केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा- अगर उन्होंने कोई पाप किया होगा, तभी उन्हें संदेह होगा

नई दिल्ली लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ईडी छापेमारी की आशंका वाले बयान पर सियासत गर्मा गई है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्होंने कोई पाप किया होगा, तभी उन्हें संदेह होगा। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि जो जैसा पाप करेगा, उसका परिणाम उसको भुगतना पड़ेगा। उनके मन के अंदर अगर कुछ है। उन्हें लगता है कि उनके पास कुछ गलत है, जिससे ईडी छापा मार सकती है तो वो जानें। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने शुक्रवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी (जेडीयू) भी एनडीए से बहुत दिन अलग रही, लेकिन किसी ने छापा नहीं मारा। अगर कोई पाप नहीं करेगा तो कुछ नहीं होगा।   बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए दावा किया कि पिछले दिनों लोकसभा में दिए गए उनके भाषण के बाद ईडी उनपर छापा मार सकती है। कुछ लोगों को उनकी चक्रव्यूह वाला भाषण पसंद नहीं आया। ईडी के अंदरखाने से उन्हें यह बात पता चली है। राहुल गांधी ने कहा कि वे बांहें खोलकर ईडी अधिकारियों का इंतजार कर रहे हैं। बता दे कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 29 जुलाई को केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21वीं सदी में एक ना चक्रव्यूह बनाया है। इससे करोड़ों लोगों को नुकसान हुआ। जिस तरह महाभारत के युद्ध में अभिमन्यु को फंसाकर 6 लोगों ने मारा था, वैसे ही आज भी चक्रव्यूह के केंद्र में 6 लोग हैं। ये पूरे देश को कंट्रोल कर रहे हैं।   recent visitors 122

शादी के तीन माह बाद पत्नी ने पति से रिश्‍ते किए खत्‍म

रायपुर छत्‍तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अजब-गजब मामला सामने आया है। जहां शादी के सिर्फ तीन महीने बाद ही प्यार, धोखा और हिंसा का नाटकीय संगम देखने को मिला। नवविवाहिता ने शादी के तीन महीने बाद ही पति से रिश्‍ते खत्‍म कर मायके आ गई। पति जब पत्‍नी को मनाने ससुराल गया तो वहां नवविवाहिता नहीं मिली। कुछ दिन बाद नवविवाहिता ने पति को फोन कर कहा कि वो उसके साथ नहीं रहना चाहती है, इसलिए दूसरे लड़के से शादी से कर ली है। इससे नाराज पति ने पुलिस थाने में इसकी शिकायत की। मामला पुलिस तक पहुंचा तो काउंसलिंग के दौरान नवविवाहिता ने पति पर जानलेवा हमला कर दिया। कांच के गिलास से पति का गला काटने की कोशिश की। पुलिस ने नवविवाहिता के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार इसी साल अप्रैल महीने में बोरियाकला के महेश्वर ओझा और नरहरपुर की भुनेश्वरी नाविक ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में चुना और दोनों ने शादी कर ली। सबकुछ सामान्य और खुशहाल लग रहा था। लेकिन, यह खुशी ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाई। 30 जून को भुनेश्वरी के माता-पिता उसे अपने साथ घर ले आए, और महेश्वर को समझ नहीं आया कि अचानक ऐसा क्यों हुआ। 1 जुलाई को महेश्वर ने अपनी पत्नी को फोन किया, लेकिन वह घर पर नहीं मिली। चिंता बढ़ने लगी। महेश्‍वर 2 जुलाई को भुनेश्वरी से मिलने जब ससुराल पहुंचा, तो वो वहां भी गायब थी। यह मामला और पेचीदा हो गया। कुछ दिन बाद भुनेश्वरी ने महेश्वर को फोन पर बताया कि उसने किसी और से शादी कर ली है और अब वह उसके साथ नहीं रहना चाहती। यह सुनकर महेश्वर के पैरों तले जमीन खिसक गई। इससे नाराज महेश्वर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला महिला थाने में पहुंचा। महिला पुलिस ने काउंसलिंग के लिए भुनेवश्वरी के बुलाया, तो वह नहीं पहुंची। दूसरी काउंसलिंग में वह पहुंची। 30 जुलाई को दोनों काउंसलिंग के लिए पहुंचे थे। काउंसलिंग के दौरान, माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। गुस्से में भुनेश्वरी ने कांच के गिलास को तोड़कर महेश्वर के गले पर वार कर दिया, जिससे कांच महेश्वर के गले में धंस गया। पुलिस ने तुरंत भुनेश्वरी के खिलाफ जानलेवा हमले का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। recent visitors 79

जमीन पर अवैध कब्‍जा मामले में अफशां समेत पांच पर मुकदमा, अफशां अंसारी चल रही फरार

मऊ बाहुबली मुख्‍तार अंसारी की पत्‍नी अफशां अंसारी के ऊपर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। अफशां पर मऊ जिले में गैंगस्‍टर एक्‍ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने अफशां के अलावा चार अन्‍य आरोपियों पर भी 50-50 हजार का इनाम रखा है। अफशां अंसारी 2022 से फरार चल रही हैं। मऊ पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। गाजीपुर के ठिकाने पर भी छापेमारी की जा चुकी है। डीआईजी आजमगढ़ रेंज वैभव कृष्‍ण ने बताया कि दक्षिणटोला थाना के रैनि गांव के पास विकास कंस्‍ट्रक्‍शन नाम की फर्म बनाकर जमीन ली गई और उस पर गोदाम का निर्माण करवाया गया। इस गोदाम को फर्म ने फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया को किराये पर दिया था। यह फर्म पांच लोगों के नाम रजिस्‍टर्ड थी जिसमें अफशां अंसारी, उसके दोनों भाई अनवर शहजाद और आतिफ रजा के साथ ही रविंद्र नारायण सिंह और जाकिर हुसैन शामिल हैं। राजस्‍व विभाग की जांच में पाया गया कि विकास कंस्‍ट्रक्‍शन फर्म ने पट्टे पर दी गई जमीन को गलत तरीके से अपने नाम करा लिया है। अफशां अब तक कोर्ट में नहीं पेश हुईं 2020 में अफशां अंसारी समेत पांचों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज हुआ। अफशां के अलावा बाकी चारों लोग कोर्ट में पेश हो चुके हैं, लेकिन मुख्‍तार अंसारी की पत्‍नी का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। जून 2021 में जिला प्रशासन की टीम ने गोदाम की बाउंड्री वॉल गिराकर उस पर कब्‍जा कर लिया। recent visitors 105

पीवी सिंधु पेरिस ओलंपिक 2024 की हार से हुई हताश, फ्यूचर को लेकर भी किया बड़ा ऐलान

पेरिस भारत के लिए बैडमिंटन में लगातार दो ओलंपिक मेडल जीतने वालीं पीवी सिंधु पेरिस ओलंपिक 2024 से बाहर हो गईं। एक अगस्त को अपने राउंड 16 के मैच में उनको चीन की ही बिंग जाओ के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ उनका लगातार तीन ओलंपिक मेडल जीतने का सपना चकनाचूर हो गया। इसके बाद क्या वे रिटायरमेंट लेने वाली हैं? उन्होंने अपने भविष्य को लेकर बात की है। उन्होंने कहा है कि वह छोटा से ब्रेक ले रही हैं, क्योंकि इसकी उनके शरीर और दिमाग को जरूरत है। पेरिस ओलंपिक में मिली इस हार से वह बुरी तरह टूटी हुई हैं। पीवी सिंधु ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "पेरिस 2024: एक खूबसूरत यात्रा, लेकिन एक कठिन हार। यह हार मेरे करियर की सबसे मुश्किल हार में से एक है। इसे स्वीकार करने में समय लगेगा, लेकिन जैसे-जैसे जीवन आगे बढ़ेगा, मुझे पता है कि मैं इससे उबर जाऊंगी। पेरिस 2024 की यात्रा एक संघर्ष थी, जिसमें दो साल तक चोट लगी और खेल से लंबे समय तक दूर रहना पड़ा। इन चुनौतियों के बावजूद, यहां खड़े होकर और तीसरे ओलंपिक में अपने अद्भुत देश का प्रतिनिधित्व करके मैं वास्तव में धन्य महसूस करती हूं।" उन्होंने आगे लिखा, "मैं इस स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि एक पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए अविश्वसनीय रूप से भाग्यशाली हूं। इस दौरान आपके संदेश मेरे लिए बहुत बड़ी सांत्वना रहे हैं। मेरी टीम और मैंने पेरिस 2024 के लिए अपना सब कुछ दिया, बिना किसी पछतावे के कोर्ट पर सब कुछ छोड़ दिया।" महान बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु ने अपने करियर को लेकर कहा, "अपने भविष्य के बारे में, मैं स्पष्ट करना चाहती हूं: मैं खेलना जारी रखूंगी, भले ही एक छोटे से ब्रेक के बाद। मेरे शरीर और सबसे महत्वपूर्ण बात, मेरे दिमाग को इसकी जरूरत है। हालांकि, मैं आगे की यात्रा का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करने की योजना बना रही हूं और उस खेल को खेलने में अधिक आनंद ढूँढ़ूँगी, जिसे मैं बहुत पसंद करता हूं।" recent visitors 98

दोनों के खिलाफ ईडी की विशेष कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट किया जारी, रायपुर लाए जाएंगे अनवर ढेबर और अरूणपति

रायपुर शराब घोटाला मामले के आरोपित अनवर ढेबर और पूर्व आबकारी अधिकारी अरुणपति त्रिपाठी को उत्तरप्रदेश के मेरठ जेल से रायपुर लाने का रास्ता साफ हो गया है। दरअसल दोनों के खिलाफ ईडी की विशेष कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। ईडी की ओर से कोर्ट में लगाए गए आवेदन पर जारी प्रोडक्शन वारंट के आधार पर अब मेरठ जेल में बंद दोनों आरोपितों को रायपुर लाकर ईडी रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। गौरतलब है कि 19 जून को रायपुर केंद्रीय जेल में बंद अनवर ढेबर को हाईकोर्ट से मेडिकल ग्राउंड के आधार पर जमानत मिली थी, जमानत पर जेल से बाहर निकलते ही यूपी एसटीएफ ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान अनवर के स्वजन, रिश्तेदार और समर्थकों ने जेल परिसर में जमकर हंगामा किया था। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने किसी तरह सिविल लाइन थाने लेकर पहुंची, जहां से यूपी एसटीएफ अनवर को साथ लेकर मेरठ रवाना हो गई थी। इससे पहले अरुणपति त्रिपाठी को यूपी एसटीएफ यहां से लेकर गई थी। दोनों के अलावा अन्य आरोपितों के खिलाफ नोएडा में नकली होलोग्राम का केस दर्ज है। इसी केस में पूछताछ के सिलसिले में प्रोडक्शन के आधार पर अनवर को यहां से लेकर जाया गया था। दोनों से पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर मेरठ जेल भेज दिया था, तब से दोनों वहां है। recent visitors 100

7 अक्टूबर से कनेक्शन, फिलिस्तीन के अलावा कई मुस्लिम देशों पर भी बरस रहा इजरायल का कहर: बेंजामिन नेतन्याहू

इजरायल दो दिन पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उनके देश पर किसी भी मोर्चे पर कोई भी हमला हुआ तो भारी कीमत चुकानी होगी। नेतन्याहू उन देशों को चेतावनी दे रहे थे जो इजरायल के खिलाफ नया मोर्चे खेल सकते हैं। तेहरान में हवाई हमले में हमास के शीर्ष राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया के मारे जाने के बाद नेतन्याहू का यह पहला सार्वजनिक बयान था। हमास और ईरान दोनों ने इस्माइल हनिया की हत्या के लिए फौरन इजरायल को जिम्मेदार ठहराया जिससे व्यापक क्षेत्रीय युद्ध का खतरा पैदा हो गया है। हालांकि मिडिल-ईस्ट के कई मुस्लिम देशों की धमकियों के बावजूद इजरायल का मिलिट्री एक्शन जारी है। यहां खास बात ये है कि इजरायल के निशाने पर केवल फिलिस्तीन ही नहीं, बल्कि अन्य मुस्लिम देश भी हैं। इन देशों में बमबारी कर इजरायल ने सैकड़ों लोगों को मौत के घाट उतारा है। 7 अक्टूबर से कनेक्शन अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, 7 अक्टूबर के बाद से, इजरायल मिडिल-ईस्ट में 17,000 से अधिक हमले कर चुका है। इजरायल ने पांच मुस्लिम देशों में 17,081 हमले किए हैं। 7 अक्टूबर, 2023 को, हमास ने इजरायल के खिलाफ बड़े पैमाने पर रॉकेट दागे और नागरिकों और सैन्य ठिकानों दोनों पर हमला करते हुए सीमा का उल्लंघन किया। हमले के दौरान इजरायल में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे, और 240 अन्य लोगों का अपहरण कर लिया। इसके बाद इजरायल ने जवाबी हमला शुरू किया। गाजा की पूरी नाकाबंदी का आदेश दिया और फिलिस्तीनी एन्क्लेव में जमीनी घुसपैठ शुरू कर दी। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजरायली हमले में मरने वालों की संख्या 39,000 से ज्यादा हो गई है और 90,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इजरायल के अधिकांश हमले फिलिस्तीनी क्षेत्र, विशेष रूप से गाजा पट्टी पर हुए हैं। गाजा पट्टी पर 10,389 अटैक किए गए। यह कुल इजरायली हमलों का 60 प्रतिशत से अधिक है। इजराइल ने लेबनान पर 6,544 हमले किए (38 प्रतिशत), उसके बाद सीरिया में 144 घटनाएं दर्ज की गईं। इन मुस्लिम देशों पर टूटा इजरायल का कहर अल-जजीरा ने आर्म्ड कनफ्लिक्ट लोकेशन एंड इवेंट डाटा प्रोजेक्ट के हवाले से लिखा है कि 7 अक्टूबर से अब तक इजरायल ने फिलिस्तीनी क्षेत्र, लेबनान, ईरान, सीरिया और यमन पर 17,000 से अधिक हमले किए हैं। इजरायल के हमलों में लगभग 41,000 लोग मारे गए हैं। लेबनान पर इजरायली हमले 8 अक्टूबर से, जब हिजबुल्लाह ने फिलिस्तीनी लोगों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए इजरायल पर हमले शुरू किए, तब से इजरायल ने उस पर लगभग चार गुना अधिक हमले किए हैं। लेबनान के उत्तरी भाग में 6,544 से अधिक इजरायली हमले हुए हैं, जिसमें 590 से अधिक लोग मारे गए हैं। मंगलवार को लेबनान में हुए ताजा हमले को इजरायली सेना ने बेरूत के दक्षिणी उपनगर शुकर पर एक “सटीक हमला” बताया। लेबनान के अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में तीन नागरिक मारे गए और 74 घायल हो गए। इजरायली अधिकारियों का कहना है कि यह शनिवार को उसके गोलान हाइट्स पर हुए हमले का जवाब था जिसमें 12 बच्चे और युवा मारे गए थे। हिज्बुल्लाह ने उस हमले की ज़िम्मेदारी से इनकार किया है। सीरिया पर हमला इजरायल 7 अक्टूबर से सीरिया में 144 से अधिक हमले कर चुका है। जिसमें 260 से अधिक लोग मारे गए हैं। गाजा पर युद्ध शुरू होने के बाद से इसने अपने हमलों में उल्लेखनीय वृद्धि की है, जिसमें ईरान और सीरिया में हमास के सहयोगी हिजबुल्लाह को निशाना बनाया गया है। खासकर राजधानी दमिश्क के आसपास इजरायल ने खूब बम दागे हैं। अप्रैल में, इजरायली लड़ाकू विमानों ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में ईरानी वाणिज्य दूतावास की इमारत को ध्वस्त कर दिया, जिसमें ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के सात सदस्य मारे गए, जिनमें सीरिया और लेबनान में कुलीन कुद्स फोर्स का नेतृत्व करने वाले दो जनरल भी शामिल थे। ईरानी वाणिज्य दूतावास पर हमले से कुछ ही दिन पहले, इजरायली सेना ने सीरिया के उत्तरी प्रांत अलेप्पो पर बड़े पैमाने पर हमले किए थे, जिसमें कम से कम 40 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकांश सैनिक थे। ईरान पर हमले अप्रैल में, ईरान ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को देश के कई हिस्सों में तैनात किया गया था। क्योंकि 1 अप्रैल को ईरानी वाणिज्य दूतावास की इमारत पर इजरायल द्वारा किए गए हमले के बाद इजरायल के साथ तनाव बढ़ गया था। इस्फहान प्रांत में हवाई अड्डे के पास विस्फोटों की रिपोर्ट के बाद, ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को देश के कई हिस्सों में तैनात किया गया था। अमेरिकी मीडिया ने बताया कि इजराइली मिसाइलों ने एक ईरानी साइट पर हमला किया था। इसी बहाने इजरायल अब ईरान के परमाणु कार्यक्रम को भी तबाह करने में जुटा है। यमन पर हमला पिछले महीने, इजरायली सेना ने हूती समूह के हमलों के जवाब में यमन के लाल सागर बंदरगाह शहर होदेइदाह पर हमला किया, जिसमें छह लोग मारे गए। इजरायली हवाई हमले हूती द्वारा दक्षिणी इजरायल के ईलाट बंदरगाह पर ड्रोन हमले की जिम्मेदारी लेने के एक दिन बाद किए गए, जिसमें तेल अवीव में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। इजरायली हवाई हमले गाजा पर युद्ध शुरू होने के बाद से हौथियों के खिलाफ़ इजरायल द्वारा पहला ज्ञात प्रत्यक्ष हमला था।   recent visitors 93

वीआईपी रोड स्थित अमलतास सोसायटी निवासी श्रेष्ठा सतपथी की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत

रायपुर  राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के होटल एरिना के सामने तेज रफ्तार कार ने स्कूटी चालक युवती की को टक्कर मार दी। हादसे में श्रेष्ठा सतपथी (21) की मौत हो गई। पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी कार दूसरे थाने के सामने खड़ी मिली है। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार युवती नीट की परीक्षा पास कर डॉक्टर की पढ़ाई करने की तैयारी में जुटी थी। हादसे के बाद माता-पिता के अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने का सपना अधूरा रह गया। कुछ दिन बाद श्रेष्ठा को एमबीबीएस काउंसिलिंग में शामिल होने वाली थी। पुलिस के मुताबिक वीआईपी रोड स्थित सृष्टि गार्डन निवासी श्रेष्ठा सतपथी की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत हुई है। गुरुवार दोपहर लगभग चार बजे वह स्कूटी से अपने पिता के लिए दवाई लेने के लिए रिंग रोड से सटे सर्विस मार्ग से तेलीबंधा की तरफ आ रही थी। इसी दौरान वीआईपी रोड होते हुए तेज रफ्तार कार सीजी 14 एमपी 0686 के चालक ने लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार कार चलाते हुए युवती की स्कूटी को सामने से टक्‍कर मार दी। कार की टक्कर से युवती स्कूटी से मुंह के बल गिरकर बेहोश हो गई। नाक और मुंह से खून निकलने लगा। घटना के बाद आस-पास उपस्थित लोगों ने युवती को उपचार अस्पताल भेजा। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता एसबीआई में एजीएम मृतका दो भाई बहन है, श्रेष्ठा सबसे बड़ी थी। श्रेष्ठा के पिता आभाष सतपथी स्टेट बैंक आफ इंडिया में एजीएम के पद पर पदस्थ हैं। बेटी की मौत की खबर के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। recent visitors 117