Friday, July 3, 2026 10:19 pm

सिंधिया ने कंटेंट क्रिएशन में क्रांति लाने में एआई की भूमिका को रेखांकित किया : संचार मंत्री सिंधिया

नई दिल्ली संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कंटेंट क्रिएशन में भारत के नेतृत्व को रेखांकित करते हुए आज कहा कि भारत दुनिया की कंटेंट क्रिएशन राजधानी बनने की ओर अग्रसर है, जिसका बाजार आज के 30 अरब डॉलर से बढ़कर 2035 तक 480 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। सिंधिया ने यहां चल रही इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2024 में "भारत में कंटेंट क्रिएशन में क्रांति लाना: अगले एक अरब उपयोगकर्ताओं को जोड़ने के लिए एआई और डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म का उपयोग करना" शीर्षक पर पैनल चर्चा के दौरान यह बात कही। इस व्यावहारिक सत्र ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और कंटेंट क्रिएशन के बीच बढ़ते अंतर्संबंध पर प्रकाश डाला गया।उन्होंने सूचना तक पहुंच के लोकतंत्रीकरण और डिजिटल क्रांति का नेतृत्व करने के लिए 6जी जैसी अगली पीढ़ी की तकनीकों को अपनाने के लिए भारत की तत्परता पर जोर दिया। सिंधिया ने कंटेंट क्रिएशन में क्रांति लाने में एआई की भूमिका को रेखांकित किया। पैनल ने इस बात पर जोर दिया कि सामग्री निर्माण में एआई राजस्व धाराओं का विस्तार करने, लागत कम करने और नए बाजारों में प्रवेश करने का अवसर है, खासकर टियर 2 और टियर 3 शहरों में जहां सामग्री उपभोग पैटर्न विकसित हो रहे हैं। चूंकि एआई वास्तविक समय के वैयक्तिकरण और दर्शकों के साथ बातचीत की सुविधा देता है, इसलिए रचनात्मक अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ने वाली है। एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल प्रौद्योगिकी मंच, इंडिया मोबाइल कांग्रेस, उद्योग, सरकार, शिक्षाविदों, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी और दूरसंचार पारिस्थितिकी तंत्र में अन्य प्रमुख हितधारकों के लिए अभिनव समाधान, सेवाओं और अत्याधुनिक उपयोग के मामलों को प्रदर्शित करने के लिए दुनिया भर में एक प्रसिद्ध मंच बन गया है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2024 में 400 से अधिक प्रदर्शक, लगभग 900 स्टार्टअप और 120 से अधिक देशों से भागीदारी हो रही है। इस कार्यक्रम में 900 से अधिक प्रौद्योगिकी उपयोग मामले परिदृश्यों का प्रदर्शन भी किया जा रहा है, जिसमें 600 से अधिक वैश्विक और भारतीय वक्ताओं के साथ 100 से अधिक सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। recent visitors 65

जेल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, सभी कैदियों के साथ डिप्टी जेलर सीएल प्रजापति ने बुंदेली गीत गाते हुए बरेदी नृत्य किया

दमोह जिला जेल में महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जेल के सभी कैदियों के साथ डिप्टी जेलर सीएल प्रजापति ने बुंदेली गीत गाते हुए बरेदी नृत्य किया। इतना ही नहीं उन्होंने दिवारी गीत भी गाए, जिसका विडियो भी वायरल हुआ है। कार्यक्रम के दौरान कैदी भी भूल गए की वह जेल में हैं और उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। दिवाली पर्व पर जिस तरह यादव समाज के लोग दिवारी गीत गाते हुए नृत्य करते हैं उसी तरह का नृत्य इन कैदियों के द्वारा भी किया गया। जिला जेल में वैसे तो विधिक साक्षरता से जुड़े कार्यक्रम आए दिन आयोजित होते रहते हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं, लेकिन इस बार जिला जेल के सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़े हुए वीडियो सोशल मीडिया पर है। बुंदेली गीतों की प्रस्तुति डिप्टी जेल अधीक्षक सीएल प्रजापति ने बताया कि रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर जिला जेल में पूजन, अर्चन किया गया और उसके बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जेल के सभी बंदियों ने अपनी सहभागिता निभाई। यहां पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर बुंदेली गीतों की प्रस्तुति की गई जिसमें सभी ने नृत्य किया और गीत भी गाए। इस कार्यक्रम के दौरान महर्षि वाल्मीकि को याद करते हुए जेल के सभी बंदियों को बताया कि श्रीराम से महान राम का नाम है। स्वच्छता पर जागरूकता सीएल प्रजापति ने इसके बाद उन्होंने स्वच्छता पर बात की। प्रजापति ने कहा कि हमें स्वच्छता बनाए रखना चाहिए। समाज को स्वच्छ रखने की जवाबदारी केवल वाल्मीकि समाज की नहीं है हम सभी को भी अपनी सहभागिता निभानी चाहिए। हम भी इस साफ सफाई में बराबर के भागीदार बनेंगे तभी हमारा समाज स्वच्छ रहेगा और हम बीमारियों से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि सब एक जुट होकर एक विचारधारा के साथ काम करेंगे, तो हमारे समाज में भाईचारा बढ़ेगा। recent visitors 55

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े बोले- बच्चों के व्यक्तित्व का सम्पूर्ण विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता में

रायपुर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता सभी बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है, इसमें वे बच्चे भी शामिल है, जिन्हें विभिन्न कारणों से संस्थाओं में रहना पड़ रहा है। संस्थाएं उन बच्चों का घर नहीं है। उन्होंने कहा कि वास्तव में किसी व्यक्ति का सम्पूर्ण विकास परिवार और समाज के बीच रहकर ही हो सकता है। इसे ध्यान में रखकर किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 में गैर संस्थागत देखरेख का समावेश किया गया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आज रायपुर के स्थानीय होटल में आयोजित पोषण देखरेख कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राज्य स्तरीय पोषक परिवार सम्मेलन एवं पोषक परिवार नेटवर्क पर कार्यशाला उमंग का शुभारंभ किया। इस कार्यशाला में देखरेख और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्य धारा में शामिल करने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पोषण देखरेख ब्रोशर का विमोचन एवं वीडियो जारी की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने पोषण देखरेख (फॉस्टर केयर) कर रहे पोषक परिवारों को भी सम्मानित किया। इस कार्यशाला का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में विभाग ने महिलाओं एवं बच्चों के लिये अनेकों कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्ग बच्चों को विकास के अवसर देने से प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं और अपने समाज और प्रदेश का नाम गौरवान्वित कर सकते हैं। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि पोषण देखरेख (फॉस्टर केयर) संस्था के बाहर बच्चों की देखरेख का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। ‘‘मिशन वात्सल्य’’ के तहत जरूरतमंद और संरक्षण वाले बच्चों को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए गैर नातेदार परिवार में अस्थाई देखरेख और संरक्षण की व्यवस्था की जाती है। इससे पोषक परिवार में जहां उत्साह, उमंग का संचार होता है। वहीं बच्चों को समुचित विकास का पूरा मौका मिलता है। इन बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिये प्रत्येक नागरिक को संवेदनशील और सहयोगी होना होगा। उन्होंने अपील कि है कि समाज के सभी वर्ग, स्वयं-सेवी संस्थाएं, सरकार के साथ बच्चों को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने और उनके विकास के अवसर उपलब्ध कराने एकजुट होना होगा, जिससे एक योग्य नागरिक और सशक्त भारत का निर्माण हो सके। महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लास, उम्मीद,  उजियार, उमंग और उदय कार्यक्रम पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में 112 बाल देखरेख संस्थायें संचालित हैं, जिनमें से 33 विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरणों में 125 बच्चे निवासरत हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 56 बच्चों को विभिन्न परिवारों में दत्तक ग्रहण के माध्यम से पुर्नवासित किया है। 76 बाल देखरेख संस्थाओं में 2112 बच्चें निवासरत हैं, इनमें 61 बच्चे पोषण देखरेख कार्यक्रम हेतु चिन्हांकित किए गए हैं। राज्य में 22 बच्चें पोषण देखरेख कार्यक्रम अंतर्गत निवास कर रहे है एवं प्रवर्तकता (स्पॉन्सरशिप) कार्यक्रम के अन्तर्गत 1080 बच्चों को लाभ दिलाया जा रहा है।       कार्यक्रम में संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री तूलिका प्रजापति, बाल संरक्षण विशेषज्ञ यूनिसेफ दिल्ली श्री प्रभात कुमार, श्री नंदलाल चौधरी संयुक्त संचालक, सुश्री वसुंधरा, सुश्री बिभूति दुग्गर, श्री रामशरण चौकसे सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं पोषक परिवार उपस्थित थे। recent visitors 58

दीपावली नजदीक होने के कारण अनाज मंडी में दाल-बेसन की मांग ने पकड़ा जोर, चने के भाव में उछाल

इंदौर दीपावली नजदीक होने के कारण चने से बने उत्पाद बेसन और चना दाल में उपभोक्ता और नमकीन निर्माताओं की जोरदार पूछताछ देखने को मिली है। बीते दिनों से मांग सुस्त थी इस बीच चने के दाम काफी नीचे भी आ गए थे। दाम कम होने से मंडियों में आवक घट गई थी। ऐसे में चने की कीमतों में फिर से तेजी का वातावरण बनने लगा है। चना कांटा दो दिन में करीब 100 रुपये उछल गया। चना कांटा नीचे में 7400 ऊपर में 7450 रुपये प्रति क्विंटल तक बोला गया। मंडी में काबुली चना करीब 100 रुपये तक टूट गया जबकि कंटेनर में काबुली चना 200 रुपये तक सस्ता बोला गया। दूसरी ओर मसूर में भी लोकल के साथ ही बाहरी मांग जोरदार रहने और आवक कमजोर होने के कारण भाव मजबूती पर टिके हुए हैं। शुक्रवार को मसूर 6300 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर रही। आगे मांग बढ़ने पर मसूर में सुधार की स्थिति बन सकती है। मंडी में काबुली चने की आवक 3000 बोरी की रही। मंडी में काबुली चना मीडियम 8500-11300 बेस्ट 11300-12300 सुपर 12300-13300 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। कंटेनर में डालर चना 42/44 15000, 44/46 14700, 58/60 11700, 60/62 11600, 62/64 11500 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। दलहन- चना कांटा 7400-7450 विशाल 7250-7300 डंकी चना 6700-6900 मसूर 6300 तुवर महाराष्ट्र सफेद 9700-9900 कर्नाटक 9800-10000 निमाड़ी तुवर 8500-9200 मूंग 8000-8100 एवरेज 7200-7700 मूंग बोल्ड 7800-8300 उड़द बेस्ट बोल्ड नया 8000-8200 मीडियम 6500-7500 हलका उड़द 3000-5000 रुपये क्विंटल के भाव रहे। दालों के दाम- चना दाल 8400-8500 मीडियम 8600-8700 बेस्ट 8800-8900 मसूर दाल 7500-7600 बेस्ट 7700-7800 मूंग दाल 9600-9700 बेस्ट 9800-9900 मूंग मोगर 10100-10200 बेस्ट 10300-10400 तुवर दाल 10800-10900 मीडियम 11800-11900 बेस्ट 14300-14500 ए. बेस्ट 15300-15400 ब्रांडेड तुवर दाल नई 15400 उड़द दाल 10800-10900 बेस्ट 11000-11100 उड़द मोगर 11200-11300 बेस्ट 11500-11600 रु. प्रति क्विंटल के भाव रहे। चावल भाव- दयालदास अजीतकुमार छावनी के अनुसार बासमती (921) 11000-12000, तिबार 9500-10500, बासमती दुबार पोनिया 8000-9000, मिनी दुबार 7000-7500, मोगरा 4500-7000, बासमती सेला 7000-9500 कालीमूंछ डिनरकिंग 8500, राजभोग 7500, दुबराज 4500-5000, परमल 3500-3700, हंसा सेला 3700-3800, हंसा सफेद 3000-3200, पोहा 4700-5100 रु. क्विंटल बिका।   recent visitors 72

यदि हमास हथियार डाल दे और सभी यहूदी बंधकों को रिहा कर दे तो जंग समाप्त हो सकती है: इजरायली पीएम

तेल अवीव इजरायल ने हमास के सुप्रीम कमांडर याह्य सिनवार की गुरुवार को हत्या कर दी। ड्रोन अटैक के जरिए सिनवार को इजरायल ने मार गिराया। यही नहीं मौत के बाद की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसमें दिखता है कि किस तरह से सिनवार को मारा गया। कुछ वीडियो भी इसके वायरल हो रहे हैं। इस बीच इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा ऐलान किया है और कहा कि यदि हमास हथियार डाल दे और सभी यहूदी बंधकों को रिहा कर दे तो जंग समाप्त हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि हमास हमारी इस पेशकश को मान ले तो जंग कल ही खत्म हो जाएगी। इजरायल दोहराता रहा है कि बीते साल 7 अक्टूबर को उसके यहां हुए भीषण हमले का मास्टरमाइंड याह्य सिनवार ही था। उसकी मौत का वीडियो शेयर करते हुए नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, ‘याह्य सिनवार मर चुका है। उसे हमारे बहादुर सैनिकों ने राफा में मार गिराया। अभी यह गाजा की युद्ध खत्म होने का टाइम नहीं है बल्कि हमास के खात्मे की शुरुआत है। गाजा के लोगों के लिए मेरा एक सिंपल सा संदेश है- यह जंग तो कल ही खत्म हो सकती है। यदि हमास हथियार डाल दे और बंधक बनाए गए हमारे लोगों को छोड़ दे।’ सिनवार को मार गिराने के साथ ही इजरायल ने दावा किया है कि दो और आतंकी मारे गए हैं। पीएम नेतन्याहू ने दावा किया कि हमास ने अब भी गाजा में 101 इजरायली लोगों को बंधक बना रखा है। इनमें से कई नागरिक 23 अलग-अलग देशों के हैं। नेतन्याहू ने कहा, 'हमास ने गाजा में 101 लोगों को बंधक बना रखा है। ये कुल 23 देशों के रहने वाले हैं। इजरायल इन लोगों को घर वापस लाने के लिए कुछ भी करने को तैयार है। हम सभी बंधकों की सुरक्षित रिहाई की गारंटी देते हैं।' उन्होंने हमास आतंकियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इजरायल न्याय करने में यकीन रखता है। हम ऐसे किसी व्यक्ति को नहीं छोड़ेंगे, जिसने हमारे लोगों पर अत्याचार किए हैं। recent visitors 55

शहडोल के ऐतिहासिक विराट मंदिर में मरम्मत के लिए ASI ने लगाया ताला, लोहे का गेट लगाकर श्रद्धालुओं की आवाजाही हुई बंद

शहडोल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई ) ने शहडोल के ऐतिहासिक विराट मंदिर में ताला लगा दिया है। बाहर लोहे का गेट लगाकर श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद की गई है। इसकी कोई सूचना पहले से नहीं दिए जाने से श्रद्धालुओं में काफी नाराजगी है। किवदंतियों में इस मंदिर को महाभारत कालीन, पांडवों के अज्ञातवास का प्रतीक माना जाता रहा है। मंदिर के गर्भगृह के द्वार पर ताला लगा दिए जाने से पूजन में व्यवधान होने लगा है। मंदिर की दीवार जर्जर एएसआई , जबलपुर के अधीक्षक डा. शिवकांत वाजपेयी का कहना है कि मंदिर की दीवार का एक हिस्सा जर्जर हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से गर्भगृह में ताला लगाया गया है। इंजीनियर सर्वे करेंगे और जल्द ही मंदिर की मरम्मत कराई जाएगी। इसके बाद गर्भगृह का ताला खोल दिया जाएगा। स्थानीय कर्मचारियों को कहा गया था कि इस संदर्भ में नोटिस चस्पा कर दें, ताकि लोगों में भ्रम की स्थिति न बने। यदि नोटिस नहीं लगा है तो लगवाया जाएगा। इसके अलावा सुबह पूजा के लिए गर्भगृह में पुजारी को जाने दिया जाएगा। बता दें, विराटेश्वर मंदिर सदियों से स्थानीय नागरिकों की आस्था का केंद्र रहा है। गर्भगृह बंद किए जाने का विरोध इधर, हिंदूवादी संगठन गर्भगृह बंद किए जाने के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं। राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत महाकोशल महामंत्री शक्ति सिंह ने कहा कि मंदिर में ताला बंद करना उचित नहीं है। विराट मंदिर में दूर-दूर से लोग भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने आते हैं, लेकिन ताला लगा होने से वे बिना दर्शन व पूजा के वापस हो रहे है। इसका विरोध किया जाएगा। यदि इस ओर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन किया जाएगा। गोलकाकी मठ के आचार्य को भेंट की निशानी भगवान शिव को समर्पित विराट मंदिर को कलचुरी राजा युवराज देव द्वितीय ने बनवाया था। यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और कलचुरी राजवंश की बेहतरीन वास्तुकलाओं में से एक है। इस मंदिर को खजुराहो के शिव मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है। 70 फीट ऊंचे मंदिर को गोलकाकी मठ के आचार्य को भेंट के तौर पर बनवाया गया था। एएसआई की देखरेख में मंदिर मंदिर को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई ) के संरक्षण में रखा गया है। गर्भगृह में एक छोटा शिवलिंग है। स्थापत्य कला का अद्भुत नमूना: मंदिर के बाहर की दीवारों पर दिग्पाल वसु, शिव के विविध रूप, शिव परिवार, विष्णु अवतार, मिथुन दृश्य, और गजशार्दुल की मूर्तियां हैं। मंदिर में नृत्य मुद्रा में महावीर, शिव, और पार्वती की मूर्ति, सरस्वती, गणेश, विष्णु, नृसिंह, व्याल, कांटा निकालती सुंदर युवती, युद्धरत कलाकृतियां देखी जा सकती हैं। recent visitors 62

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कार्यभार संभालते ही पहला बड़ा फैसला लिया, निःशुल्क डायलिसिस सुविधा प्रदान की जाएगी

चंडीगढ़़ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद आज नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के सीएम का पदभार ग्रहर कर लिया। इस दौरान  सीएम नायब सैनी ने ट्वीट कर लिखा "हरियाणा प्रदेश के अपने 2.80 करोड़ परिवारजनों की अनथक सेवा का व्रत लेकर प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। मैं भावुक और नतमस्तक हूं। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का संकल्प सर्वोपरि है। हरियाणा प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ,समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारी पूर्ण बहुमत की ये सरकार सेवा, सुशासन,समानता,समृद्धि और गरीब कल्याण के लिए समर्पित होगी।" इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सभी मंडियों को उनके कमरे में बैठाया। मुख्यमंत्री नायब सिंह का पहला बड़ा फैसला मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कार्यभार संभालते ही पहला बड़ा फैसला लिया है। राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में क्रोनिक किडनी रोगियों के लिए निःशुल्क डायलिसिस सेवा उपलब्ध रहेगी। भविष्य में सभी मेडिकल कॉलेज में भी निःशुल्क डायलिसिस सुविधा प्रदान की जाएगी। कैबिनेट मीटिंग के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कैबिनेट मीटिंग में हमने अनुसूचित जाति के वर्गीकरण से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू करने का फैसला लिया है। हमने फैसला किया है कि हम एससी के वर्गीकरण के बारे में सुप्रीम कोर्ट ने जो कहा है, उसे लागू करेंगे। अपराधियों को सीएम की चेतावनी सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनकी सरकार नारी शक्ति को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने उन लोगों को चेतावनी देते हुआ कहा जो आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं या तो राज्य छोड़ दें या फिर सुधर जाएं। नहीं तो हम सुधार करेंगे। ‘जनता ने कांग्रेस के नैरेटिव को ध्वस्त कर दिया’ मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने घोषणापत्र में वादा किया था कि हम किडनी के मरीजों को मुफ्त इलाज मुहैया कराएंगे। हमने उससे संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। हरियाणा सरकार किडनी डायलिसिस का खर्च वहन करेगी। मैं हरियाणा की जनता को तीसरी बार भारी जनादेश देने और पीएम मोदी की नीतियों को मंजूरी देने के लिए धन्यवाद देता हूं। हरियाणा की जनता ने विपक्ष के नैरेटिव को ध्वस्त कर दिया। कांग्रेस ने किसानों को भड़काने की कोशिश की। उन्होंने युवाओं में संदेह पैदा किया। उन्होंने हरियाणा के एथलीटों का इस्तेमाल किया। एथलीट हमारे देश का गौरव हैं। पीएम मोदी ने पिछले 10 सालों में किसानों के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। हरियाणा की जनता ने पीएम मोदी की नीतियों को मंजूरी दी है और कांग्रेस के नैरेटिव को ध्वस्त कर दिया है। हरियाणा के मंत्रियों को सचिवालय में कमरे अलॉट हरियाणा के मंत्रियों को सचिवालय में कमरे अलॉट कर दिए गए हैं। कैबिनेट मंत्री आरती राव को कमरा नंबर 43सी मिला है। रणबीर गंगवा को कमरा नंबर 43ए मिला है। राव नरबीर को कमरा नंबर 39 मिला है। कृष्ण लाल पंवार को कमरा नंबर 34 मिला है। अनिल विज को कमरा नंबर 32 यानी पुराना कमरा ही मिला है। कृष्ण बेदी को कमरा नंबर 24 मिला है। श्रुति चौधरी को कमरा नंबर 31 मिला है। विपुल गोयल को कमरा नंबर 49 मिला है। श्याम सिंह राणा कमरा नंबर 47 मिला है। recent visitors 52