Wednesday, July 8, 2026 3:00 am

भारत को विश्‍व की अग्रणी अर्थव्‍यवस्‍थाओं में लाने के लिए म.प्र. प्रतिबद्ध : उपमुख्यमंत्री देवड़ा

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि मध्‍यप्रदेश सरकार यशस्‍वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में भारत को समग्र रूप से विकसित करने तथा विश्‍व की अग्रणी अर्थव्‍यवस्‍थाओं की श्रेणी में लाने के लिए समर्पित और प्रतिबद्ध है। उज्जैन में 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्‍थ महापर्व की चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सिंहस्थ क्षेत्र में सुनियोजित रूप से विकास व जन-सुविधाओं की भी व्‍यापक व्‍यवस्‍था के लिए आगामी बजट में 'सिंहस्‍थ' आयोजन के लिए प्रावधान का अनुरोध किया। केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्थान के जैसलमेर में राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्रियों के साथ हुई प्री बजट मीटिंग में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि विशेष पूंजीगत सहायता योजना के संबंध में आम जनता के जीवन-यापन में सकारात्‍मक परिवर्तन भी हो रहा है। वित्‍तीय वर्ष 2022-23 में प्रदेश का कुल पूंजीगत व्‍यय रूपये 46 हजार 798 करोड़ था जो लगभग 23 प्रतिशत वृद्धि के साथ वर्ष 2023-24 में रूपये 57 हजार 348 करोड़ रहा है। उन्होने कहा कि वर्ष 2024-25 में लगभग रूपये 64 हजार 738 करोड़ का पूंजीगत व्‍यय अनुमानित है। वर्ष 2024-25 के लिए रूपये 6 हजार 187 करोड़ 73 लाख की राशि प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार को धन्‍यवाद दिया। उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने राज्य की ओर से बजट की तैयारी से संबंधित सुझाव देते हुए कहा कि केन्द्र और राज्‍य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत वित्‍त पोषित राष्‍ट्रीय वृद्धावस्‍था पेंशन, राष्‍ट्रीय विधवा पेंशन एंव राष्‍ट्रीय नि:शक्‍त पेंशन योजनाओं में वित्‍त पोषण की वर्तमान व्‍यवस्‍था पर पुर्नविचार की आवश्‍यकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के मध्‍य प्रतिवर्ष 0.29 प्रतिशत से लेकर 0.44 प्रतिशत तक की जीवन-प्रत्‍याशा में वृद्धि हुई है। इस तथ्‍य के परिणामस्‍वरूप योजनान्‍तर्गत हितग्राहियों की वर्तमान पंजीबद्ध संख्‍या 24 लाख 14 हजार से बढ़कर 29 लाख 43 हजार होना अनुमानित है। केन्‍द्र सरकार द्वारा मात्र 15 लाख 75 हजार हितग्राहियों के मान से ही वित्‍त पोषण किए जाने से राज्‍य सरकार को अतिरिक्‍त व्‍यय वहन करना पड़ रहा है। इस तथ्य के प्रकाश में वर्ष 2013-14 में योजना के हितग्राहियों की संख्‍या की अधिकतम सीमा के पुनरीक्षण पर विचार किया जाना चाहिए। जल जीवन मिशन की शेष राशि जारी करने का आग्रह जल जीवन मिशन योजना के लिये उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि केन्‍द्र से मिशन की दूसरी किश्‍त की द्वितीय व तृतीय ट्रेंच की राशि रूपये 1 हजा़र 422 करोड़ की राशि प्राप्‍त नहीं होने से राज्‍य सरकार ने स्‍वयं के स्‍त्रोतों से योजनाओं के कार्यों को जारी रखा है। वर्ष 2024-25 में इन कार्यों के लिए रूपये 17 हजा़र करोड़ की आवश्‍यकता अनुमानित है, जिसमें केन्‍द्र की सहभागिता के अनुसार प्रदेश को रूपये 8 हजा़र 500 करोड़ की राशि भारत सरकार से अपेक्षित है। उन्होंने केन्‍द्रांश के लिए रूपये 4 हजा़र 456 करोड़ का अतिरिक्‍त प्रावधान करने और द्वितीय किश्‍त की शेष राशि रूपये 1 हजा़र 422 करोड़ उपलब्‍ध कराने का आग्रह किया। खाद्यान्‍न उपार्जन की लागत के व्‍ययों की प्रतिपूर्ति दरों का पुर्ननिर्धारण उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि उपार्जन में विभिन्‍न मदों जैसे निराश्रित शुल्‍क, मण्‍डी लेबर व्‍यय, परिवहन व्‍यय, सोसायटी को कमीशन, ब्‍याज, भण्‍डारण व्‍यय, मिलर्स को प्रोत्‍साहन, बारदाना लागत आदि में किए जा रहे व्‍ययों तथा केन्‍द्र द्वारा निर्धारित दरों में अन्‍तर है। केन्‍द्र के स्‍तर पर दरों का पुनरीक्षण नहीं होने से सभी मदों में राज्‍य सरकार पर अतिरिक्‍त व्‍यय भार आ गया है। इस परिप्रेक्ष्‍य में केन्द्र से दरों के शीघ्र पुनरीक्षण अनुरोध है। ग्रामीण सड़को के निर्माण, महात्‍मा गांधी राष्‍ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना एवं स्‍वच्‍छ भारत मिशन जैसे जन-सुविधाओं के कार्यक्रमों में मध्‍यप्रदेश के निरन्‍तर सराहनीय प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने ग्रामीण सड़कों की लम्‍बाई के मान से सड़कों के संधारण व रख-रखाव के लिए 60 व 40 प्रतिशत के अनुपात में केन्‍द्र से वित्‍तीय सहभागिता का अनुरोध किया। उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि महात्‍मा गांधी राष्‍ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना में केन्‍द्र सरकार द्वारा अधिसूचित मजदूरी दर, कृषि श्रमिकों के लिए अधिसूचित मजदूरी दर से कम है। इसके परिणामस्‍वरूप मजदूरी नियोजन में कमी आई है। केन्द्र सरकार से प्रशासनिक मद में व्‍यय की 6 प्रतिशत राशि की सीमा को बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनुसूचित जनजाति वर्ग के उत्थान एवं जीवन सुधार के मद्देनजर एक वर्ष में 100 दिवस के रोजगार की बजाय 150 दिवस के रोजगार की गारण्‍टी का प्रावधान करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों और भू-जल स्‍तर की गिरावट वाले क्षेत्रों में जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए वाटर शेड विकास परियोजनाओं के विकास के लिए बजट में विशेष रूप से प्रावधान करने का अनुरोध किया। recent visitors 48

दो लाख 11 हजार से अधिक किसानों से खरीदी गई 14 लाख मीट्रिक टन धान, समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 20 जनवरी तक

भोपाल खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अभी तक दो लाख 11 हजार 780 किसानों से 14 लाख 9 हजार 493 मीट्रिक टन धान की खरीदी उपार्जन केन्द्रों में हो चुकी है। धान की खरीदी के लिये 1358 उपार्जन केन्द्र बनाये गये हैं। धान का उपार्जन 20 जनवरी 2025 तक किया जायेगा। धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रूपये और धान ग्रेड-ए का 2320 रूपये है। धान की खरीदी जिला पन्ना में 36,875, दमोह 26,655, सागर 5110, शहडोल 73,311, अनूपपुर 30,512, उमरिया 40,488, रीवा 1 लाख 61 हजार 640, सतना 1 लाख 57 हजार 85, सिंगरौली 56,394, सीधी 40,959, मऊगंज 39,672, मैहर 51,501, सीहोर 8682, रायसेन 11, 409, विदिशा 518, नर्मदापुरम 54,276, बैतूल 15,243, हरदा 129, कटनी 1 लाख 47 हजार 850, बालाघाट 1 लाख 82 हजार 287, मंडला 77,746, नरसिंहपुर 32,145, सिवनी 58,286, जबलपुर 89,045, डिंडोरी 8720, छिंदवाड़ा 2597, भिण्ड 207, शिवपुरी 92, अलीराजपुर 46 और झाबुआ जिले में 13 मीट्रिक टन की जा चुकी है।   recent visitors 51

पूवर्ती में अब गोलियों की गूंज नहीं, बज रही शहनाई

घोर नक्सल इलाकों में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से हो रही है नई जिंदगियों की शुरुआत रायपुर, छत्तीसगढ़ के घोर नक्सल इलाकों से अब सुखद तस्वीरें निकलना शुरु हो गई हैं। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन के एक साल में नक्सल उग्रवाद के कदम पीछे हट रहे हैं, साथ ही नक्सल पीड़ित जिंदगी की नई शुरुआत करने की तरफ अपना पहला कदम बढ़ा चुकें हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सरकार के कार्यकाल में नक्सल प्रभावित गांव अब खुशहाल हो रहे हैं। दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय के मेंढका डोबरा मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनान्तर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जिलेभर के 220 वर वधु परिणय सूत्र में बंधे। इन्हीं में एक जोड़ा पूवर्ती गांव का है। पूवर्ती नक्सली हिड़मा और देवा का गांव है, सरकार बदलने के बाद अब पूवर्ती की तस्वीर बदल रही है। कैम्प खुलने के बाद पूवर्ती के लोग भयमुक्त जी रहे हैं और सरकार की योजनाएं उनका जीवन बदल रही है, जिसके कारण अब पूवर्ती में तैनात जवान ने एक नक्सल पीड़िता के साथ शादी रचाकर नई जीवन की शुरुआत की है। इन 220 जोड़ों में नियद नेल्ला नार गांव के दो जोड़ों ने भी सात जन्मों तक साथ रहने की कसम खाई है। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय सरकार आने बाद नक्सलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से ग्रामीणों का हौसला लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब और किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होकर निर्धन परिवारों को विकास की ओर अग्रसर होने का अवसर मिल रहा है। दंतेवाड़ा जिले के दूरस्थ क्षेत्र में यह सामूहिक कन्या विवाह में आज 220 जोड़े दाम्पत्य सूत्र में बंधकर गृहस्थ जीवन में कदम रख रहे हैं। यह सब राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से फलीभूत हुआ है, जो सरकार की गरीब परिवारों की सेवा करने की कटिबद्धता को दर्शाता है। इसके अलावा महिला बाल विकास विभाग के मैदानी कर्मचारी भी बधाई के पात्र है जिन्होंने विभिन्न ग्रामों पारा, टोले, मोहल्लों से विवाह योग्य युवक-युवतियों का पंजीयन कर सामूहिक विवाह से लाभान्वित किया। नियद नेल्ला नार ग्राम धुरली के दो जोड़े भी हुए सामूहिक विवाह से लाभान्वित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार एवं सप्तपदी के पावन वचनों को अंगीकार करने वाले जोड़ों में से दो जोड़े नियद नेल्ला नार ग्राम धुरली के निवासी थे। इनमें सुश्री सीमा भास्कर एवं सुदरी तेलाम भी शामिल थी। सीमा 10वीं पास है और नगर पालिका परिषद बड़े बचेली में कार्यरत है। सीमा का विवाह रेमष भास्कर के साथ हुआ जो कृषक है। इसी प्रकार सुंदरी तेलाम कामगार श्रमिक है, धन्नु कुंजाम भी कामगार श्रमिक है। दोनों नव विवाहितों ने शासन की इस योजना की तारीफ करते हुए इसे गरीब और जरूरतमंद के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल हमें शादी के भारीभरकम खर्च से मुक्ति मिली है, बल्कि शादी के उपरांत कन्या के खाते में 35 हजार रूपये की राशि आने से शादी के बाद के खर्चों के लिए संबल भी मिलता है। recent visitors 68

अब भाजपा को दिल्ली का पूरा पूर्वांचली समाज जवाब देगा: अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयान पर उन्हें घेरते हुए कहा है कि उन्होंने पूर्वांचल के रहने वालों के लिए जो बयान दिया है, वह पूरी तरीके से गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपी नड्डा ने संसद में दो दिन पहले हमारे पूर्वांचल के रहने वाले भाइयों की रोहिंग्या, बांग्लादेशियों और घुसपैठियों से तुलना की थी। दिल्ली का पूरा पूर्वांचली समाज अब भाजपा को जवाब देगा। दरअसल, आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि वह आम आदमी पार्टी के वोटरों के वोट कटवाने के लिए इलेक्शन कमीशन को पत्र दे रही है और जिसमें नाम-पता सब कुछ होने के बावजूद उनके उस स्थान पर नहीं होना बताया गया था। इस पर आम आदमी पार्टी ने अपनी तरफ से एक सर्वे भी करवाया था, जिसमें तकरीबन 75 प्रतिशत लोग इस पते पर पाए गए, जिनके वोट कटवाने के लिए भाजपा की तरफ से आवेदन दिए गए थे। इसी मुद्दे पर जब सदन में सवाल उठा तो भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा ने जिन लोगों का भी नाम कटवाने के लिए पत्र दिया है, उसमें उन्होंने कारण लिखे होंगे। फिर चाहे वह पूर्वांचली हो, रोहिंग्या हो या बांग्लादेशी हों। उनके बयान को आम आदमी पार्टी ने मुद्दा बनाया और अब भाजपा पर हमलावर है। अरविंद केजरीवाल ने इस बयान को लेकर कहा कि जब से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, हमने पूर्वांचलियों को सम्मान दिया है और हम हमेशा उन्हें सम्मान देते रहेंगे। recent visitors 56

राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में हो रही है प्रतियोगितायें, राष्ट्रीय बाल रंग में मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति की छटा बिखरी

भोपाल स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा तीन दिवसीय बाल रंग समारोह की शुक्रवार को रंगारंग शुरूआत हुई। बाल रंग पहले दिन राज्य स्तरीय साहित्यिक, संस्कृत योग, मदरसा निशक्तजन, लोक नृत्य एवं वादन की प्रतियोगिताएं संपन्न हुई। पहले दिन प्रदेश के 9 संभागों से आए संभाग स्तरीय दलों ने अपने-अपने संभाग के कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी। समारोह में लोक नृत्य बरेदी, बैगा, गौर, ठीमरयाई, गणगौर और गायकी नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां हुई। रंग बिरंगी देसी परिधानों में सजे स्कूली बच्चों ने पूरे प्रदेश की संस्कृति को एक मंच पर शानदार तरीके प्रस्तुत किया। बच्चों ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार किया। मदरसा प्रतियोगिताओं में भोपाल संभाग की बालिकाओं ने कव्वाली में प्रथम स्थान प्राप्त किया, इसके साथ-साथ निशक्तजन जन प्रतियोगिता में दिव्यांग बच्चों ने कविता पाठ नृत्य और आकर्षक चित्रकला की पेंटिंग बनाई। प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग के बच्चों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्कृत प्रतियोगिता में वेद पाठ संस्कृत नाटिका की प्रस्तुतियां हुई। स्कूली बच्चों ने मधुर स्वर में एक साथ वेद पाठ प्रस्तुत किया। कालिदास के ग्रंथ अभिज्ञान शाकुंतल पर उज्जैन संभाग द्वारा आकर्षक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी गई। साहित्यिक प्रतियोगिता में वाद-विवाद, देश भक्ति आधारित काव्य पाठ निबंध लेखन की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में गायन और वादन की प्रतियोगिताएं हुई। जबलपुर की छात्रा अंशिका सोनी ने सितार पर आकर्षक प्रस्तुति दी। भोपाल संभाग के छात्र रूपम ने पखावज पर तीन ताल की प्रस्तुति दी। मुख्य मंच पर सभी 9 संभाग के कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग की लोक नृत्य की प्रस्तुतियां हुई। मध्यप्रदेश के सभी अंचल मालवा, बुंदेलखंड, बघेलखड, निमाड़, मध्य भारत एवं महाकौशल की लोक नृत्य की प्रस्तुतियां हुई। इस वर्ष बाल रंग में एक नवाचार किया गया है इसमें स्कूली विद्यार्थियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प के उत्पादों की एक प्रदर्शनी तेजस्वी मध्यप्रदेश के बैनर तले लगाई गई है जिसमें भोपाल के शासकीय मे स्कूली छात्राओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए गए। कल 21 दिसंबर को मुख्य मंच पर राष्ट्रीय लोक नृत्य की प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। जिसमें मध्यप्रदेश सहित 22 राज्यों के स्कूली बच्चे अपने-अपने राज्यों के लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगे। यह प्रस्तुतियाँ प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे तक राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में होंगी। प्रवेश नि:शुल्क है।   recent visitors 40

मंदिर-मस्जिद विवाद: मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि संघ प्रमुख का यह बयान आज के परिप्रेक्ष्य में बहुत अहम

बरेली देश में जगह-जगह मंदिर-मस्जिद विवाद उठाए जाने को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के बयान को बरेलवी मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने सराहा है। आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि संघ प्रमुख का यह बयान आज के परिप्रेक्ष्य में बहुत अहम है। बरेलवी मौलाना ने कहा कि देश में कुछ ऐसे असामाजिक तत्व हैं, जो देश में घूम-घूमकर हर मस्जिद के नीचे मंदिर तलाश कर रहे हैं और उन तत्वों को इतिहास का जामा पहनाकर कोर्ट कचहरी में मुकदमा दायर कर रहे हैं। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने बयान जारी करके इस तरह की गतिविधियों को रोक दिया। मौलाना ने कहा कि देश के शहर और गांव में हिंदुत्ववादी नेता बनने की होड़ सी लगी हुई। ऐसे लोगों को इस बात की कोई चिंता नहीं है कि इस तरह की गतिविधियों से देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचता है और हिंदू मुस्लिम भाईचारे के सम्मान को ठेस पहुंचती है। recent visitors 184

सुशासन की योजनाओं से श्रीमती कविता बनी आत्मनिर्भर, जीवन में आए सकारात्मक बदलाव

मोहला श्रीमती कविता बढ़ाई मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और महतारी वंदन योजना ने श्रीमती कविता बढ़ाई के जीवन में एक नई रोशनी लाई है। जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इन योजनाओं से लाभान्वित होकर उन्होंने न केवल अपने कौशल को विकसित किया बल्कि आर्थिक रूप से सशक्त भी बनीं। श्रीमती कविता ने बताया कि पहले वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए केवल छोटी-मोटी घरेलू कामकाज करती थीं। लेकिन जब उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत सिलाई कार्य का प्रशिक्षण लिया तब से उनके जीवन में बड़े बदलाव आए। अब वे सिलाई के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हो रही है। इसके अलावा उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये की राशि प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग वे घर के खर्चों को पूरा करने में करती हैं। इन योजनाओं ने उनके जीवन को न केवल आसान बनाया है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित किया है। श्रीमती कविता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा इन योजनाओं ने मेरे जैसे लोगों का जीवन बदल दिया है। अब मैं अपने परिवार को बेहतर जीवन देने के लिए प्रयासरत हूं। श्रीमती कविता जैसी महिलाएं जो पहले सीमित साधनों के कारण संघर्ष करती थीं अब सुशासन की इन योजनाओं के माध्यम से अपने जीवन को सफल और आत्मनिर्भर बना रही हैं। recent visitors 110