Tuesday, July 7, 2026 1:53 pm

नवा रायपुर में पूजा- अर्चना कर किया गृहप्रवेश, छत्तीसगढ़ के सीएम साय नए आवास पर पहुंचे

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवरात्रि के पावन अवसर पर विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना कर नवा रायपुर में नवनिर्मित नए मुख्यमंत्री निवास में गृहप्रवेश किया। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ मंत्रोच्चार और शंख ध्वनि के बीच पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपनी माता जसमनी देवी से आशीर्वाद ग्रहण कर गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका उनकी धर्मपत्नी रानी डेका काकोटी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस सहित अनेक विधायक और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। recent visitors 70

हुसैन शंटो ने कहा- टी20 क्रिकेट में नियमित रूप से 180 से अधिक का स्कोर कैसे बनाना है

ग्वालियर बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शंटो ने साफ तौर पर स्वीकार किया कि उनकी टीम नहीं जानती कि टी20 क्रिकेट में नियमित रूप से 180 से अधिक का स्कोर कैसे बनाना है। पिछले कुछ समय से बल्लेबाजी बांग्लादेश की कमजोर कड़ी रही है। विशेष कर पावर प्ले में उसके बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में भी उसके बल्लेबाजों को शुरुआती छह ओवरों में दो विकेट पर 39 रन बनाने के लिए उन्हें संघर्ष करना पड़ा। उसकी टीम केवल 127 रन बना पाई। भारत ने केवल 11.5 ओवर में लक्ष्य हासिल करके श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली। शंटो ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘हमारे पास क्षमता है, लेकिन हमारे कौशल में सुधार की गुंजाइश है। हम पिछले 10 वर्षों से इसी तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं। कभी-कभी हम अच्छा प्रदर्शन करते हैं। हमें कुछ बदलाव करने होंगे।’’ बांग्लादेश के कप्तान ने कहा कि स्वदेश में वे जिन विकेट पर खेलते हैं उनमें बड़े स्कोर नहीं बनते जिससे कि उनकी बल्लेबाजी प्रभावित हो रही है। शंटो ने कहा,‘‘स्वदेश में हम ऐसे विकेट पर खेलते हैं जिनमें 140-150 का ही स्कोर बनता है। हमारे बल्लेबाज नहीं जानते कि 180 रन कैसे बनाते हैं। मैं सिर्फ विकेटों को दोष नहीं दूंगा, हमें अपने कौशल और मानसिकता पर भी काम करना होगा।’’ उन्होंने कहा,‘‘मैं यह नहीं कहूंगा कि हमने खराब खेल खेला। हमारी टीम इससे बेहतर है लेकिन हम लंबे समय से इस प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। मुझे नहीं लगता कि हमारी टीम इतनी खराब है। हमारे किसी एक बल्लेबाज ने नहीं बल्कि पूरी बल्लेबाजी इकाई ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया।’’ शंटो ने स्वीकार के आगे पावर प्ले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण उनके संपूर्ण प्रदर्शन पर प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा,‘‘पावर प्ले निश्चित रूप से हमारे लिए चिंता का विषय है। हमें पहले छह ओवरों में विकेट बचाए रखकर रन बनाने होंगे। ऐसा नहीं होने पर बाद के बल्लेबाजों के लिए स्थिति चुनौती पूर्ण बन जाती है। पावर प्ले में बल्लेबाजी करने वाले हमारे खिलाड़ियों को अधिक जिम्मेदारी उठानी होगी।’’   recent visitors 136

वरुण चक्रवर्ती ने कहा- साइड स्पिन की बजाय ओवर स्पिन पर ध्यान देने से फायदा मिला

ग्वालियर भारत के रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का मानना है कि उन्होंने साइड स्पिन करने के बजाय गेंद को अधिक टर्न कराने के लिए ओवर स्पिन पर ध्यान दिया जिससे उन्हें राष्ट्रीय टीम में सफल वापसी करने में मदद मिली। इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने 2021 में टी20 विश्व कप में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी लेकिन उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा जिसके कारण वह टीम से बाहर हो गए। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ रविवार को यहां खेले गए मैच में तीन विकेट लेकर राष्ट्रीय टीम में सफल वापसी की। भारत की सात विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले वरुण ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,‘‘मैं साइड स्पिन करने वाला गेंदबाज हुआ करता था, लेकिन अब मैं पूरी तरह सेओवर स्पिन करने वाला गेंदबाज बन गया हूं। ’’ उन्होंने कहा,‘‘यह स्पिन गेंदबाजी का एक सूक्ष्म तकनीकी पहलू है, लेकिन इसमें महारत हासिल करने में मुझे दो साल से अधिक का समय लगा। मैंने तमिलनाडु प्रीमियर लीग और आईपीएल में इस तरह से गेंदबाजी शुरू की। इसके लिए मुझे मानसिक पहलू पर भी काम करना पड़ा। इस तरह की गेंदबाजी करने का सबसे प्रमुख पहलू तकनीकी पक्ष होता है।’’ वरुण को पिछले दो सत्र में आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया जिसने उन्हें और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। अब जबकि टीम में उनकी वापसी हो गई है तो यह उन्हें पुनर्जन्म जैसा लग रहा है। वरुण ने कहा,‘‘जब भी किसी टीम की घोषणा होती थी तो मुझे ऐसा लगता था मेरा नाम उसमें क्यों नहीं है। मैं उसके बारे में सोचता रहता था। इसने मुझे और अधिक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।’’ उन्होंने कहा,‘‘मैंने ठान ली थी कि मैं वापसी करने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोडूंगा। इसलिए मैंने अधिक से अधिक घरेलू क्रिकेट में खेलने को प्राथमिकता दी और इससे मुझे मदद मिली।’’   recent visitors 60

CM साय ने सेना के अदम्य साहस को सराहा, छत्तीसगढ़-रायपुर में सैन्य प्रदर्शनी एक दिन और बढ़ी

रायपुर. छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर स्थित साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य सैन्य समारोह और प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री साय का जैकेट पहनाकर सेना ने अपने अंदाज में स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय ने दो दिवसीय सैन्य प्रदर्शनी को आम नागरिकों के उत्साह को देखते हुए एक दिन बढ़ाने की घोषणा की। अब प्रदर्शनी का आयोजन सात अक्टूबर तक किया जाएगा। प्रदर्शनी दिन में सुबह आठ बजे से दस बजे तक एवं शाम को छह बजे से रात आठ बजे तक आयोजित की जायेगी। प्रदर्शनी में भीष्म टी-90 टैंक, बीएमपी, एल-70 और अन्य आधुनिक सैन्य उपकरणों का अवलोकन कर सकेंगे, जिनका उपयोग हमारे सशस्त्र बलों ने दुश्मनों के खिलाफ विजय प्राप्त करने में किया है। इसके साथ-साथ आप पैरा जंपिंग, खुखरी डांस, डेयर डेविल मोटरसाइकलिंग और घुड़सवारी जैसे हैरतअंगेज और अद्भुत प्रदर्शन का आनंद भी ले पाएंगे। सीएम साय ने प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण में से एक टैंक टी-90 भीष्म का भी अवलोकन किया और इसकी क्षमता और विशेषता की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सेना में उपयोग होने वाले अत्याधुनिक हथियारों, ड्रोन, रायफल सहित भूतपूर्व सैनिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं, अग्निपथ योजना, छत्तीसगढ़ हर्बल्स के स्टाल का अवलोकन किया। सैन्य प्रदर्शनी के दौरान भारतीय सेना द्वारा युद्ध में उपयोग किए गए तथा वर्तमान में उपयोग किये जा रहे विभिन्न हथियारों, टैंक, रायफल आदि का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में ऐसे टैंक और हथियार भी शामिल हैं, जो वर्तमान में उपयोग में नहीं है और सेना ने इसे एक धरोहर के रूप में संजो कर रखा है। साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी स्टालों का अवलोकन किया और सेना के अधिकारियों से जानकारी ली। सैन्य प्रदर्शनी समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस प्रदर्शनी में अपनी सेना की ताकत, उनकी क्षमता और हमारे वीर जवानों के शौर्य को देखकर रोमांचित और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों में देशभक्ति का जज्बा जगाने के लिए सेना का एक अकेला जवान ही काफी होता है। सेना की वर्दी में किसी चुस्त-दुरूस्त जवान को देखकर ही हमारे भीतर जोश आ जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर जब हम कर्तव्य-पथ पर अपने सैनिकों को परेड करते हुए देखते हैं, तब हर भारतीय के मन में विचार अवश्य आता है कि काश हम भी भारतीय सेना का हिस्सा होते। उन्होंने कहा कि हमारी यह सेना संख्या दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेनाओं में गिनी जाती है। हमारी यह सेना अपने अनुशासन और दक्षता के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। recent visitors 71

विश्व जूनियर निशानेबाजी चैंपियनशिप: भारत ने पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में टीम स्वर्ण जीता

नई दिल्ली दीपक दलाल (545), कमलजीत (543) और राज चंद्रा (528) की भारतीय टीम ने पेरू की राजधानी लीमा में विश्व जूनियर निशानेबाजी चैंपियनशिप के अंतिम दिन पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम ने अजरबैजान को एक अंक से हराकर कुल 1616 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। आर्मेनिया की टीम तीसरे स्थान पर रही। भारत ने इस तरह से 13 स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक सहित कुल 24 पदकों के साथ चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान हासिल किया। इटली पांच स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य पदकों के साथ दूसरे जबकि नॉर्वे चार स्वर्ण सहित कुल 10 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भारत के मुकेश नेलवल्ली ने 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता, जो प्रतियोगिता में उनका छठा पदक है। उन्होंने 548 अंक बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। अजरबैजान के इमरान गारायेव ने 552 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। महिलाओं की 50 मीटर पिस्टल में परिशा गुप्ता ने 540 के स्कोर के साथ व्यक्तिगत रजत पदक जीता। हंगरी की मिरियम जाको ने 546 अंक बनाए जो जूनियर विश्व रिकॉर्ड है। भारत की सेजल कांबले (529), केतन (525) और कनिष्का डागर (513) ने इस स्पर्धा में टीम वर्ग का कांस्य पदक जीता। अजरबैजान की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में भाग ले रही पांचवीं भारतीय दिव्यांशी 523 अंक के साथ आठवें स्थान पर रहीं। अंतिम दिन की अन्य स्पर्धा में शार्दुल विहान और सबीरा हैरिस ने मिलकर जूनियर मिश्रित टीम ट्रैप स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक दिलाया। शार्दुल (71) और सबीरा (67) ने कुल 138 का स्कोर बनाया। चेक गणराज्य ने स्वर्ण और इटली ने रजत पदक जीता। इस स्पर्धा में जुहैर खान और भाव्या त्रिपाठी की दूसरी भारतीय जोड़ी ने कुल 134 का स्कोर बनाकर संयुक्त छठा स्थान हासिल किया।   recent visitors 83

महिला की मौत पर व्यवस्था बनाने की अपील, छत्तीसगढ़-राजनांदगांव के बम्लेश्वरी मंदिर में पहुंचे लाखों श्रद्धालु

राजनांदगांव. विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी देवी मंदिर में लाखों की संख्या में नवरात्र पर्व पर लोग माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, कलेक्टर ने मां बम्लेश्वरी मंदिर में भीड़ की अधिकता को देखते हुए सभी श्रद्धालुओं एवं पद यात्रियों से अपील की है और जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की बात कही गई है। बता दें कि आज डोंगरगढ़ मेले में एक महिला की मौत हुई है मौत का कारण फिलहाल अज्ञात है, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है। राजनांदगांव जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर डोंगरगढ़ में विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी देवी का मंदिर स्थित है, मां के दर्शन के लिए नवरात्रों पर पर लाखों की संख्या में भक्त यहां पहुंच रहे हैं, अभी तक लगभग 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए हैं। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अपील की जा रही है,वहीं डोंगरगढ़ मेले में आज एक लगभग 35 से 40 वर्षी महिला की मौत हुई है मौत का कारण फिलहाल अज्ञात है पुलिस जांच कर रही है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि मां बम्लेश्वरी मंदिर में भीड़ की अधिकता है,श्रद्धालु एवं पदयात्रियों से अपील है कि वह व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और अपने परियों का इंतजार करें,इसके साथ ही बुजुर्ग बच्चों माता एवं दिव्यांगजनों को दर्शन के लिए पहले जाने दिया जाए,जिससे व्यवस्था बनी रहे,सभी अपनी पारी आने का इंतजार करें और माता का दर्शन करें और व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें लाखों की संख्या में रोजाना भक्त माता के दर्शन के लिए पदयात्रा करते हुए और अन्य मार्गो से पहुंच रहे हैं,भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है। recent visitors 71

जांजगीर चांपा में बड़ा हदासा: मॉर्निंग वॉक पर निकले बच्चों को पिकअप ने रौंद, दो की हालत गंभीर, चार बिलासपुर रेफर

जांजगीर चांपा पामगढ़ थाना क्षेत्र के पामगढ़ कुटराबोड मुख्य मार्ग पर नहर के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले बच्चों को पिकअप ने अपने चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि इस घटना में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं। सभी को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया।   जहां प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। घटना में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना सुबह तड़के चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सोमवार सुबह तड़के चार से पांच बजे के बीच  कुटराबोड में युवक और बच्चे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर सड़क किनारे घूम रहे थे। कुछ लोग बैठे थे। तभी पामगढ़ की ओर से जांजगीर की ओर तेज रफ्तार से पिकअप ने बच्चों को अपने चपेट में ले  लिया। घटना में आधे दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। इधर अन्य मॉर्निंग वॉक पर निकले गांव के लोगों ने इसकी जानकारी एंबुलेंस और परिजनों को दी। जहां तत्काल एंबुलेंस पहुंचने पर सभी घायलों को  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। इस हादसे में दो युवक की हालत गंभीर बताया जा रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद मौके से पिकअप फरार हो गया है। recent visitors 51