जबलपुर रेलवे स्टेशन में गुरुवार तड़के युवक ने की तोड़फोड़, RPF ने हिरासत में लिया

जबलपुर मध्य प्रदेश के जबलपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। जब रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर आज रात करीब ढाई बजे विक्षिप्त युवक ने जमकर हंगामा किया। बता दें कि युवक ने हाथों में लोहे की रॉड लेकर रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर हमला कर दिया और उसे तोड़ने लगा। जिससे मौके पर मौजूद यात्री भयभीत होकर वहां से भाग गए। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे युवक को हिरासत में लिया। युवक भी हुआ घायल रेलवे कर्मचारियों ने जब युवक को रोकने की कोशिश की, तो उसने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक युवक ने पूरे टिकट काउंटर को नुकसान पहुंचा चुका था। इस घटना में कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य सामग्री नष्ट हो गई, जिससे रेलवे को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं, युवक में इस दौरान घायल हुआ है। RPF ने दी जानकारी आरपीएफ थाना प्रभारी आरके मंसूरी ने बताया कि वायरलेस पर सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर 1 पर एक युवक हंगामा कर रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास कई अवैध रास्ते बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से लोग स्टेशन परिसर में घुस आते हैं। रेलवे प्रशासन कई बार इन रास्तों को बंद करने और ऐसे लोगों को स्टेशन से बाहर निकालने की कार्रवाई कर चुका है, लेकिन वे बार-बार स्टेशन में प्रवेश कर जाते हैं। फिलहाल, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, प्लेटफार्म नंबर एक के टिकट काउंटर पर रात करीब ढ़ाई बजे एक 25 वर्षीय युवक ने तोड़फोड़ की है। युवक अपने हाथों मे लोहे की रॉड लेकर पहुंचा और अचानक काउंटर में तोड़फोड़ करने लगा। मौके पर मौजूद कर्मचारी जब उसे पकड़ने पहुंचे तो वह लोहे की रॉड लेकर उनके पीछे दौड़ा और अंदर घुस गया। इस दौरान युवक ने काउंटर में रखी मशीन, कम्प्यूटर भी तोड़ दिए। रेलवे कर्मचारियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो युवक ने उन पर भी हमला कर दिया, हालांकि रेलवे कर्मचारियों को ज्यादा चोटें नहीं आई। युवक करीब 10 मिनट तक हंगामा करता रहा। मौके पर मौजूद यात्री हंगामा देख वहां से भाग खड़े हुए। हंगामे की जानकारी लगते ही आरपीएफ थाना प्रभारी आरके मंसूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लिया। हंगामा कर रहे युवक को भी चोटें आई है। आरपीएफ थाना प्रभारी ने बताया कि रात करीब ढ़ाई से पौने तीन के बीच वायरलेस पर सूचना मिली थी कि कोई व्यक्ति प्लेटफार्म-1 पर तोड़फोड़ कर रहा है। जिसके बाद युवक को हिरासत में लिया गया है। तोड़फोड़ में रेलवे को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि टिकट मशीन सुरक्षित है। जिसके चलते टिकट वितरण का काम प्रभावित नहीं हुआ है। युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त। रेलवे स्टेशन के अंदर और बाहर कई विक्षिप्त घूमते रहते है, जिन्हें समय-समय पर वहां से हटाया जाता है। पर वह फिर अंदर घुस आते है। recent visitors 42

फिलीपींस के बाद अब चार और देशों ने ब्रह्मोस मिसाइल को हासिल करने में रुचि दिखाई

नई दिल्ली भारत की बनाई ब्रह्मोस मिसाइल के फैन दुनिया के कई देश हो गए हैं। फिलीपींस के बाद अब खबरें हैं कि चार और देशों ने इस सुपरसॉनिक क्रूज मिसाइल को हासिल करने में रुचि दिखाई है। हालांकि, इस लेकर सेना या सरकार की तरफ से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। भारत ने बीते साल ही में फिलीपींस को ब्रह्मोस की डिलीवरी करना शुरू किया है। ट्रिब्यून इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भारत 4 और देशों को ब्रह्मोस बेचने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इनमें संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, मिस्र और वियतनाम शामिल है। इससे पहले भारत पहले ही यह मिसाइल फिलीपींस को बेच चुका है। वहीं, इंडोनेशिया से डील पर चर्चाओं का दौर जारी है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि कुछ समय में इंडोनेशिया से एक प्रतिनिधिमंडल भारत आ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, देश मुख्य रूप से ब्रह्मोस का लैंड वर्जन खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। जबकि, फिलीपींस ने तट पर इस्तेमाल किए जाने वाले वेरिएंट की मांग की थी, जो एंटी शिप क्रूज मिसाइल बन सकता हो। इसकी रेंज 290 किमी होगी। भारत के पास जमीन, समुद्र और हवाई वर्जन मौजूद हैं। खास बात है कि फिलीपींस उन 6 देशों में से एक है, जिनका समुद्री क्षेत्र को लेकर चीन के साथ साउथ चाइना सी में विवाद चल रहा है। अखबार से बातचीत में ब्रह्मोस के महानिदेशक जेआर जोसी ने जानकारी दी है कि ब्रह्मोस एनजी के ट्रायल शुरू हो गए हैं। ये ट्रायल 2026 तक पूरे हो जाएंगे। एनजी वर्जन को सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान के साथ जोड़ा जाना है। इन्हें सुखोई के पंख पर लगाया जाएगा। एयरो इंडिया 2025 के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश बदलाव के क्रांतिकारी दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा, 'हम सभी जानते हैं कि भारत ऐतिहासिक रूप से अपनी रक्षा जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर रहा है। अगर मैं एक दशक पहले की बात करूं तो हमारे देश में 65 से 70 प्रतिशत रक्षा उपकरण आयात किए जाते थे।' उन्होंने कहा, 'यदि हम आज की स्थिति को देखें तो आप इसे समाधान या चमत्कार कह सकते हैं, लेकिन आज देश में लगभग उतने ही प्रतिशत रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है।' सिंह ने कहा, 'आज हम ऐसे मोड़ पर खड़े हैं जहां लड़ाकू विमान, मिसाइल प्रणाली, नौसैन्य पोत या ऐसे अनेक उपकरण और प्लेटफॉर्म न सिर्फ हमारी सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं बल्कि पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र भी बन रहे हैं।' उन्होंने कहा, 'आज हम छोटे तोपखानों से लेकर ब्रह्मोस और आकाश मिसाइल प्रणाली जैसे बड़े प्लेटफॉर्म तक, सब कुछ कई देशों को निर्यात कर रहे हैं। इससे न केवल हमारा रक्षा निर्यात बढ़ रहा है बल्कि वैश्विक स्तर पर विभिन्न देशों के साथ हमारी नई साझेदारियां भी विकसित और मजबूत हो रही हैं।' recent visitors 90

सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की गई

रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद से पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा हुआ था। 0 से 1 KM तक इंफेक्टेड और 1 से 10 KM तक सर्विलांस जोन घोषित किया गया था. चक्रधर नगर शासकीय पोल्ट्री फार्म की साफ सफाई और डिजइनफेक्शन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पशु पालन विभाग द्वारा सैनिटाइजेशन सर्टिफिकेट जारी किया गया है। सैनिटाइजेशन प्रमाण पत्र जारी होने के बाद सर्विलांस जोन 1 से 10 KM में पहले से उपलब्ध मुर्गी और अंडों की बिक्री हो सकेगी, लेकिन सर्विलांस जोन की सीमा के अंदर और बाहर किसी प्रकार के पक्षियों और पक्षी उत्पाद अंडों आदि के परिवहन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, एवियन इन्फ्लूएंजा की रोकथाम और नियंत्रण के लिए कार्य योजना के अनुसार संक्रमित क्षेत्र 0-1 KM में कम से कम 3 महीने तक निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण कर डिजीज मुक्त घोषित होने तक पक्षियों के पालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। 15 दिनों में लिया जाएगा सैंपल बताया जा रहा है कि सर्विलांस जोन में हर 15 दिन के अंतराल पर बर्ड फ्लू जांच के लिए सैंपल लिया जाएगा। प्रत्येक 15 दिन में सर्विलांस जोन के 25 प्रतिशत गांवों से नमूने एकत्रित किया जाएंगे। 4 पक्षियों के सैंपल नेगेटिव आने के बाद सर्विलांस जोन को डिसीज मुक्त घोषित किया जा सकेगा। इस प्रक्रिया में कम से कम 3 माह का समय लगेगा। पूरी प्रक्रिया नियमानुसार की गई इस संबंध में जानकारी देते हुए उप संचालक पशुपालन डीडी झरिया ने बताया कि शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में कलिंग की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पूर्ण करके संक्रमित क्षेत्र के डिसइंफेक्शन और सैनिटाइजेशन प्रक्रिया पूर्ण किया गया है। सर्विलांस जोन में पहले से उपलब्ध पोल्ट्री उत्पाद की बिक्री की जा सकेगी, पर 1 से 10 किमी क्षेत्र सीमा के अंदर और बाहर से पोल्ट्री उत्पाद की आवाजाही और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।   recent visitors 80

मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में 17 से 26 फरवरी तक महादेव मेला आयोजित किया जाएगा

पचमढ़ी मध्य प्रदेश के हिल स्टेशन व लोकप्रिय पर्यटन स्थल पचमढ़ी में 17 से 26 फरवरी तक महादेव मेला आयोजित किया जाएगा. मेले में लाखों श्रद्धालु व पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते बुधवार को पचमढ़ी में तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई. बैठक में नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीणा और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने अधिकारियों, मेला समिति के सदस्यों और मंडलों को दिशा-निर्देश भी दिए. गौरतलब है कि महाशिवरात्रि पर हर साल यहां इस मेले का आयोजन होता है. चौरागढ़ महादेव के दर्शन करने आते हैं लाखों भक्त हर साल महाशिवरात्रि पर दूर-दूर से लोग यहां चौरागढ़ में महादेव की पूजा करने आते हैं. यहां मध्य प्रदेश के साथ महाराष्ट्र से भी भारी संख्या में लोग छिंदवाड़ा के रास्ते पहुंचे हैं. पचमढ़ी की खूबसूरत वादियों के बीच स्थित चौरागढ़, बड़ा महादेव और जटा शंकर मंदिर में भी भारी संख्या में भक्त व पर्यटक पहुंचते हैं. यही वजह है कि पचमढ़ी महादेव मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने बुधवार को समीक्षा बैठक ली. महादेव मेले में पहुंचेंगे 5-6 लाख लोग पचमढ़ी के चंपक बंगलो में प्रशासनिक अधिकारियों सहित मेला समिति सदस्य और मंडलों की उपस्थिति में महादेव मेला की तैयारी की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एसएस रावत द्वारा मेले की रूपरेखा के संबंध में जानकारी दी गईं. उन्होंने बताया कि मेले में मध्य प्रदेश और विशेषकर महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं. इस बार 5 से 6 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है. बसों की पचमढ़ी में एंट्री बंद, ऐसी रहेगी व्यवस्था बैठक में बताया गया कि गत वर्ष की तरह इस बार भी पचमढ़ी में बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इसके लिए मटकुली पर एक चेक पॉइंट बनाया जाएगा. साथ ही पगारा के पास भी एक चेक पॉइंट रहेगा. दोनों चेक पॉइंट के माध्यम से वाहनों का प्रबंधन किया जाएगा. कलेक्टर ने ट्रैफिक पुलिस सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान ट्रैफिक का बेहतर प्रबंधन किया जाए. चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त रोशनी सहित अन्य व्यवस्थाएं रहें। पार्किंग स्थल पर एंट्री और एग्जिट प्वाइंट अलग-अलग होंगे. महादेव मेले के लिए संचालित वाहनों को विशेष पास दिए जाएंगे. PWD समय पर पूरा करे सभी आवश्यक कार्य महादेव मेला 2025 को लेकर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को भी दिशा-निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा, '' मेला स्थल तक आने जाने वाले मार्गों की मरम्मत की जाए. मेला स्थल पहुंच मार्ग और चौरागढ़ मंदिर की क्षतिग्रस्त सीढ़ियां और चबूतरों की मरम्मत व नांदिया जंक्शन की ओर से प्रवेश मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं करें.'' इसके अलावा मेला क्षेत्र में पेयजल, बिजली व रोशनी समेत सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए.'' डिजास्टर मैनेजमेंट टीमें भी रहें अलर्ट मेले में होने वाली भारी भीड़ की सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर ने होमगार्ड, पुलिस, आपदा मित्र व स्वास्थ्य विभाग मुस्तैदी से तैनात रहने के लिए कहा है. उन्होंने साडा सीईओ को निर्देश दिए कि सभी सेक्टर पर फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध रहे. सूचनाओं के आदान-प्रदान करने के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी स्थापित किया जाएं. इसके अलावा ड्यूटी में तैनात कर्मचारी को आईडी कार्ड भी जारी किए जाएं.   recent visitors 44

बॉम्बे हाईकोर्ट ने महिला को कहा रखैल तो भड़का सुप्रीम कोर्ट, फैसले में लिखे थे कई आपत्तिजनक शब्द

नई दिल्ली सुप्रीम कोर्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उस आदेश पर आपत्ति जताई, जिसमें एक महिला के लिए 'अवैध पत्नी' और 'वफादार रखैल' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। अदालत ने कहा कि यह उसके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है और 'महिला विरोधी' टिप्पणी है। जस्टिस एएस ओक, जस्टिस एहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह बॉम्बे हाईकोर्ट का साल 2003 में दिया गया एक फैसला पढ़ रहे थे। उस दौरान उन्हें ये शब्द मिले और न्यायाधीशों ने आपत्ति दर्ज कराई। बेंच ने कहा, 'दुर्भाग्यवश, बंबई उच्च न्यायालय ने 'अवैध पत्नी' जैसे शब्द का इस्तेमाल करने की कोशिश की। हैरानी की बात यह है कि उच्च न्यायालय ने 24वें पैराग्राफ में ऐसी पत्नी को 'वफादार रखैल' बताया है।' सुप्रीम कोर्ट ने यह भी पाया कि उच्च न्यायालय ने अमान्य विवाह के पतियों के मामले में ऐसे किसी शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। कोर्ट ने कहा, 'एक महिला के बारे में इन शब्दों के जरिए बताना हमारे संविधान के आदर्शों और भावना के खिलाफ है। अमान्य शादी में पार्टी एक महिला के बारे में कोई भी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं कर सकता। दुर्भाग्य से हमें ऐसी आपत्तिजनक भाषा हाईकोर्ट के फुल बेंच के फैसले में मिली है।' उच्चतम न्यायालय ने कहा कि जिस महिला का विवाह अमान्य घोषित कर दिया गया था, उसे 'अवैध पत्नी' कहना 'बहुत अनुचित' था और इससे उसकी गरिमा को ठेस पहुंची। शीर्ष अदालत हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 24 और 25 के उपयोग पर परस्पर विरोधी विचारों से संबंधित मामले की सुनवाई कर रही थी। अधिनियम की धारा 24 मुकदमे के लंबित रहने तक भरण-पोषण और कार्यवाही के खर्च से संबंधित है, जबकि धारा 25 में स्थायी गुजारा भत्ता और भरण-पोषण का प्रावधान है। recent visitors 58

आतिशी ने कहा- तीन दिन में ही लोगों को अपनी ‘गलती’ का अहसास हो गया, बिजली पर बड़ा दावा

नई दिल्ली दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के साथ ही राजधानी में पावर कट लगने शुरू हो गए हैं। आतिशी ने दावा किया कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से सैकड़ों लोगों ने पावर कट की शिकायत की है और उन्हें इनवर्टर खरीदकर लाना पड़ रहा है। आतिशी ने कहा कि तीन दिन में ही लोगों को अपनी 'गलती' का अहसास हो गया है। आतिशी ने कुछ कागज दिखाते हुए दावा किया लोग सोशल मीडिया पर अपने इलाकों में बिजली कटने की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कहा कि तीन दिन में पावर सेक्टर का 24 घंटे बिजली का ध्वस्त होना दिखाता है कि आम आदमी पार्टी की सरकार हर दिन, एक एक घंटे पर पूरे बिजली सेक्टर को मॉनिटर कर रही थी। यह दिखाता है कि जैसे ही आम आदमी पार्टी की सरकार हटी है, पूरा पावर सेक्टर ध्वस्त हो गया है। मुझे अलग अलग हिस्सों से कॉल आ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'कल रात मयूर विहार में लाइट कटी, मुझे सुबह कई लोगों के फोन आए। उन्होंने बताया कि वे इनवर्टर खरीदकर लाए हैं।' आतिशी ने कहा, 'कई लोगों ने मुझे कॉल करके कहा कि तीन दिन में ही हमें अहसास हो गया कि शायद चुनाव में हमसे गलती हुई। आम आदमी पार्टी के जाते ही पता चल गया है कि भाजपा से सरकार नहीं चलती है। आज सुबह किसी ने मुझसे कहा कि आज तो हम इनवर्टर ले आए, लेकिन यदि फरवरी में इतने लंबे कट लग रहे हैं तो मई, जून, जुलाई में क्या होगा, जब साढ़े 8 हजार मेगावट से आगे पीक डिमांड जाएगी। भाजपा को सरकार चलानी नहीं आती। 1993 से 98 में पावर में थे, तब भी पावर सेक्टर का बुरा हाल था। आज 20 राज्यों में भाजपा की सरकार है और उन सब राज्यों में बिजली का यही हाल है।' आतिशी ने कहा कि बहुत दुख की बात है कि भाजपा चुनाव जीतने के बाद दिल्ली को यूपी बना रही है। जिस तरह यूपी में बिजली जाती थी दिल्ली का भी तीन दिन में वही हाल हो गया। शायद यही दिखाता है कि पढ़े लिखे लोगों की सरकार, जहां अरविंद केजरीवाल इंजीनियर हैं, उन्हें पावर सेक्टर चालाना आता है और दूसरी तरफ बिना-पढ़े लिखे, फर्जी डिग्रीवालों की सरकार। कार्यवाहक सीएम ने कहा- 8 तारीख से ही भाजपा चला रही सरकार यह पूछे जाने पर कि वह अभी भी कार्यकारी मुख्यमंत्री हैं और भाजपा की सरकार बनी नहीं है, आतिशी ने कहा, ‘8 तारीख को ही काउंटिंग के समय इन लोगों ने आदेश जारी कर दिया था कि मंत्रियों के दफ्तरों पर ताला लगा दो, सचिवालय में ना घुसने दिया जाए, उनको कोई कागज-फाइल ना देखने दी जाए। अब साफ है कि भाजपा 8 तारीख से ही खुद सरकार चला रही है। इसका नतीजा दिल्ली वाले दिन में ही… दिल्लीवालों को अब साफ हो रहा है कि भाजपा को लाने का क्या नतीजा है।’ recent visitors 67

AIIMS Bhopal को ISN ने 2025 का प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय श्रियर पुरस्कार दिया

भोपाल किडनी रोग से पीड़ित बच्चों के इलाज करने में एम्स भोपाल ने कीर्तीमान रचा है। दरअल एम्स लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना स्थान बना रहा है। अब एम्स को इंटरनेशनल सोसायटी ऑफ नेफ्रोलॉजी (ISN) द्वारा 2025 का प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय श्रियर पुरस्कार दिया गया है। यह सम्मान बाल किडनी रोग के इलाज में उत्कृष्ट योगदान और 2018 से 2024 तक मैकगिल यूनिवर्सिटी, कनाडा के साथ सफल साझेदारी के लिए दिया गया है। साथ ही, एम्स भोपाल को पीडियाट्रिक नेफ्रोलॉजी में आईएसएन क्षेत्रीय उत्कृष्टता केंद्र के रूप में नामित किया गया। विश्व के 57 आईएसएन सिस्टर रीनल सेंटर जोड़ों शामिल   यह पुरस्कार डॉ. रॉबर्ट डब्ल्यू, श्रियर के नाम पर दिया जाता है, जो गुर्दा शोध और वैश्विक नेफ्रोलॉजी शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए जाने जाते है। यह सम्मान उन संस्थानों को दिया जाता है जो अंतर्राष्ट्रीय सहयोगों के माध्यम से नेफ्रोलॉजी इलाज, शिक्षा और शोध में अद्वितीय प्रगति दिखाते हैं। एम्स भोपाल अब विश्व के उन 57 आईएसएन सिस्टर रीनल सेंटर जोड़ों में से एक है, जिसने यह मान्यता प्राप्त की है। एक हजार से ज्यादा बच्चों का किया डायलिसिस एम्स बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा मलिक ने बताया कि बाल रोग डायलिसिस यूनिट ने पिछले वर्ष में 1000 से अधिक डायलिसिस सत्र और 150 प्लाज्मा एक्सचेंज सफलतापूर्वक पूरे किए हैं, जिससे अनेक बच्चों की जान बचाई गई है। यह पुरस्कार एम्स भोपाल की ओर से डॉ. गिरीश भट्ट ने विश्व नेफ्रोलॉजी कांग्रेस 2025 में प्राप्त किया। एम्स भोपाल ने बाल किडनी रोग देखभाल को और बेहतर बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय बाल नेफ्रोलॉजी संघ (IPNA) फैलोशिप और बाल रोग नेफ्रोलॉजी में डीएम कार्यक्रम शुरू किया है, जिसमें दो डीएम फेलो पहले ही नामांकित हो चुके हैं। इन पहलों का उद्देश्य अधिक विशेषज्ञों को प्रशिक्षित करना और पूरे भारत में बाल रोग नेफ्रोलॉजी सेवाओं का विस्तार करना है। इस सम्मान से बढ़ी एम्स की प्रतिष्ठा एम्स के डायरेक्टर डॉ. अजय सिंह ने बाल रोग नेफ्रोलॉजी इकाई की समर्पित सेवाओं और अग्रणी कार्यों पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने डॉ. शिखा मलिक (बाल रोग विभागाध्यक्ष), डॉ. अंबर कुमार और डॉ. गिरीश भट्ट को बधाई देते हुए कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारी टीम के बाल किडनी रोग देखभाल को उन्नत बनाने के सतत प्रयासों का प्रमाण है। एम्स भोपाल को आईएसएन क्षेत्रीय उत्कृष्टता केंद्र के रूप में मिली यह मान्यता न केवल हमारी प्रतिष्ठा को बढ़ाएगी, बल्कि भारत और अन्य देशों में विभिन्न चिकित्सा केंद्रों को सहयोग प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।   recent visitors 64