मनीष सिसोदिया 17 महीने बाद जेल से बाहर आए हैं, उनके जेल से बाहर आने से दिल्ली में एक अलग खुशी का माहौल: डिप्टी मेयर

नई दिल्ली दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के जेल से बाहर आने पर एमसीडी के डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल जेल के अंदर रहते हैं तो पार्टी को 70 में से 70 सीटों पर जीत हासिल होगी। अगर वो जेल से बाहर रहते हैं तो 70 में 65 सीटों पर जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया 17 महीने बाद जेल से बाहर आए हैं। उनके जेल से बाहर आने से दिल्ली में एक अलग खुशी का माहौल है। अगर कोई ऐसा समझता है कि बीते 17 महीने दिल्ली के लिए बर्बाद हुए हैं तो ऐसा नहीं है। दिल्लीवासी विधानसभा चुनाव में इन 17 महीनों का बदला लेने जा रही है। मोहम्मद इकबाल ने कहा कि विपक्षी साथियों को लगता है कि वो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी चुनाव तक जेल में रखेंगे। मैं समझता हूं कि उनके बाहर आने से आम आदमी पार्टी 70 में से 65 विधानसभा सीटों पर जीत रही है। अगर अरविंद केजरीवाल जेल के अंदर रहते हैं तो आप पार्टी को 70 में से 70 सीटों पर जीत हासिल होगी। उन्होंने आगे कहा कि बड़े बुजुर्गों की दुआओं के साथ-साथ बच्चों का भी स्नेह अरविंद केजरीवाल के साथ है। उन्होंने ऐसा क्या गुनाह किया था ? केजरीवाल ने दिल्ली के हजारों बच्चों को प्राइवेट स्कूल से बेहतर शिक्षा दी। वो एजुकेशन मॉडल ऐसा है कि मैं गारंटी के साथ कह सकता हूं कि दिल्ली के अलावा किसी और राज्य में नहीं होगा। मोहम्मद इकबाल ने आगे कहा कि वो सोच रहे थे कि मनीष सिसोदिया को जेल में डालकर एजुकेशन सिस्टम को जीरो कर देंगे। मगर मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद आतिशी ने उनकी कमान बखूबी संभाली। इस दौरान दिल्ली का एजुकेशन सिस्टम बेहतर रहा। इन चीजों से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को जितना ही कमजोर करने की कोशिश की जाती है, वह उतना ही मजबूत होती है। पार्टी उतनी ही मजबूती के साथ आगे बढ़ती है। दिल्ली की जनता ने जेल से बाहर आने के बाद मनीष सिसोदिया का जोरदार स्वागत किया है, बड़ी संख्या में पार्टी दफ्तर पहुंचकर मनीष सिसोदिया को अपना आशीर्वाद दिया है। मैं इसके लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। हम दिल्ली के बच्चों के लिए, दिल्ली की जनता के लिए हमेशा काम करते रहेंगे। गौरतलब है कि मनीष सिसोदिया को दिल्ली शराब नीति मामले में 26 फरवरी 2023 को सीबीआई ने और 9 मार्च 2023 को ईडी ने गिरफ्तार किया था। 17 महीने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उन्हें दोनों मामलों में जमानत दे दी। recent visitors 139

हर घर तिरंगा फहराने की जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारियों ने बाइक रैली निकाल कर की नगर वासियों से अपील

महासमुंद. 15 अगस्त तक देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, इस अभियान के तहत लोगों को अपने घरों और दफ्तरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद महासमुंद के जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारियों ने आज बाइक रैली निकाली। रैली नगर पालिका से शुरू होकर मुख्य मार्गो का भ्रमण करते हुऐ वापस नगर पालिका में समाप्त हुई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत  देशभर में तिरंगा रैलियां निकाली जा रही हैं। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश कुमार ने बताया है कि 15 अगस्त तक देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है इस अभियान के तहत लोगों को अपने घरों और दफ्तरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद महासमुंद के जनप्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारियों ने बाइक रैली निकाल कर नगर वासियों से अपील की है कि 9 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान का हिस्सा बनें। बाइक रैली में प्रमुख रुप से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पवन पटेल, पार्षद देवीचंद राठी, महेन्द्र सिका, मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश कुमार, उप‌अभियंता दिलीप कश्यप, स्वच्छता प्रभारी दिलीप चन्द्राकर, जल प्रभारी सीताराम चेलक, करण कुमार यादव, सुरेश तिवारी, मनोज सोनी, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी नौशाद बक्श, ममता बग्गा, प्रेम शीला बघेल सहित बड़ी संख्या में नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित थे। recent visitors 91

इस साल के अंत तक एयरपोर्ट नए टर्मिनल का उद्घाटन कर सकेंगे: गजेंद्र सिंह शेखावत

जोधपुर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शनिवार को जोधपुर दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की। बांग्लादेश पर विपक्ष द्वारा दिए जा रहे बयानों को लेकर उन्होंने कहा कि यह ठीक नहीं है। लोग आलोचना कर रहे हैं और टेम्पलेट उछाल रहे हैं, उन्हें (विपक्ष) समझना चाहिए कि यह बांग्लादेश नहीं है, यह मोदी सरकार का भारत है। अगर वे ऐसा कर रहे हैं तो उन्हें खुद पता है कि भविष्य में उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे। एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर उन्होंने कहा, "हाल ही में मैंने बात की है और इस साल के अंत तक एयरपोर्ट नए टर्मिनल का उद्घाटन कर सकेंगे।" उन्होंने जया बच्चन द्वारा राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आसन का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सदन में कोई भी व्यक्ति अपने आचरण या व्यवहार से आसन का सम्मान नहीं करता है तो यह भारत जैसे परिपक्व लोकतंत्र में अस्वीकार्य है। दुर्भाग्य से अगर ऐसी घटना होती है तो निश्चित रूप से दिल को ठेस पहुंचती है। हमने अभी देखा कि राजस्थान विधानसभा में एक वरिष्ठ नेता द्वारा आसन का सम्मान नहीं किया गया, यह किसी के लिए भी सराहनीय नहीं है। राजस्थान में पर्यटन को लेकर उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार का विषय है। संविधान के अनुसार पर्यटन राज्य का विषय है और हाल ही में पिछली सरकार द्वारा बनाई गई योजनाओं के तहत बजट जारी किया गया था, लेकिन आने वाले समय में और बजट जारी किया जाएगा। जब राज्य सरकार को पूरे क्षेत्र में पर्यटन को कैसे बढ़ावा दिया जाए, इस बारे में प्रस्ताव मिलेगा तो राज्य सरकार के साथ मिलकर इसे आगे बढ़ाया जाएगा। इसमें राजस्थान समेत अन्य राज्यों को भी शामिल किया जाएगा। बांग्लादेश में चल रही घटनाओं के बारे में उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जो कुछ भी हुआ है, वह निश्चित रूप से सही नहीं है। प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान दे रहे हैं। अगर बांग्लादेश में कानून-व्यवस्था और सरकार फिर से स्थापित हो जाए, तो जल्द ही हालात सुधर जाएंगे और बांग्लादेश फिर से अस्तित्व में आ जाएगा। recent visitors 109

बांग्लादेश हिंसा के खिलाफ संगठनों का विरोध प्रदर्शन, राजस्थान-भीलवाड़ा में दोपहर तक व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद

भीलवाड़ा. बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के विरोध में भीलवाड़ा में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुआ। संत व सनातन धर्म समाज द्वारा आयोजित इस आंदोलन में संतों और महात्माओं के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की मांग की गई है। प्रदर्शन की शुरुआत प्रातः 9 बजे अयोध्या नगरी, शहीद चौक से हुई। यहां संत समुदाय, सर्वसमाज संगठन के सदस्य और नागरिक एकत्रित हुए और रैली के रूप में धान मंडी, बड़ा मंदिर, सर्राफा बाजार, मुख्य बाजार, गोल प्याऊ और स्टेशन चौराहा होते हुए मुखर्जी उद्यान पहुंचे। रैली के दौरान जनसमूह भगवा पताकाएं लहरा रहा था और हिंदू एकता जिंदाबाद जैसे नारे लगाए जा रहे थे। रैली में शामिल प्रमुख संतों में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन, महंत बाबूगिरी, महंत बनवारीशरण काठिया बाबा, संत पंच मुरारी, महंत रामदास रामायणी और संत परमेश्वरदास शामिल हुए। इनके साथ ही भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, विहिप के ओमप्रकाश बूलिया, बजरंग दल के अखिलेश व्यास, सनातन सेवा समिति के अशोक मूंदड़ा और कई अन्य संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। ज्ञापन में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों की भर्त्सना की गई है और बांग्लादेश में हिंदू धार्मिक स्थलों, घरों, व्यावसायिक संस्थानों और महिलाओं पर हो रहे हमलों का विरोध किया गया है। ज्ञापन में भारत सरकार से बांग्लादेश में पीड़ित हिंदू अल्पसंख्यकों को भारत लाने और उन्हें भारतीय नागरिकता देने की मांग की गई है। भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने प्रदर्शनकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह रैली सर्वसमाज और संगठनों को जागरूक करने का एक प्रयास है। उन्होंने भीलवाड़ा की जनता का व्यापारिक प्रतिष्ठानों को दोपहर 12 बजे तक बंद रखने के लिए आभार व्यक्त किया। महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने अपने उद्बोधन में बांग्लादेश की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि हिंदू समाज को सजग और जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने की भी बात की। recent visitors 91

हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं तोड़ा गया अवैध निर्माण, कोलकाता नगर निगम की इस भूमिका से जज क्षुब्ध हैं

कोलकाता कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद महानगर के इकबालपुर में अवैध निर्माण नहीं तोड़ा गया। कोलकाता नगर निगम की इस भूमिका से जज क्षुब्ध हैं। हाई कोर्ट की जस्टिस अमृता सिन्हा ने इसे लेकर टिप्पणी की कि बार-बार निर्देश के बावजूद नगर निगम अवैध निर्माण को गिराने में विफल रहा है। जहां रातों-रात घर बन जाते हैं और उसे तोड़ने में सालों लग जाता है। जस्टिस सिन्हा ने कुछ महीने पहले इकबालपुर के डेंट मिशन रोड पर छह मंजिला अवैध निर्माण को तोड़ने का आदेश दिया था, लेकिन हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद उस पर अमल नहीं हुआ। यही नहीं शकील अहमद सागर नाम के एक व्यक्ति अवैध निर्माण को गिराने के लिए और समय की मांग करते हुए हाई कोर्ट पहुंच गया, जिसे देखकर जज ने अपना गुस्सा जाहिर किया। कोर्ट ने पांच दिसंबर तक का दिया समय कोर्ट ने सवाल किया कि एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नगर निगम ने अभी तक कोर्ट के किसी भी आदेश का पालन नहीं किया है। नगर निगम के वकील ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश पर तोड़फोड़ की जा रही है, लेकिन इस काम को पूरा करने के लिए समय देना होगा। वकील ने कहा कि छह मंजिला बहुमंजिला मकान को गैस कटर और हथौड़े से गिराना है, इसलिए काम बहुत धीमा है। उन्होंने कहा कि इस मकान को गिराने का काम अगले तीन महीने में पूरा किया जा सकता है। इस पर जज ने कोलकाता नगर निगम को उक्त मकान के गिराने के लिए पांच दिसंबर तक का वक्त दिया है। recent visitors 72

यूसीसी लागू करने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है, उत्तराखंड में अक्टूबर में लागू होगी UCC !

देहरादून उत्तराखंड में इस साल अक्टूबर में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर दी जाएगी। सूत्रों ने बताया कि यूसीसी लागू करने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है। बीते दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी संकेत दिए थे कि प्रदेश में जल्द ही यूसीसी लागू किया जा सकता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राज्य सरकार द्वारा पारित विधेयक को इस साल मार्च में ही मंजूरी दे चुकी हैं। यूसीसी के तहत अब राज्य में विवाह, तलाक, उत्तराधिकारी और लिव इन रिलेशनशिप को नियंत्रित किया जाएगा। यूसीसी के लागू होने के बाद प्रदेश के सभी निजी कानूनों को समाप्त कर दिया जाएगा। इस संबंध में पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा में कहा था, "यह कानून समानता, एकरूपता और समान अधिकार का है। इसे लेकर कई तरह की शंकाएं थीं, लेकिन विधानसभा में दो दिन की चर्चा से सब कुछ स्पष्ट हो गया। यह कानून किसी के खिलाफ नहीं है। यह उन महिलाओं के लिए है, जिन्हें सामाजिक कारणों से परेशानी का सामना करना पड़ता है।" उन्होंने आगे कहा था, “इससे उनका (महिलाओं का) आत्मविश्वास मजबूत होगा। यह कानून महिलाओं के समग्र विकास के लिए है।" recent visitors 66

जेपी नड्डा ने कहा- राहुल गांधी को ‘नकली देशभक्त’ बताते हुए कहा कि उन्हें देश के हितों से कोई लेना-देना नहीं

राजकोट (गुजरात) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने शनिवार कांग्रेस पर देश को बांटने का आरोप लगाया और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी को ‘नकली देशभक्त’ बताते हुए कहा कि उन्हें देश के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने यहां तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा, "ये लोग भारत जोड़ो यात्रा के जरिये देश को तोड़ने में व्यस्त हैं। हम सब को देश को एकजुट करने की दिशा में सरदार वल्लभ भाई पटेल के अमूल्य योगदान को याद करना चाहिए।" नड्डा ने कांग्रेस पर चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु और नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भुलाने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा, “मुझे दुख के साथ यह कहना पड़ रहा है कि आज कांग्रेस नेता केवड़िया में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने नहीं गए, जिन्होंने 562 रियासतों को मिलाकर एक नए भारत का निर्माण किया।” नड्डा ने कहा कि देश के युवा "इन नकली देशभक्तों को" सच्चाई से रू-ब-रू कराएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों को "सिर्फ और सिर्फ राजनीति करने से मतलब है"। देश की तरक्की और लोगों के हितों से उनका कोई लेना-देना नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की जनता अब समझदार हो चुकी है। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे। भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में उनकी कार्यशैली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राज्य लगातार विकास कर रहा है। मौजूदा सरकार राजनीति से परे हटकर लोगों के हितों के बारे में सोच रही है। recent visitors 75