जमीन विवाद में पर हमले में महिला गंभीर घायल, राजस्थान-जालौर में भतीजे ने चाकू से बुआ की नाक काटी

जालौर। जालौर जिले के सायला थाना क्षेत्र के मोकणी गांव में जमीनी विवाद के चलते एक कलयुगी भतीजे ने अपनी ही बुआ पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में महिला की नाक बुरी तरह से कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार पीड़िता कुकी देवी अपने भाई रमेश के साथ जमीन विवाद सुलझाने के लिए मोकणी गांव गई थीं। विवाद एक प्लॉट पर कब्जे को लेकर था, जिसे मुख्य आरोपी ओमप्रकाश ने अपने नियंत्रण में लिया हुआ था। बातचीत के दौरान ओमप्रकाश ने गुस्से में आकर चाकू से कुकी देवी पर हमला कर दिया। हमले में कुकी देवी की नाक कट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों ने कुकी देवी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पाली रैफर किया गया, जहां उनकी नाक जोड़ने के लिए ऑपरेशन किया जाएगा। घटना के तुरंत बाद सायला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ओमप्रकाश सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के भाई रमेश का कहना है कि ओमप्रकाश ने उनके प्लॉट पर कब्जा कर रखा था, जिसके कारण लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुकी देवी इस विवाद को शांतिपूर्वक हल करने के लिए ओमप्रकाश से बात करने गई थीं, लेकिन बातचीत के दौरान उसने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। recent visitors 51

खजराना गणेश मंदिर में तिल चतुर्थी पर तीन दिन का मेला लगेगा, नए साल पर आते हैं लाखों श्रद्धालु

इंदौर खजराना गणेश मंदिर लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र है। नए साल और तिल चतुर्थी को लेकर यहां पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही है। इसे लेकर कलेक्टर आशीष सिंह ने एक बैठक की, जिसमें कई निर्देश दिए गए।नए साल और तिल चतुर्थी पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएगी। मंदिर में साज-सज्जा होगी। भक्तों के लिए कई सुविधाएं जुटाई जाएगी। तिल चतुर्थी पर मंदिर में तीन दिन का मेला भी लगेगा। 20 दिसंबर को भक्त निवास और प्रवचन हॉल का सीएम डॉ. मोहन यादव द्वारा लोकार्पण करना भी प्रस्तावित है। खजराना मंदिर परिसर में हुई बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह, अपर कलेक्टर ज्योति शर्मा, डीसीपी अमरेंद्र सिंह, मुख्य पुजारी अशोक भट्ट और जयदेव भट्ट भी शामिल रहें। नए साल पर आते हैं लाखों श्रद्धालु 31 दिसंबर और 1 जनवरी को लाखों की संख्या में भक्त भगवान गणेश के दर्शन करने मंदिर आते हैं। इसे देखते हुए भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि मंदिर में ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे किसी भी भक्त को परेशानी न हो। आसानी से भक्तों को दर्शन हो सकें। ट्रैफिक, पार्किंग, कतारबद्ध दर्शन, पानी, लाइट आदि की उचित व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया है। ऐसी रहेगी व्यवस्थाएं     पूरा मंदिर परिसर दो दिन तक लाइटों से विशेष रूप से सजेगा।     झिग-झेग और स्टेपिंग के जरिए दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। दर्शन के लिए मंदिर पहुंच मार्ग (एकांकी) रहेगा।     सीसीटीवी कैमरों से यहां पर निगरानी रखी जाएगी।     अस्थायी रूप से अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।     आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था भी रखी जाएगी। तीन दिन लगेगा मेला तिल चतुर्थी उत्सव 17 से 19 जनवरी तक मनाया जाएगा। मेला आयोजन के साथ कई प्रोग्राम भी होंगे। भगवान गणेश का स्वर्ण आभूषणों से विशेष श्रृंगार होगा। पूरे मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा। मंदिर के प्रस्तावित मास्टर प्लान के संबंध में भी बैठक में चर्चा की गई। इसका डीपीआर तैयार किया जा रहा है। बैठक में मंदिर के आय-व्यय के संबंध में भी बात की गई। 20 दिसंबर को सीएम के हाथों लोकार्पण प्रस्तावित खजराना गणेश मंदिर में भक्तजनों की सुविधा के लिए भक्त निवास बनाया गया है। प्रवचन हॉल भी तैयार किया गया है। इन दोनों सुविधाओं का सीएम डॉ. मोहन यादव द्वारा 20 दिसंबर को लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। इस मौके पर आयोजित किए जाने वाले प्रोग्राम की तैयारियों की कलेक्टर आशीष सिंह ने मौके पर मुआयना कर समीक्षा की। उन्होंने प्रोग्राम के संबंध में प्रस्तावित तैयारियों का भी निरीक्षण किया। recent visitors 22

आयकर विभाग के अफसरों ने टीम के साथ भोपाल के आधा दर्जन से अधिक इलाकों में छापेमारी की

भोपाल आयकर विभाग ने बुधवार सुबह भोपाल में त्रिशूल कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक राजेश शर्मा और उनके आधा दर्जन सहयोगियों के ठिकानों पर छापा मार कार्रवाई की हैं।खनन और कंस्ट्रक्शन कारोबार से जुड़े राजेश शर्मा पूर्व मुख्य सचिव के करीबी माने जाते हैं। इसके साथ ही पूर्व मंत्री से भी उनकी नजदीकी बताई जा रही है। आयकर विभाग के अफसरों ने टीम के साथ भोपाल के आधा दर्जन से अधिक इलाकों में छापेमारी की है। नीलबड़, रातीबड़, सूरज नगर, मेंडोरा के अलावा भोपाल के कस्तूरबा नगर स्थित राजेश शर्मा के आवास पर सीआरपीएफ टीम के साथ आयकर विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। राजेश शर्मा के अलावा उनके सहयोगी दीपक भावसार, विनोद अग्रवाल और अन्य ठिकानों पर भी कार्यवाही जारी है राजेश शर्मा त्रिशूल कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक होने के साथ भोपाल में क्रेशर संचालकों के संगठन का नेतृत्व भी करते रहे हैं। उनके द्वारा राजधानी और आसपास के इलाकों में खदानों के ठेके और क्रेशर संचालन का काम भी किया जाता रहा है। इसके साथ ही वे कंस्ट्रक्शन कारोबार से भी जुड़े हैं। सीएम राइज स्कूल का ठेका भी मिला था त्रिशूल कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक राजेश शर्मा की सत्ता पक्ष के कई नेताओं से खासी दोस्ती है। इसके चलते ही शर्मा को सीएम राइज स्कूलों के कंस्ट्रक्शन का भी कार्य से मिला है। रायसेन का सीएम राइज स्कूल शर्मा द्वारा ही बनाया जा रहा है। शर्मा बीजेपी सरकार में पूर्व मंत्री रहे रामपाल सिंह के करीबी बताए जाते हैं। इसके अलावा स्टोन क्रेशर के कारोबार से भी शर्मा और उनके सहयोगियों ने मोटी कमाई की है। मौके पर दो दर्जन से ज्यादा CRPF जवान मौजूद जानकारी के मुताबिक मौके पर 25-30 CRPF जवान मौजूद हैं। इसके साथ ही एक रियल एस्टेट कारोबारी के यहां भी आईटी के छापे की खबर है। दोनों जगहों पर इनकम टैक्स की छापेमार कार्रवाई जारी है। इनके यहां भी IT का छापा इसके अलावा दीपक भावसार, विनोद अग्रवाल, रूपम शिवानी के यहां भी आईटी के छापे की खबर है। ये सभी जमीन की खरीद ब्रिकी का काम करते हैं।   recent visitors 35

मेघा वर्मा ने किया पदभार ग्रहण, राजस्थान-सवाई माधोपुर की नगर परिषद में नए कार्यवाहक सभापति की नियुक्ति

सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर नगर परिषद को एक बार फिर नया सभापति मिला है। बुधवार को वार्ड नंबर 23 की पार्षद मेघा वर्मा ने कार्यवाहक सभापति का पदभार संभाला। उल्लेखनीय है कि तत्कालीन सभापति विमल महावर के रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार होने के बाद यह पद खाली हो गया था। मेघा वर्मा ने बुधवार दोपहर को अपने परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर नगर परिषद कार्यालय में आयुक्त पंकज मीणा ने उन्हें कार्यभार ग्रहण करवाने की औपचारिकताएं पूरी कीं। पदभार ग्रहण करने के बाद मेघा वर्मा ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और पर्यटन के दृष्टिकोण से क्षेत्र को समृद्ध बनाना होगा। उन्होंने विकास के नए आयाम स्थापित करने की प्रतिबद्धता जताई। गौरतलब है कि पूर्व सभापति विमल महावर के रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद नगर परिषद में लगातार बदलाव हुए हैं। इस दौरान कई कार्यवाहक सभापति अल्प अवधि के लिए नियुक्त किए गए। इससे पहले वार्ड नंबर 14 के पार्षद सुनील कुमार तिलकर ने कार्यवाहक सभापति के रूप में अपना छह माह का कार्यकाल पूरा किया। कार्यभार ग्रहण करने के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर के विभिन्न वार्ड पार्षदों ने मेघा वर्मा का फूल मालाओं से स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। पदभार संभालने के बाद मेघा ने नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने की बात कही। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाओं पर कार्य करने की बात दोहराई। recent visitors 43

अश्विन, एक ऐसा नाम जो महारत, जादू, प्रतिभा और नवाचार का पर्याय है : बीसीसीआई

ब्रिस्बेन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने संन्यास लेने वाले ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका नाम खेल में महारत, जादू, प्रतिभा और नवाचार लाने का पर्याय रहेगा। बुधवार को ब्रिस्बेन में तीसरा टेस्ट ड्रॉ होने के तुरंत बाद, अश्विन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से तुरंत संन्यास लेने की घोषणा की, जिससे भारत के लिए सभी प्रारूपों में खेलने का उनका 14 साल का लंबा करियर खत्म हो गया। बीसीसीआई ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “धन्यवाद अश्विन। एक ऐसा नाम जो महारत, जादू, प्रतिभा और नवाचार का पर्याय है। बेहतरीन स्पिनर और टीमइंडिया के अमूल्य ऑलराउंडर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। शानदार करियर के लिए बधाई, अश्विन के संन्यास की घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस अनुभवी स्पिनर को शुभकामनाएं देने वालों की बाढ़ आ गई है। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आपको एक युवा गेंदबाज से आधुनिक क्रिकेट के दिग्गज के रूप में विकसित होते देखने का सौभाग्य कुछ ऐसा है जिसे मैं दुनिया के लिए भी नहीं बदलूंगा! मुझे पता है कि आने वाली पीढ़ियां गेंदबाजों को कहेंगी कि मैं अश्विन की वजह से गेंदबाज बना! तुम्हारी कमी खलेगी भाई!” अश्विन ने 106 टेस्ट मैचों में 24 की औसत से 537 विकेट लेकर अपने करियर का अंत किया और दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले के बाद भारत के दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने बल्ले से छह टेस्ट शतक और 14 अर्द्धशतक भी लगाए। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच एडिलेड में डे-नाइट टेस्ट था, जहां उन्होंने 1-53 विकेट लिए थे। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने टिप्पणी की, “शानदार क्रिकेट करियर के लिए अश्विन को बधाई। एक टेस्ट क्रिकेटर के रूप में आपकी महत्वाकांक्षा सराहनीय थी। एक दशक से भी ज़्यादा समय तक भारतीय स्पिन के ध्वजवाहक बने रहने के लिए बधाई। अपनी उपलब्धियों पर बहुत गर्व है और उम्मीद है कि अब हम आपसे और भी ज़्यादा मिलेंगे।” भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफ़ान पठान ने लिखा, “एक बेहतरीन मैच विजेता, टेस्ट क्रिकेट में भारत के दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ के तौर पर संन्यास लेना किसी यादगार पल से कम नहीं है। इसे उनके अमूल्य बल्लेबाजी योगदान के साथ जोड़ दें, तो आपको खेल के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक मिल जाएगा। शाबाश, ऐश!” भारत के पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने लिखा, “एक महान खिलाड़ी ने संन्यास लिया। एक शानदार करियर के लिए शाबाश। आपके साथ खेलने पर गर्व है और निश्चित रूप से तमिलनाडु से खेलने वाले अब तक के सबसे महान खिलाड़ी। ढेर सारा प्यार और परिवार तथा दोस्तों के साथ कुछ आराम के पल बिताइए।” पूर्व क्रिकेटर डब्ल्यूवी रमन ने लिखा , “बहुत बढ़िया .. शानदार लंबे स्पैल को शालीनता और संयम के साथ समाप्त किया। आपकी यात्रा को देखने में मज़ा आया और सबसे महत्वपूर्ण बात, अपनी स्वतंत्र भावना को बाधित न करने के लिए आपको बधाई। आपकी भविष्य की यात्राओं के लिए शुभकामनाएं।” अश्विन ने भारत के लिए 116 वनडे मैच भी खेले, जिसमें उन्होंने 156 विकेट लिए और 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीमों के सदस्य रहे। अश्विन ने 65 टी20 मैच भी खेले और 72 विकेट लिए। टेस्ट में, अश्विन भारतीय टीम के 12 साल लंबे घरेलू वर्चस्व में केंद्रीय व्यक्तियों में से एक थे और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 2020/21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अश्विन टेस्ट में 3000 रन और 300 विकेट का डबल हासिल करने वाले 11 ऑलराउंडरों में से एक थे। उन्होंने मुथैया मुरलीधरन के बराबर रिकॉर्ड 11 प्लेयर-ऑफ-द-सीरीज़ पुरस्कार भी जीते।   recent visitors 47

उच्चतम न्यायालय के निर्णय के कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. शाहिद अली की सेवा समाप्त

रायपुर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. शाहिद अली की सेवा समाप्त कर दी गई है. इसका आदेश उच्चतम न्यायालय के निर्णय के आधार पर विश्वविद्यालय ने जारी किया है. शाहिद अली जनसंचार विभागाध्यक्ष थे. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के परिपालन में 2024 में दायर यचिका क्रमांक एसएलपी 10563 के डिस्पोज ऑफ (खारिज) होने पर विश्वविद्यालय ने सेवा समाप्ति का आदेश जारी कर दिया है. बता दें कि डॉ. शाहिद अली फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर केटीयू में नौकरी कर रहा था. उनका स्टे सुप्रीम कोर्ट ने 27 नवंबर 2024 को हटा दिया था. हाईकोर्ट की डबल बेंच ने 14 फरवरी को नियुक्ति रद्द करने का आदेश जारी किया था और 13 जुलाई 23 को उन्हें पक्ष रखने का अवसर दिया गया था. इसके बाद प्रोफेसर अली के दस्तावेजों में कमी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई थी. यह पूरा मामला डॉ. आशुतोष मिश्रा की शिकायत पर सामने आया था. recent visitors 35

‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को मन से लागू करें’, राजस्थान-जयपुर में राष्ट्रीय कार्यशाला में बोले राज्यपाल

जयपुर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को मन से लागू करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह नीति ऐसी है, जिससे भारत आने वाले समय में वैश्विक ज्ञान में महाशक्ति बन सकेगा। उन्होंने कहा कि यह शिक्षा नीति नैतिक मूल्यों से मनुष्य को जोड़ने वाली है। इससे देश के लोग सुनागरिक बनने की राह पर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने नवीन राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रभावी रूप में लागू करने और शिक्षकों को इसमें अपनी महती भागीदारी निभाने का आह्वान किया। श्री बागडे बुधवार को राजस्थान विश्वविद्यालय, आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा विभाग और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला "राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020" में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा पाठ्यपुस्तकों  का अध्ययन ही नहीं है, यह व्यक्ति को मानवीय मूल्यों से  ओतप्रोत करने का मार्ग भी है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की चर्चा करते हुए कहा कि वह सदा व्यक्ति नहीं समग्र पर जोर देते थे। नई शिक्षा नीति इसी दृष्टिकोण से जुड़ी है। राज्यपाल ने कहा कि नई शिक्षा नीति में मानव मूल्यों को ही प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक नए से नए ज्ञान से अपने को जोड़े रखेगा तभी विद्यार्थी की बौद्धिक क्षमता का निर्माण कर पाएगा। उन्होंने शिक्षकों को मन से विद्यार्थियों को पढ़ाई कराने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि मैकाले ने भारतीय शिक्षा नीति को पूरी तरह से पश्चिमीकरण करने का प्रयास किया। देश में शिक्षा आयोग और नीतियां बनी परंतु हम पश्चिम की सोच से मुक्त नहीं हुए। शिक्षा में मातृ भाषा और जीवन व्यवहार की शिक्षा जरूरी है। नई शिक्षा नीति इसी से जुड़ी है। इसलिए इसे व्यवहार में लागू करने के लिए सभी प्रयास करें। राज्यपाल ने कहा कि भारत ज्ञान विज्ञान में आरंभ से ही समृद्ध रहा है। उन्होंने भास्कराचार्य का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने शून्य का जो वैज्ञानिक निष्कर्ष अपने समय में दिया, उसे ही पश्चिम के लोगों ने ग्रहण कर लिया।  उन्होंने कहा कि भारत अपने ज्ञान से विश्वगुरु था। फिर से उस ज्ञान परंपरा  को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।राज्यपाल ने इस अवसर पर कार्यशाला की स्मारिका का भी लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री डा. प्रेमचंद बैरवा ने नई शिक्षा नीति को प्राचीन भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा से जुड़ा बताते हुए कहा कि दशकों तक शिक्षा में जड़ता रही है। रटने पर ही शिक्षा में जोर दिया जाता रहा है परन्तु नई शिक्षा नीति समता आधारित समाज निर्माण के साथ समावेशी दृष्टिकोण लिए समस्या समाधान कौशल को बढ़ावा देने वाली है। शिक्षा संस्कृति न्यास के डॉ. अतुल कोठारी ने नई शिक्षा नीति को अपनाने के लिए उसे व्यवहार में लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही देश को बदला जा सकता है। देश को विकास की नई राह दिलाई जा सकती है। उन्होंने शिक्षा संस्कृति न्यास के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया। कॉलेज शिक्षा आयुक्त श्रीमती आरुषि मलिक ने भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा उच्च शिक्षा में किए जाने वाले नवाचारों के बारे में अवगत कराया। कॉलेज आयुक्त श्री ओमप्रकाश बैरवा ने नई शिक्षा निति क्रियान्वयन के लिए दो दिवसीय कार्यशाला में होने वाली चर्चा के बारे जानकारी दी। राजस्थान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अल्पना कटेजा ने स्वागत उद्बोधन दिया। श्री नितिन कासलीवाल ने कार्यक्रम का संयोजन किया। recent visitors 40