हत्या की आशंका, छत्तीसगढ़-बलौदाबाजार में मेटाडोर में लटका मिला शव

बलौदाबाजार. भाटापारा मंडी गेट के सामने मेटाडोर में एक व्यक्ति का लटका हुआ शव मिला है. इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. इस शव को सुबह-सुबह वहां से गुजरने वाले लोगों ने देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई. ये शव मेटाडोर के चालक दरवाजे के ऊपर केबिन में लटका हुआ मिला है. राहगीरों की सूचना पर भाटापारा शहर पुलिस मौके पर पहुंची है और शव का पंचनामा किया जा रहा है. पुलिस प्रथम दृष्ट्या हत्या के एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है. recent visitors 62

AIMIM ने दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से दिया टिकट

नई दिल्ली दिल्ली विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (AIMIM) भी उतरेगी. मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र से AIMIM ने दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को उम्मीदवार बनाया है. ताहिर हुसैन की पत्नी शमा और बेटा शादाब आज (10 दिसंबर) असदुद्दीन ओवैसी से मिलने उनके आवास पहुंचे. इस मुलाकात के दौरान AIMIM नेता इम्तियाज जलील भी मौजूद थे. इस मुलाकात के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर एक तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "ताहिर हुसैन AIMIM में शामिल हो गए हैं और आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र से हमारे उम्मीदवार होंगे. उनके परिवार के सदस्य और समर्थक आज मुझसे मिले और पार्टी में शामिल हुए." जेल में बंद हैं ताहिर हुसैन बता दें ताहिर हुसैन फरवरी 2020 में दिल्ली में हुए दंगों के आरोपी हैं. वह आम आदमी पार्टी से निगम पार्षद का चुनाव जीत चुके हैं. हालांकि, दंगों में नाम आने के बाद पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था. हाल ही में ताहिर हुसैन को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत मिली थी. अदालत ने दिल्ली दंगों के सिलसिले में ताहिर हुसैन के खिलाफ एक प्राथमिकी रद्द कर दी थी. यह एफआईआर 27 फरवरी 2020 को दर्ज की गई थी. यह एफआईआर इमारत की पहली मंजिल पर दंगा और उपद्रव के मामले में पीड़ितों की शिकायत पर कराई गई थी. दिल्ली विधानसभा के लिए फरवरी 2025 में चुनाव होने हैं और आप तीसरी बार सत्ता पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश कर रही है. साल 2020 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 70 में से 62 पर जीत दर्ज की थी. AIMIM इतने सीटों लड़ सकती है चुनाव इस बीच चर्चा है कि AIMIM अगले साल फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगभग 10 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. ऐसे में मुस्लिम सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है. दूसरी तरफ बीजेपी और कांग्रेस भी आगामी चुानव के लिए जोरशोर से तैयारी कर रही है.  recent visitors 100

लखनऊ में हिमाचल प्रदेश के गवर्नर के काफिले की गाड़ियां भिड़ीं, 3 घायल, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला सेफ

 लखनऊ  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला के काफिले के वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। यह हादसा शहीद पथ पर लुलु मॉल के पास हुआ, जब काफिले की एक गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहे वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में काफिले के कई स्टाफ सदस्य घायल हो गए हैं, जबकि राज्यपाल की गाड़ी सुरक्षित रही। राज्यपाल सुबह 8 बजे फ्लाइट संख्या 6ई146 से लखनऊ पहुंचे थे। आधे घंटे बाद उनका काफिला एयरपोर्ट से राजभवन की ओर रवाना हुआ। शहीद पथ पर लुलु मॉल के पास एक वाहन के ब्रेक लगाने से अन्य वाहन असंतुलित होकर भिड़ गए। दुर्घटना में काफिले की एम्बुलेंस भी हुई क्षतिग्रस्त दुर्घटना में काफिले की एम्बुलेंस भी शामिल थी। जानकारी के मुताबिक, इसमें मौजूद सरोजनीनगर के नर्सिंग अर्दली विभोर के हाथ और पैर में चोटें आईं, जबकि एक डॉक्टर के पैर में चोट लगी। सभी घायलों का इलाज सरोजनीनगर स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। लग गया था लंबा जाम हादसे की वजह से शहीद पथ पर ट्रैफिक बाधित हो गया और लुलु मॉल, अहिमामऊ समेत आसपास के इलाकों में जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ियों को हटाकर ट्रैफिक बहाल किया। पुलिस के अनुसार, हादसा काफिले के वाहनों के अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ। सुशांत गोल्फ सिटी और ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर जल्द ही जाम हटाने का प्रयास किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। recent visitors 97

देश में 994 संपत्तियों पर वक्फ का अवैध कब्ज़ा, केंद्र ने संसद में दी राज्यों सहित पूरी डिटेल

नई दिल्ली केंद्र सरकार ने संसद में बताया कि देशभर में वक्फ संपत्तियों पर 994 अवैध कब्जों की जानकारी मिली है। इनमें सबसे ज्यादा 734 संपत्तियां तमिलनाडु में हैं। यह जानकारी अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने दी। वक्फ अधिनियम के तहत देश में 872,352 स्थायी और 16,713 अस्थायी वक्फ संपत्तियां पंजीकृत हैं। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा अवैध कब्जे संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, 994 अवैध कब्जों में तमिलनाडु में 734, आंध्र प्रदेश में 152, पंजाब में 63, उत्तराखंड में 11 और जम्मू-कश्मीर में 10 संपत्तियां शामिल हैं। 2019 के बाद वक्फ बोर्ड को जमीन नहीं मिली केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने बताया कि 2019 के बाद केंद्र सरकार ने वक्फ बोर्ड को कोई जमीन नहीं दी है। राज्य सरकारों द्वारा दी गई जमीन का डेटा भी उपलब्ध नहीं है। विवादित वक्फ संपत्तियों पर जानकारी मांगी पिछले हफ्ते, जेपीसी के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने राज्य सरकारों को पत्र लिखकर विवादित वक्फ संपत्तियों का ब्योरा देने को कहा है।   recent visitors 69

उत्तर प्रदेश में शुरू होगी होमगार्ड की बंपर भर्ती, भरे जाएंगे 44 हजार पद, जल्द आएगा नोटिफिकेशन

 लखनऊ उत्तर प्रदेश में होमगार्ड बनने का सोच रहे उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी है. यूपी में होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती के लिए नियमावली को अंतिम रूप दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 44 हजार होमगार्डों की भर्ती की घोषणा की थी, जिसके बाद नियमावली को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा. यह भर्ती दो चरणों में होगी. 42 हजार पदों पर भर्ती का निर्देश, 44 हजार भरने का प्लान प्रदेश में होमगार्ड स्वयंसेवकों के 1.18 लाख पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में 76 हजार कार्यरत हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते जून माह में होमगार्ड स्वयंसेवकों के बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त होने के दृष्टिगत 42 हजार भर्तियां करने का निर्देश दिया था. नियमावली में भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का प्रावधान करने और दौड़ को दो किमी से बढ़ाकर ढाई किमी करने की तैयारी है. इसके लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नियमों का भी गहनता से अध्ययन हो रहा है. नियमावली में अलग भर्ती बोर्ड गठित करने की जा सकती है. स्वतंत्र भर्ती बोर्ड का हो सकता है गठन भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक स्वतंत्र भर्ती बोर्ड का गठन किया जा सकता है. यह बोर्ड भर्ती प्रक्रिया को संचालित करेगा और उम्मीदवारों की योग्यता और पात्रता का मूल्यांकन करेगा. इसके अलावा, भर्ती प्रक्रिया में महिलाओं और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया जा सकता है. यह सुनिश्चित करेगा कि भर्ती प्रक्रिया में सभी वर्गों को समान अवसर मिले. भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के लिए एक समयबद्ध कार्यक्रम तैयार किया जाएगा. यह कार्यक्रम भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को पूरा करने के लिए एक निश्चित समय सीमा निर्धारित करेगा. इसके अलावा, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक ऑनलाइन आवेदन प्रणाली का उपयोग किया जा सकता है. यह प्रणाली उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करने और अपने आवेदन की स्थिति की जांच करने की अनुमति देगी.   recent visitors 63

भारत एशियाई कप 2027 क्वालीफायर फाइनल राउंड के ग्रुप सी में

नई दिल्ली भारत एएफसी एशियन कप सऊदी अरब 2027 क्वालीफायर फाइनल राउंड के ग्रुप सी में हांगकांग, सिंगापुर और बांग्लादेश के साथ है। कुआलालंपुर के एएफसी हाउस में आयोजित ड्रॉ में 24 टीमों को चार-चार के छह समूहों में विभाजित किया गया। केवल छह ग्रुप विजेता ही क्वालीफ़ाई करेंगे और उन 18 टीमों में शामिल होंगे जिन्होंने क्वालीफ़ाइंग के दूसरे दौर के बाद पहले ही एएफसी एशियाई कप सऊदी अरब 2027 के लिए अपना टिकट बुक कर लिया है। क्वालीफ़ायर फ़ाइनल राउंड 25 मार्च, 2025 और 31 मार्च, 2026 के बीच होम-एंड-अवे प्रारूप में छह मैच दिनों में खेला जाएगा। एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत, अपने इतिहास में पहली बार लगातार तीन एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करने का लक्ष्य रखते हुए, बांग्लादेश के खिलाफ़ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। भारत ने हाल के दिनों में तीनों प्रतिद्वंद्वियों का सामना किया है। ब्लू टाइगर्स ने आखिरी बार 2021 सैफ चैंपियनशिप में बांग्लादेश का सामना किया था, जून 2022 में कोलकाता में एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर में हांगकांग का सामना किया था और सितंबर 2022 में वियतनाम में हंग थिन्ह फ्रेंडली टूर्नामेंट में सिंगापुर का सामना किया था। नवंबर में जारी फीफा रैंकिंग के अनुसार, भारत 127वें, हांगकांग 156वें, सिंगापुर 161वें और बांग्लादेश 185वें स्थान पर है। ड्रॉ के बाद भारत के मुख्य कोच मनोलो मार्केज़ ने कहा, हम पॉट 1 टीम हैं और हमें यह दिखाने की ज़रूरत है कि हम क्वालिफाई करने के लिए पसंदीदा क्यों हैं। समूहों के बीच बहुत ज़्यादा अंतर नहीं है। हर समूह मुश्किल है। हांगकांग ने स्वाभाविक खिलाड़ियों और अपने कोच एश्ले वेस्टवुड के साथ बहुत सुधार किया है, जिनके खिलाफ़ भारत ने विश्व कप क्वालीफ़ायर में खेला था (जब वे अफ़गानिस्तान के प्रभारी थे)। हम मार्च में सबसे पहले बांग्लादेश के खिलाफ़ खेलेंगे, जो सैफ चैम्पियनशिप में हमारे नियमित प्रतिद्वंद्वी रहे हैं। हम कैलेंडर जानते हैं। हमारे पास छह गेम हैं और हमें ग्रुप में शीर्ष पर रहना होगा और एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करना होगा। एएफसी एशियन कप सऊदी अरब 2027 क्वालीफायर फाइनल राउंड में भारत के मैच: 25 मार्च, 2025: भारत बनाम बांग्लादेश (घरेलू) 10 जून, 2025: हांगकांग बनाम भारत (बाहरी) 9 अक्टूबर, 2025: भारत बनाम सिंगापुर (घरेलू) 14 अक्टूबर, 2025: सिंगापुर बनाम भारत (बाहरी) 18 नवंबर, 2025: बांग्लादेश बनाम भारत (बाहरी) 31 मार्च, 2026: भारत बनाम हांगकांग (घरेलू) एएफसी एशियन कप 2027 क्वालीफायर फाइनल राउंड फुल ड्रॉ परिणाम: ग्रुप ए: ताजिकिस्तान, फिलीपींस, मालदीव, तिमोर-लेस्ते ग्रुप बी: लेबनान, यमन, भूटान, ब्रुनेई दारुस्सलाम ग्रुप सी: भारत, हांगकांग, सिंगापुर, बांग्लादेश ग्रुप डी: थाईलैंड, तुर्कमेनिस्तान, चीनी ताइपे, श्रीलंका ग्रुप ई: सीरिया, अफगानिस्तान, म्यांमार, पाकिस्तान ग्रुप एफ: वियतनाम, मलेशिया, नेपाल, लाओस।   recent visitors 109

मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिला, तापमान में गिरावट के चलते ठिठुरन बढ़ गई, जानें अपने शहर का हाल

भोपाल पड़ाहों पर हो रही बर्फबारी से बर्फीली हवाएं चलने लगी है जिससे मध्यप्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों में 16 शहरों में तापमान 12 डिग्री से कम तो राजगढ़ गुना सबसे ठंडे रहे। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। एमपी मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिन 11 से 13 दिसंबर तक अशोक नगर, गुना और धार जिले में शीतलहर (कोल्ड वेव) की स्थिति बनी रहेगी और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जाएगी।वर्तमान में उत्तर प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र है।हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी होने से अगले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होने की आशंका है। खास करके पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी मौसम बदला रहेगा।  तापमान में गिरावट के चलते ठिठुरन बढ़ गई है। रात के तापमान में पांच डिग्री तक की कमी आई है, जिससे ठंड का असर तेज हो गया है। दिन के तापमान में भी एक डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है. चार दिनों बाद ठंड ने पकड़ी रफ्तार पिछले चार-पांच दिनों से तापमान में बढ़ोतरी और आसमान पर बादलों की मौजूदगी के कारण ठंड का असर कम हो गया था। हालांकि, रविवार से ठंड ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे तीन दिन पहले, शनिवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। केवल एक दिन में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री और अधिकतम तापमान में एक डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे ठंड का असर बढ़ गया है। लोग अब ठंड से राहत पाने के लिए गर्म कपड़े पहनने और अलाव जलाने का सहारा ले रहे हैं। ठंड बढ़ने से जिले के किसानों के चेहरों पर भी खुशी देखी जा रही है। किसानों के लिए फायदेमंद ठंड वर्तमान में किसान रबी सीजन की प्रमुख फसलें, जैसे गेहूं और चने, की बुवाई में व्यस्त हैं। अधिकतर क्षेत्रों में बुवाई पूरी होने के बाद अब सिंचाई की जा रही है। रबी सीजन की फसलों का उत्पादन ठंड पर निर्भर करता है। ठंडक बढ़ने से गेहूं और चने की फसल को फायदा होगा और उत्पादन बेहतर हो सकेगा। मंगलवार सुबह ठंडी हवाओं और ठिठुरन के साथ मौसम ने सर्दी का एहसास कराया। हल्की धुंध छाई रही और खेतों में गेहूं की फसलों पर ओस की बूंदें नजर आईं। 15 दिसंबर के बाद MP के इन जिलों में कड़ाके की ठंड-कोल्ड डे एमपी मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ते ही 15-20 दिसंबर के बाद प्रदेश में कोल्ड डे, घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति देखने मिलेगी । दिसंबर अंत और जनवरी में 20 से 22 दिन कोल्ड वेव यानी, सर्द हवाओं के साथ घने कोहरा छाया रहेगा।खास करके इस बार सागर संभाग के जिले निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना, रीवा संभाग के मउगंज सीधी और सिंगरौली, जबलपुर संभाग के मंडला और डिंडोरी, इंदौर संभाग के झाबुआ, इंदौर और धार के उत्तरी हिस्से और पूरे ग्वालियर-चंबल संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। भोपाल संभाग के राजगढ़ और उज्जैन जिलों के कुछ-कुछ हिस्सों में अच्छी ठंड पड़ेगी। पिछले 24 घंटे के मौसम का हाल     प्रदेश में सबसे ठंडा जिला राजगढ़ रहा, जहां रात का पारा 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान पचमढ़ी से भी कम है। पचमढ़ी का पारा 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा।     पिपरसमा (शिवपुरी) में 6.8 डिग्री, मरूखेडा (नीमच) में 7.4 डिग्री, राजगढ़ में 7.6 डिग्री, गिरवर (शाजापुर)/गुना में 8.6 डिग्री और सीहोर/पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 9 डिग्री दर्ज न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।     धार में 9.4 डिग्री, पचमढ़ी में 9 डिग्री, खजुराहो में 10.4 डिग्री, रायसेन में 9.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 10.5 डिग्री, नौगांव में 11.2 डिग्री, रीवा में 11.0 डिग्री और उमरिया में 11.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।     इंदौर में अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री, भोपाल में 23.4 डिग्री, उज्जैन में 24.5 डिग्री, ग्वालियर में 24.8 डिग्री और जबलपुर में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। recent visitors 54