श्रावस्ती में तेज रफ्तार XUV ने टैम्पो को मारी टक्कर, पांच लोगों की मौत, 6 गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में कराया भर्ती

श्रावस्ती श्रावस्ती में शनिवार सुबह सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। बौद्ध परिपथ पर मोहनीपुर चौराहे के पास तेज रफ्तार महेंद्रा एक्सीयूवी वाहन ने आगे जा रहे टैम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क के बगल बने नाले को पार करते हुए करीब 10 फीट गहरे खड्डे में गिर गए। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। बहराइच की ओर से महेंद्रा एक्सीयूवी वाहन में सवार लोग बलरामपुर की ओर जा रहे थे। सड़क पर आगे टैम्पो वाहन जा रहा था। तेज रफ्तार एक्सीयूवी ने अनियंत्रित होकर टैम्पो को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों वाहन सड़क से दूर गहरे खड्डे में गिर गए। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती इस पर सवार इकौना के पांडेयपुरवा निवासी सूबेदार, शिवराम, लल्लन, बहराइच जिले के धरसवां निवासी नागेश्वर प्रसाद, मुरलीधर, पयागपुर के वीरपुर सेनवाहे निवासी शाकिरा बानो, रफीक, बस्ती जिले के नौव्वा गांव निवासी चालक विजय चौधरी, सोहराब व इकौना के बरईपुर निवासी ननके यादव, गिलौला के मोहम्मदपुर निवासी अध्योध्या प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।   दो घायलों की रास्ते में हो गई मौत वाहनाें के टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए। मौके पर पहुंचे तो देखा कि लल्लन, रफीक, ननके की मौत हो चुकी थी। अयोध्या प्रसाद व मुरलीधर की सांस चल रही थी। इन दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिनगा भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही इनकी भी मौत हो गई। चार लोगों को इकौना में कराया गया भर्ती उधर, छह घायलों में से दो का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। चार घायलों को इकौना सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एसपी घनश्याम चौरसिया ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। सीएमओ डॉ. एपी सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के हालत की जानकारी ली। recent visitors 87

चक्रवात फेंगल के दौरान तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी, चेन्नई में सड़कें जलमग्न

चेन्नई चक्रवात फेंगल आज यानी 30 नवंबर की शाम 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुडुचेरी के पास कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तर तमिलनाडु व पुडुचेरी के तटों को पार करेगा। इस बीच तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम की वजह से चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को शनिवार शाम सात बजे तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उधर, इंडिगो एयरलाइंस ने चेन्नई आने वाली सभी उड़ानों को डायवर्ट कर दिया है। भारी बारिश की वजह से तमिलनाडु के नौ जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। समुद्र तटों पर बढ़ाई गई सुरक्षा प्रशासन ने पुडुचेरी तट पर सुरक्षा भी बढ़ा दी है। पुडुचेरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलैवानन ने क्षेत्र में समुद्र तटों और तटीय सड़कों का दौरा किया। तमिलनाडु में लोगों को चेन्नई में मरीना बीच, पट्टिनापक्कम और एडवर्ड इलियट बीच समेत समुद्र तटों पर न जाने की सलाह दी गई है। पुडुचेरी में पर्यटन स्थलों को चक्रवात फेंगल के कारण एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। पुडुचेरी में तटीय क्षेत्रों मे 300 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। आईएमडी के अनुसार शनिवार सुबह पुडुचेरी में मध्यम बारिश हुई। तमिलनाडु के विलुप्पुरम के मरकानम में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। चेन्नई के बेसेंट नगर इलाके में पेड़ उखड़ गए हैं। चेन्नई में सड़कें जलमग्न चेन्नई में भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं। कई इलाकों में लोग जलभराव से जूझ रहे हैं। न्यू वाशरमैनपेट, जेमिनी फ्लाईओवर और माउंट रोड इलाके में टखने तक जलभराव है। तूफान की वजह से तटीय इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की वजह से मौसम बदल चुका है। चेन्नई में शुक्रवार की रात से आज सुबह तक लगातार भारी से मध्यम बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में चक्रवात 'फेंगल' पहले पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया और आज शाम तक उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों को पार करने की उम्मीद है। कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी आईएमडी ने कहा कि मौसम विभाग चेन्नई, श्रीहरिकोटा और चेन्नई के डॉपलर मौसम रडार के अलावा उपग्रह अवलोकनों से चक्रवात फेंगल पर लगातार नजर रख रहा है। आईएमडी के अनुसार चक्रवात आज शाम उत्तरी तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों से टकराएगा और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों समेत दक्षिणी राज्यों के विभिन्न हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। recent visitors 103

बीसीसीआई ने पाकिस्तान की यात्रा करने से साफ इनकार कर दिया, अकेला पड़ा पाकिस्तान, अंतिम फैसला लेगी आईसीसी

नई दिल्ली चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन कहां और कैसे होगा, इस पर विवाद थम नहीं रहा। पीसीबी और बीसीसीआई के बीच भी गतिरोध जारी है और अब इसका भविष्य आईसीसी की आपात बैठक पर निर्भर है। क्रिकेट जगत में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला वैश्विक तमाशा बना हुआ है। विवाद इतना बढ़ चुका है कि आईसीसी की बैठक बार-बार स्थगित हो रही है। ये मैच न केवल क्रिकेट फैंस के लिए विशेष है, बल्कि आईसीसी के लिए राजस्व का मुख्य स्रोत भी है। हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी अनिश्चितता का सामना कर रही है। बीसीसीआई ने भारत सरकार की नीति का हवाला देते हुए पाकिस्तान की यात्रा करने से साफ इनकार कर दिया है। आईसीसी ने एक 'हाइब्रिड मॉडल' प्रस्तावित किया है, जिसे पाकिस्तान क्रिकेट ने अभी तक स्वीकार नहीं किया है। आईसीसी ने इसका फैसला करने के लिए एक मीटिंग भी रखी थी, लेकिन इसके बाद भी कोई फैसला नहीं लिया गया है। भारत के साथ-साथ अब पाकिस्तान में सुरक्षा कारणों का मुद्दा अन्य देशों के बोर्ड ने भी उठाया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड फिलहाल चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर अकेला पड़ गया है। क्रिकेट में भारत का अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला, और वह भी आईसीसी इवेंट में, शायद ही क्रिकेट फैंस के लिए इससे बड़ा कोई और मौका होगा। राजनीतिक तनाव और इस तथ्य को जोड़ दें कि ये दोनों टीमें आईसीसी मुकाबलों को छोड़कर कभी एक-दूसरे से नहीं खेलती हैं, तो नतीजा बहुत ही चौंकाने वाला होता है। यह बॉक्स-ऑफिस पर धमाल मचाता है! दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसक अगली चैंपियंस ट्रॉफी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो पाकिस्तान में आयोजित की जाएगी, ताकि एक और ऐसा ही रोमांचक मुकाबला देखने को मिले। हालांकि, इस बड़े इवेंट का भाग्य अधर में लटका हुआ है क्योंकि भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह पाकिस्तान नहीं जाएगा। ऐसे में आईसीसी ने 29 नवंबर को सभी बोर्ड की मीटिंग रखी थी, ताकि इस टूर्नामेंट पर आखिरी फैसला लिया जा सके। लेकिन इस मीटिंग को पोस्टपोन कर दिया गया है। recent visitors 116

निर्वानच क्षेत्र के लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि वह वायनाड के लोगों को कभी निराश नहीं करेंगी: प्रियंका गांधी

वायनाड कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर केरल पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने चुनाव में जीत दिलाने के लिए निर्वानच क्षेत्र के लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि वह वायनाड के लोगों को कभी निराश नहीं करेंगी। प्रियंका गांधी ने वायनाड में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "सबसे पहले मैं आप सभी को आज यहां लाने और मुझे अपना सांसद बनाने के लिए तहे दिल से धन्यवाद देती हूं। आपने मुझे जो कुछ दिया है, उसके लिए मैं आप सभी के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त करना चाहती हूं। असली मूल्य आपके प्यार और विश्वास में निहित है। संसद में आपके प्रतिनिधि के रूप में मैं आपकी आवाज को बुलंद करूंगी, आपकी समस्याओं को हल करने के लिए अथक प्रयास करूंगी और आपके विश्वासों, मूल्यों, आशाओं और आकांक्षाओं को हर दिन, अभी और हमेशा बनाए रखूंगी।" राहुल गांधी को किया धन्यवाद उन्होंने पिछले पांच वर्षों में वायनाड के लोगों के लिए किए गए कार्यों के लिए अपने भाई राहुल गांधी को भी धन्यवाद दिया। प्रियंका गांधी ने वायनाड में सभा को संबोधित करते हुए कहा, ''मैं अपने भाई को पिछले पांच वर्षों में यहां किए गए सभी कार्यों के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। यह आपके उस विश्वास के कारण है कि आपने मुझ पर भरोसा किया है। मैं सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं नेताओं… आपने मुझे जो प्यार दिया है उसके लिए मैं आप सभी को धन्यवाद देती हूं।'' आपको निराश नहीं करूंगी- प्रियंका गांधी प्रियंका ने आगे कहा कि वह निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से सीखने के लिए यहां आई हैं, उन्होंने कहा कि वह यहां की "समस्याओं से अवगत हैं। उन्होंने कहा, "मैं आपसे सीखने के लिए यहां हूं। मैं आपकी समस्याओं को गहराई से समझने के लिए यहां हूं। बेशक, मैं रात्रि प्रतिबंध, मानव-पशु संघर्ष, स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता, बेहतर शैक्षणिक संस्थानों की आवश्यकता के बारे में जानता हूं। लेकिन मैं हूं अब इन सबके लिए लड़ने, आपके साथ काम करने और उन्हें ठीक से समझने के लिए मैं आपके घर आऊंगी, आपसे मिलूंगी, मेरे कार्यालय के दरवाजे खुले हैं… मैं आपको निराश नहीं करूंगी।'' कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले 35 सालों में वह प्रचार करती रही हैं लेकिन यह पहली बार है जब उन्होंने चुनाव लड़ा है। प्रियंका ने कहा, "मुझे चुनाव प्रचार करते हुए 35 साल हो गए हैं और यह पहली बार है, जब मैंने चुनाव लड़ा है। इन वर्षों में, मैं इन अभियानों में लाखों लोगों से मिला हूं… मैं कहना चाहती हूं कि मुझे उनमें से हर एक याद है आप, जिन्होंने वायनाड में मेरा इंतजार किया, मुझे आपकी हर मां, बच्चे याद हैं… मुझे आपका हर एक आलिंगन, चुंबन, फूल याद हैं।'' 28 नवंबर को लोकसभा में सांसद के रूप में शपथ ली कांग्रेस महासचिव ने इससे पहले 28 नवंबर को संविधान की प्रति हाथ में लेकर लोकसभा में सांसद के रूप में शपथ ली थी। दक्षिणी राज्य के प्रतिनिधि के रूप में शपथ लेते समय प्रियंका को केरल कसावु साड़ी पहने देखा गया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के सत्यन मोकेरी को हराकर वायनाड लोकसभा सीट 4,10,931 वोटों के अंतर से हासिल की। वायनाड सीट उनके भाई राहुल गांधी द्वारा खाली की गई थी, जो पहले वायनाड का प्रतिनिधित्व करते थे लेकिन इस साल के आम चुनावों के दौरान वहां से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद उत्तर प्रदेश के रायबरेली में स्थानांतरित हो गए। recent visitors 96

सांस्कृतिक और धार्मिक रूप से भारत सशक्त-राज्य मंत्री श्री लोधी

भोपाल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत का कद लगातार बढ़ रहा है। सांस्कृतिक और धार्मिक रूप से भारत निरन्तर सशक्त होता जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका अनुसरण करते हुए प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 20 धार्मिक और सांस्कृतिक लोको का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य धार्मिक तीर्थाटन को विश्व स्तरीय बनाना है। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी काशी वाराणसी में सेंटर फॉर सनातन रिसर्च द्वारा आयोजित "शक्तिपीठ महासमागम" कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि प्रदेश में शारदा पीठ मैहर का विकास शारदा लोक और नर्मदा शक्तिपीठ का विकास नर्मदा लोक के रूप में किया जा रहा हैं। प्रदेश में स्थित दोनों ज्योतिर्लिंग बाबा महाकालेश्वर और ममलेश्वर का सर्वांगीण विकास किया जा रहा हैं। इसी तरह भारत में स्थित शक्तिपीठों और ज्योर्तिलिंगों को एक योजना बद्ध तरीके से पर्यटन और सांस्कृतिक सर्किट के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। ठहरने की व्यस्था, पहुंच मार्ग जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। व्यापक स्तर पर उसका प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, जिससे इन शक्तिपीठ और ज्यार्तिलिंग पर तीर्थाटन और पर्यटन बढ़ेगा और हम अखण्ड भारत बनने की दिशा में प्रगतिशील होंगे। राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि उनका सौभाग्य है। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में आने का अवसर मिला। काशी भौतिकता और आध्यात्मिकता का समागम है। काशी भारत के प्राचीनतम शहरों में से एक है। उल्लेखनीय है कि पहली बार 51 शक्तिपीठ और द्वादश ज्योतिर्लिंग के पीठाधीश्वर, संत-महात्माओं का महासमागम हुआ है। सेंटर फॉर सनातन रिसर्च का यह आध्यात्मिक समागम शिव के बारह ज्यातिर्लिंग और शक्ति के 51 शक्तिपीठ के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के पुनीत उद्देश्य से किया गया है, जिससे संपूर्ण भारतवर्ष सनातनी सुगंध से पुष्पित और सुगंधित हो सके।   recent visitors 92

नवम्बर में एम.पी. ट्रांसको की ट्रांसफार्मेशन क्षमता में हुई उल्लेखनीय वृद्धि: ऊर्जा मंत्री

भोपाल ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने जानकारी दी कि एम.पी. ट्रांसको (एम.पी. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) ने नवम्बर-2024 में विद्युत पारेषण की अधोसंरचना में उल्लेखनीय बढ़ोतरी करते हुये 2 नये पॉवर ट्रांसफार्मर सहित कुल 9 पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किये। नवम्बर माह में एम.पी. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी ने कुल 395 एम.व्ही.ए. की ट्रांसफार्मेशन क्षमता अपने नेटवर्क में जोड़ी जिससे प्रदेश में एम.पी. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 80634 एम.व्ही.ए. की हो गई है। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बताया कि नवम्बर-2024 में प्रदेश में 500 एम.व्ही.ए. क्षमता का दूसरा पॉवर ट्रांसफार्मर भोपाल में स्थापित किया गया। इसके अलावा इंदौर में 315 एम.व्ही.ए. का एक ट्रांसफार्मर बदला गया। नागदा में पश्चिमी क्षेत्र का दूसरा 200 एम.व्ही.ए. क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया गया। इसके अलावा अंजाड (खंड़वा) एवं मोरार ग्वालियर में 50-50 एम.व्ही.ए. क्षमता के अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत किये गये।   recent visitors 88

आरएसएस ने बांग्लादेश सरकार से कहा हिंदू आध्यात्मिक नेता चिन्मय कृष्ण दास को जेल से तत्काल रिहा किया जाए

नई दिल्ली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से यह सुनिश्चित करने की शनिवार को अपील की कि हिंदुओं पर अत्याचार बंद हो और हिंदू आध्यात्मिक नेता चिन्मय कृष्ण दास को जेल से तत्काल रिहा किया जाए। RSS महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने एक बयान में भारत सरकार से अपील की कि वह बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर अत्याचारों को रोकने के लिए अपने प्रयास जारी रखे तथा उनके प्रति समर्थन में वैश्विक राय बनाने के लिए ‘जल्द से जल्द’ आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने कहा, ‘बांग्लादेश में हिंदुओं, महिलाओं और अन्य सभी अल्पसंख्यकों पर इस्लामी कट्टरपंथियों द्वारा किए गए हमलों, हत्याओं, लूटपाट, आगजनी और अमानवीय अत्याचार की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इसकी निंदा करता है।’ होसबाले ने कहा कि मौजूदा बांग्लादेश सरकार और अन्य एजेंसियां इन्हें रोकने के बजाय ​​केवल मूकदर्शक बनी हुई हैं। RSS महासचिव ने कहा, ‘बांग्लादेश के हिंदुओं के खिलाफ अन्याय और अत्याचार का एक नया दौर उभरता हुआ प्रतीत हो रहा है ताकि आत्मरक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से उठाई जा रही उनकी आवाज को दबाया जा सके।’ उन्होंने कहा, ‘इस तरह के शांतिपूर्ण प्रदर्शनों में हिंदुओं का नेतृत्व कर रहे इस्कॉन से जुड़े संत चिन्मय कृष्ण दास को जेल भेजना बांग्लादेश सरकार का अन्याय है।’ बांग्लादेश पुलिस ने सोमवार को चिन्मय कृष्ण दास ब्रह्मचारी को ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह चटगांव जा रहे थे। होसबाले ने कहा, ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बांग्लादेश सरकार से यह सुनिश्चित करने की अपील करता है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार तुरंत बंद हो और श्री चिन्मय कृष्ण दास को जेल से रिहा किया जाए।’ RSS महासचिव ने कहा कि भारत और वैश्विक समुदाय तथा संस्थाओं को बांग्लादेश के पीड़ितों के साथ इस महत्वपूर्ण समय में खड़ा होना चाहिए तथा अपना समर्थन व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति और भाईचारे के लिए यह आवश्यक है। recent visitors 80