लालसोट में सड़क हादसे के दौरान 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, 6 से अधिक लोग घायल, थाने में मच गया बवाल !

दौसा दौसा जिले के लालसोट तहसील में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है । तो चलिए बात करते हैं कि दौसा जिले में ऐसी क्या घटना हो गई कि लालसोट थाने में बवाल मच गया। हालांकि दौसा जिले में पहले भी ऐसी घटनाएं कई बार हो चुकी है, लेकिन रविवार को हुई घटना को जानकार आपके भी होश उड़ जाएंगे। तो बताते चले कि दौसा के लालसोट में एक भीषण सड़क हादसा हो गया । जिसमें 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग घायल हो गए । जिसकी सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है । बात करते हैं पूरे घटनाक्रम की तो रोडी से भरा हुआ एक डंपर लालसोट घाटा बालाजी की ढलान से लालसोट की तरफ आ रहा था, जहां उसके अचानक ब्रेक फेल हो गए । इस दौरान डंपर ने कई बाइक सवारों को रौंदते हुए एक बस को टक्कर मार दी । जिसके बाद घटना में 4 लोगों की मौत हो गई और करीब 8 लोग घायल हो गए । हालांकि बस में कोई सवारियां नहीं बैठी हुई थी नहीं तो और भी लोगों की जानें जाने की संभावना बढ़ सकती थी । वहीं घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लालसोट थाने का घेराव शुरु कर दिया । जिसके चलते पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए । आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया । जहां लालसोट थाना अधिकारी महावीर सिंह ने मोर्चा संभाला । इस मामले पर लालसोट एडिशनल एसपी दिनेश अग्रवाल ने बताया कि मामला सुबह का है जब एक डंपर घाट की ढलान उतरते समय ब्रेक फेल का शिकार हो गया और उसने अपना संतुलन होते हुए लालसोट शहर में खड़े कुछ बाइक सवारों को टक्कर मारी । जिसके चलते चार लोगों की मौत हो गई और कुछ लोगों को लालसोट के जिला अस्पताल में भी भर्ती करवाया है, जहां उनकी भी हालत नाजुक बनी हुई है । इधर दौसा एडिशनल एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि लालसोट में हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 8 घायल हो चुके हैं जिनका इलाज जारी है । दुर्घटना में ब्रेक फेल होने के बाद डंपर ने करीबन तीन मोटरसाइकिल, एक पिकअप और एक बस को टक्कर मार दी, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया । उधर मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है और थाने पर प्रदर्शन लगातार जारी है । जहां हजारों की संख्या में लोगों ने थाने के सामने रोड को जाम कर दिया है ।   recent visitors 165

वाइल्ड लाइफ वीक पर कमला नेहरु कालेज में सेमिनार

कोरबा हमारे जंगल और घरों के आस-पास की झाड़ियों के बीच कई ऐसी वनस्पतियां और वन्य जीव हैं, जिनका अस्तित्व खतरे में है। प्रकृति, पर्यावरण व पारिस्थितिकी तंत्र का वे महत्वपूर्ण अंग हैं ही, भविष्य में जीव जगत में उनका न होना असंतुलन का कारण भी बन सकता है। बीजा-सलीहा जैसी शुद्ध देशी इमारती वृक्ष और चनहौर, कलिहारी जैसी दुर्लभ जड़ी-बूटियां भी उस लिस्ट में शामिल हैं, जिन्हें संरक्षण-संवर्धन की बजाय सिरे से अनदेखा किया जा रहा है। यही स्थिति रही तो वह परिस्थिति बनने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा, जब हम कहेंगे कि अब वे विलुप्त हुए। हमें हमारी अपनी यानी भारत की इस प्राकृतिक धरोहर को सहेजने के लिए समय रहते व्यापक और सार्थक प्रयास की विशेष जरुरत है। यह बातें छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा कोरबा इकाई सचिव दिनेश कुमार ने कमला नेहरु महाविद्यालय में आयोजित सेमिनार में छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहीं। गुरुवार को छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा कोरबा इकाई के सहयोग व महाविद्यालय के प्राणीशास्त्र विभाग के तत्वावधान में इस सेमिनार सह विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कमला नेहरु महाविद्यालय के प्राचार्य डा प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में आयोजित, इस कार्यक्रम को सफल बनाने प्राणीशास्त्र के सहायक प्राध्यापक वेदव्रत उपाध्याय, निधि सिंह एवं रसायनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष गायत्री साहू ने अहम भूमिका निभाई। अनियंत्रित दोहन से खत्म हो रही सफेद मूसली छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा कोरबा इकाई के सचिव दिनेश कुमार ने यह भी बताया कि सदियों से भारत के वन्य क्षेत्रों में रहने वाले लोग अपने मर्ज के लिए जड़ी-बूटियों का बखूबी प्रयोग करते रहे हैं। अब न केवल जंगल के गर्भ में फलने-फूलने और लहलहाने वाली उन दुर्लभ वनस्पतियों की पहचान करने वाले विरले हैं, उन जड़ी-बूटियों का अस्तित्व भी धूमिल होता जा रहा है। औषधीय गुणों वाली इन वनस्पतियों में सफेद मूसली, चनहौर और कलिहारी भी शामिल हैं, जो अनियंत्रित दोहन के चलते विलुप्ति की कगार पर हैं। इन्हें बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है और खासकर विद्यार्थी होने के नाते उन्हें जानना, उनकी पहचान करना और आने वाली पीढ़ी के लिए संरक्षित करना और भी जरुरी हो जाता है। recent visitors 80

गरबा कार्यक्रम में गायक मोहम्मद दानिश को आमंत्रित किए जाने का सर्व हिंदू संगठन ने किया विरोध

  बिलासपुर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में करुणा ग्रुप की ओर से आयोजित गरबा कार्यक्रम में गायक मोहम्मद दानिश को आमंत्रित किए जाने का सर्व हिंदू संगठन ने विरोध किया। इन्होंने एसबीआर कॉलेज गेट पर शाम छह बजे से रात नौ बजे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान गरबा कार्यक्रम शुरू नहीं हो सका। पुलिस की समझाइश के बाद संगठन के लोग वहां से हटे। इसके बाद गरबा का आयोजन देर रात तक चलता रहा। नवरात्र पर्व के अवसर पर करुणा ग्रुप की ओर से गरबा का आयोजन किया गया है। इसमें इंडियन आइडल के गायक मोहम्मद दानिश को सिंगर के तौर पर आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का शहर के सर्व हिंदू समाज की ओर से विरोध किया जा रहा था। इसके बाद भी आयोजनकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधिकारियों ने दी समझाइश इसका विरोध करते हुए शुक्रवार को सर्व हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में शाम छह बजे कार्यक्रम स्थल एसबीआर कॉलेज परिसर के सामने पहुंच गए। संगठन के लोगों ने नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम का विरोध किया। इधर विरोध को देखते हुए पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। संगठन के लोग कार्यक्रम को रद कराने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे थे। विरोध की सूचना पर एएसपी उमेश कश्यप, टीआई प्रदीप आर्य ने लोगों को समझाइश दी। तीन घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यक्रम शुरू नहीं किया जा सका। अतिथियों से कार्यक्रम में नहीं आने की अपील की इस दौरान विरोध करने वालों ने कार्यक्रम के अतिथियों से भी बात की। विरोध करने वालों ने बताया कि अतिथियों डिप्टी सीएम अरुण साव व बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का आश्वासन दिया है। रात करीब नौ बजे पुलिस के अधिकारियों और आयोजकों के आश्वासन के बाद विरोध करने वाले वहां से हटे। इसके बाद आयोजकों ने कार्यक्रम शुरू किया जो देर रात तक चलता रहा। recent visitors 155

पंचायत चुनाव को लेकर AAP नेता को मारी गोली, फिर गर्माया माहौल

जलालाबाद पंचायत चुनाव को लेकर एक बार फिर गोलियां चलने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार गत देर शाम जलालाबाद बी.डी.पी.ओ. कार्यालय गेट के बाहर आप और शिरोमणि अकाली दल के वर्करों के बीच हुई मामूली तकरार के दौरान गोली चलने से आप का सरपंच प्रत्याशी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आई है। घायल गांव मुहम्मदेवाला से सरपंची का उम्मीदवार मनदीप सिंह बराड़ बताया जा रहा हैं, जिसे स्थानीय अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद लुधियाना डीएमसी रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अक्तूबर को होने वाले पंचायत चुनाव के संबंध सरपंच-पंच उम्मीदवारों की फाईलों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान स्थानीय बी.डी.पी.ओ ऑफिस में आप और शिरोमणि अकाली दल के वर्करों के बीच विवाद हुआ और इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और एक पक्ष द्वारा गोली चला दी गई। इस दौरान सरपंच प्रत्याशी मुहम्मदेवाला से मनदीप सिंह बराड़ सीने पर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा व्यक्ति काहनेवाला गांव का बताया जा रहा है, वह भी घायल हो गया। आप नेताओं ने आरोप लगाया है कि शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने उम्मीदवार को गोली मारी है। इस घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस प्रशासन को मिली तो एस.एस.पी. वरिंदर सिंह बराड़, डीएसपी जतिंदर सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़ ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सी.सी.टी कैमरे की मदद से गोली चलाने वाले आरोपियों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस, लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और माहौल खराब करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि विरोधी हमारे कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं, इन लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। recent visitors 132

पके हुए धान पर तेज आंधी और बारिश से किसानों के चेहरों पर एक बार फिर चिंता की लकीरें खींची

दीनानगर एक तरफ जहां सरकारों द्वारा किसान वर्ग पर तरह-तरह के दबाव बनाए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ किसान वर्ग पर कुदरत की मार भी पड़ती है। जैसे कि पिछली रात पके हुए धान पर तेज आंधी और बारिश से किसानों के चेहरों पर एक बार फिर चिंता की लकीरें खींच गई हैं क्योंकि आने वाले कुछ दिनों में धान की कटाई का काम जोर-शोर से शुरू हो जाना था लेकिन इस बारिश और तेज हवाओं के कारण धान की फसल को काफी नुकसान हुआ है। वहीं दूसरी ओर बासमती की खड़ी फसल पूरी जमीन पर नीचे बिछ जाने के कारण पैदावार में बड़ा अंतर देखने को मिल सकता है। इस मौके पर किसानों ने कहा कि इस प्राकृतिक मार के कारण किसानों को अधिक आर्थिक बोझ उठाने लिए मजबूर होना पड़ सकता है  क्योंकि आने वाले दिनों में जब धान की कटाई का काम शुरू होगा तो जमीन पर गिरे धान की कटाई के लिए किसान को कंबाइन का रेट दोगुना देना पड़ेगा, जिससे किसानों पर अधिक बोझ पड़ेगा।   recent visitors 96

प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने कहा- एग्जिट पोल में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है, 2005 का रिकॉर्ड दोहराएगी पार्टी

पलवल हरियाणा विधानसभा चुनावों की वोटिंग सकुशल शनिवार को सम्पन्न हो गई। मतगणना 8 अक्टूबर यानी मंगलवार को होगी। इसके पहले ही एग्जिट पोल में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है। इसे लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदय भान प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सन 2005 का रिकॉर्ड पार्टी दोहराएगी। अध्यक्ष ने कहा की प्रदेश में 67 सीटें जीतकर कांग्रेस सरकार बना रही। हरियाणा में पीएम मोदी और बीजेपी के बड़े नेताओं की रैली का कोई असर नहीं हुआ क्योंकि भाजपा के झूठ से प्रदेश की जनता परेशान हो गई थी।  उन्होंने कहा की सीएम फेस का फैसला विधायक दल की बैठक और केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। कांग्रेस ने कहा है कि हरियाणा में पिछले 10 साल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने लोगों की भावनाओं के प्रतिकूल काम किया है और इससे हरियाणा का हर वर्ग भाजपा से नाराज था, इसलिए इसके वही परिणाम शुरु से दिख रहे थे, जिनका अनुमान एग्जिट पोल लग रहे हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वह पहले से ही कह रहे हैं कि हरियाणा में कांग्रेस की पक्ष में लहर है और कांग्रेस बड़ी जीत हासिल कर रही है, इसलिए एग्जिट पोल में जो कुछ कहा जा रहा है, उसमें कुछ भी नया नहीं है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कॉंग्रेस नेता अश्विनी कुमार ने कहा कि हरियाणा में एग्जिट पोल सही बता रहे हैं कि कांग्रेस जीत रही है और भारी बहुमत से सरकार बना रही है, लेकिन कांग्रेस की सरकार बनने पर भाजपा के लिए बहुत ही निराशाजनक स्थिति होगी। सीएम कोई भी होगा हमने जो जनता से वादे किए उन पर जनता ने भरोसा किए है। हम उस वादे को पूरा करेंगे।     recent visitors 54

CM भगवंत मान ने किया बड़ा ऐलान- सहकारी बैंक किसानों को पराली प्रबंधन के लिए 80 प्रतिशत पर ऋण देंगे

जालंधर/चंडीगढ़ अब राज्य सरकार के सहकारी बैंक किसानों को पराली प्रबंधन के लिए 80 प्रतिशत पर ऋण देंगे। किसान इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठा सकेंगे। टि्वटर पर पोस्ट सांझी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है… पराली के निपटारे के लिए किसानो को 50 से 80 फीसदी तक सबसिडी व मशीनरी देने के लिए सहकारी बैंक द्वारा पंजाब भर में  'फसल अवशेष प्रबंधन ऋण योजना' शुरू की गई है…सभी किसानों से अनुरोध है कि वे इस लाभकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं…। recent visitors 58