Tuesday, July 7, 2026 12:17 pm

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का सिख समुदाय की ओर से सरोपा पहनाकर पुष्पहार से स्वागत किया

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरू नानक जयंती के अवसर पर अरेरा कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेका और सिख संगत को गुरू नानक जयंती की बधाईयां दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का सिख समुदाय की ओर से सरोपा पहनाकर पुष्पहार से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाज में भाईचारे और सबकी चिन्ता करने वाले, सबको एक साथ लेकर चलने वाले और लोगों में समानता का भाव जगाने वाले गुरू नानक जी का जब हम स्मरण करते हैं तो मन प्रफुल्लित हो उठता है। सच्चे अर्थों में उनके संदेशों पर अमल करने वाले एवं उन्हें आत्मसात करने वाले लोग दुनिया के 200 से अधिक देशों में निवासरत हैं और उनकी अच्छाईयों और उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण मानवता के लिए समरसता एवं विश्व बंधुत्व का मार्ग प्रशस्त करने वाली उनकी शिक्षा और संदेश युगों-युगों तक हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरू नानक देव जी ने अत्याचार एवं समाज की कुरीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाई। गुरू नानक देव जी के संदेशों को लोगों ने अंगीकार किया। उन्होंने विशेष रूप से माताओं और बहनों को साथ लेकर चलने और विदेशी आक्रमण की बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए समाज को एक साथ खड़ा किया। निशान साहिब को किया नमन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुग्रंथ दरबार से बाहर निकल कर गुरुद्वारा परिसर स्थित निशान साहिब को नमन किया। निशान साहिब ध्वज स्तंभ पर फूल माला अर्पित कर मत्था टेका। इस अवसर पर नरेन्द्र सलूजा, सुरेंद्र सिंह अरोरा, सुखवीर सिंह, राहुल कोठारी एवं महिला सेवा मंडल की ओर से सुइंद्रजीत कौर संधू, सुकमलजीत कौर सलूजा, सुगुरलीन खनूजा, सुप्रेमजीत कौर, सुजगमीत कौर एवं सिख समुदाय के लोग भी उपस्थित थे। प्रकाश पर्व पर दी बधाई मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को गुरू नानक जयंती और प्रकाश पर्व पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व प्रदेश में धूमधाम और भव्यता के साथ आयोजित करें। मुख्यमंत्री ने प्रकाश पर्व के अवसर पर सिख समुदाय को 17 नवम्बर को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित भी किया।   recent visitors 40

बदायूं में बेटे के सामने चाकू से काटा पत्नी का गला, सुबह शव के साथ बेटे को कमरे में बंद कर भागा

बदायूं उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। शिवपुरम गली नंबर चार में किराये के मकान में रहने वाले शटरिंग कारीगर ने बुधवार देर रात पांच साल के बेटे के सामने ही गला रेतकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद करीब पांच घंटे तक बेटे को लेकर शव के पास बैठा रहा। सुबह करीब छह बजे बेटे और पत्नी के शव को कमरे में बंद कर फरार हो गया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक ने बाहर से बंद दरवाजे को खोला तो वारदात का पता चला। पुलिस को आशंका है कि पति-पत्नी में हुए आपसी विवाद के बाद हत्या की गई है। मूसाझाग थाना इलाके के गांव मझारा निवासी शटरिंग कारीगर अमित कुमार (24) पत्नी श्वेता उर्फ शिखा और पांच साल के बेटे अविरल के साथ शिशुपाल सिंह के मकान में किराये पर रहता था। बुधवार रात तीनों कमरे में थे। बताते हैं कि रात करीब एक बजे श्वेता व अमित के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। शोरशराबा सुनकर बेटा भी जाग गया। इसी बीच अमित ने बेटे के सामने ही चाकू से पत्नी का गला रेत दिया। 'पापा ने मम्मी को चाकू से मारा है' पुलिस के मुताबिक, बच्चे का रोना सुनकर शिशुपाल नीचे आए तो श्वेता का खून से लथपथ शव पड़ा था। उनकी सूचना पर एसएसपी और कोतवाली पुलिस भी पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मासूम अविरल ज्यादा जानकारी तो नहीं दे सका, लेकिन उसने इतना जरूर कहा है कि पापा ने मम्मी को चाकू से मारा है। श्वेता के माता-पिता गुरुग्राम में रहते हैं। वे भी बदायूं पहुंच गए हैं। घर पहुंचकर बोला… श्वेता ने आत्महत्या कर ली है वारदात के बाद अमित पैतृक गांव कौर मझारा पहुंचा। परिवार के लोगों को बताया कि श्वेता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पिता सुरेश ने मृतका के नाना, भाई और माता-पिता को फोन कर आत्महत्या की सूचना दे दी। इस बीच अमित गांव से फरार हो गया। बाद में पता चला कि वह श्वेता की हत्या करके आया है। मासूम बोला… पापा ने मम्मी को चाकू से मारा बदायूं के शिवपुरम में पत्नी की गला रेतकर हत्या करने के मामले में पांच साल के बेटे ने पुलिस को अहम जानकारी दी है। उसने बताया कि पापा ने मम्मी को चाकू से मारा है। इसके बाद मम्मी गिर गईं। पुलिस के मुताबिक, बच्चा ज्यादा जानकारी नहीं दे सका है। हत्या की असल वजह आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगी। उसकी तलाश की जा रही है। थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव कौर मझारा के रहने वाले सुरेश सिंह ने अपने बेटे अमित कुमार की शादी करीब सात साल पहले वजीरगंज की श्वेता से की थी। शादी के बाद से परिवार में झगड़े होने लगे तो अमित पत्नी व पांच साल के बेटे को लेकर 12 अक्तूबर से शिवपुरम में किराये पर रहने लगा। यहां भी अमित और श्वेता में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी व मारपीट होती रहती थी। बुधवार रात को भी झगड़ा हुआ। पुलिस के मुताबिक इसी के बाद अमित ने पत्नी की हत्या कर दी। अमित अहमदाबाद में शटरिंग का काम करता है। वह चार दिन पहले ही बदायूं आया था, उसके बाद वह पत्नी और बेटे को साथ लेकर दिल्ली किसी शादी समारोह में शामिल होने चला गया। बुधवार को वह पत्नी व बेटे के साथ बदायूं कमरे पर आ गया। पत्नी की हत्या कर अमित फरार हो गया है। बेटा हत्या की वजह तो नहीं बता पाया, लेकिन इतना बताया है कि पापा ने मम्मी को मारा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असल वजह पता चल सकेगी। – ब्रजेश कुमार सिंह, एसएसपी recent visitors 49

55 जिलों में राजस्व के खसरे और नामांतरण आदि के जो प्रकरण अटके हुए हैं, निराकरण के लिये आज से महाअभियान : यादव

भोपाल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के 55 जिलों में राजस्व के खसरे और नामांतरण आदि के जो प्रकरण अटके हुए हैं, उनके निराकरण के लिये आज से महाअभियान चलाया जायेगा। आधिकारिक जानकारी में डॉ यादव ने कहा है कि इसके पहले भी अभियान चलाकर राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया था। इस दौरान लगभग 80 लाख राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया था। खासकर के अविवादित नामांतरण के 20 लाख 46 हजार 635 प्रकरणों में से 18 लाख 20 हजार प्रकरणों का निराकरण किया गया था। अभी लगभग 2 लाख 26 हजार 364 प्रकरण लंबित हैं। राजस्व महाअभियान के माध्यम से बड़े पैमाने पर लोगों को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों और सभी हितग्राहियों के लिये सभी प्रकार की सुव्यवस्था चाहती है। उन्होंने कहा कि महाअभियान चलाकर लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकृत करने का निर्णय लिया है। इस महाअभियान के लिये सभी को बधाई। डॉ यादव ने कहा कि जिनके प्रकरण जहां-जहां अटके हों, वे संबंधित कार्यालय में जाकर उन्हें निराकृत करायें। प्रशासन के अधिकारी इसकी सतत मॉनीटरिंग करेंगे। सभी कमिश्नर और कलेक्टर्स को भी निर्देश दिये गये हैं। तहसील और अन्य जगहों पर जहाँ अपनी बात रखना चाहते हैं, वहाँ जरूर रखें। उन्होंने कहा है कि यह अभियान आपकी सुविधा के लिये चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सरकार आपके राजस्व प्रकरणों के निराकरण में मदद कर पाये, यही मनोभावना है।   recent visitors 156

लरामपुर में बंद पड़े फ्लाई ईट भट्टे के पास मिले तीन नर कंकाल, जांच में जुटी पुलिस

बलरामपुर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दहेजवार पंचायत के बंद पड़े फ्लाई ईट भट्टे के पास तीन नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटनास्थल के आसपास करीब 500 मीटर के दायरे में हड्डियों के टुकड़े बिखरे हुए मिले हैं. फिलहाल पुलिस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को चारों ओर से घेराबंदी कर मामले की जांच में जुट गई है. शुरुआत में पुलिस यह आशंका जताई जा रही है कि जानवरों द्वारा हड्डियों को इधर-उधर फैलाया गया हो, लेकिन कंकाल की स्थिति को देखकर यह मामला और गंभीर प्रतीत हो रहा है. इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली है. मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे (ऑपरेशन )ने बताया कि नर कंकाल मिलने की पुष्टि हुई है.घटनास्थल पर पुलिस बल पहुंच गई है.डॉक्टर व फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है और नर कंकाल कितने दिन पुराने हैं और किसके हैं यह कहना अभी मुश्किल है.जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा की किसके नर कंकाल है. पुलिस की कार्रवाई जारी है और इस संदिग्ध मामले को लेकर क्षेत्रीय लोगों में खलबली मची हुई है. recent visitors 47

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रदेश के पहले “सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस फ़ॉर प्रीनेटल डायग्नोसिस ऑफ़ हीमोग्लोबिनोपैथीज़” का किया लोकार्पण

भोपाल उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि जनजातीय समुदाय को सिकल सेल एनीमिया से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर संजय गांधी स्मारक चिकित्सालय, रीवा में प्रदेश के पहले शासकीय “सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस फ़ॉर प्रीनेटल डायग्नोसिस ऑफ़ हीमोग्लोबिनोपैथीज़” का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण केंद्र विंध्य क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर जनजातीय समूह के नागरिकों में रक्तजनित वंशानुगत विकारों के शोध, जांच एवं नैदानिक चिकित्सकीय परीक्षण के लिए समर्पित रहेगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि केन्द्र की स्थापना प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नए आयाम पर ले जाने का प्रयास है, जिससे रक्तजनित विकारों से प्रभावित विशेष समूहों को सटीक और समर्पित चिकित्सा सेवा प्रदान की जा सके। विंध्य क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर जनजातीय समुदायों में इन विकारों की व्यापकता को देखते हुए इस केन्द्र की आवश्यकता थी। यह केन्द्र रक्तजनित वंशानुगत विकारों का गहन अध्ययन करेगा और रोग की समय पर पहचान कर चिकित्सा सेवा प्रदान करेगा। कार्यक्रम में गांधी स्मारक चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश शीर्ष पर मध्यप्रदेश में सिकिल सेल एनीमिया नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रयास किए गये हैं। अब तक 80 लाख 67 हजार 135 लोगों की स्क्रीनिंग कर मध्यप्रदेश देश में शीर्ष स्थान पर है। सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के प्रथम चरण में 46 लाख से अधिक लोगों को जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड वितरित किए गए हैं, जिसमें भी मध्यप्रदेश देश में अग्रणी है। मध्यप्रदेश में सिकल सेल एनीमिया नियंत्रण के सफल पायलट प्रोजेक्ट के आधार पर पूरे देश में "सिकिल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047" की शुरुआत की गई है, जिसमें 17 राज्य शामिल हैं।   recent visitors 50

एंटी करप्शन ब्यूरो ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते साजा के एसडीएम को किया गिरफ्तार

बेमेतरा एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) रायपुर की टीम ने बेमेतरा जिले के साजा एसडीएम व डिप्टी कलेक्टर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। रिश्वतखोर एसडीएम के साथ एक होम गार्ड का सिपाही भी गिरफ्तार हुआ है, जो पीड़ित और एसडीएम के बीच का मीडियेटर था। बीती देर रात तक एसीबी की टीम दस्तावेज कार्रवाई को पूरी कर ली। आज शुक्रवार को दोनों आरोपियों को बेमेतरा जिला कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं आरोपी एसडीएम टेकराम माहेश्वरी को जब एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया तो यहां लोगों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। लोगों का कहना है कि एसडीएम द्वारा काम के एवज में रुपये लेने की आम बात हो गई थी। ये काफी विवादों में भी रहे है। बीते माह अक्टूबर में साजा शासकीय कॉलेज के स्टूडेंट व्यवस्थाओं की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। इस दौरान एसडीएम टेकराम माहेश्वरी उनको समझाने के लिए पहुंचे थे, कॉलेज स्टूडेंटस से बातचीत के दौरान वे आगबबूला हो गए और धरने पर बैठी छात्राओं के सामने ही अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे थे। तब उनका वीडियो भी वायरल हुआ था। इसके अलावा इसी माह काम में लापरवाही के चलते कलेक्टर ने इन्हें शो कॉज नोटिस भी थमाया था। बताया जा रहा है कि आरोपी एसडीएम टेकराम माहेश्वरी राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी है। ये प्रमोट होकर डिप्टी कलेक्टर बने है। तीन माह पहले की बेमेतरा कलेक्टर रणबीर शर्मा ने इन्हें साजा एसडीएम की जिम्मेदारी दी है। recent visitors 48

यू मुंबा जीत की पटरी पर लौटे, तमिल थलाइवाज की लगातार चौथी हार

नोएडा तमिल थलाइवाज के खिलाफ दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए यू मुंबा फिर एक बार फिर से जीत की पटरी पर लौट आए है। मुंबा ने नोएडा इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग के 11वे सीजन के 54वें मैच में तमिल थलाइवाज को 35-32 के अंतर से हराया। यह मुंबा की 10 मैचों में छठी जीत है जबकि थलाइवाज चौथी हार के साथ 10वें स्थान पर खिसक गए। दूसरी ओर, इस जीत ने मुंबा को अंक तालिका में दूसरा स्थान दे दिया है और इसका श्रेय मंजीत (10), अजीत चव्हाण (8), रिंकू (3) और जफरदानेश (3) को जाता है। थलाइवाज के लिए मोइन शफागी (10) प्रभावशाली रहे लेकिन सचिन तंवर (3) और नरेंदर कंडोला (4) जैसे स्टार रेडरों की नाकामी उसे भार पड़ी। नितेश ने डिफेंस से 6 अंक लिए। इससे पहले, जफरदानेश ने डिफेंस व रेड से दो अंक लेकर मुंबा को अपेक्षित शुरुआत दिलाई थी। इसके बाद अजीत के शानदार सुपर रेड की बदौलत मुंबा ने 5-1 की लीड ली और फिर सातवें मिनट तक 8-4 की लीड के साथ अपनी स्थिति मजबूत की। थलाइवाज ने इसके बाद लगातार दूसरे टैकल के साथ स्कोर 6-8 कर दिया। नौवे मिनट में सचिन खाता खोलने के इरादे से डू ओर डाई रेड पर आए लेकिन लपके गए। थलाइवाज के डिफेंस ने हालांकि तीसरे कामयाब टैकल के साथ उन्हें रिवाइव करा लिया। 10 मिनट के बाद मुंबा 9-7 से आगे थे। ब्रेक के बाद रिंकू ने शफागी को लपका और फिर मंजीत ने बोनस के साथ दो अंक ले लिए। अब मुंबा 12-7 से आगे थे। मंजीत यही नहीं रुके और अगले रेड पर भी दो अंक लेकर थलाइवाज को सुपर टैकल सिचुएशन में डाल दिया। जफर ने डू ओर डाई पर नरेंदर का एंकल होल्ड कर थलाइवाज को आलआउट की ओर धकेला। फिर मुंबा ने इसे अंजाम देकर 19-8 की लीड ले ली। पांच मिनट में 13वें अंक के साथ मुंबा ने फासला 13 का कर लिया था। थलाइवाज की मुश्किलें बढ़ती जा रहीं थीं। सचिन बाहर थे और नरेंदर को किसी से सपोर्ट मिल नहीं रहा था। इस बीच शफागी ने दो रेड में तीन अंक लेकर वापसी की उम्मीद जगाई। हाफटाइम तक मुंबा 23-12 से आगे थे। हाफटाइम के बाद सचिन की वापसी हुई लेकिन वह फिर लपक लिए गए। फिर मंजीत ने बस्तामी और नितेश को बाहर कर स्कोर 27-13 कर दिया। शफागी ने अगली रेड पर मंजीत को लपक लिया। फिर रिंकू ने नरेंदर को लपक हिसाब बराबर किया। शफागी रेड में अंक लेकर लौटे और फिर अनुज ने अजीत को डैश कर स्कोर 16-28 कर दिया। सचिन रिवाइव हुए और पहला रेड प्वाइंट लिया। सचिन की अगली रेड पर सुनील आउट आफ बाउंड हुए और मुंबा सुपर टैकल सिचुएशन में आ गए। मंजीत ने हालांकि यह स्थिति टाल दी। 30 मिनट बाद मुंबा 29-18 से आगे थे। ब्रेक के बाद डू ओर डाई रेड पर सचिन फिर लपके गए। मुंबई ने 11-12 अंक की लीड लगातार बनाए रखी थी लेकिन फिर शफागी को लपक परवेश ने पांच मिनट शेष रहते फासला 13 का कर दिया। थलाइवाज ने फासले को पाटने की कोशिश की लेकिन 19वें मिनट में सुपर टैकल के साथ मुंबा ने फिर दूरी बना ली। शफागी ने हालांकि तीन के डिफेंस में सुपर रेड के साथ 45 सेकेंड पहले मुंबा को आलआउट कर स्कोर 29-35 कर दिया। आलइन के बाद भी थलाइवाज ने दो अंक लिए। फासला अब 4 का था और अंतिम रेड पर मिले एक अंक के साथ 3 का रह गया। इस मैच से थलाइवाज को एक अंक मिला।   recent visitors 104