें कि उपद्रवियों द्वारा हिंसा के दौरान गाड़ियों में आगजनी, तोड़फोड़ और पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी. 4 लोगों की हुई थी मौत 24 नवंबर को हिंसा के दौरान 4 लोगों की गोली लगने से मौत हुई थी. साथ ही हिंसा में एसपी केके बिश्नोई और सीओ अनुज चौधरी व गोली लगने से घायल हो गए थे. इसके अलावा 29 अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे. संभल हिंसा मामले में पुलिस ने 7 अलग -अलग एफआईआर दर्ज कर सपा सासंद जियाउर्रहमान बर्क और सपा विधायक नवाब इकबाल महमूद के पुत्र सुहैल इकबाल सहित 6 लोगों को नामजद व तीन हजार से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ उपद्रव का मुकदमा दर्ज किया था. हिंसा के बाद से संभल पुलिस एसपी केके बिश्नोई और सीओ अनुज चौधरी पर गोली चलाने वाले आरोपियों और हिंसा के दौरान 4 युवकों की गोली मारकर हत्या करने वाले दो आरोपियों सहित हिंसा में शामिल 76 आरोपियों को जेल भेज चुकी है. संभल हिंसा के लिए गठित एसआईटी टीमों और संभल सदर कोतवाली पुलिस व नखासा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों से कई अन्य उपद्रवियों की पहचान की थी. घटना के कई दिनों बाद नहीं मिलने पर लगाया गया पोस्टर घटना के कई दिनों बाद उपद्रवियों के नहीं मिलने पर एसपी केके बिश्नोई और श्रीशचंद्र के निर्देश पर संभल कोतवाली पुलिस ने जामा मस्जिद के ठीक सामने दीवार पर 74 उपद्रवियों के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं. इससे पहले गुरुवार को संभल के एक इलाके में भी हिंसा की जांच के लिए गठित एसआईटी टीम ने एक उपद्रवी की फोटो चस्पा की थी. पुलिस टीम की तरफ से पोस्टर में साफ तौर पर लिखा गया है कि 24 नवंबर को हुई हिंसा में शामिल उपद्रवियों की फोटो के जरिए पहचान बताने वालों को इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा. पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के फोटो सार्वजनिक किए जाने को लेकर एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है. एएसपी श्रीशचंद्र ने बताया कि 24 नवंबर को जमा मस्जिद के इलाके में हुई हिंसा के दौरान 74 ऐसे उपद्रवियों को चिह्नित किया गया है, जो की घटना में शामिल थे. फिलहाल इनकी पहचान करने के लिए पोस्टर लगाए गए हैं. अभी कुछ और ऐसे चेहरे बचे हुए हैं जिनको चिह्नित करने का काम किया जा रहा है.     recent visitors 82

रायपुर : बकाया भू-भाटक न चुकाने वाले उद्योगों पर कार्रवाई

रायपुर : बकाया भू-भाटक न चुकाने वाले उद्योगों पर कार्रवाई चार उद्योगों की लीजडीड निरस्त 3 करोड़ 62 लाख से अधिक की वसूली रायपुर बिलासपुर जिले के औद्योगिक क्षेत्र सिरगिट्टी, तिफरा एवं सिलपहरी में स्थित उद्योगों से भू-भाटक एवं संधारण शुल्क की करोड़ों की बकाया राशि की वसूली की जा रही है। पिछले एक माह में 04 उद्योगों की लीजडीड निरस्त की जा चुकी है। बकाया राशि का भुगतान न करने पर आबंटित भूखंड निरस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभी तक 3 करोड़ 62 लाख 82 हजार रूपए की वसूली की जा चुकी है, और यह प्रक्रिया लगातार जारी है। वर्तमान में लगभग 300 औद्योगिक इकाइयों पर 10 करोड़ रूपए से अधिक की राशि लंबित है। समय पर भुगतान न करने के कारण 12 प्रतिशत से 24 प्रतिशत तक अर्थदंड/ शास्ति लागू की जा रही है, जो ऑनलाइन जनरेट हो रही है। नियमों के अनुसार, हर साल 10 जनवरी तक भू-भाटक और संधारण शुल्क जमा न करने पर शास्ति (पेनल्टी) का प्रावधान है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के मुख्य महाप्रबंधक द्वारा निरंतर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उद्योगपतियों से आग्रह किया गया है कि अपनी देय राशियों का भुगतान ऑनलाइन तुरंत करें। भुगतान न करने वाली इकाइयों के किसी भी प्रकार के कार्य, उद्योग विभाग द्वारा नहीं किए जाएंगे। यदि किसी उद्योग को भुगतान करने में कोई कठिनाई आ रही हो, तो वे सीएसआईडीसी के शाखा कार्यालय, तिफरा या जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बिलासपुर के मुख्य महाप्रबंधक एवं संपर्क अधिकारी ए. श्रीधर राव, प्रबंधक  मोबाइल नंबर- +91-7587097969 जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बिलासपुर संपर्क से संपर्क कर सकते हैं। recent visitors 37