Wednesday, July 8, 2026 10:28 am

2 मेडिकल स्टाफ की मौके पर हुई मौत, छत्तीसगढ़-जगदलपुर में ट्रक से भिड़ी एम्बुलेंस

जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जिले के किलेपाल क्षेत्र में करीब 5 बजे एक एम्बुलेंस ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में दो मेडिकल स्टाफ की मौके पर ही मौत हो गई वहीं 6 लोग घायल हो गए हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतकों के शव को पीएम के लिए भेज दिया है. वही घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज डिमरापाल भेज दिया गया. जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस किरंदुल स्थित NMDC अस्पताल से रायपुर मेडिकल कॉलेज एक मरीज को लेकर जा रही थी. एम्बुलेंस में मरीज के अलावा कुल 8 लोग सवार थे. इसी दौरान कोडेनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत यह हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस इस मामले में गहराई से जांच कर रहे हैं. recent visitors 52

फर्जी बैंक खाता खुलवाकर लेन-देन का आरोप, छत्तीसगढ़ में पूर्व सीएम के करीबी पर ED ने दर्ज किया मामला

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी केके श्रीवास्तव के खिलाफ पीएमएलए और एफईओए के तहत मामला दर्ज किया है. इसके पहले तेलीबांधा थाने में केके श्रीवास्तव के खिलाफ 500 करोड़ रुपए का ठेका दिलवाने के नाम से 15 करोड़ रुपए की ठगी करने का अपराध दर्ज किया गया था. बताया जा रहा है कि पुलिस की जांच में पाया गया कि केके श्रीवास्तव ने दिल्ली और मुंबई में जोमैटो तथा स्विगी में काम करने वाले लड़कों के नाम से फर्जी बैंक खाता खुलवाकर 500 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन किया गया है. इस बात की जानकारी रायपुर पुलिस ने ईडी और आयकर विभाग को पत्र लिखकर दी थी. मामले में अब ईडी ने रायपुर पुलिस की एफआईआर के आधार पर केके श्रीवास्तव के खिलाफ पीएमएलए ‘धन शोधन निवारण अधिनियम‘ (Prevention of Money Laundering Act) और एफईओए ‘भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम’ (Fugitive Economic Offender Act-FEO) के तहत मामला दर्ज किया है. जानकारी के अनुसार, केके श्रीवास्तव ने दिल्ली के रावत एसोसिएट के डायरेक्टर अर्जुन रावत को स्मार्ट सिटी लिमिटेड रायपुर में 500 करोड रुपए का ठेका दिलवाने के नाम से विभिन्न बैंक अकाउंट में 15 करोड़ रुपए डलवाए थे. रावत एसोसिएट्स कंपनी – हाइवे कंस्ट्रक्शन, सरकारी ठेके बिल्डिंग निर्माण और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का काम करती है. कंपनी के डायरेक्टर की केके श्रीवास्तव से मुलाकात 2023 में आध्यात्मिक गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णन के माध्यम से हुई थी. राखड़ और फ्लाई ऐश का काम करने वाले केके श्रीवास्तव ने तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी बता ठेका दिलाने के नाम पर 15 करोड़ लिया और काम नहीं दिलाया. प्रार्थी ने पुलिस से की गई अपनी शिकायत में लिखा है कि केके श्रीवास्तव ने उन्हें रायपुर बुला प्रदेश के सबसे बड़े नेता से मिलवाया था. बड़े नेता ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा था कि केके भरोसे के आदमी है, आपका काम हो जाएगा. लेकिन काम नहीं होने पर रकम वापसी के लिए तीन-तीन करोड़ के चेक दिए गए, लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए. पुलिस के अपराध दर्ज करने की जानकारी लगते ही केके श्रीवास्तव परिवार के साथ फरार हो गया. पुलिस ने उन्हें भगोड़ा घोषित करते हुए दस हजार रुपए का इनाम रख दिया गया. थाने में अपराध दर्ज होने के बाद रायपुर सत्र न्यायालय से जमानत याचिका खारिज होने के बाद केके श्रीवास्तव ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी. केके श्रीवास्तव के अधिवक्ता ने इसे धोखाधड़ी न मानते हुए आपसी लेनदेन का मामला बता जमानत देने का निवेदन किया था. याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने मामले में गंभीर टिप्पणी की थी. पुलिस द्वारा पेश की गई तगड़ी केस डायरी और जमानत विरोध को देखते हुए श्रीवास्तव की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. अब ईडी के द्वारा मामला दर्ज करने से केके श्रीवास्तव की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. recent visitors 65

अंधे कत्ल का खुला राज, छत्तीसगढ़-गरियाबंद में शराब पीते समय दोस्त के सर पर मारे डंडे

गरियाबंद। छुरा थाना क्षेत्र के कलमीदादर गांव में सोमवार को एक युवक की लाश क्षत-विक्षत हालत में मिली थी. मृतक की पहचान कोड़ामाल निवासी 35 वर्षीय रोमन कवर के रूप में हुई थी. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की तो फोरेंसिक रिपोर्ट हत्या की ओर इशारा कर रही थी. जांच आगे बढ़ी तो पता चला मृतक का आना-जाना कलमीदादर निवासी उसके मित्र टिकेश्वर के घर होता था. शव टिकेश्वर के घर से 50 मीटर दूरी पर ही मिला था. संदेह की सुई टिकेश्वर पर आकर टिक गई. मामले में जब टिकेश्वर से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात कबूल किया. थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम ने बताया कि मामले में आरोपी टिकेश्वर नेताम (30 वर्ष) के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस कायम कर आरोपी को आज विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे गरियाबंद उप जेल भेज दिया गया है. कपड़ों से हुई शव की पहचान, घटना स्थल पर हत्यारा भी था मौजूद घटना 11 अक्टूबर की है, जब मृतक का शव मिला था.धड़ को जंगली जानवरों ने नोच डाला था, सिर भी काफी दूर मिला, सड़ने के कारण शव की पहचान मुश्किल से हुई. शव मिलने के सूचना पर पूरा गांव इकठ्ठा था. हैरान करने वाली बात यह है कि भीड़ के बीच हत्यारा मित्र भी मौजूद था पूरे घटनाक्रम को देख रहा था. गुम सदस्य की तलाश कर रहे परिजनों ने कपड़े से शव की पहचान की थी. शराब के नशे में विवाद ने लिया हत्या का रूप आरोपी टिकेश्वर ने पुलिस को बताया कि 28 अक्तूबर को दोनों रास्ते में मिले थे और दोनों वहां से आरोपी के घर आ गए. आरोपी के बाड़ी में पीछे बैठकर शराब भी पीए. शराब पीते-पीते मामूली विवाद में झगड़ा हुआ तो पास पड़े डंडे से टिकेश्वर ने रोमन के सर पर जोरदार वार किया, जिससे वह मौके पर ही अधमरा हो गया. आरोपी दोस्त ने उसे उसी हाल में छोड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. फोरेंसिक रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तीन दिन के भीतर हत्यारे को पकड़ लिया. recent visitors 76

लाखों रुपये नगदी और ताश के पत्ते जब्त, छत्तीसगढ़-धमतरी में फड़ों पर छापे में 18 जुआरी गिरफ्तार

धमतरी। जुआरियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर लगे जुआ के फड़ों में छापेमारी कर 18 जुआरियों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों के पास से 1.03 लाख रुपये नगदी और दो बंडल ताश के पत्ते जब्त किये गए हैं. यह कार्रवाई धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत की गई है। यह कार्रवाई बिरेझर पुलिस चौकी ने ग्राम मड़ेली भाठापारा और चिरईया खार के पास मैदान में की गई है. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बिरेझर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुआ खेल रहे आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा. पहले फड़ में 10 जुआरियों से 59,850 रुपये नगद और ताश के पत्ते जब्त किए गए, जबकि दूसरे फड़ में 8 जुआरियों से 43,200 रुपये और ताश के पत्ते जब्त किए गए. सभी आरोपियों के खिलाफ बिरेझर पुलिस चौकी में वैधानिक कार्रवाई की गई है. आरोपियों के नाम और बरामद राशि:—- 0- मुकेश कुमार साहू से 5,450 रुपये 0- नवीन साहू से 6,400 रुपये 0- होमप्रकाश साहू से 6,250 रुपये 0- उत्तम कुमार साहू से 6,400 रुपये 0- शिव कुमार साहू से 5,750 रुपये 0- लोकनाथ साहू से 5,650 रुपये 0- गंगादीन साहू से 5,050 रुपये 0- गजेन्द्र सिंह ठाकुर से 4,650 रुपये 0- किशोर साहू से 7,150 रुपये 0- कुम्भनारायण साहू से 7,100 रुपये 0- योगेश्वर साहू से 5,900 रुपये 0- भीखम साहू से 6,400 रुपये 0- लीलाराम साहू से 4,600 रुपये 0- महेश साहू से 4,850 रुपये 0- किर्तन साहू से 2,700 रुपये 0- अनिल कुमार साहू से 4,900 रुपये 0- थानूराम सिन्हा से 5,500 रुपये 0- अरुण कुमार साहू से 5,350 रुपये recent visitors 56

इंदौर में दिखा मोहम्मद शमी का जलवा, लेकिन 7,415 किलोमीटर दूर बैठी टीम इंडिया को मिली राहत

नई दिल्ली इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी मैच में मध्य प्रदेश के खिलाफ बंगाल की टीम के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी खेलने उतरे। 360 दिनों के अंतराल के बाद मोहम्मद शमी प्रोफेशनल मैच खेलने उतरे। ये उनका कमबैक मैच था। हालांकि, कमबैक मैच के पहले दिन वे थोड़े से फीके नजर आए, क्योंकि उनको कोई विकेट 10 ओवर गेंदबाजी करने के बाद नहीं मिला। हालांकि, दूसरे दिन उनकी गेंदबाजी में वही पुरानी धार नजर आई और उन्होंने सामने वाली टीम के परखच्चे उड़ा दिए। मोहम्मद शमी ने एमपी के खिलाफ 19 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 4 ओवर मेडेन थे। शमी ने कुल 54 रन खर्चे और 4 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 2.80 के रन रेट से रन दिए। भले ही इंदौर में मोहम्मद शमी ने दमदार गेंदबाजी की, लेकिन इसकी धमक 7,415 km दूर (पर्थ) बैठी टीम इंडिया को सुनाई दी और टीम मैनेजमेंट को इससे राहत मिली होगी। मोहम्मद शमी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन वे रणजी ट्रॉफी की फॉर्म और फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किए जा सकते हैं। वे जसप्रीत बुमराह के अच्छे जोड़ीदार ऑस्ट्रेलिया में फिर से बन सकते हैं। बता दें कि मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मुकाबला 19 नवंबर 2023 को खेला था, जो वनडे विश्व कप 2023 का फाइनल था। उस मैच के बाद वे क्रिकेट से दूर नजर आए। उनके पैर की सर्जरी हुआ और इससे उबरने में उनको काफी समय लग गया। वे थोड़े समय पहले वापसी कर सकते थे, लेकिन रिहैब के दौरान उनके घुटने में सूजन आ गई थी। ऐसे में थोड़ा अतिरिक्त समय उनकी रिकवरी में लगा और अब फाइनली वे मैदान पर आ चुके हैं और अपने पहले ही मैच की पहली पारी में 4 विकेट निकालकर ऑस्ट्रेलिया जाने की दावेदारी पेश कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को पहला मैच 22 नवंबर से पर्थ में खेलना है। recent visitors 67

गोवा की ओर से कश्यप बाकले और स्नेहल कौथांकर दोनों ने ट्रिपल सेंचुरी ठोकी और इन दोनों के बीच 606 रनों की अटूट साझेदारी

नई दिल्ली श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने का 18 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त होते-होते बच गया। रणजी ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप में अरुणाचल प्रदेश और गोवा के बीच खेले जा रहे मैच में दो बड़े रिकॉर्ड बने हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में महज यह दूसरा मौका है, जब एक ही पारी में दो बैटर्स ने ट्रिपल सेंचुरी ठोकी हों। इसके अलावा रणजी क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी भी इस मैच में देखने को मिली। गोवा की ओर से कश्यप बाकले और स्नेहल कौथांकर दोनों ने ट्रिपल सेंचुरी ठोकी और इन दोनों के बीच 606 रनों की अटूट साझेदारी देखने को मिली। गोवा ने अपनी पारी दो विकेट पर 727 रनों पर घोषित कर दी। फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी साझेदारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड श्रीलंका के कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने के नाम दर्ज है। इन दोनों ने 2006 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलंबो में 624 रनों की साझेदारी निभाई थी। अगर गोवा की पारी ना घोषित हुई होती, तो संगकारा और जयवर्धने का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड भी आज ध्वस्त हो जाता। इससे पहले अरुणाचल प्रदेश की टीम पहली पारी में महज 84 रनों पर ऑलआउट हो गई थी, जिसमें अर्जुन तेंदुलकर ने 9 ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट चटकाए थे। गोवा ने पहला विकेट 12 रनों पर जबकि दूसरा विकेट 121 रनों पर गंवाया था, लेकिन इसके बाद स्नेहल और कश्यप ने टीम को और कोई झटका लगने ही नहीं दिया। कश्यप ने 269 गेंदों पर 39 चौके और दो छक्कों की मदद से 300 रनों की नॉटआउट पारी खेली, जबकि स्नेहल ने 215 गेंदों पर 45 चौके और चार छक्कों की मदद से नॉटआउट 314 रन बनाए। अरुणाचल प्रदेश और गोवा के बीच लग रहा है यह मैच आज ही खत्म हो जाएगा, क्योंकि अरुणाचल प्रदेश ने इसके बाद दूसरी पारी में 34 रनों तक ही अपने चार विकेट गंवा दिए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक ही पारी में दो ट्रिपल सेंचुरी का कारनामा इससे पहले 1989 में हुआ था। तब गोवा के खिलाफ तमिलनाडु के डब्ल्यूवी रमन और कृपाल सिंह ने एक ही पारी में ट्रिपल सेंचुरी ठोकी थी। recent visitors 30

सड़क हादसे में वाहन के उड़े परखच्चे, छत्तीसगढ़-गरियाबंद में SDM और नायब तहसीलदार बाल-बाल बचे

गरियाबंद. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बीती रात ड्यूटी के बाद जिला मुख्यालय से देवभोग वापस लौटते समय SDM तुलसी दास मरकाम सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए. उनकी स्कॉर्पियो सीजी 30 डी 9997 नेशनल हाइवे 130 सी में अनियंत्रित होकर धवलपुर नाला के पास पलट गई. यह गाड़ी पलट कर जब टकराई तो वाहन के सामने के हिस्से के परखच्चे उड़ गए. इस घटना में एसडीएम और स्कॉर्पियो चला रहे तहसीलदार विजय सिंह बाल-बाल बचे हैं. दोनों को मामूली चोंटे ही आई है. दरअसल, इस हादसे के वक्त गाड़ी की सेफ्टी के लिए दोनों एयरबैग्स खुले हुए थे, जिसकी वजह से दोनों की जान बच पाई है. दोनों को मामूली अंदरूनी चोंट आई है. घटना के बाद तत्काल एसडीएम तुलसी दास मरकाम व वाहन चला रहे नायब तहसीलदार विजय सिंह को आवाजाही कर रहे मददगार के द्वारा मैनपुर अस्पताल में ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया. वहीं घटना के बाद वाहन को नाले से बाहर निकालकर धवलपुर ढाबे के पास रखा गया है. फिलहाल उनकी कार क्यों पलटी इसका कारण पता नहीं चल सका है. कारण का पता लगाने के लिए पुलिस की टीम घटना की जांच में जुट गई है. recent visitors 78