Saturday, July 4, 2026 3:01 am

राज्यपाल का यूनिट साइटेशन पुरस्कार सेना की 97 फील्ड रेजिमेंट को मिला

भोपाल राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मध्यप्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव के वीरतापूर्ण साहसी प्रयासों के लिए सेना की 97 फील्ड रेजिमेंट को यूनिट साइटेशन पुरस्कार प्रदान किया। राज्यपाल पटेल ने राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में "सेवा परमो धर्म" के आदर्श वाक्य के प्रति सेना की प्रतिबद्धता को स्थापित करने में 97 फील्ड रेजिमेंट के योगदान की सराहना की। इकाई के कमान अधिकारी कर्नल देवमाल्या मुखर्जी और सूबेदार मेजर देवेन्द्र कुमार को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने 97 फील्ड रेजिमेंट की यूनिट के दतिया और ग्वालियर जिलों में बाढ़ राहत और बचाव कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “राज्यपाल का प्रशस्ति पत्र” प्रदान किया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के दतिया और ग्वालियर जिलों में बाढ़ राहत कार्यों में 97 फील्ड रेजीमेन्ट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। रेजिमेंट ने नदी की तेज़ धाराओं को पार करते हुए साहसिक रात्रि ऑपरेशन किए। काली सिंध, पार्वती और नौन नदियों में डूबे घरों में फंसे नागरिकों को बचाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान 70 से अधिक नागरिकों को सुरक्षित रूप से बचाया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित 100 नागरिकों को स्थानांतरित किया। बचाव दल ने तीन दिनों की अवधि के दौरान, संसाधनों के कुशल आवंटन और अथक कार्यों से नुन्हारी, इंदरगढ़ और पवाया गांवों के ग्रामीणों को बचाने में सफलता प्राप्त की। इसी तरह झील के टूटने और पानी के उफान पर होने के बावजूद,  संकट ग्रस्त दतिया की अमन कॉलोनी के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। सेना की 97 फील्ड रेजिमेंट यूनिट के जवानों ने लोगों की जान बचाने के साथ ही आपदा से तबाह हुए लोगों में उम्मीद की किरण भी जगाई। यूनिट की सफलता ने आपदा राहत कार्यों में सेना की महत्वपूर्ण भूमिका की एक शक्तिशाली मिसाल बनाई है।   recent visitors 81

कृषि कार्यक्रम में बोले सीएम योगी बोले – किसानों को खेती के लिए नई तकनीकें अपनानी चाहिए

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  कहा कि किसानों को प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए नई तकनीकों को अपनाना चाहिए. लखनऊ में आयोजित कृषि भारत 2024 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि,'हमारा ध्यान उन्नत प्रौद्योगिकी के साथ कृषि क्षेत्र को आगे बढ़ाने पर होना चाहिए. देश में कई कृषि-जलवायु क्षेत्रों को देखते हुए, प्रत्येक राज्य अलग अनुभव लाता है. हम एक दूसरे से बहुत कुछ सीख सकते हैं.' एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक योगी सरकार ने चार दिवसीय कृषि और तकनीकी कार्यक्रम में किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती को बिजनेस के साथ इंटीग्रेट करने और आधुनिक तकनीक को नियोजित करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया. बिना कोल्ड स्टोरेज के 6 महीने तक सुरक्षित रहेंगे खाद्यान्न  कृषि भारत 2024 कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने गामा रेडिशन प्लांट के बारे में जानकारी ली.उन्होंने जाना कि कैसे खाद्यान्न और फल बिना किसी कोल्ड स्टोरेज के 6 महीने से अधिक समय तक सुरक्षित रहेंगे. कृषि मंत्री ने बताया कि पीओसीटी ग्रुप ने यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2023 में किये गये 500 करोड़ के एमओयू के आधार पर प्रथम चरण में 200 करोड़ का निवेश करते हुए लखनऊ में गामा रेडियेशन प्लान्ट की स्थापना की है. जल्दी ही इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे.   कैमिकल फर्टिलाइजर पर डिपेंडेंसी को कम करने का सुझाव मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि राज्य में भारत की आबादी का 17 प्रतिशत (25 करोड़) और देश की खेती योग्य भूमि का केवल 11 प्रतिशत हिस्सा है, लेकिन यह कुल कृषि उत्पादन में 20 प्रतिशत का योगदान देता है.उन्होंने कहा, यह उपलब्धि राज्य के प्रचुर जल संसाधनों और उपजाऊ भूमि को दर्शाती है और इसका उपयोग प्रोडक्शन को तीन से चार गुना बढ़ाने के लिए किया जा सकता है. योगी ने कृषि लागत कैमिकल फर्टिलाइजर पर डिपेंडेंसी को कम करने और उन्हें प्राकृतिक संसाधनों से रिप्लेस करनी की आवश्यकता पर भी जोर दिया. कार्यक्रम से पहले, सीएम ने नीदरलैंड के कृषि उप मंत्री जान-कीस गोएट और भारत में राजदूत मारिसा जेरार्ड्स के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और देश के साथ दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए. एक-एक समझौता सरकार-से-सरकार और व्यवसाय-से-व्यवसाय सहयोग का था. बयान में कहा गया है कि इस आयोजन के लिए सीआईआई के साथ साझेदारी करते हुए, नीदरलैंड एक आधिकारिक भागीदार देश है, जबकि कृषि विशेषज्ञों और हितधारकों के साथ ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, युगांडा, स्पेन और यूके जैसे देश भी भाग ले रहे हैं. इधर, गोएट ने कहा, 'भारत का कृषि क्षेत्र उपलब्धियों और अपार संभावनाओं से भरा है, जिसमें भाग लेना हमारे लिए गर्व की बात है. दुनिया भर में जलवायु परिवर्तन सहित कई चुनौतियां हैं जिनके समाधान की आवश्यकता है. हम अपनी विशेषज्ञता  भी साझा कर रहे हैं और भारत के अनुभव से बहुत कुछ सीख रहे हैं.' सीआईआई अध्यक्ष और आईटीसी लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजीव पुरी ने यूपी को कृषि का पावरहाउस बताया. उन्होंने कहा,'सीएम योगी ने कृषि को एक नई दिशा दिखाई है. भारत के कृषि क्षेत्र में काफी प्रगति हुई है… भारत आज 250 मिलियन टन से बढ़कर 330 मिलियन टन का उत्पादन कर रहा है, लेकिन अभी भी विकास की अधिक संभावनाएं हैं.' recent visitors 61

लॉरेंस विश्नोई के नाम पर मांगी दो करोड़ की यूट्यूबर से रंगदारी

हल्द्वानी. यूट्यूबर सौरभ जोशी (Saurabh Joshi) से लॉरेंस विश्नोई के नाम पर दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। उनके घर पर पत्र भेजकर कहा गया है कि दो करोड़ रुपये नहीं दिए तो परिवार के एक सदस्य को जान की कीमत चुकानी पड़ेगी। यूट्यबर सौरभ जोशी (Saurabh Joshi) ने पुलिस को बताया है कि वह हल्द्वानी की ओलिविया कालोनी रामपुर रोड का निवासी है। उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ है। इस पत्र में मेरे और मेरे परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई है। करन विश्नोई के नाम से लिखा पत्र पत्र भेजने वाले ने लिखा है कि “ नमस्ते श्री सौरव जोशी, मैं करन विश्नोई, लॉरेंस विश्नोई गैंग से हूं, यह पत्र आपको एक महत्वपूर्ण सूचना देने के लिए भेजा जा रहा है। हमारे बास लांरेस बिश्नोई ने आपको हमारी गैंग को दो करोड़ रुपये नकद देने का आदेश दिया है। यदि आप नकद राशि नहीं देते है तो आपको या आपके परिवार के किसी भी सदस्य को मारने का आदेश दिया गया है। हम पांच दिन तक आपके जवाब का इंतजार करेगें।' पत्र में धमकी भरे लहजे में आगे लिखा गया- 'यदि आपने कोई भी जवाब नहीं दिया या फिर पुलिस में शिकायत करने की कोशिश की या इस बात को अपने परिवार के अलावा किसी अन्य व्यक्ति से साझा किया तो आपके परिवार से एक सदस्य कम हो जाएगा। हम आपके जवाब का इंतजार करेगें और दुआ करेंगे कि आप सही फैसला लें। क्योंकि एक भी गलत कदम आपके परिवार की जान ले सकता है, यदि आपको हमसे बात करनी हो तो हम आपको हमारा इंस्टाग्राम आईडी दे रहे है। जिसे हमारी गैंग ऑपरेट करती है। आइडी भी दी है। अंत में जय महाकाल लिखा है।' सौरभ (Saurabh Joshi) का कहना है कि इस धमकी से वह अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चितिंत हैं। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात पर धमकी व रंगदारी मांगने की धारा में प्राथमिकी कर जांच की जा रही है। recent visitors 117

खनिज एवं राजस्व विभाग की बड़ी कार्यवाही, पैनारी में शिवानी कंस्ट्रक्शन द्वारा संचालित अवैध स्टोन क्रशर सील

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी विगत दिवस कलेक्टर के निर्देश पर खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा ग्राम पैनारी, तहसील खड़गवा में शासकीय भूमि पर संचालित अवैध क्रशर को सीलबंद किया गया है। ज्ञात हो कि ग्राम पैनारी, तहसील खड़गवां स्थित शासकीय भूमि खसरा न.1109 रकबा 1.81 हेक्टेयर भूमि, मद छोटे झाड़ के जंगल पर ठेकेदार शिवानी कंस्ट्रक्शन अंबिकापुर द्वारा बिना वैध अनुमति के क्रशर स्थापित कर पत्थर क्रशिंग का कार्य किया जा रहा था। ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत की गई थी। संज्ञान में आने के बाद खनिज और राजस्व विभाग के द्वारा त्वरित कार्यवाही की गई है। कार्यवाही के दौरान अवैध रूप से स्थापित क्रशर क्षेत्र में लगभग 14 ट्रैक्टर ट्रॉली बोल्डर और गिट्टी भंडारित किया जाना पाया गया साथ ही साथ शिवानी कंस्ट्रक्शन के द्वारा लगभग 6300 घन मीटर मिट्टी, मुरूम भी अवैध उत्खनन किया जाना पाया गया है। जिससे खान और खनिज (विकास और विनियमन ) अधिनियम 1957 के तहत अवैध उत्खनन का केस दर्ज किया गया है। मौके पर छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण ) नियम 2009 के तहत  क्रशर को सीलबंद किया गया है इसके साथ ही बिना अनुमति छोटे झाड़ मद की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला होने के कारण क्रशर के विद्युत कनेक्शन को विच्छेदित करते हुए राजस्व विभाग द्वारा स्थल पर स्थापित जनरेटर, पैनल, मोटर कंप्रेशर मशीन को जप्त कर एवं मौके से हटाया जाकर सुरक्षार्थ कोड़ा पुलिस चौकी में रखा गया है। कार्यवाही में शशि शेखर मिश्रा तहसीलदार खड़गवां, आदित्य मानकर खनिज निरीक्षक, पटवारी सूरज कुमार, पुलिस विभाग विद्युत विभाग, कोटवार एवं अन्य ग्रामीण शामिल रहे। recent visitors 51

वास्तु संस्कृति के संरक्षण में सबकी भागीदारी, राजस्थान-जयपुर के स्थापना दिवस पर राज्यपाल ने दी बधाई

जयपुर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने विश्व के सबसे सुनियोजित रूप में बसाए गए जयपुर शहर के स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी है। राज्यपाल ने कहा कि जयपुर विश्वभर में भारतीय वास्तु संस्कृति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नगर-नियोजन के पुरोधा विद्याधर भट्टाचार्य ने विश्व विरासत में सम्मिलित जयपुर जैसा सुव्यवस्थित और आधुनिक नगर बसाया था। राज्यपाल ने स्थापना दिवस पर शहर की वास्तु संस्कृति और सौंदर्य के साथ स्वच्छता के लिए सभी की भागीदारी का आह्वान किया है। वहीं, नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित 14 दिवसीय भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में सोमवार को राजस्थान दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें राजस्थान के विभिन्न अंचलों से आए लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध लोकनृत्यों और गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। यह सांस्कृतिक संध्या प्रगति मैदान के हॉल न. 5 के सामने स्थित एमफी थियेटर में सांय 6 बजे से आयोजित की जाएगी। लगभग 2 घंटे चलने वाली इस संध्या में जहां एक ओर जयपुर से आए लोक कलाकारों द्वारा चरी नृत्य और भवई नृत्यों का प्रदर्शन किया जाएगा वहीं दूसरी ओर बाड़मेर और भरतपुर से आए कलाकारों द्वारा क्रमशः खड़ताल और भपंग का वादन किया जाएगा। इसी प्रकार पाली से आए लोक कलाकारों द्वारा तेरहताल नृत्य और जोधपुर से आए कलाकारों द्वारा कालबेलिया नृत्यों की प्रस्तुति दी जाएगी। घूमर नृत्य की प्रस्तुति दिल्ली के कलाकारों द्वारा दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि 14 नवम्बर से प्रारंभ हुए भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में राजस्थान मंडप का शुभारंभ प्रदेश के मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत द्वारा किया गया था। recent visitors 80

80 लाख से बनेगी ब्लॉक प्रोग्राम हैल्थ यूनिट, राजस्थान-जोधपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धवा पहुंचे संसदीय कार्य मंत्री

जयपुर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने रविवार को जोधपुर जिले के धवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 80 लाख रुपए की लागत से बीपीएचयू, बीपीएचएल और एचएमआईएस यूनिट के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। पटेल ने कहा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। श्री पटेल ने कहा प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में स्वास्थ्य केंद्र, सैटलाइट एवं जिला अस्पताल बनाए गए है। साथ ही मार्च 2025 तक चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टॉफ के पदों पर लगभग 52000 कार्मिकों के नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। बजट में लूणी क्षेत्र को मिली अनेक सौगातें संसदीय कार्य मंत्री ने कहा बजट में लूणी को स्वास्थ्य क्षेत्र में अनेक सौगातें मिली हैं। जिसमें सांगरिया में सैटलाइट अस्पताल,धवा एवं कुड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेलबा, मणाई और चोखा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र का स्वास्थ्य ढांचा सुदृढ़ होगा। श्री पटेल ने कहा बीपीएच यूनिट की स्थापना से धवा क्षेत्र के नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समर्पित स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होगी। यह यूनिट हब एवं स्पॉक मॉडल पर कार्य करेगी। इसमें आस-पास के अस्पतालों से भी सैम्पल लिए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने युवाओं के रोजगार के लिए, किया रोडमैप तैयार श्री पटेल ने कहा युवाओं के रोजगार के लिए प्रदेश सरकार ने रोडमैप तैयार कर इस वर्ष एक लाख एवं आगामी 5 वर्षों में चार लाख सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही भर्ती परीक्षाओं की नियत समय पर पूर्ण करने के लिए कैलेंडर भी जारी किए गए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा हितों को ध्यान में रखते हुए पेपर लीक गिरोह पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपादित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही भी की जा रही है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे। recent visitors 99

रणबीर कपूर और उनकी बेटी राहा की एक दिल छू लेने वाली तस्वीर इंटरनेट पर वायरल

मुंबई रणबीर कपूर और उनकी बेटी राहा की एक दिल छू लेने वाली तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो गई है। प्यारी सी फोटो में, पिता-बेटी की जोड़ी अपने एक स्टाफ के साथ पोज देते हुए दिख रही है। इस प्यारे से पल को कैमरे में कैद कर लिया गया है, जिसे देखकर फैंस दंग रह गए। फोटो में, रणबीर और राहा एक स्पेशल पल शेयर कर रहे हैं जो उनके रिश्ते की खूबसूरती दिखा रहा है। पिता और बेटी की जोड़ी एक-दूसरे की कंपनी एंजॉय कर रही है। एक साथ दोनों बेहद खुश दिख रहे हैं। सफेद टी-शर्ट और नीली पैंट पहने रणबीर, छोटी राहा के साथ मुस्कुरा रहे हैं, जो गुलाबी रंग का स्विमसूट और सफेद हेडबैंड पहने हुए है और हाथ में एक खिलौना लिए हुए है। यह फोटो हर तरफ वायरल हो गई है। राहा की क्यूट फोटो वायरल इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर होते ही हर तरफ से लाइक्स और कमेंट्स आने लगे। जहां एक फैन ने लिखा, 'क्यूट राहा', वहीं दूसरे ने लिखा, 'राहु बेबी'। एक फैन ने यह भी कहा कि, 'हे भगवान, कितनी प्यारी है।' बेटी के साथ रणबीर और आलिया पिछले दिनों आलिया और रणबीर को ईशा अंबानी और आनंद पीरामल की बेटी आदिया के साथ देखा गया था। इस दिन छोटी राहा भी दिखी थी, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वहां पहुंचने पर, रणबीर ने ड्राइवर की सीट से बाहर निकलकर सामने बैठी आलिया से राहा को प्यार से अपनी बाहों में ले लिया। रणबीर और आलिया की फिल्में दोनों अपनी बेटी के साथ बर्थडे पार्टी में पहुंचे। इस बीच वर्कफ्रंट पर, रणबीर और आलिया जल्द ही संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' में विक्की कौशल के साथ एक साथ दिखाई देंगे। recent visitors 69