नक्सलियों की घमाके वाली साजिश नाकाम, छत्तीसगढ़-कोंडागांव में तीन आईईडी बरामद

कोंडागांव. कोंडागांव में फोर्स को नक्सल मोर्चे पर बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस और सुरक्षाबलों के जवानों ने समय रहते नक्सलियों की प्लानिंग को भांप लिया और एक साथ तीन आईईडी को बरामद किया. उसके बाद तीनों आईईडी को डिफ्यूज कर दिया गया है. सिक्योरिटी फोर्स की सूझबूझ से बड़ी नक्सल साजिश नाकाम हो गई, नहीं तो कोंडागांव में बड़ा ब्लास्ट हो सकता था. कोंडागांव के तीन गांवों से मिले IED: सुरक्षाबलों और पुलिस के जवानों को कोंडागांव के भण्डारपाल, जबकसा और माड़गांव के सीमावर्ती पहाड़ी इलाकों में आईईडी मिले. यहां सिक्योरिटी फोर्स को निशाना बनाने के लिए दो दो किलो के तीन आईईडी लगाए गए थे. सभी आईईडी को बरामद करने के बाद सुरक्षाबलों की बीडीएस टीम ने इसे नष्ट कर दिया. पुलिस को यह सफलता लोकल इंटेल के बाद की गई कार्रवाई पर मिली है. कोंडागांव में तीन आईईडी बरामद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हमने कोंडागांव के जंगली इलाकों में सर्च अभियान चलाया. भण्डारपाल, जबकसा और माड़गांव से सटे पहाड़ी से तीनों आईईडी मिले हैं. यह आईईडी सुरक्षा बलों को जान से मारने के उद्देश्य से लगाए थे. पुलिस जवानों की सूझबूझ से यह नाकाम हो गया. इस ऑपरेशन में धनोरा जिला पुलिस बल और कुंएमारी सीएएफ के जवान शामिल थे -अनिल विश्वकर्मा, SDOP, फरसगांव नक्सलियों की धमाके की प्लानिंग का सबूत सर्च ऑपरेशन किया जाएगा तेज: फरसगांव एसडीओपी अनिल विश्वकर्मा ने कहा कि सभी आईईडी को शाम चार बजे बरामद किया गया. उसके बाद हमारी बीडीएस टीम ने इसे नाकाम कर दिया. क्षेत्र में सर्चिंग ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. जिससे किसी भी नक्सल वारदात से निपटा जा सके. recent visitors 60

मौके पर भिड़े किरोड़ी मीणा, राजस्थान-जयपुर में एसआई भर्ती रद्द करने वाले युवाओं की गिरफ्तारी करने देर रात पहुँची पुलिस

जयपुर. राजस्थान में सब इंस्पेक्टर भर्ती को लेकर बवाल बढ़ता नजर आ रहा है। जयपुर में देर रात पुलिस उन छात्रों को थाने ले जाने देर रात उनके घर पहुंच गई जो लंबे समय से एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करवाने की मांग कर रहे हैं। जब सरकार के कैबिनेट मंत्री किरोड़ लाल मीणा को इसकी जानकारी मिली तो वे मौके पर ही पहुंचकर पुलिस से भिड़ गए। मामला महेश नगर इलाके का है। देर रात 12 बजे महेश नगर थाना पुलिस कुछ छात्रों के घर पहुंची। घर पर सो रहे छात्रों को जगाकर उन्हें थाने ले जाया गया। इनमें एक छात्रा भी थी। किरोड़ी लाल मीणा इस बात पर बहुत नाराज हुए और उन्होंने पुलिस कर्मियों को जमकर लताड़ लगाई। इसके कुछ वीडियोज भी सामने आए हैं। भर्ती परीक्षा निरस्त करवाने की मांग पर अड़े किरोड़ी राजस्थान में एसआई भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर पेपर लीक का मामला एसओजी की जांच में समाने आ चुका है। इसके बाद भर्ती परीक्षाओं की तैयारियों से जुड़े छात्र इस पेपर को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि पहले सरकार ने इस मामले में एक कमेटी बनाई थी। कमेटी ने अपनी सिफारिशें सरकार को दे भी दीं लेकिन अब सरकार इस मामले को लेकर न तो भर्ती रद्द करने की बात कह रही है और न ही यह कह रही है कि भर्ती रद्द नहीं होगी। 10 दिसंबर को कोर्ट में देगी जवाब इधर राजस्थान हाईकोर्ट ने भी एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सरकार से पूछा है कि एसआई भर्ती पर सरकार का स्टैंड क्या है। सरकार ने कोर्ट से जवाब देने के लिए 4 सप्ताह का समय मांगा था लेकिन कोर्ट ने इस मामले में यथास्थिति का आदेश पारित करते हुए 10 दिसंबर का समय दिया है। एसआई भर्ती परीक्षा के मामले में जांच एजेंसी एसओजी अब तक 50 ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और नकल गिरोह के 30 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली ने x पर लिखा – जयपुर में पुलिस द्वारा पढ़ाई कर रहे युवाओं को आधी रात में गिरफ्तार करना एक घोर निंदनीय और अलोकतांत्रिक कृत्य है। यह घटना भाजपा सरकार की युवा विरोधी और महिला विरोधी मानसिकता को उजागर करती है। यह घटना बताती है कि प्रदेश की भाजपा सरकार और पुलिस अब जनता के प्रति जवाबदेह नहीं रह गई है। यह सिर्फ छात्रों पर अन्याय नहीं, बल्कि लोकतंत्र पर हमला है। भाजपा सरकार सत्ता के नशे में यह भूल गई है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। मैं इस अलोकतांत्रिक कार्रवाई की घोर भर्त्सना करता हूं और सरकार को चेतावनी देता हूं कि युवाओं की आवाज़ को दबाने का यह प्रयास उन्हें बहुत महंगा पड़ेगा। प्रदेश की जनता अब इस तानाशाही को और बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा सरकार को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में सत्ता जनता की सेवा के लिए है, न कि उनकी आवाज़ दबाने के लिए। recent visitors 95

यूपी बॉर्डर पर रोके गए राहुल गांधी ने पुलिस से कहा- पांच लोगों को संभल जाने दो, बॉर्डर से लौटाया

नई दिल्ली लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बुधवार सुबह संभल के लिए निकले। उनका काफिला यूपी पर गेट से रोक लिया गया। काफी देर तक तनातनी के बाद पुलिस ने उन्हें जाने नहीं दिया। अब कांग्रेस नेता दिल्ली वापस लौट रहे हैं। यूपी बॉर्डर पर रोके गए राहुल गांधी ने पुलिस से कहा- पांच लोगों को संभल जाने दो। संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे के बाद वहां भड़की हिंसा में पांच लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद से संभल का सियासी माहौल गर्माया हुआ है। मंगलवार को संसद में इस मुद्दे की गूंज हुई। इससे पहले सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व उनके अन्य नेताओं को पुलिस प्रशासन ने संभल नहीं जाने दिया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में सपा के प्रतिनिधिमंडल को भी इसी कारण लखनऊ में ही रोक लिया गया। संभल प्रशासन ने यहां बाहरी लोगों के आने पर रोक लगाई हुई है। मैं अकेला जाने को तैयार हूं… पुलिस के साथ जाने को तैयार हूं : राहुल बोले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने यहां बुधवार को गाजीपुर बार्डर पर रोके जाने के बाद कहा कि वह पुलिस के साथ अकेले संभल जाने को तैयार हैं लेकिन उन्हें इसकी भी अनुमति नहीं दी जा रही है। साथ ही कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें संभल जाने से रोका जाना लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनके विशेषाधिकारों का हनन है। संभल रवाना होने के बाद दिल्ली. गाजीपुर सीमा पर पुलिस द्वारा रोके जाने के पर राहुल ने संवाददाताओं से कहा, हम संभल जाने की कोशिश कर रहे हैं, मगर पुलिस मना कर रही है। लोकसभा में नेता विपक्ष के नाते मेरा अधिकार बनता है कि मैं वहां जा सकता हूं। मगर तब भी वह मुझे रोक रहे हैं। यह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के मेरे अधिकार के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि मैंने कहा है कि मैं अकेला जाने को तैयार हूं… पुलिस के साथ जाने को तैयार हूं मगर उन्होंने वह भी बात नहीं मानी और अब कह रहे हैं कि कुछ दिन बाद वह हमें जाने देंगे। राहुल ने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा, कि यह (संभल जाने से रोका जाना) लोकतंत्र के खिलाफ है। हम संभल जाकर देखना चाहते हैं कि वहां क्या हुआ। हम लोगों से मिलना चाहते हैं लेकिन मेरा जो संवैधानिक अधिकार है, मुझे उससे वंचित किया जा रहा है। यह संविधान को खत्म करने वाला हिंदुस्तान है। अंबेडकर जी के संविधान को खत्म करने वाला हिंदुस्तान है। मगर हम लड़ते रहेंगे।   राहुल गांधी और प्रियंका गांधी प्रतिनिधिमंडल के साथ वापस दिल्ली जाएंगे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी प्रतिनिधिमंडल के साथ वापस दिल्ली जाएंगे। पुलिस ने उन्हें संभाल नहीं जाने दिया। राहुल के काफिले को यूपी की सीमा में दाखिल करा कर दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे के अंडरपास से वापस दिल्ली भेजा जाएगा। राहुल के संभल दौरे को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णन ने हमला बोला राहुल के संभल दौरे को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णन ने हमला बोला। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी संभल जा रहे हैं। उनको वहां जाने का शौक है तो एक बार बांग्लादेश भी जाना चाहिए। बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है राहुल गांधी संभल जाना चाहते हैं। संभल में पूरी तरह से शांति है। उन्होंने कहा कि संसद में बांग्लादेश का मुद्दा उनको उठाना चाहिए. राहुल गांधी दंगों की आग में घी डालने का काम कर रहे हैं। डीजीपी ने राहुल को जाने से मना कर दिया यूपी गेट पर रोके गए राहुल गांधी ने कहा कि डीजीपी से बात हुई। मैं कहा कि हमें संभल जाने दीजिए, हालांकि डीजीपी ने उन्हें जाने से मना कर दिया। recent visitors 75

देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में विशेष प्रसाद ले जा रहे महाकाल मंदिर के आशीष पुजारी

उज्जैन  देवेंद्र फडणवीस पांच दिसंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी को फोन कर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया है। महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी अब शपथ ग्रहण समारोह में जाने की तैयारी में जुटे हैं। साथ ही वह शपथ ग्रहण के लिए विशेष प्रसाद लेकर जाएंगे। पुजारी को आया निमंत्रण उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी आशीष गुरु के पास शपथ विधि में शामिल होने का आमंत्रण आया है। खास बात तो यह है कि यह आमंत्रण खुद देवेंद्र फडणवीस की ओर से दिया गया है। पुजारी द्वारा आमंत्रण स्वीकार करते ही देवेंद्र फडणवीस के ऑफिस से पुजारी की फ्लाइट की टिकट करवा दी गई है। वह आज मुंबई पहुंचेंगे और कल शपथ विधि समारोह में शामिल होंगे। रुद्राक्ष की माला और भस्मी लेकर जाएंगे वहीं, देवेंद्र फडणवीस के लिए पुजारी आशीष गुरु ने खास तैयारी की है। वह यहां से बाबा महाकाल का प्रसाद, रुद्राक्ष की माला और भस्म आरती में चढ़ने वाली भस्मी के साथ ही बाबा महाकाल को अर्पित किया गया दुपट्टा लेकर जाएंगे। महाकाल के दरबार में 15 सालों से आ रहे देवेंद्र फडणवीस आशीष पुजारी ने बताया कि पिछले 15 सालों से देवेंद्र फडणवीस बाबा महाकाल के दरबार में आ रहे हैं। उनका पूजन आशीष पुजारी ही करवाते हैं। फडणवीस की बाबा महाकाल में गहरी आस्था है । यही कारण है कि वे वर्ष में दो से तीन बार बाबा महाकाल के दर पर मत्था टेकने जरूर आते हैं। इसके साथ ही कोई भी शुभ कार्य हो वह उसे करने से पहले बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेना नहीं भूलते हैं। recent visitors 66

दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, छत्तीसगढ़-राजभवन में राज्यपाल से मिलीं पूर्वोत्तर राज्यों से पढ़ने आईं छात्राएं

रायपुर. छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से शबरी कल्याण आश्रम की छात्राओं ने भेंटकर उन्हें असम और नागालैण्ड राज्यों के स्थापना दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं दी। केन्द्र सरकार के 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के राजभवन में असम और नागालैंड राज्यों के स्थापना दिवस के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्थापना दिवस मनाया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने इस अवसर पर कहा कि हमारा देश विभिन्न संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं का संगम है। विविधता में एकता की भावना को बढ़ावा देने के लिए सभी राज्य एक दूसरे के स्थापना दिवस मनाते हैं। इसी कड़ी में राजभवन के दरबार हॉल में असम एवं नागालैंड राज्यों का स्थापना दिवस मनाया गया। राज्यपाल ने स्थापना दिवस के अवसर पर इन राज्यों के लोगों को बधाई दी। रायपुर में वनवासी कल्याण परिसर द्वारा संचालित शबरी कल्याण आश्रम में पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, अरूणांचल प्रदेश, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा की लगभग 40 बालिकायें अपनी पढ़ाई कर रहीं हैं। राज्यों के स्थापना दिवस के अवसर पर इन बालिकाओं ने वनवासी कल्याण आश्रम के प्रांत संगठन मंत्री रामनाथ कश्यप के साथ राजभवन पहुंचकर राज्यपाल डेका से भेंट की। इस अवसर पर इन बालिकाओं ने पूर्वोत्तर राज्यों की लोक कला और लोक नृत्यों का प्रस्तुती भी दी। शबरी कल्याण आश्रम की ओर से इन बालिकाओं ने राज्यपाल डेका को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। राज्यपाल ने सभी बालिकाओं का छत्तीसगढ़ का राजकीय गमछा पहनाकर स्वागत किया। राज्यपाल डेका ने अपने उद्बोधन में असम और नागालैंड राज्य की विशेषताओं को रेखांकित किया। राज्यपाल ने कहा कि असम और छत्तीसगढ़ की संस्कृति, अर्थवयवस्था मिलती-जुलती है। असम की चाय की स्फूर्तिदायक खुशबू पूरी दुनिया में फैली है। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ का प्राकृतिक वातावरण भी चाय उत्पादन के लिए अनुकूल है। इसलिए इस दिशा में प्रयास किया जाएगा जिससे छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था भी आगे बढे़गी। कार्यक्रम को असम राज्य के प्रतिनिधि के रूप में अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्प संख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और नागालैंड की प्रतिनिधि संगमाई ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा सांसद नत्थूभाई पटेल, राज्यपाल के सचिव यशंवत कुमार, राजभवन के अन्य अधिकारी, रायपुर महानगर वनवासी कल्याण आश्रम की संगीता चौबे और दोनों राज्यों के प्रतिनिधिगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। recent visitors 50

मौसम विभाग की 24 घंटे में पारा गिरने की चेतावनी, राजस्थान-उत्तर में बर्फबारी के कारण चलीं ठंडी हवाएं

जयपुर। राजस्थान में मौसम बीते 24 घंटों में ही काफी बदलता नजर आ रहा है। बुधवार सुबह मौसम में ठंड का प्रभाव ज्यादा नजर आया। उत्तर में कश्मीर के बाद हिमाचल में हुई बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में भी तेज गिरावट देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक अगले 24 घंटों में प्रदेश में न्यूनतम पारे में 2 से 4 डिग्री तक की कमी आ सकती है। राजमार्गों पर घने कोहरे की चेतावनी राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इनमें एनएच-11 पर सीकर-बीकानेर तथा एनएच-15 पर बाड़मेर-जैसलमेर, जैसलमेर-बीकानेर, बीकानेर-हनुमानगढ़ पर कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं एनएच 65 पर पाली-जोधपुर, जोधपुर-नागौर, नागौर-चूरू, एनएच-89 पर अजमेर-नागौर तथा नागौर-बीकानेर रूट पर कौहरे की चेतावनी जारी की गई है। बीते 24 घंटों के मौसम का हाल राजस्थान के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे चल रहा है। हालांकि करीब 2 सप्ताह पहले ही राजस्थान में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 5 डिग्री पहुंच चुका है। लेकिन इसके बाद मौसम में गर्मी का प्रभाव बढ़ा, लेकिन अब बर्फबारी का असर दिन के मौसम पर भी नजर आ रहा है। बीते 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो बाड़मेर सबसे गर्म इलाका रहा। यहां अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिल स्टेशन माउंट आबू पर न्यूनतम पार 6 डिग्री पर पहुंच गया है। चूरू में अधिकतम तापमान 28.1 व न्यूनतम 10 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अंता-बारां में अधिकतम तापमान 28.1 व न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री रहा। करौली में 27.3 व न्यूनतम 10.1 डिग्री रहा। सीकर में अधिकतम 26.5 व न्यूनतम 9 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर की बात करें तो अधिकतम तापमान 28.9 व न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। recent visitors 69

तीन दोस्तों की मौत और दो घायल, छत्तीसगढ़-सूरजपुर में कार और पिकअप के बीच भीषण टक्कर

सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में कार और पिकअप के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें अंबिकापुर स्थिति मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, सभी एयरबैग खुलने के बाद भी किसी की भी जान नहीं बच पाई। वहीं पिकअप के सामने का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना सूरजपुर के प्रतापपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। गौरतलब है कि प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग पर मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे गोटगवां के पास कार और पिकप में जबरदस्त हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि गोवर्धनपुर गांव से चार युवक कार क्रमांक CG 29 AE 7704 में सवार होकर अंबिकापुर जा रहे थे। एयरबैग खुलने के बाद भी नहीं बची जान वहीं, कुछ लोग गोटगवां के पास टमाटर लोडकर पिकअप क्रमांक UP 64 AT 6380 से बनारस जा रहे थे। कार और पिकअप की आमने-सामने से इतनी जोरदार भिड़ंत हुई कि हादसे के बाद कार के चारों एयर बैग खुल गए थे। इसके बावजूद कार में सवार गोवर्धनपुर निवासी प्रियांशु पटेल (24), दीपक पटेल (23), पुष्पेंद्र भाई पटेल (21) मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो घायलों की हालत गंभीर है। वहीं, कार में सवार बटई निवासी चौथा युवक विनय यादव (21) और पिकअप चालक विक्रम सिंह (42) निवासी फुंदुरडीहारी की हालत गंभीर है। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। recent visitors 57