भाजपा ने कांग्रेस पर5600 करोड़ रुपए के अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट मामले में आरोप, स्पेशल सेल ने तुषार गोयल का नाम लिया

नई दिल्ली  5 हजार करोड़ रुपए के इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट मामले के तार अब कांग्रेस से जुड़ते दिख रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने आज बकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश की सबसे पुरानी पार्टी पर खूब हमला बोला। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पूछा कि आखिर कांग्रेस के इस व्यक्ति के ड्रग सिंडिकेट से क्या रिश्ते हैं? सुधांशु त्रिवेदी ने ये सारी बातें दिल्ली पुलिस की स्पेशल की ओर से किए गए खुलासे के आधार पर लगाए हैं। बीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले दिल्ली पुलिस ने बताया कि इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट में मास्टरमाइंड तुषार गोयल का नाम सामने आया है, जो 2022 तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के आरटीआई सेल का चेयरमैन रह चुका है। बीजेपी ने पूछ लिए राहुल गांधी से सवाल भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस वार्ता में सीधे सांसद राहुल गांधी पर अटैक किया। बीजेपी के राज्यसभा सांसद ने राहुल को संबोधित करते हुए कहा कि अब लगता है मोहब्बत की दुकान में नफरत के सामान तो मिल ही रहे थे, अब नशे का सामान भी मिलने लगा है। सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि आखिर इतने बड़े ड्रग सिंडिकेट के खुलासे से तुषार गोयल के क्या संबंध हैं? बीजेपी सांसद ने कहा कि हमारे पास यूथ कांग्रेस के चेयरमैन पद के लिए तुषार गोयल का नियुक्ति पत्र भी है। इस नियुक्ति पत्र में राहुल गांधी और सोनिया गांधी का भी जिक्र है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि तुषार गोयल की हरियाणा के कांग्रेस नेता और सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ भी फोटो है। बीजेपी ने पूछा कि लोगों को जानने का हक है कि तुषार गोयल का आपसे क्या संबंध है? उन्होंने प्रेस वार्ता की मदद से तीन सवाल भी पूछे।भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि हमें कांग्रेस पार्टी, हुड्डा परिवार से जवाब चाहिए। सवाल1- इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट के भंडाफोड़ के बाद जो इतनी रकम मिली है, क्या कांग्रेस के इस पदाधिकारी तुषार गोयल का इससे संबंध है? अगर हां तो क्यां कांग्रेस के पास पहले भी इससे जुड़े पैसे आ चुके हैं? सवाल 2- क्या ड्रग का यह पैसा विधानसभा चुनाव के लिए तो नहीं उपयोग में लाया जा रहा था? 5600 करोड़ रुपये का कांग्रेस से क्या संबंध है? क्या कांग्रेस को इस पैसे की जानकारी है? सवाल 3– क्या कांग्रेस के कुछ नेताओं का ड्रग डीलरों से कोई संबंध है? पार्टी ने इन्हें आश्वासन दिया हो कि हरियाणा में अगर सरकार बनी तो हम इस ड्रग मैनेजमेंट के लिए मार्ग प्रशस्त करेंगे? देश के युवाओं को सीधे नशे में धकेलने वाले इतने बड़े ड्रग्स कांड के आरोपी, तुषार गोयल, 'इंडियन यूथ कांग्रेस' के RTI सेल के चीफ, के साथ कांग्रेस के आधिकारिक पदाधिकारियों का सीधा संबंध दिखाता है कि अगर इन्हें थोड़ी सी भी शक्ति मिली, तो ये देश को किस गर्त में धकेल देंगे।   दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने किया खुलासा इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट का खुलासा करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अपने खुलासे में बताया कि तुषार गोयल वह कांग्रेस के आरटीआई सेल का प्रमुख था, और उसने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर आरटीआई सेल चेयरमैन, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस लिखा है। इसके अलावा, गोयल ने "डिग्गी गोयल" के नाम से भी एक प्रोफाइल बनाई हुई है। जांच के दौरान, कई कांग्रेस नेताओं के साथ गोयल के फोटो भी सामने आए हैं। इस ड्रग्स सिंडिकेट के तार दुबई से जुड़े हुए पाए गए हैं। स्पेशल सेल की जांच में एक बड़े दुबई कारोबारी का नाम सामने आया है, जो कोकीन का प्रमुख सप्लायर है। यह जानकारी सामने आई है कि दुबई की 'डी' कंपनी ड्रग्स की खरीद-फरोख्त के लिए एक सेफ जोन के रूप में जानी जाती है और एजेंसियों को इस संबंध में पुख्ता जानकारी थी। इस मामले में मुंबई कनेक्शन भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बड़ी मात्रा में कोकीन की खेप मुंबई भेजी जा रही थी। बता दें कि बुधवार को दिल्ली पुलिस ने ड्रग्स की अब तक की बड़ी खेप पकड़ी थी। अधिकारियों के अनुसार, 560 किलोग्राम से अधिक कोकीन और 40 किलोग्राम 'हाइड्रोपोनिक मारिजुआना' जब्त किया था। जब्त किए गए ड्रग्स की अनुमानित कीमत लगभग 5,620 करोड़ रुपए है। स्पेशल सेल टीम ने महिपालपुर से चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गोयल इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स गिरोह का प्रमुख वितरक बताया जा रहा है। 1 अक्टूबर को महिपालपुर में एक गोदाम के बाहर सबको गिरफ्तार किया गया, जहां 22 कार्टन में 547 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मारिजुआना मिला। recent visitors 135

पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान कादिर ने बाबर आजम के कप्तानी छोड़ते ही संन्यास का ऐलान किया

नई दिल्ली पाकिस्तान के 31 साल के लेग स्पिनर उस्मान कादिर ने गुरुवार, 3 अक्टूबर से क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उस्मान ने अपने संन्यास की घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए की। उस्मान कादिर पाकिस्तान के लीजेंड्री स्पिनर अब्दुल कादिर के बेटे हैं। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 25 टी20 और 1 वनडे मुकाबला खेला है। 25 टी20 में उन्होंने कुल 31 विकेट चटकाए हैं। पाकिस्तान के लिए उनका आखिरी मैच 7 अक्टूबर 2023 को बांग्लादेश के खिलाफ रहा था। हाल ही में हुए घरेलू टर्नामेंट चैंपियंस वनडे कप में वह डाल्फिन्स के लिए खेलते हुए नजर आए थे। उस्मान कादिर ने अपने सोशल मीडिया पर संन्यास का ऐलान करते हुए लिखा, "आज, मैं पाकिस्तान क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा कर रहा हूं, और इस अविश्वसनीय यात्रा पर विचार करते हुए, मैं अपना हार्दिक आभार व्यक्त करना चाहता हूँ। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान रहा है, और मैं अपने कोचों और साथियों के समर्थन के लिए आभारी हूं, जो हर कदम पर मेरे साथ रहे हैं।" उन्होंने आगे लिखा, “अविस्मरणीय जीत से लेकर हमारे द्वारा सामना की गई चुनौतियों तक, प्रत्येक क्षण ने मेरे करियर को आकार दिया है और मेरे जीवन को समृद्ध किया है। मैं उन उत्साही प्रशंसकों का बहुत आभारी हूं, जो हमेशा मेरे साथ खड़े रहे हैं; आपका अटूट समर्थन मेरे लिए बहुत मायने रखता है।” अंत में अपने पिता को याद करते हुए उन्होंने लिखा, "इस नए अध्याय में कदम रखते हुए, मैं अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाऊंगा, क्रिकेट के प्रति अपने प्यार और उनके द्वारा मुझे सिखाए गए सबक को अपनाऊंगा। मैं अपने साथ पाकिस्तान क्रिकेट की भावना और साथ में बनाई गई हमारी प्यारी यादें लेकर चलता हूं। हर चीज के लिए शुक्रिया।" हाल ही में उस्मान ने राष्ट्रीय टीम से बाहर किए जाने के लिए पूर्व पीसीबी तकनीकी निदेशक मोहम्मद हफीज को दोषी ठहराया। एक स्थानीय यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए, उस्मान ने दावा किया कि पूर्व टी20 कप्तान शाहीन अफरीदी ने घरेलू क्रिकेट में उनके हालिया प्रदर्शन के आधार पर उन्हें जनवरी में न्यूजीलैंड सीरीज के लिए चयन का आश्वासन दिया था। उन्होंने हफीज पर उनके चयन के खिलाफ वकालत करने का आरोप लगाया और दावा किया कि इस हस्तक्षेप ने उनके करियर को प्रभावित किया है। recent visitors 68

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली ने 1001 चौके पूरे किए

मुंबई भारत के करिश्माई बल्लेबाज विराट कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया और सचिन तेंदुलकर, कुमार संगकारा और ब्रायन लारा के खास क्लब में शामिल हो गए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में टेस्ट में 1000 चौकों का आंकड़ा पार कर लिया। वह वनडे में पहले ही ऐसा कर चुके हैं और अब सबसे लंबे प्रारूप में ऐसा कर विराट ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। भारत ने चेन्नई और कानपुर में बांग्लादेश को करारी शिकस्त दी थी। वनडे क्रिकेट में कुल 1302 चौके लगाने वाले विराट ने मंगलवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पांचवें दिन क्रीज पर रहते हुए टेस्ट क्रिकेट में 1001 चौके पूरे किए। इस उपलब्धि के साथ कोहली सचिन तेंदुलकर, कुमार संगकारा, रिकी पोंटिंग आदि की तरह वनडे और टेस्ट में 1000 से अधिक चौकों के साथ बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए। हालांकि, विराट ऐसा करने वाले एकमात्र सक्रिय बल्लेबाज हैं। सूची के अन्य सभी बल्लेबाज पहले ही खेल से संन्यास ले चुके हैं। सचिन, संगकारा, पोंटिंग के अलावा महेला जयवर्धने, क्रिस गेल, वीरेंद्र सहवाग और ब्रायन लारा इस लिस्ट में शामिल हैं। खिलाड़ी टेस्ट में चौके वनडे में चौके सचिन तेंदुलकर 2058 2016 कुमार संगकारा 1491 1385 रिकी पोंटिंग 1509 1231 विराट कोहली 1001 1302 महेला जयवर्धने 1387 1119 क्रिस गेल 1046 1128 वीरेंद्र सहवाग 1233 1132 ब्रायन लारा 1559 1042 कानपुर टेस्ट के खत्म होने के बाद कोहली ने बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन को अपना एक साइन किया हुआ बल्ला उपहार में दिया था। शाकिब ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तब तक घरेलू सीरीज नहीं खेलेंगे जब तक बांग्लादेश की कार्यवाहक सरकार उन्हें देश में सुरक्षा मुहैया नहीं कराती है। कानपुर टेस्ट में भारतीय टीम की सात विकेट से जीत के साथ कोहली को बांग्लादेश टीम की तरफ जाते और अपना बल्ला बांग्लादेश के महानतम क्रिकेटर को सौंपते हुए देखा गया था। इस दौरान दोनों खूब हंसी मजाक भी करते दिखे। recent visitors 121

श्रीलंकाई खिलाड़ी पर ICC ने लगाया एक साल का बैन

 नईदिल्ली श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रवीण जयविक्रमा पर आईसीसी ने एंटी करप्शन कोड का उल्लंघन करने के चलते एक साल का बैन लगाया है। इस दौरान वह 6 महीने के लिए सस्पेंड रहेंगे। जयविक्रमा पर यह प्रतिबंध आईसीसी की भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के उल्लंघन की बात स्वीकार करने के बाद लगाया गया है। जयविक्रमा ने संहिता के अनुच्छेद 2.4.7 के उल्लंघन की बात स्वीकार की है। क्या है अनुच्छेद 2.4.7? ACU द्वारा की जा रही किसी भी जांच में बाधा डालना या देरी करना, जिसमें किसी भी दस्तावेज या अन्य जानकारी को छिपाना, छेड़छाड़ करना या नष्ट करना शामिल है, जो उस जांच के लिए प्रासंगिक हो सकता है और/या जो सबूत हो सकता है या भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के तहत भ्रष्ट आचरण के सबूत की खोज का कारण बन सकता है। जयविक्रमा ने आखिरी बार 2022 में श्रीलंका का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने पांच टेस्ट, पांच वनडे और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इन 15 मैचों में उन्होंने कुल 32 विकेट चयकाए हैं। बता दें, जयविक्रमा पर लगे आरोप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और लंका प्रीमियर लीग से संबंधित हैं। ICC ने श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के साथ समझौते में भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के अनुच्छेद 1.7.4.1 और 1.8.1 के अनुसार काम किया। प्रवीण जयविक्रमा ने श्रीलंका के लिए डेब्यू 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में किया था। जयविक्रमा ने 2021 में पल्लेकेले में बांग्लादेश के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट मैच में 11 विकेट लेकर क्रिकेटर जगत को चौंका दिया Le। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले खिलाड़ी के लिए रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े बनाए, लेकिन अपना फॉर्म बरकरार नहीं रख पाए और सिर्फ पांच टेस्ट मैचों में ही खेल पाए। प्रवीण ने 2021 और 2022 में जाफना किंग्स के लिए लंका प्रीमियर लीग में और हाल ही में 2023 में दांबुला सिक्सर्स के लिए भी हिस्सा लिया। recent visitors 76

भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली का इंग्लैंड का आखिरी दौरा होगा: पूर्व गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड

नई दिल्ली इंग्लैंड की टीम के पूर्व महान तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने एक बड़ी भविष्यवाणी भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर की है। ब्रॉड का मानना है कि 2025 में इंडिया का इंग्लैंड दौरा विराट कोहली का आखिरी इंग्लैंड दौरा होगा। अगले वर्ष 20 जून से 31 जुलाई के बीच जब भारत इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा, तब कोहली 36 वर्ष के हो जाएंगे। विराट कोहली 2014, 2018, 2021-22 में तीन बार इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज खेल चुके हैं और 2025 की टेस्ट सीरीज उनकी आखिरी टेस्ट सीरीज इंग्लैंड की सरजमीं पर हो सकती है। विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट के आंकड़े दमदार हैं, लेकिन इंग्लैंड में वे उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उनका औसत इंग्लैंड में 33.21 का है। इसी ब्लॉकबस्टर सीरीज को लेकर हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक, स्टुअर्ट ब्रॉड ने कहा, "यह विराट का इंग्लैंड का आखिरी दौरा हो सकता है। उनके पास बहुत प्रतिभा और बहुत अनुभव है और इंग्लैंड की टीम थोड़ी अधिक युवा और कम अनुभवी है, लेकिन उनके पास बहुत अधिक प्रतिभा है और वे फ्रंट-फुट शैली की क्रिकेट खेलते हैं।" विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद रिटायरमेंट ले चुके हैं। स्टुअर्ट ब्रॉड ने पिछली सीरीज को लेकर कहा, "जब भारत ने लॉर्ड्स (2021 में) में जीत हासिल की और सीरीज ड्रॉ कराई तो इंग्लैंड को कितना दुख हुआ, इसकी कल्पना नहीं की जा सकती। यह एक आक्रामक टेस्ट मैच था, मोहम्मद सिराज ने अंतिम दिन शानदार गेंदबाजी की, पिच सूखी थी और बस थोड़ी बहुत मूवमेंट मिल रही थी। यह देखने के लिए एक अद्भुत, भावनात्मक टेस्ट मैच था और मुझे पता है कि इससे इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम को कितना दुख हुआ। साथ ही, भारत के लिए भी यहां आना बहुत खुशी की बात थी। हमने कोहली के चेहरे पर खुशी देखी और यह उनके लिए कितना मायने रखता है। मुझे लगता है कि यह एक बहुत ही रोमांचक सीरीज होने वाली है।" recent visitors 75

बुरहानपुर में नगर के 6 जोन में नवीन जल प्रदाय परियोजना से जल प्रदाय जारी

बुरहानपुर नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी द्वारा विश्व बैंक के सहयोग से बुरहानपुर में जलावर्द्धन परियोजना का कार्य किया जा रहा है जो कि पूर्णता की ओर है। नगरवासियों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के लिए ताप्ती नदी पर इंटेक-वैल लगाया गया है। वहीं जल को शुद्ध करने के लिए 50 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र भी स्थापित किया गया है। शोधित जल उपलब्ध होने से जल-जनित बीमारियों का जोखिम भी कम रहेगा। जल के संग्रहण के लिए 8 ओवर हैड टेंक बनाए गए है साथ ही मौजूदा 4 ओवर टैंक का इस्तेमाल भी जल संग्रहण के लिए किया जायेगा। हर घर जल पहुँचाने के लिए 296 किलोमीटर की वितरण पाइप लाइन बिछाई बिछा दी गई है। नल कनेक्शन देने का कार्य भी प्रारंभ हो गया है। अब तक कुल 35 हजार से अधिक नल कनेक्शन दे दिए गए है। बुरहानपुर जलावर्धन योजना अंतर्गत जोन क्रमांक 5 शिवाजी नगर, जोन क्रमांक 6 मरीचिका गार्डन एवं जोन 10 इंदिरा कॉलोनी में जलावर्धन योजना द्वारा न्यू वॉटर सप्लाई सिस्टम से नई पाइपलाइन में प्रतिदिन पानी सप्लाई किया जा रहा है और नगर निगम द्वारा पुरानी जल प्रदाय व्यवस्था को पूरी तरीके से बंद कर दिया गया है। वहीं जोन क्रमांक 1 सुभाष स्कूल, ,जोन क्रमांक 2 किला व जोन क्रमांक 3 में भी जलावर्धन योजना अंतर्गत प्रतिदिन पानी सप्लाई किया जा रहा है एवं ओल्ड सिस्टम को बंद करने की प्रक्रिया भी जारी है। परियोजना में शेष 4 जोन जिनमें जोन क्रमांक 4 लालबाग, जोन क्रमांक 8Aट्रांसपोर्ट नगर ,जोन क्रमांक 8B सिंधीपुरा, जोन क्रमांक 9 आजाद नगर में भी लगभग 80 प्रतिशत क्षेत्र जल आवर्धन योजना अंतर्गत वाटर सप्लाई द्वारा कवर किया जा चुका है एवं शेष कमिश्निंग का कार्य प्रगतिरत है।   recent visitors 71

पांच अक्टूबर को सिंग्रामपुर में MP सरकार कैबिनेट बैठक, बनेंगे 3 हेलिपैड, 5 अक्टूबर को पहुंचेंगे CM-मंत्री

दमोह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगली कैबिनेट बैठक 5 अक्टूबर को दमोह के सिंग्रामपुर में होने जा रही है, सिंग्रामपुर रानी दुर्गावती का कार्य क्षेत्र रहा है सिंगौरगढ़ का किला भी ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण है, सिंग्रामपुर में ही कैबिनेट की बैठक आयोजित होगी। मंत्री ने किया निरीक्षण मध्य प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने  सिंग्रामपुर में स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बहुत ही सौभाग्य का विषय है कि जबेरा विधानसभा के सिंग्रामपुर में कैबिनेट होने जा रही है। इस मौके पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, सीईओ जिला पंचायत अर्पित वर्मा, डीएफओ एमएस उइके, एडीशनल एसपी संदीप मिश्रा, एसडीएम अविनाश रावत,  सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी कैबिनेट के साथियों के साथ यहां उतरेंगे। बैठक का उद्देश्य सिंग्रामपुर पंचायत से सटे जंगल और रानी दुर्गावती के किले के पर्यटन महत्व में इजाफा करना है। बैठक के चलते यहां के जंगली रास्ते को दुरुस्त करने का काम वन विभाग ने शुरू कर दिया है। पिछले एक सप्ताह से पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की टीम यहां लगातार आवाजाही कर रही है। अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेडिंग की भी प्लानिंग की गई है। बतौर सीएस अनुराग जैन की पहली कैबिनेट सिंग्रामपुर की इस कैबिनेट बैठक में नए मुख्य सचिव अनुराग जैन पहली बार कैबिनेट सचिव के रूप में मौजूद रहेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री सचिवालय ने अभी तक बैठक के लिए अधिकृत तौर पर दमोह जिला प्रशासन को सूचना नहीं दी है, लेकिन 24 सितंबर को हुई कैबिनेट बैठक में लिए फैसले के आधार पर सागर संभागायुक्त, आईजी और दमोह कलेक्टर-एसपी यहां विजिट कर व्यवस्था बनाने में जुट गए हैं। सागर संभाग कमिश्नर डॉ. वीरेंद्र कुमार रावत और आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से सिंग्रामपुर में कैबिनेट बैठक स्थल, वीरांगना रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थल, लाड़ली बहना एवं स्व सहायता समूह कार्यक्रम स्थल के साथ वीरांगना रानी दुर्गावती का किला, तालाब, वीरांगना रानी दुर्गावती के देवी पूजन स्थल के अलावा निदान कुंड स्थल का जायजा लिया है। दिए निर्देश राज्यमंत्री महेंद्र लोधी ने सिंग्रामपुर में खेल मैदान, वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थल, गुबरा में हैली पेड स्थल सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से इस संबंध में विचार विमर्श किया। सिंग्रामपुर से 4 किमी दूर जंगल में है महल दमोह से 60 किमी दूर सिंग्रामपुर ग्राम पंचायत है। वहां से 4 किमी दूर पहाड़ी पर रानी दुर्गावती का महल है। उनका पूजा स्थल अभी भी है। यहां जंगल के रास्ते ही पहुंचा जा सकता है। यहीं पर निदान वाटरफॉल है। दुर्गा अष्टमी के दिन रानी की 500वीं जयंती रानी दुर्गावती का जन्म उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के कालिंजर किले में सन 1524 में दुर्गाष्टमी के दिन हुआ था। कालिंजर के राजा कीर्ति सिंह चंदेल की इकलौती संतान का नाम दुर्गावती रखा गया था। दमोह जिले के सिंग्रामपुर के सिंगौरगढ़ में रानी दुर्गावती का किला आज भी है। यह किला रानी की वीरता की कहानियां बताता है। जिले के बटियागढ़ ब्लॉक के आंजनी गांव में रानी की 7वीं पीढ़ी रहती है। इसी साल दुर्गा अष्टमी को उनकी 500वीं जयंती है।     recent visitors 70