कार्तिक माह में भगवान महाकाल की पहली सवारी चार नवंबर को, चांदी की पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण करेंगे बाबा

उज्जैन ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर से कार्तिक-अगहन मास में चार नवंबर को भगवान महाकाल की पहली सवारी निकलेगी। अवंतिकानाथ चांदी की पालकी में सवार होकर तीर्थ पूजा के लिए मोक्षदायिनी शिप्रा के रामघाट पहुंचेंगे। इस बार कार्तिक अगहन मास में हरि हर मिलन सहित भगवान महाकाल की पांच सवारी निकलेगी। मंदिर समिति सदस्य पुजारी प्रदीप गुरु ने बताया श्रावण-भादौ मास में सवारी निकाले जाने की शुरुआत श्रावण कृष्ण पक्ष के प्रथम सोमवार से होती है। जबकि कार्तिक अगहन मास में सवारियों की शुरुआत कार्तिक शुक्ल पक्ष के पहले सोमवार से होती है। यही कारण है कि कार्तिक-अगहन मास की पहली सवारी कार्तिक शुक्ल तृतीया पर 4 नवंबर को निकलेगी। सवारी के क्रम में कार्तिक मास में दो और अगहन मास में भी दो सवारी निकलेगी। इसके अलावा वैकुंठ चतुर्दशी पर्व पर भी सवारी गोपाल मंदिर तक आएगी। श्री महाकालेश्वर मंदिर से भगवान महाकाल की कार्तिक मास की दो और अगहन मास में दो सवारी सोमवार को इस बार मंदिर के आंगन से निकलेगी। वहीं एक सवारी वैकुंठ चतुर्दशी पर गोपाल मंदिर तक जाएगी। कार्तिक मास की पहली सवारी 4 नवंबर को सांय 4 बजे मंदिर से प्रारंभ होकर गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाडी होते हुए रामघाट शिप्रा तट पहुंचेगी। यहां पर भगवान श्री महाकालेश्वर का मां शिप्रा के जल से पूजन- अभिषेक के पश्चात वापसी में सवारी शिप्रा तट रामघाट से गणगौर दरवाजा, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती का मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, गुदरी चौराहा होते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद कार्तिक मास की दूसरी सवारी 11 नवंबर को अगहन मास की पहली सवारी 18 नवंबर और दूसरी व क्रम अनुसार चौथी राजसी सवारी 25 नवंबर को निकलेगी। अंतिम राजसी सवारी का रूट बढ़ जाता है। वहीं 14 नवंबर को वैकुंठ चतुर्दशी की सवारी महाकालेश्वर मंदिर से अर्ध रात्रि को प्रारंभ होकर गुदरी चौराहा, पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर तक जाएगी। recent visitors 151

एमपी में इस दिन से पड़ेगी कड़ाके की ठंड, देखें मौसम विभाग की रिपोर्ट

भोपाल मध्यप्रदेश में नवंबर के दूसरे हफ्ते सर्दी बढ़ेगी। उत्तरी हवाओं के असर से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और दूसरे शहरों में रात के टेम्प्रेचर में गिरावट आएगी। नवंबर के पहले दिन पचमढ़ी सबसे सर्द रहा।  दिवाली के बाद नवंबर का महीना लगते ही मौसम में एकदम से बदलाव आ गया है। बारिश का दौर बंद हो गया है और गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती सर्कुलेशन सिस्टम के कारण नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर तेज होगा,हालांकि, दिन में गर्मी बनी रहेगी। एमपी मौसम विभाग के मुताबिक आज 2 नवंबर को भी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत लगभग सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा,तापमान में उतार चढ़ाव के साथ तेज धूप निकली रहेगी। कहीं भी बारिश या गरज-चमक होने की संभावना नहीं है। वर्तमान में छिंदवाड़ा, मंडला, टीकमगढ़, बैतूल, खरगोन, पचमढ़ी, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, भोपाल, गुना, ग्वालियर, इंदौर, खंडवा और उज्जैन में हल्की ठंड शुरू हो गई है, तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है। आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज एमपी मौसम विभाग के अनुसार आज मध्य प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर मौसम सुहाना रहने की संभावना है, कहीं भी बादल छाने और बारिश के आसार नहीं है। इंदौर में दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तो रात में तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। भोपाल में अधिकतम तापमान 32 डिसे तो न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस , ग्वालियर में अधिकतम तापमान 31 डिसे तो न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस ,जबलपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 18 डिसे रह सकता है। एमपी मौसम विभाग का नया पूर्वानुमान वर्तमान में पूर्वी असम एवं पश्चिमी असम पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बने हुए हैं और पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में है। हालांकि इन मौसम प्रणालियों का मध्य प्रदेश के मौसम पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है। हवाओं का रुख वर्तमान में दक्षिण-पूर्वी होने से प्रदेश के अधिकतर शहरों में तापमान बढ़ा हुआ है। फिलहाल 3-4 दिनों तक मौसम का मिजाज यूही बने रहने का अनुमान है। recent visitors 80

इंदौर में पटाखे फोड़ने पर दो वर्गो में विवाद, वाहनों में तोड़फोड़ कर लगाई आग, डीजीपी ने मांगी घटना की रिपोर्ट, सीएम बोले- सख्ती से निपटेंगे

इंदौर इंदौर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र के रविदासपुरा में बच्चों के पटाखे फोड़ने की बात पर दो पक्ष भिड़ गए। कुछ देर बाद ही तनाव उपद्रव में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थर चले। सड़कों पर उतरी भीड़ ने वाहनों व धर्मस्थलों में तोड़फोड़ कर दी।  भीड़ ने एक ऑटो रिक्शा में आग लगा दी और 15 से ज्यादा वाहनों में तोड़-फोड़ की। 6 थानों की फोर्स और रिजर्व बल  ने स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना छत्रीपुरा थाना क्षेत्र के रविदासपुरा की है। जानें कैसे शुरू हुआ विवाद छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के बच्चे शुक्रवार को अपने घर के बाहर दोपहर में पटाखा फोड़ रहे थे। इसी दौरान घर के सामने रहने वाले सलमान, सानू, जावेद और अन्य ने फटाखा नहीं फोड़ने से रोका। इस पर बच्चों के परिजनों ने कहा कि दिवाली पर्व सालभर में एक बार आता है तो बच्चे फटाखे फोड़ेंगे। दोनों परिवार के बीच कहासुनी होने लगी। बातचीत के बाद विवाद होने लगा। कुछ देर बाद ही तनाव उपद्रव में बदल गया। साथियों को बुलाकर बोला धावा सलमान, सानू और जावेद ने अपने अन्य कुछ साथियों को भी मौक पर बुला लिया और परिवार की पिटाई करनी शुरू कर दी। घर की महिलाओं के साथ भी युवकों ने मारपीट की। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने जब मारपीट का विरोध किया तो सलमान, सानू और जावेद ने अपने साथियों संग मिलकर उनके घरों पर पथराव कर दिया। पथराव में कई लोग घायल हुए। वहीं आरोपियों ने मोहल्ले में खड़ी बाइकों और ऑटो को आग के हवाले कर दिया। हिंदूवादी संगठनों ने किया हंगामा उपद्रव की सूचना जैसे ही हिंदूवादी संगठनों को लगी तो वे मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा करने लगे। उपद्रव के दौरान भीड़ ने एक ऑटो रिक्शा में आग लगा दी और 15 से ज्यादा वाहनों में तोड़-फोड़ की। बवाल और हंगामे की सूचना मिलते ही छत्रीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी पहुंचे। भारी संख्या में बवाल वाली जगह पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। सीएम बोले-बर्दाश्त नहीं करेंगे सीएम मोहन यादव बोलेहमारी सरकार के होते हुए कोई पटाखे जलाने से रोके ये संभव नहीं है। मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज है, सभी को अपने दायरे में रहते हुए सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। कोई कानून हाथ में लेगा तो सरकार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी।   एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने करवाई बच्चों से आतिशबाजी बवाल की सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह घटनस्थल पर पहुंचे। अमित ने बच्चों से जमकर आतिशबाजी करवाई। 6 थानों और रिजर्व बल ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था को कायम किया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने कहा कि यदि कोई भी क्षेत्र में अशांति फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 4 लोगों पर केस दर्ज   पुलिस का कहना है कि कुछ बाहरी तत्व क्षेत्र की फिजा बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके चलते प्रत्येक घर में बाहर से आने वाले लोगों की जांच-पड़ताल की जा रही है। ड्रोन से क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चारों अभी फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।  recent visitors 116

विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के मैदान पर शीघ्र ही बनेगा विश्व-स्तरीय क्रिकेट स्टेडियम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

शिक्षा एवं खेल क्षेत्र में वर्ल्ड क्लास इन्फ्रॉस्ट्रक्चर विकास से नई खेल संस्कृति का हुआ उदय: मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्पोर्ट्स टीचर्स और कोच को भी शिक्षकों के समान मिलेगा मौका : मुख्यमंत्री डॉ. यादव विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के मैदान पर शीघ्र ही बनेगा विश्व-स्तरीय क्रिकेट स्टेडियम : मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री ने नव-निर्मित राजमाता विजयाराजे सिंधिया बहुद्देशीय खेल परिसर का किया लोकार्पण भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने खेलों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय खेलों में भारत के खिलाड़ियों ने मेडल जीते है। खिलाड़ियों की डाइट, ट्रेनिंग, शिक्षा एवं खेलों में वर्ल्ड क्लास इन्फ्रॉस्ट्रक्चर विकास से नई खेल संस्कृति का उदय हुआ है। उन्होंने कहा कि खेलों से जीवन में परस्पर विश्वास, आत्म-विश्वास और पुरुषार्थ जागृत होता है। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने खेल को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा की मध्यप्रदेश ने नई शिक्षा नीति लागू कर स्पोर्ट्स को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है। राज्य में अब स्पोर्ट्स टीचर्स और खिलाड़ियों के कोच को भी शिक्षकों के समान मौका दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश के 69वें स्थापना दिवस पर भगवान श्रीमहाकाल की पावन नगरी उज्जैन में 11.43 करोड़ रूपये की लागत से नव-निर्मित बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस, दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं भी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा की उज्जैन में जिम्नास्टिक, एथलेटिक, बास्केट बॉल, मलखंभ आदि खेलों का स्वर्णिम इतिहास रहा है। देश में आज मलखंब खेल की बात आती है तो उसमें उज्जैन का नाम सबसे पहले आता है। उज्जैन में मलखंब और जिम्नास्टिक अकादमी भी संचालित की जा रही है। इन खेल परिसर से मालवा क्षेत्र के युवा खिलाडी अपने खेल कौशल का पूर्ण क्षमता के साथ सदुपयोग कर अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित कर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में भारत ने ओलंपिक खेलों में हॉकी में लगातार मेडल जीते हैं। राज्य के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर भी पदक विजेता टीम का हिस्सा रहे हैं, उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश गौरवान्वित हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हॉकी और ध्यानचंद स्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही उज्जैन में एस्ट्रो-टर्फ युक्त स्टेडियम की सुविधा प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्षीरसागर स्टेडियम को भी शीघ्र ही बहुउद्देशीय परिसर बनाया जाएगा। इसी के साथ विक्रम विश्वविद्यालय के मैदान पर शीघ्र ही विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा।             मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खेल परिसर का भ्रमण कर मलखंब एरिना में मलखंभ खेल का  प्रदर्शन भी देखा। उन्होंने नव-निर्मित खेल परिसर के शूटिंग एरिना में शूटिंग का आनंद भी लिया। टेबल टेनिस खिलाड़ी अनुज मिश्रा के साथ टेबल टेनिस भी खेला। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन, टेबल टेनिस और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों से चर्चा कर उनका हौसला बढ़ाया। बहुउद्देशीय खेल परिसर की खूबियां मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा लोकार्पित राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर लगभग 18 एकड़ भूमि में निर्मित है। इस खेल परिसर का  निर्माण 11.43 करोड़ रुपए से हुआ है। नव-निर्मित खेल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एथलेटिक सिंथेटिक ट्रेक के साथ बहुउद्देशीय खेल परिसर भी है, जिसमें बेडमिंटन, टेबल टेनिस, मलखंब एरिना, शूटिंग, फुटबॉल मैदान, लॉन टेनिस कोर्ट, खिलाड़ियों की सुविधा के लिए प्लेयर्स लॉबी आदि सुविधाओं सहित अत्याधुनिक जिम की स्थापना की गई है। इसमें खिलाड़ियों के साथ दर्शकों के बैठने की भी व्यवस्था है। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री और कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, विधायक सतीष मालवीय, सत्यनारायण जाटिया सहित जन-प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।   recent visitors 158

69वें स्थापना दिवस पर एम.पी. टूरिज्म की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने  टूरिज्म के नए टीवीसी "मोह लिया रे" को किया लॉन्च अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने अपनी अदाकारी से बनाया जीवंत 69वें स्थापना दिवस पर एम.पी. टूरिज्म की सौगात भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने म.प्र. के 69वें स्थापना दिवस के खास अवसर पर एम.पी. टूरिज्म द्वारा निर्मित नवीन टीवी कमर्शियल (टी.वी.सी.) "मोह लिया रे" को लॉन्च किया। मध्यप्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को नए रंग-रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से टीवीसी का निर्माण करवाया है। प्रख्यात अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने अपनी अदाकारी से इसे जीवंत बनाया है। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक एम.पी. टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश विश्व में अपने मनोहारी स्थलों के लिए प्रसिद्ध है। हमारा प्रयास हमेशा रहा है कि राज्य के आकर्षक पर्यटन स्थलों को न केवल देश में, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी एक नई पहचान दिलाई जाए। नवीन टीवीसी "मोह लिया रे" अत्यंत रोचक, रंगीन और जीवंत है। यह पर्यटकों को प्रदेश की ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। "मोह लिया रे" – एक नया नजरिया "मोह लिया रे" टीवीसी में उज्जैन, ओरछा, ग्वालियर, खजुराहो सहित मध्यप्रदेश के अद्वितीय प्राकृतिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध वन्य जीवन को दर्शाया गया है। यह पर्यटकों के मन को मोहते हुए उन्हें मध्यप्रदेश आने के लिए आमंत्रित कर रहे है। गीतकार इरशाद कामिल के खूबसूरत बोलों को अभिषेक अरोड़ा के संगीत ने संगीतमय अभिव्यक्ति दी है। इस विशेष टीवीसी में मशहूर गायक दिव्य कुमार ने अपनी आवाज दी है। इस टीवीसी के जरिए एक बार फिर दर्शकों को यह संदेश दिया जा रहा है कि मध्यप्रदेश ने मोह लिया है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष लॉन्च किये यह "जो आया वो वापस आया, ये एम पी की माया" टीवीसी को खासी लोकप्रियता प्राप्त हुई है। इसे इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक, ट्वीटर जैसे प्लेटफॉर्म्स पर 2 करोड़ 97 लाख और 71 हजार से अधिक बार देखे जा चुका है। इंस्टाग्राम पर 92 लाख 62 हजार 161, फेसबुक पर 1 करोड़ 26 लाख 37 हजार 120, यूट्यूब पर 63 लाख 65 हजार 305 और ट्वीटर पर 15 लाख 07 हजार व्यू प्राप्त हुए है। प्रदेश के आकर्षक टीवीसी का सफर में 2023- एमपी की माया, 2018-तक तक, 2016- एमपी में दिल हुआ बच्चे सा, 2013- रंग है मलंग है, 2010- एमपी अजब है सबसे गजब है, 2008- हिंदुस्तान का दिल देखा और, 2006- तिल देखो ताड़ देखो, हिंदुस्तान का दिल देखो शामिल है   recent visitors 68

हरिसिंह का स्व-रोजगार का सपना हुआ साकार, समाधान ऑनलाइन में आया था प्रकरण

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर अलीराजपुर जिले के ग्राम अमझिरी निवासी हरिसिंह कलेश को दीपावली पर्व पर बोलेरो वाहन मिला। आवेदक हरिसिंह ने वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में बोलेरो गाड़ी के लिये आवेदन भरा था, जिसे संबंधित बैंक द्वारा अव्यवहारिक मानकर अस्वीकृत कर किराने की दुकान के लिये लोन स्वीकृत कर दिया था। आवेदक ने इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गत 28 अक्टूबर को समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में आवेदक हरिसिंह की सुनवाई की। आवेदक ने बताया कि बैंक ने तत्समय बोलेरो वाहन के लिये 9 लाख 90 हजार रुपये लोन न देते हुए किराने की दुकान के लिये 3 लाख रुपये का लोन स्वीकृत किया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “आवेदक ने जब बोलेरो वाहन के लिये लोन माँगा है, तो उसे बोलेरो गाड़ी ही स्वीकृत होना चाहिये।’’ मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर समाधान ऑनलाइन के दो दिन बाद 30 अक्टूबर को कलेक्टर अलीराजपुर ने अनुसूचित जनजाति वित्त विकास निगम से चर्चा कर हरिसिंह को ‘भगवान बिरसा मुंडा योजना’ में बोलेरो वाहन के लिये 9 लाख 90 हजार रुपये वाहन लोन स्वीकृत करवाया। ‘धन्यवाद मुख्यमंत्री जी’ आवेदक हरिसिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अब वे स्वयं के रोजगार के सपने को बेहतर तरीके से साकार कर सकेंगे।   recent visitors 64

गौ-शिल्प और पंचगव्य उत्पादों पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगेगी

प्रकृति के सम्मान का उत्सव है गौवर्धन पूजा राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम शनिवार को रवीन्द्र भवन में गौ-शिल्प और पंचगव्य उत्पादों पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगेगी भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में राज्य स्तरीय गोवर्धन-पूजा कार्यक्रम 2 नवम्बर को रवीन्द्र भवन भोपाल में प्रात: 9:30 बजे होगा। गोवर्धन पर्व के सांस्कृतिक एवं आर्थिक महत्व पर केन्द्रित इस आयोजन में गौ-संस्कृति, परिवेश के प्रदर्शन और स्वास्थ्य आधारित लाभों पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। प्रदर्शनी मुख्य रूप से पंचगव्य उत्पाद, गौ-शिल्प उत्पाद, कृषि आधारित उत्पाद और दैनिक उपयोग के उत्पाद के आर्थिक महत्व को प्रदर्शित किया जायेगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ सभी जिलों में एक कार्यक्रम जिले की प्रमुख गौ-शाला में भी होगा। यहाँ भी गोवर्धन पूजा, गौमय और पंचगव्य उत्पादों पर संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिता और बच्चों के कार्यक्रम होंगे। गाय और गंगा, भारत की संस्कृति एवं सभ्यता की आत्मा है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के सम्मान का उत्सव है। धरा पर गाय और गंगा ही हैं, जो ईश्वर को अत्यंत प्रिय हैं। इनके बिना भारतवर्ष की कल्पना भी नहीं की जा सकती। गाय और गंगा, भारत की संस्कृति एवं सभ्यता की आत्मा है… ये पालनहार हैं और तारणहार भी। वेद, पुराण, उपनिषद, स्मृति-ग्रंथों, रामायण, महाभारत और वांग्मय में गौ-महिमा का वर्णन है। गाय को सुरभि, कामधेनु, अर्च्या, यज्ञपदी, कल्याणी, इज्या, बहुला, कामदुघा, विश्व की आयु, रुद्रों की माता और वसुओं की पुत्री के रूप में सुशोभित किया गया है। सर्वदेवमयी गाय को वेदों में अघ्न्या (अवध्या) बतलाया है… त्रेता युग में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने वनगमन के पूर्व गोदान किया था। द्वापर युग में श्रीकृष्ण ने बाल्यावस्था में गायों संग व्यतीत कर भारतवर्ष को गाय की महत्ता का संदेश दिया है। स्कन्दपुराण में त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश के द्वारा कामधेनु की स्तुति की गई है त्वं माता सर्वदेवानां त्वं च यज्ञस्य कारणम्। त्वं तीर्थ सर्वतीर्थानां नमस्तेऽस्तु सदानघे ।। अर्थात् हे अनघे तुम समस्त देवों की जननी तथा यज्ञ की कारणरूपा हो और समस्त तीर्थों की महातीर्थ हो, तुमको सदैव नमस्कार है। निश्चित रूप से ईश्वर द्वारा वंदनीय गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन केवल कर्तव्य ही नहीं धर्म भी है। मध्यप्रदेश सरकार भी गौ-सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार ने प्रत्येक गाँव में गौ-शाला प्रारंभ करने का अभियान शुरू किया है। सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए गौशाला में गाय के आहार के लिए निर्धारित अनुदान को भी बढ़ाकर दोगुना कर दिया है।   recent visitors 69