Wednesday, July 8, 2026 8:00 am

वायनाड में तीन दिन के लिये बीएसएनएल की मुफ्त सेवा

तिरुवनंतपुरम  केरल के वायनाड जिले में बीएसएनएल ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र वायनाड जिले और नीलांबुर तालुक के सभी ग्राहकों को तीन दिनों के लिए मुफ्त असीमित कॉल और डेटा उपयोग की सुविधा प्रदान की है। बीएसएनएल की जारी विज्ञप्ति में शनिवार को बताया गया कि उपयोगकर्ताओं को प्रतिदिन 100 निःशुल्क एसएमएस भी मिलेंगे। बीएसएनएल चूरलमाला और मुंदक्कई गांवों के सभी प्रभावित लोगों को निःशुल्क मोबाइल कनेक्शन भी दे रहा है। चूरलमाला में एकमात्र मोबाइल टावर बीएसएनएल का है। हाल ही में, चूरलमाला और मेप्पाडी मोबाइल टावरों को 4जी में परिवर्तित कर दिया गया है। बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक साजू जॉर्ज ने बताया कि 4जी स्पेक्ट्रम के साथ ही 700 मेगाहर्ट्ज फ्रीक्वेंसी की तरंगें भी उपलब्ध कराई गई हैं। बीएसएनएल ने स्वास्थ्य विभाग के लिए समर्पित टोल-फ्री नंबर, जिला प्रशासन मुख्यालयों और राहत समन्वयकों के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्शन और मोबाइल सेवाएं शुरू की हैं।   recent visitors 108

9/11 के आतंकियों को मिलेगी सजा-ए-मौत, US ने रद्द किया याचिका समझौता

वॉशिंगटन अमेरिका ने 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड खालिद शेख मोहम्मद और उसके साथियों, वालिद बिन अताश और मुस्तफा अल-हौसावी पर कोई रहम नहीं दिखाने का फैसला किया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने आरोपी मास्टरमाइंड के साथ समझौते को रद्द करते हुए इन सबकी मौत की सजा बहाल कर दी। ऐसा उस समझौते की घोषणा के ठीक दो दिन बाद हुआ, जिसमें मौत की सजा को करीब-करीब खत्म कर दिया गया था। हालांकि इससे हमले में मारे गए लोगों के परिजनों का गुस्सा भड़क उठा था। खालिद 2003 में पाकिस्तान में पकड़ा गया था और उसे तथा उसके साथ मिल कर साजिश रचने के आरोप का सामना करने वालों को अमेरिकी जांच एजेंसी सीआईए की एक गोपनीय जेल में रख कर उनसे पूछताछ की गयी थी। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमले में उस समय तक न्यूयार्क शहर की पहचान बन चुकी दो जुड़वां गगनचुंबी इमारतें (टि्वन टावर) ध्वस्त हो गयी थीं और करीब तीन हजार लोग मारे गए थे। क्यूबा के ग्वांतानामो बे में सैन्य आयोग ने घोषणा की थी कि युद्ध अदालत की देखरेख के लिए नियुक्त अधिकारी, रिटायर्ड ब्रिगेडियर जनरल सुसान एस्कैलियर ने मुख्य आरोपी खालिद शेख मोहम्मद और उसके दो कथित सहयोगियों, वालिद बिन अताश और मुस्तफा अल-हौसावी के साथ एक दलील समझौते को अंतिम रूप दिया था। अलकायदा के हमलों में मारे गए करीब 3,000 लोगों के परिवारों को पत्र भेजकर सूचित किया गया था कि तीनों आरोपी आजीवन कारावास की सजा काटेंगे। शुक्रवार को याचिका समझौता रद्द करने के अपने आदेश में अमेरिकी रक्षा मंत्री ने लिखा कि उन्होंने फैसला किया है कि वह अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत हैं। इस तरह उन्होंने ब्रिगेडियर जनरल सुसान एस्कैलियर के पूर्व के फैसले को रद्द कर दिया। गौरतलब है कि पीड़ितों के परिवार भी इस याचिका के खिलाफ थे। उन्होंने आतंकी हमले के आरोपियों को राहत देने के फैसले की आलोचना की थी। कुछ रिपब्लिकंस ने इसको लेकर बाइडेन प्रशासन को दोषी ठहराया था। हालांकि बाइडेन प्रशासन का कहना था कि डील से जुड़ी बारीकियों की उन्हें जानकारी नहीं है। खालिद पर 2008 में हमले की साजिश, युद्ध के कानून के उल्लंघन और हत्या , नागरिकों और सार्वजनिक सम्पत्तियों हमला, संपत्तियों को नष्ट करना, जानबूझकर लोगों गंभीर शारीरिक क्षति पहुंचाना और आतंकवाद और आतंकवाद के लिए भौतिक सहायता सहित कई अपराधों में मामला दायर किया गया है। खालिद और उसके साथ मिल कर षडयंत्र करने वाले आरोपियों के खिलाफ सैन्य कानून के तहत मुकदमे में देरी हुई क्योंकि 2000 के दशक में अमेरिकी अदालत को सीआईए की गुप्त जेल में खालिद और अन्य से जो साक्ष्य प्राप्त किए गए थे उन साक्ष्यों को अदालत में प्रामाणिकत करने में समय लगा। यह मुकदमा 11 जनवरी, 2021 को शुरू होना था, लेकिन दो न्यायाधीशों के इस्तीफे और कोरोना महामारी के कारण इसमें देरी हुई।   recent visitors 85

मोबाइल नेटवर्क नहीं आया तो ग्राहकों को मिलेगा मुआवजा, पोस्टपेड यूजर्स को किराए में मिलेगी छूट

मुंबई मोबाइल या फिर ब्रॉडबैंड सर्विस यूज करने वाले ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। अब टेलीकॉम सर्विसेस (मोबाइल और ब्रॉडबैंड) ठप होने के एवज में कंपनी को ग्राहकों को मुआवजा देना होगा। दरअसल, टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) ग्राहकों के हित में एक नया नियम लागू करने जा रही है। ट्राई द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए नए सर्विस क्वालिटी रूल्स के तहत जिला स्तर पर 24 घंटे से अधिक समय तक सर्विस बाधित रहने की स्थिति में टेलीकॉम ऑपरेटरों को ग्राहकों को मुआवजा देना होगा। ट्राई ने नए नियमों के तहत प्रत्येक क्वालिटी बेंचमार्क को पूरा करने में विफल रहने पर जुर्माने की राशि को 50,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया है। नए नियमों को छह महीने बाद लागू किया जाएगा। रेगुलेटर ने रिवाइज्ड रेगुलेशन – " द स्टैंडर्ड्स ऑफ क्वालिटी ऑफ सर्विस ऑफ एक्सेस (वायरलाइन और वायरलेस) एंड ब्रॉडबैंड (वायरलाइन और वायरलेस) सर्विस रेगुलेशन, 2024" के तहत नियम के उल्लंघन के अलग-अलग पैमानों के लिए 1 लाख रुपये, 2 लाख रुपये, 5 लाख रुपये और 10 लाख रुपये का ग्रेडेड पेनाल्टी सिस्टम शुरू किया गया है। किराए में मिलेगी छूट, बढ़ेगी वैलिडिटी नया नियम तीन अलग-अलग रेगुलेशन्स – बेसिक और सेलुलर मोबाइल सर्विसेस, ब्रॉडबैंड सर्विसेस और ब्रॉडबैंड वायरलेस सर्विसेस के लिए क्वालिटी ऑफ क्वालिटी (QoS) का स्थान लेते हैं। किसी जिले में नेटवर्क ठप होने की स्थिति में, टेलीकॉम ऑपरेटरों को नए नियमों के अनुसार पोस्टपेड ग्राहकों के लिए किराए में छूट प्रदान करनी होगी और प्रीपेड ग्राहकों के लिए वैलिडिटी बढ़ानी होगी। ट्राई ने कहा, "यदि कोई नेटवर्क आउटेज 24 घंटे से अधिक समय तक जारी रहता है, तो सर्विस प्रोवाइडर को अगले बिलिंग साइकिल में प्रभावित जिले में रजिस्टर्ड पोस्टपेड ग्राहकों को सर्विस आउटेज के वास्तविक दिनों की संख्या के लिए सब्सक्राइब्ड टैरिफ प्लान के अनुसार प्रपोशनल किराए में छूट प्रदान करनी होगी।" रेगुलेटर एक कैलेंडर दिन में 12 घंटे से अधिक नेटवर्क आउटेज अवधि को किराए में छूट या वैलिडिटी बढ़ाने के लिए एक पूरे दिन के रूप में गिनेगा। नए नियमों में कहा गया है, "पोस्टपेड ग्राहक को किराए में छूट या प्रीपेड ग्राहक को वैलिडिटी एक्सटेंशन, खराबी के सुधार में देरी या 24 घंटे से अधिक के नेटवर्क आउटेज के कारण, जैसा भी लागू हो, नेटवर्क आउटेज के सुधारने के एक सप्ताह के भीतर किया जाना चाहिए।" हालांकि, प्राकृतिक आपदा के कारण होने वाली रुकावटों को वैलिडिटी एक्सटेंशन के लिए नहीं माना जाएगा। इतनी ही नहीं, फिक्स्ड लाइन सर्विस प्रोवाइडर्स को भी पोस्टपेड और प्रीपेड ग्राहकों को मुआवजा देना होगा, अगर उनके नेटवर्क या सर्विस में खराबी तीन दिनों के बाद ठीक हो जाती है। नए नियम के अनुसार ब्रॉडबैंड सर्विस प्रोवाइडर्स को ग्राहकों द्वारा भुगतान किए जाने के 7 दिनों के भीतर 98 प्रतिशत कनेक्शन एक्टिवेट करने होंगे। छह महीने बाद लागू होंगे नए नियम मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर्स को अपनी वेबसाइट पर सर्विस वाइज (2G, 3G, 4G, 5G) जियोग्राफिकल कवरेज मैप उपलब्ध कराने होंगे, जिससे यूजर्स को मदद मिलेगी। ट्राई के नए नियम छह महीने बाद लागू होंगे। recent visitors 93

हुयांग या कियोंग ने पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता, फिर शादी का प्रस्ताव स्वीकारा

पेरिस  चीन की बैडमिंटन खिलाड़ी हुआंग या कियोंग ने शुक्रवार को यहां पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता जिसके बाद साथी खिलाड़ी के शादी का प्रस्ताव ठुकरा नहीं सकीं। हुआंग ने झेंग सिवेई के साथ मिलकर मिश्रित युगल स्पर्धा में दक्षिण कोरिया की किम वोन हो और जियोंग ना युन को 21-8 21-11 से हराकर अपना अजेय अभियान जारी रखा। अपने गले में स्वर्ण पदक पहने हुआंग ने चीन की बैडमिंटन टीम के एक अन्य साथी लि युचेन का शादी का प्रस्ताव स्वीकार लिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रस्ताव मेरे लिए हैरानी भरा था क्योंकि मैं खेलों की तैयारियों में जुटी थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं ओलंपिक चैम्पियन हूं और मुझे शादी का प्रस्ताव मिला जिसकी मुझे उम्मीद नहीं थी।’’     recent visitors 119

पेरिस ओलंपिक : पदक की ओर लक्ष्य, सेमीफाइनल में पहुंचकर रचा इतिहास

पेरिस लक्ष्य सेन ने एक गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए चीनी ताइपै के चोउ तियेन चेन को रोमांचक मुकाबले में हराकर पेरिस ओलंपिक पुरूष एकल बैडमिंटन स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। वह ओलंपिक में पुरूष एकल अंतिम चार में पहुंचने वाले पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बने। अलमोड़ा के बाईस वर्ष के विश्व चैम्पियनशिप 2021 कांस्य पदक विजेता लक्ष्य ने 75 मिनट तक चले कड़े क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 2022 विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता चेन को 19.21, 21.15, 21.12 से हराया। पी वी सिंधू और सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी के हारने के बाद अब पेरिस ओलंपिक में बैडमिंटन में सारी उम्मीदें लक्ष्य पर टिकी हैं। भारत के लिये ओलंपिक में महिला एकल बैडमिंटन में साइना नेहवाल (2012) कांस्य, रजत (2016) और कांस्य (2020) जीत चुकी हैं। राष्ट्रमंडल चैम्पियन लक्ष्य का सामना अब 2021 के विश्व चैम्पियन सिंगापुर के लोह कीन यू और ओलंपिक चैम्पियन डेनमार्क के विक्टर एक्सेलेसन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। भारत के लिये ओलंपिक बैडमिंटन पुरूष एकल स्पर्धा में पारूपल्ली कश्यप 2012 लंदन ओलंपिक में और किदाम्बी श्रीकांत 2016 रियो ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे। जीत के बाद लक्ष्य ने कहा, ‘‘यह ऐसा ही कुछ था जिसका मैने सपना देखा था। बहुत अच्छा लग रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अभी बहुत काम बाकी है। अब असली परीक्षा है। मेरे पास 48 घंटे का समय है जिसमें अगले मैच की तैयाररी करनी है। मुझे अपना शत प्रतिशत देना है।’’ लक्ष्य इससे पहले पिछले पांच में से चार मैच चेन से हार चुके थे। दोनों के बीच मुकाबला बराबरी का था और पासा पल पल पलटता रहा। दोनों ने लंबी रेलियां लगाई और पिछड़कर वापसी करते रहे। पहले गेम में एक समय स्कोर 15.15 से बराबर था और लक्ष्य ने तीन अंक की बढत बना ली। लेकिन चेन ने वापसी करते हुए तीन अंक बनाये और बैकहैंड पर लक्ष्य की गलती का फायदा उठाते हुए पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भी दोनों ने आक्रामक शुरूआत की। जब स्कोर 7.7 था तब लक्ष्य ने लाइन कॉल के लिये रिव्यू लिया जिसका फैसला उनके पक्ष में नहीं रहा। इसके बावजूद उन्होंने एकाग्रता नहीं खोई और लगातार पांच अंक बनाये। उन्होंने दूसरा गेम जीतकर मैच को निर्णायक गेम तक खींचा। निर्णायक गेम में चेन ने कई सहज गलतियां की जिसका फायदा लक्ष्य को मिला और उन्होंने मैच अपनी झोली में डाला।   recent visitors 90

रस्सी से बंधे, बोरों में भरे छह कुत्तों को बचाया गया; दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

सतना मध्य प्रदेश के सतना जिले में छह कुत्तों को बांधकर बोरों में रखने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि आरोपी इन कुत्तों को नदी में फेंकने की योजना बना रहे थे। अधिकारी के मुताबिक, यह मामला बृहस्पतिवार को सतना शहर के बाहरी इलाके में उस समय सामने आया, जब दो राहगीरों ने आरोपियों को कुत्तों को ई-रिक्शा में ले जाते देखा। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसे रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कुत्तों को बांधकर बोरों में भर दिया गया है और उन्हें सतना नदी में फेंकने की तैयारी है। गुप्ता के अनुसार, वीडियो का संज्ञान लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कोतवाली थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी ने बताया, ‘ई-रिक्शा में रखे बोरों के अंदर से कुत्तों के रोने की आवाज सुनकर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को शक हुआ। उन्होंने चालक को गाड़ी रोकने और बोरों को खोलने के लिए मजबूर किया, जिसमें उन्हें छह कुत्ते मिले।’ द्विवेदी के मुताबिक, आरोपी नंदू बंशकार और प्रदीप बंशकार ने इन कुत्तों को नदी में फेंकने की योजना बनाई थी। उन्होंने बताया कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।   recent visitors 114

बिग बॉस ओटीटी 3 की विनर सना मकबूल की जीत पर यूजर्स ने जताई नाराजगी

फेमस रियलिटी शो 'बिग बॉस' के डिजिटल वर्जन 'बिग बॉस ओटीटी 3' का फिनाले शुक्रवार शाम मुंबई में हुआ, जिसमें सना मकबूल शो की विनर रहीं. उन्होंने रणवीर शौरी और नैजी को हराकर शो की चमचमाती ट्रॉफी और 25 लाख रुपये का चेक अपने नाम किया. ग्रैंड फिनाले में सना मकबूल और रैपर नावेद शेख, जिन्हें नैजी के नाम से भी जाना जाता है, के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिसका दर्शकों से भरपूर आनंद लिया. हालांकि, शो का फिनाले विवादों से बच नहीं सका. विनर की अनाउंसमेंट के बाद, रणवीर शौरी ने कुछ चौंकाने वाले कमेंट्स किए, जिसको सुनने के बाद यूजर्स ये अंदाजा लग रहे हैं कि सना की जीत रणवीर हजम नहीं कर पा रहे हैं. दरअसल, ये बात हर कोई जानता है कि शो के अंदर रणवीर शौरी के साथ-साथ कुछ और कंटेस्टेंट्स थे, जो सना मकबूल को पसंद नहीं करते थे. ऐसे में उनकी जीत ने सभी के अंदर कुछ न कुछ तुफान तो पैदा कर ही दिया है, जो अब बाहर आ रहा है. सना मकबूल की जीत पर बोले रणवीर शौरी रणवीर शौरी ने सुझाव दिया कि अगर कंटेस्टेंट्स को उनके सोशल मीडिया फॉलोइंग के आधार पर बिग बॉस के घर में रखा जाता है, तो निर्माताओं को कंटेस्टेंट्स को पूरी तरह से दरकिनार करते हुए सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले को ट्रॉफी दे देनी चाहिए. उन्होंने कहा, 'अगर सिर्फ़ सोशल मीडिया फॉलोइंग के आधार पर शो पर रहेंगे, तो उसे अच्छा ये है कि जिसकी सबसे ज्यादा सोशल मीडिया फॉलोइंग है उसे सीधे ट्रॉफी दे दो'. हालांकि, शो अपनी शुरुआत से ही किसी न किसी वजह से विवादों में रहा ही है. शानदार था 'बिग बॉस ओटीटी 3' का फिनाले वहीं, शुक्रवार 2 अगस्त को हुए फिनाले को देखते हुए ये कहना गलत नहीं होगा कि भले ही शो जल्दी खत्म हो गया, लेकिन इसका फिनाले काफी शानदार था, जिसमें कंटेस्टेंट्स की इंप्रेसिव परफॉर्मेंस और दिल को छू लेने वाले पल शामिल थे. अरमान मलिक, पायल मलिक, रणवीर शौरी और बाकी सभी कंटेस्टेंट्स शो के फिनाले का हिस्सा रहे. जब अनिल कपूर ने सना मकबूल को विनर अनाउंस किया, तो भीड़ ने उनकी जीत का सम्मान करते हुए सना का खूब नाम चिल्लाया और अपनी खुशी जाहिर की. recent visitors 106