Tuesday, July 7, 2026 6:36 am

गंभीर हालत में जयपुर रैफर, राजस्थान-अलवर में नशेड़ी बदमाशों ने युवक के सिर पर फोड़ी 6 बोतलें

अलवर. शहर के अरावली विहार थाना अंतर्गत इंदिरा गांधी स्टेडियम के समीप कल दोपहर तीन कुख्यात बदमाशों ने शराब के नशे में  एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सोनावा निवासी 29 वर्षीय विनोद सैनी शिवाजी पार्क में मजदूरी कर दोपहर में खाना खाने के लिए अपने घर आ रहा था, तभी रास्ते में स्टेडियम के समीप पड़ोसी विजयपाल, अजीत और पवन ने उसे घेर लियाऔर उसके सिर पर पहले कातले से वार किया और उसके बाद ताबड़तोड़ 6 बोतलें उसके सिर पर फोड़ डाली। गौरतलब है कि स्टेडियम के पीछे ही शराब का ठेका है, जहां आए दिन शराब पीकर खुलेआम गुंडागर्दी होती है। बड़ी बात तो यह है कि पुलिस थाना भी स्टेडियम के पास ही है लेकिन इसके बावजूद यहां इस तरह की  गुंडागर्दी आम बात हो चुकी है। पीड़ित विनोद सैनी का कहना है कि किसी पुरानी रंजिश को लेकर उन्होंने हमला किया है, जबकि उसका उनसे कोई झगड़ा नहीं था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति विजयपाल को हिरासत में ले लिया है। पुलिस बाकी दो बदमाशों की भी तलाश कर रही है, जो घटना के बाद ही फरार हो गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के बारे में पकड़े गए आरोपी विजयपाल से पूछताछ कर रही है ताकि उन्हें भी हिरासत में लिया जा सके। recent visitors 54

समिति की बैठक में होगा फैसला, राजस्थान-एसआई भर्ती परीक्षा होगी रद्द या नहीं

जयपुर. राजस्थान एसआई भर्ती परीक्षा 2021 में पेपर लीक मामले के बाद आज अहम बैठक होगी। पेपर लीक का खुलासा होने के बाद सरकार ने 6 मंत्रियों की एक समिति का गठन किया था, जो इस मामले की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई की सिफारिश करेगी। इस समिति की पहली बैठक आज सचिवालय में आयोजित होने वाली है। समिति की सिफारिशों के बाद सरकार परीक्षा रद्द करने या अन्य कोई कदम उठाने का निर्णय लेगी। एसआई भर्ती परीक्षा 2021 के पेपर लीक मामले में राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा की संलिप्तता सामने आई थी। जांच एजेंसी एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की पूछताछ में खुलासा हुआ कि कटारा ने पेपर लीक किया था, जो बाद में रामूराम राईका द्वारा अपने बेटे देवेश और बेटी शोभा को उपलब्ध कराया गया। इस मामले के गर्माने के बाद सरकार ने 6 मंत्रियों की समिति का गठन किया, ताकि परीक्षा रद्द करने या अन्य कार्रवाई के लिए सिफारिशें दी जा सकें। समिति की संरचना समिति का संयोजक संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल को बनाया गया है। अन्य सदस्यों में स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और सार्वजनिक निर्माण राज्यमंत्री मंजू बाघमार शामिल हैं। समिति इस मामले में गहन समीक्षा करेगी और आगे की कार्रवाई के लिए सरकार को अनुशंसा देगी। परीक्षा रद्द करने पर मतभेद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने परीक्षा रद्द करने की मांग की है लेकिन इसके विरोध में कई सामाजिक संगठनों ने सरकार से इसे निरस्त न करने का आग्रह किया है। राजपूत और जाट समाज सहित विभिन्न संगठनों ने सरकार को पत्र लिखकर कहा कि पेपर लीक में केवल 5% उम्मीदवार दोषी हैं, बाकी 95% निर्दोष अभ्यर्थियों को इसकी सजा नहीं मिलनी चाहिए। उनका तर्क है कि परीक्षा रद्द करने से अन्याय होगा और बेरोजगार युवाओं के भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ेगा। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि समिति की सिफारिशों के बाद बैठक में क्या निर्णय लिया जाता है? recent visitors 143

पंजाब जिले में बढ़ाई गई सुरक्षा, लगे हाईटेक नाके, नाकाबंदी का मकसद अमन-कानून को बनाए रखना

जालंधर पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने त्योहारों के सीजन और पंचायत चुनाव के दौरान अमन-कानून को सुनिश्चित बनाने के लिए 19 नाजुक बिंदुओं पर विशेष नाकाबंदी करते हुए शहर भर में अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस नाकाबंदी का मकसद अमन-कानून को बनाए रखना, संदिग्ध व्यक्तियों की कार्रवाई पर नजर रखना और ट्रैफिर नियमों को लागू करना था।   व्यापक नाकाबंदी ऑप्रेशन कमिश्नरेट पुलिस ने त्योहारी सीजन और आगामी ग्राम पंचायत चुनाव 2024 के दौरान कानून को यकीनी बनाने के लिए शहर के 19 नाजुक प्वांइटों पर विशेष नाकेबंदी की। इस ऑपरेशन की देखरेख हलका जी.ओ. द्वारा की गई और एस.एच.ओ. द्वारा कमिश्नरेट पुलिस, जालंधर की इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम (ERS) टीम के सहयोग से चलाई गई। त्योहारों के सीजन और चुनाव के दौरान सुरक्षा को सुनिश्चित करना इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारी सीजन और आगामी ग्राम पंचायत चुनाव 2024 के दौरान सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखना था। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने इस कठिन समय के दौरान सुरक्षा, सुचारू यातायात और नागरिकों की सुविधा को पहल दी। संदिग्ध तत्वों पर फोकस विशेष नाकाबंदी में शहर में संदिग्ध तत्वों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने पर जोर दिया। बुरे तत्वों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान टीमें किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सरगर्मी से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही है।    ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन एवं एनफोर्समेंट नाकाबंदी के दौरान ट्रैफिक नियमों की पालना न करने वालों के कुल 94 ट्रैफिक चालान किए गए और 13 वाहनों को दस्तावेजों की कमी के कारण जब्त कर लिया गया। नाकाबंदी के दौरान उल्लंघन जैसे बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट के वाहन, अवैध काली फिल्म वाले वाहन, ध्वनि प्रदूषण  पैदा करने वाले बड़े वाहन, संशोधित साइलेंसर वाले बुलेट मोटरसाइकिल, रेड लाइट जंपिंग और अन्य  ट्रैफिक उल्लंघनों पर ध्यान केंद्रित किया। वाहनों की चेकिंग की गई अभियान के दौरान कुल 550 वाहनों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस यह सुनिश्चित बनाया कि सभी वाहन सुरक्षा नियमों का पालन करें और गैर कानूनी गतिविधियां जैसे कि तस्करी, गैर कानूनी वस्तुओं के कब्जे या वाहनों के अनधिकृत उपयोग पर नजर रखी जाती है। त्योहारों का सीजन और चुनाव की तैयारी इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के सीजन और आगामी ग्राम पंचायत चुनाव 2024 के दौरान शहर को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाना था। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर सभी नागरिकों के लिए एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करने पर केंद्रित है। यह अभियान सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाने, सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने और त्योहारी सीजन और आगामी ग्राम पंचायत चुनाव 2024 के दौरान किसी भी विघ्न को रोकने के लिए एक व्यापक पहल का हिस्सा है। recent visitors 67

संजय रॉय ने ही किया था बलात्कार, फिर हत्या, ट्रेनी डॉक्टर के रेप एंड मर्डर केस में CBI ने दायर की चार्जशीट

कोलकाता कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर के रेप एंड मर्डर केस में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने आज चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीबीआई की चार्जशीट के मुताबिक मामले में मुख्य आरोपी संजय रॉय ने ही पीड़ित डॉक्टर से बलात्कार किया था और उसके बाद उसकी हत्या कर दी थी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी है। कोलकाता की एक विशेष अदालत में दाखिल आरोप पत्र में सीबीआई ने कहा कि स्थानीय पुलिस के साथ स्वयंसेवक के रूप में काम करने वाले रॉय ने 9 अगस्त को अस्पताल के सेमिनार हॉल में घटना को कथित तौर पर अंजाम दिया था। अधिकारियों के अनुसार, एजेंसी ने आरोप पत्र में सामूहिक बलात्कार के आरोप का उल्लेख नहीं किया है, जिससे संकेत मिलता है कि रॉय ने अकेले ही अपराध को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर उस समय अपराध किया जब डॉक्टर रात में खाना खाने के बाद अस्पताल के सेमिनार हॉल में आराम करने गई थी। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, रॉय को मुख्य आरोपी के रूप में नामित करने वाली चार्जशीट में लगभग 200 लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। हालांकि, अभी भी इस बात की जांच चल रही है कि क्या कोई और संदिग्ध इस मामले में शामिल था। ट्रेनी डॉक्टर 9 अगस्त को अस्पताल में मृत पाई गई थीं। इसके बाद की जांच में पता चला था कि उसके साथ हैविनयत और भयानक हादसा हुआ था। इस घटना के विरोध में देश भर में विरोध प्रदर्शनों के बीच कोलकाता हाई कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दिया था। बाद में मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। इस बीच, इस मामले में महिला चिकित्सक के लिए न्याय और कार्यस्थल पर सुरक्षा की मांग को लेकर आंदोलनरत कनिष्ठ चिकित्सकों का आमरण अनशन सोमवार को लगातार तीसरे दिन जारी है। बहरहाल, राज्य सरकार ने उनकी मांगों पर अभी कुछ नहीं कहा है। छह कनिष्ठ चिकित्सक शनिवार शाम से ही आमरण अनशन कर रहे हैं और बाद में एक और चिकित्सक उनके साथ शामिल हो गए। ‘ज्वाइंट प्लेटफॉर्म ऑफ डॉक्टर्स इन वेस्ट बंगाल’ के छह सदस्य कनिष्ठ चिकित्सकों के साथ एकजुटता जताने के लिए अनशन में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं। एक कनिष्ठ चिकित्सक अनिकेत महतो ने कहा, ‘‘हमारा आमरण अनशन जारी है। हमें राज्य सरकार से कोई संदेश नहीं मिला है। हम अपनी सभी मांगें पूरी होने तक इसे जारी रखेंगे। कोई भी बाहरी दबाव हमें अपनी मृतक बहन के लिए न्याय मांगने के वास्ते प्रदर्शन करने की हमारी राह से नहीं हटा सकता…अभी नहीं तो कभी नहीं।’’ recent visitors 103

उधार शराब नहीं देने पर हाईप्रोफाइल ड्रामा, राजस्थान-अलवर में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक

अलवर. जिले के खेड़ली कस्बे में समीपवर्ती गांव खेरली रेल में एक शराबी युवक ने उधार की शराब नहीं मिलने पर हंगामा खड़ा कर दिया और पानी की टंकी पर जा बैठा। विकास जाटव नाम के इस युवक ने ग्राम पंचायत के सरपंच प्रशांत सिंह के पास जाकर बीयर की बोतल की मांग की। इस पर सरपंच ने अधिक शराब पीने पर युवक को डांटकर घर भेज दिया। इसके बाद नाराज युवक गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया और जबरदस्त हंगामा किया, जिससे भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही खेड़ली थाना पुलिस और सरपंच मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी समझाइश के बाद बड़ी मशक्कत से युवक को नीचे उतारा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने युवक द्वारा आत्महत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। उधर गांव वालों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे शोले फिल्म के पानी की टंकी वाले सीन से जोड़कर देख रहे हैं। लोगों का कहना है कि फिल्म में हीरो बसंती के लिए पानी की टंकी पर चढ़ा था और यहां यह युवक शराब के लिए। recent visitors 105

दो अमेरिकी वैज्ञानिकों को वर्ष 2024 का चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार देने का हुआ ऐलान

स्टॉकहोम दो अमेरिकी वैज्ञानिकों विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को वर्ष 2024 का चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार देने का ऐलान हुआ है। इन दोनों वैज्ञानिकों ने माइक्रो RNA की खोज की थी। पुरस्कार देने वाली संस्था ने सोमवार को बताया कि वैज्ञानिक विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन ने माइक्रो आरएनए की खोज और जीन विनियमन में इसकी भूमिका के लिए फिजियोलॉजी या मेडिसिन में 2024 का नोबेल पुरस्कार जीता है। चिकित्सा क्षेत्र के लिए नोबेल विजेताओं का चयन स्वीडन के कैरोलिंस्का इंस्टीट्यूट मेडिकल यूनिवर्सिटी की नोबेल असेंबली द्वारा किया जाता है। विजेताओं को 11 मिलियन स्वीडिश क्राउन ($1.1 मिलियन) की पुरस्कार राशि दी जाती है। नोबेल असेंबली ने कहा कि दोनों वैज्ञानिकों की खोज "जीवों के विकास और कार्य करने के तरीके के लिए मौलिक रूप से महत्वपूर्ण साबित हो रही है।" recent visitors 73

मेहंदीपुर बालाजी पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, राजस्थान-दौसा में बांदीकुई फायरिंग के बदमाश हत्थे चढ़े

दौसा. बांदीकुई शहर में पिछले दिनों कुछ अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर शहर में दहशत फैलाने का प्रयास किया था, जिसमें गैंग सरगना अजहर मोईन मलिक उर्फ आशू मलिक व देवराज गुर्जर उर्फ गोलू को वारदात में काम ली अवैध पिस्टल और कारतूस समेत लूटी गई मोटर साइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक रंजीता शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मेहन्दीपुर बालाजी थाना अधिकारी गौरव प्रधान के नेतृत्व में एक टीम द्वारा 6 अक्टूबर को बदमाश अजहर मोईन मलिक उर्फ आशू मलिक पुत्र रईसउद्दीन और देवराज उर्फ गोलू पुत्र रामसिंह को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि आरोपियों ने बांदीकुई में आगरा फाटक पर एक कार चालक पर अज्ञात फायरिंग कर कार लूटने का प्रयास किया था और आगे जाकर एक मोटर साइकिल सवार को रोककर उसकी गाड़ी छीनकर ले भाग गए थे। आगे भी उन्होंने अन्य राहगीरों के साथ पिस्टल लगाकर पर्स छीनने की कोशिश की थी। मेहंदीपुर बालाजी पुलिस के थानाधिकारी गौरव प्रधान ने बताया कि बांदीकुई की घटना के बाद थाना इलाके में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ गहन अभियान चलाकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बदमाशों की तलाश शुरू की गई थी, जिसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। recent visitors 72