बसंत पंचमी: संगम क्षेत्र में पांच अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाई गई, मेला क्षेत्र के मार्ग एकल, प्रवेश मार्ग पर पैरामिलिट्री

महाकुंभ नगर मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान से पहले हुई भगदड़ से सबक लेते हुए महाकुंभ की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने श्रद्धालुओं, स्नानार्थियों की सुरक्षा व सुगम यातायात के दृष्टिगत नई योजना बनाते हुए लागू किया है। इसके तहत संगम क्षेत्र में पांच स्थानों पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाई गई है। यह बैरिकेडिंग उन स्थानों पर लगाई गई, जहां से श्रद्धालुओं की भीड़ जाती-जाती है। वसंत पंचमी पर स्नानार्थियों की भीड़ सामने-सामने से न टकराए और अखाड़ों की तरफ न पहुंचे, इसके प्रबंध किए गए हैं। बैरिकेडिंग को रस्सी से बांधकर मजबूत भी बनाया गया है, ताकि भीड़ के दबाव में टूटने न पाए। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में एकल मार्ग से आवागमन होगा। शहर के बांगड़ धर्मशाला, जीटी जवाहर और अलोपीबाग की तरफ से श्रद्धालुओं को काली मार्ग पर भेजा जाएगा। इसके बाद संगम लोअर मार्ग के जरिए संगम तट की ओर जाएंगे। वहीं, वापसी के लिए संगम तट से अक्षयवट होते हुए त्रिवेणी मार्ग को निर्धारित किया गया है। इसी रास्ते से श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्य तक जाएंगे। मेला क्षेत्र के सभी प्रवेश मार्ग पर पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को तैनात कर दिया गया है। काली और त्रिवेणी मार्ग के अलावा संगम क्षेत्र में भी बैरिकेडिंग लगाकर कुछ मार्गों को एकल किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु आसानी से संगम तट पर स्नान कर सकें। ट्रैफिक व्यवस्था को अतिरिक्त जवानों की तैनाती मेला क्षेत्र में सुगम और सुरक्षित यातायात के लिए सिविल व ट्रैफिक के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। विशेषकर ऐसे मार्ग जहां पर श्रद्धालुओं को अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई हो सकती है। संगम तट, स्नान घाट, शिविर जाने वाले रास्ते के सभी चौराहों पर भी पुलिस मौजूद रहेगी। श्रद्धालुओं के वापसी मार्ग पर जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, जो ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य स्थान के बारे में जानकारी देंगे। यहां बनाई गई है पार्किंग जौनपुर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए  चीनी मिल पार्किंग, पूरे सूरदास पार्किंग गारापुर रोड, समयामाई मंदिर कछार पार्किंग, बदरा सौनौटी रहीमापुर मार्ग उत्तरी/दक्षिणी पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां वाहनों को खड़ा करके पैदल ओल्ड जीटी मार्ग से मेला क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। वाराणसी की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए महुआ बाग थाना झूसी पार्किंग (अखाड़ा पार्किंग), सरस्वती पार्किंग झूंसी रेलवे स्टेशन, नागेश्वर मंदिर पार्किंग, ज्ञान गंगा घाट छतनाग पार्किंग, शिव मंदिर उस्तापुर महमूदाबाद पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से पैदल छतनाग मार्ग से मेला क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। recent visitors 60

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रधानमंत्री श्री मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण का किया आभार

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को समावेशी और प्रगतिशील केंद्रीय बजट (वर्ष 2025-26) प्रस्तुत करने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में यह बजट भारत को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना और कर सुधारों में व्यापक कदम उठाए गए हैं, जो सभी वर्गों को लाभान्वित करेंगे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बजट प्रावधानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उन्नत चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के बजट में वृद्धि से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। मेडिकल डिवाइस पार्क और सार्वजनिक-निजी भागीदारी के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन से राज्य के अस्पतालों में अत्याधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए विशेष केंद्रों की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई प्राप्त होगी। स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में कई प्रावधान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि जीवन रक्षक दवाओं को टैक्स फ्री करना एक दूरदर्शी कदम है, जो आम लोगों के चिकित्सा व्यय को कम करेगा। हर ज़िले में डे-केयर कैंसर सेंटर्स की स्थापना से गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचेगी। मेडिकल उपकरण और कैंसर की दवाओं को सस्ता करने का निर्णय स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। छह जीवन रक्षक दवाओं पर कस्टम ड्यूटी में 5% की कटौती और 13 मरीज सहायता कार्यक्रमों को बेसिक कस्टम ड्यूटी से बाहर करना आम जनता के लिए राहत लेकर आएगा। यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है, जो प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प को साकार करेगा। मेडिकल सीटों में उल्लेखनीय वृद्धि का प्रावधान किया गया है। यह कदम चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं में कुशल डॉक्टर्स की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार इस बजट का भरपूर लाभ उठाकर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल विकास का रोडमैप है बल्कि समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने वाला दस्तावेज है।   recent visitors 52

रेल मंत्रालय ने जारी किया परीक्षण के लिए ‘स्वरेल ऐप’, अब एक मंच पर मिलेंगी कई सेवाएं

नई दिल्ली रेल मंत्रालय ने शुक्रवार को परीक्षण के लिए गूगल प्ले स्टोर पर स्वरेल नामक एक एप्लीकेशन जारी किया है, जिसमें एक साथ कई सेवाओं की पेशकश की गई है। बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा, “केवल 1,000 उपयोगकर्ता इसे डाउनलोड कर सकते हैं। हम प्रतिक्रिया और फीडबैक का आकलन करेंगे। इसके बाद, इसे 10,000 लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।” उन्होंने कहा कि यह ऐप आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म और पार्सल बुकिंग, ट्रेन पूछताछ, पीएनआर पूछताछ आदि सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करता है। रेलवे बोर्ड में सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा, ‘ऐप में मुख्य जोर एक सहज और स्पष्ट यूजर इंटरफेस के माध्यम से उपयोगकर्ताओं के अनुभवों को बेहतर बनाने पर है।” उन्होंने कहा, “रेल मंत्रालय की ओर से रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (सीआरआईएस) ने 31-01-2025 को बीटा परीक्षण के लिए सुपरऐप (स्वरेल) जारी कर दिया है। उपयोगकर्ता ऐप को प्ले स्टोर/ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।’   recent visitors 54

सिलेंडर से भरे ट्रक में अचानक लगी आग, दूर तक सुनाई दी धमाकों की आवाज, धमाकों की आवाज से सहमे लोग

गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आज एलपीजी गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। इससे धमाका होने लगा। ब्लास्ट की आवाज दूर तक सुनी जा रही है। आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। धमाका थाना टीला मोड़ क्षेत्र में दिल्ली-वजीराबाद रोड पर भोपुरा चौक के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिलेंडर से भरे ट्रक में अचानक ही आग लग गई। इसके बाद विस्फोट होने लगा। आवाज दो-तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके की आवाज सुन इलाके के लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए। इस घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई और आग को बुझाने का काम शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार ट्रक में 150 से 200 तक सिलेंडर हो सकते हैं। मौके पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारी सीएफओ राहुल पाल सिंह ने बताया, "आज सुबह करीब 4:35 बजे साहिबाबाद स्टेशन के पास भोपुरा में एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक में आग लग गई। दमकल विभाग द्वारा आग पर काबू पाया जा रहा है। आग सुबह करीब 4:35 बजे लगी थी और एलपीजी सिलेंडर भरा ट्रक जल रहा है।"   recent visitors 48

केजरीवाल ने अब भाजपा समर्थकों से वोट देने की अपील की, कहा- आप बेशक मत छोड़ो लेकिन वोट झाड़ू पर ही दो

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के बाद अब भाजपा समर्थकों से वोट देने की अपील की और कहा है कि आप बेशक अपनी पार्टी मत छोड़ो लेकिन वोट झाड़ू पर ही दो, नहीं तो आपकी जेब पर 25,000 अतिरिक्त खर्चों का भार पड़ेगा और अगर भाजपा आ गई तो सारी योजनाएं बंद कर दी जाएंगी। अरविंद केजरीवाल ने अपना वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि आज मैं भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों से एक बेहद जरूरी बात करना चाहता हूं। कुछ दिन पहले एक भाजपा का कट्टर समर्थक मिला था। बड़ी हल्की सी गंदी सी स्माइल लेकर बोला, "अरविंद जी, अगर आप हार गए तो क्या होगा?" उस पर मैंने कहा था कि यह बताओ कि अगर मैं हार गया तो तुम्हारा क्या होगा। इस पर वो सकपका गया था। मैंने पूछा कि तुम्हारे बच्चे कहां पढ़ते हैं, बोला सरकारी स्कूल में, अच्छी पढ़ाई होती है।" अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के जितने भी राज्यों में सरकार है, वहां के सरकारी स्कूलों का हाल बेहाल है। इसलिए अगर मैं हार गया तो दिल्ली के बच्चों का क्या होगा। दिल्ली के सरकारी स्कूल फिर से कबाड़ा हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि किस राज्य में 24 घंटे बिजली आती है। दिल्ली में फ्री बिजली, फ्री पानी, फ्री इलाज, अच्छे स्कूल, 24 घंटे बिजली, महिलाओं की फ्री बस यात्रा, कम से कम हर महीने 25,000 की चपत लगेगी। केजरीवाल ने कहा कि जब एक मिडिल क्लास का 1 लाख रुपये महीने में गुजारा नहीं होता है, तो 25,000 महीना कहां से लाएगा। इसलिए मैं भाजपा के समर्थकों से कहना चाहता हूं कि भूल जाओ राजनीति, अपने और अपने परिवार की सोचो। यह सोचो कि अगर केजरीवाल हार गया तो तुम्हारा क्या होगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरी सभी भाजपा समर्थकों से अपील है, भाजपा आ गई तो सारी सुविधाएं बंद हो जाएंगी। आपको सलाह दे रहा हूं, झाड़ू पर वोट दो, आप चाहे अपनी पार्टी मत छोड़ो लेकिन इस चुनाव में झाड़ू पर वोट दे दो। इसी में आपका और आपके परिवार का फायदा है।   recent visitors 74

मध्यप्रदेश हाइकोर्ट ने सिंगरौली जिले के 4 अधिकारियों को अवमानना का नोटिस थमाया

सिंगरौली मध्यप्रदेश हाइकोर्ट ने सिंगरौली जिले के 4 अधिकारियों को अवमानना का नोटिस थमाया है। इनमें सिंगरौली कलेक्टर, SDM देवसर, सरई तहसीलदार और नायब तहसीलदार (सर्किल खनुआ) शामिल हैं। हाइकोर्ट ने एक सप्ताह में सभी अधिकारियों से हलफनामा पेश करने को कहा है। अधिवक्ता ब्रहमेन्द्र पाठक के माध्यम से दायर जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए जबलपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत और न्यायाधीश विवेक जैन की डिवीजन बेंच ने यह फैसला सुनाया है। ये है पूरा मामला इस मामले में याचिकाकर्ता की ओर से उच्च न्यायालय में पैरवी कर रहे अधिवक्ता ब्रहमेन्द्र पाठक ने बताया कि ईएमआईएल बंधा कोल माइंस ने पचौर बंधा सहित कुछ अन्य गांवों के विस्थापितों के पुनर्वास के लिए लामीदह में जिस शासकीय भूमि को चिन्हित किया है उस भूमि पर कई दर्जन आदिवासी समाज के लोग निवासरत हैं जिन्हें  प्रशासन के द्वारा बिना मुआवजा दिए जबरन हटाया जा रहा है। अधिवक्ता ब्रहमेंद्र पाठक की ओर से पूर्व में इस मामले में दायर जनहित याचिका में दिए गए तर्क को सही मानते हुए उच्च न्यायालय ने विस्थापितों के पुनर्वास के लिए चिन्हित की गई सिंगरौली जिले की लामीदह गांव की शासकीय भूमि में निवासरत लोगों को हटाने की कार्यवाही पर रोक लगाते हुए कलेक्टर को 4 सप्ताह के भीतर मामले का निराकरण करने के लिए निर्देशित किया था। recent visitors 58

एमपी शूटिंग अकादमी में जूनियर खिलाड़ी की आत्महत्या के मामले में हाईकोर्ट ने सीनियर खिलाड़ी दिव्यांश ठाकुर को अग्रिम जमानत दी

भोपाल भोपाल स्थित एमपी शूटिंग अकादमी में जूनियर खिलाड़ी द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में हाईकोर्ट ने सीनियर खिलाड़ी को अग्रिम जमानत प्रदान कर दी है। जस्टिस संजय द्विवेदी की एकलपीठ ने अपने आदेश में कहा कि आवेदक भी एक खिलाड़ी है और जेल भेजने से उसका भविष्य प्रभावित हो सकता है। यह मामला 1 दिसंबर 2024 का है, जब 18 वर्षीय यथार्थ रघुवंशी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि सीनियर खिलाड़ी दिव्यांश ठाकुर (20) की कार से रुपये चोरी हो गए थे। घटना के समय यथार्थ उसी कार में कुछ सामान लेने गया था। इसके बाद दिव्यांश और उसके साथियों ने यथार्थ पर रुपये लौटाने का दबाव बनाया। पुलिस ने सुसाइड नोट, गवाहों और परिजनों के बयान के आधार पर दिव्यांश सहित अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मृतक और आरोपी दोनों खिलाड़ी थे और एक-दूसरे को जानते थे। मृतक 18 वर्ष का था, जबकि आरोपी 20 वर्ष का है। चोरी का आरोप लगना किसी भी व्यक्ति के लिए अपमानजनक हो सकता है, और मानसिक रूप से दबाव झेलने की क्षमता हर व्यक्ति में अलग होती है। कुछ लोग ऐसे हालात से उबर जाते हैं, जबकि कुछ नहीं संभाल पाते। न्यायालय ने कहा कि किसी की भावनाओं को आहत करने वाली घटनाओं में संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। अपराध वास्तव में हुआ है या नहीं, यह जांच का विषय है, और किसी निर्दोष को सजा नहीं दी जानी चाहिए। आवेदक और अन्य सह-अभियुक्तों द्वारा मृतक पर पैसे लौटाने का दबाव बनाया गया था, लेकिन प्रथमदृष्टया यह तय करना कठिन है कि उनका इरादा ऐसा माहौल बनाने का था, जिसमें मृतक के पास आत्महत्या के अलावा कोई विकल्प न बचे। एकलपीठ ने इसी आधार पर दिव्यांश ठाकुर को अग्रिम जमानत दे दी। साथ ही, उसे 50,000 रुपये के निजी बांड और इतनी ही राशि के एक सॉल्वेंट जमानत प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं।   recent visitors 53