दिल्ली सरकार वन स्टॉप सेंटर के कर्मियों को नहीं दे रही वेतन, केंद्रीय मंत्री ने साधा निशाना

नई दिल्ली महिला बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने महिला सुरक्षा से जुड़ी केंद्रीय योजनाओं के प्रति दिल्ली सरकार की उदासीनता की आलोचना की। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि दिल्ली सरकार वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों को वेतन नहीं दे रही है जबकि केंद्र सरकार ने पूरा फंड दिल्ली सरकार को दे दिया है। देशभर में 802 वन स्टाप सेंटर मंगलवार को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्भया फंड से 11 हजार करोड़ से अधिक की 49 योजनाएं चल रही हैं। पूरे देश में 802 वन स्टॉप सेंटर हैं, जिनमें अभी तक करीब 10 लाख महिलाओं को मदद मुहैया कराई गई है। वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिला को एक ही जगह सारी सुविधाएं कानूनी मदद, चिकित्सा सुविधा आदि मिलती है। हाई कोर्ट भी पहुंच चुका मामला महिला बाल विकास मंत्री ने कहा कि दिल्ली में भी 11 वन स्टॉप सेंटर हैं लेकिन दिल्ली सरकार वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों को वेतन नहीं दे रही है जबकि केंद्र सरकार दिल्ली को पूरा फंड दे चुकी है। दिल्ली के वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों को वेतन न मिलने का मामला हाई कोर्ट भी पहुंचा है और हाई कोर्ट ने दिल्ली सरकार को वेतन देने का आदेश दिया है। स्पष्ट है कि दिल्ली के आगामी चुनाव में भाजपा इसे मुद्दा बना सकती है। केंद्र सरकार का महिला सशक्तीकरण पर जोर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार की पहल के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा महिला सशक्तीकरण के महत्व पर जोर दिया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए हम महिलाओं के विकास की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के तहत पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया। 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाना लक्ष्य केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि महिलाओं के लिए लैंगिक बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 2024-25 के लिए 3 लाख करोड़ से अधिक का आवंटन किया गया है। 2014 से पहले के आंकड़ों की तुलना में काफी इजाफा किया गया है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है और हमारा लक्ष्य महिला केंद्रित विकास योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। बंगाल ने नहीं शुरू की हेल्पलाइन अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 2037 तक अधिकांश क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना लक्ष्य है। निर्भया फंड के तहत लगभग 49 योजनाओं के लिए 11,000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुमानित आवंटन किया गया है। 2014 से अब तक 181 महिला हेल्पलाइन शुरू की गई है। 181 महिला हेल्पलाइन के माध्यम से महिलाओं को सहायता मिल रही है। हालांकि पश्चिम बंगाल ने अभी तक इस हेल्पलाइन को लागू नहीं किया है। recent visitors 116

सुरक्षाबलों ने आतंकवादी जुनैद अहमद भट को मुठभेड़ में मार गिराया, लिया डॉक्टर की हत्या का बदला

कश्मीर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकवादी जुनैद अहमद भट को मुठभेड़ में मार गिराया। जुनैद हाल ही में गांदरबल और गगनगीर में नागरिकों की हत्या समेत कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था। दाचीगाम के ऊपरी क्षेत्रों में पुलिस और सेना द्वारा चलाया गया यह संयुक्त ऑपरेशन अभी भी जारी है। कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी शेयर करते हुए लिखा, "जारी ऑपरेशन में एक आतंकवादी मारा गया है, जिसकी पहचान जुनैद अहमद भट (LeT, कैटेगरी A) के रूप में हुई है। यह आतंकवादी गगनगीर और गांदरबल में नागरिकों की हत्या समेत कई अन्य आतंकी हमलों में शामिल था। जम्मू-कश्मीर पुलिस, राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा दाचीगाम के ऊपरी इलाकों में ऑपरेशन जारी है।" बता दें कि अक्टूबर में संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादियों ने गांदरबल जिले में एक निर्माण कंपनी के श्रमिकों और एक डॉक्टर पर हमला किया था, जो पिछले तीन दशकों में इस क्षेत्र में श्रमिकों पर सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है। इस हमले में छह श्रमिकों और एक डॉक्टर की मौत हो गई थी। मारे गए लोगों में बडगाम के डॉक्टर शाहनवाज, पंजाब के गुरमीत सिंह (30), बिहार के इंदर यादव (35), जम्मू के मोहन लाल (30) और जगतार सिंह (30) और कश्मीर के फैयाज अहमद लोन (26) और जफूर अहमद लोन शामिल थे। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई ने घाटी में बढ़ते आतंकवाद के खिलाफ एक कड़ा संदेश दिया है। हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। 23 नवंबर को बारामुला पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ एक संयुक्त अभियान में बारामुला जिले के कुनजर इलाके में एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया था। recent visitors 207

CJI खन्ना ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति वाले संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं की सुनवाई से खुद को किया अलग

नई दिल्ली भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) संजीव खन्ना ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानून की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया। मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ इन याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी, जो मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 की धारा 7 और 8 की संवैधानिकता को चुनौती देती हैं। पीठ ने निर्देश दिया कि इन याचिकाओं को 6 जनवरी, 2025 से शुरू होने वाले सप्ताह में किसी अन्य पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया जाए। साथ ही, केंद्र सरकार और चुनाव आयोग (ECI) को इन याचिकाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दाखिल करने का आदेश दिया। फिलहाल प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) संजीव खन्ना ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त, निर्वाचन आयुक्तों का चयन करने वाली समिति से सीजेआई को बाहर रखने के खिलाफ याचिकाओं की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। मामले की सुनवाई की शुरुआत में न्यायमूर्ति संजय कुमार के साथ पीठ में शामिल रहे प्रधान न्यायाधीश ने जनहित याचिका दायर करने वालों के वकीलों से कहा कि वह याचिकाओं पर सुनवाई नहीं कर सकते। वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन और वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि न्यायमूर्ति खन्ना की अगुवाई वाली पिछली पीठ ने मामले में अंतरिम आदेश पारित किए थे। न्यायमूर्ति खन्ना ने पूर्व प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ के सेवानिवृत्त होने के बाद 51वें प्रधान न्यायाधीश के रूप में शपथ ली है। न्यायमूर्ति खन्ना ने कहा कि अब ये मामले शीतकालीन अवकाश के बाद किसी अन्य पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किए जाएंगे। क्या है मामला? इस नए कानून के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए मुख्य न्यायाधीश को समिति से हटा दिया गया है। अब इनकी नियुक्ति प्रधानमंत्री, एक कैबिनेट मंत्री और विपक्ष के नेता की सिफारिशों पर होगी। इससे पहले, न्यायमूर्ति खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले इस कानून पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। याचिकाकर्ताओं में शामिल संगठन इस कानून को चुनौती देने वालों में कांग्रेस नेता जया ठाकुर, एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR), पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (PUCL), लोक प्रहरी और अन्य संगठनों के नाम शामिल हैं। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि यह कानून चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर सवाल उठाता है और कार्यपालिका की अधिकता को बढ़ावा देता है। उनका दावा है कि यह संविधान के अनुच्छेद 324 का उल्लंघन है। recent visitors 88

साध्वी राधा किशोरी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार रोकने की अपील करते हुए भारतीय मुसलमानों को ही धमकी दे डाली

गुना बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ मध्य प्रदेश के गुना में एक बड़े विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। ‘हिंदू आक्रोश रैली’ में हजारों लोगों ने हाथ में बैनर-पोस्टर लेकर मार्च निकाला। इस दौरान साध्वी राधा किशोरी ने विवादित बयान भी दे डाला। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार रोकने की अपील करते हुए भारतीय मुसलमानों को ही धमकी दे डाली और कहा कि उन्हें याद रखना चाहिए कि उनके भाईजान भारत में हैं और वे भी सुरक्षित नहीं रहेंगे। राधा किशोरी ने हिंदुओं से एक होने की अपील करते हुए कहा कि भारत को बांग्लादेश बनने से बचाने के लिए एकजुट रहना है। उन्होंने पड़ोसी देश में हिंदुओं पर अत्याचार का जिक्र करते हुए देश के मुसलमानों से ही बदला लेने की धमकी दे डाली। साध्वी ने कहा, 'मैं बांग्लादेश के लोगों को बताना चाहती हूं कि जो अत्याचार तुम हमारे भाई-बहनों पर कर रहे हो, यहां भारत में भी आपके कुछ भाई हैं, जिन्हें आप भाईजान कहते हो। वो भारत में सुरक्षित नहीं रहेंगे, यदि बांग्लादेश में हिंदुओं को परेशान किया तो। वहां की सरकार भी कान खोलकर सुन ले कि हमारा हिंदू सड़कों पर आ चुका है। बहुत सह लिया, अब नहीं सहेंगे। हम हिंदू हैं, हम लेकर ही रहेंगे।' साध्वी ने बागेश्वर बाबा की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वह हिंदुओं की एकता के लिए यात्रा कर रहे हैं। उनका सपना है कि हमारा भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा। राधा किशोरी ने कहा, 'मेरा मन यह देखकर बहुत दुखी होती है कि भारत में भगवान राम के उत्पन्न होने का प्रमाण मांगा जाता है। हिन्दुस्तान में एक तुच्छ व्यक्ति रामचरितमानस को जला देता है। अमरनाथ की यात्रा को रोक दिया जाता है। पालघर में संतों की हत्या की गई। इससे भी ज्यादा दुख की बात है कि यह सब नजारा हिंदू भाई चुपचाप देखते हैं, वीडियो बनाते रहते हैं। आवाज नहीं उठाते। हम सब मिलकर संकल्प लेते हैं कि जब किसी हिंदू भाई पर कोई संकट आए तो हमें डटकर सामना करना है। हाथ पकड़कर कहना है कि हम तुम्हारे साथ हैं।' recent visitors 233

इंफाल पूर्वी जिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से हथियार एवं गोला-बारूद जब्त किए गए

इंफाल मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से हथियार एवं गोला-बारूद जब्त किए गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान में बताया कि उन्हें क्षेत्रिगाओ सबल लेईकाई से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे लोगों से जबरन धन वसूली करने जैसी घटनाओं को अंजाम देने के इरादे से इलाके में घूम रहे थे। इसमें कहा गया, ‘‘बाद में पता चला कि वे अरंबाई टेंगोल के सदस्य थे।’’ पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान निंगोमबाम लेंबा सिंह (25), मंगशताबम पोइरिंगनबा मेइती (21) और लैशराम बिद्या सिंह (21) के रूप में हुई और उनके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। बयान में बताया गया है कि उनके पास से एक ‘घातक’ राइफल, एक मैगजीन और पांच गोलियां, मैगजीन के साथ .32 पिस्तौल, तीन मोबाइल फोन और चार पहिया एक वाहन जब्त किए गए हैं। चुराचांदपुर जिले के फेखोथांग गांव में छापेमारी के दौरान एक एसएलआर राइफल, एक मैगजीन, नौ एमएम एक पिस्तौल, 12 बोर की सिंगल बैरल बंदूक और 15 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि कांगपोकपी जिले के लोइबोल खुनौ में छापेमारी के दौरान एक स्नाइपर, एम79 ग्रेनेड लांचर (‘लैथोड गन’), मैगजीन के साथ नौ एमएम की दो पिस्तौल, एक एसबीबीएल शॉटगन और सात कारतूस बरामद किए गए।   recent visitors 81

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्टालिन को बाढ़ की स्थिति से निपटने में हरसंभव मदद का आश्वासन दिया

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन से बात कर राज्य के कुछ हिस्सों में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली, साथ ही उन्हें केंद्र से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी ने बाढ़ की स्थिति के संबंध में स्टालिन को फोन किया। भारी बारिश के बाद उत्तरी तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले में सोमवार को भीषण बाढ़ आ गई, जिससे गांवों और आवासीय कॉलोनियों तक पहुंचने का रास्ता लगभग अवरुद्ध हो गया क्योंकि पुल और सड़कें जलमग्न हो गईं। भीषण बाढ़ के कारण खड़ी फसलों का बड़ा रकबा भी जलमग्न हो गया। तिरुवन्नामलाई में एक दिसंबर की रात बारिश के दौरान भूस्खलन हो गया था। इसके बाद एक घर से पांच शव बरामद किए गए थे।   recent visitors 52

जलौन गांव के 28 वर्षीय हवलदार नवल किशोर ने सियाचिनग्लेशियर में हुए शहीद

मंडी हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का एक जवान सियाचिन ग्लेशियर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया। शहादत का कारण ऑक्सीजन की कमी बताया जा रहा है। जवान के शहीद होने की सूचना परिवार वालों को दे दी गई है। इसके बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोटली उपमंडल के तहत पड़ने वाली ग्राम पंचायत सदोह के जलौन गांव के 28 वर्षीय हवलदार नवल किशोर ने सियाचिन ग्लेशियर मातृ भूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहूति दे दी। शहादत का कारण सियाचिन ग्लेशियर मे जलवायु परिवर्तन के चलते ऑक्सीजन की कमी बताया जा रहा है। हवलदार नवल किशोर की शहादत के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है। 28 वर्षीय शहीद हवलदार नवल किशोर 2017 में जैक राइफल में भर्ती हुए थे। डेढ़ साल पहले ही नवल किशोर की शादी पुलिस में महिला कांस्टेबल श्वेता देवी से हुई थी। कांस्टेबल श्वेता किन्नौर के टापरी पुलिस स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात हैं। शहीद के पिता भगत राम ने बताया कि उन्हें रविवार रात को लगभग 9 बजे नवल किशोर के शहीद होने की सूचना, यूनिट के सैन्य अधिकारी द्वारा फोन द्वारा मिली थी। उन्होंने बताया कि नवल किशोर ढाई महीने पहले चार दिन की छुट्टी काटकर सियाचिन ग्लेशियर में ड्यूटी के लिए गया था और दोबारा मार्च में छुट्टी पर आने की बात की थी। नवल किशोर ने शनिवार को अपने माता-पिता से फोन पर आखिरी बार बात की थी। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी व छोटा भाई छोड़ गए हैं। शहीद का छोटा भाई सुनील भी सेना में 8 जैक राइफल में तैनात है। सैनिक कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल गुलेरिया ने बताया कि यूनिट से कंमाडर द्वारा उन्हें नवल किशोर के शहीद होने की सूचना प्राप्त हुई है। शहीद की पार्थिव देह मंगलवार को चंडीगढ़ के लिए एयर लिफ्ट होगी। जहां से सड़क मार्ग द्वारा उनके घर जलौन पहुंचाया जाएगा और पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। लेकिन मौसम के मद्देनजर ही आगामी कार्रवाई पूरी की जाएगी। सेना कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सियाचिन ग्लेशियर में जलवायु व पर्यावरणीय कारकों के चलते हवलदार नवल किशोर की मौत हुई है।   recent visitors 177