देहरादून स्मार्ट सिटी के लिए 66 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज स्मारक सीएम धामी ने किया लोकार्पण

देहरादून मुख्यमंत्री ने आज स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत, सर्वेचौक, ई०सी० रोड देहरादून में 66 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज स्मारक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पलटन बाजार के मुख्य द्वार का लोकार्पण भी किया। राष्ट्रीयता एवं देश प्रेम के भाव के लिए सर्वेचौक देहरादून में यह राष्ट्रीय ध्वज स्मारक स्थापित किया गया है। यह मार्ग देहरादून के मुख्य स्थलों राष्ट्रपति आशियाना, राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, उत्तराखण्ड शासन का सचिवालय एवं अन्य महत्त्वपूर्ण संस्थानों को जोड़ता है। इस अवसर पर विधायक श्री खजानदास, उपाध्यक्ष उत्तराखण्ड संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद श्रीमती मधु भट्ट, भाजपा के महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, एवं स्मार्ट सिटी परियोजना के अधिकारी उपस्थित थे। recent visitors 64

शांति समिति व सीएलजी की बैठक में फैसला, राजस्थान-केकड़ी के चारदीवारी क्षेत्र में वाहनों की नो-एंट्री

केकड़ी. त्योहार के मद्देनजर मुख्य बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सभी जगह यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। दीपावली के दौरान बाजार में आने वाले ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने 29 अक्तूबर से 01 नवम्बर तक शहर में चारदीवारी के भीतर के इलाकों में चार पहिया वाहन और टैंपो के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। केकड़ी जिला मुख्यालय पर सीएलजी एवं शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। केकड़ी शहर थाना परिसर में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी रामचन्द्र सिंह ने कहा कि त्योहार पर शांति व कानून व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए सभी को मिलजुल कर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली व बैल पूजन के दिन किसी भी प्रकार का उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपखण्ड अधिकारी सुभाष चन्द्र हेमानी, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा, थानाधिकारी कुसुमलता मीणा, विद्युत निगम के सहायक अभियंता मुकेश मीणा एवं नगर परिषद के स्वास्थ्य निरीक्षक आशीष खैराल आदि ने भी विचार व्यक्त किए। त्योहार के इन दिनों मुख्य बाजारों में उमड़ रही भीड़ के चलते शहर का ट्रैफिक अस्त व्यस्त होकर रह गया है। सभी जगह यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है, जिससे खरीददारी करने आए लोग परेशानी भुगत रहे हैं। दीपावली के दौरान बाजार में आने वाले ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने 29 अक्तूबर से 01 नवम्बर तक शहर में चारदीवारी के भीतर के इलाकों में चार पहिया वाहन व टेंपो के प्रवेश पर पाबन्दी लगा दी है। थानाधिकारी कुसुमलता मीणा ने बताया कि प्रतिबंध समय के दौरान अजमेरी गेट, जूनियां गेट, देवगांव गेट व खिड़की गेट से अन्दर की तरफ मोटर साइकिल के अतिरिक्त सभी वाहनों का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। उन्होंने बताया कि आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में प्रतिबंधित पटाखे एक दूसरे पर नहीं फेंकने के संबंध में सार्वजनिक मुनादी करवाने, मोहल्ला समितियों के माध्यम से जागरूकता लाने, बाजार का दौरा कर आम लोगों को समझाइश करने, बाजार की बदहाल यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, बाजार की समुचित सफाई करवाने, बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरूस्त रखने, बाजार में तेज गति से ट्रैक्टर चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने सहित अन्य बिन्दुओं पर विचार विमर्श कर निर्णय लिए गए। इस मौके पर गोपीचन्द चौधरी, राजेन्द्र चौधरी, मनोज कुमावत, हीराचन्द खूंटेटा, विनोद विजय, नवीन सोनी, रोहित जांगिड़, रितेश जैन, विष्णु साहू, रामप्रसाद उपाध्याय, कन्हैयालाल जेतवाल, सलीम मेवाती, सुरेश चौधरी, गोमा जाट सहित अन्य मौजूद रहे। recent visitors 65

उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

देहरादून मुख्यमंत्री ने आज उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए पत्रकारगणों एवं प्रेस क्लब के सभी सदस्यों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हम सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का एक विशिष्ट माध्यम है। सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की उन्होंने कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता को संविधान का चौथा स्तंभ कहा जाता है। पत्रकार और पत्रकारिता सिर्फ राजनीतिक और सामाजिक विषयों के प्रचार-प्रसार का माध्यम मात्र नहीं बल्कि लोकतंत्र को जीवित रखने का एक साधन भी है। आम जनता को सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं से परिचित कराना हो या उनकी समस्याओं से सरकार को अवगत कराना हो, इन दोनों महत्वपूर्ण दायित्वों का भार मीडिया पर होता है।   उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का वो दर्पण है, जो सरकार और उसके पूरे तंत्र को, उसके कार्यों के धरातल पर होने वाले प्रभावों से अवगत कराता है। जब कभी राष्ट्र को विकट परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है तो हमारे पत्रकार बंधु, हमारे वीर जवानों की भांति उस विकट परिस्थिति में सरकार और जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि  सरकार भी पत्रकार बंधुओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। हमने जहां एक ओर पत्रकारों की पेंशन में वृद्धि की, वहीं विभिन्न जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों को पूर्व की भांति सूचना विभाग के जरिये प्रदेश की राजधानी में रहने की उचित व्यवस्था में सहयोग करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के तहत पत्रकार कल्याण कोष में 2 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत पत्रकार श्री दुर्गा नौटियाल के परिवारजनों को पत्रकार कल्याण कोष से 05 लाख रूपये दिये जायेंगे। इस अवसर पर विधायक श्री मुन्ना सिंह चौहान, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री अजय राणा, भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा जोशी एवं पत्रकारगण व उनके परिजन उपस्थित रहे। recent visitors 59

सरकार ने जारी किए निर्देश, राजस्थान-जयपुर के साइलेंस जोन में केवल दो घंटे ही चला सकेंगे ग्रीन पटाखे

जयपुर. राजस्थान की भजनलाल सरकार ने आदेश जारी किए हैं कि इस दिवाली एनसीआर क्षेत्र में सिर्फ दो घंटे ही पटाखे चलाए जा सकेंगे। रात 8 बजे से 10 बजे ग्रीन श्रेणी के पटाखों से ही आतिशबाजी करने की अनुमति दी गई है। पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग ने इसके लिए आदेश जारी किए हैं। आदेशानुसार साइलेंस जोन जैसे अस्पताल, नर्सिंग होम, सरकारी गैर सरकारी चिकित्सा केन्द्र, स्कूल, कॉलेज, कोर्ट और धार्मिक स्थानों से 100 मीटर की दूरी पर पटाखे चलाए जाएंगे। वहीं, क्रिसमस और नए साल के अवसर पर पटाखे रात 11:55 बजे से 12:30 तक ही चलाए जा सकेंगे। पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग के आदेश के अनुसार विवाह समारोह में भी केवल ग्रीन आतिशबाजी का ही इस्तेमाल किया जाए। किसी भी हालत में प्रतिबंधित पटाखों को बाजार में नहीं बेचा जाए। स्टेट के कॉलेज और स्कूलों में पटाखों के जलने से होने वाले नुकसान को लेकर बच्चों को जागरूक किया जाए। स्टेट के सभी थाना सीआई को इस आदेश की पालना कराएंगे। ये आदेश जारी किए गए शांत क्षेत्र, अस्पताल, नर्सिंग होम, प्राथमिक एवं जिला स्वास्थ्य केंद्र, कोचिंग, स्कूल, न्यायालय, धार्मिक स्थानों से 100 मीटर के क्षेत्र में पटाखे नहीं चलाए जाएं। दीपावली, गुरु पर्व आदि पर पटाखे रात में 8:00 बजे से 10:00 बजे तक ही चलाए जाएं। क्रिसमस और नव वर्ष के अवसर पर पटाखे रात में 11:55 बजे से 12:30 तक ही चलाए जाएं। राज्य का वह क्षेत्र, जो एनसीआर के निकटवर्ती क्षेत्र की परिधि में आता है। ऐसे क्षेत्र में केवल दीपावली और अन्य त्योहारों पर पटाखे चलाए जाने हेतु क्षेत्र चिह्नित किए जाएं। इसकी जानकारी आमजन को प्रदान की जाए। ऐसे क्षेत्र में विवाह समारोहों में भी ग्रीन पटाखे ही इस्तेमाल किए जाए। साथ बैन पटाखे नहीं बेचे जाएं। राज्य में कॉलेजों एवं स्कूलों में पटाखों के जलने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूकता अभियान चलाए जाए और आमजन को भी इस संबंध में जागरूक किया जाए। राज्य के पुलिस थानों के थाना अधिकारी का यह दायित्व होगा कि वे उपरोक्त निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। recent visitors 100

कोहली दूसरे टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बाद नाराज दिखे, लौटते समय उन्हें गुस्सा आ गया और उन्होंने पानी के बक्से पर बल्ला दे मारा

पुणे पुणे में दूसरे टेस्ट में विराट कोहली के पहली पारी में आउट होने का कारण खराब शॉट चयन हो सकता है, लेकिन दूसरी पारी में वे थोड़े बदकिस्मत रहे, क्योंकि मिशेल सेंटनर की गेंद नीचे रह गई। भारतीय बल्लेबाज निराश थे और वापस पवेलियन लौटते समय उन्हें गुस्सा आ गया और उन्होंने पानी के बक्से पर बल्ला दे मारा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जब वे स्टेडियम की सीढ़ियों पर चढ़ रहे थे, तो 35 वर्षीय खिलाड़ी ने गुस्से में पानी के डिब्बे पर बल्ला मारा और गुस्सा निकाला। कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में शून्य पर आउट होने के बाद दूसरी पारी में 70 रन बनाए थे। वहीं दूसरे मैच की पहली पारी में भी कोहली का बल्ला नहीं चला था और एक रन पर आउट हो गए थे। लेकिन दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में भी वह कुछ खास नहीं कर पाए और मात्र 17 रन ही बना पाए। लाल गेंद के क्रिकेट में खराब दौर से गुजर रहे 35 वर्षीय खिलाड़ी ने सकारात्मक इरादे से बल्लेबाजी की और मिड-विकेट पर कुछ बेहतरीन शॉट खेले। शुरुआत में खराब निर्णय के कारण पंत को विकेट गंवाना पड़ा। जब भारत को साझेदारी की जरूरत थी तब कोहली आउट हो गए और 359 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की स्थिति खराब हो गई। सुबह के सत्र में बल्लेबाजी के साथ अच्छा घंटा बिताने के बाद मेजबान टीम लंच के बाद भी लय खोती रही। अंत में रोहित शर्मा की टीम 113 रन से पीछे रह गई और दूसरे टेस्ट के साथ सीरीज भी हार गई। recent visitors 107

फिर गरमाने लगा ढिल्लों ब्रदर्ज का मामला, पूर्व इंस्पेक्टर नवदीप सिंह बारे हुए अहम खुलासे

जालंधर जश्नप्रीत ढिल्लों और उसके पिता का डी.एन.ए. फेल होने के बाद मामला नया रुख ले रहा है। ढिल्लों ब्रदर्स ने जब ब्यास दरिया में छलांग लगाई तो उसके 48 घंटे बाद मानवप्रीत का मोबाइल ऑन हुआ और लोकेशन तरनतारन की निकली थी, जिसके बाद ढिल्लों परिवार मानवप्रीत का पता न लगने पर इंस्पैक्टर नवदीप सिंह पर शव खुर्दबुर्द करने के आरोप लगाए थे लेकिन अब यह बात सामने आई है कि उस समय नवदीप सिंह के मोबाइल की लोकेशन जालंधर के इंडस्ट्री एरिया की निकली थी। वहीं अब यह बात भी सामने आई है कि शिकायतकर्त्ता पक्ष ने माननीय सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगा कर नवदीप सिंह पर आरोप लगाए थे कि नवदीप सिंह ने जश्नप्रीत के साथ भी मारपीट की थी लेकिन पूर्व इंस्पैक्टर के मोबाइल रिकॉर्ड निकाले तो पता लगा कि दोनों कभी भी एक-दूसरे से मिले ही नहीं थे। उनके मोबाइल लोकेशन के टावर कभी भी एक नहीं निकले थे। इसके अलावा कमिश्नरेट पुलिस ने एस.आई.टी. और सुल्तानपुर कोर्ट में अपना पक्ष रख कर कहा कि नवदीप सिंह ने कानून के अनुसार ही मानवप्रीत पर कार्रवाई की थी जबकि उसके दो बार हुए मैडीकल में भी मारपीट होने के सबूत नहीं मिले। अब सवाल यह बनता है कि जिन लोगों को नवदीप सिंह जानते ही नहीं थे और एक एस.एच.ओ. की पावर इस्तेमाल करते हुए थाने में मुलाजिमों के साथ बदसलूकी करने पर एक्शन करने की रिपोर्ट भी दायर कर दी गई तो फिर खुदकुशी के लिए उकसाया कैसे जा सकता है। हालांकि कानून के मुताबिक आई.पी.सी. की धारा 306 के तहत तभी कोई कार्रवाई हो सकती है जबकि आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे को अच्छे तरीके से जानते हों। पीड़ित की कोई वीडियो, सुसाइड नोट या फिर पीड़ित की मौत से पहले दिए बयानों पर धारा 306 स्टैंड कर सकती है। हालांकि शिकायतकर्त्ता मानवदीप उप्पल ने अब यह बात भी पंजाब केसरी को बताई कि ब्यास दरिया पर जब मानवप्रीत ढिल्लों और वह खुद गए तो पहले से ही पुल पर मौजूद जश्नप्रीत के पास अकेला मानवप्रीत ढिल्लों ही था और उसे दूर रहने को कहा था। इस दौरान दोनों भाई एक-दूसरे से करीब पौने घंटे तक बातें करते रहे और बाद में दरिया में छलांग लगा दी। यह बात भी अब सामने आई है कि जिस समय थाना 1 में मानव ढिल्लों ने बदसलूकी की थी तो मौके पर मौजूद 8 चश्मदीद गवाहों ने एस.आई.टी. समक्ष बयान दे दिए है कि मानव ढिल्लों की गलती के कारण ही पुलिस ने उसके खिलाफ 107/51 की कारवाई थी। वहीं कपूरथला पुलिस इस मामले में कोई भी निर्णय नहीं ले पा रही है। हैरान करने वाली बात है कि इस मामले में कपूरथला पुलिस ने मात्र केस दर्ज होने के अलावा कोई भी स्टेटमैंट नहीं दी जिससे साफ है कि कहीं न कहीं कपूरथला पुलिस ने उस शव के मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया, जिसको लेकर अभी क्लियर ही नहीं हो पाया कि वह शव जश्न का या फिर किसी और का था। उधर इस संबंधी ढिल्लो ब्रदर्स के पिता जतिंदर पाल ढिल्लों का कहना है कि मानव बिना उनकी मंजूरी से जांच के दस्तावेज सार्वजनिक कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि शव जश्न का ही था, क्योंकि उसके जूते और पेंट वही थी जो वह 17 अगस्त 2023 को घर से पहन कर निकला था। इसके अलावा उसकी जेब से जालंधर वाले कमरे की चाबी भी मिली है। हालांकि यह क्लियर नहीं हो पाया है कि उक्त चाबी से कपूरथला पुलिस ने उक्त कमरे के ताले को लगा कर चैक किया था या फिर नहीं। recent visitors 171

अब सांची का नेचुरल नारियल पानी आएगा बाजार में, पशुपालन राज्य मंत्री श्री पटेल 28 अक्टूबर को करेंगे शुभारंभ

भोपाल दूध, दही, श्रीखंड, बृज पेड़ा, केशव पेड़ा, सांची नीर और सांची खीर सहित अन्य उत्पादों के बाद अब सांची दुग्ध संघ अपना नया उत्पाद शुद्ध, नेचुरल और पाश्चुरीकृत "सांची नारियल पानी" बाजार में लाएगा। पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल 28 अक्टूबर को भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के मुख्य डेयरी प्लांट में इसकी बिक्री का विधवत शुभारंभ करेंगे। इसे नारियल उत्पादन क्षेत्र तमिलनाडु के पोलाची में 200 एम एल की बोतल में पैक कराया जाएगा। इसका बाजार मूल्य ₹50 रूपये प्रति बोतल रहेगा। सांची दुग्ध संघ की यह बड़ी उपलब्धि होगी, क्योंकि अभी तक किसी भी दुग्ध सहकारी संघ ने पैक बोतल में नारियल पानी उपलब्ध नहीं कराया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पशुपालन मंत्री श्री लखन पटेल के नेतृत्व में सांची दुग्ध संघ निरंतर तरक्की कर रहा है। कुछ वर्ष पहले तक 04 से 06 उत्पादों तक सीमित रहने वाला दुग्ध संघ अब 25 तरह के अपने उत्पाद बाजार में उपलब्ध करवा रहा है। इससे सांची पार्लर संचालकों की आय में वृद्धि हुई है और स्थान-स्थान पर स्मार्ट सांची पार्लर लगाए जा रहे हैं। भोपाल दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आर.पी. तिवारी ने बताया कि शुद्धता ही सांची की पहचान है। सांची द्वारा नारियल पानी बाजार में लाने का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को वाजिब दामों पर पर्याप्त मात्रा में शुद्ध नारियल पानी उपलब्ध करवाना है।   recent visitors 62