Tuesday, July 7, 2026 3:45 am

प्रदेश में घने कोहरे के साथ पड़ेगी कड़ाके की ठंड, बुलंदशहर में सबसे कम 8℃ तापमान

प्रयागराज उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है. लगातार मौसम के यूटर्न से तापमान में भी गिरावट हो रही है. हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम साफ रह सकता है, लेकिन देर रात और सुबह भोर में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है. आईएमडी से मिली जानकारी के अनुसार,10 दिसंबर यानी मंगलवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना है. इस दौरान दोनों हिस्सों में देर रात और सुबह के समय कहीं-कहीं पर घना कोहरा होने की चेतावनी जारी की गई है. मंगलवार को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, बलिया, वाराणसी, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर और आजमगढ़ में फॉग होने की संभावना है. जौनपुर, प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, संतकबीर नगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अयोध्या और अमेठी में भी कोहरा का अलर्ट है. 11 दिसंबर से शीतलहर की चेतावनी इसके अलावा बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में कोहरा छाने के आसार जताए गए हैं. 11 दिसंबर को भी मौसम साफ रहने के साथ ही कहीं-कहीं पर घना कोहरा छाने के आसार जताए गए हैं. वहीं बुधवार को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर शीतलहर चलने की संभावना है . बुलंदशहर में सबसे कम 8℃ तापमान जबकि, प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट और बढ़ोतरी जारी है. बुलंदशहर में सबसे कम 8℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. साथ ही मेरठ में 8.1℃, नजीबाबाद और अयोध्या में 8.5℃, बहराइच में 9℃ और मुजफ्फरनगर में 9.9℃ न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है. घने कोहरे के साथ पड़ेगी कड़ाके की ठंड लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को यूपी के 40 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा दिखाई देगा. इसके साथ ही अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी भी आ सकती है. वहीं दिन के समय में अभी भी धूप निकलने से ज्यादा ठंड नहीं हो रही है, लेकिन न्यूनतम तापमान गिरने से रात में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है. आने वाले दिनों में प्रदेश में शरीर कांपने वाली ठंड पड़नी शुरू हो सकती है. उन्होंने बताया कि आने वाले दो दिनों तक यूपी कोहरे के आगोश में होगा. इसके अलावा दो से तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. recent visitors 78

एसीबी ने किया कोच जोनाथन ट्रॉट के कार्यकाल का विस्तार

काबुल अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने राष्ट्रीय टीम के कोच जोनाथन ट्रॉट का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। एसीबी ने 2024 में टीम की सफलता को देखते हुए ट्रॉट का कार्यकाल विस्तार किया है। इस विस्तार के चलते ट्रॉट 2025 के अंत तक अफगानिस्तान टीम के के मुख्य कोच बने रहेंगे। हालांकि ट्रॉट निजी कारणों से आगामी जिम्बाब्वे के दौरे में केवल एकदिवसीय प्रारूप के लिए ही उपलब्ध रह पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में हामिद हसन मुख्य कोच और नवरोज मंगल सहायक कोच की भूमिका में दिखेंगे। ट्रॉट का कार्यकाल जुलाई 2022 में अफगानिस्तान के कोच के रूप में शुरु हुआ था और जनवरी 2024 में उनका 18 महीने का अनुबंध बढ़ाया गया था। ट्रॉट की नियुक्ति के बाद अफगानिस्तान ने 34 में से 14 एकदिवसीय और 44 टी-20 में से 20 में उन्हें जीत मिली है। ट्रॉट अफगानिस्तान के कोच बनने से पहले 2021 में टी-20 विश्व कप में स्कॉटलैंड के सलाहकार थे। इस वर्ष अफगानिस्तान ने ग्रुप और सुपर 8 स्टेज में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को मात देते हुए टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने शारजाह में दक्षिण अफ्रीका और बंगलादेश दोनों को ही एकदिवसीय सीरीज में भी हराया है। पिछले वर्ष अफगानिस्तान ने एकदिवसीय विश्वकप में पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका जैसी टीमों को शिकस्त दी थी। अफगानिस्तान अगले वर्ष होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में पहली बार हिस्सा लेगा। विश्व कप की अंक तालिका में शीर्ष आठ में रहने के कारण उन्हें इस टूर्नामेंट में प्रवेश मिला।   recent visitors 56

अगले तीन दिन एक दर्जन जिलों में चलेगी शीतलहर, राजस्थान-बर्फीली हवाओं से तापमान लुढ़का

जयपुर. उत्तर से चल रही बर्फीली हवालों के प्रभाव से राजस्थान में अचानक बहुत तेज ठंड पड़नी शुरू हो गई है। रात के साथ दिन के तापमान में भी तेज गिरावट आई है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार प्रदेश में 12 दिसंबर तक शीतलहर चलेगी। इसमें आज मंगलवार को इन 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर, चूरू, झुंझुनू, अलवर, करौली, बारां, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, जालौर और जैसलमेर शामिल हैं। सर्द हवा के कारण शहरों में सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे गिर गया। हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादलों के प्रभाव के चलते दिन में भी ठिठुरन महसूस की जा रही है। इसके चलते प्रदेश के कई शहरों में दिन के अधिकतम तापमान में भी 5 से 7 डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान सीकर में सबसे ठंडा दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हनुमानगढ़, फतेहपुर में भी दिन का अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। सबसे ज्यादा तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। जयपुर में कल देर रात तेज सर्द हवा चलने से जबरदस्त सर्दी रही। यहां दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों-बुजुर्गों के साथ सांस और दिल की बीमारी से जुड़े मरीजों को सतर्क रहने के लिए कहा है। इन लोगों को सुबह और शाम को सूरज ढलने के बाद घरों से बाहर न निकलने के लिए कहा गया है। साथ ही सुबह-शाम हल्के गुनगुने पानी का सेवन करने की सलाह दी है, ताकि शरीर का तापमान नियंत्रित रह सके। recent visitors 63

ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़े मैच विनर इस समय ट्रैविस हेड, उनका शतक देता है टीम को जीत की गारंटी

नई दिल्ली ट्रैविस हेड ने टीम इंडिया के पसीने छुड़ाए हुए हैं। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल की बात हो या फिर वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल की बात हो या अब एडिलेड में खेले गए पिंक बॉल टेस्ट मैच की बात हो। ट्रैविस हेड ने इन तीनों ही मैचों में दमदार शतक अपनी टीम के लिए जड़े और अपनी टीम को मैच जिताने में सफल रहे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़े मैच विनर इस समय ट्रैविस हेड ही हैं। ट्रैविस हेड का इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक जड़ना, ऑस्ट्रेलिया के लिए एक तरह से जीत की गारंटी होता है। दरअसल, बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में जितने भी शतक जड़े हैं, उनमें एक बार भी ऑस्ट्रेलिया की टीम को हार नहीं मिली है। ऐसे में कहा जा सकता है कि उनका शतक ऑस्ट्रेलिया के लिए जीत की गारंटी होता है। टेस्ट क्रिकेट में वे 8 शतक और वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 6 शतक जड़ चुके हैं। इन सभी मैचों में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली है। जिन मैचों में ट्रैविस हेड ने शतक जड़े हैं, वे खास मैच ही थे। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के बड़े मैच विनर इस समय ट्रैविस हेड ही हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया गेंदबाजी के दम पर ज्यादा मैच जीतती है। ट्रैविस हेड ने टेस्ट क्रिकेट में 8 में से सात शतक ऑस्ट्रेलिया में जड़े हैं और इनमें से भी तीन शतक एडिलेड में आए हैं। एक शतक उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जड़ा था, जो इंग्लैंड में खेला गया था। वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में भी एक शतक वे एडिलेड के मैदान पर जड़ चुके हैं। एक और शतक वे मेलबर्न में जड़ने में सफल रहे हैं, जबकि वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में अन्य चार शतक उन्होंने भारत (2), पाकिस्तान और इंग्लैंड की सरजमीं पर जड़े हैं। भारत के खिलाफ वे अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में चार शतक जड़ चुके हैं और चारों बार ऑस्ट्रेलिया की टीम को जीत मिली है। recent visitors 47

ट्रैविस हेड ने सिरदर्द करके रखा हुआ, हरभजन सिंह ने बताया बॉलिंग में प्लान अच्छा करना है, गाबा फतह करेगा भारत

नई दिल्ली इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया पांच मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। तीसरा मैच शनिवार (14 दिसंबर) से ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में शुरू होगा। पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने गाबा फतह करने के लिए भारत को थ्री-इन-वन फॉर्मूला दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय टीम ने एक ही मैच में उनकी तीनों सलाह पर अमल किया तो जीत निश्चित है। उन्होंने भारत के सिरदर्द का इलाज भी बताया है। बता दें कि भारत ने पर्थ टेस्ट में 295 रनों से जीत हासिल की थी और एडिलेड में 10 विकेट से करारी हार का मुंह देखना पड़ा। 'छोटी-छोटी पार्नटरशिप कीजिए और…' हरभजन ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ''पहली और सबसे अहम बात यह है कि भारत को बैटिंग अच्छी करनी है। एडिलेड में बल्लेबाजी अच्छी नहीं हुई। पार्टनरशिप नहीं हुई। 30-40 रन की छोटी-छोटी पार्नटरशिप कीजिए, फिर उसके बाद मौका बनता है तो लंबी साझेदारी करें। हमने पर्थ में ऐसी पार्टनरशिप देखी थी। उस एक पार्टनरशिप ने मैच जिताया था। गाबा में पहली पारी में 300-350 जरूर लगाएं।'' एडिलेड में कोई भी भारतीय खिलाड़ी अर्धशतक नहीं जड़ा सका था। नीतीश रेड्डी के बल्ले से सर्वाधिक 42 रन निकले। 'ट्रैविस हेड ने सिरदर्द करके रखा हुआ है' पूर्व स्पिनर ने कहा, ''दूसरी बात यह है कि बॉलिंग में प्लान अच्छा करना है। ट्रैविस हेड ने सिरदर्द करके रखा हुआ है। बहुत मैचों में हमने उन्हें देख लिया है। वह प्वाइंट और कवर की दिशा में रन बनाते हैं। आप एक काम करिए कि हेड को सीधा खिलाइए। थोड़ा बॉल आगे डालें। उन्हें लेग स्टंप की तरफ रन बनाने दें। थोड़ा बाउंसर भी डालिए। वह बाउंसर अच्छा नहीं खेलते। मुझे लगता है कि यह प्लान उनके खिलाफ काम कर सकता है।'' हेड ने एडिलेड में 140 रन की तूफानी पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। 'पेसर प्रसिद्ध गाबा में कामयाब हो सकते हैं' भज्जी ने आगे कहा, ''तीसरी बात है कि एक चेंज होना चाहिए। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और आकाशदीप में से किसी एक को गाबा में खिलाना चाहिए। हर्षित राणा की जगह मौका देना चाहिए। मैं ऐसा नहीं कह रहा कि हर्षित का प्रदर्शन खराब रहा। लेकिन एक चेंज के तौर पर मुझे लगता है कि ऐसा करना बेहतर रहेगा। गाबा की पिच फास्ट है, उसमें बाउंस है, वहां फास्ट बॉलर काफी विकेट लेते हैं। मुझे लगता है कि प्रसिद्ध के पास वो बाउंस है और वह कामयाब हो सकते हैं। भारत अगर यह तीन चीजें करेगा तो जीत निश्चित है।'' recent visitors 56

खुद भी घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती, राजस्थान-चित्तौड़गढ़ में गनमैन ने महिला कांस्टेबल को मारी गोली

चित्तौड़गढ़. चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं थाना इलाके में पुलिस उप अधीक्षक के गनमैन ने महिला कांस्टेबल को उसके घर के पास गोली मारकर घायल करने के बाद खुद को भी गोली मार ली। दोनों को गंभीर अवस्था में श्री सांवलियाजी राजकीय सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। फिलहाल गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बेगूं थाने में सोमवार शाम रोल कॉल के बाद महिला कांस्टेबल पूनम अपने किराए के मकान पर पहुंची तो यहां कांस्टेबल सियाराम ने उसे गोली मार दी। बाद में उसने खुद को भी गोली मारकर घायल कर लिया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी बेगूं पुलिस को दी और दोनों को बेगूं चिकित्सालय पहुंचाया। घटना के बारे में सूचना मिलने पर बेगूं डिप्टी अंजली सिंह, सीआई आदि भी बेगूं चिकित्सालय पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को चित्तौड़गढ़ रैफर कर दिया, जहां जिला चिकित्सालय में इनका इलाज जारी है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने मय जाप्ता जिला चिकित्सालय पहुंचकर मामले की जानकारी ली। फिलहाल गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारी गई है। प्रारंभिक रूप से मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने से इंकार नहीं किया जा सकता, लेकिन इसकी अधिकृत पुष्टि पुलिस के आला अधिकारियों ने नहीं की है। recent visitors 121

मुरैना में रिटायर्ड फौजी ने पत्नी को गोली मार कर खुद को मारी गोली, 5 साल पहले लिया था रिटायरमेंट

मुरैना  शहर में रिटायर आर्मी जवान ने पहले पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना शहर के एसपी ऑफिस के सामने स्थित विक्रम नगर की है। 45 वर्षीय देवेंद्र सिंह गुर्जर आर्मी से 5 साल पहले रिटायर हुए थे और वर्तमान में धौलपुर में वेयर हाउस पर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे। अब तक की जानकारी के मुताबिक, रात 3:30 के करीब किसी बात पर विवाद के दौरान पत्नी से हाथापाई हुई। इसके बाद लाइसेंसी पिस्टल से 43 साल की पत्नी माधुरी गुर्जर को गोली मार दी। जिस कमरे में पत्नी को गोली मारी, वहीं पास में देवेंद्र के दोनों बेटे, गौरव गुर्जर (16 साल) और सौरभ गुर्जर (14 साल) सोए हुए थे। देवेंद्र सिंह ने दोनों बेटों को भी गोली मारने की कोशिश की, तभी दोनों बेटे हाथापाई कर और धक्का देकर वहां से भाग निकले। इसके बाद देवेंद्र ने खुद को गोली मार ली। देवेंद्र की मौके पर ही मौत। माधुरी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान माधुरी ने दम तोड़ा। सीएसपी, सिविल लाइन थाने की पुलिस टीम मौके पर गई और मामले की जांच की। recent visitors 58