Wednesday, July 8, 2026 7:47 am

सिर्फ महिलाओं का करता था शिकार, ‘साइको किलर’ को पुलिस ने पकड़ा

गोरखपुर गोरखपुर के झंगहा इलाके में पांच माह में पांच महिलाओं पर जानलेवा हमले के आरोपी सिरफिरे युवक को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान झंगहा इलाके के राजधानी टोला मंगलपुर निवासी अजय निषाद (20) के रूप में हुई। अजय ने सभी महिलाओं पर रात में सोते समय चेहरे और सिर पर जानलेवा हमला किया था। इसमें एक महिला की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि प्रेमिका ने अजय के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। तभी से वह महिलाओं से नफरत करने लगा था। पुलिस लाइंस में रविवार को एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव और सीओ अनुराग सिंह के नेतृत्व में टीमें लगाई गई थीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी महिला मित्र ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था, जिसमें वह जेल गया था। जेल से छूटने के बाद चोरी की घटना को अंजाम देते समय पहली बार 30 जुलाई को झंगहा के सहसड़ाव गांव में एक महिला के सिर और चेहरे पर हमला किया था। इसके बाद उसे महिलाओं को मारकर खून देखना अच्छा लगने लगा। आरोपी सूरत में पेंट पॉलिश का काम भी करता है। घटना के बाद वह सूरत निकल जाता था। पुलिस ने आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।   काली शर्ट पहनकर, नंगे पैर करता था वारदात पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में घटना वाले दिन आरोपी काली शर्ट और नंगे पैर सड़कों पर दिखा। पूछताछ में अजय ने बताया कि वह शनिदेव की पूजा करता है, हमेशा काले वस्त्र पहनता है। भागते समय आराम रहे, इसलिए नंगे पांव वारदात को अंजाम देने जाता था। पुलिस ने बताया कि अजय बहुत ही शातिर है। घटना के बाद वह सीसीटीवी कैमरे वाले रास्ते से गुजरने से परहेज करता था। कई जगह कैमरे के सामने वह मुंह छिपाते भी दिख रहा है। घटना के बाद देहरादून की महिला मित्र को करता था कॉल सीडीआर में अजय के नंबर की डिटेल निकाली गई तो उसे देखकर पुलिस भी चौंक गई। घटना के बाद वह अपनी देहरादून की एक महिला मित्र को कॉल करता था। उससे घंटों बातें करता था। महिला से इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती हुई थी। अजय आईफोन का इस्तेमाल करता था। हाल ही में वह उसके साथ देहरादून के होटल में दो दिन रुका था। पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर अजय के ढेर सारे फॉलोवर्स भी हैं। वह सोशल मीडिया का अच्छा जानकार है। घटना का पर्दाफाश करने वाली झंगहा थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम को एडीजी की तरफ से एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। पीड़ितों को राहत, आरोपी के पिता बोले- बेटा निर्दोष कंबल ओढ़कर सोई थी। कुछ आहट हुई तो जैसे ही कंबल हटाया, मेरे सिर पर हमला कर दिया। बगल में सोया दो साल बेटा उठ गया तो आरोपी ने उसे भी मारने के लिए दौड़ाया। तब तक सभी लोग जग गए और वह भाग गया।-शांति सिंह, पीड़िता मेरे घर में घुसकर पत्नी के सिर पर आरोपी ने प्रहार किया था। पहली घटना मेरी पत्नी के साथ हुई थी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में इसका चेहरा भी आया था। पांच माह हो गए मेरी पत्नी, जिंदगी और मौत से लड़ रही है।-चमन लाल, पीड़िता के पति  आरोपी के पकड़े जाने की सूचना मिली है। मेरी पत्नी की मौत के बाद पूरे उपधौली गांव में लोग दहशत में थे। रात के समय कोई महिलाओं को बाहर सोने नहीं देता था। उसके पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाए।-सेवा प्रसाद, मृत महिला के पति मेरे बेटे को पूछताछ के लिए पुलिस ले गई थी। बाद में उसे आरोपी बनाकर जेल भेज दिया गया। मेरा बेटा निर्दोष है। पांच भाई और तीन बहनों में वह सबसे छोटा है। इससे पहले पुलिस ने अन्य बेटों से पूछताछ की थी।-स्वामीनाथ, आरोपी के पिता एक्सपर्ट कमेंट यह पर्सनालिटी डिसऑर्डर का मामला है। युवक के बारे में जो प्रारंभिक जानकारी है, उससे लगता है कि उसके दिमाग में एक खास प्रकार की लड़कियों या महिलाओं के लिए अत्यधिक घृणा के भाव भरे होंगे। इसे जनरलाइजेशन ऑफ ट्रामा कहते हैं। युवक की हरकतें ऐसी क्यों हैं, इसकी जांच के लिए साइको डाइग्नोस्टिक ट्रीटमेंट की जरूरत है। इसमें एक प्रकार की प्रश्नोत्तरी दी जाती है, जिसका उत्तर देते-देते वह अपनी इस करतूत के पीछे की असल वजह बता देगा। इस तरह के जांच की सुविधा केजीएमयू में है। -डॉ. तापस कुमार आईच, विभागाध्यक्ष मानसिक रोग, बीआरडी मेडिकल कॉलेज  कब-कब की वारदात 29 जुलाई : सहसड़ाव गांव में चोरी की नियत से एक घर में प्रवेश किया और महिला पर कर दिया हमला। 11 अगस्त : झंगहा के उपधौली गांव में घर के बरामदे में सो रही महिला का सिर डंडे से कूचकर की हत्या। 25 अगस्त : झंगहा के एक गांव में घुसकर महिला के सिर और चेहरे पर किसी ठोस वस्तु से हमला किया। 09 नवंबर: झंगहा के एक गांव में घुसकर महिला के सिर में डंडे से मारकर गंभीर रूप से घायल किया। 13 नवंबर: मंगलपुर टोला में महिला के सिर पर ठोस वस्तु से हमला किया। recent visitors 63

शादी में मिठाई को लेकर बरातियों और घरातियों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, फायरिंग में 15 घायल

अलीगढ़ अलीगढ़ में थाना देहलीगेट क्षेत्र के खैर बाईपास रोड पर रविवार को देर रात मैरिज होम में दुल्हन की बहन को मिठाई न देने पर बवाल हो गया।  बरातियों और घरातियों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। कई राउंड फायरिंग होने का भी आरोप है। जिसमें वर- वधू पक्ष से 15 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल और जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इसके बाद लड़की ने शादी करने से ही मना कर दिया। पुलिस ने विवाद को देखते हुए मैरिज होम को खाली करा दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली खैर के गांव एदलपुर निवासी कमल दास ने अपनी बेटी डॉली की शादी देहलीगेट स्थित खैर बाईपास रोड के दीपक के साथ तय की थी। इसके लिए स्थानीय मां गंगा फार्म हाउस मैरिज होम को बुक किया गया था। यहां दुल्हन पक्ष 17 नवंबर दोपहर बाद आ गया। देर शाम बरात के स्वागत सत्कार की तैयारी चल रहीं थीं। बराती और घराती नाश्ता कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच रात दस बजे दुल्हन की तयेरी विवाहित बहन सोनी एक स्टॉल पर मिठाई लेने गई, लेकिन उसे मिठाई नहीं मिली। इस पर दुल्हन पक्ष ने कड़ा एतराज जताया। तभी शादी समारोह में हलवाई का काम कर रहे युवक ने अभद्रता करते हुए मिठाई लेकर दुल्हन की तयेरी बहन सोनी पर फेंक दी।  यह बात दुल्हन पक्ष को नागवार गुजरी। उन्होंने इसका विरोध करते हुए हलवाई को डांटा तो आरोप है कि तभी दूल्हा पक्ष के लोग हलवाई के समर्थन में वहां आ गए और दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। मामला बढ़ा तो दोनों और से लाठी -डंडे निकल आए और उनमें जमकर मारपीट होने लगी। इतना ही नहीं कई राउंड फायरिंग भी हुई। इससे शादी समारोह में विघ्न पड़ गया और वहां खलबली चीख पुकार शुरू हो गई।    कुछ देर बाद वहां पथराव होने लगा। कुर्सियां भी फिंकने लगी। मैरिज होम में मारपीट और हंगामें की सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर आ गई। इस बीच दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग लोग इधर-उधर भागने लगे। मारपीट और फायरिंग में दुल्हन पक्ष से दुल्हन डोली के पिता कमल दास, मां सूरजमुखी , तयेरे भाई राम प्रकाश व राहुल सिंह पुत्र रूपदास, भारत कुमार , रामवती पत्नी दीपचंद, ताई विमलेश पत्नी रूपदास आदि  घायल हो गए। दूल्हा दीपक पक्ष से महेंद्र पाल सिंह, अरुण प्रताप विवेक कुमार अंकित प्रताप आदि घायल हुए हैं। जिन्हें पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल और जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। सीओ प्रथम अभय पांडे ने बताया कि दूल्हा और दुल्हन पक्ष  के बीच हुई मारपीट में कुल 15 लोग घायल हुए हैं। जिनका उपचार अस्पताल में कराया जा रहा है। उधर, घटना से नाराज दुल्हन डोली ने शादी से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि अभी तो शुरुआत है। जब इनका अभी से ही यह हाल है तो आगे तो उसकी जिंदगी बिल्कुल ही नरक हो जाएगी। जिसके बाद बरात बिना दुल्हन के ही मैरिज होम से चली गई। अभी इस मामले में किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।   recent visitors 57

प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में न्यायमूर्ति गिरधर मालवीय का प्रयागराज में निधन

प्रयागराज महामना मदन मोहन मालवीय के पौत्र और इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति जस्टिस गिरधर मालवीय नहीं रहे। सोमवार सुबह प्रयागराज के जॉर्जटाउन स्थित एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया। जस्टिर गिरधर मालवीय का आवास भी जॉर्जटाउन में ही है। बीएचयू, वाराणसी के चांसलर रहे गिरधर मालवीय लोकसभा चुनाव-2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्ताव भी थे। वह 14 मार्च 1988 में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति बने। नवंबर 2018 में वह बीएचयू, वाराणसी के चांसलर बने और गंगा महासभा के अध्यक्ष भी रहे। प्रयागराज स्थित सेवा समिति इंटर कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष पद का दायित्व भी उनके पास था। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अंतिम बार पिछले वर्ष बीएचयू में हुए दीक्षांत समारोह में शामिल हुए थे। इसके बाद वह स्वास्थ्य कारणों से किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। उनके पुत्र पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी व पश्चिम बंगाल राज्य पुलिस के सलाहकार मनोज मालवीय अपने पिता के निधन के वक्त मौजूद थे। दो बेटियां शहर से बाहर हैं। जस्टिस मालवीय के निधन की खबर सुनकर उनके आवास पर करीबियों की भीड़ इकट्ठा है। जस्टिस गिरधर मालवीय के करीबियों में शामिल बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी का कहना है कि जस्टिस मालवीय हमेशा मदन मोहन मालवीय के विचारों और सिद्धांतों पर चलने वाले व्यक्ति रहे। उनका जाना हम सभी के लिए अपूर्णनीय क्षति है। प्रो. त्रिपाठी ने बताया कि जस्टिस मालवीय का अंतिम संस्कार 19 नवंबर को रसूलाबाद घाट पर होगा। चार दिन पहले ही था उनका जन्मदिन  गिरधर मालवीय का जन्म 14 नवंबर को वाराणसी में हुआ था। चार दिन पहले ही उनका जन्मदिन था। वह महामना मदन मोहन मालवीय के पौत्र गोविंद मालवीय के इकलौते पुत्र थे। उनकी शुरुआती शिक्षा वाराणसी के बेसेंट थियोसोफिकल स्कूल में हुई। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में चिल्ड्रन्स स्कूल से कक्षा 10 की पढाई की। 1957 में गिरधर ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय में एक साथ विधि स्नातक और एमए राजनीतिशास्त्र में प्रवेश लिया। 1960 में वह इलाहाबाद उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस शुरू किया। शुरुआती दौर में पिता के अस्वस्थ रहने के कारण गिरधर ने एक वर्ष दिल्ली में सरदार ज्ञानसिंह वोहरा के साथ तीस हजारी कोर्ट में और 1961 में पिता के निधन के बाद प्रयागराज आकर 1965 तक इलाहाबाद जिला कचहरी में पंडित विश्वनाथ पांडेय और सत्यनारायण मिश्र के साथ रहकर वकालत शुरू की। जस्टिस सुरेंद्र सिंह ने जताया शोक  इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जस्टिस सुरेंद्र सिंह का कहना है कि जिस वक्त गिरधर मालवीय जी डिप्टी गवर्मेंट एडवोकेट थे तब वह ब्रीफ होल्डर हुआ करते थे। अलग-अलग तरह के कामों में उन्होंने बहुत मदद की। अच्छे से समझाया, बताया। जब मालवीयजी जज एलीवेट हो गए तो उन्होंने बहुत ही शानदार तरीके से भूमिका निभाई। बेहतरीन तरीके से काम किया। सेवानिवृत होने के बाद वह रिटायर्ड जज एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे। मुझे भी सचिव बनाया। आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके काम उनकी यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी। घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता जस्टिस गिरधर मालवीय को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है। महाधिवक्ता अजय कुमार मिश्र के साथ ही बड़ी संख्या में वकीलों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम, जिलाधिकारी और कमिश्नर ने भी पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त किया। डिप्टी सीएम केशव ने जताया शोक  प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जस्टिस गिरधर मालवीय के निधन पर संवेदना प्रकट की है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। केशव ने लिखा- 92 वर्ष की आयु में गिरिधर मालवीय जी ने अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। गिरिधर मालवीय जी भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के पुत्र थे। वे समाज सेवा, शिक्षा और राष्ट्रभक्ति के प्रति पूरी तरह समर्पित थे। न्यायमूर्ति के रूप में उन्होंने न्याय के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी। मालवीय जी 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रस्तावक भी रहे। उनका पूरा जीवन विद्वता, राष्ट्रसेवा और समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके निधन से देश ने एक ऐसा महान राष्ट्रभक्त और समाजसेवी खो दिया है, जो शिक्षा और सेवा के मूल्यों का प्रतीक थे। उनकी पुण्य आत्मा को शत-शत नमन और श्रद्धांजलि। recent visitors 80

मध्य प्रदेश में फिर प्रशासनिक फेरबदल , 10 IPS का हुआ तबादला, 9 माह में बदला छिंदवाड़ा SP

भोपाल मध्य प्रदेश सरकार ने कमलनाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक को एक बार फिर बदल दिया है. अब 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय पांडे को एसपी बनाया गया है. इसके पहले 19 फरवरी को मनीष खत्री को छिंदवाड़ा का एसपी बनाया गया था. मनीष खत्री को अब सिंगरौली जिले का एसपी बनाया गया है. छिंदवाड़ा, सिंगरौली, शहडोल जिले के एसपी सहित 10 आईपीएस अधिकारियों को बदल दिया गया है. इन आईपीएस अधिकारियों के हुए तबादले एडीजी, पुलिस मुख्यालय मीनाक्षी शर्मा को सामुदायिक पुलिसिंग एवं आरटीआई पुलिस मुख्यालय एडीजी बनाया गया. आईजी नर्मदापुरम इरशाद वली को आईजी विशेष सशस्त्र पुलिस बल बनाया गया. आईजी विशेष सशस्त्र पुलिस बल ग्वालियर मिथिलेश कुमार शुक्ला को आईजी होशंगाबाद बनाया गया. डीआईजी जबलपुर रेंज तुषार कांत विद्यार्थी को मुख्यालय भेजा गया. जबलपुर डीआईजी अतुल सिंह को डीआईजी जबलपुर रेंज के अलावा विशेष सशस्त्र पुलिस बल जबलपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया. ये अधिकारी भी हुए यहां से वहां वहीं शहडोल एसपी कुमार प्रतीक को 23वीं बटालियन का कमांडेंट बनाया गया. 8वीं बटालियन के कमांडेंट रामजी श्रीवास्तव को शहडोल जिले का एसपी बनाया गया. सिंगरौली जिले के एसपी निवेदिता गुप्ता को 8वीं बटालियन का कमांडेंट बनाया गया. छिंदवाड़ा एसपी मनीष खत्री को सिंगरौली जिले का एसपी बनाया गया. 23वीं बटालियन के कमांडेंट अजय पांडे को छिंदवाड़ा जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया.     recent visitors 88

मंत्री गौर का निर्माण एजेंसियों को निर्देश कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें, पानी का ठहराव नहीं हो ऐसी व्यवस्था करे

भोपाल निर्माण एजेंसियां कार्य पर लगातार नज़र रखे। निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने सोमवार को गोविंदपुरा में विकास कार्यों के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र के वार्ड 67 में लगभग 50 लाख रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए की कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें और सीसी रोड बनाते समय कॉलोनी में पानी का ठहराव नहीं हो ऐसी व्यवस्था करे।  राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने वार्ड-67 के सुंदर नगर में 22 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड लक्ष्मी नगर में 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी सड़क और राजीव नगर में 9 लाख रुपए की लागत के पेवर ब्लॉक निर्माण का भूमि-पूजन किया। स्थानीय पार्षद श्रीमती ममता विश्वकर्मा, प्रदीप लोधी, श्रीमती छाया ठाकुर, पप्पू व्यास, प्रमोद तिवारी, मनोज विश्वकर्मा और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।   recent visitors 64

मराठी भाषा में शिवराज ने खुद को महाराष्ट्र का दामाद बताया, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

भोपाल अपने राजनीतिक कार्यों के साथ-साथ अलग अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले मध्य प्रदेश के विदिशा से सांसद, केंद्रीय कृषि मंत्री और महाराष्ट्र चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान का एक बार फिर भरे मंच पर अपने भांजे-भांजियों के प्रति प्रेम भाव देखने को मिला है। एक बार फिर शिवराज सिंह चौहान भरे मंच से अपने भांजे-भांजियों को ‘आई लव यू’ कहते नजर आए हैं।  दरअसल, महाराष्ट्र की सावनेर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे ही मंच पर पहुंचे भीड़ में मौजूद युवाओं ने ‘मामा-मामा…’ आवाजें लगानी शुरु कर दीं। कुछ ही सेकंडों में मानों पूरी सभा स्थली से सिर्फ एक ही आवाज सुनाई देने लगी। फिर क्या था ‘मामा’ भी खुद को रोक नहीं पाए और आवाज लगाते हुए कहा, ‘मैरे भांजे-भांजियों आईलव यू..’। इसके आगे मराठी भाषा में शिवराज ने खुद को महाराष्ट्र का दामाद भी बताया। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी खासा वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल मंच से संबोधन करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई सौगातें भी दीं। उन्होंने कहा कि प्याज, टमाटर और आलू के दाम गिरते हैं तो किसान को नुकसान होता है, इसलिए आईसीएआर लागत पर 50% मुनाफा जोड़कर मॉडल रेट तय करेगा। बाजार रेट से अंतर पर नुकसान केन्द्र और राज्य सरकार 50-50 फीसद वहन करेंगे। शिवराज महाराष्ट्र में मीडिया से चर्चा करते हुए यह बात कही। शिवराज ने कहा, प्याज के एक्सपोर्ट से प्रतिबंध हटाया गया है, एक्सपोर्ट शुल्क 40 फीसद से घटाकर 20 फीसद किया गया है, जिससे प्याज के दामों में बढ़ोतरी हुई है। पाम ऑयल मलेशिया, इंडोनेशिया से जीरो पर्सेंट ड्यूटी पर आयात किए जाते थे, इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ाकर 27.5 फीसद की गई है, ताकि किसान को सोयाबीन के ठीक दाम मिल सके। केंद्रीय मंत्री की इस घोषणा से मध्य प्रदेश के किसानों को भी लाभ होगा। recent visitors 245

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिद्धि विनायक मंदिर में भगवान गणेश का किया पूजन

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मुंबई के सुप्रसिद्ध 'सिद्धि विनायक मंदिर' में प्रथम पूज्य एवं ऋद्धि-सिद्धि के दाता गणेश जी के दिव्य दर्शन कर पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश से देश एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए मंगल कामना की।   recent visitors 100