ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य पूरा होते ही पूरे विन्ध्य के विकास को गति मिलेगी: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि अधोसंरचनात्मक विकास से ही क्षेत्र का विकास होगा। विन्ध्य क्षेत्र में विकास के लिए हाई-वे एयरपोर्ट की सुविधा हो गई है। ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य पूरा होते ही पूरे विन्ध्य के विकास को गति मिलेगी। इससे रोजगार के अवसरों और औद्योगीकरण भी तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन निर्माण में भू अर्जन की शेष कार्यवाही करके रेलवे को जमीन उपलब्ध कराएं। विस्थापित के लिये वैकल्पिक आवासीय भूमि देकर मकानों की व्यवस्था कराएं। कलेक्टर पूरी संवेदनशीलता के साथ विस्थापन की कार्यवाही पूरी करें। रेलवे के निर्माण कार्य में अनुचित ढंग से बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्यवाही करें। कमिश्नर कार्यालय सभागार रीवा में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पन्ना से सतना, गोविंदगढ़ से सीधी तथा सीधी से सिंगरौली तक रेलवे लाइन निर्माण कार्य की बिन्दुवार समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि राजस्व, वन विभाग रेलवे के अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। ताकि कार्य तेज गति से पूर्ण किया जा सके। बताया गया कि सीधी से सिंगरौली के बीच के निर्माण कार्यों के लिए रेलवे द्वारा वन विभाग को वांक्षित 17 करोड़ रुपए की राशि जमा की गयी है। वन मण्डलाधिकारी 15 दिन की समय सीमा में रेलवे को विभागीय अनुमति जारी कराएं जिससे टेण्डर की कार्यवाही की जा सके। उन्होंने निर्देश दिये कि चुरहट के पास सोन नदी पर पुल तथा बहरी के पास गोपद नदी पर पुल एवं 17 प्रस्तावित सुरंगों का निर्माण कार्य तेजी से कराएं। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी श्री एमएस हाशमी ने बताया कि मार्च तक सीधी जिले के बघवार स्टेशन तक तथा मई तक रामपुर नैकिन स्टेशन तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्रा, सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा, अध्यक्ष नगर निगम रीवा श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर रीवा श्री बीएस जामोद, डीआईजी श्री साकेत प्रकाश पाण्डेय सहित प्रशासनिक, पुलिस, राजस्व, विभागीय अधिकारियों सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 82

मंत्री विश्वास सारंग ने सभी विश्वविद्यालय के युवा एवं फैकल्टी को फिट रहने के लिये मैराथन में भागीदारी करने की अपील की

भोपाल खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने 19 जनवरी को होने वाली ऑर्मी मैराथन के संबंध में निजी और शासकीय विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने सभी विश्वविद्यालय के युवा एवं फैकल्टी को फिट रहने के लिये मैराथन में भागीदारी करने की अपील की। सभी ने फिट रहने के लिये इसमें भागीदारी करने की सहमति प्रदान की। मंत्री श्री सारंग ने भोपालवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में सहभागिता करने का आह्वान किया। तीन श्रेणियों में होगी मैराथन मंत्री श्री सारंग ने कहा कि स्वच्छ भारत, हरित भारत, फिट इंडिया के लिये भारतीय सेना के साथ दौड़े। यह सहन शक्ति, दृढ़ संकल्प और विजय की परिचायक बने। उन्होंने बताया कि मैराथन अपने आदर्श वाक्य "फिट इंडिया, रन विद इंडियन ऑर्मी" के माध्यम से भारत सरकार के फिट इंडिया एकता और देशभक्ति के अभियान को बढ़ावा देगा। मैराथन में 3 श्रेणी रखी गई है इसमें 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी के लिये न्यूनतम शुल्‍क पर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। सहभागियों को टी-शर्ट और ऑर्मी मैराथन में भाग लेने का प्रमाण-पत्र दिया जायेगा। यही नहीं संस्था, विश्वविद्यालयों को भी इसका प्रमाण-पत्र मोमेन्टो के साथ प्रदाय किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मैराथन भोपाल स्थित द्रौणांचल से वीआईपी रोड होते हुए द्रौणांचल पर समाप्त होगी। मंत्री श्री सारंग ने सभी विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों से संबंधित संस्था एवं संस्थानों के सोशल मीडिया एकाउन्ट से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा है। हमारी सुरक्षा में ऑर्मी की महतवपूर्ण भूमिका मंत्री श्री सारंग ने कहा कि हम घर और देश में सुरक्षित हैं, इसमें ऑर्मी का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसके लिये सार्वजनिक रूप से सेना और सैनिकों के प्रति सम्मान करने की भावना को व्यक्त करने को कहा है। भोपाल में भी ऑर्मी का महत्वपूर्ण सेट-अप स्थापित है। ऑर्मी मैराथन के माध्यम से नागरिक सहयोग और सम्मान प्रकट कर सकते है। उन्होंने कहा ‍कि मैराथन में अधिक से अधिक भागीदारी कर इतिहास बनाया जा सकता है। कल्चर ऑफ फिटनेस को बढ़ावा ऑर्मी मेजर जनरल श्री सुमित कबथियाल ने कहा कि मंत्री श्री सारंग के माध्यम से राज्य सरकार का सहयोग मिल रहा है। यह मैराथन कल्चर ऑफ फिटनेस को बढ़ावा देगी और फिट रहने एवं हेल्थ के प्रति जागरूक करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि द्रौणांचल में युद्धस्थल के माध्यम से युद्ध के इतिहास और शहीदों के बारे में जानकारी भी अर्जित होगी। उन्होंने बताया कि मैराथन में एनसीसी के ही लगभग 600 रजिस्ट्रेशन हो चुके है। मैराथन सभी के लिये है, इसमें परिवार, दोस्त सभी भागीदारी कर सकते हैं। 10 लाख रुपये तक का पुरस्कार ऑर्मी मैराथन सुबह 6 बजे से शुरू होगी। इसमें सभी क्षेत्रों से लगभग 12 हजार प्रतिभागी तीनों श्रेणियों की दौड़ में हिस्सा लेंगे। आकर्षक प्रायोजित पुरस्कारों के अलावा 10 लाख रूपये तक के नकद पुरस्कार भी दिये जायेंगे। हॉफ मैराथन में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के लिये 5,30,000 रूपये के नकद पुरस्कार, 10 किमी में विभिन्न श्रेणी के विजेताओं को 2,64,000 रूपये और 5 किमी में 1,87,000 रूपये के नकद पुरस्कार दिये जायेंगे। मैराथन में भाग लेने के लिये www.armymarathonbhopal.com पर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिये 62690-33347 पर संपर्क कर सकते है। भारतीय सेना के सुदर्शन चक्र कोर द्वारा ऑर्मी मैराथन भोपाल 2025 के आयोजन सेना दिवस 15 जनवरी के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। जनरल केएम करियप्पा के वर्ष 1949 में भारतीय सेना के पहले कमांडर इन चीफ के रूप में पदभार ग्रहण करने पर इस ऐतिहासिक दिन को वार्षिक श्रद्धांजलि के रूप में मनाते हुए इस मैराथन का आयोजन किया गया है। इसका शुभारंभ भोपाल से होगा, जिसमें सशस्त्र बलों, स्थानीय समुदायों और खेल प्रमियों के सदस्य एक साथ आयेंगे। भोपाल में ऑर्मी मैराथन, मुख्यालय पश्चिम एमपी सब एरिया के तत्वाधान में भोपाल में आयोजित होने वाला पहला खेल आयोजन है। इसका उद्देश्य ऑर्मी मैराथन को खेल जगत में एक प्रमुख आयोजन बनाना और फिट इंडिया अभियान के साथ वार्षिक मैराथन कैलेण्डर के रूप में दर्ज करना है। बैठक में ब्रिगेडियर एस.एस. छिल्लर सेना मेडल, कर्नल विशाल आहूजा, कर्नल राजेश नायक, संयुक्त संचालक श्री बी.एस. यादव सहित भोपाल स्थित निजी और शासकीय विश्वविद्यालय के पदाधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 83

जबलपुर कलेक्टर ने बताया- अब अभिभावकों की जेब पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा, सस्ती दरों पर मिलेंगी स्कूल की किताबें और यूनिफॉर्म

जबलपुर अगर आपको नवीन शिक्षा सत्र में अपने बच्चों की यूनिफार्म और स्कूली किताबों के खर्चे की चिंता सता रही है तो यह खबर आपके लिए काफी लाभप्रद है. मध्य प्रदेश के जबलपुर में कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने निजी स्कूलों के साथ ऐसा प्लान बनाया है कि अब अभिभावकों की जेब पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा. जबलपुर में पुस्तक मेला लगने जा रहा है, जिसमें 500 करोड़ का व्यापार होने की संभावना है. जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने बताया कि विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म खरीदने और स्कूल का कोर्स लेने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. इसके अलावा कई बार अधिक दरों पर किताबें और यूनिफॉर्म बेचे जाने की शिकायत भी मिलती हैं. इस समस्या का स्थाई निदान करने के लिए जबलपुर जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है. प्रशासन ने निजी स्कूल संचालकों से बातचीत करते हुए एक ही स्थान पर सभी विद्यालय की यूनिफार्म और स्कूल की किताबें उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है. 22 मार्च से जबलपुर में पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी निजी विद्यालयों की किताबें और यूनिफॉर्म रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएंगी. स्कूल संचालकों में भी इस बात की सहमति दी है. पुस्तक मेले में उनकी सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी. जबलपुर में 350 करोड़ का व्यापार कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने बताया कि स्कूली किताबें और यूनिफॉर्म से जुड़ा व्यापार काफी बड़ा है. यदि केवल जबलपुर जिले की बात की जाए तो 350 करोड़ का व्यापार हर साल होता है. इसके बाद यदि आसपास के जिलों को भी इसमें जोड़ लिया जाए तो उम्मीद की जा रही है कि 20 मार्च 2025 से लगने वाले मेले में 500 करोड़ का व्यापार होगा. जबलपुर में शिक्षा माफिया पर लगी लगाम दीपक कुमार सक्सेना ने जबलपुर में शिक्षा माफिया पर पूरी तरह लगाम कस रखी है. उनकी ओर से अधिक फीस लेने वाले स्कूल संचालकों पर भी करोड़ों रुपये का जुर्माना किया जा चुका है. इसके अलावा शिक्षा विभाग के नियमों का पालन नहीं करने पर भी स्कूल संचालकों को काफी जुर्माना किया जा चुका है. इससे जिला भर के लोगों को काफी लाभ मिला है. recent visitors 74

स्व रोजगार व स्वावलंबन के माध्यम से आर्थिक स्थिति में सुधार करते हुए महिलाओं को सशक्त करना हमारा उद्देश्य: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब युवा शक्ति किसान और नारी के जीवन में बदलाव लाने के लिए चारों मिशन पर कार्य कर रही है। विशेषकर नारी सशक्तिकरण की दिशा में मकर संक्रांति पर्व पर एक वृहद कार्यक्रम प्रस्तावित है। स्व रोजगार व स्वावलंबन के माध्यम से आर्थिक स्थिति में सुधार करते हुए महिलाओं को सशक्त करना हमारा उद्देश्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ही लाड़ली बहनों को दिए जा रहे अनुदान की राशि में भी वृद्धि की गई थी। बहनों की स्थिति में उत्तरोत्तर उन्नति के उद्देश्य से उद्योग, स्वावलंबन और स्व-सहायता समूह की गतिविधियों जैसे आयाम भी जोड़े जा रहे हैं। रेडीमेड गारमेंट्स सहित अन्य उद्योगों में महिला श्रम आधारित ऐसे कार्य आरंभ किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे और उन्हें बेहतर जीवन का अवसर प्राप्त हो सकेगा। प्रदेश में इस प्रकार के चार उद्योग आरंभ किए जा चुके है, साथ ही गतिविधियों का और विस्तार किया जा रहा है। इन उद्योगों को राज्य सरकार की ओर से प्रति श्रमिक पाँच हजार रूपए इंसेंटिव की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश और देश की उन्नति में सब सहभागी हों, इसी भाव से राज्य सरकार विकास और जनकल्याण की दिशा में सक्रिय है। हमारा विश्वास है कि सबके समन्वित प्रयास से ही प्रदेश की तकदीर बदलेगी।   recent visitors 107

अमित शाह आज नई दिल्ली में ड्रग तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे

नई दिल्ली केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में ड्रग तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य ड्रग तस्करी की बढ़ती समस्या और राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके प्रभाव, विशेष रूप से उत्तर क्षेत्र के आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों, से निपटने पर ध्यान केंद्रित करना है। गृह मंत्री, ड्रग विनष्टीकरण पखवाड़े का शुभारंभ, NCB के भोपाल जोनल यूनिट के नए कार्यालय परिसर का उद्घाटन और MANAS-2 हेल्पलाइन के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विस्तार की शुरुआत करेंगे। सम्मेलन में राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘MANAS’ पोर्टल से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ रीयल-टाइम जानकारी साझा करने,  ड्रग तस्करी के खिलाफ राज्यों की प्रगति और नार्कोटिक्स समन्वय तंत्र (NCORD) की प्रभावशीलता पर चर्चा की जाएगी। साथ ही राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं (SFSLs) की कार्यक्षमता को मजबूत करने और उनकी प्रभावशीलता बढ़ाने, ड्रग तस्करी के खिलाफ प्रयासों को मजबूत करने के लिए NIDAAN डेटाबेस के उपयोग, PIT-NDPS अधिनियम के प्रावधानों के कार्यान्वयन, ड्रग से संबंधित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष NDPS अदालतों की स्थापना और ड्रग तस्करी तथा इनके दुरुपयोग से निपटने के लिए सभी एजेंसियों के बीच Whole of Govt. approach पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 11 से 25 जनवरी 2025 तक चलने वाले ड्रग विनष्टीकरण पखवाड़े के दौरान ₹2411 करोड़ मूल्य के 44,792 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने ड्रग तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ अपनाई है जिससे ड्रग के खतरे को कम किया जा सके। गृह मंत्रालय संस्थागत ढांचे को मजबूत करने, सभी नार्को एजेंसियों के बीच समन्वय और व्यापक जनजागरूकता अभियान की 3 सूत्रीय रणनीति पर चल 2047 तक मोदी जी के नशामुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करेगा। सम्मेलन में आठ प्रतिभागी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राज्यपाल, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न केन्द्रीय मंत्रालयों, विभागों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। recent visitors 98

गणतंत्र दिवस समारोह: रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय ने ‘वीर गाथा’ की संयुक्त पहल की, 1.76 करोड़ छात्र बने हिस्सा

नई दिल्ली गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय ने 'वीर गाथा' की संयुक्त पहल की है। इसके चौथे संस्करण में इस वर्ष, लगभग 2.31 लाख स्कूलों के लगभग 1.76 करोड़ छात्रों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया है। इसके तहत राष्ट्रीय स्तर पर सौ (100) विजेताओं का चयन किया जाना है। इन्हें विशेष अतिथि के रूप में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। 'प्रोजेक्ट वीर गाथा' को 2021 में भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के हिस्से के रूप में लॉन्च किया गया था। इस परियोजना का उद्देश्य वीरता पुरस्कार विजेताओं के बहादुरी भरे कार्यों और इन नायकों की जीवन से जुड़ी कहानियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। यह पहल छात्रों में देशभक्ति और नागरिक मूल्यों को स्थापित करने में मदद करती है। शीर्ष 100 प्रविष्टियों को 'सुपर-100' विजेताओं के रूप में चुना गया। इन विजेताओं को नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार और विशेष अतिथि के रूप में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड देखने का अवसर मिलेगा। 100 राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं के अतिरिक्त, राज्य स्तर पर आठ विजेताओं और जिला स्तर पर चार विजेताओं का चयन किया जाएगा। उन्हें प्राधिकारियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को चार श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा, जिनमें से प्रत्येक से 25 विजेता होने हैं। 5 सितंबर 2024 को लॉन्च किए गए प्रोजेक्ट 'वीर गाथा 4.0' में निबंध और पैराग्राफ लेखन के लिए कई प्रेरक विषय प्रस्तुत किए गए। छात्रों को अपने चुने हुए रोल मॉडल के बारे में, विशेष रूप से वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए लिखने का अवसर मिला। उन्हें रानी लक्ष्मीबाई जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक जीवन, 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी विद्रोह की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। स्कूल स्तर की गतिविधियां 31 अक्टूबर 2024 को समाप्त हो गईं। राज्य और जिला स्तर पर मूल्यांकन के बाद राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन के लिए लगभग 4,029 प्रविष्टियां भेजी गईं, जहां वीरगाथा के संस्करण 1 से संस्करण 4 तक प्रोजेक्ट की यात्रा प्रेरणादायक रही है, जिसने पूरे देश में प्रतियोगिता की पहुंच का विस्तार किया है।   recent visitors 165

दिल्ली चुनाव 2025 : मालवीय नगर सीट पर आप पार्टी का कब्जा है, ऐसे में भाजपा की राह नहीं है आसान

नई दिल्ली दिल्ली की मालवीय नगर विधानसभा सीट की गिनती हाई प्रोफाइल सीटों में होती है। कभी कांग्रेस का गढ़ रही मालवीय नगर सीट पर पिछले तीन विधानसभा चुनाव से आम आदमी पार्टी (आप) का कब्जा है। आइए जानते हैं मालवीय नगर सीट से जुड़ी अहम बातें। मालवीय नगर सीट पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), बीजेपी और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। आप ने लगातार चौथी बार यहां से सोमनाथ भारती को उतारा है, वह पिछले तीन चुनाव 2013, 2015 और 2020 में जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। वह दिसंबर 2013 से फरवरी 2014 तक अरविंद केजरीवाल की सरकार में कानून, पर्यटन, प्रशासनिक सुधार, कला और संस्कृति मंत्री की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बीजेपी ने सतीश उपाध्याय को यहां से उतारा है, जो भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं। जुलाई 2014 में लोकसभा चुनाव में उन्हें दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष चुना गया गया था। दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष पद संभालने से पहले वह दिल्ली भाजपा इकाई के उपाध्यक्ष और सचिव भी रह चुके हैं। वहीं, कांग्रेस ने मालवीय नगर से जितेंद्र कुमार कोचर को टिकट दिया है, जो दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पूर्व नेता सदन भी रह चुके हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्हें 52,043 वोट मिले थे और उनका वोट शेयर 57.97 फीसद था, जबकि भाजपा के उम्मीदवार शैलेंद्र सिंह को 33,899 वोट मिले और उनका वोट शेयर 37.76 फीसद था। वहीं, कांग्रेस की नीतू वर्मा को 3.18 फीसद वोटों के साथ 2,856 वोट मिले थे। इस बार कांग्रेस और भाजपा ने यहां से अपने उम्मीदवारों को बदला है। मालवीय नगर विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या डेढ़ लाख से अधिक है। यहां पुरुष मतदाता 80,777, महिला मतदाता 70,020 और थर्ड जेंडर वोटर 3 हैं। यहां कुल वोटर 1,50,800 हैं। बता दें कि मालवीय नगर विधानसभा सीट दिल्ली के नई दिल्ली जिले में आती है। 1993 से 2020 तक के विधानसभा चुनाव की बात करें तो सिर्फ एक बार ही इस सीट पर भाजपा जीत दर्ज कर पाई है। 1993 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने 1998, 2003 और 2008 में जीत हासिल की थी। हालांकि, 2013 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पहली बार इस सीट पर जीत हासिल की थी, जो वर्तमान में भी आप के पास है। recent visitors 162