Monday, July 6, 2026 1:08 am

स्टूडेंट्स की बल्ले बल्ले… CM मोहन यादव ने आज 12वीं टॉपर्स को दी स्कूटी; पिछले वर्ष 7778 को मिली थी

भोपाल  मध्य प्रदेश के 7900 मेधावी विद्यार्थियों को आज सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्कूटर की सौगात दी। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकुर कन्वेंशन सेंटर में सीएम विद्यार्थियों को पेट्रोल और इलेक्ट्रिक स्कूटर दिए गए। ये सभी वे मेधावी विद्यार्थी हैं, जिन्होंने 12वीं परीक्षा में टॉप किया था। सभी विद्यार्थियों को सरकार ने विकल्प भी दिया है। जो यह स्कूटर लेना नहीं चाहते हैं या जिनके पास पहले से स्कूटर हैं, उन्हें सरकार 95 हजार रुपये की राशि देगी। वहीं अगर कोई इलेक्ट्रिक स्कूटर लेना चाहता है, तो उसे 1 लाख 20 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। 2023 में शुरू हुई थी योजना बता दें कि एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में 2023 में 12वीं टॉपर छात्र-छात्राओं को स्कूटी देने की योजना शुरू की गई थी। स्कूल शिक्षा विभाग की योजना के तहत मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं परीक्षा में सरकारी विद्यालयों के टॉपर्स को स्कूटी दी जाती है। सरकार की तरफ से ई-स्कूटी और पेट्रोल स्कूटी के लिए दो किस्तों में पैसे दिए जाते हैं। छात्रों पर निर्भर करता है कि वे ई-स्कूटी लेंगे या पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी। 2022-23 में 7778 छात्रों को दी थी स्कूटी स्कूटी देने से पहले छात्र-छात्राओं की पसंद पूछी जाती है। इस बार भी छात्रों की पसंद पूछी गई है। इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए सहमति देने वाले विद्यार्थियों के बैंक खातों में 1 लाख 20 हजार रुपए जमा किए जाएंगे। पेट्रोल स्कूटी चुनने वाले छात्रों को 90 हजार रुपए के पात्रता प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। योजना का बजट 80 करोड़ रुपए से ज्यादा है। 2022-23 में 7778 छात्रों को स्कूटी दी गई थी। 2760 छात्रों को ई-स्कूटी और 5018 छात्रों को पेट्रोल वाली स्कूटी दी गई थी। मध्यप्रदेश सरकार ने कुल 40.40 करोड़ रुपए खर्च किए थे। 90 हजार छात्रों को लैपटॉप देगी सरकार मध्य प्रदेश सरकार ने 2009-10 में मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना शुरू की थी। योजना का लाभ MP बोर्ड की 12वीं परीक्षा में 75% या उससे अधिक नंबर हासिल करने वाले विद्यार्थियों को मिलता है। पात्र छात्रों को सरकार लैपटॉप खरीदने के लिए 25,000 रुपए की राशि देती है। योजना का बजट 225 करोड़ है। 2022-23 में 78,641 विद्यार्थियों को योजना का फायदा मिला था। 2023-24 के टॉपर 90,000 को 15 फरवरी से पहले सरकार लैपटॉप देगी। recent visitors 19

मेडिटेट विद गुरुदेव फ्रॉम महाकुंभ” के माध्यम से गुरुदेव ने पूरी दुनिया को कराया लाइव ध्यान; महाकुम्भ में श्री श्री तत्त्व द्वारा 250 टन खाद्य सामग्री का वितरण

 प्रयागराज   “महाकुम्भ एक ऐसा समय है जब हम क्षणभंगुर से शाश्वत की ओर, व्यक्तिगत चेतना से ब्रह्म चेतना की ओर बढ़ते हैं। यह अपने सत्य को केवल बौद्धिक रूप से नहीं, बल्कि अनुभव के स्तर पर जानने का समय है।” – गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर महाकुंभ मेला, जो भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का एक महान केंद्र है, इस बार एक विशेष आयोजन के साथ और भी खास बन गया। आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा आयोजित “मेडिटेट विद गुरुदेव फ्रॉम महाकुंभ” कार्यक्रम ने महाकुंभ नगरी के अद्भुत वातावरण में एक नई ऊर्जा का संचार किया है । मंगलवार रात 8 बजे महाकुंभ की पवित्र भूमि से गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर ने दुनिया भर के लाखों लोगों को लाइव निर्देशित ध्यान कराया । यह कार्यक्रम आर्ट ऑफ लिविंग के निःशुल्क आधिकारिक ध्यान ऐप ‘सत्त्व’ और गुरुदेव के यूट्यूब चैनल पर प्रसारित किया गया जिससे 180 देशों से भक्त और साधक जुड़े। गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के मार्गदर्शन में इस आयोजन ने एक आध्यात्मिक संजीवनी प्रदान की। गुरुदेव ने इस अवसर पर ध्यान और साधना के माध्यम से मानवता को एकता, शांति और करुणा का संदेश दिया। गुरुदेव ने कहा, “कुंभ पर्व का सार है अपने भीतर की पूर्णता को जानना और वह केवल तभी हो सकता है जब ज्ञान, भक्ति और कर्म एक साथ हों। यहां जो गंगा बह रही है वह जान का प्रतीक है, यमुना भक्ति का प्रतीक है और  सरस्वती जो अदृश्य है, वह कर्म का प्रतीक है। ” मंगलवार की सुबह गुरुदेव फिर से एक बार संगम तट पर पवित्र त्रिवेणी स्नान करने पहुँचे जिसके बाद उन्होंने प्रयागराज के प्रसिद्ध बड़े हनुमान जी के दर्शन भी किये । वसंत सप्तमी के अवसर पर गुरुदेव के सान्निध्य में आर्ट ऑफ लिविंग कैंप में रूद्र पूजा और सूर्य सूक्त होम का भी आयोजन किया गया । इस अवसर पर सैकड़ों आर्ट ऑफ लिविंग प्रशिक्षकों ने भी गुरुदेव से मिलकर आशीर्वाद प्राप्त किया । सोमवार की सत्संग संध्या पर जूना अखाड़े के नागा साधू-संतों सहित कई अन्य गणमान्य लोगों ने गुरुदेव से मुलाकात की । महाकुंभ मेले में गुरुदेव की ओर से कई विशेष आयोजन किए गए हैं, जिनमें श्रद्धालुओं के लिए लगातार खाने-पीने की व्यवस्था, आयुर्वेदिक दवाइयों और निःशुल्क नाड़ी परीक्षण जैसी सेवाएं दी जा रही हैं। आर्ट ऑफ लिविंग कैंप में कुम्भ में स्नान के लिए आने वाले लगभग  25,000 से 30,000 श्रद्धालुओं के लिए  प्रतिदिन 2 बार एक टन खिचड़ी तैयार की जा रही है। इसके अलावा श्री श्री तत्त्व के 8 अनुभवी नाड़ी वैद्य, प्रतिदिन 500 श्रद्धालुओं को निःशुल्क नाड़ी परीक्षण परामर्श भी दे रहे हैं। महाकुंभ के सभी 25 सेक्टरों के अखाड़ों और कल्पवासी क्षेत्रों के लाखों साधु संतों और तीर्थयात्रियों के लिए श्री श्री तत्त्व के माध्यम से 250 टन खाद्य सामग्री का वितरण भी किया जा रहा है, जिसमें घी, मसाले, दालें और बिस्किट जैसी चीजें शामिल हैं। recent visitors 31

07113/07114 मचिलीपटनम -दानापुर-मचिलीपटनम कुंभ मेला विशेष ट्रेन (02-02 ट्रिप)

भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन से होकर गुजरेगी भोपाल   रेल प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुंभ मेला विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में, गाड़ी संख्या 07113/07114 मचिलीपटनम -दानापुर-मचिलीपटनम  कुंभ मेला विशेष ट्रेन (02-02 ट्रिप) चलाई जा रही है, जो भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन पर ठहरकर गंतव्य तक जाएगी। गाड़ी संख्या 07113 मचिलीपटनम -दानापुर कुंभ मेला विशेष ट्रेन (02 ट्रिप) गाड़ी संख्या 07113 मचिलीपटनम -दानापुर कुंभ मेला विशेष ट्रेन दिनांक 08 एवं 16 फरवरी 2025 को मचिलीपटनम  स्टेशन से सुबह 11.00 बजे प्रस्थान कर, अगले दिन सुबह 06.05 बजे इटारसी एवं मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए उसी दिन रात 23.55 बजे दानापुर स्टेशन पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 07114 दानापुर-मचिलीपटनम  कुंभ मेला विशेष ट्रेन (02 ट्रिप) गाड़ी संख्या 07114 दानापुर-मचिलीपटनम  कुंभ मेला विशेष ट्रेन दिनांक 10 एवं 18 फरवरी 2025 को दोपहर  15.15 बजे दानापुर स्टेशन से प्रस्थान कर, अगले दिन सुबह 07.10 बजे इटारसी एवं मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन सुबह 03.00 बजे मचिलीपटनम  स्टेशन पहुंचेगी। गाड़ी के हाल्ट: रास्ते में यह गाड़ी दोनों दिशाओं में गुडिवाड़ा जंक्शन, विजयवाड़ा जंक्शन, खम्मम, डोर्नाकल जंक्शन, महबूबाबाद, वारंगल, जमीकुंटा, पेद्दपल्ली जंक्शन, रामागुंडम, मंचेरियल, बेल्लमपल्ली, सिरपुर कागजनगर, बल्हारशाह, चंद्रपुर, सेवाग्राम, नागपुर, इटारसी जंक्शन, पिपरिया, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा जंक्शन स्टेशनों पर रुकेगी। कोच संरचना: इस विशेष ट्रेन में 20 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 22 डिब्बे होंगे। यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी प्राप्त करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें। उक्त विशेष ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड करें। recent visitors 21

उच्च शिक्षा मंत्री ने स्कूल के स्थापना दिवस पर लगाई उठक-बैठक, बोले -नई शिक्षा नीति से आएगा बड़ा परिवर्तन

शाजापुर  मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने शुजालपुर स्थित सीएम राइज स्कूल के पूर्व छात्र सम्मेलन में स्कूल के दिनों को याद करते हुए कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई। यह अनोखा वाकया देखकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। मंत्री के साथ अन्य पूर्व छात्रों, प्रोफेसरों और अधिकारियों ने भी उठक-बैठक लगाई और पुराने गाने गाए। यह सम्मेलन स्कूल के पुराने दिनों को याद करने और पूर्व छात्रों के मिलन का एक मंच बना। मंत्री परमार ने नई शिक्षा नीति की चर्चा करते हुए भारत को विश्व गुरु बताया। उच्च शिक्षा मंत्री ने लगाई उठक-बैठक शाजापुर जिले के शुजालपुर में स्थित सीएम राइज स्कूल में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार अपने दौरे के दौरान स्कूल पहुंचे और वहां पूर्व छात्र सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान मंत्री परमार ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई। मंत्री जी का यह अंदाज़ देखकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। मंत्री के साथ-साथ कई अन्य पूर्व छात्र, प्रोफेसर, अधिकारी और शिक्षक भी कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते नज़र आए। इसके अलावा, लोगों ने क्लास रूम में टेबल बजाकर पुराने गाने भी गाए। स्कूल के स्थापना दिवस पर लगाई उठक-बैठक शुजालपुर के इस स्कूल की स्थापना 1931 में श्री राम मंदिर के पीछे हुई थी। इसे 'लाल स्कूल' के नाम से जाना जाता था। 1957 में हाईस्कूल की कक्षाएं वर्तमान सीएम राइज स्कूल भवन में शुरू हुईं। मंगलवार को आयोजित इस पूर्व छात्र सम्मेलन में कई पूर्व छात्र दशकों बाद अपने स्कूल लौटे। कुछ लोग 67 साल बाद, तो कुछ 85 साल की उम्र में लकड़ी के सहारे इस यादगार आयोजन में शामिल होने पहुंचे। वहीं, क्लास रूम में शिक्षकों द्वारा दी जाने वाली सजा 'कान पकड़कर उठक-बैठक' को याद करते हुए पूर्व छात्रों ने अपने शिक्षकों के नाम लेकर 'अमर रहे' के नारे लगाए। इसके साथ ही, उन्होंने पुराने गाने गुनगुनाए, सेल्फी लीं और ग्रुप फोटो खिंचवाकर इस पल को यादगार बनाया। प्रोफेसर एमआर नालमें ने बताया कि साल 1951 में मेरी हाईस्कूल क्लास में 19 लड़के थे। तब सेकंड डिविजन पास होना भी बहुत बड़ी बात होती थी।" उन्होंने यह भी बताया कि साल 1957 में स्कूल इसी भवन में लगने लगा था। 1 जनवरी 1957 को इस स्कूल में दाखिला लेने वाले राम शर्मा ने बताया कि उनकी तीन पीढ़ियां इसी स्कूल से पढ़ी हैं। वे इस स्कूल के छात्र और शिक्षक दोनों रहे हैं। नई शिक्षा नीति से आएगा बड़ा परिवर्तन मंत्री परमार ने इस मौके पर नई शिक्षा नीति के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति से बड़ा परिवर्तन आने वाला है। अब भारत में शिक्षक 'बाय चांस' नहीं, बल्कि 'बाय चॉइस' बनेंगे। उन्होंने आगे कहा कि भारत ने आयुर्वेद, इंजीनियरिंग, शल्य चिकित्सा, गणित, संस्कृति, संस्कार, हर क्षेत्र में विश्व को मार्गदर्शित किया है, इसलिए भारत को विश्व गुरु कहा जाता है। इस सम्मेलन ने पूर्व छात्रों को अपने स्कूल के दिनों की यादें ताजा करने और एक-दूसरे से मिलने का एक अच्छा अवसर प्रदान किया। recent visitors 38

दिल्ली में हो रहे मतदान के बीच सीलमपुर में हुआ हंगामा, बुर्के में महिलाओं के फर्जी वोटिंग के लगने लगे आरोप

नई दिल्ली दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर वोटिंग हो रही है। कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक मतदान चल रहा है। कुछ जगहों से आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने एक दूसरे पर गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। इस बीच सीलमपुर में एक बूथ पर कुछ देर के लिए हंगामा हो गया। बुर्के में महिलाओं के फर्जी वोटिंग के आरोप लगने के बाद कुछ देर हो-हंगामा हुआ। हालांकि, पुलिस ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया। यहां आर्यन पब्लिक स्कूल के पास बने बूथ पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बाहर की महिलाओं को लाकर बुर्के में फर्जी वोटिंग कराई जा रही है। भाजपा कार्यकर्ता बूथ के बाहर नारेबाजी करने लगे। आम आदमी पार्टी और भाजपा के कार्यकर्ता आमने सामने आ गए। इस हंगामे की शुरुआत उस वक्त हुई जब कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि जब वह वोट डालने पहुंचीं तो पता चला कि उनके नाम से किसी और ने पहले ही वोट डाल दिया है। भाजपा समर्थकों ने दावा किया कि सीलमपुर सीट से सटे यूपी के लोनी से लोगों को लागकर बुर्के की आड़ में वोटिंग कराई जा रही है। आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। आम आदमी पार्टी के समर्थक भी सामने आ गए। दोनों पक्षों के तरफ से नारेबाजी होने लगी। हंगामा इतना बढ़ा कि कुछ देर के लिए वोटिंग बाधित हो गई। माहौल बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया। कुछ देर बाद ही स्थति को पूरी तरह सामान्य र दिया गया। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने भी कुछ सीटों पर गड़बड़ी के आरोप लगाए। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राष्ट्रपति भवन के पास पैसे बांटने के आरोप लगाए। वहीं, जंगपुरा में भी एक बूथ के पास पैसे बांटने के आरोप भाजपा पर लगाए गए। आप के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि उनकी सीट पर आम आदमी पार्टी के समर्थकों को बूथ तक जाने में बाधा डाली जी रही है। recent visitors 34

भोपाल में CGST की रेड मिली 12 करोड़ की 310 टन सुपारी, 4500 थैलों में भरी

भोपाल  मध्यप्रदेश  की राजधानी भोपाल (Bhopal) में सेंट्रल जीएसटी (Central GST) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 310 टन सुपारी (310 tons of betel nut) जब्त की है. जब्त की गई सुपारी की कीमत करीब 12 करोड़ रुपए (12 crore rupees) है। दरअसल, सेंट्रल GST की भोपाल स्थित ब्रांच को सूचना मिली थी कि बैरसिया रोड के एक गोदाम में अवैध रूप से सुपारी का भण्डारण किया गया है. इस सूचना के आधार पर टीम ने बताई गयी जगह पर रेड मारी. इस दौरान टीम ने पाया कि गोदाम में हज़ारों बोरियों में सुपारी का भण्डारण किया गया है। जांच के दौरान जीएसटी टीम ने पाया कि गोदाम में करीब 4 हज़ार से ज्यादा बोरियों में 310 टन सुपारी रखी हुई है जिसकी कीमत करीब 12 करोड़ रुपए है. छापे के दौरान टीम को पता चला कि करोड़ों रुपए कीमत की सुपारी करने वाला यह गोदाम रजिस्टर्ड ही नहीं है। यही नहीं, जब सुपारी के भण्डारण से जुड़े दस्तावेज मांगे गए तो वो भी नहीं मिले. फ़िलहाल गोदाम को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। recent visitors 35

स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, नोएडा पुलिस, बम स्कवॉड और सभी बड़े अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर छानबीन कर रहे

नोएडा उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ई मेल के जरिये मिली है। धमकी भरी मेल की जानकारी जैसे ही स्कूल प्रबंधक को मिली उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कमिश्नरेट पुलिस को दी। सूचना मिलने के तुरंत बाद ही पुलिस टीम, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गई। टीम ने स्कूल को खाली करवा कर छानबीन शुरु कर दी। इसमें नोएडा के कई नामी स्कूल शामिल है। नोएडा में नामी चार स्कूलों को आज सुबह एक साथ बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी बुधवार की सुबह ईमेल के माध्यम से दी गई हैं। धमकी भरी आयी ईमेल मिलने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्कूलों में डर का माहौल उत्पन्न हो गया। आनन फानन में स्कूल प्रबंधकों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद टीम ने तत्काल स्कूल के एक-एक कोने में छानबीन शुरु कर दी। जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल आया है, उनमें स्टेप बाय स्टेप स्कूल , द हेरिटेज स्कूल , ज्ञानश्री स्कूल  और मयूर स्कूल का नाम शामिल है। नोएडा कमिश्नरेट पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है। दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ता के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर छानबीन कर रहे है। स्कूलों को खाली करवा कर दिया गया है। कई स्कूलों के बच्चों को सुरक्षित जगह पर इकठ्ठा किया गया है। अभी तक की मिली जानकारी के मुताबिक, किसी स्कूल में कोई आपत्तिजनक सामान नही मिला है। बम स्क्वायड के साथ कमिश्नरेट पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्कूलों में पहुंच कर छानबीन कर रहे है। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस प्रवक्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेप बाय स्टेप स्कूल, द हेरिटेज स्कूल, ज्ञानश्री स्कूल और मयूर स्कूल में स्पेम ईमेल द्वारा बॉम्ब थ्रेट प्राप्त होने पर तत्काल अलग अलग पुलिस, बॉम्ब स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वाड, बीडीडीएस टीम से सभी जगह चेकिंग करा ली गई है। सब जगह नार्मल है। कई स्कूल में क्लासेज आरंभ हो गई हैं। साइबर टीम द्वारा ईमेल की विवेचना की जा रही है। recent visitors 34