Thursday, July 9, 2026 11:59 pm

पीएम जन-मन योजना से मिले चार नये हॉस्टल, छत्तीसगढ़-गरियाबंद को सीएम साय ने दी 338 करोड़ के कार्यों की सौगात

गरियाबंद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों के जीवन में विकास का उजियारा लाने की बड़ी पहल की है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति के लोग मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं। गरियाबंद  विशाल वन क्षेत्र और प्राकृतिक सुंदरता से समृद्ध जिला है। यहां बड़ी संख्या में विशेष पिछड़ी जनजातियां रहती हैं, जिनकी विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार मोदी की गारंटी के हर वायदे को पूरा कर रही है। ये बातें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गरियाबंद जिले के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित आमसभा में कहीं। इस दौरान सीएम ने गरियाबंद को 338 करोड़ रुपए के 193 कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया। इनमें 119 करोड़ रुपए के 44 कार्यों का लोकार्पण और 219 करोड़ रुपए के 149 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने इस मौके पर जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र देवभोग-झाखरपारा के 36 गांवों के लोगों की सुविधा के लिए बेलाट नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं में 99 हितग्राहियों को कृषि पंप, मछली जाल सहित एक करोड़ 27 लाख रूपये विभिन्न सामग्रियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरणों में पात्र लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरा साय ने कहा कि पीएम जनमन योजना अंतर्गत 2 हजार 528 से अधिक आवास गरियाबंद में हमारे कमार जनजाति के लोगों के लिए स्वीकृत किये गये हैं। गरियाबंद जिले में ही इस योजना के माध्यम से 58 करोड़ रुपए की लागत से 49 सड़कें बन रही हैं। सड़कों के पूर्ण होने से कमार जनजाति की बसाहटें अब मुख्यधारा से जुड़ जाएगी, कमार जनजाति के बच्चे अब आसानी से उच्च शिक्षा ग्रहण कर पाएंगे। कमार बसाहटों तक आसानी से जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस पहुंच पाएगी। उन्होंने कहा कि जब हमने कुंभ मेले का आयोजन राजिम में आरंभ कराया था तब त्रिवेणी संगम की इस नगरी में पूरे देश से संतों का समागम हुआ। राजिम का यश और बढ़ा। दुर्भाग्य से पूर्ववर्ती सरकार ने इसकी गरिमा कम कर दी। हमारी सरकार ने इसे फिर से उसी भव्य रूप में आरंभ किया है। अगले महीने राजिम कुंभ का आयोजन पुनः होगा। इस बार भी पूरी भव्यता से इस सुंदर समारोह का आयोजन हम करेंगे। राजिम में संत-समागम होगा और हम सब इस सत्संग का लाभ प्राप्त करेंगे। सिकासार कोडार लिंक परियोजना के सर्वे का कार्य तेजी से हो रहा है। 112 किमी अंडर ग्राउंड नहर लाइनिंग का कार्य पूरा होने पर गरियाबंद जिले के हजारों किसान लाभान्वित होंगे। सुपेबेड़ा के किडनी के मरीजों के लिए डायलिसिस सुविधा के लिए जिला मुख्यालय एवं देवभोग में डायलिसिस सेंटर आरंभ किये गये हैं। इस समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए स्वास्थ्य विभाग को अनुसंधान के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने गरियाबंद प्रवास के दौरान केन्द्र सरकार की विशेष योजना ‘पीएम जनमन’ के तहत 4 नये छात्रावास भवनों का शिलान्यास किया। ये छात्रावास धवलपुर, जिडार, जुगाड़ और पीपरछेड़ी में बनाए जाएंगे। इन छात्रावासों को पूर्ण करने के लिए 10 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। वनांचल गरियाबंद जिले में कमार विशेष पिछड़ी जनजाति निवास करती है। इन वर्गों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए पीएम जनमन योजना के तहत इन छात्रावासों का निर्माण किया जा रहा है। recent visitors 98

सिंगरौली पुलिस ने एक चार लोगों की हत्या का पर्दाफाश करते हुए हत्या के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया

सिंगरौली सिंगरौली पुलिस ने एक चार लोगों की हत्या का पर्दाफाश करते हुए हत्या के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चार जनवरी को सेप्टिक टैंक में चार शव मिलने की घटना ने जिले को हिला दिया था। सिंगरौली के बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम बडोखर में सुरेश कुमार प्रजापति के मकान के पीछे ये सेप्टिक टैंक मौजूद है। जांच के दौरान मृतकों के शरीर पर गंभीर चोट और गनशॉट के निशान मिले थे। शव मिलने पर मौके पर थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा और उनकी टीम पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद सभी मृतकों की पहचान हुई। सभी नए साल की पार्टी मनाने घर से निकले थे। इनकी की गई थी हत्या 1. करण साहू (32 वर्ष) निवासी बढ़ौना, जिला सीधी। 2. पप्पू उर्फ जोगिंदर महतो (33 वर्ष) निवासी रामगढ़, झारखंड। 3. राकेश सिंह उर्फ सोनू (24 वर्ष) निवासी मड़वास, जिला सीधी। 4. सुरेश प्रजापति निवासी लक्ष्मी मार्केट, जयंत। रॉड और गोली मारकर हत्या पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित राजा रावत और मृतक जोगिंदर महतो के बीच पुरानी रंजिश थी। राजा रावत और उसके साथियों ने पिस्टल और रॉड से वार कर इन चारों की हत्या की। पुलिस ने आरोपित राजा रावत (25 वर्ष) समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक खाली मैग्जीन बरामद की गई।   इन आरोपितों को किया गया गिरफ्तार 1. राजा रावत (नेहरू गेट, जयंत)। 2. बुद्धसेन साकेत (सिंगाही)। 3. हरिश्चंद्र साकेत उर्फ शुभम। 4. रोहित साकेत। 5. नीरज साकेत। 6. एक विधि विरुद्ध बालक। रीवा जोन के प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक साकेत प्रकाश पांडेय और पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने मामले का राजफाश किया। डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और साइबर सेल की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। recent visitors 53

फारेस्ट चेक पोस्ट में अवैध वसूली का भंडाफोड़, छत्तीसगढ़-रायपुर में पत्रकार को मारने की धमकी देने वाला अधिकारी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने वाला फॉरेस्ट रेंजर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, पत्रकार ने वन विभाग के चेक पोस्ट में हो रही अवैध वसूली का खुलासा किया था। वन विभाग के अधिकारी उसे जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी को सिहावा से गिरफ्तार किया है। दरअसल, पिछले दिनों धमतरी जिले में वन विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध वसूली का खेल चल रहा था, जिसमें वाहन चालकों से बिना पावती या रसीद के 20 से 50 रुपए तक की वसूली की जा रही थी।  पत्रकार संदीप शुक्ला ने बोराई चेक पोस्ट में अवैध वसूली का भंडाफोड़ किया था। अधिकारी नरेश चंद्र देवनाग ने गुस्से में आकर पत्रकार संदीप शुक्ला को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। recent visitors 72

तेलंगाना को मिली आधुनिक सुविधाएं, मोदी ने चर्लापल्ली के नए रेलवे टर्मिनल स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन किया

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को तेलंगाना के मेडचल-मलकजगिरी जिले में स्थित चर्लापल्ली के नए रेलवे टर्मिनल स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक टर्मिनल को 413 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह स्टेशन पर्यावरण के अनुकूल डिजाइन के साथ यात्रियों को उन्नत सुविधाएं प्रदान करेगा। साथ ही, यह सिकंदराबाद, हैदराबाद और काचेगुडा के मौजूदा टर्मिनलों पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद करेगा। प्रमुख विशेषताएं और सेवाएं चर्लापल्ली रेलवे टर्मिनल को एक कोचिंग हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां प्रतिदिन लगभग 24 ट्रेनें संचालित होंगी। नए टर्मिनल में यात्रियों के लिए निर्बाध कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें एक विशाल परिसंचारी क्षेत्र, दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग और बस परिवहन के लिए समर्पित क्षेत्र शामिल हैं। टर्मिनल औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के साथ-साथ मालगाड़ियों के संचालन में भी अहम भूमिका निभाएगा। यहां से विशेष ट्रेन सेवाओं की शुरुआत की गई है, जिसमें त्योहारों के दौरान संक्रांति विशेष ट्रेनों का संचालन भी शामिल है। स्थानीय विकास को मिलेगा बढ़ावा इस अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री मोदी को टर्मिनल के उद्घाटन के लिए धन्यवाद दिया और राज्य में क्षेत्रीय रिंग रेल परियोजना शुरू करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना तेलंगाना के 60% हिस्से को शहरीकृत करने की क्षमता रखती है। समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी, और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। समारोह में वर्चुअल माध्यम से कई नेता और अधिकारी जुड़े। recent visitors 136

त्याग पूर्वक उपभोग ही पर्यावरण संरक्षण का उपाय है: श्री दीपक जी साधु

देवास सृष्टि सेवा संकल्प जिला देवास का दो दिवसीय शीत शिविर 4 जनवरी सायं 5 बजे से 5 जनवरी सायं 5 बजे तक वन भवन परिसर देवास में संपन्न हुआ। शीत शिविर के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ सृष्टि सेवा संकल्प-उज्जैन संभाग के माननीय संभाग वृक्षाचार्य श्री दीपक जी साधु(जावरा), शिविर पालक व संभाग शिक्षण प्रमुख श्री राम जी शर्मा द्वारा गुरु अथर्ववेद व वृक्ष का पूजन और दीप प्रज्वलन कर किया गया। शीत शिविर की दिनचर्या प्रथम दिवस 4 जनवरी सायं 5 बजे से रात्रि 10:30 बजे विश्राम तक और द्वितीय दिवस 5 जनवरी प्रातः 5:30 बजे जागरण से सायं 5 बजे तक विभिन्न कार्यक्रमों में शिक्षार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रथम दिवस रात्रि आनंद सभा में अंताक्षरी, प्रश्नमंच, प्रतिभा प्रदर्शन व तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता। द्वितीय दिवस प्रातः मैदान पर योग, प्राणायाम, आसन, वृक्षों से संबंधित विभिन्न नए खेल(वृक्ष की खोज, वृक्ष श्रृंखला, लता, बैल, सज्जन-दुर्जन, पंचवटी, जड़-तना-डाली-फल आदि), वृक्ष समूह के व्यावहारिक प्रशिक्षण में वृक्षोत्सव कार्यशाला, पर्यावरण संरक्षण पर, बौद्धिक सत्र, चर्चा सत्र, योजना सत्र आदि कार्यक्रम हुए। #वृक्षोत्सव_कार्यशाला के अंतर्गत दो वृक्ष समूह (बसामन मामा व अमृतादेवी विश्नोई) बनाए गए व उन्हें समाज से सामग्री एकत्रित करके वृक्षोत्सव मनाने का टास्क दिया गया। जिसमें दोनों समूहों ने आसपास के घरों से पूजन सामग्री व साजो सज्जा हेतु सामग्री एकत्रित की व उत्सव स्थान पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर बहुत सुंदर तरीके से वृक्षोत्सव(वृक्ष बसंतोत्सव, वृक्ष पूजन उत्सव) कार्यक्रम मनाये। शिविर के उद्घाटन सत्र में उज्जैन संभाग वृक्षाचार्य श्री दीपक जी साधु(जावरा) ने संगठन स्थापना की पृष्ठभूमि, उद्देश्य, संगठन का विस्तार /संगठन की यात्रा व संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों के साथ साथ उन्होंने बताया कि आज संगठन मध्यप्रदेश सहित सात राज्यों में कार्यरत है। जिस प्रकार की परिस्थितियां आज बन रही है उन सबको देखकर आज पर्यावरण संरक्षण के लिए संवेदना व समर्पण के साथ समाज जागरण के लिए अधिक से अधिक समय देकर कार्य करने की आवश्यकता है। त्याग पूर्वक उपभोग ही पर्यावरण संरक्षण का उपाय है। और हम सभी जीवन के अपने अपने लक्ष्य तक प्रकृति के पास रहकर ही जल्दी पहुँच सकेंगे। रामचरित मानस में प्रभु श्रीराम जी भी सर्वप्रथम प्रकृति से ही माता सीता का पता पूंछते है। और पक्षीराज जटायु अर्थात प्रकृति ही माता सीता का पता प्रभु श्रीराम जी को बताते है। – "हे खग मृग हे मधुकर श्रेणी तुम देखी सीता मृगनैनी" शिविर संचालन टोली का परिचय हर्षपाल जी भाटी ने कराया। शिविर पालक श्रीराम जी शर्मा( उज्जैन संभाग शिक्षण प्रमुख), शिविर मुख्य शिक्षक श्री अंकित सिंह जी, शिविर बोद्धिक प्रमुख श्री कमलेश जी विश्वकर्मा, शिविर प्रबंधक श्री घनश्याम जी माहेश्वरी, वैभव जी पालीवाल आदि कार्यकर्ताओ ने शिविर का पूर्ण संचालन संभाला। शिविर के समापन सत्र में शिविर पालक एवं उज्जैन संभाग शिक्षण प्रमुख श्री राम जी शर्मा ने बताया कि सुंदर समाज के द्वारा ही सुंदर सृष्टि का निर्माण किया जा सकता है इसलिए समाज जागरण के माध्यम से मनुष्य के अंदर संवेदना रूपी बीज का रोपण करना ये सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। पहले स्वयं परिश्रम की भट्टी में तपना पड़ता है फिर जाकर समाज हमारी बात सुनेगा इसलिए हम जहाँ है वहीं से कार्य करना शुरू करें। समाज आपको देखकर स्वयं आपके कार्य से जुड़ेगा। अपने व अपनों के लिए जीना ये छोटा कार्य है लेकिन दूसरों के लिए जीना ये बड़ा कार्य है इसलिए हम सभी जितना हो सके दूसरों के लिए जीने का प्रयास करे। आज जितने भी महापुरुष है उनके जीवन को पढ़ेंगे तो एक ही प्रेरणा मिलेगी कि जीवन तो दूसरों के लिए ही होता है। समापन सत्र में उज्जैन संभाग वृक्षाचार्य श्री दीपक जी साधु(जावरा) ने कार्यकारिणी के #नवीन_दायित्व घोषणा भी की। #देवास_जिला_कार्यकारिणी- जिला वृक्षाचार्य- श्री किशोर जी कनासे जिला संयोजक- श्री अंकित सिंह जी जिला संगठन मंत्री – श्री कमलेश जी विश्वकर्मा जिला प्रचार प्रमुख- श्री वैभव जी पालीवाल जिला विस्तारक- श्री घनश्याम जी माहेश्वरी #देवास_नगर_इकाई_कार्यकारिणी- नगर संयोजक- श्री हर्षपाल जी भाटी नगर सह संयोजक- श्री शुभम जी बैस नगर बौद्धिक प्रमुख- श्री मृत्युंज्य सिंह जी नगर प्रचार प्रमुख- श्री गोविंद जी धाकड़ नगर संपर्क प्रमुख- श्री देवेंद्र जी पवार विधार्थी प्रमुख- श्री हिमांशु जी त्रिवेदी ग्रामीण फतनपुर इकाई संयोजक- श्री कपिल जी पटेल बनाये गए। उपरोक्त जानकारी जिला प्रचार प्रमुख श्री वैभव जी पालीवाल ने दी। recent visitors 188

देश, धर्म के लिए बलिदान होने वाली लंबी श्रृंखला सदैव से समाज को नया जीवन देती रही है: सीएम योगी

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शहीद का बलिदान कौम की जिंदगी होती है। देश, धर्म के लिए बलिदान होने वाली लंबी श्रृंखला सदैव से समाज को नया जीवन देती रही है। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर पीएम मोदी ने आगामी 25 वर्ष का लक्ष्य रखते हुए कहा कि देश को 2047 तक 'विकसित भारत' बनाना है। उन्होंने पंच प्रण की बात कही। इसमें मुख्यतः गुलामी के अंशों को सर्वथा समाप्त करना, महापुरुषों पर गौरव की अनुभूति, सुरक्षा बलों के जवानों का सम्मान करना है। उन्होंने सोमवार को होटल ताज में आयोजित 'शौर्य सम्मान-2025' कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने शहीदों के परिजनों सहित उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। सीएम योगी ने कहा कि जवान सर्दी, गर्मी, बरसात की परवाह किए बिना देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। इस समय भी जब माइनस 20, 25, 10 तापमान है, तब देश की सीमाओं पर भारत मां के जवान दिन-रात खड़े होकर, पुलिस बल के जवान निरंतर पेट्रोलिंग में रहकर आमजन के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करते हैं। यदि समाज आर्मी, पैरामिलिट्री, पुलिस बल के जवानों का सम्मान नहीं करेगा या शहीद परिवारों के बारे में नहीं सोचेगा तो इसका मतलब हम राष्ट्रीय दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां 1965-1971 में पाकिस्तान के खिलाफ हुए युद्ध में भागीदार, शहीदों के परिजनों, भारतीय सेना के जवानों, देश के अंदर विभिन्न ऑपरेशन में भाग लेने वाले स्मृतिशेष जवानों के परिजनों का सम्मान हुआ। सुरक्षा के बिना सभ्य समाज की कल्पना नहीं की जा सकती है। स्वतंत्रता का अहसास हो, लेकिन हमारी स्वतंत्रता दूसरे की स्वतंत्रता में बाधा न बने। बाबा साहेब ने जो संविधान दिया, उसके अनुसार सुरक्षा की पहली शर्त सुशासन है। सुशासन की स्थापना के लिए जो जवान दिन-रात लगे रहते हैं, उन्हें सम्मान देना राष्ट्रीय दायित्वों के निर्वहन जैसा है। सीएम योगी ने 2017 के पहले और अब के उत्तर प्रदेश का अंतर बताते हुए कहा कि 2017 के पहले कोई सुरक्षित नहीं था। नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ होता था। उनके पास नौकरी और रोजगार नहीं था। यूपी की पहचान दंगाग्रस्त और अराजक प्रदेश के रूप में थी। आज उत्तर प्रदेश सुरक्षित है। स्वत:स्फूर्त भाव के साथ प्रदेश में सभी कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं। तंत्र वही है, बस सरकार का चेहरा बदल गया। यह वही प्रदेश है, जहां पहले कोई निवेश नहीं करता था। 2017 के पहले हर परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते थे। प्रत्येक सप्ताह दो से तीन बड़े दंगे होते थे, लेकिन आज प्रदेश दंगामुक्त है। सर्वाधिक निवेश को आमंत्रित करने वाला प्रदेश है। बिना भेदभाव के योग्यता के आधार पर सरकारी-निजी क्षेत्र में नौकरी और रोजगार की गारंटी देने वाला प्रदेश है। सीएम योगी ने कहा कि जिस प्रदेश में 40 हजार करोड़ का निवेश नहीं आता था, उस प्रदेश में आज 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिससे 1.25 करोड़ नौकरी की गारंटी मिली। बदली परिस्थितियों की नींव में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था की बेहतर स्थिति है। इसके लिए हमने अपने जवान भी खोए हैं। 2017 में प्रदेश सरकार ने पॉलिसी बनाई कि कोई जवान (सेना, अर्धसेना, पुलिस बल) शहीद होता है तो उसके परिवार की जिम्मेदारी सरकार की होगी। हमने 1.50 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों के खाली पदों को भरा। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले पुलिस भागती थी, अपराधी दौड़ाता था। आज अपराधी हांफते-हांफते मर रहा है। पुलिस, अपराधी और उनके आकाओं को सही जगह पहुंचा रही है। यह नए भारत के नए उत्तर प्रदेश का बदला स्वरूप है। यहां सुरक्षा, सम्मान, पहचान भी है। इस साल के अंत तक जब गंगा एक्सप्रेसवे बन जाएगा तो देश का 55 फीसदी एक्सप्रेसवे यूपी के पास होगा। सबसे अधिक रेलवे नेटवर्क, एयरपोर्ट, मेट्रो संचालित, सर्वाधिक नगर निकाय, आस्था को गौरव के साथ आगे बढ़ाने वाला प्रदेश उत्तर प्रदेश होगा। सीएम ने कहा कि 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज की धरती पर महाकुंभ-2025 होने जा रहा है। यह मुहूर्त 144 वर्ष बाद आया है। महाकुंभ के बहाने प्रयागराज और आसपास के शहरों का भी कायाकल्प हुआ है। 200 से अधिक सड़कों को सिंगल से डबल, डबल से फोरलेन, फोरलेन से सिक्सलेन बनाया गया। एक वर्ष में एक शहर में 14 नए फ्लाईओवर बनकर तैयार हुए। रेलवे स्टेशनों का पुनरुद्धार हुआ, एयरपोर्ट नए सिरे से देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अक्षयवट, सरस्वती देवी, बड़े हनुमान, महर्षि भारद्वाज, श्रृंगवेरपुर, पातालपुरी कॉरिडोर आदि पहली बार देखने को मिलेंगे। दुनिया की तीसरी बड़ी आबादी के बराबर श्रद्धालु प्रयागराज आएंगे। एक दिन में 10 करोड़ श्रद्धालु भी आ गए तो आसानी से स्नान कर पुण्य प्राप्त करेंगे। 'स्वच्छ महाकुंभ' के लिए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज की व्यवस्था है। 1.50 लाख से अधिक शौचालय बनाए गए हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में इस सदी का महाकुंभ 'डिजिटल महाकुंभ' के रूप में जाना जाएगा। प्रयागराज महाकुंभ आस्था और आधुनिकता का संगम होगा। अयोध्या, काशी, मां विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट, लखनऊ, श्रृंगवेरपुर आदि आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने भारतीय संस्कृति के समागम में सभी को आमंत्रित किया।   recent visitors 69

सागर जिले में कोहरे की वजह से हुआ दर्दनाक हादसा, ट्रक और SUV के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत

सागर मध्य प्रदेश के सागर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. घने कोहरे के कारण ट्रक और एसयूवी के बीच टक्कर हो गई जिसमें चार लोगों की जान चली गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए. यह हादसा सागर-छतरपुर रोड पर हिरापुर गांव के पास हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि एसयूवी में सवार लोग अपने दफ्तर की ओर जा रहे थे उसी दौरान यह दुर्घटना घटी. शुरुआती जांच में पता चला है कि घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी (दृश्यता) कम हो गई थी, जिससे दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई. इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं, तीन घायलों को सागर के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को इसकी सूचना दे दी है. कोहरे की वजह से हुआ हादसा पुलिस ने कहा कि हादसे का कारण ट्रक चालक की लापरवाही भी हो सकती है, लेकिन कोहरे की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता. अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को चालू कराया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि सर्दियों के मौसम में कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा के विशेष उपाय किए जाएं. सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए साइनबोर्ड और सड़क पर रिफ्लेक्टिव मार्किंग लगाने की भी मांग की गई है. इस दुखद घटना ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है. प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है. recent visitors 133