Monday, July 6, 2026 3:28 am

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच कल, इंग्लैंड को लग सकता है करारा झटका

नागपुर भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच गुरुवार (6 फरवरी) को नागपुर में खेला जाएगा। इस मैच से पहले इंग्लैंड के खेमे में से बड़ी खबर सामने आई है। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ शुरुआती दो मैच से बाहर हो सकते हैं। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वह इन मैचों में नहीं खेलेंगे, हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक उनके चैंपियंस ट्रॉफी के लिए फिट होने की उम्मीद है। भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान तीसरे मैच में स्मिथ को पिंडली में समस्या हुई थी। उन्होंने दूसरे और तीसरे मैच में जैकब बेथेल की जगह ली थी। हालांकि अंतिम दो मैचों में वह नहीं खेल सके। इंग्लैंड के पास वनडे सीरीज में विकेटकीपिंग के लिए दो विकल्प (जोस बटलर, फिल सॉल्ट) मौजूद हैं। हालांकि बटलर ने चोट की वापसी के बाद विकेटकीपिंग नहीं है, जबकि फिल सॉल्ट ने बतौर विकेटकीपर सिर्फ तीन वनडे ही खेले हैं। जो रूट वनडे सीरीज के लिए स्क्वॉड में शामिल हो गए हैं लेकिन स्मिथ को लेकर संशय बरकरार है। जो रूट रेहान अहमह की जगह लेने वाले थे लेकिन इंग्लैंड ने स्टार स्पिनर को वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह दी है। टी20 सीरीज के दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे, जहां भारत लगातार स्पिनरों पर भरोसा कर रहा था तो वही इंग्लैंड की टीम सिर्फ एक स्पिनर के साथ उतर रही थी। नागपुर में होने वाले पहले वनडे में साकिब महमूद को अंतिम-11 में मौका मिला सकता है। साकिब महमूद को पुणे में खेले गए टी20 मैच में टीम में शामिल किया था। उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट झटके थे। हालांकि उसके बाद उन्हें खेलने का मौका नहीं दिया गया। वनडे सीरीज की शुरुआत गुरुवार को नागपुर में होगी। दूसरा मैच रविवार को खेला जाएगा। सीरीज का आखिरी मैच 12 फरवरी को होगा। recent visitors 32

कानन पेंडारी जू में बर्ड फ्लू का खतरा: बाघ और तेंदुआ को नहीं मिलेगा चिकन, सीजेडए के निर्देश के बाद रोकी सप्लाई

बिलासपुर कानन पेंडारी जू में बर्ड फ्लू का खतरा मंडराने लगा है। इसे देखते हुए जू प्रबंधन ने सावधानी बरतना शुरू कर दिया है। इसमें सबसे पहले बाघ, तेंदुआ और शेर को आहार में दिए जाने वाले चिकन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा पक्षियों की देखभाल भी खास जतन से की जा रही है। सेनेटाइजेशन के साथ केज की नियमित सफाई की जा रही है। बर्ड फ्लू का प्रकोप देश के कई हिस्सों में फैल चुका है। जू में विभिन्न प्रजातियों के पक्षी और जानवर रहते हैं, जो बर्ड फ्लू जैसी संक्रामक बीमारियों के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं। लिहाजा, चिकन, मुर्गे और अन्य पक्षियों की मांसाहारी वस्तुओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाना आवश्यक था। यह कदम पक्षियों के संपर्क में आने से रोकने के लिए उठाया गया है, ताकि महामारी का प्रसार न हो सके। प्रबंधन का मानना है कि इस कदम से बर्ड फ्लू के फैलाव को नियंत्रित किया जा सकेगा और जीव-जंतुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाएगी। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की तरफ से यह कदम जू के पक्षियों और अन्य जीवों की सुरक्षा के लिए उठाया गया है। बर्ड फ्लू का प्रकोप देश के कई हिस्सों में फैल चुका है। इसके कारण वन्यजीवों और पालतू पक्षियों में बीमारी का खतरा बढ़ गया है। प्रतिदिन 26 किलो चिकन होता है सप्लाई कानन पेंडारी जू मांसाहारी वन्य प्राणियों के लिए आहार तालिका बनी हुई है। इसके तहत प्रत्येक बुधवार को 225 चिकन वन्य प्राणियों को दिया जाता है। अन्य दिनों में मटन देने का नियम है। हालांकि, जू में कुछ उम्रदराज बाघ और तेंदुआ हैं। जिन्हें आहार में चिकन ही दिए जाते हैं। इनके लिए प्रतिदिन 26 किलो चिकन आता है। पर बर्ड फ्लू को देखते हुए जू प्रबंधन ने इन्हें चिकन की जगह आहार में मटन देने का निर्णय लिया है। पर्यटकों से भी अपील इसके अलावा जू प्रबंधन आने वाले पर्यटकों से भी सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। उन्हें सलाह दे रहे हैं कि वह किसी भी पक्षी के शव को न छुएं और न ही किसी प्रकार का मांस खरीदें। इसके साथ ही कानन पेंडारी जू के अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी सुरक्षा उपायों का पालन किया जाए। इसके अलावा स्थिति को भी लगातार मॉनीटर किया जाए। बर्ड फ्लू को देखते हुए कानन पेंडारी में सावधानी बरती जा रही है। इसमें वन्य प्राणियों को चिकन देने पर रोक लगाया गया है। वहीं पक्षियों के केज की सफाई के साथ विशेष निगरानी भी कराई जा रही है। – संजय लूथर, प्रभारी अधीक्षक, कानन पेंडारी जू recent visitors 24

ट्रंप का कहना है कि हम गाजा पट्टी को अपने अधिकार क्षेत्र में लेंगे, गाजा खाली कराना और पुनर्निर्माण काम कराना है फोकस

वाशिंगटन इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने व्हाइट हाउस पहुंचे. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई. इसी साल 20 जनवरी को कार्यालय में लौटने के बाद ट्रंप की यह किसी विदेशी नेता के साथ पहली बैठक थी. बैठक के बाद दोनों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम चाहते हैं कि अमेरिका गाजा पट्टी का स्वामित्व ले और इसका विकास करे. उन्होंने कहा कि अमेरिका देश युद्धग्रस्त फिलिस्तीनी क्षेत्र गाजा पट्टी पर कब्जा करेगा और इसका विकास करेगा. साथ ही इसका मालिकाना हक रखेगा. वहीं ट्रंप के साथ बोलते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि रिपब्लिकन नेता का विचार ऐसा है जो इतिहास बदल सकता है और ट्रंप गाजा के लिए एक अलग भविष्य की कल्पना करते हैं. गाजा के लोगों को नौकरियां और घर देंगे: ट्रंप अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "हम गाजा पर अपना अधिकार जताएंगे और साइट पर मौजूद सभी खतरनाक बमों और अन्य हथियारों को नष्ट करने की जिम्मेदारी लेंगे. हम नष्ट हो चुकी इमारतों को गिरा देंगे और एक ऐसा आर्थिक विकास करेंगे जो क्षेत्र के लोगों को असीमित संख्या में नौकरियां और आवास प्रदान करेगा." क्षेत्र में किसी भी सुरक्षा शून्यता को भरने के लिए सैनिकों को तैनात करने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "हम वही करेंगे जो आवश्यक है. यदि यह आवश्यक है, तो हम ऐसा करेंगे". ट्रंप ने कहा कि वह अपनी विकास योजना के बाद गाजा में दुनिया भर के लोगों के रहने की कल्पना करते हैं. उन्होंने कहा कि वह मध्य पूर्व की अपनी भावी यात्रा के दौरान गाजा, इज़राइल और सऊदी अरब जाने की योजना बना रहे हैं. हालांकि, उन्होंने कोई समय निर्दिष्ट नहीं किया. 'गाजा पूरी तरह विध्वंस स्थल' जब उनसे उनके प्रस्ताव पर फिलिस्तीनी और अरब नेताओं की प्रतिक्रिया के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "गाजा की बात कभी कामयाब नहीं हुई. यह पूरी तरह विध्वंस स्थल है. अगर हम सही ज़मीन का टुकड़े को ढूंढ़ सकें और उस क्षेत्र में बहुत सारा पैसा लगाकर कुछ बहुत अच्छी जगहें बना सकें, तो यह पक्का है. मुझे लगता है कि यह गाजा वापस जाने से कहीं बेहतर होगा. यहां के लोग गाजा छोड़ना पसंद करेंगे. मुझे लगता है कि वे रोमांचित होंगे. मुझे नहीं पता कि वे (फिलिस्तीनी) कैसे रहना चाहेंगे." राष्ट्रपति से जब इस क्षेत्र पर अमेरिका के लंबे समय तक नियंत्रण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मैं दीर्घकालिक स्वामित्व की स्थिति देखता हूं." ट्रंप ने सुझाव दिया कि अमेरिका द्वारा ऐसा करने से क्षेत्र में स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा और उन्होंने कहा, "यह कोई हल्के में लिया गया निर्णय नहीं है. मैंने जिन लोगों से बात की है, वे सभी इस विचार से खुश हैं कि संयुक्त राज्य अमेरिका के पास उस भूमि का एक टुकड़ा हो." गाजा को लेकर ट्रंप का 5 प्वॉइन्ट प्लान? इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से व्हाइट हाउस में मुलाकात के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए ट्रंप ने एक बार फिर गाजा पट्टी को खाली करवाने की बात दोहराई. गाजा खाली कराना और पुनर्निर्माण काम कराना है फोकस उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनियों को गाजा पट्टी खाली करनी होगी. उन्हें मिस्र, जॉर्डन और अन्य देशों में स्थाई तौर पर बस जाना चाहिए. अब गाजा रहने लायक नहीं रहा. मैंने सुना है कि गाजा उनके लिए बदकिस्मत है. वे वहां नरक की तरह रहते हैं. वे नरक में रह रहे हैं. गाजा के भविष्य में फिलिस्तीनी नहीं हैं. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कई महीनों से गाजा की स्टडी की है. बहुत करीब से स्टडी की है. गाजा में फिलिस्तीनियों के पास कोई विकल्प नहीं है. उनके पास क्या है? वहां बस मलबा है. फिलिस्तीनियों को गाजा के बजाए किसी खूबसूरत जगह शिफ्ट हो जाना चाहिए. हम गाजा पर नियंत्रण हासिल कर वहां मौजूद सभी खतरनाक बिना फटे बमों और अन्य हथियारों को नष्ट करने से लेकर साइट को समतल करने और नष्ट इमारतों का मलबा हटाने की जिम्मेदारी निभाएंगे. गाजा Riviera of Middle East में होगा तब्दील ट्रंप ने कहा कि गाजा को खाली करवाने के बाद यहां पर जोर-शोर से पुनर्निर्माण का कार्य करवाया जाएगा. हम गाजा को Riviera of Middle East में तब्दील कराएंगे. ट्रंप ने कहा कि यह फैसला पूरी गंभीरता से लिया गया है. मैंने जिनसे भी इस ब्लूप्रिंट के बारे में बात की,उन्हें यह पसंद आया है. गाजा पर अमेरिकी कब्जे के बाद इस क्षेत्रा के पुनर्निर्माण और फिर यहां रोजगार के हजारों मौके उपलब्ध कराकर इसका विकास किया जाएगा. गाजा दुनियाभर के लोगों का घर बन सकता है. ट्रंप ने कहा कि हम गाजा को मिडिल ईस्ट का रिवेरा बनाने पर फोकस करेंगे. रिवेरा दरअसल इटली का एक शब्द है, जिसका मतलब है कोस्टलाइन यानी समुद्री तट. फ्रेंच रिवेरा और इटैलियन रिवेरा दुनियाभर में अपने पर्यटन के लिए मशहूर है. इसी तर्ज पर ट्रंप गाजा को पर्यटन हब के तौर पर विकसित करना चाहते हैं. हमास का खात्मा ट्रंप ने कहा कि इजरायल पर हमास के हमले ने कई निर्दोष लोगों की जिंदगियां छिनी है. आज फिलिस्तीनियों ने जो कीमत चुकाई है, उसका जिम्मेदार हमसा ही है. ऐसे में गाजा को आतंक से मुक्त करना होगा. इसके लिए जरूरी है कि गाजा को खाली कराया जाए. ईरान भी है ट्रंप की हिटलिस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति के गाजा को लेकर 5 प्वॉइन्ट ब्लूप्रिंट में ईरान भी है. ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने उन्हें मारने की कोशिश की तो उसे इसका अंजाम भुगतना होगा. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अपने सलाहकारों को निर्देश दिया है कि अगर ईरान उनके ऊपर हमला करता है तो उसे तबाह कर दिया जाए. ट्रंप ने ईरान की कमर तोड़ने के लिए एक एक्जीक्यूटिव ऑर्डर पर दस्तखत भी किए हैं जिसमें अमेरिकी सरकार को ईरान पर अधिकतम दबाव बनाने के लिए कहा गया है. बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात के बाद इजरायली पीएम नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल पहले कभी इतना ताकतवर नहीं रहा जबकि ईरान कभी इतना कमजोर नहीं रहा. मैंने राष्ट्रपति ट्रंप से हमारे इलाके में शांति लाने और हमारे भविष्य को बचाने पर चर्चा की. … Read more

भाजपा ने छत्तीसगढ़ी और हिन्दी में लॉंच किया थीम सॉंग घर-घर में कमल खिलाएंगे

रायपुर नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने अपना थीम सॉन्ग “घर-घर में कमल खिलाएंगे” लॉन्च किया. विधायक अनुज शर्मा ने हिंदी और छत्तीसगढ़ी में गीत को अपना स्वर दिया है. भाजपा का थीम सॉंग लॉंच करते समय विधायक अनुज शर्मा, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी और सह मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल मौजूद थे. इस दौरान प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि निकाय चुनाव में भी भाजपा की जीत होगी. जनता का विश्वास हमारे साथ हैं. उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय को भ्रष्टाचार का अड्डा मानकर कांग्रेस ने काम किया है. जब कांग्रेस आरोप पत्र लगा रही थी तो हमने घोषणा पत्र जारी कर दिया. हमारे प्रचार का तरीका अलग है. कभी संगीत, डिजिटल, कला के माध्यम से प्रचार करने का हमारा तरीका है. गीत के जरिए बताएंगे विजन भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि गीत के माध्यम से हम अपने विज़न को बतायेंगे. कांग्रेस के भ्रष्टाचार को भी गीत के माध्यम से बतायेंगे. उन्होंने भाजपा को संगठन आधारित पार्टी तो कांग्रेस को नेताधारी पार्टी बताया. प्रेस वार्ता के दौरान अनुज शर्मा ने थीम सॉंग को सुनाया. इन गानों से काम नहीं चलने वाला बीजेपी के थीम सॉंग पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि बीजेपी के पास कहने के लिए कुछ नहीं रह गया है. जनता समझ चुकी है कि बीजेपी मूर्ख बना रही है. एक साल में बीजेपी ने कोई काम नहीं किया, अब भगवान का नाम लेकर गाना बजाकर जनता को भटकाने का काम कर रहे हैं. इन गानों से काम नहीं चलने वाला है, जनता सब समझती है. recent visitors 22

केविन पीटरसन ने इंग्लैंड के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती को शामिल किए जाने को ‘शानदार फैसला’ करार दिया

नई दिल्ली पूर्व दिग्गज खिलाड़ी केविन पीटरसन ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम में वरुण चक्रवर्ती को शामिल किए जाने को ‘शानदार फैसला’ करार दिया लेकिन साथ ही कहा कि मेहमान टीम लंबे प्रारूप में दाएं हाथ के स्पिनर के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करेगी। चक्रवर्ती ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैच की सीरीज में 14 विकेट चटकाए और भारत की 4-1 की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद उन्हें गुरुवार से नागपुर में शुरू हो रही सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम में शामिल किया गया। पीटरसन ने कार्यक्रम के दौरान मीडिया से कहा, ‘‘इंग्लैंड के बल्लेबाज एकदिवसीय में उनके (चक्रवर्ती के) खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करेंगे क्योंकि वे क्रीज पर अधिक समय बिता सकते हैं। यह लंबा प्रारूप है, हर गेंद पर शॉट खेलना जरूरी नहीं है। लेकिन मुझे लगता है कि यह (चक्रवर्ती को शामिल करना) एक बेहतरीन फैसला है।’’ पीटरसन ने टी20 में इंग्लैंड की हार को ‘विपदा’ करार दिया लेकिन कहा कि अगर शिवम दुबे के स्थान पर तेज गेंदबाज हर्षित राणा की जगह पर समान कनकशन (सिर में चोट लगने से बेहोशी जैसी स्थिति) सब्सटीट्यूट का इस्तेमाल किया जाता तो पुणे में सीरीज बराबर हो जाती। उन्होंने कहा, ‘‘इंग्लैंड के नजरिए से यह निराशाजनक सीरीज थी। मुझे लगता है कि चौथे टी20 में अगर कनकशन सब्सटीट्यूट सही तरीके से किया गया होता तो शायद इंग्लैंड जीत जाता।’’ पीटरसन ने कहा, ‘‘वानखेड़े (अंतिम टी20 का आयोजन स्थल) में मुकाबले से पहले यह 2-2 से बराबर होता। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।’’ पीटरसन ने कहा कि भारत के महान खिलाड़ी युवराज सिंह अब अभिषेक शर्मा पर प्रभाव डाल रहे हैं जिन्होंने उनके द्वारा देखी गई सर्वश्रेष्ठ टी20 पारी खेली। उन्होंने कहा, ‘‘अभिषेक शानदार है। उसमे (युवराज की) झलक थी… जाहिर है, अभिषेक पर अब युवराज का प्रभाव दिख रहा है। उनकी बल्लेबाजी शानदार थी। यह मेरी अब तक देखी गई सर्वश्रेष्ठ टी20 अंतरराष्ट्रीय पारी थी और मैंने बाद में उनसे यही कहा।’’ पीटरसन ने इस बात पर जोर दिया कि भारत को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को फिट रखने का तरीका खोजना होगा क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी, आईपीएल और इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच के दौरे जैसे बड़ी प्रतियोगिताएं होनी हैं। recent visitors 47

ओला की 75000 रुपये वाली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल, 501KM रेंज

मुंबई : देश की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने हाल ही में घरेलू बाजार में अपने थर्ड-जेनरेशन (Gen 3) इलेक्ट्रिक स्कूटरों को लॉन्च किया था. अब कंपनी ने आज अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Roadster X को आधिकारिक तौर पर बिक्री के लिए लॉन्च कर दिया है. तीन अलग-अलग बैटरी पैक के साथ दो वेरिएंट्स Roadster X और Roadster X Plus  में आने वाली इस बाइक की शुरुआती कीमत 75,000 रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है. कैसी है Roadster X इलेक्ट्रिक बाइक: ओला इलेक्ट्रिक के फाउंडर और सीईओ भाविष अग्रवाल ने लॉन्च इवेंट में बताया कि, "हमारे इलेक्ट्रिक स्कूटर फर्स्ट जेनरेशन से शुरू हुए थें, लेकिन हमारी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल सीधे थर्ड-जेनरेशन टेक्नोलॉजी के साथ बाजार में आ रही है. इस मोटरसाइकिल में फ्लैट केबल, मिड-ड्राइव मोटर, हायर बैटरी कैपेसिटी और सिंगल ABS ब्रेक बाय वायर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है." फ्लैट केबल: जहां रेगुलर मोटरसाइकिलों में स्टैंडर्ड तारों की वायरिंग देखने को मिलती है. वहीं ओला ने अपने बाइक में फ्लैट केबल की वायरिंग का इस्तेमाल किया है. जो कि इस बाइक के मेंटनेंस को न केवल आसान बनाते हैं बल्कि खराब वायरिंग के चलते किसी भी तरह के ब्रेक डाउन होने से भी बचाते हैं. भाविष अग्रवाल का कहना है कि, "हमने फ्लैट केबल से वायरिंग के लोड को 4 किग्रा से घटाकर 800 ग्राम कर दिया है." पेटेंटेड ब्रेक बाय वायर टेक्नोलॉजी: ओला इलेक्ट्रिक ने Roadster X में अपने पेटेंटेड ब्रेक बाय वायर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है. कंपनी का कहना है कि किसी भी सामान्य टू-व्हीलर में जब ब्रेक अप्लाई किया जाता है तो वाहन की काइनेटिक एनर्जी से हीट (गर्मी) उत्पन्न होती है. इससे ब्रेक पैड की लाइफ प्रभावित होती है साथ की माइलेज पर भी असर देखने को मिलता है. लेकिन इस नए इलेक्ट्रिक बाइक में दी जाने वाली ब्रेक बाय वायर टेक्नोलॉजी में पेटेंटेड ब्रेक-सेंसर का इस्तेमाल किया जा रहा है. ये सेंसर न केवल ब्रेकिंग पैटर्न की पहचान करता है बल्कि ये सेंसर ब्रेकिंग की आपात स्थिति का भी पता लगाता है. ये तकनीक मैकेनिकल ब्रेकिंग के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग भी जेनरेट करता है. इस दौरान काइनेटिक एनर्जी इलेक्ट्रिसिटी में कन्वर्ट होती है और बैटरी को चार्ज करती है. कंपनी का दावा है कि इस तकनीक की मदद से स्कूटर को न केवल 15% ज्यादा रेंज मिलती है बल्कि स्कूटर के ब्रेक-पैड की लाइफ भी दोगुनी हो जाती है. वेरिएंट्स और कीमत: Roadster X के बेस मॉडल 2.5kWh बैटरी पैक वेरिएंट की कीमत 74,999 रुपये, 3.5 kWh बैटरी पैक वेरिएंट की कीमत 84,999 रुपये और 4.5 kWh बैटरी पैक वेरिएंट की कीमत 99,999 रुपये तय की गई है. इसके अलावा Roadster X Plus के 4.5kWh बैटरी पैक वेरिएंट की कीमत 1,04,999 रुपये और 9.1kWh बैटरी पैक वेरिएंट की कीमत 1,54,999 रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है. कंपनी का कहना है कि ये इंट्रोडक्ट्री प्राइस है जो शुरुआती 7 दिनों के लिए लागू होगा. Roadster X को कंपनी ने तीन अलग-अलग बैटरी पैक (2.5kWh, 3.5 kWh और 4.5 kWh) के साथ लॉन्च किया है. इसे कंपनी ने काफी फ्यूचरिस्टिक लुक और डिजाइन दिया है. बता दें कि, बेस मॉडल सिंगल चार्ज में 117 किमी, मिड वेरिएंट 159 किमी और टॉप वेरिएंट 252 किमी की ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम होगा. कंपनी का दावा है कि, सबसे सस्ता मॉडल 3.2 सेकंड में 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ेगा. इन तीनों वेरिएंट्स की टॉप स्पीड भी क्रमश:  105 किमी/घंटा, 117 किमी/घंटा और 124 किमी/घंटा है. छोटा बैटरी पैक वेरिएंट 3.3 घंटे में, मिड वेरिएंट 4.6 घंटे में और टॉप वेरिएंट 5.9 घंटे में चार्ज होगा. इसमें तीन अलग-अलग ड्राइविंग मोड्स दिए गए हैं. जिसमें स्पोर्ट, नॉर्मल और इको मोड शामिल हैं. जो अलग-अलग रोड कंडिशन के हिसाब से परफॉर्मेंस देंगे. Roadster X Plus को कंपनी ने दो बैटरी पैक (4.5kWh और 9.1kWh) के साथ पेश किया है. इसमें कंपनी ने अपना खुद का भारत सेल बैटरी पैक दिया है. जिसके बारे में कंपनी का कहना है कि इसका मोटर 11KW का पावर जेनरेट करता है और इसकी टॉप स्पीड 125 किमी/घंटा है. ये मोटरसाइकिल महज 2.7 सेकंड में ही 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है. कंपनी का दावा है कि इसका 9.1Kwh बैटरी पैक वेरिएंट सिंगल चार्ज में 501 किमी तक की ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम है. फीचर्स Roadster X में कंपनी LED हेडलैंप, 4.3 इंच का एलसीडी डिस्प्ले, फ्रंट डिस्क ब्रेक, क्रूज कंट्रोल, रिवर्स मोड, टायर प्रेशर अलर्ट, जियो फेंसिंग, थेफ्ट डिटेक्शन जैसे फीचर्स दिए जा रहे हैं. कंपनी इस इलेक्ट्रिक बाइक का प्रोडक्शन शुरू कर चुकी है. हाल ही में कंपनी के सीईओ भाविष अग्रवाल ने इस बाइक की टेस्टिंग का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड किया था. बुकिंग Ola Roadster X की आधिकारिक बुकिंग पहले ही शुरू की जा चुकी है. इसे 999 रुपये में ऑफिशियल वेबसाइट और अधिकृत डीलरशिप से बुक किया जा सकता है. भाविष अग्रवाल ने बताया कि, बाइक्स की डिलीवरी मार्च महीने से शुरू किए जाने की योजना है. recent visitors 40

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने दिया संकेत, पैट कमिंस चैपिंयस ट्रॉफी से हो सकते हैं बाहर

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस 19 फरवरी से शुरू होने वाले चैपिंयस ट्रॉफी से बाहर हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कमिंस की फिटनेस को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। पैट कमिंस के बाहर होने पर स्टीव स्मिथ या ट्रेविस हेड को टीम की कमान सौंपी जा सकती है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मिचेल मार्श पीठ में तकलीफ के कारण अगले महीने होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए थे। मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने सेन से कहा, ''पैट कमिंस किसी भी तरह की गेंदबाजी फिर से शुरू नहीं कर सके हैं। इसका मतलब है कि हमें नया कप्तान चाहिए होगा। स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड दो खिलाड़ी हैं, जिनसे हम बात कर रहे हैं। जबकि हम पैट के साथ मिलकर चैंपियंस ट्रॉफी टीम बना रहे हैं। वे दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें हम नेतृत्व पद के लिए देखेंगे।'' उन्होंने आगे कहा, ''ये दोनों हैं। स्टीव ने यहां (पहले) टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने वनडे क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए यह इन दोनों के बीच है।" अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण श्रीलंका में टेस्ट श्रृंखला में नहीं खेलने वाले कमिंस टखने की चोट से भी जूझ रहे हैं और उन्होंने अभी तक अभ्यास शुरू नहीं किया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उनके टखने की समस्या बढ़ गई थी। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कमिंस की अनुपस्थिति में स्मिथ ने टीम की कमान संभाली थी। वहीं चोट के कारण मेलबर्न और सिडनी टेस्ट से बाहर रहे हेजलवुड श्रीलंका दौरे की टीम में नहीं है लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी के लिये 15 सदस्यीय प्रारंभिक टीम का हिस्सा हैं। हालांकि उनके भी टूर्नामेंट खेलने पर संशय है। किसी भी टीम को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी अंतिम टीम की घोषणा 12 फरवरी तक करनी होगी। ऑस्ट्रेलिया की टीम: एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, मैथ्यू शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, आरोन हार्डी, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, मिशेल स्टार्क, एडम जाम्पा recent visitors 30