Saturday, July 4, 2026 8:43 am

प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान की होगी भरपाई, श्रीलंका को चीन ने दी 30 मिलियन रुपये की वित्तीय सहायता

कोलंबो. श्रीलंका में इस साल जनवरी से अक्तूबर तक प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के लिए चीन ने 30 मिलियन रुपये की वित्तीय सहायता दी है। इसके साथ ही राष्ट्रपति के मीडिया विभाग (पीएमडी) के एक बयान में कहा गया कि चीन से 10 मिलियन युआन की सामग्री सहायता भी मिलने की उम्मीद है जो आपातकालीन मानवीय सहायता कार्यक्रम के तहत दी जाएगी। जानकारी के अनुसार इस साल श्रीलंका में दो बार भीषण बाढ़ आई, जिसमें दो दर्जन से अधिक लोगों की जान गई और 50,000 से ज्यादा लोग विस्थापित हो गए। इस मामले में पीएमडी ने कहा कि चीनी वित्तीय सहायता की राशि लगभग 30 मिलियन रुपये को सरकार के खजाने में भेज दी गई है। बता दें कि इससे पहले 30 अक्टूबर को श्रीलंका में चीनी दूतावास ने राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके को बाढ़ राहत के रूप में 1,00,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 30 मिलियन श्रीलंकाई रुपये) और 400 मिलियन श्रीलंकाई रुपये की राहत सामग्री दी थी। इसके अलावा, राष्ट्रीय बजट विभाग ने आपदाओं से प्रभावित घरों के पुनर्निर्माण के लिए रक्षा मंत्रालय को अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान की है। श्रीलंकाई सरकार का बयान वहीं इस मामले में सरकार ने बताया कि यह अतिरिक्त प्रावधान इसलिये जरूरी थे क्योंकि 2024 के बजट में आपदा पीड़ितों के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं थी। सरकार ने यह भी कहा कि आपदा राहत और निगरानी परियोजना के तहत घरों और संपत्तियों की मरम्मत के लिए मुआवजा देने और पुनर्निर्माण के प्रयासों को तेज़ी से पूरा करने के कदम उठाए जा रहे हैं। विश्व बैंक के जलवायु परिवर्तन ज्ञान पोर्टल के अनुसार, श्रीलंका में सबसे आम प्राकृतिक आपदाएं सूखा, बाढ़, भूस्खलन, चक्रवात और तटीय कटाव हैं। recent visitors 73

आयुष विश्वविद्यालय में खुलेगा 150 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज

रायपुर पं. दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय में अब यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस प्रारंभ करने की तैयारी चल रही है. इसके लिए विश्वविद्यालय के समीप ही 50 एकड़ जमीन का चिन्हांकन किया गया है. जमीन का सर्वे एनआरडीए के अधिकारियों द्वारा कर लिया गया है. मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के साथ ही एमडी, एमएस तथा नर्सिंग के पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे. स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय में शिक्षण विभाग (यूटीडी) प्रारंभ करने का प्रस्ताव है. यहां एमबीबीएस एवं नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित होंगे. इसी परिप्रेक्ष्य में पिछले दिनों विश्वविद्यालय प्रबंधन बोर्ड की बैठक में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस खोलने का निर्णय लिया गया. मेडिकल कॉलेज के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज 150 सीट वाला होगा. यह कॉलेज स्ववित्तीय एवं राज्य शासन से प्राप्त अनुदान के आधार पर संचालित होगा. एमबीबीएस की 150 सीट के अलावा पीजी कोर्स एमडी, एमएस, सुपरस्पेशलिटी कोर्स एमसीएच तथा नर्सिंग के भी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे. यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस हेतु विश्वविद्यालय के समीप ही 50 एकड़ जमीन का चिन्हांकन किया गया है. विश्वविद्यालय के प्रस्ताव पर कुछ दिनों पहले ही एनआरडीए के अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण किया. माना जा रहा है कि एनआरडीए से जमीन मिलने में किसी तरह की दिक्कतें नहीं आएगी. इसके अलावा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल के लिए भी विवि के सामने 25 एकड़ जमीन की मांग का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है. राज्य शासन से अनुमति का इंतजारः कुलपति मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रदीप कुमार पात्रा ने कहा है कि यूनिवर्सिटी के समीप ही कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंस प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए यूनिवर्सिटी स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं. यूनिवर्सिटी के समीप ही जमीन का चिन्हांकन कर लिया गया है. पिछले दिनों एनआरडीए के अधिकारियों ने जमीन का सर्वे भी कर लिया है. अब राज्य शासन से अनुमति (सर्टिफिकेट) मिलने का इंतजार है. शासन से हरी झंडी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया तेजी से प्रारंभ की जाएगी. वर्तमान में 10 सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित वर्तमान में प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज हैं. इनमें 10 सरकारी और 5 निजी मेडिकल कॉलेजों का संचालन हो रहा है. सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पं. जवाहर लाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज रायपुर, सिम्स बिलासपुर (150), भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव, स्व. बलीराम कश्यप स्मृति मेडिकल कॉलेज जगदलपुर (125), राजमाता श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर, स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति मेडिकल कॉलेज रायगढ़, कांकेर कॉलेज (125), कोरबा मेडिकल कॉलेज (125), महासमुंद मेडिकल कॉलेज (125), चंदूलाल चन्द्राकर स्मृति मेडिकल कॉलेज दुर्ग. recent visitors 51

सीजेआई चंद्रचूड़ ने सुनाया भावुक किस्सा, ‘पिता ने रिटायरमेंट तक पुणे का फ्लैट बेचने से किया था मना’

नई दिल्ली/पुणे. मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित किए गए विदाई समारोह में शिरकत की। इस दौरान सीजेआई ने अपने पिता से जुड़ा एक किस्सा सुनाया और बताया कि किस तरह से उनके पिता और देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश वाईवी चंद्रचूड़ ने उन्हें पुणे का एक फ्लैट रिटायरमेंट तक बेचने से मना किया था और इसकी वजह क्या थी। मुख्य न्यायाधीश ने विदाई समारोह के दौरान अपने संबोधन में उनके और उनके पिता के बीच हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि 'उन्होंने (पिता वाईवी चंद्रचूड़) पुणे में एक छोटा सा फ्लैट खरीदा था। मैंने उनसे पूछा कि आपने पुणे में फ्लैट क्यों लिया? जबकि आप इसमें रहेंगे भी नहीं। इस पर उन्होंने मुझे कहा कि मुझे पता है कि मैं उसमें नहीं रह पाऊंगा और मुझे ये भी नहीं पता कि मैं कब तक तुम लोगों के साथ रहूंगा, लेकिन इस फ्लैट को तब तक अपने पास रखना, जब तक तुम बतौर जज सेवानिवृत्त न हो जाओ।' सीजेआई ने कहा कि इस पर मैंने अपने पिता से इसकी वजह पूछी तो उन्होंने कहा कि 'अगर तुम्हें कभी लगे कि तुम्हारी नैतिक और बौद्धिक ईमानदारी से समझौता हो रहा है। तो मैं चाहता हूं कि तुम्हें ये पता रहे कि तुम्हारे सिर पर एक छत है। कभी भी बतौर वकील या न्यायाधीश इसलिए समझौता मत करना कि तुम्हे लगे कि तुम्हारे पास रहने के लिए अपनी कोई जगह नहीं है।' recent visitors 79

शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का किया ऐलान, 25 को इंद्रावती से महानदी भवन तक पैदल मार्च

रायपुर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने मोदी की गारंटी लागू करने की मांग को लेकर 11 नवंबर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का ऐलान किया है. मोर्चा के पदाधिकारियों के अनुसार, वे 5 सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं, जो कि पहले सामूहिक अवकाश के रूप में सामने आया था, और अब यह ज्ञापन देने के रूप में जारी रहेगा. शिक्षक संघ से मिली जानकारी के अनुसार कल यानि 11 नवंबर को वे राज्य के सभी 146 विकासखंडों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे. इसके बाद, 12 से 24 नवंबर तक मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायकों को भी मांग पत्र सौंपे जाएंगे. मोर्चा के नेताओ ने कहा कि अगर इन कदमों के बाद भी सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होती है, तो 25 नवंबर को इंद्रावती से महानदी भवन तक पैदल मार्च आयोजित किया जाएगा. शिक्षक संघ की प्रमुख मांगों में शामिल है: 1. पूर्व सेवा गणना को शामिल करते हुए समस्त शिक्षक एलबी संवर्ग की पुरानी पेंशन निर्धारित की जाए. 2. सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति को दूर कर उन्हें क्रमोन्नति और समयमान वेतनमान दिया जाए. 3. समतुल्य वेतनमान में सही वेतन निर्धारित किया जाए और 1.86 के गुणांक पर वेतन निर्धारण किया जाए. 4. केंद्र के समान 1 जुलाई 2024 से 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता लागू किया जाए. शिक्षक संघ का कहना है कि अगर सरकार इन मांगों को जल्द स्वीकार नहीं करती है, तो 25 नवंबर को पैदल मार्च के माध्यम से अपनी आवाज उठाई जाएगी. recent visitors 84

उद्धव ठाकरे जी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से कह सकते हैं कि वह वीर सावरकर के लिए दो शब्द बोल दें?: अमित शाह

महाराष्ट्र महाराष्ट्र विधानसभा चुनवा को लेकर बीजेपी लगातार महा विकास अघाड़ी पर हमलावर है. इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के लिए पार्टी का संकल्प पात्र जारी किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि आज यहां जिस संकल्प पत्र का विमोचन हुआ है, वह महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला. राहुल गांधी को दी चुनौती कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा,"मैं उद्धव ठाकरे जी से पूछना चाहता हूं कि क्या वह कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से कह सकते हैं कि वह वीर सावरकर के लिए दो शब्द बोल दें? क्या कांग्रेस का कोई नेता बाला साहब ठाकरे जी के सम्मान में दो वाक्य बोल सकता है? अंतर्विरोध के बीच में अघाड़ी की सरकार बनाने का स्वप्न लेकर जो लोग निकले हैं, उन्हें महाराष्ट्र की जनता जान ले तो अच्छा होगा." उन्होंने आगे कहा,  "मैं उद्धव ठाकरे को कहना चाहता हूं कि आप को कहां बैठना है, ये आप को ही तय करना है. लेकिन मैं आप को याद दिलाना चाहता हूं कि आप 370 का विरोध करने वाले, रामजन्मी भूमि का विरोध और वक्फ बोर्ड में सुधार का विरोध करने वालों के साथ बैठे हो." 'जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है' संकल्प पत्र का विमोचन करते हुए अमित शाह ने कहा, "महाराष्ट्र एक प्रकार से कई युगों से हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रहा है. एक जमाने में जब जरूरत थी, तब भक्ति आंदोलन की शुरुआत भी महाराष्ट्र से हुई, गुलामी से मुक्ति का आंदोलन भी शिवाजी महाराज ने यहीं से शुरू हुआ, समाजिक क्रांति की शुरुआत भी यहीं से हुई है और महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब हमारे संकल्प पत्र में दिखाई पड़ता है."  केंद्रीय गृहमंत्री ने महा विकास अघाड़ी पर साधा निशाना  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, "अघाड़ी की सारी योजनाएं सत्ता की लालच में तुष्टिकरण की हैं, विचारधाराओं का अपमान करने वाली हैं और महाराष्ट्र की संस्कृति से छल करने वाली हैं. उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के संकल्प पत्थर की लकीर होते हैं. केंद्र हो या राज्य, जब हमारी सरकार बनती है, तो हम हमारे संकल्पों को सिद्ध करते हैं.   recent visitors 71

धुंध की चादर में लिपटा ताजमहल, आगरा में आज सुबह वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ दर्ज, लोगों ने राहत की सांस ली

आगरा मोहब्बत की नगरी आगरा में आज रविवार (10 दिसंबर) की सुबह हल्की धुंध नजर आई. जिसमें मोहब्बत की निशानी कही जाने वाली ऐतिहासिक इमारत ताजमहल को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे उसने कोई सफेद रंग की पतली सी चादर ओढ़ ली है. हालांकि अच्छी बात ये रही है कि आज शहर में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक दर्ज की गई है. जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है.   केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक आगरा में रविवार सुबह वायु गुणवत्ता 'संतोषजनक' दर्ज की गई जबकि शनिवार को  वायु में 'मध्यम' श्रेणी में प्रदूषण का स्तर का दर्ज किया गया था. सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, आगरा के मनोहरपुर इलाके में सुबह 8 बजे तक वायु गुणवत्ता सूचकांक 93 दर्ज किया गया, जिसे 'संतोषजनक' श्रेणी में रखा गया है, जबकि शाहजहां गार्डन में हवा का एक्यूआई लेवल 73 तक दर्ज किया गया. हल्की धुंध में हुए ताज के दीदार हवा में प्रदूषण का स्तर घटने से स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी और पूर्वी यूपी के तराई वाले इलाकों में इन दिनों सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिलेगी. धुंध का असर आगरा में भी दिखाई दिया, जिससे ताजमहल घूमने आए पर्यटकों कोहरे की चादर में लिपटी मोहब्बत की निशानी के दीदार किए. ताजमहल देखने आए पर्यटक गौतम सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि वो दिल्ली से ताजमहल देखने आए हैं. वहां पर पराली की वजह से इन दिनों हवा में खासा प्रदूषण देखने को मिल रहा है. भविष्य में यहां पर भी हवा में प्रदूषण का असर देखने को मिल सकता है ऐसे में प्रदूषण पर गंभीरता से काम करने की ज़रूरत है. बता दें कि आगरा में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक़ अगले पाँच दिनों में फ़िलहाल तापमान में किसी तरह का बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालांकि एक हफ्ते बाद प्रदेश में ठंडी हवाएं चल सकती है जिससे तापमान में गिरावट आएगी. recent visitors 69

लोन की किस्त वसूलने गए एजेंटों के साथ मारपीट, मामला दर्ज

रायपुर टाटीबंध इलाके में लोन की किस्त वसूल करने पहुंचे यूको बैंक (UCO Bank) के जोन दफ्तर के अफसर-कर्मियों से मारपीट की गई. पुलिस ने मारपीट के आरोप में चार आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार, कर्जदार के घर पर पहले मामूली विवाद हुआ तो बैंक वालों की टीम वहां से निकलकर टाटीबंध चौक पर पहुंच गई. एक बार के सामने खड़े होकर बैंक वाले बात कर रहे थे कि चार-पांच लोग उनका पीछा करते वहां पहुंच गए और मारपीट करने लगे. बैंक की ओर से रिकवरी कर्मी वशिष्ठ सिंह ने पुलिस में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने प्रभजोत सिंग, शाबी चीमा, पवन सिंग एवं एक अन्य के खिलाफ धारा 115 (2), 296, 3 (5) 324 (4), 324 (5), 351 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध करके जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, बैंक की ओर से वशिष्ठ सिंह के अलावा अधिकारी मनोज कुमार मोहंती, पलाश हलदर, वीएसएसआर मूर्ति, अरविंद यदु, संजय शुक्ला के अलावा कुछ और स्टाफ थे. ये लोग टाटीबंध में लोन लेने वाले मूर्ति सिंग के घर पहुंचे. वहां उनके पुत्र प्रभजोत सिंग और उसके साथियों ने विवाद करते हुए गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की. सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना रिपोर्ट के मुताबिक, घर में विवाद किए जाने पर टीम वहां से निकलकर हीरापुर रोड पर शालीमार बार के सामने खड़ी थी. रिपोर्टकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस दौरान आरोपी वहां आ गए और पहले हाथ-मुक्के से उन्हें पीटा, फिर संजय शुक्ला को धक्का मारकर गिरा दिया गया. मोबाइल व हैड फोन तोड़ दिया गया. पुलिस को घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे में सारी घटना की रिकार्डिंग मिली है. recent visitors 61