Sunday, July 5, 2026 10:58 am

‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ विधेयक का विरोध, अखिलेश यादव ने इसे भाजपा की जुगाड़ योजना बताया

नई दिल्ली केंद्रीय कैबिनेट ने 'वन नेशन, वन इलेक्शन' से जुड़े विधेयक के प्रारूप को मंजूरी दे दी। अब इसे संसद में पेश किया जाएगा। इस विधेयक को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस विधेयक को "भाजपा का जुगाड़" बताया। विपक्षी पार्टियां इस विधेयक का विरोध कर रही हैं। वे इस बिल को सरकार का शिगूफा बता रही हैं। लोकसभा में संविधान के 75 साल पूरे होने के मौके पर जारी चर्चा के बीच अखिलेश यादव ने संसद भवन परिसर में आईएएनएस से कहा, "संविधान मजबूत हो। अगर संविधान मजबूत होगा, तो हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा।" 'वन नेशन-वन इलेक्शन' के बारे में उन्होंने कहा, " 'वन नेशन-वन इलेक्शन' भारतीय जनता पार्टी की जुगाड़ योजना है।" सपा के लोकसभा सांसद वीरेंद्र सिंह ने भी 'वन नेशन-वन इलेक्शन' को लेकर कहा, "यह केवल शिगूफा है। सरकार को पहले विपक्ष को बताना चाहिए देश के संविधान के तहत प्रदेशों को जो अधिकार दिए गए हैं, उनका क्या होगा? सरकार इस पर स्थिति स्पष्ट किए बिना विधेयक को सदन से पास कराने का प्रयास करेगी, तो यह संभव नहीं है।" संविधान पर चर्चा को लेकर उन्होंने कहा कि संविधान देश का गौरव है। सभी संविधान दिवस को बहुत उत्साह के साथ मनाएंगे। लेकिन साथ ही साथ सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाएंगे। जिन मूल्यों और सिद्धांतों को लेकर देश का संविधान बना था उसका उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को उनका अधिकार देना था, उन अधिकारों का क्या हुआ और अब तक कितना न्याय मिल सका। हम संविधान में दिए अधिकारों का कितना पालन कर सके हैं, सरकार उसका जवाब दे। कांग्रेस के लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने संविधान पर चर्चा को लेकर कहा, "संविधान को किसने बनाया है, यह पूरी दुनिया जानती है। हमें किसी से प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है।" recent visitors 72

दिल्ली में लगातार दूसरे दिन खराब श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता, फिलहाल सुधार के आसार नहीं

नई दिल्ली राजधानी में शुक्रवार को एयर इंडेक्स में आंशिक सुधार हुआ। इससे हवा की गुणवत्ता पर खास असर नहीं पड़ा। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में अभी दो दिन हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। इसलिए अभी वायु प्रदूषण से बहुत ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है। सीपीसीबी के अनुसार दिल्ली में सुबह स्मॉग होने के कारण एयर इंडेक्स 288 था, लेकिन दोपहर में 14 से 16 किलोमीटर की प्रति घंटे से हवा चली। इस वजह से आसमान भी साफ रहा और गुनगुनी धूप भी निकली। इससे दिल्ली का औसत एयर इंडेक्स 262 रहा जो खराब श्रेणी में है। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 288 था। इसके मुकाबले एयर इंडेक्स में 16 अंकों की गिरावट हुई। शाम पांच बजे दिल्ली के बवाना, जहांगीरपुरी, नेहरू नगर व पूसा में एयर इंडेक्स 300 से अधिक बेहद खराब श्रेणी में रही। बवाना व नेहरू नगर में एयर इंडेक्स सबसे अधिक 309 रहा। आइक्यूएयर ने दिल्ली का AQI 191 बताया वहीं स्विस कंपनी के आइक्यूएयर ऐप ने दिल्ली का एयर इंडेक्स 191 बताया। सीपीसीबी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार एयर इंडेक्स 191 होने पर हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में मानी जाती है। आईआईटीएम पुणे के डिसिजन स्पोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के अनुसार इन दिनों दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों के उत्सर्जन और फैक्ट्रियों के धुएं की भागीदारी अधिक बनी हुई है। फैक्ट्रियों के धुएं की हिस्सेदारी 8.66 प्रतिशत शुक्रवार को वायु में प्रदूषण में वाहनों के उत्सर्जन की हिस्सेदारी 17.81 प्रतिशत और फैक्ट्रियों के धुएं की हिस्सेदारी 8.66 प्रतिशत रही। दिल्ली के वातावरण में पीएम-10 का अधिकतम स्तर 189.5 माइक्रोग्राम प्रति धन मीटर और पीएम-2.5 का अधिकतम स्तर 96.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। एनसीआर के प्रमुख शहरों में सिर्फ गुरुग्राम में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। एनसीआर के अन्य प्रमुख शहरों में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। इस वजह से एनसीआर के शहरों में वायु प्रदूषण से अधिक राहत रही। recent visitors 73

रणधीर जायसवाल ने कहा- कनाडा में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है

नई दिल्ली कनाडा में पिछले सप्ताह तीन भारतीय छात्रों की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने कनाडा के अधिकारियों के समक्ष भारतीयों की सुरक्षा का मामला उठाया है। भारतीय विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि कनाडा में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, 'पिछले एक सप्ताह में हमारे यहां दुर्भाग्यपूर्ण त्रासदियां हुई हैं। तीन भारतीय छात्रों की हत्या कर दी गई है। कनाडा में हमारे नागरिकों के साथ हुई इन भयानक त्रासदियों से हम दुखी हैं।' 'मदद के प्रयास में जुटा है उच्चायोग' उन्होंने कहा, 'हम शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। टोरंटो और वैंकूवर में हमारे उच्चायोग और वाणिज्य दूतावास इस मामले में हर संभव मदद कर रहे हैं।' जायसवाल ने कहा कि उस देश में भारतीय मिशन घटनाओं की गहन जांच के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।  उन्होंने कहा, 'उनके, खास तौर पर भारतीय छात्रों के सामने आने वाले मुद्दों को हमारे उच्चायोग और वाणिज्य दूतावासों द्वारा नियमित आधार पर संबंधित कनाडाई अधिकारियों के समक्ष उठाया जाता है। हमने अपने नागरिकों और भारतीय छात्रों को अत्यधिक सावधानी बरतने और कनाडा में सुरक्षा माहौल के बिगड़ने के मद्देनजर सतर्क रहने के लिए एक सलाह भी जारी की है, क्योंकि घृणा अपराधों और आपराधिक हिंसा की घटनाओं में वृद्धि हो रही है।' 'भारत को बदनाम करने का प्रयास' आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कनाडा में 400,000 से अधिक भारतीय छात्र अध्ययन कर रहे हैं। कनाडा में भारतीय उच्चायोग द्वारा वीजा न दिए जाने की घटनाओं की रिपोर्टों के बारे में पूछे जाने पर, जायसवाल ने इसे गलत सूचना अभियान बताया। उन्होंने कहा, 'हमने उक्त मीडिया रिपोर्ट देखी है। यह भारत को बदनाम करने के लिए कनाडाई मीडिया द्वारा गलत सूचना देने का एक और उदाहरण है।' उन्होंने कहा, 'भारतीयों को वीजा देना हमारा संप्रभु कार्य है और हमें उन लोगों को वीजा देने से इनकार करने का वैध अधिकार है, जो हमारी क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर करते हैं।' जायसवाल ने कहा, 'इस मामले पर कनाडाई मीडिया में जो टिप्पणी हम देख रहे हैं, वह भारत के संप्रभु मामलों में विदेशी हस्तक्षेप के समान है।' recent visitors 126

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा- उम्मीद है कि ढाका अपने खुद के हित में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कदम उठाएगा

नई दिल्ली विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर भारत चिंतित है और उम्मीद करता है कि ढाका अपने खुद के हित में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए कदम उठाएगा। उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों के उत्तर देते हुए यह भी कहा कि भारत, पाकिस्तान के साथ ‘आतंकवाद मुक्त’ संबंध चाहता है और ऐसे में ‘‘गेंद इस्लामाबाद के पाले में है’’। हैदराबाद से लोकसभा सदस्य असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल किया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की सुरक्षा के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है? इस पर विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘बांग्लादेश की यह स्थिति चिंता का विषय है। अल्पसंख्यकों पर हमले की कई घटनाएं हुई हैं। हमें उम्मीद है कि बांग्लादेश खुद के हित में ऐसे कदम उठाएगा कि अल्पसंख्यक सुरक्षित रहें।’’ जयशंकर का कहना था कि बांगलादेश के साथ विकास परियोजनाओं का अच्छा इतिहास है और उम्मीद है कि वहां नए प्रशासन के आने के बाद परस्पर सम्मान और लाभ वाला संबंध होगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद नवीन जिंदल द्वारा पाकिस्तान के साथ संबंधों में सुधार से जुड़ा पूरक प्रश्न पूछे जाने पर कहा, ‘‘हम अच्छा रिश्ता चाहते हैं, लेकिन हम आतंकवाद से मुक्त संबंध चाहते हैं। यह पाकिस्तानी पक्ष को दिखाना है कि वे अतीत के व्यवहार को बदल रहे हैं…अब गेंद पाकिस्तान के पाले में है।’’ विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार में बाधा पाकिस्तान सरकार के 2019 के फैसले के कारण हुई है। नेपाली नोट पर छपे मानचित्र में कुछ भारतीय क्षेत्रों को नेपाल का बताए जाने संबंधी ओवैसी के सवाल पर जयशंकर ने कहा कि नेपाल के साथ सीमा मामले पर भारत सरकार का रुख स्पष्ट है तथा यदि कोई समझता है कि कुछ ऐसा करने से भारत का रुख बदल जाएगा, तो यह नहीं होगा।   recent visitors 39

बैलेट पेपर से चुनाव कराओ, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा: प्रियंका गांधी वाड्रा

नई दिल्ली कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को लोकसभा में अपने पहले संबोधन में बैलेट पेपर को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “बैलेट पेपर से चुनाव कराओ, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। आप राजनीति में न्याय की बात कर रहे हैं। आप लोग सरकार को पैसों के बल पर गिरा दे रहे हैं।” प्रियंका गांधी ने आगे कहा, “मेरे सत्तापक्ष के साथी आज खड़े हुए और तमाम गिनती करने लगे कि ऐसा हुआ, तो वैसे हुआ। 1975 में यह हुआ, तो आप सीख लीजिए ना। आप लोग भी अपनी गलती के लिए माफी मांग लीजिए। आप भी बैलेट पर चुनाव कर लीजिए।” उन्होंने कहा, “विपक्षी नेताओं पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं। विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है।” उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “लोगों के बीच में भय फैलाने वाले लोग आज खुद भय में जी रहे हैं। ऐसा डर का माहौल तो पहले अंग्रेजों के राज में भी नहीं था। लेकिन, यह देश डर से नहीं, बल्कि साहस से चलेगा।” प्रियंका गांधी ने कहा, “पहले राजा भेष बदलकर जनता के बीच में जाते थे। अब राजा भेष बदलते हैं, लेकिन वह जनता के बीच में नहीं जाते हैं और ना ही वह लोगों द्वारा अपनी आलोचना सुनना पसंद करते हैं। आज का राजा जनता के बीच में जाने से डरता है। मौजूदा समय में यह सरकार आलोचना से डर रही है। ऐसी स्थिति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। इस सरकार में सदन में चर्चा कराने की बिल्कुल भी हिम्मत नहीं है।” उन्होंने संभल हिंसा का भी जिक्र अपने संबोधन में करते हुए कहा, “संभल के कुछ लोग हमसे मिलने आए थे, जो मृतक के परिवार के सदस्य हैं। उनमें दो बच्चे अदनान और उजैर थे। उनमें से एक मेरे बेटे की उम्र का था और दूसरा उससे छोटा, 17 साल का। उनके पिता एक दर्जी थे। उनका एक ही सपना था कि वह अपने बेटे को डॉक्टर बनाएंगे और उसका दूसरा बेटा भी सफल होगा। 17 वर्षीय अदनान ने मुझे बताया कि वह बड़ा होकर डॉक्टर बनेगा और अपने पिता के सपने को साकार करेगा। यह सपना और आशा उसके दिल में हमारे भारत के संविधान ने डाली है।” recent visitors 59

मौसम विभाग ने बताया- राजस्थान में कड़ाके की ठंड, फतेहपुर में पारा शून्य से नीचे

जयपुर राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है और फतेहपुर में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम केंद्र, जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में एक दो स्थानों पर अत्यंत शीतलहर तथा कहीं कहीं शीतलहर दर्ज की गई। बृहस्पतिवार रात को न्यूनतम तापमान फतेहपुर में शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसके अलावा, यह चुरू में 3.1 डिग्री, करौली में 3.6 डिग्री, पिलानी में 4.0 डिग्री, संगरिया में 4.3 डिग्री, सीकर व सिरोही में 5.0 डिग्री, अलवर में 5.8 डिग्री, गंगानगर में 6.4 डिग्री व बीकानेर में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगभग पूरे राजस्थान में न्यूनतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखी गई। मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में आगामी दिनों में मौसम मुख्यत: शुष्क बने रहने की संभावना है। आगामी दो तीन दिन में राज्य के उत्तरी भागों व शेखावटी इलाके में कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने व न्यूनतम तामपान दो से छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।   recent visitors 58

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6 वीं में प्रवेश हेतु 31 दिसम्बर तक आवेदन आमंत्रित

नारायणपुर, जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छेड़ीबेड़ा एवं ओरछा (छोटेडोंगर) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन किया जाना है। जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया प्रारंभ है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री राजेन्द्र सिंह ने बताया है कि ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 10 दिसम्बर तक निर्धारित किया गया था। अब उसे संशोधित करते हुए ऑनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2024 तक निर्धारित किया गया है। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार करने के लिए 01 जनवरी से 08 जनवरी 2025 को रात्रि 12 बजे तक समय घोषित किया गया है। प्रवेश हेतु चयन परीक्षा 16 फरवरी 2025 दिन रविवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक दो घण्टे आयोजित की जाएगी। आवेदन पत्र भरने के लिए इच्छुक छात्र वेबसाईट http://eklavya.cg.nic.in का प्रयोग कर सकते हैं। recent visitors 64