Friday, July 10, 2026 9:01 am

देश में पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए खर्च किए 3,623 करोड़ रुपये: केंद्र सरकार

नई दिल्ली देश की केंद्र सरकार ने 2018 से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पराली प्रबंधन पर 3,623.45 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लोकसभा में यह जानकारी दी। पंजाब को सबसे अधिक 1,681.45 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिसके बाद हरियाणा को 1,081.71 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। निचले सदन में पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश को 763.67 करोड़ रुपये, दिल्ली को 6.05 करोड़ रुपये और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) को 83.35 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने निचले सदन को बताया कि इस राशि का उपयोग पराली प्रबंधन मशीनरी को सब्सिडी देने और पराली जलाने पर रोक लगाने और सस्टेनेबल प्रैक्टिस को बढ़ावा देने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर (सीएचसी) स्थापित करने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि तीन लाख से अधिक मशीनें वितरित की गई हैं, जिनमें 4,500 बेलर और रेक शामिल हैं। सरकार ने प्लांट की क्षमता के आधार पर पेलेटाइजेशन (फसल अवशेषों को जैव-कोयले में परिवर्तित करना) प्लांट के लिए 1.4 करोड़ रुपये और टॉरफिकेशन प्लांट के लिए 2.8 करोड़ रुपये तक देने की जरूरत को समझा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब तक ऐसे प्लांट के लिए 17 आवेदनों को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 15 से सालाना 2.70 लाख टन धान के भूसे को संसाधित करने की उम्मीद है। फसल अवशेष प्रबंधन मशीनरी की खरीद को समर्थन देने और दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना को लेकर कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय ने 2018 में एक योजना भी शुरू की थी। 2023 में, मंत्रालय ने फसल अवशेष/धान के भूसे की सप्लाई चेन स्थापित करने के लिए सहयोग बढ़ाने के लिए योजना के दिशा-निर्देशों को संशोधित किया, जिससे मशीनरी और उपकरणों की पूंजीगत लागत के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की गई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य प्राधिकरणों और इसरो, आईसीएआर और भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) जैसी एजेंसियों के साथ मिलकर सरकार ने फसल अवशेष जलाने की समस्या से निपटने के लिए एक कार्य योजना शुरू की है। खेतों में सीधे फसल अवशेषों का प्रबंधन करने के लिए सरकार ने फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) मशीनरी आवंटित की है, जो धान के भूसे से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक है। सरकार ने कंबाइन हार्वेस्टर के साथ सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) के उपयोग को भी अनिवार्य कर दिया है, जो भूसे को काटकर खेतों में समान रूप से फैला देता है, जिससे जलाने की आवश्यकता समाप्त हो जाती है। इसके अतिरिक्त, आईएआरआई द्वारा विकसित बायो-डीकंपोजर के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाता है ताकि धान के भूसे को प्राकृतिक रूप से विघटित किया जा सके, जिससे यह एक मूल्यवान फर्टिलाइजर में बदला जा सके।   recent visitors 50

राज्य स्तरीय भव्य पंथी नृत्य प्रतियोगिता के लिए मुख्यमंत्री साय को मिला न्योता

रायपुर, राज्य स्तरीय पंथी नृत्य प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों के पंथी नर्तक दल हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता बेमेतरा जिले के विकासखण्ड मुख्यालय नवागढ़ में 19 से 21 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल के नेतृत्व में सतनामी समाज प्रमुखों के दल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में भेंट कर उन्हें प्रतियोगिता में शामिल होने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने श्री साय ने निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए जयंती कार्यक्रम में शिरकत करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री श्री साय को प्रतिनिधिमण्डल ने बताया कि परम पूज्य गुरूघासी दास बाबा जी के 268 वीं जयंती के उपलक्ष्य में आगामी माह दिसंबर मेें जयंती मनाने राज्य स्तरीय पंथी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। सभी समाज के लोगों से आपसी प्रेम और सौहाद्रपूर्ण वातावरण में इस आयोजन को सफल बनाने का अनुरोध किया गया है। देश के विभिन्न राज्यों के पंथी नर्तक दलों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा रहा है। आयोजन में सहयोग देने वाले सभी समाज के लोगों को सम्मानित करने की भी योजना है। इस मौके पर प्रतियोगिता का स्वरूप, एवं आयोजन समिति, सुरक्षा समिति सहित अन्य व्यवस्था की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री रामजी भारती, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, पद्मश्री श्रीमती उषा बारले सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि शामिल थे। देश-विदेश मेें मशहूर हैं पंथी नृत्य देश-विदेश में मशहूर है छत्तीसगढ़ का पंथी नृत्य। यह छत्तीसगढ़ के सतनामी समुदाय का पारंपरिक नृत्य है। इस नृत्य में बाबा गुरूघासीदास जी के संदेशों को गीतों और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है। यह वस्तुतः एक धार्मिक और आध्यात्मिक नृत्य है। यह नृत्य सामूहिक अराधना की तरह है। इस नृत्य की विशेषता मांदर की थाप और मंजीरे की झांझ में तेज गति से नर्तक नृत्य प्रस्तुत करते है। तेज गति से प्र्रस्तुत किए जाने वाले इस नृत्य से दर्शक रोमांचित हो उठते हैं। पंथी नृत्य में कई वाद्ययंत्रों का इस्तेमाल होता है, जैसे मांदर, झांझ, झुमका, मंजीरे, चिकारा, हारमोनियम, और बेन्जो आदि शामिल होता है। recent visitors 50

झांसी के अग्निकांड में योगी सरकार ने की बड़ी कार्यवाही, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल हटाए गए और 3 सस्पेंड

झांसी उत्तर प्रदेश के झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में हुए अग्निकांड में 10 बच्चों की मृत्यु के मामले में योगी सरकार ने बड़ी कार्यवाही की है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज के प्रिंसिपल को हटा दिया है। उन्हें लखनऊ से अटैच किया गया है। इसके साथ ही कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को आरोप पत्र एवं 3 अन्य को निलंबित किया गया है। प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र सिंह सेंगर को अटैच किया गया है। वहीं चाइल्ड डिपार्टमेंट के HoD, जूनियर इंजिनियर, NICU की नर्सिंग सिस्टर इंचार्ज को सस्पेंड किया गया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि झांसी मेडिकल कॉलेज में हुई ह्रदय विदायक घटना को लेकर सरकार बेहद संवेदनशील है। पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में एक जांच कमेटी का गठन किया गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह सेंगर को पद से हटा दिया गया है। उन्हें चिकित्सा शिक्षा विभाग के महानिदेशालय से संबद्ध किया गया है। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन माहुर को आरोप पत्र दिया गया है। वहीं, कॉलेज के अवर अभियन्ता (विद्युत) संजीत कुमार, एनआईसीयू वार्ड की नर्सिंग सिस्टर इंचार्ज संध्या राय एवं मेडिकल कॉलेज की प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुनीता राठौर को तत्काल निलम्बित करते हुए आरोप पत्र दिया गया। कमिश्नरी जांच के निर्देश कॉलेज में बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. ओमशंकर चौरसिया, सर्जरी विभाग के सह-आचार्य डॉ. कुलदीप चंदेल व विद्युत प्रभारी अधिकारी को आरोप पत्र देकर उनकी भूमिका की जांच के लिए मण्डलायुक्त झांसी को जांच अधिकारी बनाया गया। यह थी घटना 15 नवम्बर को झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू वार्ड में आग लगने से दस बच्चों की मृत्यु हो गई थी। हादसे के तुरंत बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक घटनास्थल पर पहुंचे थे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी थी। साथ ही दोषियों पर कार्यवाही का आश्वासन दिया था। डिप्टी सीएम ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को महानिदेशक की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय कमेटी गठित करने के आदेश दिए थे। कमेटी की जांच रिपोर्ट के बाद समीक्षा कर घटना में दोषियों के खिलाफ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक द्वारा कार्रवाई की गई है। चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक किंजल सिंह की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय जांच कमेटी का पिछले 16 नवंबर को गठन किया गया था। कमिटी ने अपनी जांच पूरी करने के बाद रिपोर्ट तैयार की। अब इस रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की तैयारी है। रिपोर्ट में आग लगने के दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की गई है। अग्निकांड के दौरान मेडिकल उपकरण चलाने में बरती गई लापरवाही का भी जिक्र और शार्ट सर्किट से ऑक्सिजन कंसंट्रेटर में आग लगने से यह हादसा हुआ था। recent visitors 91

PAN अपग्रेडेशन प्रोग्राम की शुरू, मिलेगा QR Code वाला कार्ड

नई दिल्ली भारत सरकार की तरफ PAN अपग्रेडेशन प्रोग्राम की शुरुआत की गई है। इसमें PAN 2.0 का नाम दिया गया है। आयकर विभाग की तरफ से PAN 2.0 प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी गई है। PAN/TAN 1.0 इको-सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए ये प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। PAN 2.0 प्रोग्राम इसी का हिस्सा है जो पुराने सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए लाया गया है। हालांकि इससे संबंधित बहुत सारे सवाल है। बहुत सारे यूजर्स के मन में सवाल है कि इसे अपग्रेड कैसे किया जा सकता है, क्या इसके लिए अलग से भुगतान करना होगा ? क्या अलग से करना होगा भुगतान PAN 2.0 की मदद से पूरे सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा। सिस्टम को ऑनलाइन बेस्ड किया जाएगा। हालांकि इसके लिए यूजर्स को भुगतान नहीं करना होगा। पुराने पैन कार्ड को अपग्रेड किया जाएगा और यूजर्स को नई टेक्नोलॉजी वाले पैन दिए जाएंगे। पैन डेटा को भी ज्यादा सुरक्षित किया जाएगा। यानी PAN यूजर्स का पूरा डेटा ज्यादा सिक्योर किया जाएगा। अगर वह इसका इस्तेमाल करेंगे तो उनके डेटा का भी सरकार की तरफ से पूरा ध्यान रखा जाएगा। PAN 2.0 में क्या अलग होगा ? PAN 2.0 की बात करें तो इसमें अलग से QR कोड दिया जाएगा। इसे स्कैन करने के बाद आसानी से यूजर की पूरी जानकारी हासिल की जा सकती है। PAN एक्टिविटी पर भी ध्यान रखा जाएगा। अपग्रेडेड वर्जन में सिक्योरिटी का ध्यान रखा जाएगा। करदाताओं का रजिस्ट्रेशन भी बेहतर किया जाएगा। हालांकि अभी तक इसको लेकर बहुत सारे सवाल हैं। सरकार की तरफ से इस पर आगे भी फैसले लिए जाएंगे। सरकार की तरफ से सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए 1,435 करोड़ रुपए भी खर्च किए जाएंगे। इसे डिजिटल इंडिया का ही हिस्सा बताया गया है। पूरे सिस्टम पर काम भी शुरू कर दिया गया है। अभी इसको लेकर नोटिफिकेशन भी जारी किया जा सकता है। recent visitors 79

रेणुकास्वामी हत्याकांड में आरोपी एक्टर दर्शन की जमानत पर फैसला 28 नवंबर को आएगा

बेंगलुरु  रेणुकास्वामी हत्याकांड में मुख्य आरोपी एक्टर दर्शन ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका लगाई है। उन्होंने कोर्ट में कहा कि रेणुकास्वामी समाज के लिए खतरा था। उसने महिलाओं को अश्लील मैसेज और पोर्नोग्राफिक कंटेंट भेजे थे। दर्शन के वकील सीवी नागेश ने कोर्ट में कहा: "उसके (रेणुकास्वामी) दिल में महिलाओं के लिए कोई सम्मान नहीं था। उसने कई महिलाओं को अश्लील सामग्री और नग्न तस्वीरें भेजी।" रेणुकास्वामी ने गौतम के नाम से मैसेज भेजे। उसने इस तरह के गंदे मैसेज सिर्फ पवित्रा गौड़ा को नहीं भेजे। उसने कई और महिलाओं के साथ ऐसा किया। रेणुकास्वामी का शव 9 जून को पश्चिम बेंगलुरु के कामाक्षीपाल्या में एक नाले के पास मिला था। इस मामले में पुलिस ने दो दिन बाद दर्शन, उसकी दोस्त पवित्रा और अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। 28 नवंबर को होगी दर्शन की जमानत याचिका पर सुनवाई दर्शन की जमानत याचिका पर मंगलवार को दो घंटे से अधिक समय तक जस्टिस एस विश्वजीत शेट्टी की बेंच ने सुनवाई की। अगली सुनवाई 28 नवंबर को होगी। सुनवाई के दौरान दर्शन के वकील ने पुलिस जांच में खामियों को कोर्ट में पेश किया। कहा गया कि जांच कार्यवाही और शव के पोस्टमॉर्टम में देर की गई। दर्शन के वकील नागेश ने कहा कि रेणुकास्वामी के पिता काशीनाथैया ने कहा था कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि उन्हें चित्रदुर्ग से बेंगलुरु तक जबरन या धोखे से अगवा किया गया था। रेणुकास्वामी की मां ने भी कहा था कि वह दोस्तों के साथ लंच के लिए गया था। बेंगलुरू की यात्रा के दौरान रेणुकास्वामी ने एक रेस्तरां में बिल का भुगतान किया। नागेश ने कोर्ट में सवाल रखा, "क्या एक अपहृत व्यक्ति 640 रुपए का बिल चुकाएगा?" दर्शन के वकील का दावा- 'कोई सबूत नष्ट नहीं किया गया' दर्शन के वकील नागेश ने सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि किसी शव को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना अपराध के सबूत नष्ट करने का मामला नहीं है। recent visitors 75

एस जयशंकर ने इटली, जापान और दक्षिण कोरिया के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं

फ़िउग्गी (इटली)/नई दिल्ली विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इटली के फ़िउग्गी में जी 7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान इटली, जापान और दक्षिण कोरिया के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी के साथ अपनी बैठक के बारे में विदेश मंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट लिखा“ दोनों ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे, यूक्रेन संघर्ष और इंडो-पैसिफिक पर विचारों का आदान-प्रदान किया। आज इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी के साथ गर्मजोशी से भरी बैठक हुई। प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, उर्वरक, रेलवे और निवेश में अवसरों पर चर्चा की। आईएमईसी, यूक्रेन और इंडो-पैसिफिक पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। हाल ही में घोषित संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना हमारी गतिविधियों का मार्गदर्शन करती है। 2025 में भारत में उनका स्वागत करने के लिए तत्पर हैं।” दक्षिण कोरियाई समकक्ष चो ताए-युल के साथ अपनी बैठक के बारे में उन्होंने पोस्ट किया, “कोरिया गणराज्य के विदेश मंत्री चो ताए-युल से मिलकर बहुत अच्छा लगा। भारत-प्रशांत क्षेत्र में हमारे बढ़ते सहयोग, जीवंत आर्थिक साझेदारी, मजबूत रक्षा संबंधों और सक्रिय तकनीकी सहयोग की सराहना करता हूं।” दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्री ने पोस्ट किया “फ़िउग्गी में जी7 विदेश मंत्रियों की बैठक की हलचल में डॉ़ एस जयशंकर से मिलकर और उनसे बातचीत करके भी प्रसन्नता हुई, हमेशा की तरह व्यावहारिक!”   recent visitors 73

वाइनरी केस में नया ट्विस्‍ट, ब्रैड पिट से कोर्ट ने मांगे कागजात

न्यूयॉर्क एंजेलिना जोली और ब्रैड पिट के बीच फ्रेंच वाइनरी को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई में नया ट्विस्‍ट आ गया है। सोमवार, 25 नवंबर को जज ने ब्रैड पिट से साफ शब्‍दों में कहा है कि उन्‍हें वो कागजात और मैसेज अदालत में पेश करने होंगे, जिसको लेकर एंजेलिना यह दावा कर रही हैं कि उनसे उनके और बच्‍चों के साथ हुई घरेलू हिंसा की घटनाओं को छुपाने के लिए दबाव बनाया गया था। यदि जोली का दावा सही निकलता है तो ब्रैड पिट की मुश्‍क‍िलें बढ़ सकती हैं। एंजेलिना जोली के वकील पॉल मर्फी ने मंगलवार, 26 नवंबर को 'यूएस वीकली' को बताया कि ब्रैड पिट ने कथित तौर पर घरेलू हिंसा और दुर्व्यवहार को अधिकारियों से वर्षों तक छिपाने की कोश‍िश की है। उन्‍होंने बताया कि जज लिया मार्टिन ने जो कागजात मांगे हैं, वह एक्‍टर के ख‍िलाफ एंजेलिना जोली के आरोपों को पुख्‍ता करते हैं। एक्‍ट्रेस ने कहा है कि उन्‍हें एक 'नॉन डिस्‍क्‍लोजर एग्रीमेंट' पर साइन करने के लिए मजबूर किया गया। एंजेलिना जोली ने वापस ले लिया है प्राइवेट जेट पर हिंसा का केस वाइनरी मामले में ब्रैड पिट द्वारा एंजेलिना जोली और बच्चों पर घरेलू हिंसा के आरोपों पर अभी भी अदालत की नजर है। हालांकि, एंजेलिना जोली ने बीते दिनों 2016 में प्राइवेट जेट पर ब्रैड पिट के बुरे बर्ताव और हिंसा के केस को वापस ले लिया था। उनके वकील का कहना है कि ब्रैड पिट की 'ऐसी हरकतें जिससे एंजेलिना और उनके बच्चों को नुकसान पहुंचा' अभी भी उनकी संपत्ति से जुड़े विवाद का रुख बदल सकती हैं। वकील बोले- ब्रैड पिट को चाहिए कि वो परिवार पर ध्‍यान दें वकील मर्फी ने इस बात पर जोर दिया कि जोली और बच्चे चाहते हैं कि उनके परिवार से जुड़े कानूनी मामले खत्‍म हो। उन्‍होंने कहा, 'ब्रैड पिट को अपने परिवार में सकुछ ठीक करने पर ध्यान देना चाहिए। लेकिन वह मुकदमों के पीछे लगे हुए हैं। वकील का अरोप- वाइनरी पर कंट्रोल चाहते हैं ब्रैड पिट जोली के वकील ने जोर देकर कहा कि एक्‍ट्रेस ने कभी अपने एक्‍स पति पर कोई आरोप नहीं लगाए। उन्‍होंने सारी संपत्ति भी छोड़ दी। लेकिन ब्रैड पिट ने मिरावल और वाइनरी पर कंट्रोल पाने की चाहत से कानूनी लड़ाई लड़ने पर मजबूर किया। ब्रैड पिट के करीबी ने कहा- इससे फर्क नहीं पड़ता दूसरी ओर, ब्रैड पिट से जुड़े एक सूत्र ने अमेरिकी मैगजीन से कहा कि एक्‍टर के बारे में ये जो कुछ भी कहा जा रहा है, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। वह पहले ही कोर्ट को बहुत ही जानकारी और ढरे सारे कागाजत दे चुके हैं। recent visitors 81