सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा-नया राजस्थान, बदलता राजस्थान, राइजिंग राजस्थान का सपना होगा साकार

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को दोगुना करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। इसके लिए सरकार तथा निजी क्षेत्र द्वारा राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। हम सभी के प्रयासों से नया राजस्थान, बदलता राजस्थान, राइजिंग राजस्थान का सपना साकार होगा। श्री शर्मा गुरूवार को जयपुर शहर में एक होटल में जेनपैक्‍ट ग्‍लोबल मीट को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जेनपैक्ट के गठन के 20 वर्ष पूरे होने की बधाई देते हुए कहा कि जयपुर और जोधपुर में जेनपैक्ट में कार्यरत लगभग 8 हजार लोगों में से 90 प्रतिशत से अधिक स्थानीय हैं। यह पूरा इको-सिस्टम राज्य में रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान समिट में भी जेनपैक्ट ने निवेश कर हजारों लोगों को रोजगार देने की योजना बनाई है। इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन चिन्हीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है और राज्य सरकार इस प्रोजेक्ट को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए पूरा सहयोग कर रही है। उद्यमियों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस हमारी प्राथमिकता मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ-साथ इन्विट एवं हैम जैसे मॉडलों के आधार पर बड़ी परियोजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। हमने पहले ही वर्ष में आयोजित राइजिंग राजस्थान समिट में 35 लाख करोड़ रुपए से अधिक के एमओयू किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निवेशकों की सुविधा के लिए डेटा सेंटर नीति, एवीजीसी-एक्सआर नीति एवं राजस्थान निवेश प्रोत्साहन जैसी नई नीतियां जारी की हैं। राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना के तहत सूचना प्रौद्योगिकी एवं इससे संबंधित सेक्टर को थ्रस्ट सेक्टर का दर्जा दिया गया है, जिससे राज्य में इस क्षेत्र में निवेश को और प्रोत्साहित किया जा सके। इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ाने के लिए सरकार कटिबद्ध श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने पहले बजट में ही पूंजीगत व्यय में 65 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की है। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में निवेश को और अधिक बढ़ाने के लिए हमारी सरकार कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एप्पल, माइक्रोसॉफ्ट, ओरेकल, सिस्को, अडोबी जैसी अनेक कंपनियों से साझेदारी की गई है। इससे बड़ी संख्या में इच्छुक युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्र खनन, पर्यटन, टेक्सटाइल एवं अपैरल जैसे क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा नई नीतियां लाई गई हैं। उन्होंने आह्वान किया कि निवेशक राज्य सरकार द्वारा जारी नीतियों का अधिक से अधिक लाभ लेते हुए राज्य में निवेश करें। राजस्थान में अपार संभावनाए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान देश का सबसे बड़ा राज्य है तथा यहां विभिन्न क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य सरकार ने भारत सरकार की विभिन्न कंपनियों के साथ 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक राशि के निवेश के लिए एमओयू किए हैं। साथ ही, राज्य में पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना के माध्यम से मध्यप्रदेश एवं भारत सरकार के साथ एमओए कर लगभग 10 हजार करोड़ रुपए के कार्यों हेतु कार्य आदेश भी जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में भू-जल के रिचार्ज को बढ़ाने के लिए अटल भू-जल योजना, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान एवं कर्मभूमि से मातृभूमि जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से अभूतपूर्व कार्य किया जा रहा है। जेनपैक्ट के सीईओ श्री बी.के. कालरा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में निवेश में अभूतपूर्व काम हो रहा है। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा आयोजित राइजिंग राजस्थान समिट से निवेशकों के लिए राज्य में निवेश की नई राह खुली है। उन्होंने कंपनी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जेनपैक्ट वर्तमान में राज्य में हजारों युवाओं को रोजगार दे रही है तथा आगे भी प्रदेश के विकास में वे अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। इस अवसर पर जेनपैक्ट के कंन्ट्री हैड श्री पीयूष मेहता, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) श्री शिखर अग्रवाल सहित अधिकारीगण, जेनपैक्ट कंपनी के अधिकारी एवं देश-विदेश से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे। recent visitors 84

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- प्रत्येक मरीज को मिले समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा

जयपुर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने गुरुवार को जोधपुर के प्रमुख अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें मथुरादास माथुर अस्पताल और महात्मा गांधी अस्पताल शामिल थे। अस्पतालों की विभिन्न इकाइयों के गहन निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं को समझा और इनके समाधान के लिए अस्पताल प्रबन्न्धन को निर्देश दिए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री खींवसर ने मथुरादास माथुर अस्पताल के आपातकालीन विभाग, आईसीयू-डी रेड ज़ोन, ट्रॉमा कैजुअल्टी वार्ड और मल्टी-लेवल आईसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने टेलीमेडिसिन सेवाओं की जानकारी ली और अस्पताल में वायु परिसंचरण को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साफ-सफाई की सराहना करते हुए इसे समग्र रूप से संतोषजनक बताया और आगे भी बनाए रखने पर जोर दिया। मरीजों से किया संवाद, व्यक्तिगत अनुभवों पर चर्चा मंत्री श्री खींवसर ने निरीक्षण के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं से व्यक्तिगत रूप से बात की और अस्पताल में उन्हें हो रही किसी भी प्रकार की परेशानी के बारे में जानकारी ली। आईसीयू रेड ज़ोन वार्ड में एक दुर्घटनाग्रस्त बच्चे के उपचार की जानकारी लेते हुए उन्होंने दुर्घटना करने वाले के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ चिकित्सकों से प्रमुख मुद्दों पर चर्चा प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर श्री बीएस जोधा के कक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री ने वरिष्ठ चिकित्सकों से अस्पताल से जुड़े प्रमुख मुद्दों, बजट संबंधित समस्याओं, दवाइयों की उपलब्धता और राजस्व सृजन के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने सुझाव दिया कि अस्पताल में फूड कोर्ट शुरू किए जाएं, जहां स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि अस्पताल के राजस्व में वृद्धि की जा सके। साथ ही मेडिकल छात्रों के लिए भोजन की स्वच्छता व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी चर्चा की गई। महात्मा गांधी अस्पताल में निरीक्षण, विशेष इकाइयों का अवलोकन मंत्री श्री खींवसर ने महात्मा गांधी अस्पताल के एमआरआई सेक्शन, इंटेंसिव केयर यूनिट और क्रिटिकल केयर यूनिट का गहन निरीक्षण किया। डॉग बाइटिंग वार्ड में जाकर उन्होंने श्वानों के काटने के बढ़ते मामलों की गंभीरता के बारे में जानकारी ली और सड़क दुर्घटनाओं के वार्ड का भी निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं की सराहना और सुधार के दिये निर्देश एमडीएम एवं महात्मा गांधी हॉस्पिटल के निरीक्षण के बाद मंत्री श्री खींवसर ने व्यवस्थाओं की सराहना की और आवश्यक सुधारों के लिए संबंधित वरिष्ठ डॉक्टर्स को निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त श्री इकबाल खान, निदेशक (जन स्वास्थ्य) डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, निदेशक (अराजपत्रित) श्री राकेश शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारीगण मौजूद रहे। recent visitors 85

मुख्यमंत्री योगी ने कहा- कल्याण मंडपम का उद्घाटन नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में एक नई शुरुआत

गोरखपुर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब गरीबों और आर्थिक दृष्टि से निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के कार्यक्रम भी फाइव स्टार सुविधाओं से युक्त होंगे और कल्याण मंडपम इसका माध्यम बनेगा। गोरखपुर के पहले कल्याण मंडपम का उद्घाटन हो रहा है और अगले कुछ महीनों में सात नए कल्याण मंडपम भी बनकर तैयार हो जाएंगे। इनमें से पांच कल्याण मंडपम के लिए धनराशि उन्होंने अपनी विधायक निधि से दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों के लिए कल्याण मंडपम की बुकिंग मात्र 11 हजार रुपये में करने के निर्देश नगर निगम को दिए गए हैं। सीएम योगी गुरुवार को करीब 103 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने के लिए खोराबार टाउनशिप में नगर निगम की तरफ से आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नगर के नवसृजित वार्ड खोराबार में 4.71 करोड़ रुपये की लागत से बने शहर के पहले कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने के साथ ही 4.55 करोड़ रुपये की लागत से बने गैस आधारित पशु शवदाह गृह, महादेवपुरम से रामगढ़ताल में फेज 2 (पम्पिंग स्टेशन) तक 2.46 करोड़ रुपये से नाला निर्माण कार्य, एकला बांध से पशु शवदाह गृह (कारकस प्लांट) तक 0.68 करोड़ रुपये से सड़क निर्माण, महेवा स्थित कान्हा गोशाला में 0.97 करोड़ रुपये से शेड निर्माण का लोकार्पण किया। कुल 26.31 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण करने के अलावा उन्होंने 76.40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण मंडपम का उद्घाटन नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में एक नई शुरुआत है। किसी भी मांगलिक या सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए यह बहुत अच्छा है। जिनके पास साधन हैं, वे होटलों या बड़े लॉन में कार्यक्रम कर सकते हैं, लेकिन जिनके पास पैसा नहीं है, जो गरीब हैं, वे कहां जाएंगे। इसे लेकर नगर निगम और विकास प्राधिकरण से कहा था कि कल्याण मंडपम के रूप में ऐसा स्थान हो, जहां गरीब, निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के वैवाहिक आयोजन, मांगलिक कार्यक्रम सुविधापूर्ण तरीके से हो सकें। इस कल्याण मंडपम में सभागार, डॉरमेट्री, 6 रूम, किचन और लॉन भी है। सीएम योगी ने कहा कि कल्याण मंडपम गरीबों, निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए स्थायी संपदा है, जहां फाइव स्टार सुविधाएं हैं। आज गोरखपुर नगर निगम और नगर निकायों को विकास की अन्य अनेक योजनाओं की सौगात मिल रही है। इसमें एक महत्वपूर्ण परियोजना पशु शवदाह गृह की है। इससे जानवरों के शव के अंतिम संस्कार की समस्या का समाधान होगा और लोगों को बदबू से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में गोरखपुर की पहचान को सुरक्षित रखते हुए घंटाघर का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। घंटाघर के बगल में स्थित शहीद बंधु सिंह पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण युद्धस्तर पर हो रहा है। पार्कों के विकास, सड़कों के चौड़ीकरण और जलनिकासी की परियोजनाओं पर कार्य हो रहे हैं। गोड़धोइया नाला परियोजना के पूर्ण होते ही शहर को जलभराव की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। देसी विधि से राप्ती नदी में गिरने वाले लिक्विड वेस्ट, दूषित जल का शोधन किया जा रहा है, जिसका इस्तेमाल खेती में होगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से विकास यात्रा में सहभागी बनने और स्वच्छता के प्रति आग्रही बनने की अपील की। इसके लिए 'स्वच्छता कॉमिक' का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 40 वर्ष में गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश ने गंदगी के कारण होने वाली मौतों को देखा है। गंदगी, कूड़ा, तालाबों को पाटने और नालियों के चोक होने के परिणामस्वरूप इंसेफेलाइटिस से बड़े पैमाने पर मौतें होती थीं। लोगों के स्वच्छता के प्रति आग्रही बनने, स्वच्छ भारत मिशन और डबल इंजन सरकार के प्रयासों के परिणाम से आज इंसेफेलाइटिस पूरी तरह समाप्त है। सभी लोगों को स्वच्छता को प्राथमिकता देनी होगी। सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि हम लोग आज जहां खड़े हैं, वहां खोराबार की मेडिसिटी/टाउनशिप परियोजना में हर आय वर्ग के लोगों के लिए आवास का सपना साकार हो रहा है। यहां ईडब्लूएस, एलआईजी, एमआईजी, एचआईजी के मकान बन रहे हैं, प्लॉट भी उपलब्ध करवाए गए हैं। एक आवास, जिसमें दो बेडरूम, एक डाइनिंग हाल, किचन, टॉयलेट-बाथरूम हैं, उसकी 28 लाख रुपये लागत आ रही है। ऐसे ही एलआईजी के मकान की लागत भी लगभग 16 लाख के आसपास पड़ रही है। ईडब्ल्यूएस के मकान की कीमत भी उसी प्रकार कम होती जाएगी। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने मंच से उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाईकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने एक दिवंगत सफाईकर्मी के पिता को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा। मंच पर आने से पूर्व मुख्यमंत्री ने कल्याण मंडपम का फीता काटकर लोकार्पण और निरीक्षण किया। उन्होंने कल्याण मंडपम की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम के बाद नगर निगम की दस गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। recent visitors 75

मोदी के अमेरिका दौरे से लौटने के बाद ही नए सीएम का नाम तय होगा, निर्वाचित विधायकों में से ही होगा नया सीएम

नई दिल्ली हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम के लिए अब भाजपा आलाकमान के फैसले का इंतजार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे से लौटने के बाद ही नए सीएम का नाम तय होगा। सूत्रों के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री निर्वाचित विधायकों में से होगा और इस बारे में निर्णय विधायक दल की बैठक में लिया जाएगा, जो पीएम मोदी के लौटने के बाद होगी। सूत्रों ने यह भी बताया कि नई भाजपा सरकार के प्रमुख एजेंडे में यमुना की सफाई भी शामिल है। पार्टी ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है और नदी को निर्मल करने का अपना वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अलावा, आयुष्मान भारत योजना दिल्ली में लागू की जाएगी, जिससे वंचित नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी। यह योजना आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में दिल्ली में लागू नहीं की गई थी। नड्डा ने यह भी संकेत दिया कि मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के बाद पहली कैबिनेट बैठक में कुछ महत्वपूर्ण नीतिगत फैसले लिए जाएंगे। एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा यह है कि दिल्ली में नई भाजपा सरकार में कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा। भाजपा ने 5 फरवरी को हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि आप को केवल 22 सीटें मिलीं। चुनाव परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए गए थे। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 26 फरवरी को समाप्त हो रहा है और नई सरकार को उससे पहले कार्यभार संभालना होगा। recent visitors 60

पहले चरण की कार्यवाही संपन्न, ओम बिरला ने सदन में कामकाज पर खुशी जताई, 10 मार्च को अगली बैठक

नई दिल्ली लोकसभा में बजट सत्र के पहले चरण की कार्यवाही गुरुवार को संपन्न हो गई और अब सदन की अगली बैठक 10 मार्च को होगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में कामकाज पर खुशी जताते हुए कहा कि कार्य उत्पादकता लगभग 112 प्रतिशत रही। अदाणी समूह से संबंधित एक खबर को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के शोर-शराबे के कारण बृहस्पतिवार को सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे शुरू हुई। कार्यवाही शुरू होने पर सदन में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच वक्फ संशोधन विधेयक संबंधी संसद की संयुक्त समिति की रिपोर्ट पेश की गई और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आयकर विधेयक, 2025 प्रस्तुत किया। बजट पर सामान्य चर्चा 16 घंटे 13 मिनट चली वक्फ विधेयक संबंधी समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने रिपोर्ट पेश की और इस पर विरोध दर्ज कराते हुए विपक्ष के सदस्यों ने सदन से वाकआउट किया। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बजट सत्र के पहले चरण की कार्यवाही संपन्न होने की घोषणा की। बिरला ने कहा, ‘‘बजट सत्र के प्रथम चरण का आखिरी दिन है। मुझे खुशी है कि अच्छे वातावरण में चर्चा हुई। सदस्यों का पूरा सहयोग मिला।'' उन्होंने बताया कि संसद की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर सदन में लगभग 17 घंटे 23 मिनट चर्चा हुई जिसमें 173 सदस्यों ने भाग लिया। बिरला ने बताया कि केंद्रीय बजट पर सामान्य चर्चा 16 घंटे 13 मिनट चली, जिसमें 170 सदस्यों ने सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा, ‘‘आशा है कि आगे भी इसी तरह से सदस्यों का सहयोग मिलता रहेगा।'' बिरला ने कार्यवाही आगामी 10 मार्च को प्रात: 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले आज सुबह सदन की बैठक शुरू हुई तो कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने अदाणी समूह से संबंधित एक खबर को लेकर हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही आरंभ होने के लगभग पांच मिनट बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। नारेबाजी के बीच ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया और जलशक्ति मंत्रालय से संबंधित कुछ पूरक प्रश्न पूछे गए। बिरला ने विपक्षी सदस्यों से नारेबाजी बंद करने और कार्यवाही चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘आप प्रश्नकाल के दौरान नियोजित तरीके से गतिरोध करते हैं, यह अच्छी परंपरा नहीं है। आप (कांग्रेस) ने इतने साल शासन किया है….आप सदन में व्यवधान पैदा करना करते हैं।'' बिरला का कहना था, ‘‘मैंने कहा है कि दोपहर 12 बजे विषय को रखने देंगे, लेकिन आप चर्चा नहीं चाहते। आप महत्वपूर्ण विषयों को सदन में नहीं लाना चाहते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘प्रश्नकाल में सरकार की जवाबदेही तय होती है। यह सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। आप सदस्यों का अधिकार छीनना चाहते हैं।'' सत्र का दूसरा चरण 10 मार्च को शुरू होगा हंगामा नहीं थमने पर बिरला ने सदन की कार्यवाही पूर्वाह्न करीब 11 बजकर पांच मिनट पर अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। विपक्षी सदस्यों ने जिस खबर को लेकर हंगामा किया, उसमें दावा किया गया है कि सरकार ने गुजरात में अदाणी समूह के नवीकरणीय ऊर्जा पार्क के लिए मार्ग प्रशस्त करने के मकसद से पाकिस्तान सीमा पर राष्ट्रीय सुरक्षा प्रोटोकॉल में ढील दी है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने इस कारोबारी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला है। अदाणी समूह की ओर से इस आरोप पर फिलहाल प्रतिक्रिया नहीं आई है। बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी को संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से हुई और अगले दिन एक फरवरी को आम बजट पेश किया गया। सीतारमण ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट और बतौर वित्त मंत्री लगातार अपना आठवां बजट पेश किया। सत्र का दूसरा चरण 10 मार्च को शुरू होगा और इसके 4 अप्रैल तक जारी रहने की संभावना है। बजट सत्र में कुल 27 बैठकें प्रस्तावित हैं।   recent visitors 72

महामंडलेश्वर के पद से इस्तीफा नहीं दे रहीं ममता कुलकर्णी, ‘वो महामंडलेश्वर थीं, हैं और रहेंगी’: डॉ. लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी

मुंबई बॉलीवुड एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी जब से इंडिया आई हैं, तब से लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। एक्ट्रेस ने हाल ही में ऐलान किया था कि वो किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर के पद से इस्तीफा दे रही हैं, लेकिन अब महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने उनके इस फैसले को लेकर कुछ और ही बताया है। त्रिपाठी ने खुलासा किया है कि वो किसी पद से इस्तीफा नहीं दे रही हैं। मीडिया से बात करते हुए महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने ममता कुलकर्णी के इस्तीफे वाली बात को पूरी तरह से नकार दिया और कहा कि वो महामंडलेश्वर थीं, हैं और रहेंगी। उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर यमाई ममतानंद गिरि के नाम से ही ममता जी को जाना जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि गुरु पर बात आई तो ममता ने आहत होकर इस्तीफा दिया था लेकिन उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ममता जी को सजाकर, संवारकर रखना मेरा दायित्व है। पद की गरिमा रखने वालों को ही महामंडलेश्वर बनाया जाएगा।   ममता ने किया था ऐलान आपको बता दें ममता कुलकर्णी ने हाल ही में महाकुंभ में अपना पिंड दान किया था और इसके बाद उन्हें किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनाया गया था। लेकिन इस पर खूब विवाद हुआ। इसके कुछ दिनों बाद ममता ने ऐलान किया है कि वो इस पद से इस्तीफा दे रही हैं। अपने इस्तीफे का ऐलान करते हुए ममता ने कहा था कि ‘मैं किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे रही हूं। मैं बचपन से ही साध्वी रही हूं और आगे भी रहूंगी…।     recent visitors 70

अमानतुल्लाह खान को कोर्ट से डबल राहत, गिरफ्तारी पर फिलहाल लगी रोक, पुलिस के सामने पेशी का आदेश

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी (आप) नेता अमानतुल्लाह खान को अदालत से फौरी राहत मिल गई है। अदालत ने तीसरी बार ओखोला से निर्वाचित हुए विधायक को पुलिस के सामने पेश होने को कहा है। लेकिन उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। अदालत ने यह भी कहा है कि अमानतुल्लाह खान से पूछताछ सीसीटीवी कैमरे के सामने होगी। एक अपराधी को भगाने के आरोप के बाद ओखला विधायक पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई थी, अग्रिम जमानत के लिए उन्होंने राउज एवेन्यू कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तीन दिन से लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आए। स्पेशल जज जितेंद्र सिंह की अदालत ने 24 फरवरी तक किसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने अमानतुल्लाह खान से कहा कि वे पुलिस की जांच में शामिल हों। अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता से पूछताछ सीसीटीवी सर्विलांस में हो। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जामिया नगर में पुलिस की एक टीम पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने कहा कि विधायक की अगुवाई में आई भीड़ ने हत्या के प्रयास के एक मामले के आरोपी को हिरासत से भागने में मदद की। पुलिस ने कहा कि घटना उस समय घटी जब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रान्च ने शाबाज खान नामक आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की। आरोप है कि अमानतुल्लाह कान ने पुलिसकर्मियों को धमकाया और कुछ लोगों ने उनके साथ धक्कामुक्की भी की। अमानतुल्लाह खान ने अदालत में याचिका दायर कर जांच में शामिल होने से पहले गिरफ्तारी से संरक्षण की मांग की थी। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं। इससे पहले 'आप' की ओर से बताया गया कि अमानतुल्लाह खान ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को लेटर लिखकर बताया है कि वह कहीं भागे नहीं हैं और अपने विधानसभा क्षेत्र में ही मौजूद हैं। दिल्ली पुलिस बुधवार को उनके घर पर नोटिस भी चस्पा किया था। recent visitors 76