Friday, July 3, 2026 11:12 am

कैबिनेट बैठक में गुरू घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व गठित करने का निर्णय, छत्तीसगढ़ में ईको-पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में कैबिनेट की बैठक हुई. कैबिनेट की बैठक में गुरू घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व गठित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य वन्यजीव बोर्ड की बैठक की अनुशंसा और भारत सरकार के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के राष्ट्रीय व्याघ्र संरक्षण प्राधिकरण की सहमति के अनुसार मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में स्थित गुरूघासीदास राष्ट्रीय उद्यान तथा तमोर पिंगला अभ्यारण्य के क्षेत्रों को सम्मिलित करते हुए 2829.387 वर्ग कि.मी. क्षेत्रफल में गुरूघासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व अधिसूचित करने का निर्णय लिया गया है। इसके गठन की आगे की कार्रवाई के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को अधिकृत किया गया है. टाइगर रिजर्व के गठन से राज्य में ईको-पर्यटन का विकास होगा साथ ही कोर और बफर क्षेत्र में स्थित ग्रामीणों के लिए गाईड, पर्यटक वाहन, रिसार्ट संचालन के साथ ही विभिन्न प्रकार के रोजगार सृजित होंगे. टाइगर रिजर्व में कार्य करने के लिए राष्ट्रीय प्रोजेक्ट टाइगर ऑथोरिटी से अतिरिक्त बजट प्राप्त होगा जिससे क्षेत्र के गांवों में आजीविका विकास के नए-नए कार्य किए जा सकेंगे. recent visitors 103

फोटो खींच कर भेजो और पाओ शानदार इनाम, राजस्थान पर्यटन विभाग का हरियाली तीज ऑफर

जयपुर. श्रावण शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाए जाने वाले हरियाली तीज के मौके पर जयपुर में तीज माता की शाही सवारी निकाली जाती है। यह आयोजन राजस्थान के पर्यटन विभाग की ओर से हर साल किया जाता है। इसके लिए जयपुर में आज सरकारी ऑफिसों में आधे दिन का अवकाश भी रखा गया है। इस बार विभाग की ओर से तीज के मौके पर एक फोटो कॉम्पीटिशन आयोजित किया गया है। इसमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्वीटर पर पर्यटन विभाग के अकाउंट @my_rajasthan को फॉलो करना होगा। इसके बाद rajasthan.tourism101@gmail.com पर ई मेल के जरिए एंट्री भेजनी होगी, जो फोटो फाइनल राउंड में सिलेक्ट होगी, उसे सरकार की तरफ से शानदार इनाम दिया जाएगा। ऐसे मनाई जाती है तीज इस दिन महिलाएं उपवास रखकर भगवान शिव की आराधना करती हैं। जयपुर के परंपरागत लहरिया परिधानों से सजी-धजी महिलाएं लाख की चूड़ियां पहनती हैं। इस अवसर पर मेहंदी लगाना भी शुभ माना जाता है। जयपुर के अलावा भी राजस्थान के कई शहरों में तीज के मेले लगाए जाते हैं। तीज पर बन रहे 3 शुभ योग इस बार तीज पर परिघ योग, शिव योग और रवि योग एक साथ आ रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार हरियाली तीज 6 अगस्त की रात  7 बजकर 52 मिनट से शुरू होकर 7 अगस्त को रात 10 बजे तक मनाई जाएगी, तीज का व्रत 7 अगस्त को रखा जाएगा। recent visitors 150

इंदौर मालवा मिल की जमीन के एक हिस्से में सिटी फारेस्ट विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है

इंदौर इंदौर शहरी क्षेत्र में बंद मिलों की जमीनों का उपयोग शहर हित में किया जाना है। मालवा मिल की जमीन के एक हिस्से में सिटी फारेस्ट विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। नगर वन विकास करने की योजना के तहत इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग द्वारा इंदौर और जबलपुर शहरी क्षेत्र में नगर वन (सिटी फारेस्ट) विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिये विभाग द्वारा योजनाबद्ध तरीके से तेजी से कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 की कार्य योजना में नगर वन विकसित करने संबंधी प्रस्ताव रखा गया है। लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन विभाग द्वारा नेशनल टेक्सटाईल कॉर्पोरेशन से इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं बुरहानपुर जिले की बंद मिलों की भूमि को पुनः राज्य शासन के पक्ष में बंदोबस्त (वैष्ठित) कर लिया गया है। इसके विरुद्ध नेशनल टेक्सटाइल कॉर्पोरेशन ने इंदौर, उज्जैन एवं भोपाल की भूमि के संबंध में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। संबंधित जिलों के कलेक्टर्स से समन्वय स्थापित कर विभाग द्वारा इन भूमि प्रकरणों के जल्द से जल्द निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। कल्याण मिल का भी होगा प्रबंध इंदौर जिले में स्थित यूनाइटेड मालवा मिल का एक प्रमुख भाग प्रबंधन की मंशा से नगर वन (सिटी फारेस्ट) के रूप में विकसित करने के लिये बेहद उपयुक्त पाया गया है। इस विकास प्रस्ताव पर विभागीय योजना बनाकर कार्यवाही की जा रही है एवं कल्याण मिल का उचित रूप से प्रबंधन किया जा रहा है। यहां भी बन रही योजना उज्जैन की विनोद मिल के शेष पार्सलों पर व्यवसायिक गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिये विभागीय योजना तैयार की जा रही है। उज्जैन की हीरा मिल का समुचित प्रबंधन भी विभागीय तौर पर किया जा रहा है। लोक परिसम्पत्ति विभाग द्वारा जबलपुर शहरी क्षेत्र में बीएसएनएल द्वारा अधिग्रहित भूमि को पुनः राज्य शासन के पक्ष में बंदोबस्त (वैष्ठित) कर लिया गया है। अब यहाँ 'सिटी फारेस्ट के लिए जरूरी विकास के मद्देनजर समुचित प्रबंधन एवं व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। 16 जिलों के विकास प्रस्ताव तैयार 'लोक परिसंपत्ति प्रबंधन जिला प्रोत्साहन योजना' के अंतर्गत विभाग द्वारा जिलों में मौजूद आधारभूत संरचनाओं को और अधिक सुदृढ़ कर इन्हें नई आवश्यकतानुसार विकसित करने के लिये गत वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में 20 जिलों को उनसे प्राप्त प्रस्तावों के अनुसार कुल 126 करोड़ 79 लाख रूपये वितरित किये गये। जारी वित्त वर्ष 2024-25 में इस योजना में 16 जिलों से पात्रतानुसार 65 करोड़ 49 लाख रूपये के विकास प्रस्ताव प्राप्त करने के लिये भी विभाग द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। recent visitors 63

PCB ने दिया ये ऑफर, BCB के जवाब का इंतजार, बांग्लादेश टीम के पाकिस्तान दौरे पर लटकी तलवार

कराची बांग्लादेश की सीनियर पुरुष टीम की पाकिस्तान के खिलाफ 21 अगस्त से रावलपिंडी में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज पर संदेह के बादल छाए हैं। बांग्लादेश में मौजूदा नागरिक अशांति के कारण पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को इस्तीफा देने और देश छोड़ने के लिए बाध्य होना पड़ा है। बांग्लादेश की सीनियर टीम को रावलपिंडी (21-25 अगस्त) और कराची (30 अगस्त-3 सितंबर) में दो टेस्ट खेलने हैं लेकिन मौजूदा परिदृश्य में राष्ट्रीय टीम के लिए यात्रा करना मुश्किल हो सकता है। यहां तक ​​कि बांग्लादेश ‘ए’ टीम का पाकिस्तान दौरा भी संदिग्ध है। पीसीबी ने खिलाड़ियों के लिए पेशकश पूर्व टेस्ट कप्तान मोमिनुल हक को पाकिस्तान शाहीन (ए) के खिलाफ होने वाली सीरीज में बांग्लादेश ‘ए’ के लिए खेलना था। घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक सूत्र ने बताया कि पीसीबी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को यह प्रस्ताव भी दिया है कि उनकी टेस्ट टीम को जल्द से जल्द रावलपिंडी लाया जाए जिससे कि सीरीज का आयोजन सुनिश्चित हो। सूत्र ने कहा, ''पीसीबी ने उनके खिलाड़ियों की अतिरिक्त दिनों के लिए मेजबानी करने और टेस्ट मैचों से पहले रावलपिंडी में उन्हें सभी प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान करने की पेशकश की है लेकिन उन्होंने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।'' महिला टी20 विश्व कप पर भी संशय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आंतरिक सुरक्षा टीम बांग्लादेश में फैली अराजकता पर नजर बनाये हुए है क्योंकि इस देश में अक्टूबर में महिला टी20 विश्व कप का आयोजन होना है। आईसीसी इस मुद्दे पर अभी इंतजार करने की नीति अपना रहा है। आईसीसी बोर्ड के एक सदस्य ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ''आईसीसी के पास अपने सभी सदस्य देशों में एक स्वतंत्र सुरक्षा निगरानी प्रणाली है। स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने में सात सप्ताह बाकी हैं। ऐसे में इस पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी कि टूर्नामेंट को बांग्लादेश से स्थानांतरित किया जाएगा या नहीं।''   recent visitors 95

छात्र के परिजनों ने इंग्लिश टीचर और उसकी मां द्वारा ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया, टीचर ने छात्र पर दुष्कर्म का आरोप लगाया

इंदौर इंदौर शहर के बाणगंगा इलाके में बीफार्मा के छात्र गौरव हाड़ा द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों ने इंग्लिश टीचर और उसकी मां द्वारा ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। छात्र गौरव के पिता राजू ने बताया कि महिला ने थाने में उसके खिलाफ दुष्कर्म की झूठी शिकायत भी की थी। परिजनों ने शवगृह के बाहर जमकर हंगामा कर पुलिसकर्मियों पर रुपये मांगने का आरोप लगाया। छात्र के पिता ने आरोप लगाया कि 45 हजार रुपये ब्याज पर लाकर पुलिस को दिए, तब उन्होंने बेटे को छोड़ा।उन्होंने महिला थाना प्रभारी कौशल्या चौहान और एएसआई गौरी तिवारी को निलंबित करने की मांग की। घर आने के बाद वो रो रहा था और दुखी था। इसके बाद उसने फांसी लगा ली। छोटी बहन ने उसे पंखे से लटका देखा था। बाणगंगा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टीचर गौरव से पांच लाख रुपये मांग रही थी।   धीरे-धीरे रुपये ऐंठने लगी थी जानकारी के मुताबिक बीफार्मा के छात्र ने 11 महीने पहले इंग्लिश कोचिंग शुरू की थी। इंग्लिश पढ़ाने वाली टीचर उससे दो-तीन वर्ष बड़ी थी। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ गई, इसके बाद टीचर उससे धीरे-धीरे करके रुपये ऐंठने लगी। दूसरी लड़‍कियों से बात करने से भी मना करने लगी। महिला पुलिस ने भी छात्र को धमकाया इसके बाद टीचर बार-बार गौरव को धमकाने लगी और उसने थाने में जाकर दुष्कर्म की शिकायत भी दर्ज करवा दी। पिता का कहना है कि इस मामले में महिला पुलिस ने गौरव को धमकाया, जब हमने टीचर के धमकीभरे चैट पुलिस को दिखाने की कोशिश की, तो पुलिस ने वो नहीं देखें। recent visitors 80

नानी के साथ खेल रहे पोते की मौत, राजस्थान-नागौर में बारिश से मकान का एक हिस्सा ढहा

नागौर. मंगलवार को मौसम विभाग ने नागौर के लिए बारिश का हाई अलर्ट जारी किया था। लगातार बारिश के चलते मुंडवा तहसील के भटनोखा के अमरराम मेघवाल के घर का एक हिस्सा पूरा ढह गया। घटना के समय घर में नानी के साथ दो दोहिते खेल रहे थे। जानकारी के अनुसार हादसे के समय घर में नौ लोग मौजूद थे, मकान गिरने की आवाज सुनकर 6 लोग तो भागकर बाहर आ गए। मगर नानी मैनादेवी पत्नी अमराराम के पास खेल रहे मोहित (7) पुत्र भूटाराम मेघवाल और उसका छोटा भाई विवेक (3) अंदर मलबे में दब गए। तीनों को ग्रामीणों ने मलबे से बाहर निकाला और नागौर के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहित मेघवाल को मृत घोषित कर दिया। नानी के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, वहीं विवेक को भी ज्यादा चोट आई है, उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मुंडवा तहसीलदार बुधराम सोहु और भावड़ा थाना अधिकारी मौके पर पहुंचे। recent visitors 123

बच्चों समेत परिवार के पांच सदस्यों की मौत, राजस्थान-चित्तौड़गढ़ में बाइक सवार परिवार को वाहन ने कुचला

चित्तौड़गढ़. चित्तौड़गढ़-निम्बाहेड़ा फोरलेन पर रात करीब 10 से 11 बजे के बीच यह हादसा हुआ। निम्बाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र में आने वाली भावलिया गांव की पुलिया के पास अज्ञात भारी वाहन ने एक बाइक को कुचल दिया। इस बाइक पर सवार तीन पुरुष, एक महिला तथा दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक मासूम उछलकर दूर जा गिरी, जिसकी जान बच गई लेकिन यह घायल हुई है। बाइक सवार शंभूपुरा थाना क्षेत्र के एक ही परिवार के सदस्य हैं और रात को निम्बाहेड़ा की ओर जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद निम्बाहेड़ा सदर थानाधिकारी संजय शर्मा मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर मौजूद आसपास के लोगों से इस हादसे के बारे में जानकारी ली। ट्रेलर या कंटेनर जैसे किसी भारी वाहन के इस बाइक सवार परिवार को कुचलना की बात सामने आई है। इसके बाद प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी करवाई है। मृतकों की शिनाख्त मृतकों की पहचान शंभूपुरा थाना क्षेत्र में केसरपुरा निवासी सुरेश व इसके परिवार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना उच्च अधिकारियों को भी दी गई है। इस पर निम्बाहेड़ा उपखंड अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मृतकों के शव निम्बाहेड़ा चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं, जिनका बुधवार को पोस्टमार्टम होगा। इधर देर रात जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी निम्बाहेड़ा चिकित्सालय पहुंचे और घटना की जानकारी ली। recent visitors 93