नान घोटाला मामले की CBI करेगी जांच, साय सरकार ने जारी की अधिसूचना

रायपुर EOW में पद का दुरुपयोग करने मामले में दर्ज FIR की अब सीबीआई जांच करेगी. इसकी अधिसूचना राज्य सरकार ने जारी कर दिया है. इस मामले में पूर्व महाधिवक्ता सतीशचंद वर्मा, पूर्व आईएएस आलोक शुक्ला और अनिल टुटेजा को आरोपी बनाया गया है. यह मामला छत्तीसगढ़ के नान घोटाले से जुड़ा है. बीजेपी का आरोप है कि राज्य में 13 हजार 301 दुकानों में राशन बांटने में गड़बड़ी की गई है. अकेले चावल में ही 600 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है. कुल घोटाला एक हजार करोड़ से ज्यादा का बताया जा रहा है. बीजेपी का आरोप है कि स्टॉक वैरिफिकेशन नहीं करने के बदले में एक-एक राशन दुकान वाले से 10-10 लाख रुपए लिया गया था. कांग्रेस सरकार में महाधिवक्ता रहे सतीश चंद्र वर्मा इस मामले में जांच के दायरे में हैं. उन पर और उनके साथ अनिल टुटेजा और आलोक शुक्ला पर आरोप है कि उन्होंने गवाहों पर दबाव डाला और उनके बयान बदलवाए. 4 नवंबर को EOW ने नान घोटाले में एक नई FIR दर्ज की थी, जिसमें रिटायर्ड IAS अधिकारी अनिल टुटेजा, रिटायर्ड IAS आलोक शुक्ला और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. recent visitors 48

ब्लैक स्पॉट्स सुधारने चलेगा विशेष अभियान, राजस्थान-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के निर्देश

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं मे कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाकर ब्लैक स्पॉट्स को ठीक करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सड़कों के दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर इनका शीघ्र सुधार किया जाए ताकि वाहन दुर्घटनाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान कार्यों की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए और कामों को निर्धारित अवधि में पूरा करवाया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 2350 करोड़ की लागत से ब्लैक स्पॉट्स को सुधारने का काम किया जा रहा है ताकि दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाये। गौरतलब है कि प्रदेश में एनएचएआई द्वारा 40 ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर 812.64 करोड़ रुपए की लागत से इन्हें सुधारने का कार्य किया जा रहा है, जिनमें से 13 का काम पूरा हो चुका है तथा शेष का प्रक्रियाधीन है। इसी प्रकार, प्रदेश में एनएचएआई 821.51 करोड़ की लागत से 37 अन्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट को सुधारने के कार्य भी शीघ्र शुरू करने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में एनएच द्वारा सार्वजनिक निर्माण विभाग के साथ लगभग 650 करोड़ की लागत से 176 ब्लैक स्पॉटस को सुधारने का काम किया जा रहा है। इसी प्रकार सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा चिह्नित 117 ब्लैक स्पॉटस को 31 मार्च 2025 तक ठीक कर दिया जाएगा। राजस्थान राज्य राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा भी चिन्हित 30 ब्लैक स्पॉट के सुधार के कार्य 21.72 करोड़ रुपए की लागत से करवाए जा रहे हैं, जो आगामी जनवरी तक पूरे हो जाएंगे। इसके अतिरिक्त 4 सड़कों पर 20.34 करोड़ रुपए की लागत से सड़क सुरक्षा की दृष्टि से सुधार कार्य करवाए जा रहे हैं। recent visitors 75

प्रधानमंत्री कुवैत रवाना हो गए जबकि हिंसा प्रभावित मणिपुर के लोग उनका इंतजार करते रह गए, कांग्रेस का तंज

नई दिल्ली कांग्रेस ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि बार-बार विदेश जाने वाले प्रधानमंत्री कुवैत रवाना हो गए जबकि हिंसा प्रभावित मणिपुर के लोग उनका इंतजार करते रह गए। रक्षा और व्यापार समेत कई क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत के लिए पीएम मोदी शनिवार को कुवैत की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 43 साल बाद पहली कुवैत यात्रा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर लिखा, 'मणिपुर के लोगों का इंतजार जारी है, यही उनकी किस्मत है क्योंकि श्रीमान मोदी कोई तारीख तय करने से इनकार कर रहे हैं। बार-बार विदेश दौरे करने वाले प्रधानमंत्री मोदी कुवैत रवाना हो गए।' कांग्रेस पीएण मोदी से कई बार मणिपुर का दौरा करने की बात कह चुकी है। पार्टी का कहना है कि इससे संघर्षग्रस्त राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने में मदद मिलेगी। पीएम मोदी से पहले, भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1981 में इस खाड़ी देश की यात्रा की थी। मोदी ने यात्रा पर रवाना होने से पहले दिए गए एक बयान में कहा कि कुवैत के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी बातचीत भारत और कुवैत के बीच भविष्य की साझेदारी का खाका तैयार करने का अवसर देगी। उन्होंने कहा, ‘हम कुवैत के साथ ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देते हैं, जो पीढ़ियों से कायम हैं। हम न केवल व्यापार और ऊर्जा के क्षेत्रों में मजबूत साझेदार हैं, बल्कि पश्चिम एशिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता में भी हमारा साझा हित है।’ मोदी कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के निमंत्रण पर कुवैत गए हैं। मोदी ने कहा कि वह कुवैत के अमीर, युवराज (क्राउन प्रिंस) और प्रधानमंत्री के साथ अपनी बैठकों के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं कुवैत में भारतीय प्रवासियों से मिलने के लिए उत्सुक हूं, जिन्होंने दोनों देशों के बीच मित्रता के बंधन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।’ recent visitors 81

परम्परागत ज्ञान से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें, राजस्थान-राज्यपाल ने पशु चिकित्सा एवं विज्ञान विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का किया शिलान्यास

जयपुर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को उदयपुर में राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्थापित नवानिया महाविद्यालय में अतिथि गृह, चारदीवारी और महाविद्यालय परिसर के शिव मंदिर से जोरजी का खेड़ा तक सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के प्रकाशन 'फुटप्रिंट' का भी लोकार्पण किया। बागडे ने कहा कि पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान के शिक्षा में राजस्थान को देशभर में अग्रणी करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पशु—पक्षियों की समुचित देखभाल के साथ उनके पोषण की बेहतर व्यवस्था, उनसे उत्पादित वस्तुओं के प्रभावी विपणन की प्रभावी व्यवस्था हेतु विश्वविद्यालय कार्य करे। उन्होंने कहा कि गांवों में अभी भी पशुपालन और कृषि ही मुख्य आजीविका है। पशुपालकों को पशुपालन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही पशुधन संरक्षण के लिए आधुनिक दृष्टि से जुड़ी शिक्षा का प्रसार सभी स्तरों पर होना चाहिए। राज्यपाल ने पशुपालन से जुड़ी भारतीय संस्कृति की चर्चा करते हुए कहा कि हमारे यहां वैदिक काल से ही पशुधन संरक्षण के साथ उनके उत्पादन से अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की सोच रही है। परम्परागत ज्ञान से प्रेरणा लेकर पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान क्षेत्र में हमें आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने नई शिक्षा नीति के आलोक में वेटनरी शिक्षा के प्रभावी प्रसार की भी आवश्यकता जताई। recent visitors 93

राहुल गांधी मामले पर संजय राउत बोले- पीएम मोदी की सरकार इस मामले को ईडी और एफबीआई को सौंप सकते है

मुंबई संसद भवन परिसर के बाहर धक्का-मुक्की मामले में शिकायत क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। इसको लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है। संजय राउत ने कहाकि पीएम मोदी की सरकार इस मामले को ईडी और एफबीआई को भी दे सकती है। उन्होंने कहाकि मोदी सरकार झूठे केसेज फाइल करती है। गौरतलब है कि संसद भवन के मकर द्वार पर प्रदर्शन के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष में भिड़ंत हो गई थी। आरोप है कि इस दौरान राहुल गांधी के धक्के से भाजपा के दो सांसद घायल हो गए। इसको लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष आमने-सामने है। इसके अलावा संजय राउत ने महाराष्ट्र में महायुति सरकार पर भी निशाना साधा है। संजय राउत ने कहाकि सरकार में क्या चल रहा है यह समझना बेहद मुश्किल है। शिवसेना नेता ने कहाकि सरकार तो बन गई है, लेकिन अभी तक किसी को पोर्टफोलियो नहीं दिया गया है। उन्होंने कहाकि प्रदेश में कानून व्यवस्था के कई मामले हैं, लेकिन किसी की जिम्मेदारी तय नहीं है। संजय राउत ने कहाकि इतना बड़ा बहुमत होने के बावजूद इसमें इतनी देरी क्यों हो रही है। संसद भवन के बाहर क्या हुआ था दिल्ली पुलिस ने संसद परिसर में ‘धक्का-मुक्की’ के आरोप में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मामले को शुक्रवार को क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है। गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने संसद परिसर में हुई ‘धक्का-मुक्की’ के सिलसिले में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। संविधान निर्माता बीआर आंबेडकर के कथित अपमान को लेकर गुरुवार को संसद भवन के ‘मकर द्वार’ के निकट सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्य एक दूसरे के सामने आ गए और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान विपक्ष और राजग सांसदों के बीच हुई धक्का-मुक्की में सांसद प्रतापचंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत घायल हो गए। भाजपा ने राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस को एक शिकायत देकर उन पर संसद परिसर में ‘धक्का-मुक्की’ के दौरान ‘शारीरिक हमला और उकसावे’ में शामिल होने का आरोप लगाया है। recent visitors 67

अजमेर के विकास और सड़क चौड़ीकरण को लेकर की चर्चा, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने मंत्री सिंधिया से की भेंट

अजमेर/जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय दूरसंचार एवं डाक विभाग के मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर अजमेर शहर में आगरा गेट से महावीर सर्किल तक सड़क चौडीकरण में आ रही बाधाएं दूर करने का अनुरोध किया। सिंधिया ने इस समस्या के निराकरण के लिए आश्वस्त किया। विधान सभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने श्री सिंधिया को बताया कि अजमेर शहर में महावीर सर्किल से आगरा गेट, गांधी चौराहा एवं स्टेशन रोड़ तक एलिवेटेड रोड़ का निर्माण होने के उपरांत इस क्षेत्र में तुलनात्मक रूप से तो यातायात का दबाव कम हुआ है, लेकिन आगरा रोड़ से महावीर सर्किल तक के मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। श्री देवनानी ने कहा कि महावीर सर्किल से आगरा गेट की तरफ जाते समय बीएसएनएल कार्यालय तथा डाक-तार विभाग कार्यालय की बाहरी चारदीवारी के कारण सड़क सकड़ी हो गयी है। इससे आमजन को यातायात में परेशानियों का सामना करना पड रहा है। श्री देवनानी ने कहा कि इस समस्या के समाधान हेतु बीएसएनएल कार्यालय की लगभग 105 मीटर व डाक-तार विभाग कार्यालय की लगभग 35 मीटर लम्बाई की दीवार को लगभग 10 फीट अन्दर की ओर किये जाने से मार्ग की चौड़ाई अधिक हो सकती है। उन्होंने बताया कि इससे यातायात का दबाव कम हो सकेगा व नागरिकों को हो रही असुविधा भी दूर हो सकेगी और यातायात का संचालन सुगमता से हो सकेगा। श्री देवनानी ने बताया कि इस समस्या के समाधान हेतु अजमेर के जिला कलक्टर ने वरिष्ठ महाप्रबन्धक, भारत संचार निगम लि., अजमेर एवं वरिष्ठ अधीक्षक, डाक-तार विभाग, अजमेर को पत्र लिखकर चारदीवारी को अन्दर करवाये जाने हेतु अनुरोध किया है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से इस समस्या के निराकरण हेतु शीघ्र कार्यवाही किये जाने का अनुरोध किया है। recent visitors 74

रायपुर के स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म

रायपुर राजधानी रायपुर में शिक्षा के मंदिर में इंसानीयत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. सेंट जोसेफ सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में ही एक छात्रा के साथ 11 वीं कक्षा के आरोपी छात्र ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है. इस घटना ने स्कूल में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है. सूत्रों के अनुसार आरोपी छात्र एक पुलिस आरक्षक का बेटा है. छत्तीसगढ़ में यह पहला मामला है जब स्कूल के अंदर ही हैवानियत को अंजाम दिया गया है. जानकारी के मुताबिक पीड़ित छात्रा घटना के बाद से डर में थी और बीते 2 महीनों से स्कूल जाने से मना कर रही थी. परिजनों के काफी पूछने पर छात्रा ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने छात्रा के साथ पुलिस थाने पहुंच कर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोपी छात्र से पूछताछ कर रही है. recent visitors 60