Sunday, July 5, 2026 8:46 am

अमेरिका का कर्ज रेकॉर्ड स्तर पर पहुंचा, जीडीपी का करीब 125% पहुंचा कर्ज

नई दिल्ली. डॉनल्ड ट्रंप के दूसरी बार अमेरिका का राष्ट्रपति बनने से पहले ही देश का कर्ज रेकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। दुनिया की सबसे बड़ी इकॉनमी वाले देश अमेरिका का कर्ज 36 ट्रिलियन डॉलर पहुंच चुका है। इस साल इसमें दो ट्रिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है। पिछले 316 दिन में अमेरिका के कर्ज में रोजाना 6.3 अरब डॉलर यानी करीब 5,31,94,85,78,490 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसका मतलब है कि अमेरिका के हर नागरिक पर 108,000 डॉलर का कर्ज है। जीडीपी के परसेंटेज के रूप में डेफिसिट स्पेंडिंग दूसरे विश्व युद्ध के स्तर पर पहुंच चुका है। कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से अमेरिका के कर्ज में करीब 16 ट्रिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है। अमेरिका के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ है कि सरकार को इतना कर्ज लेना पड़ा है। अमेरिका का कर्ज पिछले 24 साल में छह गुना बढ़ा है। साल 2000 में अमेरिका पर 5.7 ट्रिलियन डॉलर का कर्ज था। साल 2010 में यह 12.3 ट्रिलियन डॉलर और 2020 में 23.2 ट्रिलियन डॉलर था। यूएस कांग्रेस के बजट दस्तावेजों के मुताबिक अगले दशक तक देश का कर्ज 54 ट्रिलियन डॉलर पहुंचने का अनुमान है। देश का कर्ज जीडीपी का करीब 125% है। स्थिति यह हो गई है कि अमेरिका को रोज 1.8 अरब डॉलर से ज्यादा ब्याज के भुगतान में खर्च करने पड़ रहे हैं। साफ है कि सरकार की कमाई कम हो रही है और खर्च बढ़ गया है। क्या होगा असर? जानकारों का कहना है कि यह देश की इकॉनमी और नेशनल सिक्योरिटी के लिए अच्छी बात नहीं है। माना जा रहा है कि अगले कुछ साल में अमेरिका का डेट-टु-जीडीपी रेश्यो 200% तक पहुंच सकता है। मतलब देश का कर्ज इकॉनमी से दोगुना पहुंच जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो कर्ज चुकाते-चुकाते ही अमेरिका की इकॉनमी का दम निकल जाएगा। इससे सरकार को रिसर्च एंड डेवलपमेंट, इन्फ्रास्ट्रक्चर और शिक्षा पर होने वाले कुल खर्च से ज्यादा पैसा ब्याज चुकाने में देना होगा। चिंता की बात यह है कि अमेरिका का कर्ज ऐसे समय बढ़ रहा है जब देश की इकॉनमी अच्छी स्थिति में है। अमूमन जब इकॉनमी में कमजोरी आती है तो सरकार खर्च बढ़ाती है ताकि ग्रोथ को हवा दी जा सके। बढ़ते कर्ज से देश में एक बार फिर शटडाउन की नौबत आ सकती है। कर्ज को लेकर अक्सर दोनों पक्षों यानी रिपलिकन्स और डेमोक्रेट्स में विवाद रहता है। मगर सच्चाई यह है कि दोनों दलों के कार्यकाल में देश का कर्ज बढ़ा है। देश की क्रेडिट रेटिंग पर भी इसका असर दिखना शुरू हो गया है। पिछले साल अगस्त में फिच ने अमेरिका के सॉवरेन डेट की रेटिंग AA+ से घटाकर AAA कर दी थी। मूडीज ने भी चेतावनी दी थी कि वह अमेरिका की AAA में कटौती कर सकती है। पिछले साल जून में अमेरिका पहली बार डिफॉल्ट की दहलीज पर पहुंच गया था और एक बार फिर यह स्थिति बन रही है। कैसे घटेगा खर्च? ट्रंप ने सरकारी खर्चों में कटौती करने और सरकार की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एक नया विभाग डिपार्टमेंट ऑफ गवर्मेंट एफिशिएंसी बनाने की घोषणा की है। इसकी कमान दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क और विवेक रामास्वामी को दी गई है। मस्क ने ट्रंप के लिए चुनाव प्रचार करते हुए कहा था कि वह सरकारी बजट में अरबों डॉलर की बचत कर सकते हैं। उन्होंने सरकारी खर्च में कटौती की बात कही है। इसमें पब्लिक ब्रॉडकास्टिंग और गर्भपात अधिकार समूहों को दी जाने वाली राशि शामिल है।   recent visitors 190

सदन में जोरदार हंगामे के आसार, संसद सत्र से पहले केंद्र ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

नई दिल्ली. संसद के शीतकालीन सत्र की सोमवार से शुरुआत होने वाली है, उससे पहले केंद्र सरकार ने रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई। इस बैठक का उद्देश्य संसद के शीतकालीन सत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए पार्टियों के बीच सहमति बनाना है। गौरतलब है कि संसद के शीतकालीन सत्र के काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं, लेकिन महाराष्ट्र चुनाव में जीत के बाद यकीनन सत्ताधारी भाजपा को थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है। सर्वदलीय बैठक का आयोजन संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया है। इस बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके, शिवसेना, बीजद और अन्य पार्टियों के नेता शामिल हुए। शीतकालीन सत्र सोमवार यानी 25 नवंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र के दौरान विपक्ष सरकार को वक्फ संशोधन विधेयक, मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर घेरने की कोशिश करेगा। वहीं उद्योगपति गौतम अदाणी पर अमेरिका द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर भी विपक्ष केंद्र पर हमलावर है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने गौतम अदाणी मामले पर संसद की संयुक्त समिति (जेपीसी) जांच की मांग की है। शीतकालीन सत्र के शुरुआती हफ्ते के अंत में वक्फ संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए बनी जेपीसी अपनी रिपोर्ट पेश कर सकती है। हालांकि जेपीसी में शामिल विपक्षी सांसद रिपोर्ट जमा करने के लिए और समय देने की मांग कर रहे हैं। बैठक में 26 नवंबर को संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में संविधान अपनाने की 75वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। ये विधेयक शीतकालीन सत्र में किए जा सकते हैं पेश शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार पंजाब कोर्ट्स संशोधन विधेयक, मर्चेंट शिपिंग विधेयक, तटीय शिपिंग विधेयक और भारतीय बंदरगाह विधेयक पेश किए जा सकते हैं। इनके अलावा भारतीय वायुयान विधेयक, जो लोकसभा से पारित हो चुका है, वह राज्यसभा में लंबित है। लोकसभा बुलेटिन के अनुसार, लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक और मुसलमान वक्फ विधेयक समेत आठ विधेयक लंबित हैं। साथ ही राज्यसभा में दो विधेयक लंबित हैं। एक देश एक चुनाव विधेयक इस संसद सत्र में पेश करने की उम्मीद कम ही है। recent visitors 73

घायल हालत में 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल, छत्तीसगढ़-कोरबा में मंदिर गई युवती पर चाकू से हमला

कोरबा। ऊर्जाधानी में चाकूबाजी की घटना सामने आई है, जिसमें पूजा करने के लिए मंदिर गई युवती पर दो युवकों ने चाकू से हमला कर दिया. युवती ने अपने आप को बचाते हुए चीख-पुकार मचाई, जिस पर युवक फरार हो गए. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस की 112 टीम ने घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया. घटना दीपका थाना क्षेत्र के बड़े शिव मंदिर गेवरा ऊर्जा नगर की है. युवती अपने सहेली से साथ शिव मंदिर में पूजा करने के लिए गई थी. पूजा करने के बाद घर जाने के लिए स्कूटी चालू करते समय दो नकाबपोश युवक पहुंचे और चाकू से हमला करना शुरू कर दिया. युवती ने इस पर चीख-पुकार मचाना शुरू कर दिया, जिससे युवक मौके से फरार हो गए. घटना के बाद बेहोश हो गई युवती को मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नेहरू शताब्दी अस्पताल पहुंचाया, जहां युवती का इलाज किया गया. घटना को लेकर दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि चाकूबाजी की घटना गंभीर है, और इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए सुराग जुटाने शुरू कर दिए है. recent visitors 116

राहुल गांधी ने झारखंड में INDIA गठबंधन की जीत के लिए लोगों को दिया धन्यवाद, JMM और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दी बधाई

रांची कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बीते झारखंड में इंडिया गठबंधन की जीत के लिए लोगों को धन्यवाद दिया और झारखंड मुक्ति मोर्चा तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जीत की शुभकामनाएं दी। कांग्रेस नेता ने महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव परिणामों को अप्रत्याशित बताया और कहा कि बाद में गठबंधन के हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी।  गांधी ने कहा, 'झारखंड के लोगों का इंडिया गठबंधन को विशाल जनादेश देने के लिए दिल से धन्यवाद। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, कांग्रेस और झामुमो के सभी कार्यकर्ताओं को इस विजय के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। राहुल गांधी ने कहा कि प्रदेश में गठबंधन की यह जीत संविधान के साथ जल-जंगल-जमीन की रक्षा की जीत है।' उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव परिणाम को चौंकाने वाला बताया और कहा, 'महाराष्ट्र के नतीजे अप्रत्याशित हैं और इनका हम विस्तार से विश्लेषण करेंगे। प्रदेश के सभी मतदाता भाई-बहनों को उनके समर्थन और सभी कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत के लिए धन्यवाद।'   recent visitors 53

भाजपा की महाराष्ट्र व उप्र उपचुनाव में हुई शानदार जीत का मनाया गया जश्न

टीकमगढ़. आज नवीन भाजपा कार्यालय पर भाजपा की जीत पर जश्न मनाया गया। भाजपा मीडिया प्रभारी स्वप्निल तिवारी व प्रफुल्ल द्विवेदी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव व उत्तर प्रदेश के उपचुनाव पर शानदार जीत पर नवीन भाजपा कार्यालय पर जश्न मनाया गया जिसमें प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष अमित नुना , वरिष्ठ नेता विवेक चतुर्वेदी उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा लहराते हुए, भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए आतिशबाजी की व सभी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी। भाजपा जिला अध्यक्ष अमित नुना ने कहा कि भाजपा अपने वादों पर खड़ा उतरती है, अपने जनता के बीच में काम के द्वारा पहचानी जाती है और जनता का आशीर्वाद स्पष्ट रूप से भाजपा के साथ है, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की 225 के ऊपर सीटें आ रही है व वहीं उत्तर प्रदेश उपचुनाव में पार्टी को शानदार जीत मिली, हमारे संगठन के कार्यकर्ताओं की मेहनत व भाजपा सरकार की रीति नीति से जनता खुश हैं , जिसका परिणाम है भाजपा की शानदार जीत। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अश्विनी चढ़ार व आशुतोष भट्ट, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक खरे रानू, अनीश खान, मंडल अध्यक्ष रोहित वैसाखिया, नरेश तिवारी, पंकज प्रजापति, रविंद्र श्रीवास्तव, संजू यादव, अरविंद खटीक, अंकित पाराशर, आकाश अवस्थी ,स्वप्निल तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। recent visitors 25

‘मॉन्ट्रीयाल जल रहा है और ट्रूडो नाच रहे’, कनाडाई पीएम का सोशल मीडिया पर विरोध

ओटावा. कनाडा के शहर मॉन्ट्रीयाल में हिंसा के बीच कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, इसमें वह टेलर स्विफ्ट के कॉन्सर्ट में नाचते-गाते दिखाया गया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनका विरोध करना और ट्रोल करना शुरू कर दिया है। बता दें कि ट्रूडो मॉन्ट्रीयाल में पापिनौ जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कथित तौर पर शुक्रवार को अपने परिवार के साथ टोरंटो में टेलर स्विफ्ट के एराज़ टूर कॉन्सर्ट में भाग लिया था। जिसका वीडियो वायरल हो गया है। एक्स पर पोस्ट किये गये वायरल वीडियो  उन्हें दर्शकों के बीच नाचते और गाते हुए दिखाता है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद यूजर्स भड़क गए हैं। यूजर्स कर रहे ट्रोल रोमन सम्राट नीरो से तुलना करते हुए यूजर्स ने कहा कि ट्रूडो भी ऐसे ही कर रहे है। एक यूजर ने लिखा कि प्राचीन परंपरा के अनुसार, जब रोम जल रहा था, तब सम्राट नीरो मंच पर आए और कविता पढ़ी। इसी तरह यहां ट्रूडो कर्ज को दोगुना कर 1.2 ट्रिलियन डॉलर करने और कनाडा की सीमाएं खोलकर आवास संकट पैदा करने के बाद आज रात के टेलर स्विफ्ट कॉन्सर्ट में नाच रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि ट्रूडो टेलर स्विफ्ट कॉन्सर्ट में थे, जबकि मॉन्ट्रीयाल जल रहा है। वहीं, एक अन्य ने कहा कि जस्टिन ट्रूडो कल रात टेलर स्विफ्ट कॉन्सर्ट में दोस्ती का आदान-प्रदान कर रहे थे, जब हम सभी को पता चला कि मॉन्ट्रीयाल में आग लगी हुई है। मॉन्ट्रीयाल में हिंसक प्रदर्शन दरअसल, 22 नवंबर को मॉन्ट्रीयाल में इस्राइल विरोधी प्रदर्शन हो रहे थे, तभी वहां हिंसा भड़क गई। खास तौर पर तब जबकि  वहां के क्यूबेक महानगर में नाटो प्रतिनिधि गठबंधन की वार्षिक सभा हो रही थी। उस समय प्रदर्शनकारियों ने उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन का विरोध कर रहे थे। ये हिंसा तब और बढ़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का पुतला जलाया। उस दौरान प्रदर्शनकारियों ने करीबन 800 लोगों ने वाहनों में आग लगा दी। इतना ही नहीं आसपास की दुकानों की खिड़कियां तोड़ दीं और स्मॉग बम भी छोड़े। इसके बाद, पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज भी करना पड़ा। इस हिंसा के मामले में मॉन्ट्रियाल पुलिस ने कथित तौर पर अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ट्रूडो ने की आलोचना इस हिंसा की जस्टिन ट्रूडो ने आलोचना भी की है। शनिवार को ट्रूडो ने कहा कि मॉन्ट्रियाल दंगाइयों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने कल रात मॉन्ट्रियाल की सड़कों पर जो देखा वह भयावह था। जहां भी हम यहूदी विरोधी भावना, धमकी और हिंसा के कृत्यों को देखते हैं, उनकी निंदा की जानी चाहिए। recent visitors 41

स्वामी विवेकानंद जयंती धूमधाम से मनाएं, ‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने युवाओं से की NCC से जुड़ने की अपील

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री मोदी ने आज 'मन की बात' कार्यक्रम के 116वें एपिसोड को संबोधित किया। इसमें पीएम मोदी ने युवाओं से एनसीसी से जुड़ने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एनसीसी दिवस है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं खुद एनसीसी का कैडेट रहा हूं और इसके अनुभव मेरे लिए अनमोल हैं। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना पैदा करती है। देश में कहीं भी आपदा होने पर एनसीसी कैडेट आगे बढ़कर मदद करते हैं। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि हर साल 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर देश युवा दिवस मनाता है। अगले साल स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती है। इसे खास तरीके से मनाया जाएगा और 11-12 जनवरी को दिल्ली में भारत मंडपम में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि 'मैंने लाल किले की प्राचीर से ऐसे युवाओं से राजनीति में आने का आहवान किया है, जिनके परिवार का कोई भी व्यक्ति राजनीति में नहीं है, ऐसे एक लाख युवाओं को, नए युवाओं को, राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई तरह के विशेष अभियान चलेंगे।' प्रधानमंत्री ने लखनऊ के रहने वाले वीरेंद्र की तारीफ की, जो बुजुर्गलों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट में मदद कर रहे हैं। इससे बुजुर्गों को पेंशन लेने में मदद मिली है। इसी तरह भोपाल के महेश की तारीफ की, जो बुजुर्गों को मोबाइल के माध्यम से पेमेंट करना सिखा रहे हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री ने चेन्नई की प्रकृत अरिवगम और बिहार के गोपालगंज की प्रयोग लाइब्रेरी की चर्चा की, जो बच्चों में पढ़ने और सीखने की आदत विकसित कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में कैरेबियाई देशों का दौरा किया था। मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि कैरेबियाई देश गुयाना में भी मिनी भारत बसता है। भारत से सैंकड़ों वर्षों पहले लोगों को खेती, मजदूरी के लिए गुयाना ले जाया गया था और आज वहां भारतीय मूल के लोग राजनीति, व्यापार, शिक्षा और संस्कृति के हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रहे हैं। गुयाना की तरह ही दुनिया के कई देशों में भारतीय गए और उन्होंने वहां अपनी पहचान बनाई। ओमान में भी कई भारतीय शताब्दियों से रह रहे हैं और व्यापार जगत में अपनी जगह बनाई। आज वे ओमान के नागरिक हैं, लेकिन उनकी रग-रग में भारतीयता बसी है। recent visitors 64