Day: December 27, 2024
मुख्यमंत्री साय बोले – देश को आजादी दिलाने में जनजातीय समाज के वीर सपूतों का अमूल्य योगदान
रायपुर हमारा देश और समाज हमेशा प्रगतिशील सोच के साथ आगे बढ़ेे, समाज की नई पीढ़ी शिक्षा के क्षेत्र में तरक्की करे, उद्यमशीलता की तरफ बढ़े, इसके लिए समाज को निरंतर जागरूक होकर युवाओं को प्रोत्साहित करना चाहिए। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी हमेशा इसी एकजुटता पर बल देते हैं। हम सब एकजुट रहेंगे और माँ भारती की सेवा करने संकल्पित रहेंगे तो हमारा प्रदेश और देश मजबूत होगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के विकासखण्ड बगीचा के ग्राम घुघरी में आयोजित छत्तीसगढ़ स्तरीय नागवशी समाज के महासम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय समाज के भगवान बिरसा मुंडा, गुण्डाधुर, रानी दुर्गावती, वीर नारायण जैसे वीर सपूतों ने अपनी वीरता से देश को आजादी दिलाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज की इन महान विभूतियों के गौरव को लोगों तक पहुंचाने एवं उनका मान बढ़ाने के लिए जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि इतिहास के पन्नों में गुम इन शहीदों के योगदान को सामने लाने के लिए नवा रायपुर में जनजातीय योद्धाओं को समर्पित स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ के आदिवासी जन नायकों द्वारा लड़े गए 13 महान संग्रामों का वर्णन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर घुघरी में सामाजिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख, खड़ा नाला में पुल निर्माण, ढ़ोड़की में व्यपवर्तन योजना के जीर्णाेद्धार एवं बगीचा में एक करोड़ रुपये की लागत से मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने नागवंशी समाज की बहु प्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए घुघरी में उनकी देवभूमि को संरक्षित करने हेतु सामुदायिक वनाधिकार पट्टा प्रदान किया गया। इसके साथ ही मात्रात्मक त्रुटि के कारण वंचित रह गए 40 बच्चों को मुख्यमंत्री ने जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने नागवंशी समाज के आराध्य भगवान महादेव-पार्वती एवं नाग देव की पूजा कर प्रदेश की जनता के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके द्वारा ही जनजातीय कल्याण और उत्थान के लिए सर्वप्रथम आदिमजाति कल्याण विभाग का निर्माण किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विशेष पिछड़ी जनजातीय लोगों के उत्थान के लिए पीएम जनमन योजना संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र माने जाने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों के कल्याण हेतु बिजली, पानी, राशन वितरण, आवास, स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड निर्माण आदि का कार्य किया जा रहा है। सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक पत्थलगांव श्रीमती गोमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार द्वारा प्रदेश के विकास को दुगुनी गति प्रदान की गई है। जनजातीय समाज के उत्थान के लिए हमारे जनजातीय समाज के मुख्यमंत्री द्वारा निरन्तर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, जनप्रतिनिधि कृष्ण कुमार राय, नागवंशी समाज के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। recent visitors 24
स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाने बैंकर्स व विभागीय अधिकारी समन्वित कार्य कर परिणाम परिलक्षित करें : कलेक्टर
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक संपन्न अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार मे जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने स्वरोजगार योजना संबंधी लाभ दिलाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को बैंकर्स के साथ समन्वय स्थापित करने तथा किसी भी हितग्राही का प्रकरण बिना किसी ठोस कारण के निरस्त न किए जाने के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इस बात का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा, संयुक्त कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय, अग्रणी जिला प्रबंधक सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया सहित स्वरोजगार मूलक योजनाओं का क्रियान्वयन करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंकर्स तथा आरबीआई व आर-सेटी के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में आजीविका मिशन, डूडा, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन आदि विभाग के स्वरोजगार मूलक योजना का क्रियान्वयन करने वाले अधिकारियों तथा बैंकर्स से प्रकरणों के वस्तु स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी बैंकर्स और विभागों को भेजे गए प्रकरणो में समन्वित कार्य कर स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही कर जिले की सीडी रेशियो बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में औद्योगिक विकास और संवर्धन के लिए अच्छे कार्य किए जांए। बैंकर्स आगे बढ़कर आजीविका संवर्धन के प्रकरण स्वीकृत करें। मत्स्य, पशुपालन विभागों के स्वरोजगार मूलक योजनाओ में लक्ष्य के विरुद्ध प्रकरणों में स्वीकृति की कार्यवाही संतोषजनक नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की गई। स्वरोजगारमूलक योजनाओं के प्रकरणों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अग्रणी जिला प्रबंधक के साथ बैंकवार दस्तक देकर प्रस्तुत प्रकरणो पर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने ऋण जमा अनुपात, प्राथमिकता क्षेत्र के लिए ऋण, कृषि क्षेत्र के लिए ऋण, कमजोर वर्ग के लिए ऋण की बैंकवार स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने उद्यान, पशुपालन, कृषि, मत्स्य, सहकारिता आदि विभाग के अधिकारियों को बैंकर्स के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त प्रयास के माध्यम से स्वरोजगार प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित आरबीआई के प्रतिनिधि अधिकारी ने बैंकर्स को निर्देशित किया कि स्वरोजगार प्रकरण के निरस्त करने की कार्यवाही के संदर्भ में विभाग को लिखित में बैंकर्स जानकारी उपलब्ध कराएं। recent visitors 27
बाबा के चरण पादूका की स्थापना उनके तपोभूमि भट्टयान बुजुर्ग में की गई.
खरगोन मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के प्रसिद्ध संत सियाराम बाबा का 11 दिसंबर की सुबह निधन हो गया था. आज उनके के निधन के 17 दिन बाद संत सियाराम बाबा के चरण पादुका स्थापित कर पूजन अभिषेक हो गई. बाबा के चरण पादूका की स्थापना उनके तपोभूमि भट्टयान बुजुर्ग में की गई. राम रक्षा स्रोत पाठ एवं मां नर्मदा के अभिषेक के बाद चरण पादुका स्थापना की गई. बाबा की पादुकाओं को जैसे ही स्थापित किया गया सियाराम बाबा की जय और नर्मदा मैय्या के जयकारे से नर्मदा तट गूंज उठा. बता दें कि ब्रह्मलीन संतश्री सियाराम बाबा जिस स्थान पर संत की विधि विधान से अंत्येष्टि की गई थी. वहीं, नर्मदा तट पर संत सीताराम बाबा की चरण पादुका की स्थापना की गई. इस कार्यक्रम में प्रदेश और निमाड़ अंचल से संत समाज एवं श्रद्धालु भक्त शामिल हुए. इस दौरान ग्रामीणों द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा. आज से ठीक पंद्रह दिन पहले मोक्षदा एकादशी पर संत सियाराम बाबा ब्रह्मलीन हुए थे. इस दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी थी. सौ साल से अधिक के थे सियाराम बाबा संत भगवान श्रीराम और मां नर्मदा के उपासक थे. सदैव रामायण पाठ करते थे. उनकी उम्र सौ वर्ष से अधिक बताई जाती है. उम्र के अंतिम समय तक उन्होंने रामायण पाठ किया. उनके तपोस्थल मंदिर में हमेशा रामधुन चलती थी. आज ग्रामीण और उनके सेवादार वहां यह क्रम जारी रखे हुए हैं. आज ग्रामीणों द्वारा संत सियाराम गोशाला राधाकृष्ण मंदिर के सामने भंडारे का आयोजन किया है, जिसमें देशभर से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. साधु संतों की भोजन प्रसादी के लिए अलग से पांडाल बनाए है. सुरक्षा को लेकर भी पुलिस कमान संभाली है. 11 दिसंबर को हुआ था निधन गौरतलब है खरगोन के प्रसिद्ध संत सियाराम बाबा का निधन 11 दिसंबर को मोक्षदा एकादशी को हुआ था. बताया जाता है कि संत सियाराम बाबा ने 12 साल तक मौन भी धारण कर रखा था. जो भक्त भी उनके पास आते थे, उनसे वे दान स्वरूप मात्र 10 रुपये ही लेते थे. अगर कोई भक्त इससे अधिक देने की इच्छा जताता था तो वह मना कर देते थे. बाबा जो 10 रुपये लेते थे उस धन का भी उपयोग वे आश्रम से जुड़े कामों में लगा देते थे. बताया जाता है कि वे प्रतिदिन 16 से 17 घंटे तक रामायण का पाठ करते थे. संत सियाराम बाबा हनुमान जी के परम भक्त थे. recent visitors 141
जिले में अब तक 3551 किसानों द्वारा किया गया 342.677 हेक्टेयर रकबा समर्पण
गौरेला पेंड्रा मरवाही राज्य सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी की अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ लिंकिंग सहित निर्धारित की गई है। किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से जितने रकबे में धान की फसल ली गई है, उसी का बिक्री करने और शेष रकबा समर्पण करने की अपील पर जिले में अब तक 13 समितियों में 3551 किसानों द्वारा कुल 342.677 हेक्टेयर रकबा का समर्पण किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति गौरेला के 483 किसानों द्वारा 56.482000 हेक्टेयर, भर्रीडांड़ समिति के 434 किसानों द्वारा 18.621000 हेक्टेयर, धनौली समिति के 418 किसानों द्वारा 21.003000 हेक्टेयर, मरवाही समिति के 324 किसानों द्वारा 58.374000 हेक्टेयर, नवागांव पेण्ड्रा समिति के 323 किसानों द्वारा 36.971000 हेक्टेयर, मेढू़का समिति के 286 किसानों द्वारा 6.994000 हेक्टेयर, सिवनी समिति के 278 किसानों द्वारा 26.203000 हेक्टेयर, खोडरी समिति के 251 किसानों द्वारा 52.999000 हेक्टेयर, कोडगार समिति के 236 किसानों द्वारा 19.306000 हेक्टेयर, पेण्ड्रा समिति के 224 किसानों द्वारा 11.799000, लालपुर समिति के 109 किसानों द्वारा 4.737000, देवरीकला समिति के 91 किसानों द्वारा 20.812000 और लरकेनी समिति के 94 किसानों द्वारा 8.376000 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया गया है। recent visitors 46
दुष्कर्म पीड़िता ने केस खत्म करने मांगे 1 करोड़, पुलिस ने पीड़िता सहित दोस्तों को किया गिरफ्तार
सरगुजा सरगुजा जिले में पुलिस ने एक दुष्कर्म पीड़िता को दुष्कर्म के आरोपी से लाखों रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा है. चौंकाने वाली बात सामने आई है कि आरोपी विनोद केडिया के खिलाफ दर्ज रेप केस को जल्द खत्म करने के लिए दुष्कर्म पीड़िता ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर आरोपी से 1 करोड़ रुपए का सौदा किया था. लेकिन पुलिस ने युवती और उसके दोस्तों को पैसे लेते रंगे हाथों पकड़ लिया. बता दें, दुष्कर्म पीड़िता ने पिछले महीने सरगुजा के कमलेश्वरपुर थाने में रायपुर के कपड़ा व्यापारी विनोद केडिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि व्यापारी विनोद केडिया से उसकी जान-पहचान हुई और फिर व्यापारी उसे मैनपाट रिजॉर्ट पर घुमाने ले गया. इस दौरान व्यापारी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया. पीड़ता की शिकायत के बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई थी. इसी बीच मामले ने नया मोड़ लिया जब आरोपी विनोद केडिया के जीजा सुभाष अग्रवाल ने पुलिस में दुष्कर्म पीड़िता के खिलाफ ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई. आरोपी व्यापारी के जीजा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि रेप केस में दुष्कर्म पीड़िता के दोस्त संतोष विश्वकर्मा ने उन्हें संपर्क करके केस को खत्म करने 1 करोड़ रुपए की मांग की है और सौदा 61 लाख में तय किया गया है. संतोष विश्वकर्मा ने इसमें से 21 लाख रुपए की टोकन मनी की मांग रखी है. पीड़िता के दोस्त ने यह आश्वासन दिया है कि पैसे मिलते ही दुष्कर्म मामले में पीड़िता आरोपी विनोद केडिया के पक्ष में गवाह देगी, जिससे आरोपी विनोद केडिया पर चल रहा रेप केस खत्म हो जाएगा. दुष्कर्म आरोपी विनोद केडिया के जीजा ने पुलिस को बताया कि पहली किश्त में 5 लाख रुपए अंबिकापुर कोर्ट के पीछे दुष्कर्म पीड़िता के दोस्त को दे दिया गया. इस दौरान दुष्कर्म पीड़िता भी वहां मौजूद थी. वहीं दूसरी किस्त के लिये उन्हे 25 दिसंबर को अनन्या होटल के पास बुलाया है. इस पूरी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने योजना बनाकर दुष्कर्म पीड़िता और उसके दोस्तों को पैसे लेते रंगे हाथ पकड़ा है. सरगुजा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि मामले में 10 लाख रुपए सहित एक कार और 1 स्कूटी के अलावा 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. युवती के अलावा पुलिस ने मौके से सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर निवासी संतोष विश्वकर्मा, मनेन्द्रगढ़ के वार्ड 04 निवासी कमलेश देवांगन, मनेन्द्रगढ़ के महोरपारा निवासी घनश्याम विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है. recent visitors 28
आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ अब्दुल रहमान मक्की की पाकिस्तान के लाहौर में मौत
लाहौर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ अब्दुल रहमान मक्की की पाकिस्तान के लाहौर में मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक, उसकी मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है. मुंबई के 26/11 हमले का गुनहगार अब्दुल रहमान मक्की आतंकी हाफिज सईद का रिश्तेदार है. मक्की को अमेरिका ने ग्लोबल आतंकवादी घोषित किया हुआ है. भारत में वो वॉन्टेड था. अब्दुल रहमान मक्की लश्कर-ए-तैयबा के टेरर फंडिग का काम देखता था. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने मक्की को 1267 ISIL (दा'एश) और अल कायदा प्रतिबंध समिति के तहत ग्लोबल टेररिस्ट घोषित किया था. इसके साथ ही उनकी संपत्ति फ्रीज कर दी गईं थी. यात्रा प्रतिबंध लगा दिया था और हथियारों पर भी बैन लगा दिया था. अब्दुल रहमान मक्की को 16 जनवरी को ISIL और अलकायदा से जुड़े होने लश्कर-ए-तैयबा द्वारा या उसके समर्थन से टेरर फाइनेंसिंग, साजिश रचने, साजिश में हिस्सा लेने, भर्ती करने जैसे कामों में शामिल होने पर लिस्टेड किया गया. मक्की लश्कर की राजनीतिक विंग जमाद उद दावा का भी चीफ था. वह लश्कर के फॉरेन रिलेशन डिपार्टमेंट का भी हेड रहा है. मक्की को घोषित किया था अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी साल 2023 में संयुक्त राष्ट्र ने मक्की को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किया था। इसके पहले साल 2020 में आतंकी फंडिंग मामले में पाकिस्तान की एंटी टेररिज्म कोर्ट ने मक्की को 6 महीने के लिए जेल में भेजा था। आतंकी फंडिंग मामले में सजा सुनाए जाने के बाद से ही जमात-उद-दावा का उप प्रमुख खुद को लो प्रोफाइल रखे हुए था और सार्वजनिक रूप से बहुत कम नजर आता था। पाकिस्तान मुत्तहिदा मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने एक बयान में कहा कि मक्की पाकिस्तान की विचारधारा का समर्थक था। मक्की ने मुंबई आतंकी हमलों के लिए आतंकियों को धन और संसाधन मुहैया कराए थे, जिसमें 166 लोग मारे गए थे। इस दौरान 9 आतंकी मारे गए थे, जबकि एक आतंकी अजमल कसाब का जिंदा पकड़ा गया था। लश्कर ने भारत में कराए ये बड़े हमले UN की वेबसाइट के मुताबिक, मक्की लश्कर और जमात-उद-दावा में नेतृत्व पद पर रहा है. ऐसे में भारत में हुए बड़े हमलों के पीछे हाफिज सईद के साथ साथ मक्की का भी हाथ माना जाता रहा है. लश्कर ने भारत में इन बड़े हमलों को अंजाम दिया है… 1- लाल किले पर हमला: 22 दिसंबर 2000 में लश्कर-ए-तैयबा के 6 आतंकियों ने लाल किले में घुसकर सुरक्षाबलों पर फायरिंग की थी. इस अटैक में सेना के दो जवान समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी. इस आतंकी हमले में राइफलमैन उमा शंकर तो मौके पर ही शहीद हो गए थे. जबकि, नायक अशोक कुमार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था. अब्दुल्ला ठाकुर नाम के शख्स की भी इस हमले में मौत हो गई थी. 2- रामपुर हमला: लश्कर के 5 आतंकियों ने 1 जनवरी 2008 में सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था. इसमें 7 सीआरपीएफ जवानों और एक रिक्शा चालक की जान चली गई थी. 3- लश्कर ने 26/11 को मुंबई में हमला कराया था. मुंबई में अरब सागर के रास्ते 10 आतंकी दाखिल हुए थे, इन लोगों ने कई जगहों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी. इस हमले में 175 लोगों की मौत हो गई थी. 4- श्रीनगर अटैक: 12-13 फरवरी 2018 में श्रीनगर के करण नगर में सीआरपीएफ कैंप में लश्कर का आत्मघाती हमलावर घुस गया था. इस दौरान एक जवान शहीद हो गया था. जबकि एक पुलिसकर्मी जख्मी हुआ था. 5- बारामूला: 30 मई 2018 को बारामूला में लश्कर के आतंकियों ने तीन नागरिकों को मौत के घाट उतार दिया था. 6- श्रीनगर हमला: लश्कर आतकियों ने 14 जून 2018 को राइजिंग कश्मीर के एडिटर सुजात बुखारी और दो सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. लश्कर ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी. 7- बांदीपोरा हमला: जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में लश्कर के आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की थी, इस दौरान भारतीय सेना के जवानों ने उनकी कोशिश को नाकाम कर दिया था. इस हमले में चार जवान शहीद हो गए थे. मक्की को पाकिस्तान की सरकार ने 15 मई 2019 को गिरफ्तार किया था. वह लाहौर में हाउस अरेस्ट था. 2020 में टेरर फंडिंग केस में मक्की को पाकिस्तानी कोर्ट ने सजा सुनाई थी. recent visitors 101