विधानसभा अध्यक्ष ने रखी 37.96 करोड़ के कायों की आधारशिला, राजस्थान-अजमेर जिला बनेगा उन्नत

जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर का योजनाबद्ध आधारभूत विकास किया जाएगा। इस कार्य में धनराशि एवं संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। पानी, सड़क, शिक्षा, रोजगार और आईटी जैसे क्षेत्रों में काम करवाया जाएगा। आईटी पार्क, सर्विस रिजर्व वायर के लिए भी भूमि आंवटित हो चुकी है। कोटड़ा सैटेलाइट अस्पताल का कार्य शुरू हो गया है। शेष कार्य भी जल्द शुरू होंगे। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को अजमेर जिले के पृथ्वीराज नगर योजना एवं विजयाराजे सिंधियां नगर में 37.96 करोड़ रूपये की विकास कार्यों की नींव रखी। इसके तहत 27.47 करोड़ रूपये की लागत से पृथ्वीराज नगर में जल वितरण व्यवस्था के कार्य हाेंगे। 3.97 करोड़ रूपये से पृथ्वीराज नगर योजना में सड़क विकास कार्यों करवाएं जाएंगे। इसी प्रकार 6.52 करोड़ रूपये की लागत से पृथ्वीराज नगर योजना के विभिन्न ब्लॉकों में विद्युतिकरण आदि कार्य करवाएं जाएंगे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि किसी भी शहर एवं संस्कृति की उन्नति एवं वैचारिक विकास तभी सार्थक है जब वह अपनी संस्कृति, इतिहास एवं विरासत पर गर्व कराना सीखे। इसी सोच के साथ अजमेर के विकास में प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं देशी नायकों को जोड़ा जा रहा है ताकि हमारी युवा पीढ़ी और भावी पीढ़ियां अपने शानदार अतीत से सीख ले सकें। उन्होंने कहा कि हमने चुनाव में वादा किया था कि कोटड़ा क्षेत्र के लोगों की भावनाओं के विपरीत बनाए जा रहे तेलंगाना हाउस का आवंटन निरस्त होगा। यह आवंटन निरस्त कराया जा चुका है। इसी तरह अजमेर के लोगों और अजमेर आने वाले सैलानियों, श्रद्धालुओं को प्राचीन इतिहास से रूबरू कराने के लिए होटल खादिम का नाम बदल कर होटल अजयमेरू किया गया है। अजयमेरू अजमेर का प्राचीन नाम है और अजमेर के संस्थापक राजा अजयराज चौहान से जुड़ा हुआ है। अब अजमेर आने वाले व्यक्ति जब भी होटल अजयमेरू जाएंगे, उन्हें अजमेर के गौरव की अनुभूति होगी। इसी कड़ी में आने वाले दिनों में फॉयसागर का नाम बदल कर वरूण सागर किया जाएगा। फॉयसागर नाम अंग्रेजी मानसिकता और उनके कुराज का परिचायक है। इसे बदल कर भारतीय शास्त्रों में वर्णित वरूण देवता के नाम पर किया जाएगा। इसी तरह अंग्रेजों के कुराज के ही प्रतीक नाम किंग एडवर्ड मेमोरियल केईएम का नाम भी बदला जाएगा। इसका नाम महान भारतीय संत महर्षि दयानन्द सरस्वती के नाम पर महर्षि दयानन्द मेमोरियल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में अजमेर के विकास के लिए अथक प्रयास किए गए हैं। राजस्थान सरकार के बजट में अजमेर जिले के लिए 1500 करोड़ रूपए की घोषणाएं हुई हैं। इतनी बड़ी राशि अजमेर को कभी नहीं मिली। आजादी के बाद पहली बार किसी बजट में अजमेर को कभी नहीं मिली। आजादी के बाद पहली बार किसी बजट में अजमेर को इतनी बड़ी राशि मिली है। इसका बड़ा हिस्सा अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में खर्च होने जा रहा है। कोटड़ा क्षेत्र में सैटेलाइट अस्पताल की शुरूआत हो चुकी है। इसी तरह 56 करोड़ रूपए की लागत से सड़कें व नाले अजमेर उत्तर में बनने जा रही है। अजमेर में सुपर स्पेशलिटी अस्पतालए आईटी पार्क, आयुर्वेद यूनिवर्सिटी, स्पोट्र्स कॉलेज, स्पोटर्स अकादमी सहित विभिन्न कार्य होंगे। इन बजट घोषणाओं की क्रियान्विति की शुरूआत हो चुकी है। शीघ्र ही यह सभी कार्य धरातल पर दिखाई देंगे। recent visitors 72

राष्ट्रीय गणित सप्ताह 2024: वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय में रामानुजन की विरासत का भव्य उत्सव

  भोपाल वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय ने 18 से 20 दिसंबर तक राष्ट्रीय गणित सप्ताह 2024 का भव्य आयोजन किया। यह कार्यक्रम महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया और इसका उद्देश्य डिजिटल युग में गणितीय सोच को प्रेरित करना था। मध्य प्रदेश विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद, एमपीसीएसटी और एनसीएसटीसी द्वारा प्रायोजित और समर्थित तीन दिवसीय कार्यक्रम "डिजिटल युग में गणित" विषय के इर्द-गिर्द रहा। कार्यक्रम की शुरुआत 18 दिसंबर को आईआईटी बीएचयू के प्रोफेसर सुबीर दास द्वारा एक रोचक व्याख्यान के साथ हुई, जिसके बाद गणितीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का प्रारंभिक चरण आयोजित किया गया। दूसरे दिन, आईआईटी रोपड़ के डॉ. एच.के.वी. मित्तल ने एक विचारोत्तेजक व्याख्यान दिया। साथ ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के फाइनल राउंड और शोधकर्ताओं के लिए पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ।समापन दिवस, 20 दिसंबर, रामानुजन की जयंती के भव्य उत्सव के साथ मनाया गया। इस दिन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर कुलपति प्रो सेंथिल कुमार अरुमुगम, डीन एसएएसएल प्रो हेमंत कुमार नशीने, सहायक डीन एसएएसएल डॉ अक्षरा मकररिया और डीएसडब्ल्यू डॉ अनंत कांत शुक्ला सहित विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। इस दिन आईआईएसईआर भोपाल के प्रोफेसर सौरभ श्रीवास्तव का विशेषज्ञ व्याख्यान, गणितीय मॉडल प्रतियोगिता और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने तकनीक और नवाचार में गणित की प्रासंगिकता को उजागर करते हुए रामानुजन की स्थायी विरासत को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. उज्ज्वल कुमार मिश्रा और डॉ. राहुल कुमार चतुर्वेदी ने किया। recent visitors 55

उमरिया के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को तंबाकू मुक्त रहने की दिलाई गयी शपथ

भोपाल उमरिया जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में इन्फोर्समेंट टीम के सदस्य जिले के स्कूलों में जाकर बच्चों को तंबाकू से दूर रहने और उसके सेवन से होने वाली बीमारियों की जानकारी दे रहे हैं। टीम के सदस्यों ने पिछले दिनों ग्राम चंदिया लोढ़ा पहुँचकर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को तंबाकू मुक्त रहने की शपथ दिलाई। दल ने ग्राम भरोला एवं अन्य ग्रामों का भी दौरा किया। तंबाकू नियंत्रण एक्ट के तहत उन दुकानदारों पर करीब 27 हजार रुपये का जुर्माना किया गया, जो प्रतिबंधित क्षेत्रों में भी तंबाकू सामग्री का विक्रय कर रहे थे।   recent visitors 57

शादी से पहले छिन गई खुशियां, राजस्थान-केकरी के युवक की एलपीजी गैस टैंकर हादसे में मौत

केकरी। जिले के सदारा गांव के 32 वर्षीय गोविंद नारायण राजावत की जयपुर के भांकरोटा क्षेत्र में हुए एलपीजी गैस टैंकर ब्लास्ट में झुलसकर मौत हो गई। आने वाली 2 फरवरी को युवक की शादी होने वाली थी। जानकारी के अनुसार जयपुर के भांकरोटा में हुए टैंकर में विस्फोट में गंभीर झुलसा गोविंद अपने दोस्तों विष्णु और इरफान के साथ जयपुर जा रहा था। गैस टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लगे जाम से बचने के लिए तीनों दोस्त कार से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए लेकिन थोड़ी देर बाद गोविंद कार लेने वापस लौटा तभी धमाके के साथ आग की लपटों ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद गोविंद कार में फंसकर गंभीर रूप से झुलस गया। किसी तरह वह झुलसी अवस्था में बाहर निकला। इसके बाद उसे तत्काल सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान गोविंद ने दम तोड़ दिया। हादसे से गम में डूबे परिजनों ने बताया कि गोविंद की शादी 2 फरवरी को होने वाली थी और वह शादी की खरीदारी के लिए जयपुर जा रहा था। जयपुर पुलिस ने शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद गोविंद का शव परिजनों को सौंप दिया। recent visitors 71

12 घंटे बाद हुआ खुलासा, राजस्थान-टोंक के हाई सिक्योरिटी वाले बाल सुधार गृह से फिल्मी अंदाज में भागे दो किशोर

टोंक। टोंक के राजकीय संप्रेषण गृह से हाई सिक्योरिटी के बावजूद दो शातिर किशोर लोहे की खिड़की काटकर फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि घटना के 12 घंटे बाद सुबह काउंटिंग के दौरान अधिकारियों को इसकी भनक लगी। जानकारी लगने के तुरंत बाद संप्रेषण गृह की अधीक्षक प्रियंका मीना ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फरार किशोरों की तलाश शुरू कर दी है। सदर थाना पुलिस के एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरों की फरारी की घटना सीसीटीवी में साफ नजर नहीं आ रही है। संप्रेषण गृह की ऊंची दीवारें, लोहे के दरवाजे और सीसीटीवी कैमरे जैसी कड़ी सुरक्षा के बावजूद किशोरों का भागना सुरक्षा व्यवस्था की खामियों की ओर इशारा कर रहा है। यह कोई पहली घटना नहीं है,इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बहरहाल सदर पुलिस थाने में किशोरों के फरार होने का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस फरार किशोरों की तलाश में जुट गई है। recent visitors 72

यूनियन कार्बाइड का जहरीला कचरा जलाए जाने के विरोध में धरना, PCC चीफ जीतू की मौजूदगी में सौंपा ज्ञापन

धार  जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर पीथमपुर में यूनियन कार्बाइड का जहरीला कचरा जलाए जाने का विरोध थम नहीं रहा है। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर वेस्ट मैनेजमेंट (रामकी) ग्रुप की कंपनी में भोपाल गैसकांड का जहरीला कचरा जलाए जाने के विरोध में आज जिला कांग्रेस ने विशाल धरना प्रदर्शन किया। धरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के साथ ही स्थानीय लोग भी शामिल हुए। यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुर में जलाने का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लोगों द्वारा हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर जीतू पटवारी ने कहा कि ‘‘यह बीजेपी के लोग है जो पद मिला है इससे मदमस्त है। बेंडे हाथी हो गए, पागल हाथी जंगलों में रहता है। विधायक है क्या उनका दायित्व नहीं है इस लड़ाई को लड़ने का। चार बार से विधायक बनी उनके पति भी सांसद थे। उनका दायित्व नहीं है कि इस निपटारे के लिए उनको भी तो आगे आना चाहिए। उनका दायित्व नहीं है उनको भी आगे आना चाहिए। बीजेपी का इस तरह का व्यवहार हो गया है कि जो वोट मिलता है। अहंकार रावण से बड़ा हो गया हैं। यह एक दिन की लड़ाई नहीं है यह लगातार लड़ने वाली लड़ाई है। यह कांग्रेस बीजेपी की लड़ाई नहीं है नागरिकों की लड़ाई है।’ मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस आगामी दिनों में बड़ा प्रदर्शन करेगी। recent visitors 65

उखड़ती सड़कों और कीचड से जनता परेशान, राजस्थान-दौसा में नई पाइप लाइन बिछाने के बाद जगह-जगह लीकेज

दौसा। ईसरदा परियोजना के तहत दौसा शहर को पानी की नई पाइप लाइन से जोड़ा जा रहा है। करोड़ों की लागत से यह परियोजना शहर की प्यास बुझाने का वादा करती है, लेकिन इसके नाम पर शहर को अनदेखा छोड़ दिया गया है। ठेकेदार फर्म और संबंधित विभाग की लापरवाही ने शहर की सड़कों को खंडहर बना दिया है। शहर की शिव कॉलोनी में पानी की पाइप लाइन डालने के दौरान जेसीबी से सड़कें तोड़ दी गईं, जिससे पहले से यहां बिछाई हुई पानी की लाइनों को नुकसान पहुंचा। शिकायतें जलदाय विभाग के JEN से लेकर SE तक की गईं, लेकिन किसी ने संज्ञान नहीं लिया, नतीजतन हाल ही में हुई पानी सप्लाई के दौरान हजारों लीटर पानी नालियों में बह गया। शिव कॉलोनी निवासी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पाइप लाइन डालने के बाद उनकी पुरानी लाइन को जोड़ा नहीं गया। सीताराम शर्मा का कहना है कि सप्लाई का पानी पहले ही सात दिन में आता है, ऊपर से टूटी लाइनों और खराब सड़कों ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। जानकारों के अनुसार पाइप लाइन डालने के लिए कटर मशीन से रोड काटने और सात दिनों में उसे ठीक करने का प्रावधान है लेकिन ठेकेदार फर्म जेसीबी का उपयोग कर रही है और सड़कों को खस्ताहाल छोड़ रही है। इसके अलावा लाइन बिछाने के लिए बिजली चोरी भी खुलेआम हो रही है लेकिन बिजली विभाग और जलदाय विभाग के अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इस लापरवाही के चलते सरकार और प्रशासन की साख पर भी सवाल उठने लगे हैं। इस पूरे क्रियाकलाप के चलते नागरिक न सिर्फ पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, बल्कि टूटी सड़कों और अनियमित सप्लाई की मार भी झेल रहे हैं। ठेकेदार फर्म और विभाग की इस अनदेखी ने आम जनता को बुरी तरह प्रभावित किया है। सरकार और विभाग को इस समस्या का समाधान निकालने के लिए तुरंत कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि नागरिकों को इन कठिनाइयों से राहत मिल सके। recent visitors 83