खुलासा: मनरेगा योजना के तहत रजिस्टर्ड 84.8 लाख श्रमिकों के नाम लिस्ट से हटा दिए गए

नई दिल्ली एसोसिएशन ऑफ अकेडेमिक एंड एक्टिविस्ट लिब टेक द्वारा जारी एक रिसर्च के अनुसार, अप्रैल से सितंबर 2023 के बीच मनरेगा (MGNREGA) योजना के तहत रजिस्टर्ड 84.8 लाख श्रमिकों के नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं। इस दौरान 45.4 लाख नए श्रमिकों को जोड़ा गया, जबकि लगभग 39.3 लाख श्रमिकों के नाम हटाए गए। रिपोर्ट में बताया गया है कि सबसे ज्यादा नाम हटाए जाने की संख्या तमिलनाडु में 14.7% है, इसके बाद छत्तीसगढ़ 14.6% के साथ दूसरे स्थान पर है। लिब टेक की पिछले साल की एक रिपोर्ट में भी उल्लेख किया गया था कि वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान 8 करोड़ लोगों को MGNREGS रजिस्ट्री से हटा दिया गया था। आंध्र प्रदेश में 15% नाम गलत तरीके से हटाए गए रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में लगभग 15% श्रमिकों के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं। यह स्थिति चिंता का विषय है। लिब टेक के शोधकर्ताओं ने पाया कि यह बड़ी संख्या में नाम हटाने की समस्या सरकार द्वारा लागू की गई आधार-आधारित भुगतान प्रणाली (ABPS) से जुड़ी हुई है। जनवरी 2023 में, ग्रामीण विकास मंत्रालय ने MGNREGS के लिए ABPS का राष्ट्रव्यापी कार्यान्वयन अनिवार्य कर दिया। इसके तहत श्रमिकों को कई शर्तें पूरी करनी होती हैं, जैसे कि उनका आधार उनके जॉब कार्ड से जुड़ा होना और बैंक खाता भी आधार से लिंक होना चाहिए। लिब टेक की रिपोर्ट के अनुसार, सभी रजिस्टर्ड श्रमिकों में से 27.4% (6.7 करोड़ श्रमिक) और 4.2% सक्रिय श्रमिक (54 लाख श्रमिक) ABPS के लिए अयोग्य हैं। हटाए गए नामों की संख्या ने एक नई चिंता को उजागर किया अक्टूबर 2023 में सक्रिय श्रमिकों की संख्या 14.3 करोड़ थी, जो अक्टूबर 2024 में घटकर 13.2 करोड़ रह गई। इसके साथ ही, वित्तीय वर्ष 2022-23 की तुलना में इस वर्ष व्यक्ति दिवसों में 16.6% की कमी आई है, जो ग्रामीण रोजगार योजना की स्थिरता पर सवाल उठाती है। इस प्रकार, मनरेगा के तहत श्रमिकों के नाम हटाने और रोजगार के अवसरों में कमी ने एक नई चिंता को जन्म दिया है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। recent visitors 68

अनूपपुर जिले के जल संचयन, संरक्षण व संवर्धन हेतु बैठक संपन्न

अनूपपुर. अनपपुर जिले की जल समस्या को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 26-10-24 को सिंधी धर्मशाला में दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक चली । इस बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए प्रगतिशील लेखक संघ इकाई अनूपपुर के अध्यक्ष गिरीश पटेल ने बताया कि यह बैठक प्रसिद्ध किसान व समाज सेवी अनंत जौहरी के द्वारा आहूत थी । अनूपपुर जिला जल समस्या से ग्रसित है, यह एक विचारणीय मुद्दा है कि मध्यप्रदेश में सबसे कम सिंचाई के संसाधन डिण्डौरी जिले में है और उसके बाद अनूपपुर जिले का नंबर आता है यानि प्रदेश में दूसरे नंबर पर, जबकि अनूपपुर जिले में दो थर्मल प्लांट, कई कोलियरी, एक कॉस्टिक सोडा फैक्ट्री और पास में ही सीमा पर ओरियंट पेपर मिल है । अनूपपुर में सब्जी की बहुत बड़ी मंडी है तथा कई नदियाँ भी,जिसमें प्रमुख रूप से बड़ी नदी सोन भी है। लेकिन किसानों के खेतों में सिंचाई के लिए न तो पर्याप्त संसाधन हैं और न ही पर्याप्त जल । सोन नदी के अधिकतम जल का दोहन थर्मल प्लांट, सोडा फैक्ट्री और पेपर मिल कर लेते हैं । जल प्रदाय के लिए जो सरकारी योजनाएं हैं वो हाथी का दांत साबित हुई हैं । किसानों को जल की आपूर्ति नहीं हो पाती यही वजह है कि इस क्षेत्र में रवि की फसल मात्र 10-15 प्रतिशत ही हो पाती है । नल-जल योजना के तहत अधूरे कार्य करके छोड़ दिए गए हैं और सड़कों को खोद दिया गया है । कई ऐसे गावों में जहां इस योजना की कोई जरूरत नहीं है वहां भी ज़बरदस्ती ये योजना लागू की गई हैं और रास्ते खोद दिए गए हैं । मोजरवियर प्लांट से निकलने वाली राखड से कई क्षेत्रों को पाटा जा रहा है यहाँ तक कि कई जीवित तलाबों तक को पाट दिया गया है । पीने के जल की आपूर्ति नदियों के जल को सीधे लिफ्ट कर वाटर टैंक में डाल कर नलों के द्वारा की जाती है तथा टंकी में क्लोरीन डालकर सीधे नलों में डाल दिया जाता है । जल के शुद्धिकरण का कोई सही तरीक़ा नहीं अपनाया जाता । अनूपपुर मुख्यालय में एक वॉटर टैंक में एक बंदर गिर कर मर गया था और कई पक्षी भी और उसी जल की पेयजल के रूप में आपूर्ति की जा रही थी । जल में गंध की शिकायत मिलने पर जाँच करने पर पाया गया कि बंदर और पक्षी टैंक में मरे पड़े हैं । अनूपपुर की ज़्यादातर जनता अपने अपने घरों में बोर कराकर उसका उपयोग कर रही है जिससे भूगर्भीय जल स्तर नीचा होता जा रहा है । तालाबों और कुओं की हालत ख़स्ता है । रेत के अवैध व अंधाधुंध उत्खनन से तथा नदियों में गंदगी बहाने की वजह से न केवल नदियाँ प्रदूषित हो गई हैं बल्कि उनका अस्तित्व भी ख़तरे में पड़ गया है ।वॉटर- हार्वेस्टिंग की कोई भी योजना न तो इस जिले में लागू है और न ही आम जनता की इस बारे में कोई संवेदनशीलता ।यदि समय रहते सचेत नहीं हुए तो भावी समय में जल के अभूतपूर्व संकट का सामना करना पड़ेगा । सरकारी नीति के अनुसार धीरे-धीरे जल पर कॉरपोरेट का क़ब्ज़ा होता जा रहा है और ऐसा लग रहा है कि भविष्य में जल वितरण का कार्य कॉरपोरेट ही करेंगे , तब आम जनता में त्राहि त्राहि मचेगी । इन सारी समस्याओं से निपटने के लिए ही यह बैठक आयोजित की गई थी । इस बैठक का उद्देश्य जनजागरण के साथ ही सरकार तक उचित माध्यमों से अपनी समस्याओं को पहुंचाना और उसके निराकरण के लिए सरकार पर दबाव बनाना भी है ।इस बैठक में यह तय किया गया है कि सारे समस्याओं को सूचीबद्ध कर के इसे जिला प्रशासन और इससे संबंधित विभागों को भेजा जाएगा साथ ही इससे राज्य सरकार को भी अवगत कराया जाएगा ।ताकि इस पर गंभीरता पूर्वक अमल हो सके । यदि इस सबके बावजूद भी स्थानीय जिला प्रशासन व सरकार के पास सुनवाई नहीं होती तो यह कार्यक्रम एक विशाल जन आंदोलन के रूप में परिवर्तित हो जाएगा ।    इस बैठक में विशेष रूप से बड़वानी से आए जल विशेषज्ञ रहमत भाई ( जिनकी योजनाओं पर कई बार सरकार ने अमल किया है ), छतरपुर के गांधी संस्थान से आईं दमयंती नेगी, बड़वानी से ही महेश शर्मा ( मेधा पाटकर के साथ आंदोलनरत ), जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह, पूर्व एडिशनल कलेक्टर व जिला कांग्रेस के अग्रणी नेता रमेश सिंह, समाजसेवी एडवोकेट बासुदेव चटर्जी, किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एडवोकेट जनक राठौर, ग्राम हर्र्री से सिंचाई क्रांति के कर्ताधर्ता एडवोकेट हीरालाल राठौर, समाजसेवी पी एस राउतरायजी,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामखेलावन राठौर,चोरभटी से जुगलकिशोर राठौर, पडरिया से रमेश सिंह राठौर,पसला से रामचरण राठौर, फुनगा से मुन्ना सिंह,जमडी से अनंत जौहरी,विवेक यादव,महेन्द्र सिंह , विनोद सिंह और अनूपपुर से गिरीश पटेल आदि शामिल थे और इन सभी ने जल समस्याओं के बारे में अपने अपने विचार रखे और अनुभवों को साझा कर उसके निराकरण के संबंध में अपने सुझाव भी प्रस्तुत किये । recent visitors 64

तीन बदमाश गिरफ्तार, राजस्थान-दौसा की श्यालावास हाई सिक्योरिटी जेल में ड्रग्स सप्लाई

दौसा. दौसा की केन्द्रीय श्यालावास हाईसिक्योरिटी जेल लगातार चर्चा में बनी हुई है। यह जेल हाईसिक्योरिटी के मामले में राजस्थान की दूसरे नंबर की जेल है। नांगल राजावतान थाना इलाके की श्यावास जेल में पिछले दिनों पुलिस ने जेल में ड्रग्स सप्लाई मामले का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। नांगल राजावतान डिप्टी एसपी चारूल गुप्ता ने बताया कि मामला 9 अक्तूबर 2024 का है। मालीराम थानाधिकारी पुलिस थाना पापडदा ने मामला दर्ज किया था। केन्द्रीय कारागृह श्यालावास में बंदियों तक मादक पदार्थ अफीम एवं जेल अवैध सामग्री पहुंचाने की सूचना पर केन्द्रीय कारागृह श्यालावास पर छापा डाला था। वहां केन्द्रीय कारागृह श्यालावास में तैनात RAC का प्रहरी रामनाथ मूंड से इशारा पाकर बदमाश जेल की दीवार कूदकर भाग गए थे, लेकिन भागते हुए जेल में 2 बैग फेंक गए। चेक करने पर बैग में 245 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम एवं जेल निषिद्ध सामग्री मिली। पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया और जांच शुरू करते हुए इस मामले की जांच हुसैन अली थानाधिकारी पुलिस थाना नांगल राजावतान को दी। उधर नांगल राजावतान डिप्टी एसपी चारूल गुप्ता ने बताया शातिर आरोपित बदमाश प्रवृत्ति के हैं, जिनके खिलाफ कई थानों में एनडीपीएस एक्ट में मामले दर्ज हैं। आरोपी तौफिक अली और बदमाश बंटी उर्फ गिर्राज गोस्वामी विशिष्ट केन्द्रीय कारागृह श्यालावास में सजा काट रहे हैं, जिनके द्वारा कारागृह में मोबाईल का उपयोग लिया जा रहा था। ये दोनों ही बंदी मोबाइल के जरिए बाहरी अपराधियों के संपर्क में थे। इन्हीं अपराधियों ने अवैध मादक पदार्थ एवं जेल प्रतिबंधित सामग्री जेल प्रहरी आरएसी जवान रामनाथ मूंड के सहयोग से जेल में पहुंचाई थी। बदमाश रवि कुमार रावल निवासी छीपाबडौद बारां और सद्दीक उर्फ सादिक हुसैन निवासी कोटा द्वारा जायसवाल अस्पताल विज्ञान नगर कोटा से चुराई गई। मोटरसाईकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर 8 अक्तूबर 2024 को कोटा बारां से रवाना होकर दौसा शहर में आ गये थे। जिन्होंने दौसा में एक होटल में कमरा लिया तथा रात को वहीं पर रुककर मादक पदार्थ एवं जेल में प्रतिबंधित सामग्री के पॉलिथिनों में लपेटकर पैकिट तैयार किए और 9 अक्तूबर 2024 को जेल प्रहरी रामनाथ तथा बंदी तौफिक और बंटी से संपर्क हो जाने के बाद दौसा से रवाना होकर श्यालावास जेल पर पहुंचे। दोनों बंदियों ने मनीष नाम के आधार कार्ड से दूसरे विकास नाम के कैदी मुलाकात की पर्ची कटवाई और कारागृह के मुख्य दरवाजे पर जेल प्रहरी रामनाथ मूंड के पास पहुंच गए। उधर, पीछे ही पुलिस पहुंचीं, तो जेल प्रहरी रामनाथ ने दोनों शातिर को क्वार्टर परिसर की दीवार कूदवाकर भगा दिया, जिन्होंने भागते समय थैले वहीं पर फेंक कर भाग निकले। जिनको सीजर अधिकारी द्वारा चैक करने पर उनमें मादक मिले तो जेल प्रहरी रामनाथ मूंड को आपराधिक षड्यंत्र में सहयोग का मामला सामने आया। जेल प्रहरी रामनाथ मूंड को 11 अक्तूबर 2024 को ही गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था। उसकी सैशन कोर्ट दौसा द्वारा जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी हैं। पापडदा पुलिस ने तौफिक अली और बंटी उर्फ गिर्राज गोस्वामी को प्रोडेक्शन वारंट से केन्द्रीय कारागृह श्यालावास से गिरफ्तार किया गया हैं जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। recent visitors 63

पंजाब दे राज्यपाल ने एक और बिल को दी मंजूरी, बदलेंगे लड़कियों की भर्ती से जुड़े नियम, मिलेगी राहत

पंजाब पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब फायर एंड इमरजेंसी सर्विस बिल 2024 को मंजूरी दे दी है। इस बिल के लागू होने से फायर ब्रिगेड में लड़कियों की भर्ती से जुड़े नियम बदले जाएंगे। वहीं अब हर वर्ष की बजाय तीन वर्ष बाद फायर से जुड़ी एनओसी लेनी होगी। इस बिल में फायर से जुड़ी गतिविधियों का निरिक्षण करने और खराब प्रदर्शन पर सजा देने के लिए भी रूपरेखा बनाई जाएगी। आपको बता दें कि इस बिल के लागू होने से सरकार के रेवेन्यू के स्रोत बढ़ेंगे और दमकल विभाग को सभी इमारतों पर फायर टैक्स लगाने का अधिकार होगा। वहीं दमकल अधिकारियों को भी इस बिल में पावर दी जाएगी। वह इमरतों का निरीक्षण कर सकेंगे और आग के संभावित खतरे को कम करने के लिए निर्देश जारी कर सकेंगे। आपको बता दें कि इससे पहले राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब अपार्टमेंट एंड पार्टी रेगुलेशन बिल को मंजूरी दी थी। recent visitors 69

बाघिन और शावकों संग बिताए रोमांचक पल, राजस्थान-सवाई माधोपुर के रणथंभौर सपरिवार पहुंचे केविन पीटरसन

सवाई माधोपुर. इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन और उनका परिवार इन दिनों रणथंभौर में है। यहां वे रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण कर बाघ बाघिन एवं शावकों की अठखेलियों के साथ ही अन्य वन्यजीव एवं रणथंभौर की प्राकृतिक सुंदरता का लुफ्त उठा रहे हैं। शुक्रवार को क्रिकेटर ने रणथंभौर में टाईगर सफारी के दौरान बाघिन रिद्धि और उसके शावकों की अठखेलियों का लुफ्त उठाया। पीटरसन एवं उनके परिवार को आठ बाघों के दीदार हुए। जिसे देखकर पीटरसन और उनका परिवार खासा उत्साहित नजर आया। दरअसल क्रिकेटर केविन पीटरसन अपनी पत्नी जेसिका पीटरसन और बच्चों जॉन, ब्रेयान और ग्रेग के साथ रणथम्भौर आए हुए हैं। यहां वे रणथंभौर के एक पांच सितारा होटल में ठहरे हैं। शुक्रवार शाम की पारी में उन्होंने रणथम्भौर में टाइगर सफारी का लुफ्त उठाया। यहां उन्होंने रणथम्भौर के जोन तीन में सफारी की। इस दौरान उन्होंने रणथम्भौर के जोन तीन की प्राकृतिक सुंदरता को निहारा। इस दौरान बाघिन रिद्धी और उसके शावकों ने पीटरसन परिवार को खूब छकाया। यहां बाघिन और उसके शावकों ने पीटरसन परिवार के साथ खूब लुक्का छिप्पी खेली। करीब डेढ़ घंटे तक बाघिन व उसके शावकों ने पीटरसन परिवार को खूब छकाया। इस दौरान बाघिन और शावक कभी झाड़ियों में तो कभी मैदान में पीटरसन परिवार के साथ लुक्का छिप्पी खेलते रहे। अंत में जाकर बाघिन और शावकों ने कुछ देर के लिए पीटरसन परिवार को अपनी झलक दिखाई। क्रिकेटर केविन पीटरसन ने शनिवार शाम को भी रणथम्भौर के जोन नंबर दो में टाइगर सफारी का लुफ्त उठाया। यहां उन्हें बाघिन रिद्धी व उसके तीन शावकों के दीदार हुए। इसी के साथ ही पीटरसन परिवार ने बाघिन ऐरोहेड व उसके तीन शावकों को अठखेलियां करते देखा। यहां पीटरसन परिवार को करीब एक से डेढ़ घंटे टाईगर साइटिंग हुई। जिसे वह रोमांचित नजर आए। इस दौरान पीटरसन अपने कैमरे से टाइगर साइटिंग की वीडियोग्राफी भी करते दिखाई दिए। recent visitors 103

प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्रेरणा और प्रोत्साहन से भारतवासी सभी क्षेत्रों में कर रहे हैं उपलब्धियां अर्जित: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेल से व्यक्तित्व में अनुशासन, आत्म-विश्वास, बौद्धिक, प्रखरता, निडरता और एकाग्रता विकसित होती है। मध्यप्रदेश ने खेलो इंडिया यूथ गेम में देश में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया, शूटिंग में प्रदेश ने 15 मेडल अर्जित किए, ओलंपिक में शामिल हुई भारत की हॉकी टीम में प्रदेश के खिलाड़ी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रदेश में 18 खेलों की 11 राज्य अकादमियों का संचालन हो रहा है। यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतना में स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए 15 करोड़ रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की तथा सिंथेटिक ट्रैक निर्माण के लिए 7 करोड़ रुपए भी स्वीकृत किए। साथ ही बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माण कार्यों के संबंध में जिला कलेक्टर को निर्देश प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सतना में अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित 35 वें अखिल भारतीय खेलकूद (एथलेटिक्स) समारोह 2024 के समापन अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 35वें अखिल भारतीय खेलकूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए। कार्यक्रम में अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अनेकों उपलब्धियां अर्जित की है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को सराहना के साथ ही सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के बावजूद पदक प्राप्त करने से चूकने वाले खिलाड़ियों का भी उत्साहवर्धन किया। खेल हो या वैज्ञानिक अनुसंधान का क्षेत्र, प्रधानमंत्री श्री मोदी भारतीय परंपरा का अनुसरण और खेल भावना का परिचय देते हुए सभी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शित करने के लिए निरंतर प्रोत्साहन प्रदान करते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी का यह स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन देशवासियों को सभी क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ करने के लिए प्रेरणा प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत में घुड़सवारी, तीरंदाजी, तलवारबाजी, कुश्ती जैसे परंपरागत खेलों का समृद्ध इतिहास रहा है। इन कौशलों में भाई-बहनों ने समान रूप से अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया है। रानी दुर्गावती ने तलवार के बलबूते पर 51 लड़ाइयां लड़ी और सभी में विजय श्री प्राप्त की। रानी दुर्गावती, रानी अवंतीबाई, रानी लक्ष्मीबाई और रानी अहिल्याबाई ने मातृभूमि की रक्षा और सुशासन के क्षेत्र में उदाहरण प्रस्तुत करने के साथ ही सनातन संस्कृति के विस्तार में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मकर संक्रांति, गुड़ी पड़वा, गुरु पूर्णिमा के समान ही राज्य शासन ने दशहरा भी धूमधाम से मनाया। भारतीय संस्कृति में शस्त्र और शास्त्र दोनों को समान महत्व प्रदान किया गया है। इसी भाव का प्रकटीकरण करते हुए दशहरे पर समस्त पुलिस लाइन, पुलिस थानों व शस्त्रागार में शस्त्र पूजन किया गया। भारतीय संस्कृति में त्यौहारों का विशेष महत्व है, राज्य शासन द्वारा दीपावली और गोवर्धन पूजा को भी धूमधाम से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत, सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामयः के सिद्धांत पर विश्वास करते हुए जियो और जीने दो की भावना के आधार पर विश्व में शांति की प्रतिस्थापन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर सक्रिय है। देश के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी भारत अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित कर रहा है। नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि खेल, जीवन में हार और जीत को समान भाव स्वीकार करने और खेल भावना से जीवन जीने के लिए हमें प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्साह और सकारात्मक भाव से अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री श्री लखन पटेल, सतना महापौर श्री योगेश ताम्रकार, विद्या भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री राम तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।   recent visitors 159

बच्चों ने रामायण का किया सजीव मंचन, राजस्थान-केकड़ी के स्कूलों में मनाया दीपोत्सव

केकड़ी. केकड़ी के सापंदा रोड स्थित दिगम्बर जैन समाज के श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्या विहार सीनियर सैकण्डरी स्कूल में शनिवार को बच्चों ने दीपावली का पर्व श्रद्धा व भक्ति से ओतप्रोत विविध प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कक्षा प्ले ग्रुप से आठवीं तक के 105 विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न दृश्यों का सजीव मंचन कर सभी को भावविभोर कर दिया। स्कूलों में रविवार से दीपावली की छुट्टियां शुरू हो गई हैं। अवकाश शुरू होने पूर्व शनिवार को श्री सुधासागर स्कूल में बच्चों ने भगवान श्रीराम के जीवन चरित के आधार पर एक से बढ़कर एक ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि सब दंग रह गए। रामायणकालीन वेशभूषा में सज-धजकर आये नन्हे-मुन्हे बच्चों ने कुशल अभिनय के साथ रामायण का प्रसंगों का मंचन प्रस्तुत कर भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के निदेशक अजय जैन ने श्रीराम दरबार की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कक्षा प्ले ग्रुप से आठवीं तक के 105 विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न दृश्यों का सजीव मंचन कर सभी को भावविभोर कर दिया। इसमें कक्षा प्ले ग्रुप से कक्षा द्वितीय तक के विद्यार्थियों ने श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, लव, कुश, शबरी, हनुमान, वानर सेना, जटायु, रावण आदि रामायण के विविध पात्रों की सजीव झांकी प्रस्तुत की। तत्पश्चात एचकेजी के विद्यार्थियों ने रामायण का संक्षिप्त मनोरम मंचन किया। कक्षा तीन से कक्षा आठ के विद्यार्थियों ने रामायण की संगीतमय चौपाइयां प्रस्तुति कीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए, बुरी आदतों को छोड़कर सुखी और सफल जीवन की बुनियाद मजबूत करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष संजय कटारिया, सचिव आनन्द सोनी, निदेशक अजय जैन और प्रधानाचार्य एस एन खण्डेलवाल ने दीपावली पर्व पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक आजाद शर्मा और शिक्षिका सोनल जैन ने किया। recent visitors 70