सरकारी खर्च पर प्रतिबंध का दिया हवाला, बांगलादेश नहीं होगा IMD के 150 साल के जश्न में शामिल

नई दिल्ली/बांगलादेश। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी स्थापना के 150वें वर्ष का जश्न मनाएगा। ऐसे में, भारत ने पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत अन्य पड़ोसी देशों को 'अविभाजित भारत' सेमिनार में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। हालांकि, अब जानकारी सामने आ रही है कि बांग्लादेश से कोई अधिकारी इस सेमिनार में भाग नहीं लेगा। उसने सरकारी खर्च पर गैर-जरूरी विदेश यात्रा पर प्रतिबंध का हवाला दिया है। बांगलादेश मौसम विभाग (बीएमडी) के कार्यवाहक निदेशक मोमिनुल इस्लाम ने कहा कि उन्हें भारतीय मौसम विभाग से 150वीं वर्षगांठ समारोह का आमंत्रण करीब एक महीने पहले मिला था। उन्होंने कहा कि हमारे बीच अच्छे रिश्ते हैं और हम उनके साथ लगातार सहयोग करते हैं। हालांकि, हम इस समारोह में शामिल नहीं हो रहे हैं क्योंकि सरकार द्वारा वित्तपोषित अनावश्यक विदेशी यात्राओं को सीमित करने का दायित्व है। पिछले साल हुई थी मुलाकात इस्लाम ने बताया कि नियमित रूप से दोनों एजेंसियों के बीच संपर्क रहता है। हाल ही में हम 20 दिसंबर 2024 को एक बैठक के दौरान भारतीय मौसम विज्ञानी से मिले थे। आईएमडी ने कई पड़ोसी देशों पाकिस्तान, अफगानिस्तान, म्यांमार, भूटान, नेपाल, श्रीलंका और मालदीव के साथ-साथ मध्य पूर्व और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों को भी इस समारोह में आमंत्रित किया था। आईएमडी के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया, पाकिस्तान ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है। वह कार्यक्रम में भाग लेगा। 1875 में हुई भारत मौसम विज्ञान विभाग की स्थापना भारत मौसम विज्ञान विभाग की स्थापना 15 जनवरी, 1875 को हुई थी। हालांकि इसके पहले भी ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी मौसम विभाग की स्थापना की गई थी। कोलकाता मौसम विज्ञान विभाग 1785 में शुरू हुआ था। मद्रास (आधुनिक चेन्नई) 1796 में और बॉम्बे (आधुनिक मुंबई) में 1826 में मौसम विभाग की स्थापना हुई थी। IMD की जिम्मेदारी भारत मौसम विज्ञान विभाग की जिम्मेदारी आम जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए मौसम और जलवायु संबंधित डेटा, जानकारी व पूर्वानुमान को आम लोगों और संबंधित एजेंसियों के साथ नियमित तौर पर जानकारी साझा करना है। एक तरह से कहें तो इस संस्था का राष्ट्र के विकास में अमूल्य योगदान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के प्रभाग भारत मौसम विज्ञान विभाग के काम का दायरा काफी विस्तृत है। बेहतर कार्य संचालन और समन्वय के लिए के लिए इसे कई प्रभागों में बांटा गया है। सभी प्रभागों की अपनी-अपनी जिम्मेदारी है। इन प्रभागों के अलावा किसी बड़े आयोजन या मौसम संबंधी बदलाव या समस्याओं को ध्यान में रखकर विशेष प्रभागों को स्थापित किया जाता है। recent visitors 82

महिला साथ रहने की कर रही थी जिद, प्रेमी ने मौत के घाट उतरा

छिंदवाड़ा अमरावाड़ा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। यह घटना 7 जनवरी 2025 को अमरावाड़ा के प्रिया लॉज में हुई थी। पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान संतकुमारी इनवाती के रूप में हुई है, जो खमरा राजाराम की निवासी थी। उसका पति ओमप्रकाश इनवाती है, जिसने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। पुलिस जांच में पता चला है कि संतकुमारी का प्रेमी हरीश चौधरी ने उसकी हत्या की थी। हरीश उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले का निवासी है और अमरावाड़ा में मजदूरी का काम करता था। पुलिस के अनुसार, हरीश और संतकुमारी के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन जब संतकुमारी ने हरीश से अपने साथ रहने की जिद की, तो हरीश ने उसकी हत्या कर दी। हरीश ने संतकुमारी के स्कार्फ से उसका गला घोंटकर मार डाला था। पुलिस ने हरीश को आमला जिला बैतूल से गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हरीश ने अपना जुर्म स्वीकार किया है और पुलिस ने उससे मृतक महिला का मोबाइल फोन और जेवरात बरामद किए हैं। इस मामले में थाना प्रभारी अमरावाड़ा निरीक्षक राजेंद्र धुर्वे, उपनिरीक्षक राघवेंद्र उपाध्याय, और अन्य पुलिस अधिकारियों की विशेष भूमिका रही है। recent visitors 64

शराब जब्ती करने गई आबकारी टीम की छीनी सर्विस रिवाल्वर किया हमला

टीकमगढ़ टीकमगढ़ जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र के वीरऊ गांव में अवैध शराब बेचने की सूचना के बाद छापामार कार्रवाई करने के लिए गई आबकारी टीम पर हमला हो गया। यहां पर आरोपितों ने टीम पर पत्थरबाजी करते हुए डंडों से मारपीट कर दी और आबकारी सब इंस्पेक्टर की सर्विस रिवाल्वर भी छीन ले गए। इस घटना में आबकारी टीम के उपनिरीक्षक साहित चार कर्मचारी घायल हो गए। शुक्रवार की देर रात घटना होने के बाद तत्काल ही आबकारी की टीम पुलिस थाना पहुंची और आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया गया। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने कहा कि मामला दर्ज कर अब आरोपितों की तलाश शुरु कर दी है। इसके लिए दो टीमें कार्य कर रहीं हैं। अवैध शराब बेचने की सूचना मिल रही थी दरअसल, आबकारी विभाग को वीरऊ गांव में अवैध शराब बेचने की सूचना मिल रही थी। जिस घर में शराब का अवैध रुप से विक्रय किया जा रहा था। वहां पर पहले आबकारी आरक्षक को सिविल में शराब लेने के लिए भेजा, जहां से आबकारी आरक्षक एक देशी शराब का क्वार्टर लेकर आया। महिला बेच रही थी शराब ऐसे में शराब विक्रय की पुष्टि हुई। वहीं आबकारी टीम भी वहां पहले से ही मौजूद थी। जैसे ही शराब विक्रय की पुष्टि हुई और आरक्षक ने इशारा किया, तो पूरी टीम वहां पर पहुंच गई। आबकारी उपनिरीक्षक विजय सिंह चंदोल ने बताया कि शराब का विक्रय महिला द्वारा किया जा रहा था। जब्ती के दौरान 20 क्वर्टर पकड़े। इसी बीच उसका ससुर आया और उसने महिला के बजाय पति के विरुद्ध मामला दर्ज करने की बात कही। तब महिला ने पास खड़े व्यक्ति से अपने पति को फोन लगवा दिया। पति ने आते ही कर दिया हमला ऐसे में महिला का पति संतोष यादव आया और उसने हमला कर दिया। बताया गया कि संतोष यादव के साथ ही उसके दो बेटों ने लाठी डंडों से मारपीट करते हुए सर्विस रिवाल्वर छीन ली, जहां वहां से आबकारी टीम जान बचाकर भागने लगी, तो पत्थर भी फेंके। हमले में आबकारी आरक्षक प्रहलाद प्रजापति, वीरेंद्र विश्वकर्मा और महेंद्र राय को भी चोट लगी है। recent visitors 87

Pushpa 2 Day 37: 37 दिन बाद सबसे कम कमाई, ‘गेम चेंजर’ ने बिगाड़ा खेल

मुंबई अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ भारतीय सिनेमा की पहली ऐसी फिल्म बन चुकी है जिसे सबसे ज्यादा फॉलो और सबसे ज्यादा पसंद किया गया है. ये फिल्म रिलीज के एक महीने से ज्यादा हो जाने के बावजूद शानदार कमाई कर रही है. चलिए यहां जानते हैं ‘पुष्पा 2’ ने रिलीज के 37वें दिन कितने करोड़ का कलेक्शन किया है? ‘पुष्पा 2’ ने रिलीज के 37वें दिन कितनी की कमाई? ‘पुष्पा 2’ की बॉक्स ऑफिस पर धड़ल्ले से राज कर रही है. कितने फिल्में आ और चली गई लेकिन मजाल है कि ‘पुष्पा 2’ का कोई बाल भी बांका कर पाई हो. इस  फिल्म ने रिलीज के पहले दिन से लेकर अब तक इतनी कमाई कर ली है कि अब मेकर्स की तिजोरियां भी नोटों से फुल हो चुकी हैं बावजूद इसके ‘पुष्पा 2’ रूकने को तैयार नहीं हैं. इसी के साथ ये फिल्म अब रिलीज के छठे हफ्ते में एंट्री कर चुकी है और ये अब भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब हो रही है.    फिल्म की कमाई की बात करें तो ‘पुष्पा 2’ ने 10.65 करोड़ से खाता खोला था. इसके बाद फिल्म के पहले हफ्ते की कमाई 725.8 करोड़ रही. दूसरे हफ्ते में फिल्म ने 264.8 करोड़ का कारोबार किया. तीसरे हफ्ते में फिल्म का कलेक्शन 129.5 करोड़ रुपये रहा. चौथे हफ्ते में ‘पुष्पा 2’ की कमाई 69.65 करोड़ रुपये रही पांचवें हफ्ते में ‘पुष्पा 2’ का कारोबार 25.25 करोड़ रुपये रहा. वहीं अब फिल्म की रिलीज के 37वें दिन की कमाई के शुरुआती आंकड़े आ गए हैं. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘पुष्पा 2’ ने 37वें दिन 1.15 करोड़ का कारोबार किया है. इसी के साथ ‘पुष्पा 2’ की 37 दिनों की कुल कमाई अब 1213.15 करोड़ रुपये हो गई है. ‘गेम चेंजर’ ने बिगाड़ा ‘पुष्पा 2’ का खेल ‘पुष्पा 2’ पिछले एक महीने से ज्यादा समय से बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है. हालांकि फिल्म की रिलीज के 37वें दिन इसे सिनेमाघरों में रामचरण की लेटेस्ट रिलीज ‘गेम चेंजर’ से मुकाबला करना पड़ा. ‘गेम चेंजर’ ने आते ही अल्लू अर्जुन की इस फिल्म का खेल बिगाड़ दिया है. इतने दिनों में पहली बार ‘गेम चेंजर’ ने 2 करोड़ से कम कमाई की है. अब देखने वाली बात होगी कि पुष्पा 2 राम चरण की ‘गेम चेंजर’ के आगे कितने नोट छापती है. recent visitors 140

ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य पूरा होते ही पूरे विन्ध्य के विकास को गति मिलेगी: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि अधोसंरचनात्मक विकास से ही क्षेत्र का विकास होगा। विन्ध्य क्षेत्र में विकास के लिए हाई-वे एयरपोर्ट की सुविधा हो गई है। ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन का कार्य पूरा होते ही पूरे विन्ध्य के विकास को गति मिलेगी। इससे रोजगार के अवसरों और औद्योगीकरण भी तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन निर्माण में भू अर्जन की शेष कार्यवाही करके रेलवे को जमीन उपलब्ध कराएं। विस्थापित के लिये वैकल्पिक आवासीय भूमि देकर मकानों की व्यवस्था कराएं। कलेक्टर पूरी संवेदनशीलता के साथ विस्थापन की कार्यवाही पूरी करें। रेलवे के निर्माण कार्य में अनुचित ढंग से बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्यवाही करें। कमिश्नर कार्यालय सभागार रीवा में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पन्ना से सतना, गोविंदगढ़ से सीधी तथा सीधी से सिंगरौली तक रेलवे लाइन निर्माण कार्य की बिन्दुवार समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि राजस्व, वन विभाग रेलवे के अधिकारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। ताकि कार्य तेज गति से पूर्ण किया जा सके। बताया गया कि सीधी से सिंगरौली के बीच के निर्माण कार्यों के लिए रेलवे द्वारा वन विभाग को वांक्षित 17 करोड़ रुपए की राशि जमा की गयी है। वन मण्डलाधिकारी 15 दिन की समय सीमा में रेलवे को विभागीय अनुमति जारी कराएं जिससे टेण्डर की कार्यवाही की जा सके। उन्होंने निर्देश दिये कि चुरहट के पास सोन नदी पर पुल तथा बहरी के पास गोपद नदी पर पुल एवं 17 प्रस्तावित सुरंगों का निर्माण कार्य तेजी से कराएं। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी श्री एमएस हाशमी ने बताया कि मार्च तक सीधी जिले के बघवार स्टेशन तक तथा मई तक रामपुर नैकिन स्टेशन तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्रा, सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा, अध्यक्ष नगर निगम रीवा श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर रीवा श्री बीएस जामोद, डीआईजी श्री साकेत प्रकाश पाण्डेय सहित प्रशासनिक, पुलिस, राजस्व, विभागीय अधिकारियों सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 69

लॉस एंजेलिस आग: राष्ट्रपति ट्रंप ने डेल्टा स्मेल्ट मछली को ठहराया जिम्मेदार

लॉस एंजेलिस अमेरिका के कैलिफॉर्निया स्थित लॉस एंजेलिस में लगी आग लगातार फैलती जा रही है। आग की वजह से 11 लोगों की जान चली गई है, जबकि लाखों लोग बेघर हो गए हैं। यहां तक की कई हॉलीवुड हस्तियों के घर भी जलकर खाक हो गए हैं। कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी आग की वजह और इसके फैलने के तरीके के बारे में अलग-अलग कारण बताए जा रहे हैं, लेकिन कई लोग अग्निशमन विभाग में विविधता, समानता और समावेश (DEI) को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इसको लेकर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और बिल एकमैन ने भी पोस्ट किया है। इस बीच, नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जंगल में लगी आग के लिए डेल्टा स्मेल्ट नामक एक छोटी मछली को जिम्मेदार ठहराया है। DEI का मतलब है लोगों की मौतः मस्क मस्क ने कई वीडियो पोस्ट किए हैं, जिनमें उन्होंने अग्निशमन विभाग की DEI पहल को जंगल में लगी आग के फैलने का कारण बताया। मस्क ने विभाग के काम करने के तरीके की भी आलोचना की और कहा कि DEI का मतलब है लोगों की मौत। ट्रंप ने डेल्टा स्मेल्ट को बताया जिम्मेदार अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल हैंडल पर डेल्टा स्मेल्ट मछली को लेकर गवर्नर गेविन न्यूजॉम पर हमला बोला। ट्रंप ने कहा कि स्मेल्ट नामक एक बेकार मछली को कम पानी देकर बचाने के लिए कैलिफोर्निया के लोगों की परवाह नहीं की गई और आज सभी इसका अंजाम देख रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि ये आपदा खुद लाई गई है। उन्होंने कहा कि इस बेकार गवर्नर से मैं मांग करता हूं कि कैलिफोर्निया में साफ और ताजा पानी बहने दें। आज फायर हाइड्रेंट के लिए पानी नहीं है और न ही अग्निशमन विमानों के लिए। ट्रंप ने क्यों कहा ऐसा? दरअसल, ट्रंप और कई विशेषज्ञों का दावा है कि सैक्रामेंटो-सैन जोकिन डेल्टा में लुप्त हो रही डेल्टा स्मेल्ट फिश को बचाने के लिए जो नियम बनाए गए हैं उससे पानी पंप करने की क्षमताओं पर बैन लगाया गया है। ट्रंप का कहना है कि इससे अग्निशामकों की पानी तक पहुंच की समस्या हो गई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को भी उच्च मांग के कारण तीन पानी की टंकियां और कुछ हाइड्रेंट अस्थायी रूप से सूख गए थे। जिससे आग पर काबू पाने में मुश्किल आ रही है। recent visitors 84

मंत्री विश्वास सारंग ने सभी विश्वविद्यालय के युवा एवं फैकल्टी को फिट रहने के लिये मैराथन में भागीदारी करने की अपील की

भोपाल खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने 19 जनवरी को होने वाली ऑर्मी मैराथन के संबंध में निजी और शासकीय विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने सभी विश्वविद्यालय के युवा एवं फैकल्टी को फिट रहने के लिये मैराथन में भागीदारी करने की अपील की। सभी ने फिट रहने के लिये इसमें भागीदारी करने की सहमति प्रदान की। मंत्री श्री सारंग ने भोपालवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में सहभागिता करने का आह्वान किया। तीन श्रेणियों में होगी मैराथन मंत्री श्री सारंग ने कहा कि स्वच्छ भारत, हरित भारत, फिट इंडिया के लिये भारतीय सेना के साथ दौड़े। यह सहन शक्ति, दृढ़ संकल्प और विजय की परिचायक बने। उन्होंने बताया कि मैराथन अपने आदर्श वाक्य "फिट इंडिया, रन विद इंडियन ऑर्मी" के माध्यम से भारत सरकार के फिट इंडिया एकता और देशभक्ति के अभियान को बढ़ावा देगा। मैराथन में 3 श्रेणी रखी गई है इसमें 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी के लिये न्यूनतम शुल्‍क पर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। सहभागियों को टी-शर्ट और ऑर्मी मैराथन में भाग लेने का प्रमाण-पत्र दिया जायेगा। यही नहीं संस्था, विश्वविद्यालयों को भी इसका प्रमाण-पत्र मोमेन्टो के साथ प्रदाय किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मैराथन भोपाल स्थित द्रौणांचल से वीआईपी रोड होते हुए द्रौणांचल पर समाप्त होगी। मंत्री श्री सारंग ने सभी विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों से संबंधित संस्था एवं संस्थानों के सोशल मीडिया एकाउन्ट से व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा है। हमारी सुरक्षा में ऑर्मी की महतवपूर्ण भूमिका मंत्री श्री सारंग ने कहा कि हम घर और देश में सुरक्षित हैं, इसमें ऑर्मी का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसके लिये सार्वजनिक रूप से सेना और सैनिकों के प्रति सम्मान करने की भावना को व्यक्त करने को कहा है। भोपाल में भी ऑर्मी का महत्वपूर्ण सेट-अप स्थापित है। ऑर्मी मैराथन के माध्यम से नागरिक सहयोग और सम्मान प्रकट कर सकते है। उन्होंने कहा ‍कि मैराथन में अधिक से अधिक भागीदारी कर इतिहास बनाया जा सकता है। कल्चर ऑफ फिटनेस को बढ़ावा ऑर्मी मेजर जनरल श्री सुमित कबथियाल ने कहा कि मंत्री श्री सारंग के माध्यम से राज्य सरकार का सहयोग मिल रहा है। यह मैराथन कल्चर ऑफ फिटनेस को बढ़ावा देगी और फिट रहने एवं हेल्थ के प्रति जागरूक करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि द्रौणांचल में युद्धस्थल के माध्यम से युद्ध के इतिहास और शहीदों के बारे में जानकारी भी अर्जित होगी। उन्होंने बताया कि मैराथन में एनसीसी के ही लगभग 600 रजिस्ट्रेशन हो चुके है। मैराथन सभी के लिये है, इसमें परिवार, दोस्त सभी भागीदारी कर सकते हैं। 10 लाख रुपये तक का पुरस्कार ऑर्मी मैराथन सुबह 6 बजे से शुरू होगी। इसमें सभी क्षेत्रों से लगभग 12 हजार प्रतिभागी तीनों श्रेणियों की दौड़ में हिस्सा लेंगे। आकर्षक प्रायोजित पुरस्कारों के अलावा 10 लाख रूपये तक के नकद पुरस्कार भी दिये जायेंगे। हॉफ मैराथन में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के लिये 5,30,000 रूपये के नकद पुरस्कार, 10 किमी में विभिन्न श्रेणी के विजेताओं को 2,64,000 रूपये और 5 किमी में 1,87,000 रूपये के नकद पुरस्कार दिये जायेंगे। मैराथन में भाग लेने के लिये www.armymarathonbhopal.com पर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिये 62690-33347 पर संपर्क कर सकते है। भारतीय सेना के सुदर्शन चक्र कोर द्वारा ऑर्मी मैराथन भोपाल 2025 के आयोजन सेना दिवस 15 जनवरी के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। जनरल केएम करियप्पा के वर्ष 1949 में भारतीय सेना के पहले कमांडर इन चीफ के रूप में पदभार ग्रहण करने पर इस ऐतिहासिक दिन को वार्षिक श्रद्धांजलि के रूप में मनाते हुए इस मैराथन का आयोजन किया गया है। इसका शुभारंभ भोपाल से होगा, जिसमें सशस्त्र बलों, स्थानीय समुदायों और खेल प्रमियों के सदस्य एक साथ आयेंगे। भोपाल में ऑर्मी मैराथन, मुख्यालय पश्चिम एमपी सब एरिया के तत्वाधान में भोपाल में आयोजित होने वाला पहला खेल आयोजन है। इसका उद्देश्य ऑर्मी मैराथन को खेल जगत में एक प्रमुख आयोजन बनाना और फिट इंडिया अभियान के साथ वार्षिक मैराथन कैलेण्डर के रूप में दर्ज करना है। बैठक में ब्रिगेडियर एस.एस. छिल्लर सेना मेडल, कर्नल विशाल आहूजा, कर्नल राजेश नायक, संयुक्त संचालक श्री बी.एस. यादव सहित भोपाल स्थित निजी और शासकीय विश्वविद्यालय के पदाधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 69