काजोल के सामने कपिल शर्मा ने अजय देवगन से ली चुटकी

मुंबई, स्टार स्टैंडअप कॉमेडियन कपिल शर्मा ने अभिनेता अजय देवगन की चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि अजय देवगन ने इतनी बार पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है कि अब जुहू थाने में उनके लिए एक कुर्सी खाली रखी जाती है। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के लेटेस्ट एपिसोड में अभिनेत्री काजोल और कृति सेनन अपनी फिल्म ‘दो पत्ती’ का प्रमोशन करने पहुंचीं। काजोल अपने तीन दशक के करियर में पहली बार पुलिस की वर्दी में नजर आएंगी। कपिल ने कहा कि 1992 में ‘बेखुदी’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली काजोल पहली बार पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं जबकि अजय ने कई बार यह भूमिका निभाई है। अभिनेत्री कृति सेनन ने ‘दो पत्ती’ के साथ निर्माता के रूप में अपनी शुरुआत की है। उन्होंने कहा, “मैं भी हैरान थी। मैं सोच रही थी कि यह कैसे संभव है कि आपने पहले कभी पुलिस वाले की भूमिका नहीं निभाई। खासकर जब ‘सिंघम’ आपके घर पर ही हों।” फिर कपिल ने कहा, “काजोल ने पहली बार भूमिका निभाई और अजय सर ने अनगिनत बार भूमिका निभाई है कि जुहू थाने में उनके लिए एक कुर्सी खाली रखी जाती है। वह कभी भी उस पर बैठ सकते हैं। क्या आपने अजय सर से ‘अता माझी सटकली’ जैसे किसी डायलॉग के बारे में नहीं पूछा?” इस सवाल पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए काजोल ने कहा, “मैंने उनसे बिल्कुल भी सलाह नहीं ली क्योंकि सिंघम के लिए मैंने ही उन्हें ट्रेनिंग दी थी। आप कैसे भूल सकते हैं कि मैंने उन्हें मराठी सिखाई थी।” फिल्म ‘दो पत्ती’ में शहीर शेख भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। अभिनेत्री एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगी। शशांक चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित ‘दो पत्ती’ 25 अक्टूबर को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। हाल ही में, टीवी की मशहूर अदाकारा एकता कपूर ने ‘दो पत्ती’ की टीम को अपनी “शुभकामनाएं” दीं। उन्होंने कृति को उनके “पहले प्रोडक्शन वेंचर” और शहीर को फिल्मों में उनके बड़े ब्रेक के लिए विशेष रूप से बधाई दी। एकता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें कृति, शहीर और लेखिका कनिका ढिल्लन नजर आ रही हैं। वीडियो में बैकग्राउंड में फिल्म का गाना “रांझण” बज रहा है। recent visitors 159

पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, राजस्थान-केकड़ी में नशे ने बनाया चोर

केकड़ी. नशा इंसान के सोचने-समझने की शक्ति नष्ट कर देता है और इसकी तलब पूरी करने के लिए व्यक्ति अच्छा बुरा-सोचे बिना, कुछ भी कर गुजरता है। ऐसा ही एक मामला केकड़ी में सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए एक दुकान के ताले तोड़कर चोरी कर डाली। थानाधिकारी कुसुमलता मीणा ने बताया कि नारायण उर्फ गब्बर सिंधी पुत्र नथमल सिंधी की बस स्टैंड पर झूलेलाल शू व जनरल स्टोर के नाम से डेयरी बूथ व चाय की होटल है। बीती शनिवार की रात को लगभग 1 बजे वह दुकान बंद कर अजमेर रोड पर न्यू कृष्णानगर स्थित अपने घर चला गया था। सुबह 5 बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान के ताले टूटे हुए मिले एवं गल्ले में रखे 25 हजार रुपये गायब मिले। चोरी की वारदात का पता चलते ही सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया तथा आसपास लगे लगभग 50 सीसीटीवी खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में 27 वर्षीय युवक रमेश साहू पुत्र गणेश साहू निवासी काजीपुरा, केकड़ी की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। इस पर पुलिस ने रमेश को पकड़कर पूछताछ की तो उसने दुकान के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार युवक नशे का आदि है तथा उसने नशे की तलब पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी की रकम बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। recent visitors 85

एक की मौत और दो घायल, छत्तीसगढ़-धमतरी में कार अनियंत्रित होकर हाईवा से टकराई

धमतरी. धमतरी जिले में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े ठेल में टक्कर मार हुए साइड में खड़े हाईवा से टकरा गई। कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। इलाज के लिए तीनों को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में एक शख्स को डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो लोगों का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, नगरी की ओर से कार में सवार होकर तीन लोग धमतरी की ओर आ रहे थे, तभी कुकरेल के पास कार अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े ठेले को टक्कर मारते हुए साइड में खड़े हाईवा से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने कुशल यादव निवासी सदर दक्षिण वार्ड को मृत घोषित कर दिया। जबकी तेजू धीवर ग्राम भेड़सर भखारा और भूपेश साहू गुरुर थाना क्षेत्र का निवासी घायल है, जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि कुशल यादव और घायल व्यक्ति केरेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ढाबे में काम करते थे और अपने मालिक की कार में सवार होकर धमतरी की ओर आ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ है। इस संबंध में केरेगांव थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि धमतरी की ओर से टीयूवी वाहन कुकरेल की ओर जा रही थी और नगरी की ओर से फ्लाई ऐश की गाड़ी आ रही थी। टीयूवी अनियंत्रित होकर फ्लाई ऐश की गाड़ी से जा टकराई। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। recent visitors 65

अनुपम खेर ने 40 साल के सिनेमाई सफर को किया याद, बोले- सपनों की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती

मुंबई, फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अपनी आगामी फिल्म ‘विजय 69’ की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं। इस बीच अभिनेता ने अपने 40 साल के सिनेमाई सफर को याद किया। इतना ही नहीं उन्होंने प्रशंसकों से सपने देखने की अपील भी की। अनुपम खेर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर सिनेमा में अपने चार दशक के सफर पर एक लंबा नोट लिखा। जिसमें शुरुआती आजमाइशों का जिक्र भी था। करियर की शुरुआत के दौरान गुजारे कठिन समय को याद करते हुए लिखा ‘1984 मेरे लिए एक बनाओ या बिगाड़ो साल था। हर दिन मायूस करने वाला था और उस समय ने मेरे धैर्य की परीक्षा ली। खेर ने आगे लिखा ‘मैं अपनी शर्तों पर काम पाकर पहचान बनाने को बेताब था। इंडस्ट्री में कोई संबंध नहीं था। मेरे पास बस मेरी इच्छा शक्ति थी और अपने सपनों को न छोड़ने की जिद वाला आत्मविश्वास था। एक्टर के मुताबिक वो आम हीरो जैसे लुक वाले नहीं थे लेकिन चाहते थे कि लोग स्क्रीन पर उनके जुनूनी किरदार को देखें। सिनेमा की दुनिया में कदम रखने से पहले अनुपम ने एक्टिंग का चार साल का कोर्स किया था और ड्रामा स्कूल से गोल्ड मेडलिस्ट थे। उन्होंने आगे बताया मैं एक ऐसा मौका पाने के लिए बेताब था, जिससे मैं दुनिया को बता सकूं कि मैं कौन हूं और स्क्रीन पर क्या कर सकता हूं। लोगों को लगता था कि मैं घमंडी हूं। लेकिन मैं जानता था कि मेरे अंदर जो गुस्सा था, वह चुपचाप सभी को यह बताने का इंतजार कर रहा था कि वे गलत थे, वे गलत थे और मैं इसके लिए महेश भट्ट का शुक्रिया अदा करता हूं। भट्ट ने मुझे ‘सारांश’ दी और मुझ पर तब विश्वास किया, जब किसी और ने नहीं किया। उन्होंने मुझे 65 साल के बुजुर्ग का किरदार सौंपा जो अपने युवा बेटे की मौत से गमजदा था। अब 2024 में वो 69 साल के शख्स की भूमिका निभाने वाले हैं। इस पोस्ट में ही इसका खुलासा किया गया है। उन्होंने बताया कि अब वह वाईआरएफ द्वारा निर्मित अपनी आगामी फिल्म ‘विजय 69’ में 69 वर्षीय व्यक्ति विजय मैथ्यू की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो कि गुस्सैल है और ट्रायथलॉन एथलीट बनना चाहता है। खेर ने आगे बताया कि मेरे 40 साल के सिनेमाई सफर में मैंने कभी भी प्रयोग करना और खुद को चुनौती देना बंद नहीं किया। मेरा बचपन, मेरी जड़ें, इस फिल्म जगत में मेरे प्रारंभिक वर्षों ने इसमें बहुत बड़ी भूमिका निभाई। मैं इस बात को नकार नहीं सकता कि मैं एक छोटे शहर का लड़का रहा हूं। एक निम्न-मध्यम वर्गीय परिवार से चुनौतीपूर्ण अनुभवों से गुजरा हूं, जिन्हें मैं बहुत संजोकर रखता हूं। उन्होंने कहा मैं आज भी उन भावनाओं को याद करता हूं, जो मैंने एक बच्चे के रूप में महसूस की थी। अनुपम ने बताया कि उनके क्लर्क पिता उनके लिए प्रेरणा हैं। वह एक आम आदमी थे जिनकी आंखों में सपने थे। अभिनेता ने लिखा मैं उनकी आंखों को कभी नहीं भूल सकता। वे तब भी बहुत कुछ बोलती थीं, जब वे एक शब्द भी नहीं बोलते थे। इसलिए जब भी मैं किसी आम आदमी का किरदार निभाता हूं तो मैं स्क्रीन पर उन्हीं का किरदार निभाता हूं। मैं हमेशा उन्हें और आम आदमी को ही स्क्रीन पर पेश करता हूं। मैंने कभी भी अभिनय छोड़ने के बारे में नहीं सोचा, यहां तक कि जब हालात खराब थे, तब भी नहीं सोचा, कभी नहीं सोचूंगा। मैं हार मानने वाला नहीं हूं! कभी नहीं। उन्होंने आगे कहा मैंने अपनी असफलताओं से सीखा है। असफलता आपको सफलता से कहीं ज्यादा सिखाती है। जब ‘हम आप के हैं कौन’ की शूटिंग के दौरान मेरे चेहरे पर लकवा मार गया था तो लोगों को लगा कि मेरा करियर खत्म हो गया है। मैं इससे उबरा और आगे निकला। मैं हिंदी मीडियम का लड़का था। मैंने रॉबर्ट डी नीरो, जेनिफर लॉरेंस, ब्रैडली कूपर, कीरा नाइटली जैसे सफल हॉलीवुड कलाकारों के साथ फिल्में कीं। मैं सभी से सपने देखने का अनुरोध करता हूं। सपने देखने वाले वह हासिल करते हैं जो दूसरे नहीं कर पाते। वे कुछ ऐसा देखते हैं जिसकी दूसरे कभी कल्पना भी नहीं कर सकते। वे एक ऐसा जीवन जीते हैं जो काल्पनिक होती है। इसलिए जैसा कि विजय मैथ्यू कहते हैं, ‘सपनों की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती। ‘विजय 69’ 8 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। recent visitors 65

हनुमान बेनीवाल का नरेश मीणा को समर्थन, राजस्थान में उपचुनाव में आया रविंद्र सिंह भी उछले

जयपुर. राजस्थान में विधानसभा की सात सीटों पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे, जिसके लिए धुआंधार चुनाव प्रचार शुरू हो चुका है। बागियों की मान-मनुहार भी चल रही है लेकिन इसी बीच राजस्थान में रविंद्र सिंह भाटी का नाम अचानक चर्चाओं में आ गया है। हालांकि भाटी चुनाव नहीं लड़ रहे हैं लेकिन उन्होंने बयान दिया है कि सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। सभी दल अपने अपने प्रयास कर रहे हैं, यदि किसी ने उनसे सहयोग मांगा तो वे भी चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस के नरेश मीणा ने बगावती तेवर दिखाते हुए देवली-उनियारा सीट से निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया है। इस बीच रविंद्र सिंह भाटी का बयान आया है कि वे देवली उनियारा सीट पर निर्दलीय के समर्थन में प्रचार करने पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति से निकले नरेश मीणा ने नामांकन किया है, यदि वे समर्थन मांगेगे तो वे जरूर इस पर समर्थन देंगे, क्योंकि छात्र राजनीति से आए युवा विधानसभा में पहुंचेंगे तो राजनीति के साथ प्रदेश के विकास को भी मजबूती मिलेगी। वहीं चौरासी सीट पर भी उन्होंने भारत आदिवासी पार्टी को अपना समर्थन देने की बात कही है। इसी बीच नरेश मीणा का "5 पांडव" वाला एक पोस्टर सामने आया था, जिसमें राजकुमार रोत, हनुमान बेनीवाल, रविंद्र सिंह भाटी और चंद्रशेखर आजाद के साथ उनका फोटो दिखाया गया है। हनुमान बेनीवाल ने किया था समर्थन का ऐलान पोस्टर सामने आने के बाद हनुमान बेनीवाल और नरेश मीणा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हनुमान बेनीवाल ने नरेश मीणा को समर्थन देते हुए कहा कि वे वोट की अपील के लिए नरेश के समर्थन में प्रचार भी करेंगे। recent visitors 249

अयोध्या में दीपोत्सव के दौरान रामनगरी दिखेगी डिजिटल नगरी के रूप में, साकार होते दिखेंगे रामायण के प्रसंग

अयोध्या. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आठवें दीपोत्सव के दौरान रामनगरी डिजिटल नगरी के रूप में नजर आने वाली है। आस्था और प्रकाश का दीपोत्सव में ऐसा संगम दिखने वाला है कि हर कोई निहारता ही रह जाएगा। खास तौर से अयोध्या का धर्मपथ और लता चौक। इनकी आभा देखते ही बनेगी क्योंकि यहां डिजिटल पिलर लगाए जा रहे हैं। इंटेलिजेंट लाइटिंग के मीम प्रोडक्शन के असद बताते हैं कि प्रकाश की व्यवस्था के लिए उन्हें चयनित किया गया है। नेशनल हाईवे से अयोध्या में प्रवेश मार्ग धर्मपथ पर 15-15 फीट के 24 पिलर लगाए जा रहे हैं। डिजिटल पिलर पर रामायण के प्रसंग चलेंगे व स्वागतम द्वार तक 28 से 30 अक्तूबर तक इन्हें चलाया जाना है। इन स्थलों पर की जा रही लाइटिंग पिलर के ऊपर आकर्षक लाइटिंग की भी व्यवस्था रहेगी। लता चौक पर भी डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम से श्री राम के अयोध्या आगमन प्रसंग का दर्शन भक्त एवं श्रद्धालु कर सकेंगे इसके अलावा रामकथा पार्क, राम की पैड़ी, हनुमान गढ़ी, बिड़ला मंदिर, भजन संध्या स्थल, तुलसी उद्यान, सरयू ब्रिज इत्यादि स्थलों पर लाइटिंग की जा रही है। इसके अलावा धर्मपथ पर सड़के के दोनों ओर लाइटिंग लगाकर इसे भव्य रूप में सजाया गया है। संध्या होते ही यहां का दृश्य देखने लायक होता है।  recent visitors 62

पत्नी ने पैसों के लिए पति की हत्या, 800 KM दूर ले जाकर शव जलाया, महिला गिरफ्तार

बेंगलुरु कर्नाटक के कोडागु जिले में तीन सप्ताह पहले एक कॉफी बागान में एक अज्ञात जला हुआ शव मिला था। इस मामले में अब पुलिस को एक भयानक हत्या की साजिश का पता चला है। मिली जानकारी के अनुसार, 54 वर्षीय व्यवसायी रमेश कुछ सप्ताह पहले लापता हो गया था। पुलिस को अब पता चला है कि उसकी पत्नी निहारिका, उसके प्रेमी निखिल और एक अन्य आरोपी अंकुर ने व्यवसायी के पैसों के लिए एक भयानक हत्या की साजिश रची और शव को ठिकाने लगाने के लिए राज्य की सीमा पार की। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को बरामद हुआ एक शव 8 अक्टूबर को पुलिस को कोडागु के सनटिकोप्पा के पास एक कॉफी बागान में एक जला हुआ शव मिला। जब शव की पहचान करने के प्रयास विफल हो गए, तो पुलिस ने इलाके से गुजरने वाले वाहनों की जांच करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। एक लाल मर्सिडीज बेंज ने उनका ध्यान खींचा। यह कार रमेश के नाम से पंजीकृत पाई गई, जिसकी पत्नी ने हाल ही में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। फिर पुलिस ने तेलंगाना में अपने समकक्षों से संपर्क किया, जहां कार पंजीकृत थी। ऐसे हुआ मामले का खुलासा जैसे-जैसे मामले की जांच आगे बढ़ी, पुलिस को रमेश की पत्नी निहारिका पी (29) की भूमिका पर संदेह हुआ। जब उसे हिरासत में लिया गया, तो उसने रमेश की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की और अपने साथियों, पशु चिकित्सक निखिल और अंकुर का नाम बताया। पुलिस ने पाया कि निहारिका का बचपन परेशानियों से भरा रहा। जब वह 16 साल की थी, तब उसके पिता की मृत्यु हो गई और उसकी माँ ने दूसरी शादी कर ली। वह पढ़ाई में अव्वल रही, उसने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और काम करना शुरू कर दिया। उसने कम उम्र में शादी कर ली, माँ बनी और बाद में अलग हो गई। किसी समय, जब वह हरियाणा में थी, तो वह वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल हो गई और जेल चली गई। अंकुर से उसकी मुलाकात जेल में हुई। ऐसे दिया हत्या को अंजाम जेल से बाहर आने के बाद निहारिका ने रमेश से शादी कर ली। यह उसकी भी दूसरी शादी थी। व्यवसायी ने निहारिका को आलीशान जीवनशैली दी और वह इसकी आदी हो गई। एक समय पर, उसने उससे 8 करोड़ रुपये मांगे। रमेश ने निहारिका की मांग को अस्वीकार कर दिया और इससे निहारिका नाराज हो गई। वह निखिल के साथ रिश्ते में थी और उसके और अंकुर के साथ मिलकर उसने रमेश की हत्या की साजिश रची ताकि उसकी संपत्ति पर कब्जा कर सके। 1 अक्टूबर को हैदराबाद के उप्पल में व्यवसायी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपी उसके घर वापस आया, नकदी ली और बेंगलुरु चला गया। ईंधन भरने के बाद, वे उप्पल से 800 किलोमीटर से अधिक दूर कोडागु चले गए। वहां उन्होंने शव को एक कॉफी एस्टेट में ठिकाने लगा दिया। शव को कंबल से ढककर आग लगा दी गई। इसके बाद तीनों हैदराबाद लौट आए और निहारिका ने रमेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले को लेकर पुलिस ने क्या कहा? कोडागु के पुलिस प्रमुख रामराजन ने कहा कि यह एक चुनौतीपूर्ण मामला था क्योंकि सब कुछ पूरी तरह से नष्ट हो गया था। प्रथम दृष्टया, हमने निर्धारित किया कि शिकायत दर्ज होने से 3-4 दिन पहले शव को जला दिया गया था। हमारी अपराध टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू की। उन्होंने पाया कि शनिवार को, 12 बजे से 2 बजे के बीच क्षेत्र में एक वाहन संदिग्ध रूप से घूम रहा था। हमने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन रात होने के कारण तस्वीरें स्पष्ट नहीं थीं। इसलिए, हमने तुमकुर तक 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। सभी तकनीकी साक्ष्यों के साथ, हम तेलंगाना के एक वाहन का पता लगाने में सक्षम थे जो रमेश नामक एक व्यवसायी का था। उन्होंने कहा, हमारी जांच के आधार पर, हमने कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान 29 वर्षीय निहारिका और 28 वर्षीय पशु चिकित्सक निखिल के रूप में हुई है। निहारिका मुख्य संदिग्ध है; उसने कथित तौर पर कार के मालिक रमेश की हत्या की थी। निहारिका ने निखिल और एक अन्य साथी अंकुर के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगा दिया। recent visitors 64