Friday, July 3, 2026 10:04 pm

UP में दो मालगाड़ियों की आमने-सामने टक्कर, इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त…चालक घायल, जांच शुरू

फतेहपुर फतेहपुर जिले में खागा कस्बे के पास पांभीपुर इलाके में दो मालगाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों मालगाड़ियों के चालक घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत व बचाव कार्य जारी है। इस हादसे के कारण रेलवे ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। सूत्रों के अनुसार दोनों मालगाड़ियां एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आ गईं, जिससे उनकी सीधी टक्कर हो गई। इस टक्कर में दोनों गाड़ियों के इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालकों को गंभीर चोटें आईं।  यहां एक ही ट्रैक पर दो माल गाड़ियां आ गई और आपस में भिड़ गई. ऐसे में एक मालगाड़ी का इंजन ट्रैक से उतरकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में गाड़ी के चालक और सहचालक घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है. फिलहाल रेलवे के आलाधिकारी मौके पर मौजूद है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है. ये दुर्घटना जिले के खागा कोतवाली के पांभीपुर के पास हुई है. कई ट्रेनों को रोका गया है या मार्ग बदले गए हैं घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घायल चालकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस हादसे के कारण रेलवे यातायात प्रभावित हो गया है। कई ट्रेनों को रोका गया है या उनके मार्ग बदले गए हैं। दोनों ट्रेनों के लोको पायलटों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है। ट्रैक को क्लियर करवाया जा रहा है। हादसा कानपुर-फतेहपुर के बीच खागा में पांभीपुर के पास हुआ। रेड सिग्नल पर खड़ी थी गाड़ी रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रैक पर रेड सिग्नल था। ऐसे में एक मालगाड़ी खड़ी थी। तभी अचानक पीछे से मालगाड़ी तेज रफ्तार में आई और उसने टक्कर मार दी। हादसे के चलते फ्रेट कॉरिडोर पर रेल यातायात प्रभावित है। कई मालगाड़ियों को रोक दिया गया है। कुछ के रूट बदले गए। रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।   recent visitors 33

अंडमान और निकोबार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित तीन पदक अपने नाम किए

देहरादून राष्ट्रीय खेल 2025 के रोड साइक्लिंग फ़ाइनल के पहले दिन अंडमान और निकोबार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित तीन पदक अपने नाम किए। वहीं, सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) ने भी दमदार प्रदर्शन किया और एक स्वर्ण व एक रजत पदक जीते। महिला एलीट स्क्रैच 10 किमी रेस महिला एलीट स्क्रैच 10 किमी दौड़ में कर्नाटक की कीर्ति रंगास्वामी सी ने स्वर्ण पदक जीता। असम की चयनिका गोगोई को रजत और हरियाणा की मीनाक्षी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। पुरुष एलीट स्क्रैच 15 किमी रेस पुरुषों की एलीट स्क्रैच रेस 15 किमी में एसएससीबी के साहिल कुमार ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। केरल के अद्वैत शंकर एसएस ने रजत और एसएससीबी के कृष्णा नायकोडी ने कांस्य पदक जीता। महिला एलीट स्प्रिंट स्पर्धा महिला एलीट स्प्रिंट में महाराष्ट्र की श्वेता बालू गुंजल ने 12.745 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। अंडमान और निकोबार की सेलेस्टिना ने 12.848 सेकंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक अपने नाम किया, जबकि दिल्ली की त्रियशा पॉल ने 12.799 सेकेंड में स्प्रिंट पूरी कर कांस्य पदक जीता। महाराष्ट्र की अगाशे शुशिकला दुर्गाप्रसाद 12.567 सेकेंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं और कुछ मिली सेकेंड के अंतर से पदक चूक गईं। पुरुष एलीट स्प्रिंट स्पर्धा पुरुष एलीट स्प्रिंट स्पर्धा में अंडमान और निकोबार के डेविड बेकहम ने 10.691 सेकेंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। मणिपुर के लैटोनजाम रोनाल्डो सिंह ने 10.724 सेकंड के समय के साथ रजत पदक अपने नाम किया, जबकि अंडमान और निकोबार के एसो ने 10.826 सेकेंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक जीता। रोड साइक्लिंग के पहले दिन कुल 12 पदक अलग-अलग राज्यों और बोर्ड्स के खिलाड़ियों ने जीते, जिसमें अंडमान और निकोबार के शानदार प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींचा।   recent visitors 34

कर्नाटक ने अब तक 22 स्वर्ण, 10 रजत और 10 कांस्य पदक जीते हैं, पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया

देहरादून कर्नाटक 42 पदकों के साथ 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। कर्नाटक ने अब तक 22 स्वर्ण, 10 रजत और 10 कांस्य पदक जीते हैं। सर्विसेज 38 (19 स्वर्ण, 10 रजत और 9 कांस्य) पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र ने अब तक सबसे अधिक 61 पदक अर्जित किए हैं, जिनमें 15 स्वर्ण, 26 रजत और 20 कांस्य पदक शामिल हैं, जिससे यह कुल पदकों की संख्या के आधार पर सबसे आगे है, लेकिन स्वर्ण पदकों की संख्या कम होने के कारण तीसरे स्थान पर है। मणिपुर ने 11 स्वर्ण, 10 रजत और 5 कांस्य पदकों के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया है, जबकि मध्य प्रदेश 10 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य पदकों के साथ पांचवें स्थान पर है। हरियाणा, तमिलनाडु और दिल्ली ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। हरियाणा ने 6 स्वर्ण, 9 रजत और 18 कांस्य पदक जीतकर कुल 33 पदक हासिल किए हैं, जबकि तमिलनाडु 9 स्वर्ण, 12 रजत और 13 कांस्य पदकों के साथ 34 पदकों पर पहुंच चुका है। उत्तराखंड, जो इस बार खेलों की मेजबानी कर रहा है, ने अब तक केवल 1 स्वर्ण, 7 रजत और 9 कांस्य पदकों के साथ कुल 17 पदक जीते हैं, जिससे वह 19वें स्थान पर है। राष्ट्रीय खेल में अब तक का यह रोमांचक प्रदर्शन यह दर्शाता है कि विभिन्न राज्य और संघीय टीमें अपने खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ रही हैं। अगले कुछ दिनों में पदक तालिका में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।   recent visitors 41

वाइट हाउस में नेतन्याहू से ट्रंप की मुलाकात होने वाली है और इस पर दुनिया भर की नजरें, बंद कर दी UN एजेंसी की फंडिंग

वाशिंगटन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा में इजरायल और हमास के बीच लागू सीजफायर को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है। उन्होंने बेंजामिन नेतन्याहू से होने वाली मीटिंग से पहले कहा कि यह तय नहीं है कि सीजफायर बना रहेगा या नहीं। उन्होंने कहा कि मैं कोई गारंटी नहीं दे सकता कि शांति बनी रहेगी। वाइट हाउस में नेतन्याहू से ट्रंप की मुलाकात होने वाली है और इस पर दुनिया भर की नजरें हैं। इजरायल का कहना है कि वह सीजफायर बढ़ाने को लेकर सहमत है, लेकिन हमास को समझना होगा। वहीं हमास भी इस पर राजी है, लेकिन उसके समर्थक इसे इजरायल की हार के तौर पर प्रचारित कर रहे हैं, जिससे नेतन्याहू सरकार पर इजरायल के भीतर दबाव बन रहा है। इस बीच एक अहम खबर है यह डोनाल्ड ट्रंप एक नए आदेश पर साइन करने वाले हैं। इसके तहत संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से अमेरिका हट जाएगा। इसके अलावा फिलिस्तीनी रिफ्यूजियों की मदद करने वाली संस्था UNrwa की फंडिंग में भी रोक की तैयारी है। इस पर बाइडेन प्रशासन ने ही रोक लगा दी थी, जिसे ट्रंप आगे बढ़ाने वाले हैं। इस तरह फिलिस्तीनियों की मदद में भी कटौती होगी और यूएन की संस्था पर भी असर होगा। दरअसल हमास और इजरायल के बीच भले ही सीजफायर लागू है, लेकिन दोनों की ओर से इसे जीत के तौर पर प्रचारित करने से तनाव की स्थिति बनी हुई है। बेंजामिन नेतन्याहू ने इजरायल से रवाना होने के दौरान कहा कि हम हमास पर जीत को लेकर चर्चा करेंगे। हालांकि उन्होंने यह नहीं समझाया कि वह कैसे हमास से समझौते को जीत बता रहे हैं। वहीं हमास की ओर से भी कहा जा रहा है कि इजरायल का सीजफायर के लिए राजी होना उसकी जीत है। राहत की बात यह है कि हमास ने मध्यस्थ देश मिस्र को बता दिया है कि वह सीजफायर के दूसरे राउंड पर चर्चा के लिए तैयार है। हमास के एक अधिकारी ने कहा कि हम इंतजार कर रहे हैं कि मध्यस्थों की ओर से चर्चा के लिए बुलावा आ जाए। वहीं एमनेस्टी इंटरनेशनल का कहना है कि इजरायल को नरसंहार का दोषी करार दिया जाए। एमनेस्टी के हेड एगनेस कॉलमार्ड ने कहा कि भले ही सीजफायर लागू है, लेकिन हम बीते 15 महीनों में हुए कत्लेआम को भुला नहीं सकते। उन्होंने कहा कि यदि आपको भविष्य की चिंता है तो गुजरे वक्त का भी ख्याल करना होगा। इजरायल अब भी कर रहा फिलिस्तीन के वेस्ट बैंक में हमले फिलिस्तीनी न्यूज एजेंसी वाफा का दावा है कि अब भी इजरायल की सेना वेस्ट बैंक के जेनिन शहर में अभियान छेड़े हुए है। उसकी ओर से लगातार 14 दिनों से हमले किए जा रहे हैं। इन हमलों में अब तक 25 नागरिक भी मारे गए हैं। इसके अलावा दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं। वहीं बड़ी संख्या में घर भी तबाह हुए हैं। recent visitors 27

राष्ट्रीय खेल: फाइनल मुकाबलों में मध्य प्रदेश ने पुरुष वर्ग में केरल को 22-20 से हराकर खिताब अपने नाम किया

देहरादून 38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत आयोजित बास्केटबॉल 3×3 टूर्नामेंट का शानदार समापन हुआ, जिसमें पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। फाइनल मुकाबलों में मध्य प्रदेश ने पुरुष वर्ग में केरल को 22-20 से हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि महिला वर्ग में तेलंगाना ने केरल को 21-11 के बड़े अंतर से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। सेमीफाइनल मुकाबले रहे रोमांचक पुरुषों के सेमीफाइनल में केरल ने तमिलनाडु को कड़े संघर्ष में 16-15 से हराया, जबकि मध्य प्रदेश ने तेलंगाना को 18-14 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, महिला वर्ग में तेलंगाना ने तमिलनाडु को 18-11 से पराजित किया, जबकि केरल ने मध्य प्रदेश को 13-10 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार कौशल इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपने खेल कौशल और समर्पण को साबित किया। 38वें राष्ट्रीय खेलों ने पूरे देश से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान किया, जहां उन्होंने उत्कृष्ट खेल भावना और जुनून का परिचय दिया।   recent visitors 38

राष्ट्रीय खेल के लिए एथलेटिक्स टीम के कप्तान बने शिवपाल

लखनऊ उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल के लिए चयनित उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स टीम में पुरुष वर्ग में शिवपाल सिंह और महिला वर्ग में पारुल चौधरी कप्तान बनाए गए हैं। उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र कुमार ने उत्तर प्रदेश टीम की घोषणा करते हुए बताया कि टीम कोच बाबा दीन चौधरी, बीआर वरुण, रमेश यादव व गौरव त्यागी होंगे। मैनेजर शिवा नंद नायक, संदीप कुमार सिंह व विनीता बाजपेयी को बनाया गया है। राष्ट्रीय खेल में एथलेटिक्स की स्पर्धा आठ से 12 फरवरी तक देहरादून में आयोजित होंगी। पुरुष टीम : शिवपाल सिंह (कप्तान), सचिन यादव, रोहित यादव (जैवलिन थ्रो), प्रिंस कुमार, अहसन (1500 मीटर), आर्यन त्यागी (शॉटपुट), अवनीश, कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट), मो. शाहबान, मो. नदीम, मुकुल (हैमर थ्रो), शहनवाज खान, आदित्य कुमार सिंह (लंबी कूद), ऋत्विक चौधरी (400 मीटर), ऋत्विक चौधरी, अनिकेत पंवार (4 गुणे 400 मिक्सड रिले), कमल सिंह (डेकाथलान), लक्ष्य (200 मीटर), सूरज पाल, शाहरुख खान (3000 मीटर स्टीपल चेज), दिव्यांशु कुमार (10,000 मीटर), राम बाबू, धनंजय यादव (पैदल चाल। महिला : पारुल चौधरी (कप्तान), रेबी पाल, बबली वर्मा (3000 मीटर स्टीपल चेज), ख्याति माथुर, मानसी (ऊंची कूद), दीपांशी सिंह (लंबी कूद), सलोनी (जैवलिन थ्रो), सुनीता देवी (5000 मीटर), नीतिका वर्मा (डिस्कस थ्रो), नेहा पंवार, विनीता गुर्जर (1500 मीटर), राखी (800 मीटर), प्राची, रूपल (400 मीटर), तान्या चौधरी, नंदिनी, अनुष्का यादव (हैमर थ्रो), मुनीता प्रजापति, रेशमा पटेल, प्रियंका गोस्वामी (पैदल चाल), कविता यादव, अमृता पटेल (10000 मीटर), सोनम (ट्रिपल जंप), रूपल, प्राची (4 गुणा 400 मिक्सड रिले), साक्षी शर्मा (जैवलिन थ्रो), विधि (शॉटपुट)।   recent visitors 44

रविचंद्रन अश्विन ने कहा- सैमसन अगर इसी तरह आउट होते रहे तो उनका दिमाग उनके साथ चालें चलने लग जाएगा

नई दिल्ली भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टी20 के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन की खराब फॉर्म पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि अगर उन्हें मौजूदा मुश्किल स्थिति से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला तो उनके दिमाग पर नकारात्मक पक्ष हावी हो जाएगा और वह उनके साथ चालें चलना शुरू कर देगा। अपनी दाहिनी तर्जनी में फ्रैक्चर के कारण एक महीने के लिए बाहर होने वाले 30 वर्षीय सैमसन इंग्लैंड के खिलाफ हाल में संपन्न हुई पांच मैच की श्रृंखला में केवल 51 रन ही बना सके। इस दौरान वह इंग्लैंड की तेज गति और शॉर्ट पिच गेंदों के सामने संघर्ष करते हुए नजर आए। अश्विन ने कहा, ‘‘अगर एक बल्लेबाज के तौर पर संजू इसी तरह आउट होते रहे तो उनका दिमाग ही उनके साथ चालें चलना शुरू कर देगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपका दिमाग आपको यह सोचने के लिए मजबूर कर देगा कि गेंदबाज एक निश्चित तरीके से गेंदबाजी कर रहा है और मैं इस तरह से आउट हो रहा हूं। क्या गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी कर रहा है या क्या मुझमें कोई कमी है? क्या मैं इससे सामंजस्य बिठा पाऊंगा? एक बार जब मन में इतने सारे सवाल उठने लग जाते हैं तो मुश्किलें बढ़ जाते हैं।’’ अश्विन ने वन डे टीम से बाहर चल रहे टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म पर भी चिंता व्यक्ति की और उन्हें अपना दृष्टिकोण बदलने की सलाह दी। सूर्यकुमार इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच में केवल 28 रन ही बना सके। अश्विन ने अपने हिंदी यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘मैं समझ सकता हूं कि यह एक या दो मैचों में ऐसा हो रहा है, लेकिन यह काफी आश्चर्यजनक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपको स्वच्छंद होकर खेलना चाहिए लेकिन जब आपको पता होगा कि आप पर एक निश्चित तरीके से आक्रमण किया जा रहा है तो इस तरह की गेंदों को खेलने के लिए आपका एक अलग दृष्टिकोण होना चाहिए या बस उससे बचना चाहिए। आपको गेंदबाज को अपने मजबूत पक्ष के साथ गेंदबाजी करने के लिए मजबूर करना चाहिए।’’ अश्विन ने कहा, ‘‘सूर्यकुमार यादव बेहद अनुभवी खिलाड़ी है। वह बेहद क्षमतावान खिलाड़ी है और कोई भी कह सकता है कि वह भारतीय बल्लेबाजी में बदलाव लेकर आए और उन्होंने एक रास्ता दिखाया। लेकिन अब समय आ गया है कि वह कुछ समय निकालें और अपना दृष्टिकोण बदलें।’’ अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार संघर्ष करने वाले सैमसन को यह सुनिश्चित करने की सलाह दी जिससे कि उनके अवचेतन मन में किसी तरह का संदेह अपनी पैठ नहीं बना सके। उन्होंने इस संदर्भ में हाल में बीसीसीआई पुरस्कार समारोह के दौरान सचिन तेंदुलकर की सलाह का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘सचिन तेंदुलकर ने भी बीसीसीआई पुरस्कार समारोह के दौरान कहा था कि अपने अवचेतन मन में किसी तरह के संदेह को पैठ नहीं बनाने दें क्योंकि ऐसा होने पर बल्लेबाजी करना बेहद मुश्किल हो जाएगा।’’   recent visitors 43