Sunday, July 5, 2026 12:09 pm

तानसेन संगीत समारोह में रागरंग संगीतमय प्रदर्शनी एक विशेष आकर्षण

ग्वालियर तानसेन शताब्दी संगीत समारोह के दौरान ऑस्कर विजेता एनीमेशन टीम कलाकार श्री दीपंकर गोस्वामी भारतीय शास्त्रीय संगीत और उसके स्वरों को पेटिंग के रूप में जीवंत करेंगे। ग्वालियर के मोती महल में शास्त्रीय संगीत, कला साधकों और सुरों पर आधारित श्री गोस्वामी की संगीतमय कलाकृतियों की प्रदर्शनी "रागरंग" एक विशेष आकर्षण होगी। 15 दिसंबर को दोपहर 3:30 बजे मोती महल में प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा । 19 दिसम्बर तक चलने वाली प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेंगी। प्रदर्शनी में सभी का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। यूनेस्को सिटी ऑफ म्यूजिक ग्वालियर में भारतीय शास्त्रीय संगीत का “रागरंग” प्रदर्शनी के माध्यम से एक नया आयाम देखने को मिलेगा। कलाकृतियों के साथ-साथ संगीत संजोये यह प्रदर्शनी एक नया अनुभव प्रदान करेंगी। पंडित भीमसेन जोशी, श्री हरिप्रसाद चौरसिया, बिस्मिल्ला खान साहब, पंडित जसराज, बेगम अख्तर, पंडित रविशंकर, निखिल बनर्जी, राजन-साजन मिश्रा, डागर बंधु, उस्ताद विलायत खान, मल्लिकार्जुन मंसूर, उस्ताद अली अकबर खान आदि के जीवंत पोर्ट्रेटों की यह प्रदर्शनी अपने-आपमें एक हृदय-स्पर्शी और दुर्लभ अनुभव होगी। “रागरंग” के जरिए श्री गोस्वामी ने संगीत के विभिन्न रागों को अपने अनूठे दृष्टिकोण और रंगों के माध्यम से चित्रों में ढाला है। इस पहल का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत को न केवल सुनने, बल्कि देखने और महसूस करने का अनुभव देना है। प्रो॰ कीर्ति त्रिवेदी ने चित्रों का संयोजन और प्रस्तुतीकरण किया हैं। तानसेन महोत्सव देशभर के संगीत प्रेमियों और कलाकारों को एक साथ लाने का मंच है, और इस साल दीपंकर गोस्वामी की भागीदारी इसे और भी खास बना रही है। मध्यप्रदेश टूरिज़्म बोर्ड द्वारा संचनालय पुरातत्व के सहयोग से प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। दीपंकर गोस्वामी -एक परिचय श्री दीपंकर गोस्वामी हालीवुड एनीमेशन इंडस्ट्री के वरिष्ठ स्पेशल इफेक्ट्स निर्देशक हैं। वर्ष 2019 में ऑस्कर अवॉर्ड से सम्मानित फिल्म 'स्पाइडरमैन : इन टु द स्पायडर वर्स' की टीम का हिस्सा रहे है। फ़िल्मों के अलावा वे इलस्ट्रेशन और ग्राफिक डिज़ाइन की विधाओं में भी पारंगत हैं। लास एंजेलेस निवासी श्री दीपंकर पिछले एक दशक से 'रागरंग' श्रृंखला की पेंटिंग बनाने में लगे हुए हैं- जो हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के मूर्त स्वरूप को दर्शाने का एक नूतन प्रयोग है। श्री गोस्वामी हॉलीवुड फिल्मों के कई प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं। इसमें द सी बीस्ट, विवो, किंग्समैन : द गोल्डन सर्कल, स्मर्क्स, द लॉस्ट विलेज, द अमेज़िंग स्पायडर मैन-2, मोआना जैसी फिल्में शामिल हैं। recent visitors 52

दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था हुई ख़राब, केजरीवाल ने अमित शाह को चिट्ठी लिखी, चर्चा के लिए मांगा समय

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है। केजरीवाल ने इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए अमित शाह से मिलने का समय मांगा है। अरविंद केजरीवाल ने चिट्ठी में लिखा, दिल्ली की कानून-व्यवस्था केंद्र सरकार के अधीन है। दिल्ली को अब अपराध की राजधानी के नाम से जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के 19 मेट्रो शहरों में दिल्ली महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध में नंबर वन पर है। साथ ही हत्या के मामलों में भी दिल्ली नंबर वन है। दिल्ली में जबरन वसूली वाले गैंग सक्रिय हुए हैं। एयरपोर्ट और स्कूलों को धमकी मिल रही हैं। केजरीवाल ने लिखा कि पूरी दिल्ली में लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। दिल्ली अब देश-विदेश में अपराध की राजधानी के रूप में पहचानी जा रही है। गौरतलब है कि केजरीवाल दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर केंद्र पर लगातार हमलावार रहते हैं। ‘आप’ नेता ने 7 दिसंबर को भी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट डालकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोला था। केजरीवाल ने कहा था कि भाजपा अब दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति को संभालने में सक्षम नहीं है। अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट लिखा था, "अमित शाह जी ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया। दिल्ली को जंगल राज बना दिया। चारों तरफ लोग दहशत की जिंदगी जी रहे हैं। बीजेपी से अब दिल्ली की कानून व्यवस्था नहीं संभल रही। दिल्ली वालों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।" वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की तीखी आलोचना की थी और इसकी तुलना 1990 के दशक के मुंबई से की थी। बता दें कि, दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2025 की शुरुआत में होने की उम्मीद है। 2020 के विधानसभा चुनाव में AAP ने 70 में से 62 सीटें जीती थीं और भाजपा ने आठवीं सीट हासिल की थी। recent visitors 69

गौशाला परिसर में अवैध मिट्टी उत्खनन और चरोखर भूमि पर फसल उत्पादन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश, सौंपा ज्ञापन

नर्मदापुरम मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा विकासखंड के ग्राम पीपरखेर स्थित गौशाला परिसर में अवैध मिट्टी उत्खनन और चरोखर भूमि पर फसल उत्पादन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने कलेक्टर और जिला जनपद सीईओ के नाम एक शिकायती आवेदन सौंपते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि, ग्राम-पीपरखेर में शासन की योजनाओं के अनुसार एक गोशाला का निर्माण किया गया जिसमें शासन की चरोखड़ की 35 एकड़ से ज्यादा भूमि लगी हुई है। चरोखड़ की भूमि में गौशाला संचालक के द्वारा गेंहू, चना, तुअर के साथ-साथ सब्जी का भी अवैध तरीके से उत्पादन कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। जिसका लेखा जोखा गौशाला के रिकार्ड में दर्ज नहीं होने और भूमि में पैदा की जाने वाली फसल के व्यापार की राशि का पूरी तरह गबन किया जा रहा है। जबकि इस भूमि पर के लिए चरी (गायों को चराने वाला घास) बोया जाना था। वहीं दूसरी ओर गोशाला परिसर में रात के अंधेरे में सड़क निर्माण के लिए अवैध तरीके से मिट्टी का उत्खनन कर डंपर को जब ग्रामीणों ने रोका तो डंपर चालक ने सरपंच, सचिव सहित जिम्मेदारों के नाम उल्लेख किया। गौशाला परिसर में गोवंश के अलावा मुर्गी पालन भी संचालक के द्वारा कराया जा रहा है। इतना ही नहीं एक ही परिवार मां, बेटा बहू ओर पिता को नौकरी पर रखा हुआ है। जिससे ग्रामीणों में खासी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि गौ शाला के काम में लापरवाही की जा रही है। इस मामले में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री सहित प्रदेश और विभाग के आला अधिकारियों से गौशाला के मामले में अविलंब कार्रवाई कर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। recent visitors 76

भोपाल में डिजिटल अरेस्ट का लाइव वीडियो सामने आया, फर्जी पुलिस ने एक युवक को डिजिटल अरेस्ट करने का प्रयास किया

भोपाल जिला एवं पुलिस प्रशासन और बैंक टेलीकॉम कंपनी की जागरुकता के बाद भी साइबर क्राइम के मामले कम नहीं हो रहे हैं। साइबर ठगों से सिर्फ जागरूक रहकर ही बचा जा सकता है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में डिजिटल अरेस्ट का लाइव वीडियो सामने आया है। सामने वाले ठग और फर्जी पुलिस ने एक युवक को डिजिटल अरेस्ट करने का प्रयास किया। युवक ने फर्जीवाड़ा वीडियो कॉल करने वाले का ही वीडियो बना लिया। आरोपी युवक के मोबाइल में कैद हो गया है। आरोपी ठग पुलिस की वर्दी में इंस्पेक्टर बनकर बात कर रहा था। युवक से उसका आधार कार्ड मांग रहा था। युवक ने कहा- पूरा सेटअप कैसे बनाते हो, बहुत मेहनत लगती होगी, तो ठग ने फोन काट दिया। फोन काटने के बाद भी ठग बार-बार कॉल करता रहा। पहले टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी बन नंबर के मिस यूज होने का झांसा दिया था। शाहपुरा निवासी अनिरुद्ध नाम के युवक को ठगने का प्रयास किया गया। युवक ने डिजिटल अरेस्ट का वीडियो रिकॉर्ड के साथ मामले की शिकायत पुलिस के साइबर विभाग से की है। recent visitors 80

रास महोत्सव के दौरान दुर्गा मंदिर के परिसर में लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार, 8 युवक गिरफ्तार

असम असम की राजधानी गुवाहाटी के एक मंदिर में एक लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को एक अधिकारी ने बताया कि लड़की की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को रास महोत्सव के दौरान दुर्गा मंदिर के परिसर में लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था। आरोपियों की उम्र 18 से 23 वर्ष के बीच है। अपराधियों ने कथित तौर पर इस रेपकांड को मोबाइल में फिल्माया और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसे वायरल कर दिया। वीडियो लगभग तीन सप्ताह बाद सामने आया। गुवाहाटी पश्चिम के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पद्मनाभ बरुआ ने कहा, “नौ आरोपियों में से आठ रॉबिन दास, कुलदीप नाथ (23), बिजॉय राभा (22), पिंकू दास (18), गगन दास (21), सौरव बोरो (20), मृणाल राभा (19) और दीपांकर मुखिया (21) को गिरफ्तार कर लिया गया है। सर्च अभियान जारी है। हमने अभी तक पीड़िता का पता नहीं लगाया है। हमारे सूत्रों के अनुसार उसे एक सप्ताह पहले एक सार्वजनिक स्थान पर देखा गया था।” उन्होंने कहा कि हमले में शामिल नौवें व्यक्ति को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। गुवाहाटी के गोरचुक पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी धर्मेंद्र कलिता को शुक्रवार को लगभग 2.30 बजे एक व्हाट्सएप पर वीडियो मिला। डीसीपी ने कहा कि उन्होंने शुरुआत में गुवाहाटी के बोरागांव इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उन्होंने इस कांड में शामिल दूसरे आरोपियों के भी नाम बताए। उन्होंने कहा, “पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर हमारे अधिकारियों ने नूनमाटी और जालुकबारी जैसे इलाकों में छापेमारी की। सुबह तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और दो फरार थे। शाम तक एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।” पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 17 नवंबर की शाम को लड़की एक आरोपी के साथ रास महोत्सव के लिए मंदिर आई थी। डीसीपी ने कहा, "नशे में धुत नौ आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया और इसे कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।" उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि अगर उन्हें किसी भी सोर्स से वीडियो मिले तो उसे किसी को न भेजें। उन्होंने कहा, "इस वीडियो को शेयर करना एक आपराधिक कृत्य है और हम इसे शेयर करने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।" बोरागांव इलाके के स्थानीय लोगों ने कहा कि मंदिर और उसके आसपास का इलाका शराब और नशीली दवाओं के सेवन का अड्डा बन गया है। कुछ महिलाओं ने दावा किया कि उन्हें पहले भी ऐसे लोगों ने निशाना बनाया है। एक महिला ने कहा, "नशे में धुत युवक अक्सर मंदिर में आने वाली महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं। बुजुर्ग महिलाओं को भी इसका सामना करना पड़ता है। हमने कई बार पुलिस को इसकी शिकायत की। अगर पहले कार्रवाई की गई होती तो इस घटना को रोका जा सकता था।" recent visitors 45

कैबिनेट की मुहर के बाद अब 16 दिसंबर को एक देश-एक चुनाव बिल के साथ इन अहम बिलों को सदन में किया जाएगा पेश…

नई दिल्ली मोदी कैबिनिट की मुहर लगने के बाद सोमवार 16 दिसंबर को एक देश एक चुनाव बिल को संसद में पेश किया जाएगा। केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस बिल को लोकसभा में पेश करेंगे। यह एक सौ उनतीसवां संशोधन विधेयक होगा। बता दें कि एक देश एक चुना के लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को समिति का चेयरमैन बनाया गया था। उनकी सिफारिशों के बाद अब इसे कैबिनेट से भी पास कर दिया गया है। दो दिन पहले ही कैबिनेट ने दी थी हरी झंडी रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में बनी समिति ने मोदी कैबिनेट को सिफारिश भेजी थी जिसके बाद इसपर मुहर लगा दी गई। अब केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस बिल को संसद में पेश करेंगे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रैली में भी इसकी जरूरत को बताया था। र्व राष्ट्रपति कोविंद ने इस पहल को भारत के लोकतंत्र के लिए "गेम-चेंजर" बताया था। मेघवाल संविधान (129वां संशोधन) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक पेश करेंगे। इन मसौदा कानूनों का उद्देश्य देश भर में एक साथ चुनाव कराना है। विपक्ष इस बिल के खिलाफ एनडीए के घटक दल इसके समर्थन में हैं तो वहीं कांग्रेस, आप और तृणमूल कांग्रेस सहित भारत गुट के तहत विपक्षी दलों ने क्षेत्रीय स्वायत्तता और चुनावी निष्पक्षता पर एक साथ चुनावों के प्रभाव के बारे में चिंता जताई है। उनका तर्क है कि यह कदम सत्ता को केंद्रीकृत कर सकता है और संघीय सिद्धांतों को कमजोर कर सकता है। कोविंद के नेतृत्व वाले पैनल ने जर्मनी,इंडोनेशिया और जापान जैसे देशों में चुनावी प्रणालियों की समीक्षा की थी। उनका कहा था कि एक साथ चुनाव प्रशासनिक स्थिरता ला सकते हैं,मतदाताओं की भागीदारी को प्रोत्साहित कर सकते हैं और संभावित रूप से जीडीपी को 1.5% तक बढ़ा सकते हैं। देश में एक साथ चुनाव कराने की सिफारिश भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का 2 सितंबर 2023 को गठन किया गया था. इसका मकसद एक साथ चुनाव कराने के लिए सिफारिशें करना. कोविंद समिति ने 14 मार्च 2024 को राष्ट्रपति को अपनी सिफारिशें सौंपी थी, जिसमें लोकसभा और सभी विधायिकाओं के लिए एक साथ चुनाव कराने की सिफारिश की गई थी. कोविंद कमिटी ने पहले चरण में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव कराने की सिफारिश थी. उसके 100 दिनों के भीतर स्थानीय निकाय के चुनाव कराने की सिफारिश की थी. इस समिति में रामनाथ कोविंद समेत आठ सदस्य थे. recent visitors 35

पीपुल्स ग्रुप की 280 करोड़ की सम्पत्ति ED ने की कुर्क

भोपाल  एक समय भोपाल की प्रमुख जगहों पर निर्माण और अपनी भव्यता के लिए मशहूर रहे पीपुल्स समूह को बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने समूह की भोपाल में 280 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर ली है। प्रवर्तन निदेशालय ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में की है। ईडी के अनुसार पीपुल्स समूह को विदेशी निवेशकों से 494 करोड़ रुपये का निवेश मिला था। इसके बाद पीपुल्स ग्रुप के सदस्यों ने यह राशि निकालकर व्यक्तिगत खर्च के उपयोग कर ली। बाद में इस मामले की शिकायत पीएमएलए कोर्ट में शिकायत की गई थी। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई ईडी ने पीपुल्स ग्रुप की कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय ग्वालियर, पीपुल्स इंटरनेशनल, सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, पीजीएच इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड, पीपुल्स जनरल हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड और अन्य के खिलाफ कंपनी अधिनियम 2013 की धारा 447 के अंतर्गत जांच की। इस जांच में सामने आया कि पीपुल्स ग्रुप के सदस्यों ने एफडीआई राशि का उपयोग कर खुद को समृद्ध किया है। राशि में गड़बड़ी करने के लिए समूह के लोगों ने संदिग्ध तरीकों और साधनों का उपयोग किया है। राशि में गड़बड़ी करने के लिए समूह के लोगों ने संदिग्ध तरीकों और साधनों का उपयोग किया है। इसके चलते 3 कंपनियों के शेयरधारकों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। आपको बता दें कि पीपुल्स ग्रुप की कंपनी पीपुल्स इंटरनेशनल एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, पीजीएच इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड और पीपुल्स जनरल हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड को प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के तहत 494 करोड़ रुपए की राशि मिली थी। वर्ष 2000-2011 के दौरान पीपुल्स ग्रुप ने इस राशि को निकाल लिया था। इसके अलावा ऋण, सिक्योरिटी डिपाजिट और अग्रिम राशि भी वर्ष 2000 से 2022 के दौरान निकाली गई है। यह संपत्ति हुई है कुर्क 280 करोड़ रुपए की कुर्क प्रॉपर्टी में जो संपत्ति शामिल हैं, उसमें पीपुल्स स्वामित्व और शेयर की संपत्ति हैं- पीपुल्स इंटरनेशनल एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, पीजीएच इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड, पीपुल्स जनरल हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, भोपाल में एक आवासीय संपत्ति और विभिन्न बैंक खाते। पहले भी हुई कार्रवाई गौरतलब है कि इसी मामले के पहले भी ईडी ने एक नवंबर 2023 को 230.4 करोड़ की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की थी। इसमें ग्रुप की भूमि, भवन और मशीनरी, कॉलेज, स्कूल, प्रशिक्षण केंद्र, पेपर मिल, अखबारी कागज, मशीनरी शामिल हैं। बता दें कि पीपुल्स ग्रुप की कुर्क की गई ज्यादातर प्रॉपर्टी भोपाल के भानपुर क्षेत्र में है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले नवंबर 2023 में भी भोपाल के पीपुल्स ग्रुप की 230.4 करोड़ की संपत्ति अटैच की थी। निदेशालय ने इसकी जानकारी गुरुवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करके दी थी। प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) 2002 के तहत मामले दर्ज हुए थे। इसमें कार्रवाई करते हुए ईडी ने पीपुल्स कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेस एंड रिसर्च सेंटर, पीपुल्स यूनिवर्सिटी, पीपुल्स इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की जमीन, पेपर मिल, बिल्डिंग और मशीनरी को अटैच किया है। होटल राजा भोज को भी अटैच किया गया था। recent visitors 56