डोडा पोस्त तस्करी के आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान-पाली में टोलकर्मी पर फायरिंग कर भगाया ट्रक

पाली। जिले में जाडन टोल प्लाजा पर रविवार को नशे में धुत ट्रक सवार तस्करों ने टोलकर्मी पर फायरिंग कर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक भगाया और रास्ते में एक निजी बस और एक ठेले को टक्कर मार दी। पुलिस ने पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और ट्रक में ले जाया जा रहा डोडा पोस्त जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर जाडन टोल प्लाजा पर ट्रक चालक और टोलकर्मी में 200 रुपये के टोल को लेकर विवाद हो गया। इस पर गुस्से में आकर ट्रक सवार महेंद्र और राकेश ने पिस्टल से टोलकर्मी पर फायरिंग कर दी और बिना टोल चुकाए ट्रक भगाकर ले गए। पुलिस के पीछा करने पर आरोपियों ने ट्रक को हाईवे पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया और बीच रास्ते में एक निजी बस और एक ठेले को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक जोधपुर बाइपास पर पहुंचा और पुनायता औद्योगिक क्षेत्र में एक 5 फीट चौड़े नाले को पार कर झाड़ियों में फंस गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को बाहर निकाला। झाड़ियों में फंसने के कारण दोनों युवक महेंद्र और राकेश घायल हो गए। उन्हें पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर सीओ ग्रामीण रतनाराम देवासी और सदर थाना प्रभारी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक की तलाशी में बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद किया है और आरोपियों के खिलाफ डोडा पोस्त तस्करी और फायरिंग के मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रक के परमिट और अन्य दस्तावेजों को लेकर भी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। recent visitors 101

बस्तर कलेक्टर ने ग्राम तालुर में महतारी वंदन योजना में अनियमितता की जांच करने के दिए निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग  के अधिकारियों ने दोषी व्यक्ति के खिलाफ करवाई प्राथमिकी दर्ज रायपुर बस्तर कलेक्टर हरिस एस ने महतारी वंदन योजना में ग्राम तालुर से संबंधित अनियमितता की जांच महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारियों को करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित के बैंक खाते को सीजकर वसूली की कार्यवाही करने तथा इस कार्य में संलग्न व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने रविवार को संबंधितों पर आवश्यक कार्यवाही भी की है। बस्तर के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि मीडिया में दिखाया जा रहा समाचार महतारी वंदन योजना में सनी लियोन को मिल रहे हजार रुपए की शिकायत प्राप्त हुई जिसकी प्रारंभिक जांच से पता चला की उक्त आवेदन ग्राम तालूर की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती वेदमती जोशी की आईडी से रजिस्टर्ड हुआ है। मामले की जांच किए जाने पर पता चला की वीरेंद्र जोशी नामक व्यक्ति द्वारा जालसाजी कर अवैधानिक तरीके से राशि का आहरण अपने खाते में किया जा रहा है। संबंधित के विरुद्ध शासन के साथ धोखाधड़ी करने के अपराध में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। उसके बैंक खाते को होल्डकर वसूली की भी कार्यवाही की जा रही है। इसके अलावा संबंधित कार्यकर्ता और तत्कालीन पर्यवेक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही हैं। recent visitors 57

प्रधानमंत्री मोदी को मिला कुवैत का सर्वोच्च सम्मान, ‘द ऑर्डर ऑफ मुबारक द ग्रेट’ से नवाजे गए

कुवैत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कुवैत के अमीर शेख मशाल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबाह ने कुवैत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ मुबारक द ग्रेट' से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें कुवैत और भारत के बीच रिश्तों को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया है। आपको बता दें कि 43 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने कुवैत का दौरा किया है। इसी दौरान उन्हें यह सम्मान दिया गया है। इस सम्मान की शुरुआत 16 जुलाई 1974 को कुवैत की सरकार के द्वारा मुबारक अल-सबा की स्मृति में की गई थी। उन्हें 1896 से 1915 तक कुवैत का शेख कहा जाता था। उन्होंने 1897 में कुवैत के पक्ष में ओटोमन साम्राज्य से स्वतंत्रता की मान्यता प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की थी। पीएम मोदी शनिवार को दो दिवसीय यात्रा पर कुवैत पहुंचे। यह 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है। उन्होंने कहा, ''हमें 'मेक इन इंडिया' उत्पादों खासकर ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल मशीनरी तथा दूरसंचार क्षेत्रों में कुवैत में नई पैठ बनाते देखकर खुशी हो रही है। भारत आज सबसे किफायती लागत पर विश्व स्तरीय उत्पादों का निर्माण कर रहा है। गैर-तेल व्यापार में विविधता लाना द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने की कुंजी है।'' उन्होंने कहा कि फार्मास्यूटिकल, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी, डिजिटल, नवाचार और कपड़ा क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग का विस्तार करने की काफी संभावना है। उन्होंने आग्रह किया कि दोनों पक्षों के व्यापार मंडलों, उद्यमियों और नवप्रवर्तकों को एक-दूसरे के साथ अधिक से अधिक जुड़ना चाहिए और बातचीत करनी चाहिए। recent visitors 59

गांजा तस्करी में कांग्रेस के पूर्व विधायक के बेटे का नाम, मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर कसा तंज

रायपुर गांजा तस्करी में कांग्रेस के पूर्व विधायक के बेटे का नाम सामने आने पर मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नेचर रहा है आपराधिक गतिविधियों, शराब माफिया, गांजा तस्करों को संरक्षण देना. कई क्षेत्रों में जब उनकी सरकार थी तो खुलेआम सट्टाबाजी कराया. अब कांग्रेस के पूर्व विधायक के बेटे का गांजा तस्करी में नाम आया है. ये शुरुआत है. आगे और ऐसे मामले बाहर निकलेंगे. आरक्षक भर्ती मामले में पीसीसी चीफ दीपक बैज के CBI जांच की मांग पर मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार किया है. मंत्री कश्यप ने कहा, आरक्षक की मौत के मामले में 4 लोगों पर कार्रवाई हुई है. दीपक बैज को पिछले 4 साल में हुए घोटालों पर जांच की बात करनी चाहिए. उनके लोगों को जेल में भरने की बात करनी चाहिए. जब उनकी सरकार थी तब ऐसे लोगों को संरक्षण देने का काम किया. कानून सबके लिए बराबर है. गृह मंत्री मुस्तैदी से काम कर रहा है. छत्तीसगढ़ की रुख करेंगे बड़े उद्योग : कश्यप इन्वेस्टर मीट में सीएम साय के शामिल होने को लेकर दीपक बैज के बयान पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा, बस्तर में कांग्रेस ने 107 MoU किए. एक को भी इंप्लीमेंट नहीं कर पाए इसलिए कांग्रेस को तकलीफ है. छत्तीसगढ़ में अपार संभावना है, यहां माइनिंग है. सरकार का दायित्व बनता है कि उद्योगों की स्थापना हो. बड़े से बड़े उद्योग छत्तीसगढ़ की ओर रुख करेंगे. recent visitors 65

नोएडा के सेक्टर 65 स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में अचानक भीषण आग लगी, आग लगने से आसपास हड़कंप मचा

नई दिल्ली नोएडा के सेक्टर 65 स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में आज अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से आसपास हड़कंप मच गया और पूरी इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल की 15 गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने के लिए पूरा अभियान चलाया जा रहा है। आग बुझाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इस घटना के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास की अन्य कंपनियों को भी खाली करवा दिया गया है। डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया, "सेक्टर 65 में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में आग लगी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंच चुकी है और दमकल की 15 गाड़ियां आग बुझाने के लिए प्रयासरत हैं।" फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए राहत कार्य जारी है और किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। recent visitors 69

आंधी-तूफान और बारिश से 9 राज्यों में असर, जम्मू-कश्मीर में 40 दिन वाली सर्दी का दौर चिल्लई कलां शुरू

नई दिल्ली देशभर में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। कहीं माइनस में तापमान गिर गया है तो कहीं शीतलहर से लोग कांप रहे हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में हाल ही में लैंडस्लाइड (भूस्खलन) हुआ जिससे नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गया। जम्मू-कश्मीर में 40 दिन वाली सर्दी का दौर चिल्लई कलां शुरू हो चुका है। श्रीनगर में इस बार तापमान -8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो पिछले 133 साल में तीसरी बार हुआ है। उत्तर भारत शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है जबकि दक्षिण भारत में बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 दिसंबर तक मौसम में बड़ा बदलाव हो सकता है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा जिससे मौसम का मिजाज बदल जाएगा। 27 से 31 दिसंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है और मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है जिससे ठंड बढ़ सकती है। देशभर में मौसमी हालात मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम मध्य और दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया सक्रिय था जो अब कमजोर होकर आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 26 दिसंबर के बाद होगा बदलाव मौसम विभाग ने बताया कि 26 दिसंबर की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत में असर डाल सकता है। इससे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवातीय हवाओं का चक्र) बनने की संभावना है। इसके कारण 28 दिसंबर तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं उठेंगी जिससे पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में भी बारिश का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। शीतलहर और घना कोहरा मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में शीतलहर और घना कोहरा छा सकता है। दिल्ली में बारिश की संभावना दिल्ली में इस समय हल्के कोहरे के साथ ठंड बढ़ी हुई है। पिछले कुछ दिनों से शीतलहर के कारण दिल्ली में सूखी ठंड पड़ रही थी और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 26 दिसंबर के बाद दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली का तापमान 21 से 23°C के बीच रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 9°C के बीच रह सकता है। बता दें कि इस समय देशभर में मौसम का मिजाज बहुत सर्द है और अगले कुछ दिन और भी ठंडे हो सकते हैं। recent visitors 62

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से अटॉर्नी जनरल ऑफ इंडिया श्री आर. वेंकटरमानी ने की भेंट

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अटॉर्नी जनरल ऑफ़ इंडिया श्री आर. वेंकटरमानी ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुष्प-गुच्छ और शॉल भेंट कर श्री वेंकटरमानी का अभिवादन किया। साथ ही स्मृति चिन्ह के रूप में राजा भोज की प्रतिमा भेंट की। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अटॉर्नी जनरल ऑफ़ इंडिया को प्रदेश में संचालित जन-कल्याणकारी गतिविधियों और क्रियान्वित की जा रही विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में विधिक सहायता और विधिक जागरूकता के लिए संचालित गतिविधियों से भी अवगत कराया।   recent visitors 55