Wednesday, July 8, 2026 5:33 am

माओवादियों से लोहा लेने पर बढ़ाया हौसला, छत्तीसगढ़-दंतेवाड़ा में जांबाज जवानों से रूबरू हुए उपमुख्यमंत्री

दंतेवाड़ा. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि एवं आदि विकास मंत्री रामविचार नेताम एवं वनमंत्री केदार कश्यप आज दंतेवाड़ा पहुंचे। दंतेवाड़ा के कारली स्थित रक्षित केन्द्र के कॉन्फ्रेंस हॉल में उप मुख्यमंत्री शर्मा एवं मंत्रीद्वय ने सुरक्षा बलों के जांबाज जवानों से मुलाकात की और उनके साहसिक और सफल ऑपरेशन की सराहना कर उनका हौसला बढ़ाया। गौरतलब है कि बीते 04 अक्टूबर को दंतेवाड़ा एवं नारायणपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र नेन्दूर व थुलथुली में माओवादियों के विरूद्व सुरक्षा बलों के जवानों ने माओवादियों से हुई मुठभेड़ में अपने अदम्य साहस से 31 माओवादियों को मार गिराया था। इस मुठभेड़ में पुलिस बलों द्वारा डीकेएसजेडसी, डीवीसी, पीएलजीए कंपनी नंबर 6 के कई कैडर सहित  18 पुरुष एवं 13 महिला कुल 31 सशस्त्र वर्दीधारी माओवादी को ढेर कर दिया था। इस मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों के घायल होने की सूचना है। मारे गए माओवादियों में 25 लाख का इनामी डीकेएसजेडसी एवं पूर्वी बस्तर इंचार्ज नीति उर्फ उर्मिला भी शामिल थी। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में से अब तक हुई 15 शिनाख्तगी में डीकेएसजेडसी के अलावा दो कैडर 8 लाख इनामी डीबीसीएम एवं 9 कैडर पीएलजीए कंपनी 6 माओवादियों भी शामिल है। इस घटना में 01 नग एलएमजी, 04 नग एके 47, 06 नग एसएलआर, 03 नग इन्सास, 2 नग थ्री नॉट थ्री सहित अन्य हथियार बरामद हुए। पुलिस बल के जवानों की टीम दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती इलाके में पूर्वी बस्तर डिवीजन, पीएलजीए कंपनी 6, इंद्रावती एरिया कमेटी, प्लाटून 16 इत्यादि के शीर्ष नक्सलियों के आने की सूचना के आधार पर सर्चिग ऑपरेशन के लिए निकले थे। इस संयुक्त टीम में दंतेवाड़ा डीआरजी, नारायणपुर डीआरजी और एसटीएफ शामिल थे। भारी बरसात में उफनते नदी नालों और माड़ की पहाड़ियों को पार कर पुलिस जवानों की टीम नक्सलियों के जमा होने वाले इलाके में पहुंची, और यहां हुई जबरदस्त मुठभेड़ में 31 माओवादियों को मार गिराया। यह सुरक्षा बलों के लिए बहुत बड़ी सफलता है। इस बड़े ऑपरेशन में एक मात्र जवान घायल जवान के अलावा अन्य सभी जवान सुरक्षित रहे। इस अवसर पर पुलिस बल नेतृत्व कर रहे एडिशनल एसपी श्री स्मृतिक राजनाला पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर सभी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि मैं केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की ओर सभी जवानों के लिए शुभकामना संदेश लेकर आया हूूॅ, आपके अदभूत पराक्रम और शौर्य से बस्तर में सुख-शांति फिर से लौटेगी। इस अभियान से आपने देश और दुनिया की सोच बदली है, और मॉ दंतेश्वरी की कृपा इस भीषण मुठभेड़ में किसी भी जवान को कोई हानि नहीं हुई। बस्तर शांति का टापू रहा है, परन्तु कुछ दिग्भ्रमित लोगों के कारण यह की शांति भंग हुई है। हमारे सुरक्षा बल और पुलिस के जवान ऐसे लोगों को नेस्तनाबूद करके ही रहेंगे। यह छत्तीसगढ़ सबसे बड़ा ऑपरेशन रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम मिले है। कृषि एवं आदिवासी विकास विभाग मंत्री रामविचार नेताम इस सफल ऑपरेशन को विजय दिवस की संज्ञा देते हुए कहा कि इस सफलता से पूरा देश गौरवान्वित है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस सफल ऑपरेशन की चर्चा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिलों में है। इससे माओवाद मुक्त बस्तर अभियान को एक नयी गति मिली है। इसके लिए सुरक्षा बलों सहित आईजी, डीआईजी तथा कलेक्टर, एसपी सभी बधाई के पात्र है। recent visitors 61

5 बार एग्जिट पोल के नतीजे गलत साबित हो चुके हैं, खुल गई Exit Poll की पोल, चुनावी नतीजों से अलग रहे पूर्वानुमान

नई दिल्ली  दोपहर के 2 बज चुके हैं, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव नतीजों की तस्वीर भी अब साफ होती दिख रही है। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाती दिख रही है तो वहीं जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-नैशनल कॉन्फ्रेंस के साथ ने बीजेपी को सत्ता की कुर्सी से दूर कर दिया है। रिजल्ट से तीन दिन पहले आए एग्जिट पोल के नतीजे एक बार फिर फेल साबित होते दिखाई दिए। 5 अक्टूबर को हरियाणा विधानसभा चुनाव की वोटिंग के कुछ देर बाद जारी किए गए एग्जिट पोल के नतीजों ने हरियणा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया था, पर रूझानों को देखकर को ऐसा नहीं लग रहा। हरियाणा के एग्जिट पोल और चुनाव नतीजों में फर्क 5 अक्टूबर की शाम को कई चैनलों के एग्जिट पोल जारी किए गए थे। हरियाणा में अधिकतर एग्जिट पोल कांग्रेस की सरकार बनवा रहे थे, हालांकि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-एनसी की सरकार बनने की बात कही थी। आइए एक बार एग्जिट पोल के आए नतीजों की बात कर लेते हैं। पहले बात हरियाणा की करते हैं। हरियाणा में मैट्रिक एग्जिट पोल के अनुसार, कांग्रेस को 55-62, बीजेपी को 18-24, निर्दलीय को 3-6 और आम आदमी पार्टी को 2-5 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। दैनिक भास्कर के अनुसार, हरियाणा में कांग्रेस को 44-54, भाजपा को 19-26, निर्दलीय को 1-5 और अन्य को 4-9 सीटें मिलने का अनुमान था। यहां आप को एक भी सीट न मिलने का दावा था। पीपुल्स पल्स सर्व का एग्जिट पोल देखिए। इसके एग्जिट पोल के अनुसार, कांग्रेस को 55, बीजेपी को 26, इनलो को 2-3, अन्य को 4-6 और आम आदमी पार्टी को शून्य सीट दिखाया था। ध्रुव रिसर्च के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 55-62, बीजेपी को 18-24, जेजेपी को 0-3 और अन्य को 5-11 सीटें मिलने का अनुमान था। आजतक- सी वोटर में कांग्रेस को 50-58, बीजेपी को 20-28 और अन्य को 10-14 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। जम्मू-कश्मीर के एग्जिट पोल सही रहे हरियाणा की तरह हालांकि जम्मू-कश्मीर के चुनाव नतीजे एग्जिट पोल से मिलते-जुलते दिखाई दे रहे हैं। आजतक सी वोटर, रिपब्लिक मैट्रिज, एबीवीपी सहित कई चैनलों के एग्जिट पोल जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस- नैशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया था जो सही होता भी दिख रहा है। शुरु से ही कांग्रेस-एनसी बीजेपी पर बढ़त बनाए हुए है और अब यह परिणाम में भी बदलते दिख रहे हैं। क्या है ताजा अपडेट? दोपहर 1 बजे के अपडेट के अनुसार, हरियाणा में एग्जिट पोल के उलट बीजेपी सरकार बनाती दिख रही है। चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी को 49 तो वहीं कांग्रेस को 35 सीटें मिलती दिख रही हैं। अन्य के खाते में 6 सीटें आती दिख रही हैं। जम्मू-कश्मीर की बात करें तो कांग्रेस-एनसी गठबंधन को 52 और भाजपा को 27 सीटें मिलती दिख रही हैं। अन्य के खाते में 9 तो महबूबा मुफ्ती की पार्टी को सिर्फ 2 सीट मिल रही है। तो हरियाणा में बीजेपी की सरकार परिणाम साफ होने के बाद बनेगी तो वहीं जम्मू-कश्मीर में एनसी-कांग्रेस गठबंधन रूल करेगी। recent visitors 57

तेजाब हमले में झुलसी छात्रा की उपचार के दाैरान मौत, हिरासत में आरोपी

अमरोहा तेजाब से झुलसी आठवीं की छात्रा की मेरठ में इलाज के दौरान मौत हो गई है। स्थानीय पुलिस द्वारा मेरठ में उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। छात्रा की मौत से परिजनों में सदमे में है। उधर, नामजद पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। शाम तक छात्रा का शव गांव पहुंचने की संभावना है। रहरा थानाक्षेत्र के गांव में रविवार की रात किसान अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर में सोए हुए थे। रात में करीब तीन बजे उनकी बेटी लघुशंका के लिए उठी थी। तभी किसी ने घर के दरवाजे पर आवाज लगाई। जैसे ही छात्रा ने दरवाजे की खिड़की खोली, तभी गांव के पिता-पुत्र ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे जंगल में ले जाकर जमकर पीटा। बाद में उसके शरीर पर तेजाब डाल दिया था। घटना में छात्रा बुरी तरह झुलस गई थी। कुछ देर बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई थी। छात्रा को झुलसी हालत में देखकर परिजन घबरा गए थे। पुलिस को बगैर सूचना दिए परिजनों ने उसका मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास किया। लेकिन मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं होने की वजह से मेरठ में उसे भर्ती नहीं किया गया था। तेजाब के हमले में छात्रा 60 फीसदी झुलस गई थी। सोमवार की दोपहर परिजनों ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। झुलसी छात्रा को सीएचसी में प्राथमिक उपचार करने के बाद फिर मेरठ ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार की मध्य रात्रि उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना से परिजनों में  शोक की लहर दौड़ गई।   इस मामले में छात्रा के भाई ने पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही रहने वाले पिता-पुत्र के खिलाफ तहरीर दी थी। जिसके आधार पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि झुलसी छात्रा की उपचार के दौरान मेरठ में मौत हो गई है। मेरठ में ही पोस्टमार्टम कराने के बाद शव गांव ले जाया जाएगा। recent visitors 61

PCC के बाहर जलेबी बनाते रहे कांग्रेस नेता, हरियाणा में पीछे होती चली गई पार्टी

भोपाल हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर मतगणना जारी है। इसमें शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे रही, इसके कुछ देर बाद तस्वीर पलट गई और भाजपा आगे हो गई। इस बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेता जलेबी बनाकर बांटते रहे। पार्टी के पीछे होते ही कांग्रेस नेताओं के चेहरे पर मायूसी छा गई। हरियाणा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जलेबी को लेकर दिया बयान काफी चर्चित रहा था। भाजपा ने साधा निशाना मध्य प्रदेश में भाजपा प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने अपने एक्स हैंडल पर कांग्रेस नेताओं के जलेबी बनाने का एक वीडियो पोस्ट किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा… 'अपने नेता राहुल गांधी का मजाक उड़ाती, खुद जीतू पटवारी की मध्य प्रदेश कांग्रेस। देश भर में राहुल गांधी का जलेबी की फैक्ट्री के बयान को लेकर मजाक बन रहा है और खुद कांग्रेसी भी मजाक उड़ाने में पीछे नहीं है। भोपाल मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर सड़क पर जलेबी बनाकर, राहुल गांधी को संदेश देते कांग्रेसी कि जलेबी किसी फैक्ट्री में नहीं बनती है। जलेबी तो ऐसे बनती है। पार्टी गई तेल लेने के बाद अब राहुल गांधी गए फैक्ट्री में जलेबी लेने।' जलेबी पर यह था राहुल गांधी का बयान हरियाणा के गोहाना में चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी को यहां की फेसम मातू राम की जलेबियां भेंट की गई थी। राहुल गांधी ने इसे खाने के बाद जलेबी की तारीफ की और विदेश में इसके निर्यात करने को लेकर बातचीत की। इसके साथ ही जलेबियों को बड़े खाने में तैयार करवाने के लिए लोगों को रोजगार देने की बात कही। इसके बाद से भाजपा ने इन पर निशाना साधकर कहा था कि जलेबी फैक्ट्री में तैयार नहीं होती है। ना ही इसे बनाने के लिए कोई मशीन होती है। recent visitors 81

दमोह के एक कपड़ा व्यापारी लोकेश गांगरा ने अपने पिता के बैंक खातों से अपना नंबर लिंक कराकर 90 लाख 8 हजार 620 रुपए की ठगी कर डाली

दमोह दमोह शहर के एक कपड़ा व्यापारी लोकेश गांगरा ने अपने पिता के बैंक खातों से अपना नंबर लिंक कराकर 90 लाख 8 हजार 620 रुपए की ठगी कर डाली। पिता को जानकारी लगी तो ठगी करने वाले छोटे बेटे की पुलिस में शिकायत कर उसे जेल भी भिजवा दिया। पिता ने बेटे द्वारा किए गए धोखे को लेकर जबलपुर में जो एफआईआर लिखवाई। उसमें स्पष्ट उल्लेख किया मेरे साथ ठगी हुई है। इसलिए उस व्यक्ति को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाए, चाहे वह मेरा अपना की क्यों न हो। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार करके उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। यह है पूरा मामला जानकारी के अनुसार यह घटना नया बाजार दो निवासी दयाचंद्र जैन (85) और उनकी पत्नी सुशीला जैन (80) के साथ हुई है। पिता दयाचंद्र जैन ने पुलिस में दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि उसके दो बेटे राजीव गांगरा (60) और लोकेश गांगरा (58) हैं। 12 साल पहले छोटे लोकेश गांगरा से विवाद होने के चलते वह जबलपुर में बड़े बेटे राजीव गांगरा के पास रहने आ गए थे। बड़ा बेटा आकाशवाणी जबलपुर में रहता है। अगस्त 2023 में लोकेश जबलपुर आया और माफी मांगते हुए दमोह साथ चलने के लिए कहने लगा। जिस पर हम दोनों दमोह आ गए थे, लेकिन यहां उसने फिर से विवाद किया और हम लोग वापस बड़े बेटे के पास जबलपुर पहुंच गए। वहां जब बैंक खातों की डिटेल निकाली तो यह पता चला। नेट बैंकिंग और ओटीपी के जरिए निकाली राशि जब लोकेश के पास माता-पिता जबलपुर से दमोह रहने आ गए तो इस बीच उन्होंने बैंक खातों की जानकारी अपडेट कराई। उसने पिता के तीन खाते और मां के एक खाते में अपना मोबाइल नंबर और मेल आईडी दर्ज करा दी। नेट बैकिंग और ओटीपी के जरिए उसने पिता दयाचंद के नाम से संचालित एचडीएफसी बैंक खाते से 27 लाख 32 हजार, एसबीआई खाते से 3 लाख 8 हजार रुपए और बंधन बैंक खाते से 43 लाख 48 हजार रुपए निकाल लिए। इसी तरह मां सुशीला जैन के खाते से 16 लाख 20 हजार रुपए निकालकर अपने खाते और दुकान के खाते में ट्रांसफर कर लिए थे। इसी तरह चारों खातों से छोटे बेटे लोकेश गांगरा ने 90,08,620 रुपए की धोखाधड़ी की थी। वर्तमान में पिता दयाचंद जैन बड़े बेटे राजीव गांगरा के पास हैं। इसलिए उन्होंने इस मामले की एफआईआर जबलपुर में स्टेट साइबर सेल में दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 419, 420, और 66 डी के तहत मामला दर्ज किया है। जिसमें धारा 419 में छल करने पर तीन साल की सजा, धारा 420 में किसी दूसरे व्यक्ति के साथ छल करके उसकी संपत्ति हासिल करने और धारा 66 डी के तहत मोबाइल का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी करना शामिल है। जबलपुर की पुलिस ने दमोह आकर लोकेश को गिरफ्तार करके ले गई थी।, फिर उसे जेल भेज दिया है। पिता ने एफआईआर लिखवाई मेरा अपना ही क्यों न हो, जेल भेजें दयाचंद्र ने एफआईआर में स्पष्ट लिखवाया है कि मेरे के साथ 90,08,620 रुपए की ठगी और जालसाजी हुई है। इसलिए आरोपी को गिरफ्तार करके उसे जेल भेजा जाए, चाहे वह मेरा अपना ही क्यों न हो। दरअसल लोकेश गांगरा दमोह के नया बाजार नंबर 2 में रहता और पीपल के पास गांगरा साड़ी शोरूम संचालक करता था। recent visitors 62

इंस्टाग्राम की सर्विस ठप हुई, फ्रीड रिफ्रेश करने में आ रही यूजर्स को परेशानी

नई दिल्ली  सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पिछले कुछ समय से डाउन है। इसकी शिकायत यूजर्स ने डाउनडिटेक्टर और एक्स हैंडल पर की है। यूजर्स को फ्रीड रिफ्रेश करने में परेशानी आ रही है। शाम 6 बजे डाउन डिटेक्टर पर 69 रिपोर्ट थीं। अधिकतर यूजर्स ऐसे हैं जिन्हें लॉगइन करने में परेशानी आ रही है। ये परेशानी क्यों आई इस बारे में जानकारी नहीं है। इंस्टाग्राम वेब और फोन दोनों यूजर्स के लिए डाउन है। एक्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से कई यूजर्स द्वारा जानकारी दी गई है कि इंस्टा ने काम करना बंद कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई रील्स या पोस्ट या स्टोरी ओपन नहीं हो पा रही है और न ही यूजर्स इन्हें अपलोड कर पा रहे हैं। वेब यूजर्स को इंस्टाग्राम ओपन करने पर “Sorry, Something Went Wrong” लिखा देखने को मिल रहा है। साथ ही उस नोटिफिकेशन में जानकारी दी गई है कि इस पर वो काम कर रहे हैं और कुछ ही देर में समस्या का सही कर देंगे। इसके साथ ही बैक पेज पर जाने के लिए कहा जा रहा है। recent visitors 107

विवादित बयान देकर फिर फंसी Kangana Ranaut, नोटिस जारी, अगली सुनवाई 5 November को निर्धारित

 जबलपुर मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के जबलपुर में स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की लोकसभा सांसद कंगना रनौत को 'भारत को असली आजादी 2014 में मिली' वाले बयान पर नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने यह नोटिस एक याचिका के बाद जारी किया है, जिसमें कंगना के बयान को चुनौती दी गई है. स्पेशल कोर्ट के जज विश्वेश्वरी मिश्रा ने एडवोकेट अमित कुमार साहू द्वारा दायर याचिका की सुनवाई करते हुए कंगना को ये नोटिस जारी किया है. एजेंसी के मुताबिक, अमित कुमार साहू ने दावा किया कि अधारताल थाने में उनके द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद 2021 में याचिका दायर की गई थी. उन्होंने बताया, "बाद में मैंने पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत दर्ज कराई और फिर हाईकोर्ट का रुख किया. मेरी मुख्य आपत्ति यह है कि भारत को कई स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बाद आजादी मिली, लेकिन कंगना रनौत ने कहा कि यह 'भीख' थी. उन्होंने दावा किया कि भारत को सही मायने में आजादी 2014 के बाद मिली."   बता दें कि इस मामले की अगली सुनवाई 5 नवंबर को होगी. कंगना रनौत ने क्या कहा था? कगंना रनौत ने कहा था कि 1947 में तो भारत को भीख में ही आजादी दे दी गई थी. उसके बाद आई कांग्रेस सरकार भी अंग्रेजों की एक्सटेंशन रही. देश को असल आजादी 2014 के बाद मिली.   कंगना रनौत के इस बयान के बाद बवाल खड़ा हो गया था. कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री नसीम खान ने एक्ट्रेस पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग उठाई थी. कंगना के बयाने के बाद मुंबई में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं अलग-अलग जगहों पर विवादित बयान के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था.   recent visitors 58