मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद के निर्णय, लैंगिक अपराध से पीडितों को संरक्षण एवं वित्तीय सहायता की स्वीकृति

प्रदेश में संचालित 12,670 मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों को पूर्ण आंगनवाड़ी केन्द्रों में उन्नयन का निर्णय 12 हजार 670 मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों को पूर्ण आंगनवाड़ी केन्द्र में उन्नयन किये जाने का निर्णय लिया गया मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद के निर्णय, लैंगिक अपराध से पीडितों को संरक्षण एवं वित्तीय सहायता की स्वीकृति भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश में वर्तमान में संचालित 12 हजार 670 मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों को पूर्ण आंगनवाड़ी केन्द्र में उन्नयन किये जाने का निर्णय लिया गया। उल्लेखनीय है कि मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों में एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का प्रावधान है। निर्णय अनुसार इन मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों के उन्नयन के बाद एक पद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं एक पद आंगनवाड़ी सहायिका का होगा। उन्नयित 25 आंगनवाड़ी केन्द्रों पर एक पर्यवेक्षक के मान से कुल 476 पर्यवेक्षक के पद स्वीकृत किये गये। केन्द्र सरकार के निर्धारित मापदण्ड उन्नयित आंगनवाड़ी केन्द्रों पर लागू होंगे। मिनी आंगनवाड़ी केन्द्रों को पूर्ण आंगनवाड़ी केन्द्रों में उन्नयन किए जाने पर केन्द्रांश राशि रूपये 3401.90 लाख एवं राज्यांश राशि 17945.82 लाख होगा। इस प्रकार कुल राशि रूपये 21347.71 लाख अतिरिक्त वार्षिक व्यय भार आयेगा। लैंगिक अपराध से पीडितों को संरक्षण एवं वित्तीय सहायता की स्वीकृति मंत्रि-परिषद् द्वारा केन्द्र सरकार द्वारा संचालित मिशन वात्सल्य अंतर्गत बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (संशोधित 2019) की धारा 4 एवं 6 के तहत "Scheme for Care and Support to Victims under Section 4 & 6 of the Protection of Children from Sexual Offences (POCSO) Act, 2012" को प्रदेश के 55 जिलों में लागू किया गया है। योजना का उद्देश्य 18 वर्ष तक लैंगिक अपराध से पीड़ितों को POCSO Act के अंतर्गत संरक्षण एवं भारत सरकार के निर्भया फण्ड से वितीय सहायता प्रदान करना एवं उनके सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करना है। निर्भया फण्ड से प्रत्येक जिले को 10 लाख रूपये आवंटित किये जायेंगे। लैंगिक अपराध से पीड़ितों को सहायता के लिए जिले आवश्यकता के अनुसार राशि का उपयोग कर सकेंगे। स्वास्थ्य संस्थाओं अंतर्गत 6388 नवीन पदों के सृजन की स्वीकृति मंत्रि-परिषद ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग अंतर्गत वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में स्वीकृत कुल 454 स्वास्थ्य संस्थाओं में कुल 6388 नवीन पदों (5936 नियमित एवं 452 संविदा) के सृजन की स्वीकृति दी। इसके अतिरिक्त 1589 आउट सोर्सिंग एजेन्सी से कार्य पर रखे जाने की स्वीकृति भी दी गई। पदों के सृजन पर होने वाले वार्षिक अनुमानित व्यय राशि 351 करोड़ 17 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई। नवीन सृजित पदों का सृजन कर समस्त पदों को वर्ष 2024-25 में भरें जाने की स्वीकृति दी है। अन्य निर्णय मंत्रि-परिषद् द्वारा 1 जनवरी 2016 के पूर्व एवं 01/01/2016 को या इसके उपरांत सेवानिवृत्त विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स (सेवानिवृत्त अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी) को वित्त विभाग के परिपत्र अनुसार सातवें वेतनमान के अनुरूप पेंशन देने की स्वीकृति दी गई।   recent visitors 79

‘सोने ‘ की कीमत ऑल टाइम हाई रिकॉर्ड पर, पहली बार 80 हजार के पार पहूँचा Gold

इंदौर  शहर में सोने की कीमतें नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। सोमवार को यह पहली बार 80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गईं। शहर में सोने के दाम ₹250 प्रति 10 ग्राम और चांदी के दाम ₹700 प्रति किलोग्राम बढ़ गए। इस तेजी के पीछे अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती, वैश्विक तनाव और त्योहारी मांग में वृद्धि जैसे कई कारण शामिल हैं। जल्द ही एक लाख पार हो जाएगी चांदी इंदौर में  24 कैरेट सोना ₹80,200 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹97,200 प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ। चांदी के सिक्के ₹950 में बिके। चांदी की कीमत भी बढ़कर ₹99,400 प्रति किलोग्राम हो गई है और जल्द ही ₹1,00,000 के स्तर को पार कर सकती है। सोने की कीमतों में उछाल की वजह सोने की कीमतों में यह उछाल कई कारणों से आया है, जिसमें सबसे प्रमुख है अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा COVID-19 महामारी के बाद पहली बार ब्याज दरों में 50 आधार अंकों की कटौती। इसने निवेशकों को सोने जैसे सुरक्षित ठिकानों की ओर आकर्षित किया है। इसके अलावा, रूस-यूक्रेन युद्ध और मध्य पूर्व में इज़राइल, हमास और हिज़्बुल्लाह के बीच संघर्ष ने वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव को बढ़ा दिया है, जिससे सोने की मांग और बढ़ गई है। अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से भी बढ़ी मांग अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये के कमजोर होने से भी सोने की कीमतों को समर्थन मिला है। सोना और डॉलर के बीच उलटा संबंध होता है, यानी जब डॉलर कमजोर होता है, तो सोना मजबूत होता है। हाल ही में, भारत सरकार ने सोने पर सीमा शुल्क 15% से घटाकर 6% कर दिया था, जिससे घरेलू बाजार में सोने की मांग और बढ़ गई। पहली बार नहीं मना रिकॉर्ड इंदौर में यह पहली बार नहीं है जब सोने की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बनाया है। अप्रैल में, सोना पहली बार 75,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार गया था। हालाँकि, इसके बाद कीमतों में कुछ गिरावट आई, लेकिन यह गिरावट अस्थायी साबित हुई। इंदौर में पहली बार अप्रैल में 75 हजार पार हुआ था सोना इंदौर में सोना केडबरी रवा 17 अप्रैल को पहली बार 75 हजार के पार जाकर नकद में 75650 रुपए और सोना आरटीजीएस में 75800 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव से बिका था। 5 दिन बाद सोने के भाव में गिरावट शुरू हुई थी और 22 अप्रैल को सोना 500 रुपए टूट कर 74 हजार 900 रुपए हो गया था। इसके बाद से ही सोने के भाव में तेजी-मंदी का दौर जारी है। 24 जुलाई को केंद्रीय बजट के बाद सोना 70 हजार 300 रुपए पर आ गया था। 3 महीने में 9 हजार 970 रुपए महंगा हुआ सोना इंदौर मे सोना पिछले 3 माह में ही 9 हजार 970 रुपए महंगा हो चुका है। केंद्र सरकार द्वारा कस्टम ड्यूटी घटाने के बाद 25 जुलाई को सोना 70 हजार 300 रुपए प्रति ग्राम के भाव पर बिका था। वहीं आज यानी 21 अक्टूबर को सोने का भाव 80 हजार 270 रुपए प्रति 10 ग्राम है। इस लिहाज से सोना पिछले 3 महीने में 9 हजार 970 रुपए महंगा हो गया है। recent visitors 97

शेयर बाजार हुआ धड़ाम, 930 अंक गिरा Sensex, डूबे 8.51 लाख करोड़

नई दिल्‍ली , शेयर बाजार में आज भारी गिरावट देखने को मिली है. BSE Sensex 930 अंक टूटकर  80,220 पर बंद हुआ , जबकि निफ्टी 50 इंडेक्‍स में 310 अंक या 1.25% की गिरावट आई है और यह 24,472 लेवल पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी बैंक भी 700 अंकों से ज्‍यादा टूट गया. बीएसई सेंसेक्‍स के टॉप 30 शेयरों में से ICICI बैंक के शेयर ग्रीन जोन में थे. बाकी के सभी 29 शेयर रेट अलर्ट पर कारोबार कर रहे थे. इन शेयरों में से सबसे ज्‍यादा गिरावट महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों (M&M Share) में 3.29 प्रतिशत की आई है. JSW Steel, बजाज फाइनेंस, एल एंड टी, मारुति सुजुकी, इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स, SBI जैसे शेयरों में करीब 3 फीसदी तक की गिरावट आई है. NSE के 2,825 शेयरों में से 299 शेयर उछाल पर थे, जबकि 2,466 शेयर भारी गिरावट पर रहे. 60 शेयर अनचेंज रहे. 48 शेयरों ने 52 सप्‍ताह का नया हाई लगाया है, जबकि 150 शेयर 52 सप्‍ताह के निचले स्‍तर पर थे. 49 शेयर अपर सर्किट और 309 शेयर लोअर सर्किट पर रहे. इन सेक्‍टर्स में बड़ी गिरावट आज निफ्टी बैंक से लेकर हेल्‍थ सेक्‍टर्स तक के स्‍टॉक में भंयकर गिरावट देखी जा रही है. पीएसयू बैंक में 4.47    फीसदी की कमी आई है. स्‍मॉलकैप और मिडकैप में ये गिरावट और गंभीर है. बीएसई स्‍मॉलकैप 2,186.12 अंक टूटा है जबकि BSE Midcap में 1,214.83 अंक की गिरावट आई है. बिखर गए ये 10 स्‍टॉक वर्धमान होल्डिंग्‍स के शेयर आज 14.22% टूटकर 4,549.90 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए. GRSE के शेयर 12.34% टूटकर 1581.65 रुपये पर थे. अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया के शेयर 11.31% टूटकर 5,627.05 रुपये पर बंद हुए. जना स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयर भी 11 फीसदी गिरकर 457.50 पर बंद हुए. मझगांव डॉक शिपयार्ड के शेयर आज 10 फीसदी टूटकर 4206 रुपये बंद हुए. सुप्रीम इंडस्‍ट्रीज के शेयर 10.48 फीसदी गिरकर 4,485 रुपये पर बंद हुए. मैंगलोर रिफाइनरी के शेयर 7 प्रतिशत टूटकर 147 रुपये पर बंद हुए थे. एसजेवीएन के शेयर भी 7 फीसदी गिर गए. एनएलसी इंडिया के शेयर 6.77 फीसदी गिर गए. वहीं पीएनबी के शेयर भी 7 फीसदी टूटकर 95 रुपये पर बंद हुए थे. निवेशकों के 8.51 लाख करोड़ डूबे शेयर बाजार में आई भारी गिरावट के कारण निवेशकों के वेल्‍थ को भारी नुकसान हुआ है. ज्‍यादातर निवेशकों के पोर्टफोलियो रेड जोन में हैं. वही बीएसई का मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,53,65,023.74 करोड़ रुपये से 8.51 लाख करोड़ रुपये घटकर 4,45,13,502 करोड़ रुपये रह गया है. recent visitors 91

पुणे टेस्ट के लिए पूरी तरह फ़िट हो सकते हैं गिल और पंत : डेशकाटे

पुणे  ऋषभ पंत और शुभमन गिल पुणे टेस्ट के लिए लगभग पूरी तरह से फ़िट हैं। टेस्ट से दो दिन पहले भारत के सहायक कोच रायन टेन डेशकाटे ने ये संकेत दिए। भारत यह भी उम्मीद कर रहा है कि पंत विकेटकीपिंग के लिए भी फ़िट हों। बेंगलुरू टेस्ट के दूसरे दिन पंत एक स्टंपिंग करते वक़्त अपना घुटना चोटिल कर बैठे थे। इसके बाद पूरे मैच में घ्रुव जुरेल ने कीपिंग का ज़िम्मा संभाला था। हालांकि पंत बल्लेबाज़ी के लिए आए थे और बेहतरीन 99 रनों की पारी खेली थी। लेकिन दूसरी पारी में जुरेल फिर से कीपिंग के लिए आए और पूरी पारी की दौरान कीपिंग की। वहीं गले में जकड़न के कारण गिल भी बेंगलुरू टेस्ट नहीं खेल पाए थे। डेशकाटे ने कहा, “ऋषभ ठीक हैं और ऐसा पिछले दिन रोहित (शर्मा) ने भी आप लोगों को बताया था। हालांकि उनके घुटने में थोड़ी तकलीफ़ थी, लेकिन हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह टेस्ट में कीपिंग कर पाएंगे। वहीं गिल ने बेंगलुरू में नेट्स किया था, मुझे उम्मीद है कि वह भी टेस्ट के लिए पूरी तरह से फ़िट होंगे।” भारत बेंगलुरु में पहला टेस्ट आठ विकेट से हारकर तीन मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ गया है। recent visitors 85

ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने 40वीं सीनियर राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीते 6 पदक

ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने 40वीं सीनियर राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीते 6 पदक खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सारंग ने दी बधाई भोपाल राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम, पुडुचेरी में 17 से 20 अक्टूबर, 2024 तक आयोजित 40वीं सीनियर राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश ताइक्वांडो अकादमी, भोपाल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 6 पदक जीते। इस जीत में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। खास बात यह है कि 7 साल के लंबे अंतराल के बाद मध्यप्रदेश ने इस चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया और पुरुष वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि कुल मिलाकर तीसरे स्थान पर रहे। खिलाड़ी आदित्य प्रजापति ने स्वर्ण एवं हरमन सिंह गिल ने रजत और अफज़ल अली, रागिनी मौर्य, लक्ष्य शर्मा, शिवानी मालवीय ने कांस्य पदक हालिस किया। इस शानदार प्रदर्शन पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा, "हमारे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह जीत उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। मैं सभी खिलाड़ियों को तहे दिल से शुभकामनाएं देता हूँ और आशा करता हूँ कि वे भविष्य में भी ऐसे ही शानदार प्रदर्शन करेंगे।" सभी खिलाड़ी मध्यप्रदेश राज्य ताइक्वांडो अकादमी, भोपाल के हैं और मुख्य प्रशिक्षक जगजीत सिंह मांड और सहायक प्रशिक्षक अर्जुन रावत के मार्गदर्शन में अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसके अलावा, अकादमी के 9 खिलाड़ी 38वें राष्ट्रीय खेल 2025, उत्तराखंड के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं, जो ताइक्वांडो में उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है।   recent visitors 150

परिवारवाद को टिकट में मिलेगा महत्व, राजस्थान विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस की 23 तक आएगी लिस्ट

जयपुर. विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की सूचियां भी आनी शुरू हो चुकी हैं। एआईसीसी ने झारखंड के 21 टिकट घोषित कर दिए हैं। राजस्थान का पैनल लेकर प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा दिल्ली रवाना हो चुके हैं। राजस्थान में विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो रही हैं। बीजेपी 6 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है अब कांग्रेस की सूची का इंतजार है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंद सिंह रंधावा टिकट दावेदारों के पैनल पर कल जयपुर स्थित कांग्रेस वॉर रूम में बैठक कर दिल्ली रवाना हो गए। अपने साथ वे नामों की सूची भी लेकर गए हैं और दिल्ली में हाईकमान के साथ बैठक करके सूची जारी करने की बात कहकर गए हैं। जानकारी के मुताबिक बुधवार 23 अक्टूबर को राजस्थान के लिए कांग्रेस की सूची जारी हो सकती है। इनको मिल सकता है मौका कांग्रेस की सूची में ज्यादातर टिकट परिवार से जुड़े हो सकते हैं। प्रभारी सुखजिंदर रंधावा का कहना है कि परिवारवाद में कोई परेशानी नहीं है, जिन सीटों के टिकट परिवार को जा सकते हैं उनमें रामगढ़, झुंझुनू और देवली उनियारा सीट शामिल हैं। दौसा में मुरारीलाल मीणा कह चुके हैं कि उपचुनावों में उनके परिवार से कोई दावेदारी नहीं कर रहा है। जानकारी के मुतबिक कांग्रेस किसी एससी चेहरे पर यहां दांव लगा सकती है। खींवसर में कांग्रेस-आरएलपी में अंदरखाने बातचीत हालांकि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने प्रदेश की सभी सातों सीटों पर प्रत्याशी उतारने और बिना गठबंधन के चुनाव लड़ने की घोषणा की है लेकिन जानकारी के मुताबिक अब भी कांग्रेस और आरएलपी के बीच खींवसर को लेकर बातचीत बंद नहीं हुई है। यदि यह गठबंधन नहीं होता है तो आरएलपी एक से ज्यादा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार सकती है, जिसका सीधा असर कांग्रेस पर होगा। बीएपी ने चौरासी-सलूंबर में प्रत्याशी उतारे इधर लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी रही बीएपी ने उपचुनावों के लिए चौरासी और सलूंबर पर अपना दावा ठोंक दिया है। इन दोनों सीटों पर पार्टी ने मजबूती से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। recent visitors 80

प्रेम प्रसंग में सिर में लगी चोट, राजस्थान-अजमेर के फ्लैट में मिली युवती की खून से सनी लाश

अजमेर. जिले के किशनगढ़ में हरमाड़ा चौराहा के पास स्थित एसआरएस टॉवर में सोमवार देर शाम को एक फ्लैट में युवती का शव मिलने सनसनी फैल गई। घटना के बाद से फ्लैट में रहने वाला कैलाशचंद सैनी लापता है। आज सुबह वह अपने दफ्तर भी नहीं गया। लाश करीब एक दिन पुरानी बताई जा रही है। प्राथमिक तौर पर प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है। जानकारी के अनुसार उदयपुरवाटी झुंझुनू के जहाज निवासी कैलाशचंद सैनी (प्रिन्स) पुत्र रामअवतार एसआरएस टॉवर में एयरटेक सॉल्यूशन में काम करता था। पांचवीं मंजिल पर कंपनी का दफ्तर है और वह इसी मंजिल पर फ्लैट नंबर 15 ई में रहता था। वह पिछले कई वर्षों से कंपनी में काम कर रहा था। इस बीच कुछ समय के लिए उसने काम छोड़ा भी था लेकिन फिर से कंपनी में लग गया। सोमवार सुबह कैलाश ऑफिस नहीं पहुंचा। बाद में उसने देर से ऑफिस आने की जानकारी दी लेकिन जब वह काफी देर तक नहीं आया तो कंपनी के लोगों ने उसे फोन किया लेकिन उसका फोन बंद था। जब सेकंड हाफ में भी वह ऑफिस नहीं पहुंचा तो कंपनी के लोगों ने उसके पिता रामअवतार को फोन करके जानकारी दी कि उसका फोन बंद आ रहा है। ऑफिस के लोगों ने शाम को जब उसके फ्लैट में जाकर देखा तो वहां एक युवती का शव पड़ा था और आसपास खून फैला हुआ था। टॉवर के मैनेजर और नेटवर्क संचालक अशोक व अन्य लोगों ने तुरंत गांधीनगर थाना पुलिस को वारदात की सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल को भी मौके पर बुला लिया। जानकारी के अनुसार करीब चार-पांच दिन पहले कैलाशचंद (प्रिन्स) छुट्टी लेकर कोटा गया था और सुबह ऑफिस शुरू होने से पहले दफ्तर आया था, फिर वापस चला गया। इसके बाद उसने देर से आने की सूचना दी लेकिन दोपहर तक नहीं आने पर उसे फोन किया तो फोन बंद आया। गांधीनगर सीआई सुरेश सोनी ने बताया कि घटना के बाद से कैलाशचंद सैनी लापता है। महिला की पहचान नहीं हुई। उधर पुलिस द्वारा महिला की फोटो जारी कर उसकी पहचान की जा रही है। बताया जा रहा है कि कैलाशचंद सैनी (प्रिन्स) शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। उसका परिवार किशनगढ़ में नहीं रहता है। ऐसे में फ्लैट में यह दूसरी महिला कौन हो सकती है इस बारे में तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि संभवतया कैलाश कोटा से ही किसी के साथ आया था। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का माना जा रहा है। recent visitors 109